कैंप कार्यालय में विस अध्यक्ष ने किया रिटायर हो चुके शिक्षकों को सम्मानित

गुरु पूर्णिमा पर कैंप कार्यालय में स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने विभिन्न विद्यालय व महाविद्यालय के सेवानिवृत प्राचार्यों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गुरु के बिना जीवन की सार्थकता और ज्ञान प्राप्ति असंभव है।

स्पीकर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु पूर्णिमा का विशेष महत्व है। गुरु के बिना न तो जीवन की सार्थकता है और न ही ज्ञान प्राप्ति संभव है। भारत में गुरु शिष्य परंपरा के अनेक उदाहरण है। इस दिन गुरुओं से आशीर्वाद प्राप्त कर दान देने की भी परंपरा है। इस दौरान पीजी कॉलेज ऋषिकेश के पूर्व प्राचार्य डॉ. एनपी माहेश्वरी, डॉ. जेसी मिश्रा, डॉ. पीएस मकलोगा, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. विजय लक्ष्मी, डॉ. एनसी त्रिवेदी, जीएस बिष्ट, श्रीभरत मंदिर इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत, आईडी जोशी, डीडी तिवारी, रघुवंश कुमार, गोविंद बिष्ट, शकुंतला जोशी को शॉल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया। मौके पर आरएसएस के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल भी मौजूद रहे।

हैलोे में भोला बोल रहा हूं, तुम्हारा बच्चा मेरे पास है…..अपहरणकर्ता के यह शब्द सुन भर आईं मां की आंखें

ऋषिकेश में 12 वर्षीय नाबालिग का टाइल्स लगाने वाले एक राजमिस्त्री ने अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ता राजमिस्त्री पूर्व में पीड़ित परिवार के घर छह माह तक रहकर टाइल लगा चुका है। सूचना से नगरभर में हड़कंप मचा रहा। वहीं, पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना देकर पांच टीमें गठित की। यह घटना दोपहर करीब एक बजकर 30 मिनट पर घटित हुई। वहीं, यूपी के बिजनौर जिला के धामपुर क्षेत्र से पुलिस ने अपहरणकर्ता राजमिस्त्री को रोडवेज बस के भीतर से पकड़ लिया है, वहीं नाबालिग बच्चे को सकुशल बरामद भी किया है। पुलिस टीम आरोपी और नाबालिग को लेकर ऋषिकेश आ रही है। नाबालिग बच्चे के पिता एम्स में सुरक्षाकर्मियों के सुपरवाइजर पद पर कार्यरत है।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने अपहरणकर्ता की पहचान भोला निवासी चंपारन बिहार हाल निवासी माया मार्केट श्यामपुर ऋषिकेश के रूप में कराई है।

वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस ने बिजनौर जिले के धामपुर से पास रोडवेज बस से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही नाबालिग को सकुशल बरामद भी किया है।

नाबालिग लड़की से जबरन दुष्कर्म का आरोप, मुकदमा दर्ज, आरोपी अरेस्ट


कोतवाली ऋषिकेश ने एक पिता की शिकायत पर युवक को गिरफ्तार किया है। युवक पर आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता की नाबालिग लड़की के साथ कार के अंदर जबरन रेप किया। पुलिस ने आरोपी पर पोक्सो अधिनियम में मुकदमा भी दर्ज किया है।

दरअसल, ऋषिकेश निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि एक लड़का पिछले कुछ माह से उनकी नाबालिग बेटी को परेशान कर रहा है तथा आवागमन के दौरान जबरन परेशान भी कर रहा है। बताया कि बीती 23 अप्रैल को उनकी बेटी दुकान से घर लौट रही थी। तभी उक्त युवक ने एक कार के अंदर बात करने के बहाने बैठा दिया और सुनसान इलाका लक्कड़ घाट की ओर लेकर गया। आरोप है कि यहां युवक ने डरा धमका कर कार में ही उनकी नाबालिग बेटी के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और 18 जुलाई को दोबारा अपने साथ चलने को कहा। शिकायतकर्ता की बेटी ने जब मना किया तो आरोपी युवक ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी पर पोक्सो अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तार किया है। उन्होंने आरोपी की पहचान क्राशुं चैहान पुत्र समर पाल सिंह निवासी गली नंबर 8, गुमानीवाला श्यामपुर ऋषिकेश के रूप में कराई है।

पर्यटन को पटरी पर लाने को 200 करोड़ की घोषणा को लेकर सीएम से मिले परिवहन व्यवसायी, जताया अभार

स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। स्पीकर ने राज्य में कोविड-19 से प्रभावित पर्यटन और चार धाम यात्रा से संबंधित गतिविधियों से जुड़े लोगों के लिए 200 करोड़ के राहत पैकेज की घोषणा किये जाने को लेकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मौके पर परिवहन व्यवसाय से जुड़े विभिन्न संगठनो के लोगों ने भी स्पीकर के संग मुख्यमंत्री से भेंटकर फूलमाला पहनाकर उनका आभार व्यक्त किया।

अवगत करा दें कि 9 जुलाई को स्पीकर ने मुख्यमंत्री से भेंट कर राज्य के परिवहन एवं पर्यटन से जुड़े व्यवसायियों को राहत पहुंचाने के संबंध में चर्चा वार्ता की थी। स्पीकर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात को गंभीरता से लेते हुए परिवहन व्यवसायियों को राहत पहुंचाने का कार्य किया है। भेंटवार्ता के दौरान परिवहन व्यवसायियों ने मुख्यमंत्री एवं स्पीकर को पौधे भेंटकर एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।

स्पीकर ने कहा कि 200 करोड़ के राहत पैकेज से निश्चित रूप से राज्य में पर्यटन, होटल, परिवहन, पोर्टर समेत पर्यटन की अन्य गतिविधियों से जुड़े व्यवसायियों के साथ ही सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को राहत मिलेगी। कहा कि तीर्थाटन एवं पर्यटन उत्तराखंड राज्य की आर्थिक रीढ़ है, इस राहत सहायता से राज्य के लगभग लाखों लोगों को उनके बैंक खाते के माध्यम से सीधे राहत मिल सकेगी। स्पीकर ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य के गठन के उपरांत दिये जाने वाला अब तक का किसी भी सरकार द्वारा सर्वाधिक राहत पैकेज है।

इस अवसर पर स्पीकर ने मुख्यमंत्री से विभिन्न विषयों पर वार्ता करते हुए विशेषतौर पर उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुचारू रूप से प्रारंभ किए जाने की अनुमति के लिए गंभीरता से विचार किये जाने की बात कही। कहा कि चारधाम के कपाट खुले हुए काफी समय हो चुका है परंतु चारधाम यात्रा की अनुमति न मिलने से जहॉ एक और लाखों श्रद्धालु गण दर्शन से वंचित हो रहे हैं वहीं दूसरी ओर तीर्थाटन से जुड़े लाखों कारोबारियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

इस अवसर पर यातायात और पर्यटन विकास सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मनोज ध्यानी, रूपकुंड पर्यटन कंपनी के अध्यक्ष भोपाल सिंह नेगी, टीजीएमओसी के उपाध्यक्ष यशपाल राणा, यातायात संघ के संचालक मनोहर सिंह रौतेला, जीएमओ के पर्यटन अधिकारी अनिल वरगली, मोटर मजदूर संघ के सदस्य जगदीश नौटियाल, ऋषिकेश टूर ट्रेवल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश बहुगुणा, यातायात संघ के संचालक योगेश उनियाल, अरुण बडोनी आदि उपस्थित थे।

कांग्रेस का केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, फोन हैकिंग का है मामला

पेगासन फोन हैकिंग मामले में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। वहीं, यूथ कांग्रेस ने भी प्रदर्शन कर गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग की। साथ ही चेताया कि सरकार ने मामले में कार्रवाई न की तो आंदोलन किया जायेगा।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ता त्रिवेणीघाट पहुंचे और प्रदर्शन कर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अजय धीमान ने कहा कि जिस प्रकार सरकार विपक्ष के नेताओं के फोन टैपिंग और साफ्टवेयर के जरिये जासूसी करवा रही है, वह स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा के खिलाफ है। नगर अध्यक्ष अमरजीत धीमान ने कहा कि विदेशी कंपनी पेगासस साफ्टवेयर की मदद से केंद्र सरकार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी व अन्य नेताओं की जासूसी कराई है, यह केंद्र सरकार की नीयत और मंशा पर सवाल खड़े करता है। एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में चैथा स्तंभ कहे जाने वाले मीडिया तक की जासूसी सरकार करा रही है। सरकार के इस कदम का युवा कांग्रेस विरोध करती है। प्रदर्शन में श्याम शर्मा, अभिषेक पारस, शिवा सिंह, जितेंद्र पाल पाठी, गौतम नौटियाल, दीपक वर्मा, विशाल स्नेह, शुभम सारस्वत, हिमांशु, भावेश, रविंद्र, बुरहान, सन्नी प्रजापति आदि शामिल रहे।

विपक्ष के नेताओं की जासूसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्यामपुर नेपालीफार्म तिराहे पर पुतला फूंककर देश के गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवान ने कहा कि देश के प्रबुद्ध नागरिकों की जासूसी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जासूसी प्रकरण की संपूर्ण कार्रवाई संविधान का खुला उल्लंघन है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह की जोड़ी सत्ता में बने रहने के लिए हर प्रकार का हथकंडा अपना रहे हैं। उन्होंने संपूर्ण जासूसी प्रकरण को व्यक्तिगत निजता का हनन बताते हुए गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों में पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव भगवती प्रसाद सेमवाल, सोहनलाल रतूड़ी, कृपाल सिंह रावत, देवी प्रसाद व्यास, मनोज गुसाईं, सतीश रावत, देव पोखरियाल, शोभा भट्ट, दीपक नेगी, कुंवर सिंह गुसाईं, अमन पोखरियाल, आर्यन गिरी, कमल राणा आदि शामिल रहे।

कांग्रेस नेता पर दर्ज मुकदमें के विरोध में कार्यकर्ताओं का कोतवाली में प्रदर्शन

एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला पर दर्ज मुकदमें के विरोध में आज कार्यकर्ताओं ने कोतवाली परिसर पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा निगम की ओर से कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला पर मुकदमा दर्ज करवाएं जाने पर आक्रोश जताया है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से मुकदमा वापस लेने की मांग उठाई।

बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता ऋषिकेश कोतवाली में एकत्रित हुए। कांग्रेस कार्यकर्ता यहां सत्याग्रह पर बैठ गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से भी नोक-झोंक हुई। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर रायव और पूर्व काबीना मंत्री शूरबीर सिंह सजवाण ने कहा कि पुलिस ने स्थानीय विधायक के दबाव में आकर एकतरफा कार्रवाई की है। कहा कि विद्युत पोलों पर नाम लिखा होना जुर्म है तो यह नियम सब पर लागू होना चाहिए। विद्युत पोलों पर मुख्यमंत्री के कट आउट लगाना और विधायक ऋषिकेश के हाइटेंशन पोलों पर होर्डिंग लगाना भी जुर्म है। इन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि पोल पर पेंटिंग कर प्रचार करने पर ऊर्जा निगम के अधिकारी ने मुकदमा दर्ज करवाया है। यह मुकदमा क्षेत्रीय विधायक के दबाव में हुआ है। विधायक द्वारा विभागीय अधिकारियों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि सत्ता के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश सचिव विजय पाल सिंह रावत, मदन मोहन शर्मा, नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज देवराडी, दीपक जाटव, पार्षद मनीष शर्मा, राकेश सिंह मियां, देवेंद्र प्रजापति, जगत सिंह नेगी, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव मधु जोशी, मनोज गुंसाईं, नवीन चंद रमोला, एकांत गोयल, प्रसाद पप्पू, लल्लन राजभर, विवेक तिवारी, दीपक भारद्वाज, जितेंद्र पाल पाठी आदि शामिल रहे।

कैबिनेट मंत्री से मिले परिवहन व्यवसायी, आर्थिक पेैकेज देने की लगाई गुहार

उत्तराखंड परिवहन महासंघ के सदस्यों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर परिवहन व्यवसायियों को राहत देने की मांग की। इस पर मंत्री गणेश जोशी ने उन्हें आश्वास्त किया कि जल्द ही इस संदर्भ में आर्थिक पैकेज की घोषणा होने वाली है।

मुलाकात के दौरान परिवहन व्यवसायियों ने वाहनों की समर्पण अवधि बढ़ाने, आर्थिक मदद देने, इंश्योरेंस व परमिट की अवधि बढ़ाने सहित कई मांगें रखीं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि जल्द ही परिवहन व्यवसायियों के लिए राहत पैकेज घोषित किया जाने वाला है। इससे सभी परिवहन व्यवासियों को लाभ होगा। अन्य मांगों पर भी सकारात्मक कार्यवाही जल्द की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में महासंघ अध्यक्ष सुधीर राय, यातायत पर्यटन विकास सहकारी संघ के उपाध्यक्ष नवीन चंद्र रमोला, टीजीएमओसी के पूर्व अध्यक्ष बलवीर सिंह रौतेला, संचालक मेघ सिंह चैहान, रोटेशन यात्रा प्रभारी मदन कोठारी आदि शामिल रहे।

एमडीडीए अधिकारियों के साथ स्पीकर ने प्रस्तावित कार्यों को लेकर की समीक्षा


ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एमडीडीए के माध्यम से किए जा रहे विभिन्न निर्माण एवं प्रस्तावित कार्यों को लेकर स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने एमडीडीए के अधिकारियों के संग समीक्षा बैठक की।

स्पीकर ने बैठक के दौरान एमडीडीए के माध्यम से क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर कला, गुमानीवाला, श्यामपुर, मोतीचूर, गढ़ी मयचक सहित अन्य क्षेत्रों की प्रस्तावित 32 से अधिक आंतरिक सड़क मार्गो की प्रगति के संबंध में समीक्षा की

स्पीकर ने इस दौरान त्रिवेणी घाट के सौंदर्यकरण कार्य एवं आईडीपीएल से श्यामपुर क्रॉसिंग तक प्रकाश पथ व्यवस्था कार्य की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से समीक्षा की।

इस अवसर पर स्पीकर ने एक ओर पूर्व में प्रस्तावित क्षेत्र के आवास विकास, गंगानगर, आईएसबीटी, ऋषिलोक कॉलोनी के पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किए जाने के संबंध में विभाग द्वारा अभी तक की गई कार्रवाई को लेकर जानकारी ली। इस सम्बंध में एमडीडीए के सचिव हरजीत सिंह ने अवगत किया कि पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए नगर निगम, ऋषिकेश को एनओसी हेतु एमडीडीए द्वारा पत्र भेजा गया है जिसपर अभी तक नगर निगम से एनओसी नहीं प्राप्त हुई हैं। सचिव ने कहा कि एनओसी मिलने के बाद ही पार्कों का सौन्दर्यीकरण कार्य प्रारम्भ हो पायेगा।

स्पीकर ने निर्माण कार्यों में हो रही लेटलतीफी के लिए एमडीडीए के अधिकारियों पर नाराजगी भी व्यक्त की। कहा कि सभी स्वीकृत आंतरिक सड़क निर्माण कार्य, विभिन्न पार्को एवं चैराहों के सौंदर्यीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य संबंधित कार्यवाही एवं टेंडर प्रक्रिया को पूर्ण कर निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारंभ कराये जाए, वहीं विभिन्न प्रस्तावित सड़कों के लिए आगणन तैयार कर स्वीकृति हेतु शासन को प्रेषित की जाए।

इस अवसर पर एमडीडीए के सचिव हरवीर सिंह, अधिशासी अभियंता श्याम शर्मा, सहायक अभियंता पीएन बहुगुणा एवं अवर अभियंता प्रमोद मेहरा उपस्थित थे।

ऊर्जा निगम के एसडीओं द्वारा दर्ज कराए मुकदमें को कांग्रेस ने बताया एक पक्षीय कार्रवाई

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सचिव विजयपाल सिंह रावत के नेतृत्व में विद्युत उपखंड कार्यालय श्यामपुर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए काले झंडे भी दिखाए। साथ ही कांग्रेस नेता पर दर्ज मुकदमें को राजनीतिक द्वेष भावना से जुड़ा होना बताया।

प्रदेश सचिव विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में विद्युत पोलों पर क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के अवैध होल्डिंग लगे है। विद्युत पोलों से केवल तारें संचालित हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाकर कहा कि इन केवल तारों के जरिए ऊर्जा निगम के एसडीओ अवैध वसूली करते हैं। कहा कि जिन धाराओं में जयेंद्र रमोला के ऊपर मुकदमा कायम किया गया है। उन्हीं धाराओं में ऊर्जा निगम के एसडीओ को क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ भी तहरीर देनी चाहिए।

मौके पर काले झंडे लहराए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विद्युत पोलों पर अपना प्रचार प्रसार करने वाले क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ ऊर्जा निगम मुकदमा नहीं कराता है तो विद्युत उपखंड कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। इस दौरान पूर्व प्रदेश सचिव भगवती प्रसाद सेमवाल, मंडी समिति के पूर्व सभापति जय सिंह रावत, मनोज गुसाईं, पूर्व प्रधान सतीश रावत, सोहन सिंह रौतेला, देवी प्रसाद व्यास, डॉक्टर कृपाल सिंह रावत सरोज, प्रेम लाल शर्मा, पूर्व प्रधान सविता शर्मा, एडवोकेट राणा सुरेंद्र सिंह, अलका क्षेत्री, दीपा चमोली, सोशल मीडिया प्रभारी संदीप बस्नेत, राजेंद्र गैरोला, एडवोकेट राकेश मियां, विजय पाल सिंह पवार, दीपक नेगी, रवि राणा आदि शामिल रहे।

ऋषिकेश में एआईसीसी सदस्य सहित दो पर मुकदमा दर्ज


कोतवाली ऋषिकेश में एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला और कनक धनई पर मुकदमा दर्ज किया गया है, पुलिस ने दोनों नेताओं पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों नेताओं पर आरोप है कि इन्होंने अपने प्रचार के लिए ऊर्जा निगम के विद्युत पोल का उपयोग किया है। वहीं, रायवाला पुलिस भी मामले में मुकदमा दर्ज करने के मूड में है।

बता दें कि ऊर्जा निगम के एसडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी। बताया था कि रायवाला और ऋषिकेश क्षेत्र में जयेंद्र रमोला और कनक धनई ने मुखर्जी मार्ग, क्षेत्र रोड, आवास विकास, एम्स रोड, सुमन विहार, बापूग्राम, सर्वहारानगर, काले की ढाल, आईडीपीएल, वीरभद्र, श्यामपुर तक सड़क के किनारे लगे विद्युत पोलों पर विद्युत सुरक्षा अधिनियम का उल्लंघन किया है। उन्होंने इन पर पेंट से अपना नाम और पार्टी का नाम लिख दिया है। ऐसे में विद्युत लाइन के अनुरक्षण कार्य के चलते विद्युत पोल में चढ़ने पर लाइनमैन को असुविधा होती है। दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पेंट से पोल के जीपीएस में पिन कोडिंग भी कई जगह से मिट चुके है।

उधर, श्यामपुर ग्रामीण क्षेत्र के एसडीओ राजीव कुमार ने भी रायवाला थाने में इसी तरह की शिकायत की थी।

मामले में आज कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि जयेंद्र रमोला और कनक धनई पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि रायवाला थाना प्रभारी अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि अभी जांच कर रही है, जांच सही पाए जाने पर मुदकमा दर्ज किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष के इशारों में यह कृत्य किया गया है, यदि विद्युत पोलों में मेरा नाम लिखा जाना जुर्म है, तो मुख्यमंत्री से लेकर विधानसभा अध्यक्ष के कट आउट लगना भी जुर्म है, उन पर मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। मेरे द्वारा विस अध्यक्ष के कई झूठे वादों की परत खोली गई है, इसलिए राजनीतिक रंजिश निकाली जा रही है।
– जयेंद्र रमोला, एआईसीसी सदस्य