पूर्व सैनिक ब्लाॅक प्रतिनिधियों के लिए खुशखबरी, मानदेय सहित यात्रा भत्ता बढ़ा

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पूर्व सैनिक ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय एवं यात्रा भत्ता वृद्धि हेतु स्वीकृति दी। पूर्व सैनिक ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में दो हजार एवं यात्रा भत्ता में एक हजार रूपये की वृद्धि।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पूर्व सैनिक ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में प्रतिमाह 2000 रूपये एवं यात्रा भत्ता में प्रतिमाह 1000 रूपये की वृद्धि की स्वीकृति दी है। इससे इनके मानदेय में 40 प्रतिशत एवं यात्रा भत्ता में दुगुनी वृद्धि होगी। अब इन्हें प्रतिमाह 7000 रूपये मानदेय एवं 2000 रूपये यात्रा भत्ता मिलेगा। मानदेय एवं भत्ते में वृद्धि से प्रतिवर्ष 34 लाख रूपये से अधिक का अतिरिक्त व्ययभार बढ़ेगा। इससे पहले ब्लॉक प्रतिनिधियों को प्रतिमाह 05 हजार रूपये मानदेय एवं प्रतिमाह 01 हजार रूपये यात्रा भत्ता मिलता था। फरवरी 2014 के बाद ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय एवं यात्रा भत्ता में वृद्धि नहीं हुई थी।

उत्तराखण्ड के सभी 95 ब्लॉक में पूर्व सैनिक ब्लॉक प्रतिनिधि नियुक्त हैं। ब्लॉक प्रतिनिधियों द्वारा महत्वपूर्ण कार्यों, दूर-दराज गांवों में वृद्ध एवं अशक्त गौरव सेनानियों से सम्पर्क करने में होने वाले व्यय एवं साधनों की कमी को देखते हुए मानदेय एवं यात्रा भत्ता बढ़ाने की मांग की जा रही थी।

घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी में एक नवंबर से होने जा रहा बदलाव, आप भी जानें

डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डॉक) यानी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर बुकिंग की रसीद कटने के बाद आने वाला ओटीपी। जी हां, एक नंवबर से घरेलू गैस की होम डिलीवरी में यह बदलाव होने जा रहा है। अच्छे से समझ लें कि बिना वन टाइम पासवर्ड बताए उपभोक्ता को गैस की डिलीवरी नहीं होगी। फिलहाल यह सिस्टम कर्मिशियल गैस सिलेंडर पर लागू नहीं होगा।

डॉक लागू होने के बाद केवल बुकिंग करा लेने भर से सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होगी। गैस एजेंसी के पास आपके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक कोड भेजा जाएगा उस कोड को जब तक आप डिलीवरी ब्वाय को नहीं दिखाएंगे, तब तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होगी। अगर किसी उपभोक्ता का मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है तो डिलीवरी ब्वाय कंपनी के मोबाइल एप के जरिये मौके पर ही आपका नंबर अपडेट करवा लेगा।

गैस कंपनियां करीब सात महीनों से डॉक पर काम कर रही हैं। सबसे पहले सिस्टम उज्जवला योजना पर लागू किया गया। अब गैस कंपनियां सभी उपभोक्ताओं पर यह सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रही हैं। प्रदेश में भी इसका ट्रायल देहरादून से शुरू हो रहा है। दून में आइओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल को मिलाकर करीब 60 गैस एजेंसियां हैं। इनमें करीब साढ़े छह लाख उपभोक्ता हैं, जिन पर यह सिस्टम लागू होने जा रहा है। बता दें कि फिलहाल ये सिस्टम कमर्शियल सिलेंडर पर लागू नहीं होगा।

शहर के बाद अब ग्रामीण क्षेत्र में वेंडिंग जोन बनाएगा नगर निगम ऋषिकेश

नगर क्षेत्र में वेंडिंग जोन का सपना साकार करने के बाद नगर निगम ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी वेंडिंग जोन की कवायद शुरू कर दी है। मेयर अनिता ममगाई ने अधिकारियों की टीम को लेकर ग्रामीण क्षेत्र गुमानीवाला अमित ग्राम स्मारक वेडिंग जोन को लेकर चयनित की गई भूमि का अवलोकन किया। मेयर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए जल्द से जल्द क्षेत्र में वेल्डिंग जोन स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्र की जनता को राहत पहुंचाने की बात कही।

बताया कि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ऋषिकेश में सुव्यवस्थित फुटकर व्यापार को लेकर सरकार की योजना वेल्डिंग वेंडिंग जोन को धरातल पर उतारा जा रहा है। प्रथम फेस में देहरादून रोड स्थित बालाजी बगीचे के निकट वेडिंग जोन स्थापित कराया गया है इसके बेहतर संकेत मिले हैं जिसको देखते हुए जल्द से जल्द निगम अपनी ड्रीम प्रोजेक्ट को पूरा कर लेना चाहता है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में जल्द ही फुटटर व्यापारियों के लिए वेंडिंग जोन को स्थापित करा दिया जाएगा।

इस दौरान नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, सहायक अभियंता आनंद मिश्रवाण, टैक्स निरीक्षक रमेश रावत, जेई उपेंद्र गोयल, पार्षद वीरेंद्र रमोला, पार्षद विपिन पंत, पार्षद बिजेंद्र मोगा, पार्षद विजय बडोनी, पार्षद कमलेश जैन, सुनील उनियाल, मदन कोठारी, विकास सेमवाल, गौरव कैंथोला आदि मौजूद रहे।

चिल्ड्रन होम एकेडमीः स्कूल प्रबंधक और हाॅस्टल वार्डन पर मुकदमा

रानीपोखरी के चिल्ड्रन होम अकादमी में बीते वर्ष 20 सितंबर 20196 को 13 वर्षीय छात्र अभिषेक रविदास पुत्र अजय रविदास निवासी पंजाब की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने यह मुकदमा खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के बाद किया है।

थानाध्यक्ष रानीपोखरी जितेंद्र चैहान ने बताया कि जांच में बात सामने आई है कि मृतक अभिषेक रविदास की लंबे समय से तबियत ठीक नहीं थी। 19 सितंबर 2019 को विद्यालय की ओर से जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया। यहां 20 सितंबर को उसकी मौत हो गई थी। मामले में मृतक के परिजनों ने बाल आयोग की शरण ली थी और मामले में दखल लेने को कहा था। इसके बाद मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला उमा पंवार कर रही थी। खंड शिक्षा अधिकारी उमा पंवार ने रानीपोखरी थाने में चिल्ड्रन होम एकेडमी के प्रबंधक व हॉस्टल वार्डन के खिलाफ लापरवाही बरतने से छात्र की मौत का मुकदमा दर्ज कराया है।

आज घर गरीब की पहुंच प्रधानमंत्री कार्यालय तकः सीएम

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बलवीर रोड, देहरादून में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत रिस्पना एवं बिन्दाल नदी के इन्टरसेप्शन कार्य एवं एक नग एसपीएस के निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों हेतु अनुमानित 63.75 करोड़ के कार्यों का भूमि पूजन एवं राजपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत बलवीर रोड पर 1.48 करोड़ की लागत के रेन बसेरे का उद्घाटन किया। रिस्पना एवं बिन्दाल नदी पर होने वाले कार्यों में 177 नालों तथा रिस्पना नदी के तटवर्ती घरों के 2901 सीवर पाइपों को टैप कर शोधन करना, 32.40 किमी केरियर लाईन का कार्य, बिन्दाल नदी पर एक नग आई एण्ड डी संरचना, एक नग सीवर पम्पिंग स्टेशन का निर्माण एवं 15 वर्षों का अनुरक्षण एवं रखरखाव का कार्य किया जायेगा। ये कार्य नमामि गंगे योजना के तहत किये जायेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए सड़कों के निर्माण हेतु 10 करोड़ रूपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि रेन बसेरे के रूप में लोगों के लिए बलवीर रोड में एक अच्छा सुविधा केन्द्र बना है। इससे बस्ती और आस-पास के लोगों को काफी सुविधा होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गंगा की निर्मलता और अविरलता का जो सपना है, उन सपनों को पूरा करने का कार्य उत्तराखण्ड आने वाले चार माह में पूर्ण कर देगा। 135 नाले जो गंगा में गिरते थे, उनमें से 128 नाले टैप किये जा चुके हैं, शेष सात नाले भी जल्द टैप किये जायेंगे। उत्तराखण्ड में जो एसटीपी बने हैं, वे अत्याधुनिक किस्म के हैं।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि आज जो भी कार्य देश में हो रहे हैं, वे अत्याधुनिक तकनीक पर हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यों से भारत को विश्व पटल पर एक अलग पहचान दिलाई है। उन्होंने भारतीय संस्कृति एवं परम्पराओं की पहचान दुनिया को करवाई है। पूरे देश में हर घर शौचालय, लोगों को जन धन खातों से जोड़ने, हर घर में गैस कनेक्शन देने का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। उन्होंने 2024 तक देश में हर घर नल एवं शुद्ध जल देने का लक्ष्य रखा है। ये सभी सुविधाएं इन मलिन बस्तियों में होंगी तो, ये मलिन बस्तियां गौरव बस्तियां बन जायेंगी। प्रदेश की मलिन बस्तियों को गौरव बस्तियां बनाने का कार्य राज्य सरकार कर रही है। दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि जब तक गरीब व्यक्ति की पहुंच सरकार तक नहीं होगी, तब तक देश का पूर्ण विकास नहीं हो सकता। आज हर गरीब की पहुंच प्रधानमंत्री कार्यालय तक है। प. दीनदयाल उपाध्याय के सपने को पूरा करने का कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही सौंग बांध का शिलान्यास किया जायेगा।

एसडीएम ने कैंप के जरिए लोगों को दी कोरोना से बचाव की जानकारी

इंदिरानगर ऋषिकेश के स्व. गैरोला स्मृति पार्क में पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कोविड-19 जागरूकता संबंधी कैंप का आयोजन किया गया। इसमें उप जिलाधिकारी वरूण चैधरी ने लोगों को कोरोना से न घबराने का आह्वान किया। कहा कि इससे बचने का उपाय फेस कवर, सैनिटाइजर, किसी भी वस्तु को खाने से पूर्व धोने, बाहर का खाना से बचने, मास्क पहनने आदि का उपयोग करने को कहा। मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य ज्योति सजवाण और वरिष्ठ नागरिक केएस थापा, डीपी रतूड़ी ने भी लोगों को कोरोना से बचाव की जानकारी दी। मौके पर करीब 56 लोगों के कोरोना टेस्ट राजकीय चिकित्सालय की टीम की ओर से किए गए। कैंप में कोरोना टेस्ट कराने हिंदू जागरण मंच के अध्यक्ष संजय प्रेम सिंह बिष्ट, दीपक रावत, आलोक कुमार, शुभम तोमर, अरविंद पवार, पंकज सिंघल, सुमित त्यागी, अजय गोयल, तरुण त्यागी, हर्षित धीमान, आयुष वालिया, शुभम वालिया, अमन वालिया, अंशुल धीमान, इंद्रसेन गर्ग, हारून, निखिल गुप्ता आदि पहुंचे।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया नए प्रदेश कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास

भाजपा का प्रांतीय कार्यालय 50 वर्ष आगे के हिसाब से बनाया जाएगा। देशभर में पार्टी कार्याकर्ताओं के सहयोग से कार्यालय बनाए जा रहे है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कही। उन्होंने नई दिल्ली से उत्तराखंड के नए भाजपा कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास किया। मौके पर उन्होंने विपक्ष की टांग खींची।

उन्होंने कहा कि एक पार्टी का कार्यालय राजनेता के निवास स्थान से संचालित होता है तो इसका मतलब है कि पार्टी उस व्यक्ति की है। पर अन्य दलों के लिए ऐसा नहीं है। उनके मामले में परिवार पार्टी बन गया है। मगर, भाजपा के लिए पार्टी ही हमारा परिवार है।

कहा, कांग्रेस हो या कोई भी क्षेत्रीय पार्टी। सभी भाई-बहन, मां-बेटे की रक्षा करने में व्यस्त हैं। कहीं तो भतीजों के साथ अनबन चल रही है। परिवार ही उनके लिए पार्टी बन चुका है। देहरादून में कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश अध्घ्यक्ष बंशीधर भगत, सांसद तीरथ सिंह रावत, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत आदि मौजूद थे। दिल्ली से राष्घ्ट्रीय अध्घ्यक्ष के साथ केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट और अजय टम्टा, राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी आदि मौजूद रहे।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का नया प्रदेश कार्यालय खड़ा हो जाएगा, जो आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस होगा।

वायुसेना का मालवाहक चिनूक हेलीकाॅप्टर ने की केदारनाथ में लैंडिंग

केदारनाथ में 2018 में क्षतिग्रस्त हुए सेना के हेलीकाॅप्टर एमआइ-17 की बाॅडी को लेने वायुसेना का चिनूक पहुंचा। करीब तीन टन क्षतिग्रस्त हेलीकाॅप्टर की भारी बॉडी को लेकर चिनूक बरेली रवाना हो गया। पुर्न निर्माण कार्य के दौरान भारी सामान ले जाने के दौरान केदारनाथ में वर्ष 2018 में एक एमआइ-17 हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हेलीकॉप्टर का इंजन वायुसेना पहले ही ले जा चुकी है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने कुछ दिनों पूर्व केदारनाथ में हेलीपैड तैयार किया था। पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने को भारी मशीनें पहुंचाई जानी हैं। वायु सेना की टीम ने इस हेलीपैड का निरीक्षण किया था। केदारनाथ में दूसरे चरण के पुनर्निर्माण कार्य अक्टूबर से प्रस्तावित हैं। इसके लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं।

पिछले दिनों मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने केदारनाथ में व्यवस्थाओं का जायजा लिया था और डीडीएमए को दस दिन के भीतर हेलीपैड तैयार करने के निर्देश दिए थे।

शीतकाल के लिए गोपीनाथ मंदिर में विराजित हुए भगवान रूद्रनाथ

भगवान रूद्रनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए है। शनिवार को पूरे विधि विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान रूद्रनाथ को गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर में विराजित किया गया। इससे पूर्व चतुर्थ केदार भगवान रूद्रनाथ को भक्तों ने नए अनाज का भोग लगाया और परिवार की कुशलता की कामना की।

मंदिर के कपाट बंद होने के बाद सुबह सात बजे पंडित महादेव प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में रुद्रनाथ की उत्सव डोली पंचगंगा, पित्रधार, पनार बुग्याल, ल्वींटी बुग्याल होते हुए सगर गांव पहुंची। यहां ग्रामीणों ने अपने आराध्य देवता को भोग लगाया और पूजा-अर्चना की। इस दौरान रुद्रनाथ भगवान की पंचमुखी आरती भी की गई।

खाली पदों को भरने के लिए सिडकुल के उद्यामियों और राज्य सरकार एमओयू करेंः हरीश रावत

पूर्व मुख्यमंत्री व पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत बेरोजगारी के खिलाफ सरकार का ध्यान आकर्षित करने हरिद्वार पहुंचे है। यहां वह सिडकुल पर पैदल पदयात्रा निकालेंगे। हरीश रावत ने कहा कि उन्होंने संकल्प लिया था कि बढ़ती बेरोजगारी को लेकर हरिद्वार और रुद्रपुर सिडकुल में नौ लोगों के साथ परिक्रमा करूंगा। इसका उद्देश्य सिडकुल में खाली पड़े पदों पर स्थानीय युवाओं को रोजगार और जो कार्यरत लोगों को उनकी मेहनत का उचित मेहनताना मिलना है।

पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह बेरोजगारी मुद्दे पर राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि खाली पदों को भरने को लेकर सिडकुल क्षेत्र के उद्यमियों के साथ राज्य सरकार एक एमओयू हस्ताक्षर करंे। इसको लेकर पहले हुए समझौतों को सख्ती से लागू किया जाए।