रोटरी क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कराटे प्रशिक्षण का हुआ समापन

रोटरी क्लब ऋषिकेश के तत्वावधान में हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय कराटे आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर तेजस्विनी का आज समापन हो गया।

समापन दिवस पर पहुंची राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, क्लब अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, प्रशिक्षण शिविर की आयोजिका मीनू डंग एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम शर्मा ने सभी प्रतिभागी छात्राओ को प्रशस्ति पत्र भेंटकर बधाई दी। अंतरराष्ट्रीय कराटे कोच विश्व नाथ राजपूत के दिशा निर्देशन में चले तीन दिवसीय कराटे प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में शामिल हुई छात्राओं ने आत्मरक्षा के गुर सीखे।

इस अवसर पर मुख्यातिथि कुसुम कंडवाल ने कहा कि आज के समय मे पढ़ाई लिखाई के साथ ही बच्चों को खेलकूद की ट्रेंनिग एवं अपनी आत्मसुरक्षा हेतु जुडो, कराटे एवं किकबॉक्सिंग जैसी आत्मरक्षा प्रशिक्षण सिखाये जाने अतिआवश्यक है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को लेकर रोटरी क्लब की मुहिम हेतु क्लब को बधाई दी।

क्लब की सदस्य वह प्रोजेक्ट चेयरमैन मीनू डंग कहा कि क्लब द्वारा ऐसे आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर और भी स्कूलों में चलाए जाएंगे।

इस मौके पर क्लब अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने मुख्यातिथि एवं स्कूल की प्रधानाचार्य एवं कराटे कोच को शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर क्लब के सचिव विशाल तायल, राजीव गर्ग, बलवंत सिंह, डॉ राजे नेगी, मेहरबान सिंह बिष्ट आदि उपस्थित रहे।

देहरादून में आयोजित संकल्प दौड़ के सीएम ने किया फ्लैग ऑफ दिखाकर रवाना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संकल्प दिवस के अवसर पर घंटाघर, देहरादून में संकल्प दौड़ का फ्लैग ऑफ किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड को 2025 तक हर क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने अपने जन्म दिवस के अवसर पर कहा जन भावनाओं के अनुरूप प्रदेश के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार प्रयास कर रही है। उत्तराखंड की जनता से किए वायदों को पूरा करने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार से देवभूमि उत्तराखंड के विकास के लिए पूरा सहयोग मिल रहा है, इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्म दिवस के अवसर पर प्रदेश की जनता के आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की देवतुल्य जनता के सहयोग से राज्य को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाया जायेगा। राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास, संगठन मंत्री अजेय कुमार, पार्टी पदाधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित थे।

पोखरी में आयोजित सात दिवसीय हिमवंत कवि कुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग पर्यटन मेले का हुआ शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पोखरी में आयोजित सात दिवसीय 16वां हिमवंत कवि चन्द्र कुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं पर्यटन शरदोत्सव मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र प्रसाद भट्ट भी उनके साथ मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पोखरी नगर में सीसी व टाइल्स मार्गाे के निर्माण, पोखरी नगर में नालों का निर्माण, नगर पंचायत पोखरी में सोलर लाइट स्थापित करने, पोखरी में मिनी स्टेडियम के अवशेष निर्माण कार्य हेतु धनराशि की स्वीकृति, पुष्करेश्वर महादेव मंदिर पोखरी गांव तक सिंचाई विभाग के नाला निर्माण कार्य और राजकीय पोखरी मेले को 5 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की।

प्रकृति के चितेरे कवि चन्द्र कुंवर बर्त्वाल को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रख्यात कवि चन्द्र कुंवर बर्त्वाल ने मात्र 28 साल की उम्र में हिंदी साहित्य को अनमोल कविताओं का समृद्ध खजाना दे दिया था। उनकी कविताओं में अटूट प्रकृति प्रेम झलकता है। जीवन के इस छोटे सफर में उन्होंने सात सौ से भी अधिक कविताएं, गीत, मुक्तक, निबंध आदि लिखकर एक इतिहास रचा है। हिमपण्डित शैल शिखर, सदानीरा कल कल करती नदियां, लंबे चौडे लहलहाते चारागाह, दूर दूर तक फैले चीड़, बांज, बुरांश, देवदार के घने जंगल, रंग बिरंगे फूलों से लदालद भरी घाटियां, पशु पक्षी, ऋतुओं का पट-परिवर्तन, घन गर्जन सभी का चमत्कारिक चित्रण उनकी कविताओं में मिलता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य का विकास सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है और हर क्षेत्र के विकास के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जो भी संकल्प लिए है उनको पूरा किया जा रहा है। हमारे संकल्प, विकल्प रहित हैं और हम हर संकल्प को सिद्धि तक ले जाने का काम कर रहे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ग्रामोदय से भारत उदय मिशन के साथ लगातार काम कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से गरीब कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे राज्य के साथ ही पूरे देश में अनेकों कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया को संदेश दिया कि इस सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का होगा। राज्य जब 25 वॉ स्थापना दिवस मना रहा होगा, तब राज्य सभी क्षेत्रों में देश का अग्रणी एवं आदर्श राज्य होगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नंबर वन बनेगा। कहा हमारी सरकार हर समय जनता की सेवा में समर्पित है।

मुख्यमंत्री ने राज्य के नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। दोषी और भ्रष्टाचारियों को कड़ी सजा दी जाएगी। युवाओं का समय खराब न हो इसके लिए लोक सेवा आयोग के माध्यम से शीघ्र अतिशीघ्र सात हजार पदों की परीक्षाएं संपन्न करने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही सरकार 12 हजार रिक्त पदों को भरने के लिए भी विज्ञप्ति जारी करने जा रही है।

नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए शॉल, मोमेंटों एवं चन्द्र कुंवर बर्त्वाल का चित्र भेंट किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, पूर्व थराली विधायक मुन्नी देवी शाह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुशीला तिवारी, कॉपरेटिव बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, एडीएम डा.अभिषेक त्रिपाठी, मेलाधिकारी/एसडीएम कमलेश मेहता, एसडीएम संतोष कुमार पांडेय एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

मंत्री अग्रवाल ने नगर आयुक्त को दिए निर्देश, शिवाजी नगर में पानी जमा होने का है मामला

शिवाजी नगर में गहरे नाले में जमा पानी की निकासी की मांग को लेकर पार्षद जयेश राणा ने स्थानीय लोगों के साथ कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात की। जिस पर मंत्री डा. अग्रवाल ने नगर आयुक्त राहुल गोयल को मौके पर जाकर नाले से पानी की निकासी करने के निर्देश दिए।

बैराज रोड़ स्थित कैंप कार्यालय में पार्षद जयेश राणा ने मंत्री डा. अग्रवाल को मांग पत्र भी सौंपा। पार्षद ने बताया कि इन दिनों डेंगू का प्रकोप तीर्थनगरी में लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में शिवाजी नगर में नाले में जमा पानी की निकासी न होने से लोगों में दहशत का माहौल है। पार्षद ने मंत्री डा. अग्रवाल को बताया कि यहां नाले में वर्षाकाल से पानी जमा है।

पार्षद जयेश ने बताया कि कई बार स्कूली बच्चे इस नाले में गिरकर चोटिल हो चुके है। कहा कि नाले में कई बार जानवर भी गिरकर घायल हुए हैं। पार्षद मंत्री डा. अग्रवाल जी से नाले में जमा पानी की निकासी की मांग करते हुए नाले के गहरे स्वरूप को कम कर नाली बनाने की भी मांग की।

इस पर कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल जी ने नाले पर जमा पानी की निकासी के लिए नगर आयुक्त राहुल गोयल को निर्देशित किया। उन्होंने नगर आयुक्त को मौके पर जाकर स्थिति जांचने को भी कहा। साथ ही जल्द ही पानी के निकासी करने के निर्देश दिए।

मांग पत्र देने वालों में स्थानीय नीरज गोस्वामी, भरत सिंह नेगी, महिपाल सिंह गुंसाई, संजय रावत, संजू बाबा, गौरव रौथाण, रोशन सजवाण आदि उपस्थित रहे।

सीएम के अनुमोदन पर स्मार्ट सिटी कार्यों में कार्यदायी संस्था को हटाया

स्मार्ट सिटी के कार्याे में लेटलतीफी और निम्न गुणवत्ता का कार्य होने पर सरकार ने एक ओर कड़ा फैसला लिया है। सरकार ने कार्यकारी संस्था ब्रिज एंड रूफ को हाई पावर कमेटी के निर्णय के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुमोदन पर हटाने का निर्णय लिया है।

शहरी विकास व आवास मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने सीईओ स्मार्ट सिटी सोनिका के साथ बैठक की। इसके बाद डॉ अग्रवाल जी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत ऑउटफाल एंड इंटीग्रेटेड सीवरेज एंड ड्रेनेज योजना के कार्य के लिए नामित संस्था ब्रिज एंड रूफ के कार्य संतोषजनक नहीं पाए गए। इस सम्बंध में पूर्व में कई बार बैठक लेकर नामित संस्था को निर्देश भी दिए गए।

इस संदर्भ में डॉ अग्रवाल ने बीती 29 जुलाई को मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया था। जिसमें अपेक्षाकृत कार्य न होने पर कड़ी चेतावनी भी दी थी। इसी क्रम में सीवरेज और ड्रेनेज में निम्न गुणवत्ता का कार्य किया गया।

डॉ अग्रवाल ने बताया कि इसी तरह स्मार्ट सिटी के तहत स्मार्ट रोड परियोजना में भी नामित संस्था ब्रिज एंड रूफ के संतोष जनक कार्य न करने पर हटाने का फैसला लिया गया है।

डॉ अग्रवाल ने बताया कि सीवरेज और ड्रेनेज का कार्य के लिए अब पेयजल एवं सिंचाई विभाग को नामित किया है, जबकि स्मार्ट रोड परियोजना में पीडब्ल्यूडी को कार्यदायी संस्था के लिए नामित किया है। डॉ अग्रवाल जी ने शीघ्र ही उक्त कार्य को प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। जिससे जनता को सुविधा मिल सके।

बता दे कि स्मार्ट सिटी के कार्याे में धीमी कार्यप्रगति होने पर सरकार ने कार्यकारी संस्था भ्ैब्स् (हिंदुस्तान स्टील वर्क्स कंस्ट्रक्शन लिमिटेड) जो नामित होने के बाद काम शुरू नहीं कर पाई थी, को पूर्व में ही हटा दिया था।

स्मार्ट सिटी के निर्माण कार्यों की गति में तेजी लाई जाएः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अन्तर्गत किए जा रहे निर्माण कार्यों की गति में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के सख्त रवैये के बाद लोक निर्माण विभाग ने मिशन मोड में निर्माण कार्य कर गति प्रदान की है। इसी क्रम में राजपुर क्षेत्र के विधायक खजान दास ने आज शहर के विभिन्न स्थानों में निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि तत्काल प्रभाव से सड़कों को ठीक करने का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है।

जनप्रतिनिधियों से मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था से काम वापस लेकर लोक निर्माण विभाग को यह काम सौंप दिए थे। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों के सुधारीकरण कार्य को प्राथमिकता देते हुए काम शुरू कर दिया है। सोमवार को विधायक खजानदास ने लोनिवि द्वारा शुरू किए गए कार्यों का लैंसडाउन चौक, नैनीज बेकरी चौक आदि क्षेत्रों में अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को उचित निर्देश दिए। इस दौरान खजान दास ने निर्माण कार्यों में तेजी लाए जाने के लिए सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर आभार जताया। उन्होनें जनमानस को आश्वस्त करते हुये कहा कि शीघ्र ही दूनवासियों को दून के सड़को की स्थिति में सुधार देखने को मिलेगा। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी के एजीएम जगमोहन सिंह चौहान, अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग डीसी नौटियाल अपने अधीनस्थ अधिकारियों सहित उपस्थित रहे।

यूकेएसएसएससी के अधिकारी सरकार के रडार पर, विजिलेंस जांच के आदेश

सतर्कता विभाग ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के पूर्व सचिव संतोष बडोनी, पूर्व परीक्षा नियंत्रक नारायण सिंह डांगी, आयोग के तीन अनुभाग अधिकारियों और आरएमएस कंपनी के मालिक सहित कुल छह के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश जारी किए हैं। विजिलेंस इनके खिलाफ जल्द मुकदमा दर्ज कर सकती है।
आयोग की एक के बाद एक कई परीक्षाओं पर सवाल उठने के बाद, सरकार ने एसटीएफ से इस मामले में आयोग के अधिकारियों की भूमिका पर रिपोर्ट मांगी थी। जिसमें सामने आया कि परीक्षा आयोजित करवाने वाली कंपनी आरएमएस टैक्नोसॉल्यूशन का अनुबंध, अक्तूबर 2019 में ही समाप्त हो गया था। इसके बावजूद कंपनी से ना सिर्फ काम लिया गया बल्कि भुगतान भी किया गया। एसटीएफ ने इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी स्पष्ट की थी। अब शनिवार को इसी रिपोर्ट के आधार पर सीएम से अनुमोदन लेने के बाद सतर्कता विभाग ने आयोग के तत्कालीन सचिव, परीक्षा नियंत्रक सहित छह के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
आयोग के तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक नारायण सिंह डांगी के साथ ही संतोष बडोनी को भी बतौर परीक्षा नियंत्रक इसके लिए जिम्मेदार माना गया है। डांगी इसी साल जनवरी में रिटायर हो गए थे, इसके बाद परीक्षा नियंत्रक की भूमिका भी बडोनी के पास थी। इसके साथ ही आयोग में गोपन विभाग के अनुभाग अधिकारी बृजलाल बहुगुणा, दीपा जोशी, कैलाश नैनवाल भी जांच के दायरे में आए हैं। कंपनी को किए गए भुगतान की फाइल में इन सभी के हस्ताक्षर हैं। इसके साथ ही आरएमएस टैक्नोसॉल्यूशन के मालिक राजेश चौहान की भी विजिलेंस जांच होगी। इसमें से संतोष बडोनी को आयोग से हटाने के बाद सरकार निलंबित भी कर चुकी है। जबकि पीसीएस अधिकारी डांगी अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। बहुगुणा और दीपा जोशी की नियुक्ति मूल रूप से दूसरे विभागों में है, दो साल पहले ही उनका कैडर मर्जर किया गया।
भर्ती घपले में गिरफ्तार आरोपियों की कमाई अवैध संपत्तियों की जब्ती की कार्रवाई जल्द हो सकती है। एसटीएफ की टीमें सरगना सैयद सादिक मूसा समेत जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह रावत, लखनऊ की निजी कंपनी के मालिक राजेश चौहान, धामपुर के माफिया केंद्रपाल, रामनगर के चंदन मनराल समेत तमाम आरोपियों की अवैध संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है।
वन दरोगा भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा में नकल माफिया के गठजोड़ का पर्दाफाश करने में एसटीएफ को समय लग रहा है। सूत्रों के मुताबिक, ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकि एसटीएफ दिल्ली की भर्ती एजेंसी, परीक्षा सेंटरों और निरीक्षकों की सीडीआर का इंतजार कर रही है, जिससे पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
एसटीएफ की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के साथ आयोग का अनुबंध अक्तूबर 2019 में समाप्त हो गया था। इसके बावजूद कंपनी से दो दर्जन परीक्षाएं आयोजित करवाई गईं। जिसके लिए 22 करोड़ रुपये का भुगतान अलग-अलग चरणों में किया गया। इन सभी के खिलाफ भ्रष्टाचार और आय से अधिक सम्पत्ति की जांच के आदेश दिए गए हैं। नियमानुसार सरकारी कार्मिकों के खिलाफ जांच के लिए कार्मिक विभाग से अनुमति ली जाती है, अब अनुमति मिलने के बाद विजिलेंस मुकदमा दर्ज करते हुए, जांच शुरू करेगी।

श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभायात्रा समिति ने सम्मानित किया

श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभायात्रा समिति ने रविवार को सम्मान समारोह आयोजित कर महाकुंभ के दौरान देवडोली शोभायात्रा और स्नान कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 80 लोगों को सम्मानित किया।
रविवार को ढालवाला स्थित एक होटल में श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभायात्रा समिति ने सम्मान समारोह आयोजित किया। समारोह का शुभारंभ पूर्व मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी और शिक्षाविद समिति के संस्थापक विद्या दत्त रतूड़ी ने किया। दोनों अतिथियों ने बीते वर्ष हुए महाकुंभ के दौरान देवडोली शोभायात्रा व स्नान कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले ढालवाला, ऋषिकेश और टिहरी गढ़वाल क्षेत्र के लोागें को स्मृति चिह्न और देकर मानपत्र प्रदान किया। सम्मानित होने वालों में भगवान सिंह रांगड़, गजेंद्र सिंह कंडियाल, ऊषा भंडारी, द्वारिका बिष्ट,माधुरी चमोली, ज्योति सजवान, रतन सिंह पंवार, डॉ एस. एन. रतूड़ी, चंदन सिंह पोखरियाल, महिपाल बिष्ट, विजयपाल रांगड़, घनश्याम नौटियाल, सुरेंद्र भंडारी, रमेश पैन्यूली, भुवन चंद पंत, विनय उनियाल, धन सिंह रांगड़, राम सिंह सजवाण, माधवानंद रतूड़ी, सुनीता बिष्ट, उषा चमियाला, सरस्वती जोशी आदि सहित कुल 80 लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम संचालक डॉ. धीरेंद्र रांगड़ ने बताया कि इन लोगों को संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय द्वारा प्रदत सम्मान पत्र व स्मृति चिह्न वितरित किए गए हैं। मौके पर समिति उपाध्यक्ष बंशीधर पोखरियाल, सचिव द्वारिका प्रसाद भट्ट, शिवप्रसाद चमोली, हर्षमणि व्यास, स्वामी नागेंद्र पुरी महाराज, संजय शास्त्री, स्वामी मुकुंद दास कृष्ण महाराज, भोपाल सिंह चौधरी, आसाराम व्यास, पितांबर दत्त पैन्यूली आदि उपस्थित रहे।

संस्कार भारती के कार्यक्रम से ललित कलाओं को मिला संरक्षण-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को हरिद्वार रोड स्थित संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में संस्कार भारती द्वारा स्वाधीनता के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित उत्तराखण्ड कला दर्शन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ.रमेश पोखरियाल ‘निशंक‘, विधायक सविता कपूर, ओजस हिरानी, पंकज अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संस्कार भारती के प्रयास राष्ट्रप्रेम, साहित्य कला व पुरातन समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित भाव से बढ़ावा देने वाले रहे है। संस्कार भारती की ललित कलाओं के संरक्षण क्षेत्र में भी सबसे बड़े केन्द्र के रूप में पहचान बनी है। इस क्षेत्र के कलाकारों को संगठन से जोड़ कर राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने का भी कार्य हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड कला संस्कृति एवं साहित्य का संगम है, इसके उत्थान के लिये राज्य सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिये उपयुक्त स्थल की पहचान कर इसके लिये भवन बनाने के भी प्रयास किये जायेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश में निराशा एवं मायूसी का वातावरण था। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को नई पहचान मिली है। हमारे देश की कला, आध्यात्म व योग के साथ ही सांस्कृतिक पहचान भी बनी है। उन्होंने कहा कि पौराणिक कलाकृतियों एवं परम्पराओं के संरक्षण की दिशा में काशी विश्वनाथ कोरडोर का निर्माण सबके सामने है। उन्होंने कहा कि पहले काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिये एक पतला और संकरा रास्ता हुआ करता था, आज वह दिव्य एवं भव्य रूप ले चुका है। प्रधानमंत्री के दृढ़ निश्चय से हमारी समृद्ध संस्कृति को पूरा विश्व जानने लगा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब 90 के दशक में अयोध्या गये थे तो रामलला के टेन्ट में दर्शन होते थे, आज भव्य राममन्दिर का निर्माण प्रारम्भ हो चुका है। राममन्दिर के निर्माण से पूरी अयोध्या का महत्व देश व दुनिया में जा रहा है। इससे पूरे विश्व में हमारी कला व संस्कृति को नई पहचान मिलेगी तथा कला संस्कृति एवं आध्यात्म का समन्वय स्थल बनेगा। इसी प्रकार केदारनाथ मन्दिर परिसर के पुनर्निर्माण से लाखो श्रद्धालु वहां की दिव्यता से अविभूत है। बद्रीनाथ मन्दिर का भी सौन्दर्यीकरण किया जा रहा है।

पंत ने कुली बेगार प्रथा और जमींदारी उन्मूलन के निर्णायक संघर्ष में निभाई अहम भूमिका-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सर्वे चौक स्थित आई.आर.डी.टी. सभागार में भारत रत्न पं. गोविन्द बल्लभ पंत के 135 वें जन्मदिन समारोह कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने पं. गोविन्द बल्लभ पंत के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पं. गोविन्द बल्लभ पंत महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाजसेवी एवं कुशल प्रशासक थे। उन्होंने देश को नई दिशा देने के साथ ही कुली बेगार प्रथा तथा जमींदारी उन्मूलन के लिए निर्णायक संघर्ष कर समाज में व्याप्त बुराइयों को मिटाने में अहम भूमिका निभाई। देश की आजादी से पूर्व एवं देश की आजादी के बाद भी उन्होंने देश सेवा के लिए जो कार्य किये, वे सभी कार्य हमें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित किया। हिन्दी को राजभाषा का दर्जा दिलाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. गोविन्द बल्लभ पंत का पहाड़ के प्रति विशेष लगाव था। जीवन में तमाम समस्याओं के बावजूद भी वे अपने कर्तव्य पथ से कभी पीछे नहीं हटे। उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं भारत के गृह मंत्री के महत्वपूर्ण दायित्व उनके पास रहे। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के ऐसे महान सपूत से प्रेरणा लेकर हमें आगे बढ़ना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड युवा राज्य है। 2025 में हम उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना की रजत जयंती मनायेंगे। तब तक उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में हो, इसके लिए सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। हमें विकल्प रहित संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत ने देश की आजादी के लिए पूरा जीवन खपाया। उन्होंने पहाड़ के विकास एवं संस्कृति के संरक्षण का कार्य किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। पं. गोविंद बल्लभ पंत जैसे क्रांतिकारी इसी देवभूमि में पैदा हुए। डॉ. निशंक ने कहा कि भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत ने जो रास्ता दिखाया, उससे प्रेरणा लेकर हमें आगे बढ़ना होगा। वे देवभूमि उत्तराखण्ड के गौरव एवं सम्मान हैं। उन्होंने कहा आज देश ज्ञान-विज्ञान अनुसंधान के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, मैती आन्दोलन के प्रणेता पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, दीप्ति रावत भारद्वाज, श्री राकेश डोभाल एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।