बगैर पूर्व सूचना और लावलश्कर मुख्यमंत्री को अपने घर पर देखकर चौंके अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष जीवन चंद्र आर्या

हल्द्वानी। लोकसभा चुनाव की व्यस्तता के बावजूद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मार्निंग वॉक के दौरान आम लोगों से मिलना, उनकी कुशल क्षेम पूछना और उनसे अपनी सरकार के कामकाज का फीडबैक लेना का सिलसिला नहीं छोड़ा। आज हल्द्वानी प्रवास के दौरान प्रातःकाल वह अचानक भाजपा नैनीताल जनपद के अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष जीवन चंद्र आर्या के घर पहुंच गए। उन्होंने आर्या के परिवारजनों से भेंट कर लम्बी बातचीत की और उनसे सुझाव भी लिये। मुख्यमंत्री को अचानक अपने घर में देखकर आर्या के परिजन और मोहल्ले के लोग अचंभित हो गए। उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

मुख्यमंत्री बुधवार की सुबह लगभग 7 बजे हल्द्वानी में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष जीवन चंद्र आर्या जी के घर पहुंच गए। बिना किसी पूर्व सुचना और तामझाम के मुख्यमंत्री ने आर्या के घर अचानक आमद दर्ज कराई। एक क्षण के लिए आर्या को भी विश्वास नहीं हुआ कि सूबे के मुखिया उनके घर पधारे हैं। आनन-फानन में उन्होंने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और अपने परिजनों को इसकी सूचना दी। मुख्यमंत्री ने आर्या को गले लगाकर उनसे किसी फार्मेलिटी न पड़ने का आग्रह किया और वह खुद आंगन में लगी कुर्सी पर बैठ गए। इसी बीच मोहल्ले के लोग भी बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने किसी को निराश नहीं किया। वह एक-एक कर सभी से मिले और उनकी कुशलक्षेम पूछी।

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून में हो या जिलों के दौरे पर, सुबह की सैर के दौरान वह राह चलते हुए आम लोगों से मुखातिब होते रहे हैं और उनसे सरकार के कामकाज का फीडबैक लेते हैं। उनकी यह आदत हमेशा से चर्चा में रही है। मुख्यमंत्री को बिना लावलश्कर के सड़क पर अकेले चलता देख लोग हैरान जरूर होते हैं लेकिन इस दौरान जिले में चल रहे कार्यों और सरकार की योजनाओं पर वह आसानी से अपनी प्रतिक्रया सीधे मुख्यमंत्री को दे पाते हैं। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री भी लगे हाथ उनसे सुझाव ले लते हैं। जनता से मिलने वाले स़ुझावों को कई बार वह सरकार की योजनाओं और कार्य संस्कृति में शामिल भी कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विजन है कि वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड को देश के अग्रिम पायदान की श्रेणी में लाना है। इसके लिए वह साफ कह चुके हैं कि यह उनकी अकेले की यात्रा नहीं बल्कि प्रदेश के सवा करोड़ लोगों की सामूहिक यात्रा है। अपने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह लगातार प्रयास करते हैं कि ज्यादातर समय जनता के बीच बताएं और उनके फीडबैक व सुझाव लें।

उत्तराखंडः प्रदेश में बुजुर्ग मतदाताओं के लिए निर्चाचन आयोग करने देने जा रहा ये सुविधा…

निर्वाचन आयोग लोकसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया को सुगम बनाने में जुटा है। बुजुर्ग वोटरों के घर जाकर मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश में अब तक 65 हजार से अधिक बुजुर्ग मतदाताओं में से 10 हजार से ज्यादा आवेदन निर्वाचन आयोग को मिले हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस ब्रीफिंग में यह जानकारी दी। बताया कि 85$ आयु के मतदाताओं के लिए घर पर जाकर मतदान की व्यवस्था सुनिश्चत की जा रही हैं। बताया कि राज्य में 85$ आयु के 65 हजार 160 मतदाता हैं। जिनमें से 10 हजार 390 आवेदन प्राप्त हुए हैं। राज्य में 80 हजार 330 दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) मतदाता हैं, उनमें से 5 हजार 576 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से वोटिंग के लिए आवेदन किया है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य में 11,729 मतदेय स्थलों में मतदाओं के लिए न्यूनतम सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। 97 से 98 प्रतिशत मतदेय स्थलों पर रैम्प, पेयजल, फर्नीचर, शेड की व्यवस्था उपलब्ध हैं। कुछ मतदेय स्थलों पर न्यूनतम सुविधाओं के अंतर्गत रैम्प, पेयजल, फर्नीचर, शेड आदि की वैकल्पिक व्यवस्था की जायेगी।

उन्होंने बताया कि दिव्यांग श्रेणी के चिह्नित मतदाताओं और 85$ वर्ष के मतदाओं के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सक्षम एप की व्यवस्था की गई है। बताया कि निर्वाचन में शामिल सभी कार्मिकों के लिए निर्वाचन ड्यूटी के दौरान आवश्यकता पड़ने पर निःशुल्क और कैशलेस चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। इसमें सरकारी और सूचीबद्ध अस्पतालों को शामिल किया जाएगा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सी-विजिल ऐप के माध्यम से अभी तक राज्य में 9 हजार 318 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। 8930 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। 369 शिकायतें सही न पाये जाने पर ड्रॉप की गई हैं। 19 शिकायतों पर कार्यवाही गतिमान है।

पौड़ी के लोकसभा प्रत्याशी बलूनी के नामांकन में पहुचे सीएम और केंद्रीय मंत्री स्मृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय महिला बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने रामलीला मैदान, पौड़ी में गढ़वाल लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के नामांकन के अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा में प्रतिभाग किया।’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूरे देश में अबकी बार 400 पार की चर्चा है। देश ने हमेशा प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाले लोक सभा चुनाव को प्रचंड बहुमत दिया है। उन्होंने कहा 2019 से भी बड़ी जीत 2024 लोक सभा में हम सब मिलकर देंगे। उन्होंने कहा हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने पर कार्य कर रहें हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इस लोकसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओ पर कार्य जारी हैं। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन पर कार्य जारी है। बद्रीनाथ मास्टर प्लान पर कार्य चल रहा है। आज पहले के मुकाबले कुछ ही घंटो में ऋषिकेश से बद्रीनाथ एवं गढ़वाल के किसी भी क्षेत्र में पहुंचा जा सकता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रेल रोड हवाई कनेक्टीविटी बढ़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चार धाम का विकास हुआ है। केन्द्र एवं राज्य सरकार मिलकर निरंतर डबल इंजन की रफ्तार से कार्य कर रही हैं। कश्मीर से धारा 370 का खात्मा हुआ है, भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य, एवं सीएए कानून लागू किया गया है, गरीब कल्याण हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। उत्तराखंड के प्रत्येक व्यक्ति को यूसीसी लागू करने वाले प्रथम राज्य के नागरिक का गौरव प्राप्त है। हमारी सरकार ने चुनाव से पहले किए वादे को पूरा किया है। नकल विरोधी कानून लागू करने के बाद कई हज़ार नियुक्तियां दी गई हैं। नकल विरोधी कानून ने बच्चों की निराशा को दूर कर उनका मनोबल को बढ़ाने का काम किया है। राज्य की बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने महिलाओं हेतु 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता जनार्दन के आशीर्वाद को देखकर लगता है कि गढ़वाल लोकसभा से सारे रिकॉर्ड ध्वस्त होने वाले हैं। अनिल बलूनी इस क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने सभी से अनुरोध करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाना है। इसके लिए भाजपा के प्रत्याशी को अधिक से अधिक वोट देकर विजय बनाएं।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि हम सब इस भूमि को देवभूमि मानते हैं। उन्होंने कहा देवभूमि का वोट राम मंदिर के विरोधियों को नहीं जाना चाहिए। यह वह भूमि है जहां देवताओं का वास है। और इस भूमि के शूरवीरों ने भारत की सरहद में जाकर मां भारती के संरक्षण में अपने प्राणों की आहूति दी है। कांग्रेस ने धारा 370 हटाने का विरोध किया, सर्जिकल स्ट्राइक के साक्ष्य मांगे। देवभूमि का एक भी वोट कांग्रेस जैसी निर्लज पार्टी को नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा प्रत्याशि अनिल बलूनी ने डॉपलर रडार, आईसीयू, ट्रेन अन्य सभी व्यवस्थाएं जनता को उपलब्ध करवाने का काम किया।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि अनिल बलूनी ने नियम के पद पर चलकर पार्टी ने जब जो आदेश दिया, तब उसका पालन किया है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संघ के कार्यकर्ता स्वयंसेवक के रूप में उत्तराखंड क्षेत्र में समाज की सेवा की है। प्रधानमंत्री ने गरीबों को मुफ्त में राशन देने की गारंटी दी है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने वैक्सीन बनाई और दुनियां तक वैक्सीन पहुंची है। उन्होंने कहा अनिल बलूनी को गढ़वाल लोक सभा से जीतकर प्रधानमंत्री को पुनः प्रधानमंत्री बनाना है।

इस दौरान प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

राज लक्ष्मी शाह के नामांकन में पहुंचे सीएम, तो उमड़ पड़ा जनसैलाब

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में लोक सभा टिहरी से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती माला राज लक्ष्मी शाह के नामांकन के अवसर पर आयोजित रोड शो में प्रतिभाग किया।

भाजपा महानगर कार्यालय, पलटन बाजार, धामावाला, राजा रोड से गांधी रोड़ तक आयोजित रोड शो में हजारों की संख्या में टिहरी लोकसभा के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन पर पुष्प वर्षा की। मुख्यमंत्री ने जनता से टिहरी से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती माला राज लक्ष्मी शाह को अधिक से अधिक मतों से विजय बनाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी माला राज लक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक खजान दास एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री आवास परिसर में रंगों के पर्व होली की धूम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री आवास परिसर में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी को अबीर – ग़ुलाल लगाते हुए रंगों के पर्व होली की बधाई व शुभकामनाएं दी।

होली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों ने भी मुख्यमंत्री को होली की शुभकामनाएं दी तथा होली से सम्बंधित पारम्परिक गीत- ’श्याम मुरारी के दर्शन को जब विप्र सुदामा आए हरि, आयो वसंत बहार, शिव शंकर खेले होली, फागुन में खेला होली, शिव के मन माहि बसे काशी,’ आदि खड़ी होली के गीत गाते हुए ढ़ोल – दमाऊ के बीच एक -दूसरे को बधाई दी स

इस उल्लास भरे उत्सव के अवसर पर सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

ऋषभ राणा बने युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव


युवा कांग्रेस ने अपनी प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए सूची जारी की है, लोकसभा चुनाव से पूर्व जारी ये सूची बहुत महत्वपूर्ण बताई जा रही है, सूची में ऋषिकेश निवासी ऋषभ राणा को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है।

ऋषभ राणा लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए है। इस मौके पर प्रदेश महासचिव अभिनव सिंह मलिक ने कहा कि ऋषभ राणा कांग्रेस के सच्चे सिपाही है और उन की मेहनत और निष्ठा को देखते हुए राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताया है, ऋषभ राणा ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वो पार्टी के भरोसे पर खरा उतरेंगे और आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी का परचम लहराने के लिए मेहनत करेंगे। युवा कांग्रेस में प्रदेश के अधिक से अधिक युवा जोड़ने का कार्य करेंगे।

उत्तराखंडः सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों द्वारा उन्हें दिये जा रहे आशीर्वाद एवं सहयोग के लिये आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में ये पहला अवसर था कि किसी सरकार को दुबारा जनता ने अपना आशीर्वाद दिया हो। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश की देवतुल्य जनता के भरोसे पर खरा उतरने का पूरा प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के सभी अमर शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल ने उत्तराखण्ड बनाया था तो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे संवारने का कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव किसी से छुपा नहीं है। उनके मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड तेजी से विकास की ओर अग्रसर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज भारत की शक्ति और सामर्थ्य को पूरे विश्व ने पहचाना है। यह भारत की बढ़ती शक्ति का परिणाम है कि भारत को जी – 20 की अध्यक्षता मिली। उत्तराखण्ड को भी जी – 20 की तीन बैठकें आयोजित करने का अवसर मिला। इससे राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश व दुनिया में पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का यज्ञ चल रहा है। श्री केदारपुरी का पुनर्निर्माण, श्री बदरीनाथ धाम के पुनर्विकास की योजना आदरणीय प्रधानमंत्री जी के विजन, नेतृत्व एवं संकल्प का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। गौरीकुण्ड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुण्ट साहिब रोपवे का शिलान्यास माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा किया गया। सिद्धपीठ सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे शुरू किया जा चुका है। पिछले वर्ष 56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किये। कुशल प्रबंधन से कांवड़ यात्रा भी निर्विघ्न सम्पन्न हुई। 04 करोड़ से अधिक कांव़ड़ यात्री गंगा जल लेकर गये। यही नहीं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की दिशा में आगे बढ़ते हुए केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम की तर्ज पर कुमाऊ के पौराणिक और प्राचीन मंदिरों के विकास के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसका मास्टर प्लान भी तैयार किया जा रहा है। केदारखंड के साथ ही मानसखंड कॉरिडोर, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर पर कार्ययोजना बनाई जा रही है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिये होम स्टे योजना एवं राज्य में 17648 पॉलीहाउस स्थापना हेतु ₹ 304 करोड़ स्वीकृति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आकर्षक नई पर्यटन एवं फिल्म नीति बनाई गई है। इसमें स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 100 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किया है। हमारी 06 एरोमा वैली विकसित किये जाने की योजना है। मिशन एप्पल और मिशन किवी के साथ ही मिशन दालचीनी, मिशन तिमरु प्रारंभ करने का निर्णय किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के विजन से भारत के पोष्टिक मोटे अनाजों को विश्व स्तरीय पहचान मिल रही है। हम भी अपने प्रदेश में मंडुवा, झंगोरा आदि स्थानीय मोटे अनाजों को बढ़ावा दे रहे हैं। स्टेट मिलेट मिशन को मंजूरी दी गई है। अपनी माताओं और बहनों के सशक्तिकरण के लिये हमने ’‘मुख्यमंत्री लखपति दीदी योजना’’ की शुरूआत की। इसके तहत हमने वर्ष 2025 तक महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 1.25 लाख बहनों को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तरकाशी जनपद के सिल्क्यारा सुरंग में फँसे 41 श्रमिकों का सफल रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया। उत्तराखण्ड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट – 2023 राज्य में भारी निवेश जुटाने में कामयाब रहा। 2.5 लाख करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 3.5 लाख करोड़ रुपए के निवेश एमओयू किए गए हैं। जिसके सापेक्ष अब तक 81 हजार करोड से अधिक़ के करार की ग्राउण्डिंग हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि हमने चुनावों से पहले प्रदेश की जनता से समान नागरिक संहिता का वायदा किया था और जनता जनार्दन से हमें भरपूर आशीर्वाद भी मिला। समान नागरिक संहिता विधानसभा से पारित कर इसे राष्ट्रपति की भी स्वीकृति प्राप्त हो गयी है। उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है जिसने इस कानून को लागू किया है। जबरन या प्रलोभन से धर्म परिवर्तन पर रोक लगाने के लिये हमारी सरकार ने उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता(संशोधन) विधेयक पारित किया है। इसके मायने यह हुए कि प्रदेश में अब मतांतरण कराने वालों पर रोक लगेगी।

उन्होंने कहा देवभूमि के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखने के मकसद से प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिये समूह ’ग’ की सभी परीक्षाओं में साक्षात्कार की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई है। नकल माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जा रहा है। प्रदेश में जबरन या प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने या करने पर अब 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। राज्य सरकार सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून उत्तराखंड में लेकर आई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का कानूनी अधिकार दिया गया है। साथ ही सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का फैसला भी लिया। उन्होंने कहा राज्य में सरकारी भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अवैध अतिक्रमण के लिए स्पेशल अभियान चलाकर अधिकारियों की जबावदेही तय की गई है। साथ ही दंगो में सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर दंगाइयों से जुर्माना वसूला जाएगा। जिसके लिए सरकार ने दंगारोधी कानून को मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उत्तराखंड में नई शिक्षा नीति 2020 को देश में सबसे पहले लागू किया गया है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। किच्छा में एम्स का सैटेलाइट सेंटर खोला जा रहा है। राज्य में मरीजों को 207 प्रकार की पैथेलॉजिकल जांचो की निशुल्क सुविधा मिल रही है। 55 लाख से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। नई खेल नीति, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में उभरते खिलाडियों को 1500 रूपये प्रतिमाह खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना 14 से 23 वर्ष तक के खिलाड़ियों को 2 हजार प्रति माह छात्रवृत्ति एंव 10 हजार रूपये प्रति वर्ष खेल उपकरण धनराशि प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नैनीताल जिले में बंद पडी एचएमटी फैक्ट्री की 45.33 एकड़ जमीन उत्तराखंड सरकार को हस्तांतरित कर दी गई है। हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार करते हुए देहरादून से पिथौरागढ़ हवाई सेवा की शुरुवात, देहरादून से अयोध्या, देहरादून से गोवा की सीधी फ्लाइट का संचालन शुरु हो गया है। साथ ही दिल्ली से पिथौरागढ़ तक सीधी फ्लाइट का औपचारिक शुभारंभ किया जा चुका है। देहरादून से दिल्ली एवं देहरादून से लखनऊ के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हो गई है। देहरादून से सीमांत क्षेत्र टनकपुर के लिए इतिहास में पहली बार ट्रेन का संचालन शुरु हो पाया है। ऋषिकेश- कर्णप्रयाग रेल लाइन पर तेज़ी से काम चल रहा है। जिससे पहाड़ में रेल का सपना साकार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा मित्रों का मासिक मानदेय 15 हजार रूपये से बढ़ाकर 20 हजार रूपये एवं अतिथि शिक्षकों का वेतन 15,000 रूपए से बढ़ाकर 25,000 रूपए किया है। उड़ान योजना में हेली सर्विस सेवा भी शुरू की गई। राज्य सरकार द्वारा शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजन का निर्णय लिया है। उत्तराखण्ड राज्य के वीरता पदक से सम्मानित सैनिकों को देय एकमुश्त अनुदान में वृद्धि की गई है। साथ ही उत्तराखण्ड के दूरस्थ, दुर्गम व सीमांत क्षेत्रों में बीएसएनएल के 1202 मोबाइल टावर की स्वीकृति प्रदान की गई है। उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को अंतर्रास्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने के लिए अम्ब्रेला ब्राण्ड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ की शुरूआत की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इकोलॉजी और इकोनॉमी में संतुलन के लिए इस बार बजट में हमने पूंजीगत परिव्यय में जलवायु परिवर्तन शमन के लिए धनराशि का प्रावधान किया है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हमारे द्वारा ये पहल की गई है। हमने राज्य आंदोलनकारियों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का निर्णय लिया है। हमारी सरकार प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए जहां एक ओर पर्यटन नीति, सौर ऊर्जा नीति लेकर आयी है, वही दुसरी और होम स्टे को बढ़ावा के साथ उद्यान,कृषि जैसे क्षेत्रों को प्रमुखता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार अन्त्योदय की भावना के अनुरूप विकास का लाभ, अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। लोगों को योजनाओं का लाभ मिले और उनकी समस्याओं का समाधान हो, इसके लिए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि पर खास तौर पर फोकस किया गया है। अपणि सरकार पोर्टल, ई-ऑफिस, सीएम हेल्पलाईन, के चलते कार्यसंस्कृति में गुणात्मक सुधार हुआ है। भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिये भ्रष्टाचार मुक्त एप 1064 लांच किया गया। वोकल फॉर लोकल पर आधारित ‘एक जनपद दो उत्पाद’ योजना से स्थानीय उत्पादों को पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिये सभी विधायकों से अपने अपने क्षेत्रों के विकास के लिए 10-10 प्रस्ताव आमंत्रित किये गए हैं। राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ राज्य के विकास को नई उच्चाइयों में पहुंचाने का काम कर रही है। हमारी सरकार कृषि, बागवानी, शिक्षा, स्वास्थ, एयर- रोड – रेल कनेक्टिविटी, सुरक्षा, गुड गवर्नेंस, टेक्नोलॉजी, रोजगार, स्वरोजगार, जैसे सभी क्षेत्रों पर काम कर उत्तराखंड राज्य को आगे बढ़ाने एवं पलायन रोकने पर पूरी ताकत से काम कर रही है। उन्होंने कहा निश्चित ही सभी के सहयोग से राज्य हर क्षेत्र में आगे बढ़ेगा एवं सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड के सपने को साकार करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 उत्तराखण्ड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिये हम विकल्प रहित संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि हम समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड का निर्माण करेंगे।

अचानक लोहिया हेड मिनी स्टेडियम पहुंचे सीएम धामी, फुटबॉल खेल रहे युवाओं से की वार्ता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चंपावत में स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता के उपरांत खटीमा लोहिया हेड पहुंचने पर मुख्यमंत्री धामी ने ’लोहिया हेड मिनी स्टेडियम’ में फुटबॉल खेल रहे स्थानीय युवकों के मध्य अचानक पहुंचकर उनके साथ अनुभव साझा किये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ’खेलेगा युवा, जीतेगा भारत’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए हमारी सरकार ने युवा खिलाड़ियों के लिए खेल में अपना सुनहरा भविष्य बनाने के लिए अनेकों योजनाएं को प्रारंभ किया है।
हमारे युवा खेल के माध्यम से एक विकसित भारत एवं श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करें इसके लिए अत्यंत आवश्यक है कि उनके पोषाहार से लेकर एक सफल खिलाड़ी बनने तक हर वह सुविधा मुहैया कराई जाए जो उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
इस अवसर पर युवा खिलाड़ियों के साथ मुख्यमंत्री धामी ने अपने बचपन की स्मृतियां एवं उनके पिता स्वर्गीय शेर सिंह धामी द्वारा सिखाए गए कड़े अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति एकाग्रता कैसे प्राप्त की जाती है, अनुभवों को साझा किया।
विदित हो कि लोहिया हेड मिनी स्टेडियम में मुख्यमंत्री धामी के स्वर्गीय पिता की स्मृति में प्रत्येक वर्ष फुटबॉल टूर्नामेंट भी आयोजित किया जाता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री को अपने मध्य प्रकार फुटबॉल खेल रहे युवा खिलाड़ियों में एक उत्साह का भाव देखने को मिला।

चंपावत व लोहाघाट में कार्यकर्ताओं के साथ होली मिलन में पहुंचे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोरलचौड़ मैदान, चम्पावत में लोकसभा क्षेत्र अल्मोड़ा के अंतर्गत विधानसभा चम्पावत एवं लोहाघाट के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली मिलन, भेंटवार्ता एवं संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने न्याय के देवता श्री गोलू (गोल्जयू) महाराज के मन्दिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की उन्नति एवं समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि हेतु प्रार्थना भी की।

मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में स्थानीय जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ काली कुमाऊं की प्रसिद्ध खड़ी होली गाई एवं खेली। उन्होंने ’सुमिरो सीता राम भया तुम हीरा जनम न पाओगे, नित जमुना के तीर कान्हा बजा गयो बसुरिया, बज रही बज रही बज रही मोहन तेरी मुरली बज रही,’ जैसी प्रसिद्ध खड़ी होली गायी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में लोगों को भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण करवाई।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान कहा कि सभी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ में जाकर लोगों को आगामी लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा के पक्ष में वोट डालने की अपील करें। उन्होंने कहा हमारा वोट नए भारत के संकल्प को पूरा करेगा एवं प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई विकास की धारा को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।

मुख्यमंत्री ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि काली कुमाऊं की खड़ी होली पूरे देश में प्रसिद्ध है। यह संस्कृति हमारे पूर्वजों से हमे मिली है। इस संस्कृति का संवर्धन, संरक्षण भी सबने मिलकर करना है। युवाओं को भी इससे जोड़ना है। उन्होंने होली में भ्रष्टाचार को खत्म करने का संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने कहा देश के अंदर तुष्टिकरण समाप्त करने, समानता लाने, विकसित भारत बनाने की ओर प्रधानमंत्री जी द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है, प्रधानमंत्री जी ने बीते 10 सालों में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, आज दुनिया भारत के रूख का इंतजार करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टर ग्लोबल सम्मिट के दौरान उनका कई देशों में जाना हुआ, इस दौरान वहां के लोग हमारे देश की निरंतर प्रशंसा कर रहे थे। यह सभी के लिए गौरव की बात थी। पिछली सरकारों ने भारत को हर क्षेत्र में पीछे रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही कश्मीर से धारा 370 समाप्त करने का काम किया है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण हुआ के साथ देश में सीएए कानून लागू हो गया है। भारत में तीन तलाक को बैन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा की देवभूमि के सभी देवी देवताओं की कृपा से राज्य सरकार ने सभी को समान अधिकार देने के लिए समान नागरिक संहिता विधेयक लागू किया, वहीं देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया, साथ ही धर्मांतरण रोकने के लिए भी कानून बनाया गया।उन्होंने कहा लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई की गई है जिसमें 5000 एकड़ से ज्यादा जमीन मुक्त करवा दी गयी है। प्रदेश की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था लागू करने के साथ दंगारोधी कानून भी हमारी सरकार लेकर आई। आज कई उद्योग हमारे राज्य में खुल रहे हैं ऐसे में यहां के स्थानीय लोगों को यहां रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रिकॉर्ड तोड़ बहुमत से चंपावत वासियों ने उन्हें उपचुनाव में विजय बनाया था। उन्होंने कहा हम सबको संकल्प लेना है कि प्रधानमंत्री मोदी जी को रिकॉर्ड तोड़ मतों से विजय बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी जी के विकास के संकल्प को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा हम आदर्श जिला चंपावत बनाने के लिए दिन रात जुटे हुए हैं।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मल महरा, जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, हेमा जोशी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

चुनाव में डाक विभाग का बेहद महत्वपूर्ण भागीदारी और जिम्मेदारी का कार्यः मुख्य निर्वाचन अधिकारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने देहरादून स्थित मुख्य डाकघर में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वहां मौजूद समस्त पोस्ट ऑफिस कार्मिकों, आरडीआर एजेंट्स को मतदाता शपथ दिलाई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने भारतीय डाक विभाग के समस्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव में डाक विभाग का बेहद महत्वपूर्ण भागीदारी और जिम्मेदारी का कार्य होता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पोस्ट ऑफिस में दैनिक रूप से बड़ी संख्या में आम जनता अपने कार्यों के लिए पहुंचती है, इस लिहाज से पोस्ट ऑफिस मतदाता जागरूकता के लिए भी उचित स्थान है। कार्यक्रम में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने भारतीय डाक विभाग के समस्त एजेंट्स को डोर-टू-डोर मतदाता जागरूकता अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का अनुरोध किया।

इस अवसर पर भारतीय डाक विभाग के उत्तराखण्ड सर्किल के निदेशक अनुसूया प्रसाद समेत बड़ी संख्या में डाक विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।