धर्मनगरी पहुंचकर सीएम धामी ने की प्रदेश की खुशहाली की कामना


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शपथग्रहण के पश्चात धर्मनगरी हरिद्वार पहुंच कर हरकी पैड़ी पर मां गंगा का पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री गंगा आरती में भी शामिल हुए।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने जगत गुरु आश्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

दो समुदाय के लोगों के आमने-सामने आने पर पुलिस ने लाठियां फटकार भीड़ खदेड़ी

आज कार और स्कूटी की मामूली टक्कर होने से हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। इससे विवाद की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस तैनात की गई और मौके पर जमा भीड़ को लाठियां फटकार कर खदेड़ा।

जानकारी के मुताबिक, ज्वालापुर में मोहल्ला चौहनान में आज दोपहर मुस्लिम धर्मगुरू मौलाना आरिफ स्कूटी पर सवार होकर मुख्य सड़क की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान मोहल्ला चौहनान में रहने वाला युवक वासु चौहान अपनी कार निकाल रहा था। तभी कार-स्कूटी की हल्की सी टक्कर हो गई। मौलाना आरिफ ने इसका विरोध किया तो युवक से उनकी कहासुनी हो गई। इधर, एक राहगीर ने मौलाना के साथ कहासुनी कर रहे युवक को समझाना बुझाना चाहा।
आरोप है कि युवक ने राहगीर के थप्पड़ जड़ दिए। उस वक्त मौलाना आरिफ एवं राहगीर चले गए। मौलाना के साथ हुए विवाद की सूचना मिलने पर आस पास के मोहल्लों के लोग एकत्र होकर मुख्य सड़क पर उतर आए। इधर, दूसरे पक्ष के लोग भी एकत्र हो गए। दो समुदाय के उलझने की सूचना मिलने पर कोतवाली ज्वालापुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई।

मामला शांत न होने पर पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए लाठियां फटकार कर उन्हें दूर खदेड़ दिया। जानकारी मिलने पर आला अफसर भी सक्रिय हो गए। तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुलह के प्रयास कराते हुए युवक ने मौलाना से मोबाइल फोन पर खेद प्रकट किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
नगर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। युवक के खेद प्रकट करने पर विवाद खत्म हो गया है।

रेल की चपेट में आकर 35 वर्षीय युवक की मौत


रायवाला थाना अंतर्गत हरिपुरकलां में एक युवक ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गया। जिसे पुलिस ने निजी वाहन से हरिद्वार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक बुधवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक हरिपुरकलां में ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत हरिद्वार स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया । जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया मृतक की पहचान महेश शाह 35 पुत्र भगवान सिंह निवासी वार्ड न. 5 नजदीक लक्ष्मी विहार कॉलोनी, बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है। मामले की सूचना परिजनों को दे दी है। साथ ही शव का पीएम कराया जा रहा है। उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा। मामले की जांच की जा रही है।

मदन कौशिक के नामांकन में पहुंचे सीएम धामी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद, भाजपा विधायक सुरेश राठौर और भाजपा विधायक आदेश चौहान मौजूद रहे।

पिछली बार से भी अधिक सीटें आने वाली हैं-मुख्यमंत्री धामी
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हम अपनी जीत के प्रति पूर्ण आश्वस्त हैं। हरिद्वार में हमारी पिछली बार से भी अधिक सीटें आने वाली हैं। नामांकन से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ हर की पैड़ी पर पूजन भी किया। आगामी विधानसभा चुनावों के तहत उत्तराखंड में 28 जनवरी तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। वहीं नई टिहरी में धनौल्टी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रीतम सिंह पंवार और प्रतापनगर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विजय सिंह पंवार उर्फ गुड्डू भाई ने नामांकन पत्र जमा किया। रुद्रप्रयाग में भाजपा प्रत्याशी भरत सिंह चौधरी ने भी मंगलवार को नामांकन भरा। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केदार सिंह रावत ने भी नामांकन कराया।

भाजपा ने विकास किया है और करेगी-निशंक

भारतीय जनता पार्टी द्धारा आयोजित वर्चुअल सभाओं के क्रम में आज पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। देहारादून स्थित पार्टी स्टुडियो से किए अपने सम्बोधन में उन्होने कहा कि हम सभी का सौभाग्य है। मोदी जी जैसे लोकप्रिय और दूरदर्शी नेता के रूप में हमे कार्य करने का मौका मिला है अन्यथा एक पीएम कांग्रेस सरकार में थे, जिनके नाम आते ही निराशा हताशा छा जाती थी। प्रदेश में संचालित केंद्र और प्रदेश सरकार के लाखों करोड़ के कार्य हैं जिन्हे हमे सिर्फ जनता तक पहुंचाना है और जन आशीर्वाद से रिकॉर्ड जीत तय है।
इस वर्चुअल रैली के माध्यम से उन्होने कार्यकर्ताओं से एक महीने प्राण प्रण से जुट जाने का आग्रह किया ताकि 2025 में रजत जयंती से पहले ही उत्तराखंड का दशक बनाने के सपने को पूरा किया जा सके। उन्होने कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा आपके पुरुषार्थ से भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। उस पर 2014 से देश में मोदी जी के नेत्रत्व में बह रही विकास की गंगा का उदाहरण हमारे सामने है। आज जनता को बरगलाने का काम करने वाली विपक्ष और मुख्यता कॉंग्रेस पार्टी तो सपने में भी इस दौरान सूबे में हुए जबरदस्त विकास कार्यों की कल्पना भी नहीं कर सकती है। मोदी जी के नेत्रत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार ने महिलाओं, युवाओं, पिछड़ों, मुस्लिम आदि समाज के सभी वर्गों के विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया है।
कार्यकर्ताओं के साथ साथ आम जनता को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि आपके एक वोट से प्रदेश में डेढ़ लाख करोड़ के विकास कार्य संपादित हो रहे हैं। आपके एक वोट से आयुष्मान योजना से सभी प्रदेशवासियों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज हो रहा है। आपके एक वोट से अटल आवास योजना से निराश्रित लोगों के सर पर छत की व्यवस्थता की जा रही है। एक वोट से चार धाम आल वेदर रोड समेत पहाड़ों में सड़कों का जाल बिछाया गया है, आपके एक वोट से पहाड़ में ट्रेन चलाने का सपना साकार हुआ है। एक वोट से राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण, सीमा पार करके सर्जिकल स्ट्राइक करने, धारा 370 हटाने, तीन तलाक कानून पास कराने अनेकों अनेक राष्ट्र की दशा दिशा बदलने वाले कार्य हुए हैं।
इसी तरह आपके एक वोट से प्रदेश में पुनः भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से आएगी और प्रधानमंत्री मोदी जी द्धारा दिये 2025 में उत्तराखंड का दशक बनाने के लक्ष्य को अवशय पूरा करेगी। इस वर्चुअल सभा में हरिद्वार ग्रामीण के विधायक और कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, वर्चुअल जनसभा संयोजक पुष्कर काला, शेखर वर्मा, अजीत नेगी आदि अनेक पार्टी प्रभारी उपस्थित थे।

मकर संक्रांति पर्व पर हरकीपौड़ी हुई सील

मकर संक्रांति पर्व पर प्रतिबंध लगाने के बाद गुरुवार रात से हर की पौड़ी को सील कर दिया गया। जिस कारण श्रद्धालु गंगा स्नान को हर की पौड़ी में न जा सके। रात को हर की पौड़ी जाने वाले सभी मार्गों पर बेरीकेडिंग लगा दी गई थी। हर की पौड़ी पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है। हर की की पौड़ी व साथ लगते घाटों पर स्थानीय लोग भी स्नान नहीं कर सकेंगे।
गुरुवार को जिले की सीमाओं में चिड़ियापुर, लाहड़पुर, नारसन, गोकलपुर व वीरपुर के रास्ते हरिद्वार स्नान को आ रहे श्रद्धालुओं को वापिस भेज दिया गया। सीमा पर पुलिस बाहरी राज्यों से आने वाली गाड़ियों में सवार यात्रियों को आने का कारण पूछ रहे थे। जिन लोगों ने स्नान की बात कही उन्हें सीमा से ही लौटा दिया गया। हालांकि मकर संक्रांति की पूर्व संध्या में हर की पौड़ी पर गंगा आरती में हजारों लोग शामिल हुए।

मकर संक्रांति पर खिचड़ी भोज का आयोजन
जगजीतपुर फूटबॉल ग्राउंड के निकट स्थित श्री बालाजी धाम, श्री सिद्धबलि हनुमान मंदिर एवं श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के महंत दिगंबर आलोक गिरी के सानिध्य में मकर संक्रांति पर्व पर खिचड़ी भोज का आयोजन किया जा रहा है। महंत आलोक गिरी ने बताया कि सूर्य का मकर राशि में प्रवेश करना मकर-संक्रांति कहलाता है। संक्रांति के लगते ही सूर्य उत्तरायण हो जाता है। मान्यता है कि मकर-संक्रांति से सूर्य के उत्तरायण होने पर देवताओं का सूर्याेदय होता है और दैत्यों का सूर्यास्त होने पर उनकी रात्रि प्रारंभ हो जाती है।

ब्रह्मलीन महंत प्रदीप दास महाराज को उनके कार्यो के लिए याद किया

ब्रह्मलीन महंत प्रदीप दास महाराज की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर कबीर चौरा आश्रम में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंन्द महाराज ने की।
इस अवसर पर संतों ने कहा कि प्रदीप दास महराज ने जो वृक्ष लगाया आज वह फल फूल रहा है। उनके उत्तराधिकारी के रूप में महंत कपिल मुनि महाराज के द्वारा गुरु परंपरा को सदैव आगे बड़ा रहे है। उनके द्वारा गौ सेवा अन्न क्षेत्र निर्धन असहाय लोगों की मदद निरंतर चल रही है।
कार्यक्रम में हरिद्वार और ऋषिकेश के महामंडलेश्वर रिशेश्वार नन्द, महामंडलेश्वर जगदीश आनंद, महामंडलेश्वर हठयोगी, महाराज महंत दुर्गा दास महाराज, महंत हरि बल्लभ दास केशवानंद, आनंदमय, आशुतोष, परमानंद, महंत बलवीर सिंह, महंत प्रकाशानंद, रतन स्वरूप, महंत विनय सारस्वती, महंत रवि प्रपन्नाचार्य, महाराज महंत शिवानंद, महंत निर्मल दास, गोपाल गिरी, रामानुजाचार्य, गोपालाचार्य, हर्षवर्धन शर्मा, महंत वत्सल शर्मा आदि ने उन्हें श्रद्धांजली अर्पित की।

झबरेड़ा विधानसभा को सीएम की सौगात, 121 योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र झबरेडा मण्डी परिसर में कृषि विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित रबी कृषक महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने 13 योजनाओं का लोकार्पण तथा 121 योजनाओं का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार लगातार काम कर रही है। देशभर में किसानों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है, प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कई क्रांतिकारी कदम उठाए हैं, किसान क्रेडिट कार्ड, किसान सम्मान निधि इसके प्रत्यक्ष उदाहरण है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में साल 2025 में उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए हम सबकी सहभागिता जरूरी है। प्रदेश में रोड कनेक्टिविटी, एयर कनेक्टिविटी संबंधित तमाम कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। बीते 5 महीनों में सरकार ने 500 से ज्यादा फैसले लिए हैं। प्रदेश में युवाओं को 24000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। प्रदेश में सरकारी नौकरियों के अलावा स्वरोजगार के लिए भी बड़ी संख्या में युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश में नई खेल नीति लागू की गई है। इसके साथ ही हर गांव में ओपन जिम की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल में ही प्रदेश के सभी 10वीं और 12वीं के छात्रों को निशुल्क टैबलेट वितरण की व्यवस्था शुरू हो गई है, जिसके जरिये ढाई लाख से ज्यादा छात्र लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कई घोषणाएं भी की, जिसके तहत झबरेडा में मिनी स्टेडियम और रोडवेज बस अड्डा स्थापित किया जायेगा। मंगलौर से झबरेडा होते हुए खडखडी दयाला उत्तर प्रदेश बॉर्डर तक सड़क निर्माण के सम्बन्ध में अविलम्ब शासनादेश निर्गत किया जायेगा। कस्बा झबरेडा में शिव मन्दिर के पास महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा स्थापित की जायेगी। ग्राम सालियर में हाईवे के समीप एक तिकोना आईलैण्ड पर संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित की जायेगी। मंगलौर देवबन्द रोड पर मंडी तिराहे के समीप एक तिकोना आईलैण्ड पर एनएचएआई की एनओसी मिलने के उपरान्त पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापित की जायेगी। झबरेडा के समीप ग्राम भक्तोंवाली गेट के सामने पुलिया की ओर मौजूद स्थल ग्राम पंचायत भक्तोंवाली अथवा नगर पंचायत झबरेडा के अन्तर्गत संत शिरोमणी रविदास महाराज की मूर्ति स्थापित की जायेगी। ग्राम पनियाला में मिनी स्टेडियम बनाया जायेगा। झबरेडा के अन्तर्गत एक मिनी फायर स्टेशन स्थापित किया जायेगा। नगर पंचायत झबरेडा मंगलौर रोड पर रविदास मन्दिर से शीला खाले तक नाला निर्माण कार्य किया जायेगा। पुहाना झबरेडा गुरुकुल मार्ग का नाम अम्बेडकर मार्ग किया जायेगा। मंगलौर देवबन्द मार्ग का नाम चौधरी चरण सिंह मार्ग किया जायेगा। मंगलौर झबरेडा सहारनपुर मार्ग का नाम राजा विजय सिंह किया जायेगा। आशफनगर इकबालपुर का नाम ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम किया जायेगा। झबरेडा में नगर निगम शिवपुरी रूड़की के अन्तर्गत सरकारी जमीन पर प्रेस क्लब बनाया जायेगा। आजाद पनियाला रोड़ का नाम पण्डित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग किया जायेगा। ग्राम डेलना में अम्बेडकर पार्क बनाया जायेगा। सलेमपुर कृष्णानगर में पानी की निकासी का समाधान किया जायेगा। झबरेड़ा में लाइब्रेरी का निर्माण किया जायेगा। किसानों का मण्डी शुल्क के सम्बन्ध में परीक्षण किया जायेगा। किसानों की कटी हुई आरसी समाप्त किये जाने के सम्बन्ध में विचार किया जायेगा। रविदास मन्दिर से शिलाखाले तक नाला निर्माण एवं निर्माण की स्वीकृति का जी0ओ0 जारी हो गया है। जल्दी ही इस पर कार्य शुरू किया जायेगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कृषक निर्मला एवं देशराज सैनी को राष्ट्रीय खाद्य योजना के अंतर्गत 15 हजार रूपये एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। मण्डी परिसर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जिलाधिकारी ने पुष्पगुच्छ तथा प्रतीक स्वरूप हल भेंट कर स्वागत व अभिनन्दन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री को विशाल माला भी पहनाई गयी।
इस अवसर पर झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर, लक्सर विधायक संजय गुप्ता, वैजयन्ती माला, सुशील राठी जन प्रतिनिधि, जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ योगेन्द्र सिंह रावत, सीडीओ डॉ सौरभ गहरवार, अपर जिलाधिकारी वीर सिंह बुदियाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट रूड़की अंशुल सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, मुख्य उद्यान अधिकारी नरेन्द्र यादव सहित सम्बन्धित पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सीएम ने किया कैलाशानन्द महाराज के प्रथम सन्यास दीक्षा समारोह में प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जगद्गुरू आश्रम कनखल में निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द महाराज के प्रथम सन्यास दीक्षा समारोह में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर समारोह को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द महाराज के दीक्षा समारोह की वजह से आज मुझे सभी पूज्य सन्तों का एक साथ आशीर्वाद मिलने का सुअवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिये पूज्य सन्तों का आशीर्वाद बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बिनु हरि कृपा मिलहि न सन्ता….। सत्संग का जिक्र करते हुये उन्होंने कहा कि सत्संग का मनुष्य के जीवन में काफी प्रभाव पड़ता है, जिस तरह का सत्संग होगा, उसी तरह का मनुष्य का आचार-व्यवहार होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उल्लेख करते हुये उन्होंने कहा कि संस्कृति की बात हो या अन्य, हर क्षेत्र में पताका फहराने का काम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हो रहा है।
समारोह को जगद्गुरू शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम, जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरिजी महाराज, स्वामी महामण्डलेश्वर कैलाशानन्द महाराज, स्वामी हरिचेतनानन्द, स्वामी चिदानन्द मुनि, आचार्य बाल कृष्ण, युग पुरूष परमानन्द महाराज, महन्त प्रेम गिरि महाराज, पूज्य हरिगिरि महाराज, महन्त विज्ञानानन्द महाराज, पदम, सतपाल ब्रह्मचारी महाराज, देवानन्द सरस्वती महाराज, तन्मय वशिष्ठ, महामंत्री श्रीगंगा सभा, राजीव शर्मा नगर पालिका अध्यक्ष आदि ने सम्बोधित किया।
मंच का संचालन आखाड़ा परिषद व मंसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष रविन्द्रपुरी जी महाराज ने किया।
जगद्गुरू आश्रम कनखल पहुंचने पर मुख्यमंत्री का शाल ओढ़ाकर, विशाल माला, पुष्पगुच्छ तथा प्रतीक चिह्न भेंटकर भव्य स्वागत व अभिनन्दन किया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानन्द, ललितानन्द महाराज, कमलदास महाराज, महेश पुरी महाराज, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चौहान, महामंत्री विकास तिवारी, जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ योगेन्द्र सिंह रावत, एसडीएम पूरण सिंह राणा, सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।
जगद्गुरू आश्रम कनखल के पश्चात मुख्यमंत्री ने जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरिजी महाराज से हरिहर आश्रम पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर अन्तर्राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी बबीता फोगाट भी उपस्थित रहीं।

हरिद्वार संवाद में बोले सीएम, आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के प्रेक्षागृह में स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत आयोजित ’’हरिद्वार संवाद’’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में आगामी मार्च 2022 तक अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों के आयोजनों की योजना बनाई गयी है, जिसमें लगातार नये-नये विचारों की श्रृंखला सामने आ रही है। ऐसे आयोजनों से अमृत निकलेगा, गति मिलेगी तथा रास्ता मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमारी संस्कृति के उत्थान के लिये जो प्रयास किये हैं, वे अतुलनीय हैं। केदारपुरी का जिक्र करते हुये उन्होंने कहा कि केदारपुरी में 400 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है। केदारपुरी में आस्था पथ बन चुका है तथा चिकित्सालय व अतिथि गृह आदि बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि वहां दूसरे चरण के कार्य चल रहे हैं तथा तीसरे चरण के कार्यों का प्रारम्भ आगामी अप्रैल, 2022 तक हो जायेगा। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ का मास्टर प्लान बन गया है, जिसके लिये 250 करोड़ रूपये की स्वीकृत हो चुके हैं तथा वहां भी जल्दी ही कार्य प्रारम्भ होगा।
मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ का उल्लेख करते हुये कहा कि काशी में काफी अंतर आया है। पहले गंगा घाट से रास्ता नहीं मिलता था, आज वह संकरा रास्ता, हाईवे का रूप धारण कर चुका है। आज काशी दिव्य व भव्य बन चुकी है। उन्होंने कहा कि मैं 1998 के बाद विगत दिनों अयोध्या गया था, अयोध्या दुनिया के नक्शे का प्रमुख स्थान होगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारा देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम राज्य स्थापना का 25वां वर्ष मनायेंगे, उस समय हमारा उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में भारत के अग्रणी राज्यों में से एक होगा। उन्होंने कहा कि रोज हम उत्तराखण्ड व उत्तराखण्ड की जनता के लिये फैसले ले रहे हैं तथा साथ ही उनका शासनादेश भी निकाल रहे हैं, उन योजनाओं को धरातल पर उतार रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगला दशक उत्तराखण्ड का दशक होगा। यह हम सबकी सामूहिक यात्रा है।
इस अवसर पर जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज ने कहा कि कुछ पल ऐतिहासिक होते हैं। यह दशक उत्तराखण्ड का दशक है। केदारनाथ, बद्रीनाथ तथा काशी का कायाकल्प हुआ है। जिस तरह से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नेतृत्व कर रहे हैं, उससे सभी उत्साहित हैं।
इस मौके पर महंत देवानंद सरस्वती, पदम, स्वामी चिदानन्द मुनि, महानिर्वाणी के महंत रविन्द्रपुरी आदि ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।