सीवरेज पंपिंग स्टेशन के लिए जल निगम ने किया सर्वे

ऋषिकेश में 158 करोड़ रुपये में सुधरेगी सीवेज व्यवस्था

भारतेन्दु शंकर पाण्डेय।
केंद्र सरकार ने नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा के तहत ऋषिकेश में 158 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। पहले चरण में इस धनराशि से 26 एमएलडी का सीवर ट्रीटमेंट प्लांट लक्कड़घाट पर स्थापित होगा। जल निगम ने इस ओर केंद्र सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा था।
वहीं नगर में 2673 मीटर सीवर लाइन बदलने का कार्य भी पहले चरण के कार्य में शामिल है। एनएमसीजी के तहत नगर नगर क्षेत्र में तीन सीवरेज पंपिंग स्टेशन भी बनाए जाने हैं। जल निगम की ओर से साईं घाट, सर्वहारानगर, बापूग्राम में भूमि के चयन के लिए विभागीय अधिकारियों ने सर्वे भी किया है। पहले चरण में नगर के दो नाले भी टेप होंगे जिसमें पीडब्ल्यूडी और शांतिनगर का नाला भी शामिल है।
सीवरेज पंपिंग स्टेशन बनाने के लिए जल निगम बापूग्राम में ग्रामसभा से भूमि की मांग करेगा। वहीं साईंघाट और सर्वहारा नगर में सरकारी भूमि नहीं मिलने पर प्राइवेट भूमि का भी अधिग्रहण कर सकता है। लक्कड़घाट में प्रस्तावित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए विभाग के पास पर्याप्त भूमि है। परियोजना अभियंता वीके गोयल ने बताया कि केंद्र सरकार ने एनएमसीजी के तहत पहले चरण में 158 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसकी आधिकारिक पुष्टि होने के बाद विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। संभवत: अप्रैल के पहले हफ्ते में टेंडर आदि की प्रकियाएं शुरू कर दी जाएं।

अतिक्रमण हटाया, चार हजार का जुर्माना वसूला

ऋषिकेश।
मंगलवार दोपहर बाद नगर पालिका ऋषिकेश की टीम संयुक्त बस अड्डे पहुंची। टीम ने बस अड्डे पर ठेलियों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर नाराजगी जताई और उन्हें वहां से खदेड़ दिया। साथ ही चेतावनी दी कि अनावश्यक रूप से यातायात बाधित करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने देहरादून रोड पर पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान दो किलो पॉलीथिन जब्त कर चालान किया। टीम ने चार हजार रुपये का नकद जुर्माना वसूला। मौके पर कर अधीक्षक निशात अंसारी, सफाई निरीक्षक अरविन्द ढिमरी, जेई तरुण लखेड़ा, सफाई नायक नरेश व सुरेन्द्र आदि मौजूद थे।
उधर, नगर पालिका मुनिकीरेती की टीम ने भी स्वर्गाश्रम, मुनिकीरेती और ढालवाला में पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने एक का चालान भी किया। टीम के साथ मुनिकीरेती पुलिस के जवान रहे। मौके पर राजस्व निरीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक आदेश कुमार, मदन सिंह रावत, दीपक कुमार, केतन शर्मा मौजूद थे।

बिजली और पानी के 21 कनेक्शन काटे

ऋषिकेश।
ऊर्जा निगम ने गुरुवार को वाल्मिकी नगर और मायाकुंड क्षेत्र में कैंप लगाकर बकाया धनराशि की वसूली की। उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से लगाए जा रहे कैंपों में ऊर्जा निगम के अधिकारी और कर्मचारी बिल जमा करने के साथ ही बिलों की त्रुटि भी सही कर रहे हैं। ऊर्जा निगम ने वीरपुर खुर्द, बनखंडी, वाल्मिकी नगर, आवास विकास, तिलक रोड, रायवाला में 19 बकायेदारों के कनेक्शन काटे। वहीं, निगम ने छह लाख 33 हजार रुपये की वसूली की। बताया कि वसूली अभियान मार्च माह के अंत तक जारी रहेगा। बकाया जमा नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, जल संस्थान ने बकाएदारों की आरसी जारी करने के बाद भी वसूली अभियान जारी रखा। विभागीय जानकारी के अनुसार, टीम ने दो उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे। जल संस्थान ने गुरुवार को आठ लाख 26 हजार रुपये की वसूली भी की। जलकल अभियंता अरुण विक्रम सिंह रावत ने बताया कि आरसी कटने के बाद कई उपभोक्ताओं ने विभाग से समय मांगा है। विभाग की टीम ने बकाया धनराशि जमा करने के लिए ऐसे उपभोक्ताओं को कुछ समय दिया है। समय बीतन के बाद ऐसे उपभोकताओं के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।

अब चीता पुलिस में महिला भी शामिल

ऋषिकेश।
गुरूवार को शहर में बाइक व स्कूटी में सवार महिला चीता पुलिस ने शहर में गश्त की। कई स्थानों पर यातायात नियमों की अवहेलना करने पर चालान काटे गये। जबकि शाम के समय गली-मोहल्लों में अवैध शराब बेचने की शिकायत पर छापेमारी की गई। महिला चीता पुलिस देख मोहल्ले वाले सकते में आ गये। ज्ञात होकि की शहर में अवैध शराब की बिक्री को लेकर लगातार शिकायत की जा रही है। शहर में दुपहिया वाहन पर ट्रिपल राईडिंग एवं तेज रफ्तार दुपहिया वाहन चलाना आम बात हो गयी है। सीओ मनोज कत्याल ने बताया कि शहर में दो वाहनों में महिला चीता पुलिस की तैनाती की गई है। सूचना मिलते ही चीता पुलिस तुरंत दाबिश देगी। चीता वाहन में गीता शर्मा, लक्ष्मी पंत, रुकमणि, मित्रा देवी की तैनाती की गई है।

पॉलीथिन उपयोग पर जेब में रखें पांच हजार

ऋषिकेश।
सोमवार को नगर पालिका ऋषिकेश के सफाई निरीक्षक सचिन रावत और अरविन्द डिमरी ने नगर क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने नगर के बड़े व्यापारियों से सम्पर्क कर पॉलीथीन और थर्माकोल का प्रयोग प्रतिबंधित किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इनके प्रयोग पर पालिका की ओर से पांच हजार रुपये जुर्माना वसूले जाने का प्रावधान रखा गया है। पालिका की ओर से क्षेत्र रोड, पुष्कर मंदिर मार्ग और मुखर्जी मार्ग के व्यापारियों को जागरूक किया गया।
सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि जागरूकता अभियान के तहत व्यापारियों को भंडारण, उपयोग और बिक्री के बारे में जागरूक किया गया। वहीं, पालिका के सहायक अभियंता और टास्क फोर्स के प्रभारी आनंद मिश्रवाण ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर क्षेत्र में पॉलीथिन, थर्माकोल से बनी सामग्री को प्रतिबंधित कर दिया गया है। अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उसके बाद भी इनका प्रयोग किया गया तो जुर्माने के तहत पांच हजार रुपये का अर्थदंड वसूला जाएगा।

भाजपा और खंडुड़ी मेरे कर्जदार: ओमगोपाल रावत

ऋषिकेश।
शनिवार को ढालवाला में प्रेसवार्ता के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी ओमगोपाल रावत काफी आक्रामक दिखे। उन्होंने मौजूदा विधायक को स्वयंभू विकास पुरुष बताया। बोले कि मेरे कार्यकाल में 146 सड़कों को वित्तीय स्वीकृति मिली जिसका श्रेय दूसरे लोग ले रहे हैं। कुंभ निधि से ढालवाला में कई कार्य मैंने करवाए।
उन्होंने 2007 में भाजपा की सरकार बनाने में मुख्य भूमिका निभाने की बात कही। बोले कि यूकेडी ने सांप्रदायिक ताकतों को समर्थन नहीं देने के बारे में पत्र जारी किया था। मैं अकेला विधायक था जिसने कांग्रेस को समर्थन नहीं देने और इस्तीफा देने की धमकी दी थी जिस पर यूकेडी ने भाजपा को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि मुझे लोकसभा चुनाव में खंडूड़ी को नरेन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र से 19200 वोटों से जिताकर मोदी को प्रधानमंत्री बनाने देने की सजा मिल रही है। मौके पर भाष्कर गैरोला, राजेन्द्र भंडारी, अनिल बहुखंडी, पदम रतूड़ी, बलदेव रावत आदि मौजूद थे।

30 लाख रुपए किसके हैं, सीबीसीआईडी जांच हो
निर्दलीय प्रत्याशी ओमगोपाल रावत ने दो दिन पूर्व टिहरी जिले में चुनाव आयोग की टीम द्वारा पकड़े गए 30 लाख रुपये की सीबीसीआईडी जांच करने की मांग की है।

ऑरो को दिया जवाब-महापुरुष किसी की बपौती नही

ऋषिकेश।
बुधवार को निर्दलीय उम्मीदवार संदीप गुप्ता की ओर चुनाव अभिकर्ता अजय गुप्ता ने जवाब दाखिल किया। नोटिस के जवाब में उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीन दयाल उपाध्याय को महापुरुष बताया। जवाब में उन्होंने कहा कि महापुरुषों की फोटो कोई भी लगा सकता है। चूंकि भाजपा ने दोनों महापुरुषों पर अभी तक पेटेंट या कॉपी राइट नहीं ले रखा है। दोनों महापुरुषों की मृत्यु भाजपा की स्थापना से वर्षों पहले हो चुकी है। जवाब में उन्होंने महापुरुषों को अपना नेता बताकर अपमान करने का आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ता से माफी मांगने की मांग भी की है।
वहीं, भाजपा प्रत्याशी प्रेमचन्द अग्रवाल ने आस्थापथ पर बेंचों के निर्माण के संबंध में जारी नोटिस का जवाब भी दाखिल कर दिया है। उन्होंने बताया है कि विधायक निधि से दिसम्बर माह में कार्य किया जाना स्वीकृत है। कार्यदायी संस्था डोईवाला विकास खंड है। ऐसे में उपरोक्त कार्य उनके द्वारा किया गया है अथवा कराया जाना है। उन्होंने अपने द्वारा इस कार्य में कोई हस्तक्षेप नहीं करने की बात कही है। अपने जवाब में उन्होंने नोटिस को निरस्त करने की मांग रिटर्निंग ऑफिसर ऋषिकेश से की है।

पुलिस ने शहर में निकाला फ्लैग मार्च

ऋषिकेश।
डीएसपी मनोज कुमार कत्याल के नेतृत्व में सोमवार शाम शहर के चन्द्रेश्वरनगर, मायाकुण्ड, बंगाली बस्ती, चन्द्रभागा, त्रिवेणी कॉलोनी, भैरव कॉलोनी, शान्तिनगर,बनखण्डी, रेलवे रोड, हीरालाल मार्ग सहित अन्य जगहों पर पुलिस के जवानों ने शान्ति व्यवस्था के मद्देनजर फ्लैग मार्च निकाला। इसके जरिए पुलिस ने संदेश दिया कि वे चुनाव को लेकर अलर्ट हैं और किसी प्रकार से शान्ति व्यवस्था खराब करने की कोशिश की जाती है तो उसे रोका जाएगा। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसएचओ सुरेन्द्र सिंह सामंत, एसएसआई कमलेश शर्मा, दरोगा राजबर सिंह राणा, योगेश कुमार सहित अन्य मौजूद थे।

आस्था पथ उड़ाई जा रही आचार संहिता की धज्जियां

ऋषिकेश।
आस्थापथ पर विधायक निधि से बेंचों को लगाया गया है पर चुनाव आचार संहिता लगने के कारण इस समय किसी भी व्यक्ति का नाम उस पर नहीं लिखाया जा सकता है। इससे उसे चुनाव में लाभ मिल सकता है। बावजूद इसके इन दिनों चुनावी लाभ लेने के लिए उन्हीं क्षेत्र के विधायक के समर्थक (सभासद) बेंचों पर विधायक का नाम लिखवा रहे हैं। इस बात की शिकायत मिलने पर रिटर्निंग ऑफिसर ने टीम को मौके पर भेजा। उनका कहना है कि प्रथम दृष्टया आचार संहिता के उल्लंघन का मामला लग रहा है। टीम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस प्रत्याशी राजपाल खरोला ने भरा नामांकन

ऋषिकेश।
कांग्रेस प्रत्याशी राजपाल खरोला के नामांकन के लिए उनके समर्थक पहुंचे। हालांकि उन्होंने नामांकन को लेकर रैली की अनुमति नहीं मांगी थी। नामांकन के लिए कांग्रेस भवन सहित अन्य जगहों से उनके समर्थक नामांकन स्थल के पास तक पहुंचे। इससे पहले कांग्रेस भवन में पार्टी प्रत्याशी के कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी राजपाल खरोला, नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष शिव मोहन मिश्रा, जयेंद्र रमोला, राकेश मिंया,किरन शर्मा आदि मौजूद रहे।