टिहरी जिले के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में शातिर चोर बाइक के साथ पकड़ा गया

मुनिकीरेती थाना प्रभारी कमल सिंह भंडारी ने बताया कि बीती 30 जून को गोपाल अग्रवाल, निवासी गंगा स्थल, मुनिकीरेती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी बाइक कैलास गेट स्थित मद्रास कैफे के आगे खड़ी कर रखी थी। कुछ समय बाद वापस आकर देखा तो बाइक गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक नहीं मिली। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बाइक समेत शातिर चोर को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। कैलास गेट चैकी प्रभारी अमित कुमार ने हत्थे चढ़े आरोपी की पहचान रोहित निश्चल पुत्र स्व. चंद्रभान निश्चल, निवासी मूल न्यू नंदपुरी कंकरखेड़ा, मेरठ, यूपी हाल निवासी रुड़की के रूप में कराई है।

तपोवन पुलिस ने हंगामा करने पर आठ युवकों का काटा चालान

मुनिकीरेती थाना पुलिस को दोपहर सूचना मिली कि तपोवन स्थित गंगा किनारे नीम बीच पर कुछ युवक हंगामा मचा रहे हैं। इससे अन्य पर्यटकों को दिक्कत हो रही है। सूचना मिलने पर तपोवन चैकी प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और आठ युवकों को दो कारों समेत चैकी ले आए। जहां पर पुलिस ने वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की।

पुलिस ने विकास पुत्र फुल कुमार निवासी शिवा पानीपत चांदनी बाग, विक्की पुत्र चंद्रभान निवासी झज्जर, प्रवीण पुत्र बच्चों सिंह निवासी ग्राम बोडिला झज्जर, आशीष पुत्र राम सिंह निवासी झज्जर, रामू पुत्र सुख सिंह ग्राम सहसपुर, सयोधरा जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश, रोहित कादयान पुत्र जितेंद्र सिंह निवासी ग्राम सिवान, सदर जिला पानीपत, पवन डबास पुत्र अशोक डबास निवासी कंधा वाला सिटी, दिल्ली, दीपक पुत्र नरेंद्र निवासी ग्राम बिचपड़ी, सोनीपत हरियाणा का पुलिस ऐक्ट में चालान किया। इसके बाद सख्त हिदायत देकर छोड़ा।

गंगा की तेज धारा की चपेट में आया हरियाणा का युवक


शिवपुरी में गंगा में नहाने के दौरान एक युवक गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गया। दोस्तों की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू किया। मगर, युवक का कहीं पता नहीं चल सका है।

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक रविंद्र (36) पुत्र दलजीत सिंह निवासी ग्राम बुपनिया थाना बादली, जिला झज्जर, हरियाणा अपने दोस्त ओमवीर पुत्र जयकरण सिंह निवासी नजफगढ़, दिल्ली, रविंद्र कुमार पुत्र भूप सिंह निवासी सोनीपत, हरियाणा, सुशील सिंह पुत्र राज सिंह निवासी दिल्ली के साथ सोमवार शाम ऋषिकेश पहुंचा था। चारों दोस्त मंगलवार सुबह सात बजे शिवपुरी में गंगा में नहाने के लिए उतर गए। नहाते समये रविंद्र पुत्र दलजीत अचानक गंगा के तेज बहाव में आकर बहने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन वह गंगा के बहाव में ओझल हो गया। दोस्तों ने तत्काल इसकी सूचना शिवपुरी पुलिस को दी। मौके पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया।

साइकिल यात्रा का हुआ आयोजन, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ऋषिकेश साइकिल क्लब ने साइकिल यात्रा का आयोजन किया। इसके तहत क्लब सदस्य ऋषिकेश, बैराज, कौड़िया गांव होते हुए 35 किमी दूर पर्वतीय क्षेत्र किमसार पहुंचे। क्लब सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि क्लब का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण व सेहत को लेकर जागरूक करना है। वर्तमान में क्लब में 21 रेड राइडर्स हैं। क्लब सदस्य एम्स के नेत्र चिकित्सक डा. नीति गुप्ता ने कहा कि पिछले साल के कोरोना काल से बहुत से लोगों ने साइक्लिंग शुरू की। यह पर्यावरण संरक्षण के साथ ही स्वयं को फिट रखने का बेहतर तरीका है।

किमसार में साइकिल से पहुँचने वाले रेड राइडर्स जितेन्द्र बिष्ट, पंकज अरोड़ा, विपिन शर्मा, मनोज रावत, नरेन्द्र कुकरेजा, विपिन बबलू, देवेन्द्र राजपूत, विक्रम शेडगे, राजेश सूद, हरीश दरगन, दिग्विजय तोमर व मनीष मिश्रा टीम में शामिल थे।

ऋषिकेश पहुंचे मुरारी बापू का विरक्त वैष्णव मंडल ने किया भव्य स्वागत

अखिल भारतीय संत समिति विरक्त वैष्णव मंडल के सभी महामंडलेश्वर महंतो ने मुरारी बापू का स्वागत किया।

राम तपस्थली आश्रम के संस्थापक अध्यक्ष महामंडलेश्वर दयाराम दास महाराज की अध्यक्षता में वैदिक मंत्रोचार के साथ ऋषि कुमारों ने मुरारी बापू का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। महामंडलेश्वर दया रामदास महाराज, महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज ने समस्त संत समाज की ओर से मुरारी बापू को उत्तरीय उड़ा कर उनका अभिवादन किया। सभी संत समाज ने मिलकर मुरारी बापू को तुलसी का पौधा भेंट किया। इस अवसर पर मुरारी बापू ने ब्रह्मपुरी में आधा घंटा बैठकर गंगा तट के किनारे मां गंगा की पूजा अर्चना, दूधाभिषेक व मां गंगा की आरती की।

मुरारी बापू ने कहा कि संत समागम, हरि कथा, मिले ना बारंबार, संतों का जहां भी सत्संग हो जहां भी संतों का दर्शन हो, वह स्थान कभी भी किसी मानव को छोड़ना नहीं चाहिए। तुरंत संतो के दर्शन कर लेनी चाहिए। यह बड़े भाग्य से प्राप्त होते हैं क्योंकि संतों का ह्रदय गंगा के जैसे पवित्र निर्मल व सरल सदा रहता है। बापू की रामकथा देवप्रयाग जाने से पूर्व ब्रह्मपुरी में सभी संतो के साथ बैठकर राम नाम संकीर्तन व सभी संतो से संत मिलन बापू श्री के द्वारा किया गया।

महामंडलेश्वर अभिराम दास महाराज ने सभी संतो के प्रतिनिधि के रूप में बापू श्री का अभिनंदन किया। मौके पर महामंडलेश्वर दया रामदास महाराज, महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज, महंत महावीर दास, महंत सुरेश दास, महंत चक्रपाणि दास, महंत लोकेश दास, तुलसी मानस मंदिर के अध्यक्ष पंडित रवि शास्त्री, दीपक दास, महंत सतुआ बाबा वाराणसी, अभिषेक शर्मा ‌आदि मौजूद थे।

डा. थपलियाल की विशेष सक्रियता से आवाज साहित्यिक संस्था पूरा किया एक वर्ष, सफलतम रहे 320 एपिसोड

जनकवि डा. अतुल शर्मा की कलम से….
डा. सुनील दत्त थपलियाल से मैं जब भी मिला तब तब उन्हें ऊर्जा और उत्साह से भरा हुआ पाया। ऋषिकेश में हुए एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मैने शिरकत की। तब वहां डा. थपलियाल से मिला। एक स्वाभिमानी चेहरा, गठीला शरीर, चेहरे पर हमेशा की तरह मुस्कान। जब कार्यक्रम शुरु हुआ तो उन्हें सबसे पहले बुलाया गया। उद्बोधन की अदभुत कला बाजी शब्द के अनुशासन और सलीके से बात करते हुए वे धाराप्रवाह बोलने लगे। स्वागत का कार्यक्रम चला और साथ ही डॉ थपलियाल द्वारा संस्कृत की सूक्तियां के साथ मंत्रपाठ भी अनवरत् जारी रहा। बहुत गरिमामय वातावरण पूरे कार्यक्रम में उनकी वजह से बना रहा। मैने तो वहां कहा कि आपकी जिव्हा पर सरस्वती विजमान है। इस पर वे विनम्रता से झुक कर प्रणाम करने लगे चेहरे पर मुस्कान दिल में सम्मान की सूक्ति, यही पहचान है उनकी, संपूर्ण ऋषिकेश के साथ ही सम्पूर्ण उत्तराखंड के मंच संचालन का दायित्व संभालने में दक्ष हर प्रकार के कार्यक्रम के प्रबंधन में बेहतरीन भूमिका निभाने वाले डॉ सुनील दत्त अपने व्यवहार वाणी सेवा व सहयोग के लिए संपूर्ण क्षेत्र मै अच्छी प्रतिष्ठा रखते हैं।

वैश्विक संकट की घड़ी में
कोरोना महामारी से जब संपूर्ण जगह लॉकडाउन हो गया था। सब कुछ बंद हो गया। पर डॉ सुनील ने सामाजिक सेवा के साथ साहित्यिक सेवा को सोशलमीडिया के माध्यम से सक्रिय रखने का निर्णय अपने पूरी आवाज साहित्यिक संस्था की टीम के साथ लिया । 22 जून 2020 से आवाज साहित्यिक संस्था पेज पर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया, जिसमें साहित्य, संस्कृति, संवाद की तीन धाराओं को जोड़कर आवाज की आवाज को जन जन की आवाज के रूप में प्रस्तुत किया गया, जो लाखों लोगों की बेहतरीन पसंद बनी हुई है।
इसी बीच मैंने डा. सुनील दत्त थपलियाल को मोबाइल पर देखा। वे आवाज साहित्य संस्था ऋषिकेश द्वारा एक कार्यक्रम चला रहे थे। इसमें साहित्य कला संस्कृति से जुड़े व्यक्तित्वो को आमंत्रित करके बड़ा काम कर रहे थे। अपने लाईव प्रसारण के एक वर्ष पूरे करने पर 22जून को डिजिटल आवाज कार्यक्रम की वर्ष गांठ थी तो मै उनके पेज से जुड़ा था।
आवाज के साहित्यकारों की कवि गोष्ठी में जुड़ा। लेकिन इस पेज पर भी जब डॉ सुनील मुखर होते है। तो एक अलग ही आनन्द आ जाता है। यही पहचान है। शब्दो का अपार भंडार है उनके पास। संपूर्ण देश के साहित्यकारों को ऋषिकेश से जोड़कर सात समंदर पार भी आवाज को प्रसिद्धि दी है ।

कुछ समय पहले जब ….
एक दिन वे घर पर आये। मैं अजबपुर में रहता था। बारिश से भीगते हुए। उनके साथ शिवप्रसाद बहुगुणा भी थे। मैने समझ लिया। खैर मैने बहुगुणा जी के काव्य संग्रह मै देवभूमि से बोल रहा हूं को वही पढा और भूमिका लिख कर उन्हे सौप दी। इस समय भी साहित्य की चोकड़ी जम गई काफी देर तक साहित्य पर चर्चा चलती रही।
पिछले दिनो इसी पेज पर कवि गोष्ठी मे भाई प्रबोध उनियाल, रामकृष्ण पोखरियाल, महेश चिटकारिया, सत्येन्द्र सोशल, अशोक क्रेजी, नरेंद्र रयाल आदि ने काव्य पाठ किया तो मैंने उसकी अध्यक्षता की। डॉ सुनील के अदभुत संचालन में चले कार्यक्रम मै आंनद आ गया।

सबसे बड़ी बात है उनकी विनम्रता, कर्मठता, अध्ययन और परमार्थ
समय व परिस्थिति के साथ बेहतरीन अनुकूलन करने वाले, आवाज साहित्यिक संस्था के लाईव प्रसारण के संयोजक सुनील आज प्रत्येक साहित्यकार, संस्कृति संवाहक, संवाद के विशेषज्ञों के साथ ही आम दर्शकों में अपनी बेहतरीन पहचान बनाए हुए हैं। वर्तमान में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में सेवा देते हुए हर कार्य को बखूबी से निभाते हैं।
मै ईश्वर और ऋषिकेश नारायण से कामना करता हूं कि वे दीर्घायु हो लगातार उन्नति के नये आयाम छुये।

पीटीसी नरेंद्र नगर से 17 पुलिस उपाधीक्षकों ने पास किया प्रशिक्षण, उत्तराखंड पुलिस में हुए शामिल

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पीटीसी नरेन्द्र नगर में पुलिस उपाधीक्षक आधारभूत प्रशिक्षण दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षणरत पुलिस उपाधीक्षकों को प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने पर सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री द्वारा जिन पुलिस उपाधीक्षकों को सम्मानित किया गया उनमें रीना राठोर, नताशा सिंह, अभिनय चैधरी, स्वप्निल मुयाल, सुमित पाण्डे शामिल हुए। इस बार 17 पुलिस उपाधीक्षकों ने पीटीसी नरेन्द्र नगर से अपना प्रशिक्षण पूरा किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पी.टी.सी में आडिटोरियम का निर्माण किया जायेगा। साइबर क्राइम को रोकने हेतु कोर्सेज शुरू किये जायेंगे। पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों में कार्यरत प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण भत्ता दिया जायेगा।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रशिक्षण के उपरांत पास आउट होने वाले सभी पुलिस उपाधीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि किसी विशेष उद्देश्य की प्राप्ति के लिए दी जाने वाली शिक्षा ही प्रशिक्षण है। प्रशिक्षण कोई एक दिन में पूर्ण होने वाला वन टाइम टास्क नहीं है, अपितु उसके अनुरूप खुद को बदलना पड़ता है। प्रशिक्षण ही वह माध्यम है जिसके द्वारा हम अपने पेशेवर कार्यों को तेजी व दक्षता से करने में सक्षम होते हैं। उन्होंने कहा कि पी.टी.सी प्रशिक्षुओं को कानूनों की जानकारी के अलावा शस्त्र संचालन आदि अनेक प्रकार के जरूरी कौशल का प्रशिक्षण भी दिया गया होगा, परंतु क्षमताओं का वास्तविक आकलन तो तभी होगा जब हम अपने सीखे हुए ज्ञान एवं कौशल को अपने व्यवहारिक जीवन सही व सहज तरीके से प्रयोग करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य की कई विविधताएं हैं, कठिन भौगोलिक परिस्थिति एक सबसे बड़ी चुनौती है जहां – बाढ़, बादल फटना, भू-स्खलन, भूकम्प जैसी प्राकृतिक आपदाओं के अतिरिक्त सड़क दुर्घटनाओं का यदा-कदा सामना करना पड़ता है, ऐसे में हमारी राज्य पुलिस की भूमिका अन्य राज्यों की तुलना में और भी चुनौतीपूर्ण होजाती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड एक पर्यटक एवं धार्मिक स्थल बहुल राज्य है, यहां बाहर से प्रतिवर्ष उसकी कुल आबादी दोगुने से भी अधिक पर्यटक एवं श्रद्धालु आते हैं। पर्यटन उद्योग राज्य की आय का प्रमुख स्रोत भी है, ऐसे में राज्य पुलिस की भूमिका अत्यन्त ही महत्वपूर्ण हो जाती है। पुलिस को न केवल पर्यटकों के आवागमन को सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभानी है, अपितु पर्यटकों को सुरक्षित भी महसूस करवाना होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में साईबर एवं डिजिटल तकनीकी के माध्यम से होने वाले आर्थिक अपराधों, साईबर अपराधों एवं सामाजिक अपराधों से निपटना पुलिस के लिए प्रमुख चुनौती है। इसको भी ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण के दौरान साइबर अपराधों से निपटने की भी जानकारी उन्हें दी गई होगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पुलिस अन्य अपराधों के अलावा साइबर और संगठित अपराधों पर रोक लगाकर राज्य में चैतरफा सुरक्षा का माहौल तैयार करेंगे। कोरोना संकट के इस दौर में उत्तराखण्ड पुलिस ने कई नई-नई चुनौतियों का सामना किया है।

पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस के सामने अनैक चुनौतियां हैं। पुलिस को नई-नई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए यह कठिन प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस में जन सेवक के गुण होने बहुत जरूरी हैं। हमारा मकसद पीड़ित केन्द्रित होना चाहिए। हमारा प्रयास होना चाहिए कि समाज के ऐसे लोगों को न्याय दिलाया जाए जो सुविधाओं से वंचित हैं। पुलिस के पास यूनिफार्म के साथ ही कानूनी अधिकार भी है।

इस अवसर पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, अपर पुलिस महानिदेशक, डॉ. पीवीके प्रसाद, पुलिस महानिरीक्षक, प्रशिक्षण पूरन सिंह रावत, निदेशक पी०टी०सी० राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी टिहरी ईवा आशीष श्रीवास्तव, एसएसपी टिहरी तृप्ति भट्ट आदि उपस्थित थे।

मुनिकीरेती पालिका की बोर्ड बैठक संपन्न, कई अहम प्रस्तावों हुए पास


नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला में अब फेरी व्यवसासियों को वेंडिंग जोन का लाभ मिलेगा। अधिशासी अधिकारी बद्रीप्रसाद भट्ट ने बताया दीनदयाल अंत्योदय योजना के अंतर्गत वेंडिंग जोन बनाने बोर्ड के सदस्यों ने सहमति जताई है। दीनदयाल अन्त्योदय योजना के अंतर्गत फेरी व्यवसाइयों हेतु वेंडिंग अथवा नान वेंडिंग जोन हेतु व्यवस्था बनाए जाने पर सर्व सहमति प्रदान की गई।

मुनिकीरेती नगर पालिका परिषद के सभागार में पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई। जिसमें बिदुवार विषयों पर चर्चा की गई। जिसमे मुनिकीरेती के ढालवाला, चैदहबीघा और शीशमझाड़ी क्षेत्र में सड़कों पर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के एक प्रस्ताव पारित किया गया। जिसके तहत अब पालिका रेन हार्वेस्टिंग कार्य के लिए जलसंस्थान को धनराशि देगा। जिससे जलभराव की समस्या का निजात किया जाएगा। इसके साथ हीअवस्थापना विकास निधि से निकाय क्षेत्र की छोटी- छोटी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।

पार्किंग द्वितीय (कुंभ मेला मैदान) में निर्मित टीन शेड के स्थान पर निकाय की ओर से गेस्ट हाउस व कैंटीन का निर्माण किया जाएगा। साथ ही वार्ड 9 में निर्मित बारात घर के पुनर्निमाण पर सहमति बनी।

बोर्ड बैठक में सभासद मीनू गोडियाल, सुभाष चैहान, धर्म सिंह, बबीता रमोला, गजेंद्र सिंह सजवाण, वीरेंद्र चैहान, सुषमा नेगी, मनोज विष्ट, विनोद सकलानी, वंदना थलवाल, नामित सभासद सोविता भंडारी, अवर अभियंता रूपेश भट्ट, शिल्पा, अजय कुमार उपस्थित थे।

शासन से स्वीकृति के बाद नरेंद्रनगर विस के दुर्गम इलाकों को सड़कों से जोड़ा जाएगा

टिहरी गढ़वाल के नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में दुर्गम इलाकों को मोटर मार्गो से जोड़ने की योजनाएं परवान चढ़ती दिख रही है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के अथक प्रयासों के बाद यहां चार मोटर मार्गों के निर्माण को शासन की ओर से वित्तीय स्वीकृति दी जा चुकी है। इसके तहत 18 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाना है। कैबिनेट मंत्री के इस प्रयास पर विधानसभा वासियों ने आभार व्यक्त किया है।

संयुक्त सचिव श्याम सिंह ने जारी पत्र में बताया कि राज्य योजना के अंतर्गत नरेंद्र नगर विधानसभा दोगी पट्टी क्षेत्र में चार किलोमीटर बेरनी-रौंदेली मोटर मार्ग के अंतिम बिंदु से शिवपुरी-जाजल मोटर मार्ग, चार किलोमीटर गूलर नाई मठियाणी मोटर मार्ग से भांगला मोटर मार्ग, चार किलोमीटर ग्रामसभा बांसकाटल मोटर मार्ग, छह किलोमीटर हिंडोला से मुंडाला भरवाणी मोटर मार्ग का नवनिर्माण किया जाना है। सभी कार्यों के प्रथम चरण की निर्माण धनराशि 98.84 लाख रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैैं।

वहीं विधानसभा के लोगों ने कैबिनेट मंत्री के इस प्रयास की जमकर सराहना की है। मुनि की रेती पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री कि विकासपरक सोच से ही यह कार्य संभव हो पाया है। नरेंद्र नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने कहा कि कैबिनेट मंत्री के अथक प्रयासों से ही इस विधानसभा के अति दुर्गम इलाकों को सड़कों से जोड़ा जा सका है। ब्लाक प्रमुख राजेंद्र भंडारी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के प्रयासों से दिनों दिन नरेंद्र नगर विधानसभा में विकास कार्य हो रहे हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश भट्ट महामंत्री भगवती काला, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश सेंगर, दोगी पट्टी के गजेंद्र राणा, विशाल राणा, केदार सिंह चैहान, कान सिंह ढिकोला, धीरेंद्र चैहान, सचेंद्र चैहान, रामेश्वरी चैहान, तेजपाल राणा, अर्जुन धवांण, रमेश पुंडीर आदि ने भी सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिलने पर कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया है।

मुनिकीरेती में चला महा सेनिटाइजेशन अभियान, पालिका कर्मियों ने लोगों को किया जागरूक

मुनिकीरेती नगर पालिका परिषद ने आज पूरे क्षेत्र में महा सेनेटाइजेशन अभियान चलाया। इसके तहत सभी 11 वार्डों में पालिका की टीम ने छिड़काव किया और कोरोना से बचाव के लिए लोगों को जागरूक भी किया।

पालिका की टीम ने कैलाश गेट, भजनगढ़, शीशमझाड़ी, चैदहबीघा, आनंद विहार, ढालवाला, दून विहार आदि क्षेत्र में सेनेटाइजेशन किया। लोगों से कोविड नियमों का पालन करने की अपील भी की गई। अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने बताया कि पालिका कोरोना से बचाव के लिए लगातार सेनेटाइजेशन में जुटी है। मौके पर स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार, सतेंद्र थपलियाल, रंजन कंडारी, सफाई नायक देवेंद्र, मायाराम, राजू, महिपाल, महेश कुमार, अशोक कुमार आदि शामिल रहे।