कृषि मंत्री ने पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया

कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मुनिकीरेती को स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने में पर्यावरण मित्रों का अहम योगदान है। कोरोनाकाल के दौरान जिस तरह से उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था को दुरस्त रखा, वह काबिले तारीफ है। पर्यावरण मित्रों को उन्होंने पुरस्कार देकर नवाजा।
मंगलवार को नगर पालिका मुनिकीरेती की ओर से स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में प्रदेश में प्रथम स्थान पाने पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने पालिका के पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्रों की मेहनत के दम पर ही चौथी बार मुनिकीरेती पालिका स्वच्छता में अव्वल रही है। उनके काम की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई।
पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी और अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने अपने कर्मचारियों के काम की तारीफ की। बताया कि पालिका को साढ़े सात लाख रुपये मिले हैं। ईनाम की राशि में सफाई निरीक्षक को 15 हजार और कर्मचारियों को 5715 रुपये दिए जा रहे हैं। मौके पर मंडी समिति अध्यक्ष विनोद कुकरेती, सभासद सुभाष चौहान, बिन्नू चौहान, सुषमा नेगी, मीनू गौडियाल, विनोद सकलानी, धर्म सिंह, मनोज बिष्ट, गजेंद्र सजवाण, बीना जोशी, कुंती उनियाल, कौशल चौहान, रोहित आदि रहे।

कूड़ा लाओ, काफी पियो
पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि पालिका की ओर स्वच्छता में और बेहतर प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत एक कॉफी मशीन खरीदी गई है। जो व्यक्ति कूड़ा लायेगा उसे काफी पिलाई जायेगी। साथ ही इसके साथ उनका पंजीकरण किया जायेगा। लकी ड्रॉ के माध्यम से उन्हें पुरस्कार भी दिया जायेगा।

जहां भी रहूं उत्कृष्ट कार्य करूंगा-भट्ट
मंगलवार को नगर पालिका मुनिकीरेती के ईओ बद्री प्रसाद भट्ट को अध्यक्ष रोशन रतूड़ी समेत समस्त कर्मियों ने भावभीनी विदाई दी। अध्यक्ष ने पुष्प गुच्छ तो कर्मियों ने ईओ स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान डोईवाला से स्थानांतरित होकर आए ईओ उपेन्द्र तिवारी ने चार्ज संभाला।
पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि कहा कि ईओ बीपी भट्ट मुनिकीरेती पालिका में सिर्फ अधिकारी के तौर नहीं बल्कि भावनात्मक रूप से जुड़ कर यहाँ पर कार्य किया है। जिसका परिणाम यह रहा कि इस निकाय ने प्रदेश में स्वच्छ सर्वेक्षण में दो बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कहा कि स्थानांतरण सरकारी विभागों की एक रूटीन प्रक्रिया हैं। ईओ भट्ट ने कहा कि हमें जो जिम्मेदारी दी जाती है, उसे बखूबी ढंग से पूरा करना चाहिए। यहां गंगा किनारे काम करना अच्छा अनुभव सदैव स्मरणीय और बेहतरीन रहेगा। आगे भी यही कोशिश जारी रहेगी कि जहां रहूं वहां उत्कृष्ट कार्य करूं।

हीरा अवार्ड-2021 से सम्मानित हुए डॉ एसडी जोशी और समाजसेवी राकेश बिजल्वाण

ड्रीम्स संस्था की ओर उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ठ कार्यों के लिए डॉ एसडी जोशी और समाजसेवी राकेश बिजल्वाण को “हीरा अवार्ड-2021 सम्मान” से नवाजा गया। राजधानी देहरादून में ड्रीम्स संस्था की ओर से आयोजित हुए इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 25 हस्तियों को ड्रीम्स संस्था (डेवलेपमेंड इन रूरल एम्बोसमेंट एंड मोटिवेशन सोसायटी) की ओर से हीरा अवॉर्ड-2021 से सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पद्श्री कल्याण रावत, पद्श्री प्रीतम भरतवाण ने सभी को स्मृति चिन्ह देकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। संस्था के महासचिव दीपक नौटियाल ने बताया कि उनकी संस्था स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, स्वरोजगार, ग्रामीण कृषि, कौशल विकास के क्षेत्र में कार्य कर रही है। पिछले 14 सालों से उनकी संस्था इस कार्य में लगी हुई है।

डॉ एसडी जोशी और राकेश बिजल्वाण बने जरूरतमंदों के लिए देवदूत
उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में डॉ एसडी जोशी और समाजसेवी राकेश बिजल्वाण की जोड़ी किसी परिचय की मोहताज नहीं है। विचार एक नई सोच संस्था के बैनर तले शुरू हुआ डॉ एसडी जोशी का ”स्वस्थ घर-स्वस्थ उत्तराखंड“ निशुल्क हैल्थ कैंप अभियान आज जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है। डॉ जोशी के इस काम में समाजसेवी राकेश बिजल्वाण कंधे से कंधा मिलाकर उनका साथ निभा रहे हैं। राज्य के पर्वतीय जनपदों में दोनों की जोड़ी घर-घर जाकर लोगांें को स्वास्थ्य को लेकर जागरूक करने का काम कर रही है।
डॉ जोशी जरूरतमंद मरीजों के लिए देवदूत से कम नही है। आर्थिक अभावों में जो लोग अपना और अपनों का ईलाज नहीं करा पाते हैं ऐसे मरीजों को जब उनके गांव उनके घर में निशुल्क हैल्थ कैंप लगाकर देखने डॉ जोशी पहुंचते हैं तो मरीज का आधा रोग पहले ही दूर हो जाता है। राकेश बिजल्वाण डॉ जोशी के सारथी की भूमिका में नजर आते हैं। मरीजों को डॉ जोशी के निर्देशानुसार निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराते हैं। इसके साथ ही कई प्रकार की जांचें भी निशुल्क की जाती है।
डॉ जोशी का कहना है कि उनका फोकस पर्वतीय जिलों के हर दुर्गम गांवों में जाकर निशुल्क हैल्थ कैंप लगाने का है। उनको सुकून मिलता है जब वह जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचते हैं और उनकी बीमारियों का इलाज कर पाते हैं। उनका यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुरस्कार पाकर और बेहत्तर करने की प्रेरणा मिलती है। अगर आपके काम का आकलन लोग कर रहे हैं तो आपकी मेहनत सफल हो जाती है।
समाजसेवी राकेश बिजल्वाण ने कहा डॉ जोशी उनके प्रेरणासोत्र हैं। उनकी संस्था और वह डॉ जोशी के साथ सारथी की भूमिका में है। इस अभियान में अब लोग जुड़ने लगे हैं। राज्य के बिभिन्न गांवों से निशुल्क हैल्थ कैंप लगाने के लिए लोग लगातार मांग कर रहे हैं। हमारा भी प्रयास है कि हम राज्य के हर गांव में कैंप लगा सकें। संस्था ने हमारे प्रयास की सराहना करते हुए हमें पुरस्कार दिया इसके लिए हम आभारी हैं। पुरस्कार और अधिक जिम्मेदारे से काम करने का अहसास कराते हैं।

आसरा विहीन लोगों के लिए लायंस क्लब डिवाइन ने शुरु की सेवा

गंगा तट त्रिवेणी घाट पर सुबह सवेरे ठंड से ठिठुरने वाले गरीब तबके के आसरा विहिनो को लांयस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने नूतन वर्ष का तोहफा देते हुए चाय-नाश्ते की सेवा शुरू करा दी है। रविवार को क्लब सदस्यों ने सैकड़ों लोगों को गर्मा गर्म चाय और नाश्ता वितरित किया।
क्लब के संस्थापक ललित मोहन मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 5 वर्षों से शरद ऋतु में क्लब द्वारा चाय नाश्ते की सेवा जाड़े के मौसम में नगर की हद्वय स्थली कहे जाने वाले त्रिवेणी घाट पर चलायी जाती रही है। जिसमे 400-500व्यक्तियों को यह सेवा दी जाती है। इस वर्ष भी यह सेवा शुरू कर दी गई है। शिवरात्रि तक तक यह सेवा लगातार जारी रहेगी, जिससे चाय के साथ हल्का नाश्ता भी जरुरतमंद लोगा को दिया जायेगा।
उन्होंने बताया कि मानव सेवा के लिए क्लब पूरी तरह से सर्मपित है। गत सप्ताह भी क्लब द्बारा सड़क किनारे रहा रहे निराश्रित लोगो को कंबल बांटे गए है। बताया कि आगे भी लगातार इस प्रकार के पुनित कार्य निरंतर चलाये जाते रहेंगे। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष जगमीत सिंह, सचिव विकास ग्रोवर ,किशोर मेहता, दिनेश अरोड़ा, महेश किंगर, हेमंत सूनेजा, अनुराग शर्मा, आदि मौजूद रहे।

हरिद्वार संवाद में बोले सीएम, आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के प्रेक्षागृह में स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत आयोजित ’’हरिद्वार संवाद’’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में आगामी मार्च 2022 तक अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों के आयोजनों की योजना बनाई गयी है, जिसमें लगातार नये-नये विचारों की श्रृंखला सामने आ रही है। ऐसे आयोजनों से अमृत निकलेगा, गति मिलेगी तथा रास्ता मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमारी संस्कृति के उत्थान के लिये जो प्रयास किये हैं, वे अतुलनीय हैं। केदारपुरी का जिक्र करते हुये उन्होंने कहा कि केदारपुरी में 400 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है। केदारपुरी में आस्था पथ बन चुका है तथा चिकित्सालय व अतिथि गृह आदि बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि वहां दूसरे चरण के कार्य चल रहे हैं तथा तीसरे चरण के कार्यों का प्रारम्भ आगामी अप्रैल, 2022 तक हो जायेगा। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ का मास्टर प्लान बन गया है, जिसके लिये 250 करोड़ रूपये की स्वीकृत हो चुके हैं तथा वहां भी जल्दी ही कार्य प्रारम्भ होगा।
मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ का उल्लेख करते हुये कहा कि काशी में काफी अंतर आया है। पहले गंगा घाट से रास्ता नहीं मिलता था, आज वह संकरा रास्ता, हाईवे का रूप धारण कर चुका है। आज काशी दिव्य व भव्य बन चुकी है। उन्होंने कहा कि मैं 1998 के बाद विगत दिनों अयोध्या गया था, अयोध्या दुनिया के नक्शे का प्रमुख स्थान होगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारा देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम राज्य स्थापना का 25वां वर्ष मनायेंगे, उस समय हमारा उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में भारत के अग्रणी राज्यों में से एक होगा। उन्होंने कहा कि रोज हम उत्तराखण्ड व उत्तराखण्ड की जनता के लिये फैसले ले रहे हैं तथा साथ ही उनका शासनादेश भी निकाल रहे हैं, उन योजनाओं को धरातल पर उतार रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगला दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा। यह हम सबकी सामूहिक यात्रा है।
इस अवसर पर जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज ने कहा कि कुछ पल ऐतिहासिक होते हैं। यह दशक उत्तराखण्ड का दशक है। केदारनाथ, बद्रीनाथ तथा काशी का कायाकल्प हुआ है। जिस तरह से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नेतृत्व कर रहे हैं, उससे सभी उत्साहित हैं।
इस मौके पर महंत देवानंद सरस्वती, पदम, स्वामी चिदानन्द मुनि, महानिर्वाणी के महंत रविन्द्रपुरी आदि ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।

गुरु ने सिखाया है जीवन की कठिन परिस्थितियों में किस प्रकार जीना चाहिए-खरोला

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि आज श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष में गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब ऋषिकेश द्वारा 29 दिसंबर से 8 जनवरी 2022 तक प्रतिदिन चलने वाली प्रभात फेरी आज मेरे निवास स्थान पर पहुची। मेरे परिवार व आसपास रहने वाले सभी प्रबुद्ध जनों ने गर्मजोशी के साथ प्रभात फेरी का स्वागत किया।
खरोला ने कहा कि प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालु वाहेगुरु जी का जाप करते हुए निवास स्थान पहुचे, जहां भजन-कीर्तन के बाद प्रसाद वितरण हुआ।
खरोला ने कहा कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का जीवन मानवता के लिए प्रेरक रहा है, समानता और समावेशिता का प्रचार उनके द्वारा किया गया। वह सिर्फ एक आध्यात्मिक आदर्श नहीं थे बल्कि एक योद्धा थे जो सर्वाेच्च बलिदान के सामने भी सिद्धांतों से खड़े थे।
खरोला ने कहा कि उनका जीवन न्याय संगत और समावेशी समाज के निर्माण के लिए समर्पित था। अपने सिद्धांतों के प्रति वे सदैव अटल रहे। हम उनके साहस और बलिदान को भी याद करते हैं। उनके वीरतापूर्ण जीवन ने हमें न्याय की लड़ाई में बलिदान का मूल्य सिखाया है।
खरोला ने कहा कि सेवा और सत्य के पथ पर चलते हुए बड़ी से बड़ी चुनौती से भी लड़ने की प्रेरणा हमें गुरु गोविंद सिंह के जीवन से मिलती है। हमे उनके दिखाए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

सैन्यधाम के निर्माण में तेजी लाये अधिकारी-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सैन्यधाम के संबंध में बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सैन्यधाम का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाय। कार्यों की चरणबद्ध कार्य योजना बनाई जाय। यह सुनिश्चित किया जाय कि निर्माण कार्य शुरू होने में बिल्कुल भी विलम्ब न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैन्यधाम के निर्माण के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा सभी आवश्यक कार्यवाही समय पर पूर्ण की जाय। सैन्यधाम भव्य एवं दिव्य बनाया जायेगा। उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ ही वीर भूमि भी है।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, प्रमुख सचिव एल.फैनई, सचिव अमित नेगी, शैलेश बगोली, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल (से.नि), जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

अमृत महोत्सव के द्वितीय राष्ट्रीय समिति की बैठक में वर्चुअली शामिल हुए सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित आजादी का अमृत महोत्सव के द्वितीय राष्ट्रीय समिति की बैठक में वर्चुअली शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद सचिव संस्कृति को निर्देश दिये कि आजादी के अमृत महोत्सव के संबंध में राज्य में अभी तक आयोजित हुए कार्यक्रमों के साथ ही भविष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं सुझावों से सम्बन्धित विवरण अविलम्ब तैयार कर उपलब्ध करायें ताकि तदनुसार भारत सरकार को भी अवगत कराया जा सके।

तीर्थनगरी पहुंचने पर अंतर्राष्ट्रीय संत जगतगुरू डॉ रामकमल वेदांती महाराज‌ का स्वागत

वृंदावन से अंतर्राष्ट्रीय संत जगतगुरू डॉ रामकमल वेदांती महाराज‌ आज श्री भरत मंदिर हृषिकेश नारायण पहुंचे। जहां ऋषि कुमारों द्वारा उनका वेद मंत्रों के द्वारा स्वागत किया गया।
इस अवसर पर महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज ने भरत मंदिर पहुंचकर संत शिरोमणि जगद्गुरु डॉ राम कमल दास वेदांती महाराज का आशीर्वाद लिया। उन्होंने उन्हें गोमुख से लाया हुआ पवित्र जल भेंट स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर वेदांती महाराज ने कहा कि महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज के द्वारा उत्तराखंड में युवाओं संतो के द्वारा नई ऊर्जा नई उमंग के साथ सनातन धर्म की ध्वजा को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर भरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज, भरत मंदिर सोसायटी के प्रबंधक हर्षवर्धन शर्मा, वरुण शर्मा, ललित मोहन मिश्रा, अभिषेक शर्मा, जितेंद्र प्रसाद, विवेक गोस्वामी, दीपक दरगन, दिनेश रावत आदि लोग उपस्थित रहे।

सैनिक पुत्र को मुख्यमंत्री बनाना लोकतंत्र की महानता-मुख्यमंत्री

विजय दिवस पर मुख्यमंत्री आवास में आयोजित सैनिक सम्मान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आए प्रत्येक पूर्व सैनिक के पास जाकर शॉल भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सभी को विजय दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि वीर सैनिकों के सम्मान से देश का स्वाभिमान एवं सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सैनिक कभी भी पूर्व सैनिक नहीं होता वह सदैव वीर सैनिक ही रहता है। उन्होंने सैनिकों के सम्मान की इस परम्परा को आगे भी बनाये रखने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोकतंत्र की महानता तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं दल के नेतृत्व की शुभकामनाओं का प्रतिफल है कि एक सैनिक के बेटे को मुख्य सेवक के रूप में कार्य करने का अवसर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सैन्य बलों की मजबूती तथा उन्हें आवश्यक सुविधायें एवं साज सामान उपलब्ध कराने, वन रैंक वन पेंशन की सुविधा के साथ ही जवानों को गोली का जवाब तुरंत गोली से देने की छूट देकर सैनिकों को उनका वास्तविक सम्मान एवं श्रेय देने का कार्य किया है। आज हमारी सेना दुश्मन के घर जाकर उनका मुकाबला करती है। हमारी सशक्त एवं मजबूत सेना के कारण दुनिया में हमारे देश का हौसला बुलंद हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा सेना को दिये गये सम्मान की परम्परा का प्रतिफल है कि आज सभी सेना का सम्मान करने के लिये मजबूर हैं। आज भारत बदल रहा है। देश का स्वाभिमान बढ़ रहा है। उन्होंने स्वयं को सैनिक का बेटा व भाई बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में अनुशासन सेना से सीखा है। सैनिकों के कल्याण के लिये जो भी जरूरी होगा उसके लिये वे सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि देहरादून में शीघ्र ही भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने स्व. सी.डी.एस. जनरल विपिन रावत का स्मरण कर उन्हें नमन करते हुए कहा कि वे सैनिकों के कल्याण के हिमायती थे। स्व. विपिन रावत के साथ उन्होंने देहरादून लैंस डाउन, बनबसा एवं रानीखेत में पूर्व सैनिकों के कल्याण से संबंधित कार्यक्रम निर्धारित किया था। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उनसे हुई मुलाकात में भी सैनिकों से जुड़े कार्यक्रमों पर वार्ता हुई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन है कि 2025 में अपना रजत जयंती वर्ष मनाते समय उत्तराखण्ड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो, इसके लिये हम राज्य के समग्र विकास के प्रति प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में वर्ष 2013 की आपदा के बाद केदारनाथ पुनर्निर्माण का कार्य पूर्णता की ओर है। बद्रीनाथ के सौन्दर्यीकरण का कार्य भी गतिमान है। प्रधानमंत्री के सफल मार्गदर्शन में देश में हर वो कार्य पूर्णता की ओर अग्रसर है जो पहले मुमकिन नहीं लगते थे। आज काशी विश्वनाथ धाम अपनी दिव्यता का प्रदर्शन कर रहा है। राम मंदिर का निर्माण प्रगति पर है। कश्मीर से धारा 370 तथा 35 ’ए’ हटा कर देश से दो विधान दो निशान दो संविधान की परिपाटी को समाप्त कर देश का सम्मान बढ़ाया है।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड वीरों की भूमि है, सैनिकों की भूमि है। देश का हर पांचवा सैनिक उत्तराखण्ड से होता है। भारतीय सेना का सैनिक होना गर्व की बात है। आज देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों में सुरक्षित है। नरेन्द्र मोदी की सरकार और पुष्कर सिंह धामी की सरकार हर पल सैनिकों के हितों के लिए समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की बङी मांग पूरी की। वे अपने त्यौहार बॉर्डर पर सैनिकों के बीच मनाकर उनका मनोबल बढ़ाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की भावना के अनुरूप उत्तराखण्ड में दिव्य और भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। इसमें शहीदों के घरों से पवित्र मिट्टी लाई गई है। यहां म्यूजियम होगा, लाईट व साउंड शो होगा। शहीद जसवंत सिंह और बाबा हरभजन के मंदिर बनेंगे। राज्य सरकार शहीद सैनिक के परिवार के एक सदस्य को उसकी योग्यता अनुसार सरकारी नौकरी में समायोजित कर रही है। देहरादून में वार मेमोरियल बॉयज एंड गर्ल्स होस्टल बनाया है। हल्द्वानी में भी बनाया जाएगा। वीरता पदक से अलंकृत के लिए राशि में कई गुना वृद्धि की गई है। हमारी सरकार दिल से सेना और सैनिकों का सम्मान करती है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, से.नि. जनरल सब्बरवाल, ब्रिगेडियर के.जी बहल, कर्नल भण्डारी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैन्य अधिकारी व सैनिक उपस्थित रहे।

भारत के सैन्य इतिहास में 16 दिसम्बर वीरता व पराक्रम का ऐतिहासिक दिन-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विजय दिवस के अवसर पर गांधी पार्क देहरादून में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि भारत के सैन्य इतिहास में 16 दिसम्बर वीरता व पराक्रम का ऐतिहासिक दिन है।
मुख्यमंत्री ने देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले जवानों को नमन करते हुए कहा कि हमारे इन जवानों की वजह से सभी चैन की नींद सोते हैं। देवभूमि उत्तराखंड की सदैव देशभक्ति व राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा देश के सैनिकों का मनोबल बढ़ाने का कार्य किया है।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजानदास, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर राजेश कुमार भी उपस्थित रहे।