सदन में हमारा खुद का भी आचार-व्यवहार भारतीय मूल्यों के हिसाब से हो-पीएम

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में संसद और राज्यों के विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारियों के तीन-दिवसीय शताब्दी सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को किया। 82वें पीठासीन अधिकारी सम्मेलन की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा की गई। इस अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने भी सम्मेलन में प्रतिभाग किया।
उद्घाटन अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि हमें देश को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाना है। कोरोना की लड़ाई में सभी राज्यों ने एकजुटता के साथ काम किया जोकि ऐतिहासिक है।भारत 110 करोड़ वैक्सीन डोज का आंकड़ा पार कर चुका है। यह समय अपनी सफलताओं को आगे बढ़ाने का है और साथ ही नए विजन के साथ नए नियम और नीतियां भी बनानी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे सदन की परंपराएं और व्यवस्थाएं स्वभाव से भारतीय हों। हमारी नीतियां, कानून भारतीयता के भाव को, ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत करने वाले हों। सबसे महत्वपूर्ण, सदन में हमारा खुद का भी आचार-व्यवहार भारतीय मूल्यों के हिसाब से हो। पीएम मोदी ने कहा कि ये हम सबकी ज़िम्मेदारी है। भारत विविधताओं से भरा है।
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधान मंडलों के समक्ष ज्वलंत विषयों पर चर्चा और संवाद के माध्यम से देश के सामने सर्वमान्य समाधान प्रस्तुत करने का दायित्व है जिससे लोकतांत्रिक परंपराओं और समृद्ध हो सके। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि बदलते परिपेक्ष में हमने अपनी विधायी संस्थाओं में जनता की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप नियमों और प्रक्रियाओं में भी परिवर्तन किया है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि प्रगतिशील कानून बनाने में जनप्रतिनिधियों के साथ जनता की सक्रिय भागीदारी बने ताकि आम जनता की आर्थिक सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सके।
इस अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधायिका के पीठासीन अधिकारी के रूप में हमारा विशेष दायित्व है कि हम एक समर्थ सक्षम और सशक्त विधायिका के निर्माण का सामूहिक संकल्प लें जो 21वीं सदी की जरूरतों के अनुरूप होने के साथ-साथ नई चुनौतियों का सामना करने में भी सफल हो।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि दो दिवसीय सत्र के दौरान शताब्दी यात्रा समीक्षा और भविष्य के लिए कार्य योजना एवं पीठासीन अधिकारियों का संविधान, सदन और जनता के प्रति दायित्व विषय पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, हिमाचल प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित विभिन्न राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष, विधान परिषद के सभापति, विधानसभाओं के उपाध्यक्ष एवं विधानसभा के सचिव उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति वंदना कटारिया को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया

टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली हॉकी स्टार खिलाड़ी वंदना कटारिया को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में वंदना को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया।
राष्ट्रपति भवन में आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने खेलों के क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया। टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले एथलीट नीरज चोपड़ा क्रिकेटर मिताली राज, पहलवान रवि दाहिया, वेटलिफ्टर एल बोरगोहेन, हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश, शूटर अवनि लेखरा को वर्ष 2021 का मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया गया। अब खेल रत्न पुरस्कार का नामकरण हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर किया गया है। इस दौरान कई खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उत्तराखंड के खाते में भी इस वर्ष अर्जुन पुरस्कार आया है। स्टार हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया को हॉकी में शानदार खेल दिखाने के लिए पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। वंदना ने 2018 के एशियाई खेलों में रजत पदक जबकि 2017 के एशियाड में स्वर्ण पदक जीता था। टोक्यो ओलंपिक में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हैट्रिक लगाकर ऐसा कारनामा करने वाली वंदना एकमात्र भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं थी।
वंदना की उपलब्धियों पर हरिद्वार में वंदना का भव्य स्वागत हुआ था। प्रदेश सरकार ने उन्हें ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का ब्रांड एंबेसडर घोषित कर दिया था। इसके अलावा उन्हें 25 लाख का नकद पुरस्कार दिया था।

गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए निकालीं जा रही मशाल यात्रा-विस अध्यक्ष

गंगा टास्क फोर्स की मशाल यात्रा आज तीर्थ नगरी के त्रिवेणी घाट पर पहुंची। जहां पर कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सहित उपस्थित लोगों ने गंगा मशाल का भव्य स्वागत किया। नमामि गंगे अभियान के तहत गंगा की स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए मशाल यात्रा निकाली जा रही है। इसमें प्रादेशिक सेना की एक बटालियन मशाल को लेकर गंगा के 23 तटीय क्षेत्रों की यात्रा कर रही है।
3 नवंबर को दिल्ली में गंगा उत्सव कार्यक्रम समापन के उपरांत केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री किरण रिजिजू ने गंगा मशाल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। गंगा के धार्मिक महत्व वाले 23 तटीय क्षेत्रों में मशाल यात्रा का पड़ाव निर्धारित किया गया है, जिसके चलते आज गंगा मशाल यात्रा ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर पहुंची है।
त्रिवेणी घाट पर आयोजित मशाल यात्रा कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मशाल यात्रा के दौरान मेरी गंगा मेरी शान का नारा उद्घोषित होता रहा।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मशाल यात्रा से गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता को बनाए रखने के लिए जागरूक किए जाने का सबसे अच्छा तरीका है। विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा की गंगा भारत में पवित्र मानी जाती है तथा इसकी उपासना मां और देवी के रूप में की जाती है। उन्होंने कहा कि गंगा, पर्यावरण तथा संस्कृति का संरक्षण हमारे देश के विकास के लिए आधार स्तंभ है।कहा कि हमारे जीवन में गंगा की पवित्रता सर्वाेपरि है। यह शिक्षा देती है कि हमारा मस्तिष्क, वचन और कर्म गंगा जल की तरह पवित्र होने चाहिए।
उन्होंने कहा की गंगा को केवल एक नदी के रूप में देखना उचित नहीं होगा। गंगा भारतीय संस्कृति की जीवन रेखा है तथा आध्यात्मिकता और श्रद्धा की वाहक है। गंगा को स्वच्छ रखना, पर्यावरण संरक्षण करना और अपनी संस्कृति को समृद्ध बनाना केवल सरकार का कर्तव्य नहीं है, बल्कि सभी नागरिकों की निजी जिम्मेदारी है। इस सोच को देशव्यापी स्तर पर अपनाया जाना चाहिए और फैलाना चाहिए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुशील डोभाल, लेफ्टिनेंट कर्नल के ए प्रभु, मेजर एलएन जोशी, नमामि गंगा के उप निदेशक सुनील कुमार, पर्यावरणविद विनोद शुक्ला, सूबेदार सर्वेश तिवारी, सूबेदार शिवेन सिंह, गंगा सभा ऋषिकेश के राहुल शर्मा, राजीव थपलियाल, नायक क्रांति सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

तो मोदी और शाह की रैलियों से राज्य के वोटरों का रुख मोड़ेगी भाजपा

राज्य में चुनाव प्रचार अभियान को तेज करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह नवम्बर में भी रैलियां करेंगे। इसके लिए तैयारियां शुरु हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड से विशेष लगाव को देखते हुए संगठन की ओर से शीर्ष नेतृत्व से इसका अनुरोध किया गया है।
ऐसे में प्रधानमंत्री व गृह मंत्री की अधिक से अधिक रैलियां आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक के दौरान राज्य में चुनाव अभियान की तैयारियों का पूरा खाका प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि संगठन की दृष्टि से 11024 बूथों पर समितियों का गठन किया जा चुका है। राज्य स्थापना दिवस पर 252 मंडलों में कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। कौशिक ने कहा कि रामनगर में हुई चिंतन बैठक में तय रोड मैप पर काम किया जा रहा है। दिसम्बर तक सभी लक्ष्य पूरे कर लिए जाएंगे। विस्तारकों का प्रशिक्षण पूर्ण हो गया है और सभी अपनी विधानसभा में प्रवास कर रहे हैं।
वहीं, प्रवासी उत्तराखंड वासियों के लिए भी पार्टी अलग से योजना बना रही है। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव-2022 से पहले चुनाव प्रचार अभियान में तेजी लाने के लिए अगले दो महीनों में 252 बैठकें करने जा रही हैं। इन बैठकों के जरिए पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं को बूथ तक लाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। यानि हर दिन चार से ज्यादा बैठके होंगी। भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। रविवार को हुई बैठक के दौरान शीर्ष नेतृत्व की ओर से पार्टी पदाधिकारियों को इसके निर्देश दिए गए हैं।

शिवालय में जल चढ़ाना सिखाया-कौशिक
बैठक के दौरान कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ दौरे का व्यापक असर रहा है। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेसी कभी कोर्ट में खड़े होकर हलफनामा देकर भगवान श्री राम को काल्पनिक बताते थे वह आज शिवालयों में जल चढ़ा रही है। कौशिक ने कहा कि यह हमारे कार्यकर्ताओं और पार्टी की जीत है। उन्होंने कहा कि विगत कुछ दिनों में दो विधायकों सहित 250 से अधिक दूसरे दलों के कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली है।

10 नवम्बर से महासंपर्क अभियान
भाजपा 10 नवम्बर से राज्य में महासंपर्क अभियान शुरू कर रही है। जिसमें एक किट भी प्रदान की जाएगी। कौशिक ने बताया कि अभियान के लिए पार्टी की ओर से मेरा घर भाजपा का घर नारा दिया गया है।

हाईकमान से निर्देश मिलने के बाद उत्तराखंड में बैठकों को दौर शुरु

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव प्रचार अभियान में तेजी लाने के लिए आगामी महीनों में 252 बैठकें आयोजित करने जा रही हैं। इन बैठकों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ तक लाने का प्रयास करेगी। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारणी में इसका निर्णय लिया गया है। रविवार को हुई बैठक के दौरान हाईकमान ने इसके निर्देश प्रदेा पदाधिकारियों को दिये है।
इसके लिए शक्ति केंद्र, बूथ, ब्लॉक और मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित करने के साथ ही पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से संपर्क के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों और उनके द्वारा किए गए कार्यों को भी जमीनी स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पार्टी की भावी योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरुक करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि पार्टी अगले दो महीनों के दौरान राज्य भर में 252 के करीब बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं को चुनाव तैयारी से जोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास मजबूत संगठन है और अपनी छोटी से छोटी इकाई के जरिए चुनाव प्रचार अभियान को आम आदमी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तैयारी के साथ 2022 के विधानसभा चुनावों में उतरने जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी इस बार भी रिकार्ड मतों से विधानसभा चुनावों में विजयी रहेगी।
बैठक के दौरान पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने केंद्र व राज्य सरकार की ओर से पिछले पांच सालों में किए गए कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पार्टी की भावी योजनाओं के बारे में भी लोगों को बताया जाएगा। विदित है कि हालिया दौरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह राज्य में किए गए कार्यों के साथ ही भावी योजनाओं पर फोकस कर रहे हैं। इसी तर्ज पर पार्टी पदाधिकारियों को भी आम लोगों तक संवाद कायम करने को कहा गया है।

दिल्ली के युवकों के लिए भगवान बनीं जल पुलिस, डूबने से बचाया

मुनिकीरेती थाना अंतर्गत नीमबीच तपोवन में दिल्ली से घूमने आए दो युवक गंगा में नहाते समय डूबने लगे। सूचना पर जल पुलिस की टीम ने राफ्ट की मदद से पानी के तेज बहाव से बाहर निकाला। मुनिकीरेती थाना निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के मुताबिक दिल्ली से 5 सदस्यों का एक दल राफ्टिंग के लिए ऋषिकेश आया था। इस दौरान रात्रि समाप्त होने के बाद वह तपोवन स्थित नीमबीच में नहाने लगे। इस दौरान उनमें 2 लोग गंगा के तेज बहाव में बहने लगे। इस दौरान युवकों की चीख-पुकार मचने पर जल पुलिस की टीम ने कुछ दूरी पर राफ्ट की मदद से सकुशल पानी के तेज बहाव से निकाल लिया। उनकी पहचान प्रशांत पुत्र मधुर शर्मा निवासी गली नंबर 5 मकान नंबर सी 109, मुक्कद नगर, दिल्ली, करम कुमार पुत्र देशराज सिंह, मकान नंबर 286 बी 9 करावल नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। टीम में जल पुलिस के कांस्टेबल सुभाष ध्यानी, विदेश चौहान, रविंद्र तोमर, महेंद्र सिंह शामिल रहे।

30 राज्यो के 500 से अधिक हस्त शिल्पकार और हुनरमंद पहुंचे देहरादून

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को रेसकोर्स देहरादून में हुनर हाट मेले का उद्घाटन किया। हुनर हाट मेले में 30 से अधिक राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों से 500 से अधिक हस्त शिल्पकारों एवं हुनरमंदों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री के साथ विश्वकर्मा वाटिका एवं विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। 75वें आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हुनर हाट मेले का आयोजन देहरादून में करवाने पर केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने देवभूमि उत्तराखण्ड में विभिन्न राज्यों से आये हुनरमंदों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हुनर हाट मेले का आयोजन एक सराहनीय प्रयास है। इससे जहां बाजारों को उत्पाद मिलेगा वहीं उत्पादों को बाजार मिलेगा। वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने के लिए भी इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किये जा रही हैं। प्रदेश में वन डिस्ट्रिक टू प्रोडक्ट को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड के जनजातीय क्षेत्रों में अनेक हुनरमंद लोग हैं। उन्होंने केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से अनुरोध किया कि इन हुनरमंद लोगों के लिए अपने उत्पादों के लिए बाजार मिल सके इसके लिए केन्द्र से कोई योजना बनाई जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उत्तराखण्ड पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। राज्य में पर्यटन को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ी है।
केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि देशभर में हुनर हाट मेलों का आयोजन किया जा रहा है। 30वां हुनर हाट मेले का आयोजन देहरादून में किया जा रहा है। यह मेला 10 दिनों तक चलेगा। उन्होंने कहा कि हुनर हाट के माध्यम से अभी तक लगभग 06 लाख शिल्पकारों एवं कारीगरों को रोजगार के अवसर मिले हैं। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों के हस्तशिल्प कलाओं को देख सकते हैं। विभिन्न राज्यों के पकवानों के स्टॉल लगाये गये हैं। हुनरमंद लोगों द्वारा वेस्ट को बेस्ट में बदलकर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि इस तरह के मेलों के आयोजन से हस्तशिल्प एवं हस्तकला को प्रोत्साहन मिलेगा और हुनरमंदों को एक-दूसरे से अनुभवों को साझा करने का मौका भी मिलेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि वोकल फॉर लोकल की दिशा में यह अच्छा प्रयास किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रत्येक विभागों द्वारा योजनाएं चलाकर लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक हरबंस कपूर, शक्ति लाल शाह, मेयर सुनील उनियाल गामा, भाजपा के महामंत्री संगठन अजय कुमार, भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, बलजीत सोनी, केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलों की सचिव रेणुका देवी मौजूद थे।

बहुगुणा ने हरीश पर बोला हमला, कहा-अपनी सीट घोषित करे रावत

’’कई बार रंग बदला है आसमां सहर होने तक’’ इस वाक्य के साथ पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कांग्रेस के लिए अगले दो सप्ताह बहुत सावधान रहने के निर्देश दिये है। वहीं, बहुगुणा ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी अपनी विधानसभा सीट घोषित करने की चुनौती भी दी है। भाजपा की सियासत में चल रही सरगर्मी के बीच दो दिन से देहरादून में डेरा जमाये हुए पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने आज मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान भाजपा में सब कुछ सामान्य होने की बात कही और कांग्रेस में बड़ी टूट के संकेत दिए। राजनीतिक पंडित अब इसके गुणाभाग में जुट गये है।
भाजपा में असंतुष्ट बताए जा रहे हरक सिंह, उमेश शर्मा काऊ सहित अन्य नेताओं की बयानबाजी पर पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने दो साफ कहा कि 2016 में भाजपा में आए सभी नौ लोग साथ बने रहेंगे। फिर उन्होंने शायराना अंदाज में ’’कई बार रंग बदला है आसमां सहर होने तक’’ की टिप्पणी करते हुए कहा कि समय बीत जाने दीजिए, कांग्रेस का क्या हाल होगा बस 15 दिन रुक जाओ। बहुगुणा बोले कि हरीश रावत बहुत मेहनती नेता हैं लेकिन वो अपने लिए विधानसभा क्षेत्र की घोषणा तो करें, कहीं ऐसा तो नहीं कि जिस लहर का वो अपने दम पर दावा कर रहे हैं, उसमें खुद ही डूब जाएं।
भाजपा आलाकमान द्वारा असंतुष्ट नेताओं से बातचीत के लिए भेजे जाने के सवाल पर बहुगुणा ने कहा कि कुछ दिन से चल रही चर्चाओं के कारण राजनैतिक धुंध उत्पन हो गई थी। अपने देहरादून आने के मकसद को उन्होंने कोविड के बाद की सामान्य मेल मुलाकात करार देते हुए कहा कि जिन राजनैतिक वजहों से कांग्रेस से संबंध तोड़े गए थे, उन परिस्थितियों में आज भी कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने कहा कि देश का नेतृत्व और प्रदेश के विकास के लिए मोदी और भाजपा ही एक मात्र विकल्प हैं। इसलिए हम सब मिल कर 22 के चुनाव में जीत का प्रयास करेंगे। बहुगुणा ने कहा कि हरक, सुबोध, चैम्पियन, सिंघल, शैलारानी सभी स्वीकार करतें हैं कि हालात नहीं बदले हैं। अलबत्ता उन्होंने स्वीकार किया कि राजनीति में कुछ वाद विवाद होते रहते हैं, इन्हें हल कर लिया जाएगा। इसमें उनकी जो भूमिका होगी, उसे निभाने का प्रयास करेंगे।

सीएम की, आपदा में राहत कार्यों के लिये सहयोग करने की अपील

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में हाल ही में आयी आपदा में राहत कार्यों के लिये सहयोग के लिये केन्द्र सरकार के साथ ही उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश तथा गुजरात आदि राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ ही अन्य संस्थानों का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के इस कठिन दौर में राज्य सरकार अपने उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर पीड़ितों की मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि संकट के समय यदि सभी लोग सहायता के लिये आगे आयेंगे तो निश्चित रूप से इस आपदा में हम आपदा प्रभावितों की बेहतर मदद कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने औद्योगिक संस्थानों, स्वयं सेवी संस्थाओं, अन्य विभिन्न संस्थाओं सहित सभी से अपील की है कि दैवीय आपदा के दृष्टिगत प्रदेश को इस समय आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था हेतु सभी की मदद की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से यथा सम्भव सहयोग की भी अपील की है।

कोविड वैक्सीनेशन में केन्द्र ने दिया पूरा सहयोग-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों को संबोधित मन की बात को सुना। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानंद एवं मेयर सुनील उनियाल गामा भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में उत्तराखंड में शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण की प्रथम डोज लगाने पर उत्तराखंड सरकार की सराहना की। मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री ने बागेश्वर जनपद की हेल्थ वर्कर पूनम नौटियाल से बात की। पूनम नौटियाल ने कहा कि हमने अपने क्षेत्र में लोगों को कोविड टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। एक दिन में पर्वतीय क्षेत्रों में 8 से 10 किमी की दूरी तय कर कोविड टीकाकरण किया। बुजुर्गों, दिव्यांगों एवं धात्री महिलाओं का उनके घरों पर जाकर टीकाकरण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूनम नौटियाल के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कि उन्होंने आउट ऑफ द वे जाकर लोगों का टीकाकरण किया।
मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात हम सभी को देशहित और समाज हित में सोचने और काम करने के लिए प्रेरित करती है। प्रधानमंत्री ने एक अभिभावक की तरह मार्गदर्शन किया। उनका सक्षम नेतृत्व ही था कि ’सबको वैक्सीन मुफ्त वैक्सीन’ अभियान से देश, 100 करोङ वैक्सीनैशन डोज का पङाव पार कर चुका है। आज देश एक नये उत्साह और ऊर्जा से आगे बढ रहा ही। आज भारत ने कोविड वैक्सीनैशन में दुनिया को राह दिखाई है। निस्संदेह इसमें हमारे हेल्थ वर्कर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। कोविड वारियर्स की दिन रात की मेहनत से ही हम कोविड से बाहर निकल रहे हैं। परंतु हमें अभी भी सावधानी रखनी है। हम उत्तराखण्डवासियों के लिए सम्मान की बात है कि प्रधानमंत्री ने राज्य की हेल्थ वर्कर पूनम नौटियाल से बात की। उत्तराखण्ड के हेल्थ वर्कर्स का जज्बा ही है कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखण्ड में 100 प्रतिशत पहली डोज का लक्ष्य पूरा किया जा चुका है। हम जल्द ही शतप्रतिशत सेकेंड डोज का लक्ष्य भी हासिल करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वोकल फॉर लोकल का जो मंत्र दिया है, हम सबको मिलकर इसे साकार करना है। त्योहारों का सीजन चल रह है, इस दौरान हमें स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक बढ़ावा देना है। वोकल फॉर लोकल का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय लोगों की आमदनी को बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के लिए हम सभी को अपनी दिनचर्या का अंग मानकर प्रयास करने होंगे। अपने घरों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता पर ध्यान देना होगा। आइये, हम संकल्प लें कि स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढाते हुए हम सब मिलकर अपने देश को पूरी तरह स्वच्छ बनाएंगे और स्वच्छ रखेंगे।
मुख्यमंत्री ने मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने वाली बागेश्वर जनपद की पूनम नौटियाल से फोन से वार्ता कर उनके सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी।