कांवड़ मेला पार्किंग में संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप

हरिद्वार।
डाक कांवड़ मेला पार्किंग स्थल बैरागी कैंप में मंगलवार को पाइपनुमा एक संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। विस्फोटक वस्तु की आशंका पर बम निरोधक दस्ते ने विस्फोट करके उसे निष्क्रिय करने का प्रयास भी किया। बाद में संदिग्ध वस्तु को जांच के लिए घोड़ा लाइन ले जाया गया। इस घटना से बैरागी कैंप में दहशत का माहौल बना रहा।
पुलिस ने अब बैरागी कैंप क्षेत्र की ड्रोन से निगरानी शुरू कर दी है। मंगलवार दोपहर के समय बैरागी कैंप में एक ढाबे के समीप पाइपनुमा एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दीपक रावत, एसएसपी कृष्णकुमार वीके, एसपी सिटी ममता वोहरा, सिटी मजिस्ट्रेट जयभारत सिंह, सीओ प्रकाश देवली सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस का डॉग स्कवायड और बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा हुआ था। कनखल थाना प्रभारी अनुज सिंह ने डंडे से संदिग्ध वस्तु को पास ही खोदे गए एक गड्ढे में डाल दिया।
पुलिस ने संबंधित स्थान की बेरिकेडिंग कर उसे खाली करा दिया। चंद मिनटों में क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया। बम निरोधक दस्ते ने गड्ढे में ही संदिग्ध वस्तु से विस्फोट कर उसे निष्क्रिय करने का प्रयास किया। मौके पर एक जोरदार धमाका भी हुआ। विस्फोट के बाद उस संदिग्ध वस्तु को कब्जे में लेकर उसे घोड़ा लाइन जांच को ले जाया गया।

खुले में पेशाब करना जेई को पड़ा भारी


हरिद्वार।
जिलाधिकारी कार्यालय के पास खुले में पेशाब करना सरकारी कर्मचारी को महंगा पड़ गया। जिलाधिकारी दीपक रावत ने कड़ी फटकार लगाते हुए अधिकारी पर 1 हजार रु का जुर्माना लगा दिया।
जानकारी के अनुसार स्वछता अभियान के तहत जिलाधिकारी ने नगर निकायों की बैठक मुख्यालय में बुलाई था। बताते है कि इसी बैठक में शामिल होने मंगलौर नगर पालिका के जे ई जगदीश चन्द्र भी आये हुए थे। इसी दौरान उन्हें बहुत तेज लघुशंका लगी,ओर वह कलैक्ट्रेट में खुले में ही पेशाब करने गए। तभी जिलाधिकारी वहां आ गए और उन्होंने जेई को फटकार लगाते हुए 1 हजार रुपये का जुमार्ना लगा दिया। यही नही बैठक में मंगलौर के ईई के उपस्थित न रहने पर उनकी एक माह की सैलरी काटने के भी आदेश दे दिया।

आपत्तिजनक हालत देख पुलिस की नजरें भी झुकीं


हरिद्वार।
हयूमन ट्रैफिकिंग सेल ने कलियर क्षेत्र के दो गेस्ट हाउस में छापा मारकर सेक्स रैकेट पकड़ा। पुलिस ने छह महिलाओं समेत नौ लोगों को हिरासत में लिया।
बुधवार शाम हयूमन ट्रैफिकिंग सेल की प्रभारी साधना त्यागी ने कलियर थाना प्रभारी देवराज शर्मा के नेतृत्व में अब्दाल साहब गेट के पास स्थित एक गेस्ट हाउस पर छापा मारा। यहां पर तीन महिलाएं और दो युवक आपत्तिजनक हालत में मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने नई बस्ती स्थित एक अन्य गेस्ट हाउस में भी छापा मारा। यहां पर अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं और एक युवक मिला।
यह तीनों भी सेक्स रैकेट से जुड़े थे। पुलिस इन सभी को थाने ले आई। कलियर थाना प्रभारी देवराज शर्मा ने बताया कि युनुश निवासी रामपुर तिराहा, निसार निवासी महमूदपुर कलियर, अंकुर गुप्ता निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, देहरादून तथा छह महिलाओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आधी-आधी बांटते थे रकम: पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि गेस्ट हाउस संचालक भी मामले में पूरी तरह से संलिप्त है।
सेक्स रैकेट से जुड़ी महिलाओं के लिए गेस्ट हाउस संचालक ग्राहक लाने का काम करते थे। गेस्ट हाउस में ठहरने वाले व्यक्ति से इस बावत पूछा भी जाता था। ग्राहक मिलने पर गेस्ट हाउस संचालक फोन करके सेक्स रैकेट से जुड़ी महिलाओं को बुला लेते थे। इसके बाद ग्राहक से मिलने वाली रकम को आधी-आधी आपस में बांट लेते थे।

कामाख्या एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत


रुड़की के इकबालपुर रेलवे फाटक के पास बाइक सवार एक युवक की कामाख्या एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के दौरान इंजन के नीचे बाइक फंस गई। इससे इंजन फेल हो गया। इसके चलते करीब साढ़े चार घंटे तक कई रेल सेवाएं बाधित रहीं। 
बताया जा रहा है कि क्रासिंग पर फाटक बंद था। इसके बावजूद बाइक सवार युवक फाटक के नीचे से पटरी पार करने लगा। तभी ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान झबरेड़ा थाना क्षेत्र के बुदपुर गांव निवासी मोहित  के रूप में हुई है।
हादसे के बाद ट्रेन का इंजन फेल हो गया। इससे कई ट्रेन जहां की तहां खड़ी हो गई। इसके बाद ढंढेरा से एक और इंजन भेजा गया, लेकिन यह इंजन भी फैल हो गया। 
इस दौरान लखनऊ चंडीगढ़ एक्सप्रेस, हरिहर एक्सप्रेस, उज्जैन एक्सप्रेस, ऋषिकेश दिल्ली पैसेंजर, सहारनपुर लखनऊ पैसेंजर बीच के स्टेशनों पर खड़ी रहीं। बाद में सहारनपुर लखनऊ पैसेंजर के इंजन को भेजा गया। करीब साढ़े चार घंटे बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ। इस दौरान यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

चार दिनों में लीकेज की समस्या दूर करें विभाग: कौशिक

हरिद्वार।
गर्मी के मौसम को देखते हुए नगर की पेयजल व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए अगस्त क्रांति भवन (सीसीआर) में उत्तराखण्ड सरकार के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने बैठक ली। बैठक में उन्होंने 4 दिनों के अंदर नगर के समस्त पेयजल लीकेज को ठीक करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पेयजल लीकेज पर जीरो टालरेंस की नीति अपनायी जाएगी। यदि लीकेज मिलता है तो इसे तत्काल रूप से ठीक किया जाए। जल निगम, जल संस्थान के अधिकारी टास्क फोर्स बनाकर सर्वे कर लीकेज ठीक करें। उन्होंने एनएच द्वारा पेयजल पाइप क्षतिग्रस्त करने पर नुकसान को ठीक न करने पर एफआईआर की कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
कौशिक ने नगर में हैण्ड पम्प ठीक करने व आवश्यकता पड़ने पर ट्यूबवैल हेतु जमीन उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नगर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक कार्ययोजना बनायी जाए। 26 बड़े नालों की सफाई के लिए टेंडर कर लिए जाएं। पेयजल, जलभराव की समस्या के लिए संवेदनशील क्षेत्र चिन्हित कर लिये जाएं। लाटोवाली, कुम्हार घडी, रेलवे स्टेशन के पास, औद्योगिक क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए। श्री कौशिक ने लोक निर्माण विभाग को गड्डे मुक्त सड़कों का निर्माण व मरम्मत करने के निर्देश दिये। एचआरडीए को पार्कों सौंदर्यींकरण का निर्देश दिया। उन्होंने कुम्भ 2021 को ध्यान में रखते हुए योजनावार प्लान तैयार कर कार्य करने के निर्देश भी दिये।
मेयर मनोज गर्ग ने डेंगू नियंत्रण के लिए अभी से प्लान तैयार करने के निर्देश दिये तथा पेयजल लीकेज पर आपसी समन्वय पर बल दिया। बैठक में जिलाधिकारी एस.ए. मुरूगेशन, सीडीओ डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, सीएमओ डॉ. बी.एस. जंगपांगी, डीडीओ पुष्पेन्द्र चैहान, सचिव एचआरडीए, एमएनए अशोक पांडे, मुकेश कौशिक, अनिरूद्ध भाटी, नरेश शर्मा, विनीत जौहारी, विकास तिवारी इत्यादि उपस्थित थे।

डिजास्टर रिस्क मैनेजमेन्ट स्टडी पर चर्चा

अरुण शर्मा।
विश्व बैंक टीम ने डिजास्टर रिस्क मैनेजमेन्ट स्टडी हेतु अपनी कंस्लटेंसी फर्म द्वारा आपदा प्रबन्धन एवं न्यूनीकरण विषय को लेकर सुधारात्मक उपाय के सन्दर्भ में कार्यशाला की गई। रोशनाबाद कलक्ट्रेट सभागार में हुई कार्यशाला में आपदा प्रबन्धन से सम्बन्धित विभागों द्वारा की गई तैयारी के उपायों को साझा किया गया। आपदा प्रबन्धन हेतु विभिन्न विभागों से अपने से सम्बन्धित डाटा आंकड़ा तैयार किया। इन आंकड़ों में क्या कमियां हैं। इन कमियों को किस प्रकार से दूर किया जाए। इस सम्बन्ध में भी चर्चा की गई।
आपदा प्रबन्धन के लेकर यह फर्म ब्लाॅक लेबल पर आंकड़ों को लेकर माइक्रोलेबल पर मैपिंग कर प्लान देगी। इस प्लान का उपयोग बेहतर तरीके से आपदा के समय कर सकते हैं। यह फर्म मुख्यतः बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबन्धन को लेकर अपनी योजना प्रस्तुत करेगी। इस कार्यशाला में बताया गया कि किस प्रकार आपदा से सम्बन्धित क्षेत्रों का मूल्यांकन कर मैपिंग की जाए और आपदा के समय प्रभावी तरीके से निपटा जाए।
जिलाधिकारी एस.ए. मुरूगेशन ने कार्यशाला में कहा कि आपदा-प्रबन्धन के लिए माइक्रोलेबल पर तैयारी की जाए। विश्व बैंक टीम द्वारा द्वारा दी गई जानकारी को आपदा प्रबन्धन के लिए प्रयोग किया जाए। जनपद में बाढ़ नियंत्रण के अतिरिक्त संभावित भूकम्प और औद्योगिक क्षेत्रों के कारण हुई आपदा गैस रिसाव आदि के समय निपटने के लिए डाटा प्लान तैयार किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डाॅ ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, आपदा प्रबन्धन अधिकारी मीरा कैन्तुरा, विश्व बैंक टीम में आर.एस. नेगी,वरिष्ठ कन्स्लटेन्ट राम बर्की, प्रोजक्ट मैनेजर पी.डी. माथुर, मिस्टर टार्क, मिस्टर जूलियन, मिस्टर ल्यूस इत्यादि उपस्थित थे।

सौहार्द बनाए रखने में त्यौहारों की महत्वपूर्ण भूमिका: हरीश रावत

हरिद्वार।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मंगलौर में दीपावली मिलन कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए सभी को दीपावली एवं आगामी क्रिसमस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत में अनेक जाति एवं धर्म के लोग रहते हैं, जो अनेकता में एकता का प्रतीक हैं। सभी वर्गों में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए त्यौहारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड देश में तेजी से विकास कर रहे छः राज्यों में सम्मिलित है। हरिद्वार में अर्द्धकुम्भ एवं कांवड़ मेले का सबसे शानदार आयोजन किया गया। इस वर्ष चारधाम यात्रा ने भी नए कीर्तिमान स्थापित किया। राज्य सरकार गरीबों के कल्याण एवं महिला शसक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। हर वर्ग की महिलाओं के लिए कोई न कोई योजना चलाई है।
उन्होंने कहा कि महिला सहायता समूह, महिला मंगल दलों को इसी माह पांच हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी यदि महिलाओं के समूह कोई रोजगार कार्यक्रम चलाना चाहते है तो उन्हें अलग से आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी। कहा कि किसानों का 90 प्रतिशत गन्ना भुगतान हो चुका है, शेष गन्ना भुगतान भी शीघ्र कर दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों एवं गरीबों के उत्थान के लिए विशेष प्रयास कर रही है। सभी पात्र व्यक्तियों के पास तीन कार्ड मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड एवं आधार कार्ड अवश्य हो।
101
इस अवसर पर पूर्व विधायक काजी निजामुद्दीन, फादर एम दयाल, राव शेर मोहम्मद, चैधरी इस्लाम, राव अफाक अली, संदीप प्रधान, हाजी तहसीन अंसारी, पालिका अध्यक्ष चैधरी इस्लाम, मरगूब कुरैशी, फरमान खान, अजय मौर्य, चै0 आजादवीर, राव शेर मौहम्मद, डा0 संजीव जैन, मोनु प्रधान, दीपक पहलवान, मजाहिर हुसैन, विनोद प्रधान, नईम कुरैशी, भागमल, मरगूब कुरैशी, चै0 अथर सिंह, राजू शर्मा, अताऊर्रहमान, चै0 बीरसिंह, तुफैल कुरैशी, सुशील राठी, डा0 शराफत अंसारी आदि उपस्थित थे।

डीएम ने दिए मलिन बस्तियों का वर्गीकरण करने के निर्देश

हरिद्वार।
नगर निकायों में अवस्थित मलिन बस्तियों के सुधार, विनयमितीकरण, पुनर्वासन, पुनव्र्यस्थापना तथा उससे सम्बन्धित व्यवस्थाओं एवं अतिक्रमण निषेध नियमावली 2016 के क्रियान्वयन/ मलिन बस्ती क्षेत्रों का चिन्हांकन तथा मलिन बस्तीवासियों के पंजीकरण के लिए जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण भवन में बैठक की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जो मलिन बस्तियां चिन्हांकित की गई है उन्हें नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया जाए। ताकि कोई आपत्ति होने पर उसकी शीघ्रता से निस्तारण किया जा सके। उन्होंने समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि मलिन बस्तियों के चिन्हांकन के लिए जो एप्लीकेशन प्राप्त हो रही है, उनकी जांच कर अग्रिम कार्यवाही की जाए। सभी पात्रों को उनका अधिकार मिलना चाहिए। यदि कोई क्षेत्र अधिनियम के अनुसार मलिन बस्ती के अन्तर्गत आ रहा है तो उन्हें भी शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी मलिन बस्तियों का वर्गीकरण किया जाए कि कौन सी बस्ती किस श्रेणी के अन्तर्गत आ रही है। जो मलिन बस्तियां निर्विवाद रूप से चिन्हांकित हैं उन मलिन बस्ती क्षेत्र में निवासरत परिवारों को सूचीबद्ध कर उन्हें पंजीकृत कर पहचान पत्र जारी किये जाए।
105चुघ ने कहा कि 30 अक्टूबर तक सभी मलिन बस्ती क्षेत्रों चिन्हांकन तथा उसमें निवासरत परिवारों का सर्वेक्षण पूर्ण कर लिया जाए। जनपद हरिद्वार के सभी 09 नागर निकायों में अभी तक 107 मलिन बस्तियों का चिन्हांकन किया गया है।
मलिन बस्ती क्षेत्रों के चिन्हांकन तथा मलिन बस्तीवासियों के पंजीकरण हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति के सदस्य वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अधिशासी अभियन्ता, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण खण्ड, अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग, सचिव हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण, मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नगर आयुक्त नगर निगम रूड़की/ समस्त अधिशासी अभियन्ता नगर निकाय हैं। जबकि नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार सदस्य सचिव हैं।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजीव स्वरूप, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ललित नारायण मिश्र, नगर आयुक्त हरिद्वार नरेन्द्र सिंह, नगर आयुक्त रूड़की प्रेम लाल, सहायक नगर आयुक्त रूड़की उत्तम सिंह नेगी, अधिशासी अभियन्ता नगर निगम हरिद्वार दिनेश सिंह, अधिशासी अभियन्ता सिंचाई एच.सी.एस. राणा एवं समस्त नगर निकायों के ई.ओ. उपस्थित थे।

राष्ट्रपति दौरे के चलते नेशनल हाईवे पर चल रहा मरम्मत कार्य

हाईवे पर जाम में फंसे रहे वाहन

ऋषिकेश।
अंतिम समय में वीवीआईपी दौरे की तैयारियां लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर रही हैं। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के दौरे को लेकर इनदिनों क्षतिग्रस्त हाईवे की मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है। रविवार को सड़क मरम्मत के चलते हाईवे पर दिनभर जाम लगता रहा। रायवाला से डोईवाला तक ट्रैफिक फंसता रहा। करीब तीन घंटे भयंकर जाम से हाईवे पर वाहनों की लाइन लगी रही।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का कार्यक्रम कई महीने पहले तय हो गया था, लेकिन सरकारी विभाग अब अंतिम समय में तैयारियों में जुटे हैं। पिछले दिनों डीएम के निरीक्षण के बाद एनएचए और एरा कंपनी ने हाईवे की मरम्मत का काम शुरू किया है। रविवार को हाईवे पर जगह-जगह डामरीकरण और मरम्मत का काम कि गया। रविवार होने के चलते हाईवे पर वाहनों का दबाव रहा। ऐसे में कई जगह ट्रैफिक फंसता रहा। तीन पानी पुलिया से नेपालीफार्म के बीच वाहनों की लाइन लगी रही।

112

जौलीग्रांट से हरिद्वार तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कार्य चल रहा है। राष्ट्रपति के दौरे के चलते सड़क बनाई जा रही है। 28 सितबंर तक मरम्मत कार्य पूर्ण हो जाएगा। नेपालीफार्म से हरिद्वार तक एरा कंपनी और नेपालीफार्म से जौलीग्रांट तक एनएचए सड़क मरम्मत कर रहा है।
राजेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता नेशनल हाईवे

भाषण में सोनल, संध्या व दिया रहे अव्वल

ऋषिकेश।
आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में विद्या भारतीय अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के संकुल स्तरीय बौद्धिक व प्रश्नमंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हरिद्वार संकुल केंद्र के 7 विद्यालयों के 86 छात्रों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
रविवार को भाषण, संस्कृति ज्ञान प्रश्न मंच, स्वरचित कविता पाठ, गीत, अंताक्षरी, कला प्रतियोगिता व पत्रवाचन की प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता का आयोजन तरुण, किशोर, बाल वर्ग तीन वर्गों में किया गया। भाषण में तरुण वर्ग में सोनल, किशोर वर्ग में संध्या नेगी, स्वचरित कविता पाठ में काजल नेगी, किशेर वर्ग में नयन पंतए संस्कृति ज्ञान प्रश्न मंच में शिवम व रोशन ऋषभ ने पहला स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता बाल वर्ग में दिया सैलवाल, गीत प्रतियोगिता निकिता भूषण, कला प्रतियोगिता योगिता कंसवाल, अंताक्षरी में आकाश अंश, विपुल, संस्कृत ज्ञान प्रश्न मंच में प्रद्युम्न ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय, प्रधानाचार्य कुंज बिहारी भट्ट ने किया, जबकि समापन कार्यक्रम में विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने विजेता छात्रों को पुरस्कृत किया।
विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने आवास विकास विद्या मंदिर को 2.5 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा भी की। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डा दयाधर दीक्षित, डा गिरीश पाण्डेय, उदय प्रताप सिंह, सिम्मी नागर, सीमा राठी, राकेश शर्मा, तारादत्त जोशी, शांति प्रकाश पाण्डेय आदि शामिल थे।