अनिल जोशी को फिर से सचिवालय क्रिकेट क्लब की कमान

शुक्रवार को सचिवालय क्रिकेट क्लब की आम सभा सचिवालय स्थित राज्य आपदा परिचालन केन्द्र सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि फिट इंडिया मूमेन्ट के अन्तर्गत सचिवालय में खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रोत्साहन किया जायेगा, शीघ्र ही नये प्रारूप में सचिवालय कार्मिकों के मध्य क्रिकेट टुर्नामेन्ट का सक्रियता से आयोजन किया जायेगा।
बैठक में चन्दन सिंह विष्ट पूर्व कोषाध्यक्ष द्वारा आय-व्ययक का लेखा जोखा प्रस्तुत किया गया। अनिल जोशी, अध्यक्ष, सचिवालय क्रिकेट क्लब द्वारा क्लब की गतिविधियों से सदन को अवगत कराया गया, साथ ही गठित कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण होने पर वर्तमान कार्यकारणी को भंग करते हुए आम सदस्यों से नई कार्यकारणी गठित करने का अनुरोध किया गया।
पन्ना लाल शुक्ला अध्यक्ष सचिवालय बैडबिन्टन क्लब, डी०एम०एम०सी० के देख रेख में क्लब के चुनाव सम्पन्न हुये, जिसमें सर्वसम्मति से 3 वर्षो के लिए सचिवालय क्रिकेट क्लब की कार्यकारणी निर्विरोध निर्वाचित हुई जिसमें अनिल जोशी को निर्विरोध अध्यक्ष तथा टी०एच० खान को उपाध्यक्ष, राजेन्द्र रतूडी को सचिव, रवि रंसवाल को संयुक्त सचिव तथा अतुल परमार को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
चुनाव अधिकारी पन्ना लाल शुक्ला के द्वारा आम सदस्यों से सदन में ध्वनिमत प्रस्ताव के आधार पर अन्य कार्यकारिणी सदस्यों को नामित किये जाने हेतु अध्यक्ष एवं नई कार्यकारिणी को अधिकृत किया गया।
इस अवसर पर राकेश जोशी, अध्यक्ष डी०सी०डी०यू०, पूर्व उपाध्यक्ष राकेश महर, पूर्व सचिव हरीश सैनी, पूर्व कोषाध्यक्ष चन्दन सिंह विष्ट, संयुक्त सचिव अमित तोमर, पूर्व कार्यकारिणी सदस्य, मनोज भट्ट आदि उपस्थित रहे।

खेलो इंडिया विंटर गेम्स के विजेताओं को सीएम ने दी बधाई

गुलमर्ग में आयोजित तीसरे खेलो इंडिया विंटर गेम्स में स्नो स्कीइंग और स्नो शू में उत्तराखण्ड के पदक विजेताओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। उत्तराखण्ड से शालिनी राणा, ऋषभ रावत, मयंक डिमरी एवं जगदीप भट्ट ने पदक जीते। मुख्यमंत्री ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

इस अवसर पर स्कीइंग एवं माउंटनेयरिंग एसोसिएशन उत्तराखण्ड से लक्ष्मण मेहता, अजय भट्ट, इन खिलाड़ियों के कोच विकेश डिमरी एवं डब्बर सिंह उपस्थित थे।

पर्वतारोही रोहित भट्ट ने की सीएम ने मुलाकात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास स्थित केम्प कार्यालय में टिहरी निवासी पर्वतारोही रोहित भट्ट ने भेंट की।

टिहरी गढ़वाल के 22 वर्षीय रोहित भट्ट ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज करायी है। वे विश्व की सबसे ऊंची पर्वत चोटियों में शामिल तीसरी व अफ्रीका की सबसे ऊँची चोटी माउंट किलिमंजारो पर इस वर्ष जनवरी में 361 फिट का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर रिकॉर्ड बनाने वाले पहले पर्वतारोही बने हैं। रोहित भट्ट ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उनका चयन इस वर्ष मार्च व अप्रैल में विश्व की सबसे ऊँची चोटी माउंट एवरेस्ट पर फतह करने के लिये हुआ है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा पर्वतारोही रोहित भट्ट को युवाओं का प्रेरणास्त्रोत बताते हुए अफ्रीका की सबसे ऊँची चोटी किलिमंजारो की फतह करने के साथ 361 फिट का राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिये उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने रोहित भट्ट को माउंट एवरेस्ट पर फतह करने की भी शुभकामनायें दी।

सभी समस्याओं का हल निकालने का हो रहा प्रयास-राधा रतूड़ी

अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने मंगलवार को सचिवालय में मीडिया को जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा आन्दोलनरत अभ्यर्थियों द्वारा उठाये गये सभी मुद्दों को गम्भीरता से लेते हुए स्वस्थ एवं सौहार्दपूर्ण संवाद से उनकी सभी समस्याओं को हल करने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। राज्य सरकार अभ्यर्थियों के हितों के लिए सदैव आगे बढ़ कर बातचीत करने एवं समाधान निकालने हेतु तत्पर है। राज्य के युवाओं की सबसे बड़ी मांग थी की नकल विरोधी कानून को सख्त बनाया जाय।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं की मांग को गम्भीरता से लेते हुए अत्यन्त अल्पावधि में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून उत्तराखण्ड में लागू किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कानून केवल राज्य सरकार द्वारा सरकारी भर्ती के लिए आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं पर लागू होगा। स्कूलों और डिग्री कॉलेज की परीक्षाओं में यह लागू नहीं होगा। केंद्र सरकार की राज्य में आयोजित की जाने वाली भर्ती परीक्षाओं पर यह कानून लागू नहीं होगा। एसीएस राधा रतूड़ी ने कहा कि युवाओं द्वारा यूकेएसएसएससी एवं लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में पाई गई अनियमितताओं के सम्बन्ध में चल रही एसआईटी एवं एसटीएफ की जांच का पर्यवेक्षण उच्च न्यायालय के न्यायधीश से करवाने की मांग की गई थी। इस पर राज्य सरकार ने अपनी सहमति दे दी है। युवाओं की अपील पर लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक को भी हटा दिया गया है। इस पद पर अन्य अधिकारी की तैनाती कर दी गई है। इस प्रकार से जो भी मुद्दे आन्दोलनरत अभ्यर्थियों ने सरकार एवं अधिकारियों के समक्ष रखे थे, उन सभी का निराकरण कर दिया गया है। हाल ही में राज्य सरकार द्वारा बनाया गया नकल विरोधी कानून देश का सबसे सख्त कानून है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि युवाओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले या अनुचित तरीके इस्तेमाल करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही छात्रों को दिग्भर्मित करने, बरगलाने तथा भ्रामक खबरों के प्रचार-प्रसार करने वालों के विरूद्ध भी सख्त कार्यवाही की जाएगी। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि गत 12 फरवरी को आयोजित की गई राजस्व उप निरीक्षक (पटवारी ध्लेखपाल) की परीक्षा राज्य के 13 जनपदों के 498 परीक्षा केन्द्रों पर पूरी पारदर्शिता एवं शान्तिपूर्ण तरीके से आयोजित की गई।
इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, एडीजी (लॉ एण्ड ऑर्डर) वी. मुरूगेशन व अपर सचिव जगदीश प्रसाद काण्डपाल मौजूद रहे।

मुक्तिधाम ऋषिकेश को मिला एक और वाहन

लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन द्वारा मुक्तिधाम ऋषिकेश को एक (मोर्चरी वैन) शव वाहन श्री जयराम आश्रम के अध्यक्ष ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी के कर कमलों द्वारा प्रदान किया गया।
संस्थापक ललित मोहन मिश्र व अध्यक्ष रजत भोला ने बताया कि शहर का विस्तार होने के कारण तथा आबादी घनत्व बढ़ने के कारण नगर में मोर्चरी वैन की आवश्यकता बढ़ गई थी। ऐसे में देखा गया कि कई मर्तबा लोगों को पुराने मोर्चरी वैन के व्यस्त रहने के कारण काफी घंटे तक इंतजार करना पड़ता था, इस वाहन से इस समस्या से निजात मिल जाएगा।
इस अवसर पर जयराम आश्रम के अध्यक्ष ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी ने कहा कि सनातन धर्म की यही सबसे बड़ी विशेषता है कि यह परोपकार में सबसे आगे रहता है। लायंस क्लब डिवाइन द्वारा मोर्चरी वाहन उपलब्ध कराना इसी को दर्शाता है, सेवा कार्य करने में लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन का समाज में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने क्लब को इसी प्रकार ने कार्य करते रहने का आशीर्वाद भी दिया।
कार्यक्रम में मोहित गनेड़ीवाला, घनश्याम डंग, पूर्व अध्यक्ष महेश किंगर, पूर्व अध्यक्ष अशोक डंग, कपिल गुप्ता, राजपाल खरोला, दिनेश अरोड़ा, विकास ग्रोवर, मुकेश अग्रवाल, शिवम अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, विनीत चावला, हेमंत सुनेजा, प्रदीप गुप्ता, तरुण प्रभाकर, अंकित कालड़ा, कृष्णा कालड़ा, अमित सूरी, दीप शर्मा, पवन शर्मा, सुनील गुप्ता, नागेंद्र मिश्रा, पंकज गुप्ता, राजेश अग्रवाल, अनिल कक्कड़, दीपक तायल, संदीप खुराना, अभिषेक शर्मा, विक्की पनेसर, अनिरुद्ध गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

आयोग ने कहा-अफवाह का हिस्सा ना बनें, नही तो नए अध्यादेश के तहत होगी कार्रवाई

राजस्व उप निरीक्षक परीक्षा 2022 की लिखित परीक्षा दिनांक 12 फरवरी, 2023 (रविवार) को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 01 बजे तक राज्य के 13 जनपदों में कुल 498 परीक्षा केन्द्रों पर सकुशल आयोजित की गयी। उक्त परीक्षा में कुल आवेदित अभ्यर्थियों 1,58,210 के सापेक्ष 1,03,730 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। उक्त उपस्थिति 65.60 प्रतिशत रही।
कतिपय अभ्यर्थियों द्वारा प्रश्नपत्र की पेपर सील की गोपनीयता के सम्बन्ध में व्यक्त संदेह और भ्रांतियों के सम्बन्ध में अवगत कराना है कि प्रश्नपत्र प्रेस द्वारा बॉक्सों शील्ड किया जाता है। उक्त बॉक्सों के अंतर्गत लिफाफों में (पाली बैग्स) प्रश्न पत्र शील्ड होते हैं। गोपनीय सामग्री के प्रेस से आयोग में उपलब्ध होने व आयोग से जनपदों को उपलब्ध कराये जाने तथा परीक्षा तिथि को कोषागार से सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से परीक्षा केन्द्रों को उपलब्ध कराते समय अर्थात प्रत्येक स्तर पर वीडियोग्राफी की जाती है। उक्त गोपनीय सामग्री वाले बॉक्स प्रधानाचार्य व केन्द्र प्रभारी के कक्ष में कक्ष निरीक्षक की उपस्थिति में खोले जाते हैं, जिसकी वीडियोग्राफी की जाती है। प्रत्येक प्रश्नपत्र पर पेपर शील लगी होती है, जिसकी कभी-कभी यातायात के दौरान टूटने की संभावना हो सकती है। उक्त प्रश्नपुस्तिका की पेपर शील को कक्ष निरीक्षक के निर्देश पर अभ्यर्थियों द्वारा खोला जाता है ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर व समय मिल सके। अतः प्रश्नपत्र की गोपनीयता संरक्षित है तथा कतिपय अभ्यर्थियों द्वारा व्यक्त संदेह निर्मूल है। कतिपय लोगों द्वारा इस विषय मे भ्रामक खबरें फैलाई जा रही है, जिनके विरुद्ध नए नकल विरोधी अध्यादेश के सुसंगत प्राविधानो के तहत कार्यवाही की जाएगी।

1 लाख 3 हजार 730 अभ्यर्थियों ने दी पटवारी और लेखपाल भर्ती परीक्षा

प्रदेश में पटवारी और लेखपाल के कुल 563 पदों पर आयोजित भर्ती परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। कुल 65.6 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परीक्षा के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के साथ ही शासन-प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं का अहित नहीं होने देगी। नकल माफिया पर नकेल कसने के लिए प्रदेश में हिन्दुस्तान का सबसे सख्त नकलरोधी कानून बनाया गया है। नए अध्यादेश में नकल करने और कराने वाले दोनों सलाखों के पीछे होंगे,उनकी सम्पत्तियों को जब्त करने और भारी जुर्माना लगाने संबंधी प्राविधान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर जारी किया जा चुका है। आगामी भर्ती परीक्षाओं के लिए अभ्यर्थी पूरे मनोयोग से जुट जाएं।
रविवार को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर लेखपाल के 172 और पटवारी के 391 पदों पर भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया। पंजीकृत कुल 158210 अभ्यर्थियों में से 103730 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
गौरतलब है कि उक्त पदों पर 8 जनवरी 2023 को पहली बार परीक्षा का आयोजन किया गया था। जिसमें पेपर लीक की शिकायत मिलने के बाद उक्त परीक्षा को रद्द कर दोबारा से रविवार को परीक्षा का आयोजन कराया गया।
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी कमर कसी हुई थी। पूरे प्रदेश में परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चैबंद रखा गया था। सघन चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति दी प्रदान की गई। परीक्षा के पूरी तरह से संपन्न होने तक पुलिसकर्मी केंद्रों पर ही तैनात रहे। समय-समय पर केंद्रों से जरूरी देता कंट्रोल रूम से साझा किया जाता रहा।

पूरी रौ में दिखे धामी, विरोधियों से पूछ डाले 5 सवाल

लोकतांत्रिक व्यवस्था में सवाल अक्सर सरकार से पूछे जाते हैं। मुख्यमंत्री से जवाब मांगा जाता है। इस परंपरा में सरकार कई बार बेबाक जवाब देती है, कई बार घिर जाती है तो कई बार असहज भी हो जाती है। लेकिन इस व्यवस्था से उलट कुछ ऐसे भी मौके देखने को मिलते हैं जब सरकार का मुखिया जनता से सवाल करते हुए पूछता है कि मेरी सरकार ने ये काम किया या नहीं किया। वो तब होता है जब मुखिया आत्मविश्वास से लबरेज हो। इस तरह का वाकया आज जौनसार बावर के प्रवेश द्वार कालसी में देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यमुना नदी के तट पर आयोजित क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे थे।
इस वाक्य को साझा करने से पहले यहां ये बताना जरूरी है कि बेरोजगारों पर हुए पुलिस लाठी चार्ज के बाद धामी सरकार की चैतरफा घेराबंदी की जा रही है। इत्तेफाक से बेरोजगार महासंघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार (जो आंदोलन में हुए उपद्रव के चलते फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में हैं) जौनसार बावर से ताल्लुक रखते हैं और मुख्यमंत्री धामी रविवार को इस क्षेत्र के ऐतिहासिक नगर कालसी में जनता से सीधे मुखातिब हुए। चूंकि बॉबी पंवार जौनसार बावर के ही निवासी हैं तो पुलिस प्रशासन को आशंका थी कि मुख्यमंत्री को कालसी में स्थानीय युवाओं का विरोध न झेलना पड़े। इस वजह से पूरे सरकारी तंत्र ने बीती रात मुख्यमंत्री का कार्यक्रम कैंसिल करवाने के लिए पूरा जोर लगा दिया। मुख्यमंत्री से वहां न जाने की मिन्नतें की, लेकिन मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी बात है तो मैं कालसी जरूर जाऊंगा और विरोध कर रहे युवाओं से मिलकर कुछ सवाल जरूर पूछूंगा। हालांकि, पुलिस प्रशासन की यह आशंका निर्मूल साबित हुई। महोत्सव में भारी संख्या में युवा वर्ग शामिल हुआ। विरोध हुआ पर नाममात्र का। युवाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन को इत्मीनान से सुना। विरोधियों का भी धन्यवाद करते हुए धामी ने विनम्रता के साथ जनता से ही सवाल पूछ डाले।

1- उत्तराखण्ड में नकल माफिया को नासूर किनकी सरकार ने बनने दिया?
2- क्या किसी मुख्यमंत्री ने नकल माफिया गिरोह के सदस्यों और इसमें संलिप्त अधिकारियों, कर्मचारियों को जेल की सलाखों में डाला?
3- अब तक जेल जा चुके गिरोह के 60 से अधिक लोगों की संपत्ति जब्त और उन पर गैंगेस्टर जैसी सख्त धाराओं के तहत करवाई कौन कर रहा है?
4- गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर किसकी सरकार ने 4 परीक्षाएं निरस्त की और अब कौन उनको लीक प्रूफ सिस्टम के साथ फिर से आयोजित कर रहा है?
5- मुख्यमंत्री ने धामी से ये भी पूछा कि शिकायत मिलने के छह माह के भीतर किसकी सरकार ने प्रदेश में देश का सबसे कड़ा “नकल विरोधी कानून” लागू किया?

अक्सर शांत मन से अपनी बात रखने वाले धामी आज अपने भाषण के दौरान पूरी रौ में दिखे। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में फैल चुके नकल माफिया की जड़ें बहुत गहरी हैं। इस नासूर को मिटाने में वक्त जरूर लगेगा। इसके लिए इच्छाशक्ति और दृढ़ निश्चय की जरूरत है। धामी ने ताल ठोक कर कहा कि विरोधी भी ये जानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के दिखाए मार्ग पर चलकर पुष्कर सिंह धामी ही इस नासूर का खात्मा कर सकता है, हालांकि मुझे मालूम है कि इसके लिए मुझे अभी कई विरोध झेलने पड़ेंगे और साजिशों का सामना करना पड़ेगा।

लोग मेरा विरोध करते रहे, मैं नकल माफिया को जड़ से समाप्त करके ही रहूंगा-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हम युवाओं के सपनो और आकांक्षाओं के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। अब जो कोई भी भर्ती परीक्षा में गड़बड़ करेगा, उसे उम्र कैद और 10 साल की सजा दी जाएगी। साथ ही संपत्ति भी जब्त कर ली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आखिर कौन हमारे बच्चों के भविष्य को बर्बाद करना चाहता है। ये प्रश्न हम सभी के मस्तिष्क में है। हमे इनका उत्तर ढूंढना होगा। हमारी सरकार इस दिशा में काम कर रहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आखिर आज तक नकल माफिया की गर्दन पर हाथ क्यों नही डाला गया। मैं जानता था कि नकल माफिया के खिलाफ कार्यवाही के फैसले के बाद हमे डराने की कोशिश की जायेगी। मैं पूछता हूं कि किसकी सरकार में आरोपी जेल भेजे गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में आने से पहले लोग कह रहे थे की, वहां मत जाइए, वहां आपका विरोध होगा। उन्होंने कहा कि मैंने कार्यक्रम में आने का निर्णय लिया, अगर कोई विरोध करता है तो उनसे पूछता हूं क्या किसी मुख्यमंत्री ने नकल माफिया को इससे पहले जेल भेजा अब तक जेल जा चुके गिरोह 60 से अधिक लोगों पर कार्यवाही की जा चुकी है। गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर किसकी सरकार ने परीक्षाएं निरस्त की और शीघ्र दुबारा पेपर करवाने की अनुमति दी। किसकी सरकार ने प्रदेश में देश का सबसे कड़ा “नकल विरोधी कानून” लागू किया? यह भी देखना होगा कि नकल माफिया को बचाने के लिए कोई संगठन कार्य को नहीं कर रहा है? अभी राज्य में सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया है। जिसमें नकल करवाने और करने वालों के लिए सख्त सजा का प्राविधान किया गया है। नौजवानों के भविष्य के साथ कोई अहित नहीं होने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालसी में यमुना शरदोत्सव क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और आमजन मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत पुनः विश्वगुरु बनने के मार्ग पर अग्रसर है। आज हमारे युवाओं द्वारा विभिन्न खेल और कला के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत के सामर्थ्य का परिचय कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के दिशा निर्देशन में हमारी सरकार उत्तराखंड को ‘सर्वश्रेष्ठ उत्तराखण्ड‘ बनाने हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। ‘सर्वश्रेष्ठ उत्तराखण्ड‘ के निर्माण के लिए युवाओं का सशक्तिकरण एक मुख्य कार्य है, जिस हेतु हमारी सरकार पूर्ण रूप से संवेदनशील है। उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है जहां एक ओर नई शिक्षा नीति को प्रभावकारी ढंग से लागू करने का काम किया है, वहीं दूसरी ओर नई खेल नीति बनाकर अपने युवा खिलाड़ियों का भी प्रोत्साहन करने का कार्य किया है। नई खेल नीति में राज्य के युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए उचित आर्थिक प्रोत्साहन का प्रावधान भी सुनिश्चित किया गया है। युवा खिलाड़ियों के लिए नौकरियों में खेल कोटा भी पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि सीएचसी कालसी में मानकों के अनुसार सभी मेडिकल स्टाफ के पदों को भरने की स्वीकृति दी जाएगी। विकासखंड कालसी के अंतर्गत इच्छाडी, खड़स, टोंस नदी में नागथात से बोराडांडा तक पेयजल योजना का निर्माण किया जाएगा। विकासखंड कालसी के अंतर्गत बुरासी से घणता तक मोटर मार्ग का निर्माण किया जाएगा। कालसी विकासखंड के अंतर्गत कालसी से बोनाटखाई मोटर मार्ग का निर्माण किया जाएगा। चकराता विकासखंड के अंतर्गत खाटवा मोटरमार्ग के 03 किमी का नव निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चैहान एवं सीडीओ देहरादून झरना कामठान को सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तराखंड की झांकी मानसखंड को देश में प्रथम स्थान मिलने पर झांकी के टीम लीडर संयुक्त निदेशक सूचना के एस चैहान को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
विधायक मुन्ना सिंह चैहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 08 सालों में देश का आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पुनर्जागरण हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड हर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है। कालसी एकलव्य विद्यालय ने एकलव्य विद्यालयों की श्रेणी में देश में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया है। यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अनेक साहसिक निर्णय लिए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चैहान, ब्लॉक प्रमुख कालसी मठोर सिंह, भीम सिंह चैहान, रितेश असवाल, आईजी के एस नगन्याल, सीडीओ झरना कमठान एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

एनएच के खिलाफ शहर के व्यापारी लामबंद

एनएच के अधिकारी किसी भी तरह की कारवाई से पूर्व अपनी स्थिति स्पष्ट करें। यह मांग राष्ट्रीय राजमार्ग 58 के व्यापारियों ने रेलवे रोड़ स्थित नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र के कार्यालय में आहुत बैठक में एक स्वर में कही।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि लोनिवि द्वारा अनेकों बार पूर्व के वर्षों में सड़कों की स्थिति विज्ञप्ति के माध्यम से जारी की गई है। जिसके आधार पर ही हरिद्वार रोड़ पर दुकानों एवं भवनों का निर्माण हुआ है। उसी आधार पर एन एच को कारवाई करनी चाहिए। उन्होंने व्यापारियों को कहा कि नियम विपरीत यदि प्रशासन द्वारा कारवाई की गई तो उसका पुरजोर विरोध किया जायेगा।
बैठक में रवि जैन, सुनील गुप्ता, शेखर कुमार, आशु डंग, अश्वनी गुप्ता, विजय सिंघल, ललित इच्पिलानि, दीपक गुप्ता, प्रदीप कुमार, अतुल सरीन, कमल अरोड़ा, विजेंद्र गौड़, सुनील ग्रोवर, कपिल कुमार, विनय गॉड, अंकित गॉड, किशोर मेहता, नरेश अग्रवाल, अनिल कुमार, शैलेंद्र चैहान, अखिल गुप्ता आदि उपस्थित रहे।