हर कांग्रेसी भाजपा में आने का इच्छुक, लगाना पड़ेगा हाउस फुल का बोर्ड-बलूनी

राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने बड़ा बयान देकर उत्तराखंड की राजनीति में हलचल मचा दी है। शुक्रवार को मीडिया पाठशाला कार्यक्रम में अनिल बलूनी प्रदेश भाजपा की मीडिया टीम को आगामी विधानसभा चुनाव के प्रचार की टिप्स देने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और उनके इर्द-गिर्द एक दो लोगों को छोड़कर हर कांग्रेसी भाजपा में आने का इच्छुक है और संपर्क कर रहा है। लेकिन भाजपा में हाउस फुल है।
बता दें कि हरीश रावत ने नवजोत सिंह सिद्धू के समर्थन में बयान देते हुए पाकिस्तान के सेना प्रमुख बाजवा को पंजाबी भाई बताया था। जिसे लेकर अनिल बलूनी ने उन पर निशाना साधा। कहा कि राजनीति कीजिए, दो-दो हाथ कीजिए हम तैयार हैं। लेकिन बाजवा के हाथों में हिंदुस्तान के सैनिकों का खून लगा है उसे हरीश रावत भाई बोल रहे हैं। यह दुर्भाग्य है। कोई भी उत्तराखंड या देश के अंदर जनरल बाजवा को भाई नहीं कह सकता है। इसके लिए हरीश रावत को माफी मांगनी चाहिए। जिस तहर की वह बातें वह कर रहे हैं उससे कांग्रेस का और समाज का भी नुकसान है। वोटों के तुष्टिकरण के लिए कृपया इस तरह की राजनीति न करें। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह उत्तराखंड आएंगे और यहां की जनता से मुखातिब होंगे। भारतीय जनता पार्टी की सरकार दोबारा बने उसके लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ने वाले हैं। शुक्रवार को मीडिया पाठशाला कार्यक्रम में अनिल बलूनी के साथ ही प्रदेश चुनाव के सह प्रभारी व राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आरपी सिंह भी मौजूद रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का बयान-हमारे संपर्क में हैं भाजपा के कई नेता
राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी के बाद अब उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी कहा है कि भाजपा के कई नेता हमोर संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि जितने भी लोग हमारे संपर्क में हैं। हम उनमें से कुछ को ही पार्टी में शामिल करेंगे। पिछले पांच साल के भाजपा के खिलाफ कार्य कर रहे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के हितों का भी ध्यान रखा जाएगा।

हरीश रावत ने भाजपा हुई हाउसफुल के बयान पर खूब ली चुटकी
पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी का भाजपा हुई हाउसफुल के बयान पर खूब चुटकी ली है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि लगता है उज्याड़ू बल्द से बहुत जल्दी मेरे प्रिय अनुज घबरा गए हैं। भाजपा में रह कर बलूनी बेशक दल-बदल कराने में पारंगत हो गए हों। परंतु भाजपा अपने नेताओं व कार्यकर्ताओं का दलबदल-धन बल से दूसरी पार्टी की कीमत पर उनके अधिकार को लेकर किए जाने वाले मुखर विरोध से भी त्रस्त हो रही है। बलूनी को अपने घर को संभाल कर रखने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भी भाजपा के दल-बदल के पाप को देखा है। सर्वाेच्च न्यायालय ने भी इसको पाप माना था। उन्होंने कहा कि भाजपा बेशक नोटों के दम पर राजनीति को कुत्सित कर रही हो, अब उनके मंसूबे पूरे होने वाले नहीं हैं।
भाजपा का अपना कार्यकर्ता भी इस कुत्सित खेल का जमकर विरोध कर रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने अनिल बलूनी की दल-बदल के खिलाड़ी वाली छवि पर भी अपना अफसोस जताया और कहा कि कोई अच्छा सा ताला भी इस काम के लिए अभी से रख लें। रावत ने बजट के धन खर्च की सुस्ती पर भी राज्य सरकार को घेरा है और कहा कि कल मैंने बजट खर्च न करने के लिये उत्तराखंड सरकार पर कुछ सवाल दागे थे।
आज मैं फिर से केंद्र पोषित योजनाओं की स्वीकृति और केंद्र पोषित योजनाओं में धन न खर्च कर पाने की राज्य की असमर्थता पर सवाल उठा रहा हूं। जब आप पैसा खर्च नहीं करेंगे तो फिर बजट का आकार आप कितना ही बना लीजिये, कोई लाभ नहीं है। हमारे राज्य की अर्थव्यवस्था का विस्तार रुक गया है, प्रति व्यक्ति औसत आय की वृद्धि दर जो हमारे समय में 37 प्रतिशत वार्षिक थी, वो अब घटकर के 8 प्रतिशत पर आ गई है। रोजगार वृद्धि दर शून्य से नीचे की तरफ, नकारात्मक दिशा की तरफ जा रही है।

बदरी-केदार धाम में पुनर्निर्माण कार्यों का खुल्बे ने लिया जायजा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सलाहकार भास्कर खुल्बे आज अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रातः 8.45 बजे श्री केदारनाथ धाम दर्शन को पहुंचे। हेलीपैड पर पहुंचने पर केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहितों, उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड, जिला पुलिस-प्रशासन ने उनकी अगवानी एवं स्वागत किया। उनके साथ प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव मंगलेश घिल्डियाल भी श्री केदारनाथ पहुंचे।
हेलीपैड से वह मंदिर हेतु रवाना हुए उनकी ओर से केदारनाथ धाम के पुजारी बागेश लिंग ने भगवान केदारनाथ जी का रूद्राभिषेक पाठ किया तथा देश के खुशहाली की कामना की।
इसके बाद उन्होंने केदारनाथ धाम में निर्माण कार्यों का अवलोकन भी किया तथा पुनर्निर्माण कार्यों हेतु प्रदेश सरकार की सराहना भी की। इस अवसर पर सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग मनुज गोयल, केदार सभा से उमेश‌पोस्ती, देवस्थानम बोर्ड के मंदिर प्रशासनिक अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, अरविंद शुक्ला, प्रदीप सेमवाल आदि मौजूद रहे।
इसके पश्चात करीब सवा 11 बजे श्री बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हो गये। जोशीमठ से वह सड़क मार्ग से श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे। श्री बदरीनाथ धाम पहुंच कर भाष्कर खुल्बे ने जिला प्रशासन एवं यात्रा मजिस्ट्रेट उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी से मास्टर प्लान के कार्यों की समीक्षा की जानकारी ली और देश के सीमांत पर्यटन ग्राम माणा का भी भ्रमण किया। भगवान बदरीविशाल क्षेत्रपाल श्री घंटाकर्ण जी महाराज मंदिर, श्री गणेश गुफा, श्री ब्यास गुफा मंदिर, श्री सरस्वती नदी भीम पुल पहुंचकर दर्शन किये।

केन्द्रीय योजनाओं का राज्य विकास में बेहतर सदुपयोग करने के निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु की अध्यक्षता में सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में केन्द्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से केन्द्र प्रायोजित योजनाओं की वस्तुस्थिति का विवरण प्राप्त करते हुए निर्देश दिये कि केन्द्रीय योजनाओं का राज्य विकास में बेहतर सदुपयोग और राज्य की जनता को उसका समुचित लाभ दिलाने के लिए उनका गंभीरता से और संजीदगी से इम्प्लीमेंटेशन करें। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के समुचित क्रियान्वयन में जिस स्तर पर जो भी विभिन्न बाधाएं आ रही हैं उनको तत्काल दूर करें।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने सभी कार्यों का वार्षिक कैलेण्डर बनायें तथा उसके अनुरूप कार्य करें। कहा कि भारत सरकार से प्राप्त होने वाले वित्त के समुचित सदुपयोग करने के लिये विभागीय स्तर पर की जाने वाली जरूरी प्रक्रियाओं को पहले ही पूरा कर लें। उसको अंतिम समय (जीरो टाइम) के लिए लम्बित ना रखें।
विकास कार्यों से सम्बन्धित जो प्रस्ताव भारत सरकार को अगले वर्ष जाने हैं उन सभी की विभागीय और राज्य स्तर पर की जाने वाली विभिन्न औपचारिकताएं पहले से ही पूरे कर लें ताकि भारत सरकार से सम्बन्धित योजना और मद में शीघ्रता से पैसा प्राप्त हो सके।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सभी विभाग मासिक भौतिक प्रगति व विभागीय प्रगति रिपोर्ट इत्यादि नियोजन विभाग के ई-आकलन पोर्टल पर निर्धारित प्रारूप में प्रेषित करें। कहा कि आगे से नियोजन विभाग के पोर्टल में प्राप्त सूचनाओं के आधार पर ही विभागों के कार्यों की समीक्षा की जायेगी। उन्होंने कहा कि वे सबसे कम प्रगति की 10 योजनाओं की मासिक समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि जिन भी विभागों के भारत सरकार के स्तर पर विभिन्न कारणों से विकास योजनाओं से सम्बन्धित मुद्दे लम्बित हैं उनका विवरण नियोजन विभाग को उपलब्ध करवायें तथा भारत सरकार में स्थानीय आयुक्त से भी उसका नियमित रूप् से अपडेट करवायें। इसके अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सभी विभागों को केन्द्रीय स्कीमों के उपयोगिता प्रमाण पत्र यथाशीघ्र भारत सरकार को प्रेषित करने के विभागों को निर्देश दिये। जिससे उन योजना और मदों में शीघ्रता से पैसा प्राप्त हो सके। कहा कि इस संबंध में विभाग भारत सरकार स्तर पर लगातार पहल भी करते रहें।
इस दौरान बैठक में अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार व आनन्द बर्द्धन, सचिव नितेश झा, आर. मीनाक्षी सुन्दरम, शैलेश बगोली, एच.सी. सेमवाल, बी.एस. मनराल, एस.ए. मुरूगेशन, प्रभारी सचिव विनोद कुमार सुमन, डॉ. वी षणमुगम सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

7 अक्टूबर को देहरादून में बने नये टर्मिनल का लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय से वर्चुअल माध्यम से नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के साथ उत्तराखण्ड में हवाई सेवाओं को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बैठक की।
नागर विमानन मंत्री, भारत सरकार ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ जौलीग्रांट, देहरादून में बने नये टर्मिनल का लोकार्पण किया जायेगा। हेली समिट के दौरान देहरादून-पंतनगर-पिथौरागढ़-पंतनगर-देहरादून हवाई सेवा का फ्लैग ऑफ भी किया जायेगा। यह सेवा पवनहंस द्वारा दी जायेगी। देहरादून-पिथौरागढ़ हेली सेवा को जल्द स्वीकृति दी जायेगी।
केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि उत्तराखण्ड में उड़ान के तहत देहरादून-श्रीनगर-देहरादून, देहरादून-गौचर-देहरादून, हल्द्वानी-हरिद्वार-हल्द्वानी, पंतनगर-पिथौरागढ़-पंतनगर, चिन्यालीसौड़-सहस्त्रधारा-चिन्यालीयौड़, गौचर-सहस्त्रधारा-गौचर, हल्द्वानी-धारचूला-हल्द्वानी तथा गौचर-सहस्त्रधारा-गौचर हेली सेवाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के लिए जो 13 हेलीपोर्ट चिन्हित किये गये हैं, उनमें से 11 की डीपीआर तैयार हो चुकी है। मसूरी हेलीपोर्ट की डीपीआर भी जल्द तैयार हो जायेगी। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से शहरों की कनेक्टिविटी और बढ़ाई जायेगी। पंतनगर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की कार्यवाही में और तेजी लाई जायेगी। उन्होंने सुझाव दिया कि उत्तराखण्ड में वैट के चार्जेज एटीएफ पर अधिक हैं, इस चार्ज को कम किया जाय तो राज्य में एयर कनेक्टिविटी और तेजी से बढ़ेगी और राजस्व में भी वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड को एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में दी गई इन सौगातों के लिए केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने देहरादून-पिथौरागढ़ हेली सेवा की स्वीकृति पर कहा कि इस सेवा के शुरू होने से सीमान्त क्षेत्र पिथौरागढ़ के विकास के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा। इस हेली सेवा की मांग मुख्यमंत्री ने केन्द्र सरकार से पहले भी कर चुके थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तेजी से नागर विमानन मंत्री द्वारा निर्णय लेकर कार्यरूप में परिणीत किया इससे मैं अभिभूत हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में चिन्हित 13 हेलीपोर्ट में से 8 पर टेंडर प्रक्रिया गतिमान है, जो 20 अक्टूबर तक पूर्ण हो जायेंगे। ये सभी कार्य इस वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने के प्रयास किये जा रहे हैं। 11 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री ने नागर विमानन मंत्री से भेंट के दौरान पवनहंस की हेलीकॉप्टर सेवा यात्रियों को मंहगी पड़ने का मुद्दा उठाया गया। केन्द्रीय मंत्री द्वारा इसका शीघ्र समाधान करने एवं देहरादून से श्रीनगर 42 प्रतिशत एवं देहरादून से गौचर 50 प्रतिशत किराया कम करने पर मुख्यमंत्री ने उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सचिव नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर, अपर सचिव स्वाति एस. भदौरिया भी मौजूद थे।

कर्णप्रयाग और गैरसैंण विकासखंड में सुधरेगी मोबाइल की कनेक्टिविटी

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय मीडिया टीम के सदस्य सतीश लखेड़ा ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा कि चमोली जनपद के कर्णप्रयाग और गैरसैण विकासखंडों की मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या को लेकर आज राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी के नेतृत्व में केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट की। सांसद बलूनी ने मंत्री जी को बताया कि कनेक्टिविटी ना होने से इन दुर्गम क्षेत्रों में जनता को परेशानी तो होती ही है साथ ही बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई बाधित होती है।
भाजपा नेता सतीश लखेड़ा ने कहा कि बलूनी ने दूर संचार मंत्री को कर्णप्रयाग विकासखंड के बगोली, चमोला, मैखुरा, मजखोला, कमेड़ा और सेरागढ़ क्षेत्रों तथा गैरसैंण विकासखंड के देवपुरी, राईकोट, कुनीगाड़ तल्ली, कुणखेत, बुखाली, चोरड़ा, पिंडवाली और कांसुवा क्षेत्रों की मोबाइल समस्या का ध्यान दिलाया।

केंद्रीय मंत्री अनिल वैष्णव ने कहां कि उनका मंत्रालय निरंतर मोबाइल कनेक्टिविटी के सुधार हेतु प्रयासरत है। उन्होंने उपरोक्त सभी 14 स्थानों की कनेक्टिविटी हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा की बीएसएनएल सहित सभी निजी ऑपरेटर कंपनियां इन स्थानों का निरीक्षण कर संचार सुविधा बहाल करें।
सतीश लखेड़ा ने केंद्रीय मंत्री सहित सांसद अनिल बलूनी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इन दुर्गम क्षेत्रों में संचार सुविधा बहाल होने से आम नागरिकों को व विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि गत दिनों अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान आम जनता द्वारा मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या की ओर ध्यान दिलाया गया और स्वयं भी कनेक्टिविटी ना होने की परेशानियों का सामना करना पड़ा।

वरिष्ठ पत्रकार की सीएम केजरीवाल को चिट्ठी-पूछा वायदों को कैसे करेंगे पूरा

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2022 का बिगुल बज चुका है। उत्तराखंड की सियासी पिच पर अभी तक भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा चुनावी घमासान होता रहा है, लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी की दोनों राष्ट्रीय पार्टियों के लिए सिरदर्द बनने जा रही है। कारण साफ है कि आप की ओर से की जाने वाली तमाम घोषणाओं ने यहां का माहौल गर्माना शुरू किया है। आप की ओर से की जारही लगातार चुनावी घोषणाएं एक ओर लोक लुभावन है। तो वहीं, सियासी पार्टियों के साथ ही राज्य के बुद्धिजीवी भी इन घोषणाओं को लेकर तमाम सवाल खड़े कर रहे है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मीडिया सलाहकार और वरिष्ठ पत्रकार रमेश भट्ट ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को उनकी ही घोषणाओं पर चुनौती दी है। उन्होंने कहा है कि वह अरविंद केजरीवाल का साक्षात्कार कर यह जानना चाहते हैं कि जनता को फ्री सुविधाएं देने के पीछे केजरीवाल का इकोनॉमिक प्लान क्या है?
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ पत्रकार रमेश भट्ट ने दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को खुला पत्र भेजकर चुनौती दी है। उन्होंने केजरीवाल से साक्षात्कार के लिए समय देने का आग्रह किया है। अपने पत्र में श्री भट्ट ने केजरीवाल को लिखा है कि आपने उत्तराखंड के युवाओं के लिए कई घोषणाओं के साथ तमाम चुनावी वादे किए हैं। राज्य का निवासी होने के नाते मैं जानना चाहता हूं कि उत्तराखंड के लिए केजरीवाल का इकोनॉमिक प्लान क्या है? अपनी घोषणाओं को पूरा करने के लिए वे बजट की व्यवस्था कहां से करेंगे? एक आम उत्तराखंडी होने के नाते यह जानना मेरा हक है कि प्रदेश से किए जा रहे वादों के बारे में जानकारी लूं।
श्री भटट ने पत्र में लिखा है कि केजरीवाल, आप समय और स्थान तय करें ताकि मैं इन वादों पर आपका साक्षात्कार कर सकूं। आप की ओर से फिलहाल इस पत्र पर कोई जवाब तो नहीं आया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो केजरीवाल श्री भटट को समय दे सकते है। इस पर वरिष्ठ पत्रकार ने बताया कि उनकी भी तैयारी पूरी है। जिससे कि जनता को राजनीतिक पार्टियों का एजेंडा साफ पता चल सके।

एम्स ऋषिकेश के नए प्रभारी निदेशक प्रो. अरविंद राजवंशी ने संभाला कार्यभार

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश में सोमवार को नए निदेशक प्रो. अरविंद राजवंशी ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इस दौरान संस्थान के अधिकारियों, फैकल्टी सदस्यों, चिकित्सकों ने उनका स्वागत किया।
सोमवार को एम्स रायबरेली के निदेशक प्रो. अरविंद राजवंशी ने ऋषिकेश एम्स का अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इस दौरान उन्होंने संस्थान के अधिकारियों, चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों से मुलाकात की और उनसे एम्स ऋषिकेश के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। प्रोफेसर अरविंद राजवंशी ने 1977 में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज, शिमला (हिमाचल प्रदेश) से एमबीबीएस किया। उन्होंने 1981 में पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ से एमडी पैथोलॉजी और 1994 में रॉयल कॉलेज लंदन से एमआरसी पैथोलॉजी की डिग्री हासिल की। राजवंशी ने पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ से अपना सीनियर रेजीडेंसी किया।
साथ ही प्रो. राजवंशी वर्ष 2007 से 2019 तक नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज, पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के प्रभारी प्रोफेसर भी थे। इसके अलावा वह 23 मार्च 2020 तक पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के डीन (अनुसंधान) और डीन (अकादमिक) भी रहे हैं। उन्हें 23 मार्च 2020 को एम्स रायबरेली का कार्यकारी निदेशक और सीईओ नियुक्त किया गया और अब उन्होंने सोमवार (20 सितंबर) को एम्स ऋषिकेश का अतिरिक्त कार्यभार संभाला है। गौरतलब है कि एम्स निदेशक प्रोफेसर रवि कांत बीती 13 सितंबर को 65 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त हो गए थे। उनके स्थान पर प्रो. राजवंशी ने निदेशक का पदभार ग्रहण किया है।
इस अवसर पर संस्थान के संकायाध्यक्ष अकादमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता एवं अन्य संकाय सदस्य तथा अधिकारी मौजूद थे।

आप नेता का दावा, सरकार आने पर रिवर्स पलायन कर रोजगार देंगे

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को चित्त करने के लिए आम आदमी पार्टी ने मुफ्त बिजली की घोषणा के बाद अब हर घर में रोजगार का ऐलान कर सियासी माहौल को गर्मा के रख दिया है। पार्टी के सुप्रीमो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रोजगार को लेकर प्रदेश की जनता से कई बड़े वादे किए हैं। आप की सरकार बनने के बाद 6 महीने में 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
पार्टी के नेता डॉ राजे सिंह नेगी के अनुसार, रोजगार के मामले में दोनों राष्ट्रीय दल उत्तराखंड में फिसड्डी साबित हुए हैं। शिक्षित बेरोजगारी उत्तराखंड में पलायन की एक बड़ी वजह रही है जिसके लिए पार्टी ने रोड़ मैप तैयार कर लिया है। सरकार बनेगी तो उत्तराखंड के सभी बेरोजगार के लिए रोजगार मुहैया कराया जाएगा। इससे रिर्वस पलायन में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के 6 महीने के अंदर 1 लाख सरकारी नौकरियां तैयार की जाएगी। उत्तराखंड के बच्चों के लिए एक जॉब पोर्टल बनाया जाएगा और यहां के लोगों के लिए रोजगार और पलायन मंत्रालय बनाया जाएगा। तब तक हर परिवार से एक युवा को 5,000 रुपए महीना दिया जाएगा। इसके अलावा सरकारी और निजी क्षेत्र में 80 प्रतिशत नौकरियां उत्तराखंड के बच्चों के लिए रिजर्व की जाएंगी।

इन नियमो का पालन करने से चारधाम यात्रा पर नही करना होगा कठिनाईयों का सामना

चारधामों के कपाट खुलने के लगभग चार महीने के बाद शनिवार से चारधाम यात्रा शुरू होगी। शुक्रवार को सरकार ने चारधाम यात्रा की मानक प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर दी है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए आने वाले यात्रियों को पंजीकरण करने के बाद ई-पास जारी किए जाएंगे। जिसके बाद ही चारधामों में दर्शन की अनुमति मिलेगी।
राज्य के बाहर से आने वाले यात्रियों को स्मार्ट सिटी पोर्टल पर भी अनिवार्य रूप से पंजीकरण करना होगा। कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने के 15 दिन के बाद प्रमाण पत्र दिखाने पर यात्रा की अनुमति दी जाएगी। लेकिन केरल, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश से आने वाले यात्रियों को दोनों डोज लगवाने के बाद 72 घंटे पहले की कोविड जांच निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की गई है। 
सचिव धर्मस्व हरिचंद्र सेमवाल ने चारधाम यात्रा की एसओपी जारी की है। इस बीच चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड ने भी एसओपी जारी कर दी है। दोनों एसओपी में एक समान प्रावधान हैं। चारधामों में यात्रा का संचालन 18 सितंबर से होगा। यात्रा में राज्य और बाहर से आने वाले यात्रियों को सशर्त अनुमति दी जाएगी।
धामों में दर्शन करने के लिए यात्रियों को सबसे पहले देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट पर पंजीकरण करना होगा। जिसके बाद देवस्थानम बोर्ड की ओर से सीमित संख्या में प्रतिदिन ई-पास जारी किए जाएंगे। मंदिर परिसर के मुख्यद्वार पर दर्शन करने से पहले यात्रियों का ई-पास चेक किया जाएगा। 

मंदिर परिसर में प्रसाद चढ़ाने और तिलक लगाने पर प्रतिबंध
कोविड संक्रमण को देखते हुए चारधामों में दर्शन करने वाले यात्री प्रसाद नहीं चढ़ाएंगे। साथ ही मंदिरों में यात्रियों को तिलक भी नहीं लगेगा। मंदिर में मूर्तियों और घंटियों को छूने, तप्त कुंडों में स्नान पर प्रतिबंध रहेगा। केदारनाथ धाम में एक समय में छह यात्री ही सभामंडप से दर्शन कर सकेंगे। गर्भगृह में जाने की अनुमति नहीं होगी। 

केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मंदिर परिसर में दिन में तीन बार सैनिटाइजेशन और साफ सफाई की जाएगी। मंदिरों में कोविड प्रोटोकाल का पालन कर मास्क पहनने, सोशल डिस्टेसिंग की निगरानी देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की ओर से सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। प्रत्येक धाम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा। एसओपी का पालन कराने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन और एसडीएम की होगी। 
 
यात्रा के लिए ऐसे करेंगे पंजीकरण
चारधाम यात्रा के लिए राज्य और बाहर से आने वाले यात्रियों को देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की वेबसाइट https://badrinath-kedarnath.gov.in/ पर पंजीकरण करना होगा। बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों को सबसे पहले स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। जबकि राज्य के यात्रियों को इस पोर्टल पर पंजीकरण नहीं करना होगा। यात्रा के लिए ई-पास के लिए देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट पर पंजीकरण करना होगा। जिसके बाद ई-पास जारी किए जाएंगे। जिन लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज 15 दिन पहले लग चुकी है। उन्हें कोविड जांच नहीं करानी होगी। एक डोज लगाने वाले को कोविड जांच की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य है। केरल, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश से आने वाले यात्रियों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने के बाद 72 घंटे पहले की कोविड निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य होगा। 

चारधामों में दर्शन के लिए ये रहेगी प्रतिदिन संख्या
बदरीनाथ-1000
केदारनाथ-800
गंगोत्री-600
यमुनोत्री-400

यात्रियों को बिना आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट के न जाने दें
चारधाम यात्रा के लिए डीआईजी नीरू गर्ग ने रेंज के सभी एसएसपी, एसपी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि कोविड संक्रमण को देखते हुए यात्रियों को बिना आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट और देवस्थानम बोर्ड पंजीकरण किए बिना यात्रा पर न जाने दिया जाए। चेकिंग के लिए सभी स्थानों पर चौकपोस्ट बनाकर उनमें पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। इस दौरान उन्होंने सभी जनपदों में यात्रा के लिए सीओ को नोडल अधिकारी बनाया है। 
डीआईजी ने यात्रा के दौरान शासन-प्रशासन और हाईकोर्ट की ओर से दिए गए दिशा-निर्देशों का भी कड़ाई से पालन करने और इस संबंध में यात्रियों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। कहा कि निर्धारित संख्या से अधिक यात्रियों को चार धाम यात्रा के लिए अनुमन्य न किया जाए। यात्रा आरंभ में ही हरिद्वार, ऋषिकेश, मुनि की रेती, लक्ष्मणझूला आदि स्थानों पर फ्लैक्स आदि के जरिये व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
टिहरी में भद्रकाली, तपोवन, सुवाखोली, कैम्पटी, पौटी में कोटद्वार, श्रीनगर में सघन चेकिंग किया जाए। इस दौरान उन्होंने जनपद उत्तरकाशी के यमुनोत्री में सीओ बड़कोट गंगोत्री में सीओ उत्तरकाशी, केदारनाथ में सीओ गुप्तकाशी व बदरीनाथ में सीओ चमोली को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
नोडल अधिकारी जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में रहेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में एसएसपी देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, चमोली आदि मौजूद रहे।
चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने बताया कि सरकार की ओर से यात्रा शुरू करने की अधिसूचना जारी की जाएगी। जिसके बाद बोर्ड की ओर से चारधामों में कोविड प्रोटोकाल का पालन करने के लिए एसओपी जारी की जाएगी। यात्रा के लिए तैयारियां पूरी है। 

धामी सरकार की मजबूत पैरवी से ही खुली चारधाम यात्रा
सरकार की ओर से मजबूत पैरवी होती तो चारधाम यात्रा के द्वार पहले ही खुल जाते। लेकिन यात्रा संचालन करने के लिए सरकार की तरफ से कमजोर होमवर्क भी दिखाई दिया। अब कोर्ट ने रोक हटाई तो यात्रा की राह में मौसम की चुनौतियां भी खड़ी है। चारधाम यात्रा के लिए लगभग डेढ़ माह ही समय बचा है। भारी बारिश से चारधाम यात्रा के सड़क मार्गों की हालत खराब है। कई संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बरकरार है। 

धामी सरकार के 200 करोड़ के राहत पैकेज से भी मिली राहत
प्रदेश सरकार ने चारधाम यात्रा संचालन न होने से पर्यटन क्षेत्र को दो सौ करोड़ का पैकेज देकर राहत का मरहम लगाया था। चारधाम व पर्यटन कारोबार से जुड़े 50 हजार लोगों को छह माह तक प्रति माह दो हजार रुपए की आर्थिक सहायता देेने की घोषणा की थी। अब तक 11813 लाभार्थियों के खाते में कुल 440.54 लाख की राशि दी गई। 655 पंजीकृत टूर ऑपरेटरों एवं एडवेंचर टूर ऑपरेटरों को 10 हजार रुपए प्रति आपरेटर देने की घोषणा की थी। इसमें 208 लाभार्थियों को 20.80 लाख रुपये की राशि दी गई। 630 पंजीकृत रीवर राफ्टिंग गाइड में से 209 को 20.90 लाख, टिहरी झील में 86 मोटर बोट संचालकों को 10 हजार रुपये के अनुसार 8.60 लाख की राशि दी गई।

धामी की कार्यशैली से हाईकमान खुश, चुनाव से लेकर अगले मुख्यमंत्री की कमान भी सौंपी

उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी और चुनाव के बाद धामी ही राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने तंज किया कि कांग्रेस की दुर्दशा हो चुकी है और उत्तराखंड में उसे उम्मीदवारों को ढूंढने के लिए दूरबीन लेकर जाना पड़ रहा है। उन्होंने संगठन में अनुशासन के सवाल पर कहा कि उनकी एक-एक नेता से बात हुई है, पार्टी लाइन कोई नहीं तोड़ेगा। टिकटों के आवंटन के सवाल को उन्होंने टाल दिया।

राज्य का मिथक टूटेगा और भाजपा दोबारा सत्ता में आयेगी
जोशी प्रदेश पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चुनाव होगा और इसमें कोई संदेह नहीं कि चुनाव के बाद वही मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी साठ पार के लक्ष्य को पूरा करेगी और उन्हें पूरी उम्मीद है कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को अवसर देगी। जोशी ने कहा कि अटल जी ने राज्य बनाया और उनकी सरकार जाने के बाद यूपीए के 10 साल के कालखंड में कुछ नहीं हुआ। मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार ने जबर्दस्त विकास किया। उन्होंने कोर्ट का आभार जताया और न्यायालय में मजबूत पैरवी करने के लिए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पूर्व सीएम हरीश रावत पर चारधाम यात्रा का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।

भाजपा ने कांग्रेस को सोचने में किया मजबूर
जोशी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर तंज किया। उन्होंने कहा कि हरीश रावत और प्रदेश अध्यक्ष के अलावा कांग्रेस में उनके सब विरोध में हैं। जोशी के मुताबिक, हरीश रावत ने कहा कि वह जय श्रीराम के स्थान पर जय गणेश बोलेंगे। उन्होंने उन्हें बधाई दी कम से कम उन्होंने राहुल गांधी को जय गणेश बुलवाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस के सहयोग से सहयोग से सरकार चल रही है, जिसने गणेश के कार्यक्रमों पर रोक लगा रखी है। रावत को सलाह दी कि वह राहुल गांधी के करीबी हैं, इसलिए उन्हें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को समझाने की कृपा करें।

कांग्रेस का भविष्य सही नही
जोशी ने कहा कि कांग्रेस अब भूतकाल की पार्टी है। उसके नेता और विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस के लोग यह समझ गए हैं कि भाजपा ही वर्तमान और भविष्य है। कांग्रेस उत्तराखंड में यह भ्रम फैलाने की कोशिश रही है कि एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस। पूरा भरोसा है कि प्रदेश की जनता हमें फिर से बहुमत देगी। भाजपा साठ पार की घोषणा को पूरा करेगी।

सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने वाले उत्तराखंड को झूठा सपना दिखा रहे
जोशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक झूठ फैलाने का कोशिश कर रही है। फौजी को दिखाकर वोट मांगने का कोशिश कर रही है। जबकि केजरीवाल सरकार ने फौजियों का घोर अपमान किया था। जब हमारे वीर सैनिकों ने पाकिस्तान के ऊपर सर्जिकल स्ट्राइक किया था, पाकिस्तान ने ट्वीट किया कि हम पर हमला हो गया।  लेकिन केजरीवाल ने सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा। उन्होंने आप की फ्री बिजली की घोषणा पर कहा कि यह दिल्ली वाले जानते हैं कि चुनाव के बाद चार से पांच गुना बिजली का बिल आता है। 

आरपी सिंह का आप नेता केजरीवाल पर आरोप
भाजपा के सह चुनाव प्रभारी सरदार आरपी सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी पर छलिया की मिसाल दी। उन्होंने कहा कि ये छलिया है, दिल्ली से आकर ऐसा न कर दे कि लोग तंग हों। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में दिल्ली के मोहल्ला क्लिनिक में एक टीका नहीं लगा। आरटीआई में यह सूचना मिली है कि दिल्ली के नवीं कक्षा के हर साल एक लाख बच्चे स्कूल छोड़ देते हैं। फ्री बिजली बोल-बोलकर केजरीवाल ने दिल्ली के कई इलाकों को बिजली मुक्त कर दिया। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली त्राहि-त्राहि करती है तो केजरीवाल अमित शाह के पास जाकर गिड़गिड़ाते हैं, हमारी मदद करिए। वो मदद करते हैं। कहा कि दिल्ली में एक भी व्यक्ति को अटल आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिला। 

मैंने कभी भी अपने चेहरे की लड़ाई नहीं लड़ी है। न मैंने कभी कोई दावेदारी की है। मेरी पार्टी ने मुझे जो भी जिम्मेदारी दी है, मैं उस पर काम कर रहा हूं। पार्टी मेरी मां है। मां अपने बच्चे को जो काम देती है, वह बच्चा जैसा भी हो, वह कोशिश करेगा कि अच्छा करे। मैं भी पार्टी का एक कार्यकर्ता हूं। मेरी पार्टी ने मुझे जो काम दिया है, उसे पूरा करुंगा।
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड