अलकनंदा में नहा रहे थे चार बच्चे, दो सगे भाई बहे

नदी किनारों पर बच्चों की जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। रविवार को देवप्रयाग में अलकनंदा नदी में नहाने गए बच्चों के साथ भी ऐसा ही हादसा घटित हो गया। यहां पैर फिसलने से दो सगे भाई नदी में बह गए। एसडीआरएफ के द्वारा व्यापक स्तर पर बच्चों की तलाश में सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि घटना धनेश्वर मंदिर देवप्रयाग थाना देवप्रयाग (पौड़ी गढ़वाल) की है। यहां अलकनंदा नदी के किनारे दोपहर के वक्त 4 बच्चे खेलने के लिए गए। जिसमें से दो बच्चे शाम 5 बजे के आसपास घर वापस आ गए। बच्चों ने बताया कि उनके साथ गए दो लड़के आदेश पुत्र हीरालाल उम्र 12 वर्ष अभिषेक पुत्र हीरालाल उम्र 8 वर्ष निवासी ग्राम पुंडल देवप्रयाग पौड़ी गढ़वाल नदी के पास खेल रहे थे। खेलते समय अभिषेक का पैर फिसल गया जिससे वह नदी में गिर गया। अभिषेक को बचाने के लिए उसका बड़ा भाई आदेश पानी में बह गया।

इस घटना से दो अन्य बच्चे डरकर घर भाग आए और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना पर एसडीआरएफ श्रीनगर ने रात को सर्च ऑपरेशन शुरू किया। डाइविंग टीम और जल पुलिस के जवानो के साथ सर्चिंग जारी रही लेकिन बच्चों का कुछ पता नहीं चल सका। सोमवार को ढालवाला से एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। एसडीआरएफ द्वारा राफ्ट व डीप डाइविंग उपकरणों के माध्यम से संभावित जगहों पर सर्चिंग की जा रही है।

उत्तराखंड सदन से सीएम ने रवाना किया जोशीमठ आपदा को राहत सामग्री वाहन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन में भाजपा उत्तराखंड प्रकोष्ठ, फरीदाबाद व हरियाणा प्रोग्रेसिव स्कूल कांफ्रेंस सहित अन्य संस्थाओं द्वारा जोशीमठ में आई आपदा हेतु उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री के वाहनों को रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनका आभार व्यक्त करते हुये कहा कि ऐसे समय पर सामग्री के माध्यम से सभी लोग सहायता के लिए आ रहे हैं। हमारा भी प्रयास है कि सभी की सहायता हो। केंद्र सरकार के सहयोग से जोशीमठ के पुनर्वास और प्रभावितों को राहत पहुंचाने का कार्य हो रहा है। अन्य संस्थाओ द्वारा भी राहत सामग्री भेज कर मदद की जा रही है।

इस अवसर पर भाजपा फरीदाबाद उत्तराखंड प्रकोष्ठ जिला सचिव भारती भाकुनी, जिला संयोजक चंदन नेगी, उत्तराखंड प्रकोष्ठ जिला कार्यकारिणी में जिला सह संयोजक गिरीश चंद सती, आईटी प्रमुख मनीष डंगवाल आदि उपस्थित थे।

जनता के लिए समर्पित है सरकार, अधिकारियों की कार्यशैली निराशाजनक-अग्रवाल

क्षेत्रीय विधायक और मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने नेशनल हाईवे द्वारा किये जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तय समय के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण न होने पर मंत्री डा. अग्रवाल ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है, वहीं दूसरी ओर अधिकारियों की कार्यशैली निराशाजनक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तीन दिन के भीतर ठेकेदार के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाए। साथ ही 31 मार्च तक निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए।
शुक्रवार को मंत्री डा. अग्रवाल हरिद्वार मार्ग स्थित पुरानी चुंगी पहुंचे। यहां पर नेशनल हाईवे के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की जानकारी मांगी। जिस पर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नेपाली फाॅर्म से कोयलघाटी (7.8 किलोमीटर) तक सड़क के दोनों ओर दो-दो मीटर की टाइल्स को लगाया जाना है, जबकि कोयलघाटी से दून तिराहा (1.7 किलोमीटर) तक बीच सड़क में डेढ़ मीटर का डिवाइडर तथा डिवाइडर के दोनों ओर सात-सात मीटर चैड़ी सड़क तथा उसके बाद दो-दो मीटर की दोनों ओर टाइल्स तथा उसके बाद डेढ़-डेढ़ मीटर चैड़ा नाला बनना है।
विभागीय अधिकारियों ने मंत्री डा. अग्रवाल को बताया कि निर्माण कार्य सात करोड़ 49 लाख रूपये में किया जाना है। बताया कि इस कार्य को 26 अक्टूबर 2022 को पूर्ण किया जाना था। इस पर मंत्री डा. अग्रवाल ने नाराजगी व्यक्त की और कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा के सौंदर्यीकरण के लिए उनकी ओर से अनेक कदम उठाये जा रहे हैं, मगर अधिकारी अपनी लचर कार्यशैली के चलते जनता को भ्रमित कर रहे है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि निर्माण कार्य तय समय बीत जाने के बाद भी पूरी तरह शुरू नहीं हो सका है। डा. अग्रवाल ने कड़े शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य 31 मार्च तक पूर्ण किया जाए। साथ ही तीन दिन के भीतर ठेकेदार के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाए।
इस मौके पर एनएच के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, मंडल अध्यक्ष सुमित पंवार, प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, सरदार सतीश सिंह, पार्षद शिव कुमार गौतम, कविता शाह, नितिन सक्सेना, विवेक शर्मा, रंजन अंथवाल, अभिनव पाल, जगावर सिंह, सहायक अभियंता अमित कुमार वर्मा, अपर सहायक अभियंता विकास परमार, अपर सहायक अभियंता छत्रपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।

प्रदेश की नदियों को बचाने और चेक डैम बनाने के निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में प्रदेश की नदियों को बचाए जाने और चेक डैम बनाए जाने आदि के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों के साथ बैठक आयोजित हुई।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश की नदियों के पुनरोद्धार के लिए प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नदियों को बचाने के लिए प्राधिकरण बनाए जाने की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने जनपद स्तरीय और राज्य स्तरीय प्राधिकरण बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा आधारित नदियों को बचाने के लिए उनके श्रोत से राज्य की सीमा तक कार्य करने की आवश्यकता है। यह काम सुचारू रूप से हो सके इसके लिए सिंचाई, लघु सिंचाई, जलागम और वन विभाग को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य को लगातार मॉनिटर किया जाए। इसके लिए एक डेडिकेटेड सेल का गठन किया जाए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि वन विभाग और सिंचाई विभाग द्वारा अपने अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक चेक डैम बनाएं जाएं। इससे भूजल स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि चैक डैम और वृक्षारोपण आदि के माध्यम से लगातार इस दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर वन विभाग से डी.एस. मीणा ने टिहरी जनपद में हेंवल नदी के पुनरोद्धार के लिए किए गए प्रयासों पर एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्य सचिव ने उनके प्रयासों को सराहते हुए कहा कि इस कार्य को पूरे प्रदेश में किस प्रकार से लागू किया जा सकता है, इसके लिए कॉन्सेप्ट पेपर तैयार किया जाए।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, हरिचन्द्र सेमवाल सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि हुई घोषित

विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट बृहस्पतिवार 27 अप्रैल को प्रातः 7 बजकर 10 मिनट पर खुलेंगे। जबकि गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा का दिन 12 अप्रैल निश्चित हुआ। राजदरबार नरेंद्र नगर में बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर आयोजित धार्मिक समारोह में राजपुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने पंचांग गणना पश्चात विधि विधान से कपाट खुलने की तिथि का विनिश्चय किया तथा महाराजा मनुजयेंद्र शाह ने कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की।
वहीं, गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा अर्थात भगवान बदरीविशाल के अभिषेक के लिए तिलों के तेल तेल पिरोने हेतु 12 अप्रैल की तिथि निश्चित हुई। समारोह में टिहरी राजपरिवार सहित श्री बदरी-केदार मंदिर समिति, डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन मौजूद थे। इससे पूर्व श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के प्रतिनिधियों ने तेलकलश राज महल के सुपुर्द किया। इस अवसर पर महाराजा मनुजयेंद्र शाह, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, बदरीनाथ धाम के रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी, राजकुमारी शिरजा शाह, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, उपाध्यक्ष किशोर पंवार, स्वामी मुकुंदानंद, नितेश चैहान, मंदिर समिति सदस्य, श्रीनिवास पोस्ती, पुष्कर जोशी, आशुतोष डिमरी, वीरेंद्र असवाल, भास्कर डिमरी, राजपाल जड़धारी, डिमरी धार्मिक पंचायत अध्यक्ष विनोद डिमरी, तथा मंदिर समिति पूर्व सदस्य हरीश डिमरी, मंदिर समिति मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह, अनिल ध्यानी, भुवन चंद्र उनियाल, राधाकृष्ण थपलियाल, आरसी तिवारी, रमेश नेगी, रवीन्द्र भट्ट, प्रमोद नौटियाल, डा. हरीश गौड़, टीका प्रसाद, नरेंद्र डिमरी राजेंद्र डिमरी हेमचंद्र डिमरी अनुज डिमरी, माधव नौटियाल, आचार्य कृष्णानंद नौटियाल आदि मौजूद रहे। मंदिर समिति की ओर से बताया गया कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि शिवरात्रि 18 फरवरी को श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में तय होगी। अक्षय तृतीया इस वर्ष 22 अप्रैल को है श्री गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया को खुलते है। इस संबंध में श्री गंगोत्री तथा यमुनोत्री मंदिर समिति द्वारा कपाट खुलने की तिथि और समय की घोषणा की जाएगी।

श्री भरत जी महाराज को गंगा स्नान कराने के लिए उमड़े श्रद्धालु

ऋषिकेश वसंतोत्सव के तहत बसंत पंचमी के पावन पर्व पर तीर्थनगरी में गाजे-बाजे के साथ श्री भरत भगवान की डोली शोभायात्रा निकाली गई। घंटे गढ़ियालो और पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों की ध्वनि के साथ निकली धर्म यात्रा का श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शहरभर में स्वागत किया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने हृषिकेश नारायण भगवान भरत महाराज के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने भरत भगवान को भोग लगाकर सुख समृद्धि की मनौती भी मांगी। माना जाता है कि बसंत पंचमी से ही होली महोत्सव का शुभारंभ हो जाता है। आज ही के दिन भरत महाराज को रंगों से होली भी खिलाई जाती है और सभी भक्तगण एक-दूसरे पर गुलाल फेंक कर भगवान के साथ होली भी मनाते हैं। पितांबर रंग जिसे हम पीला रंग कहते हैं वह भगवान को बहुत ही प्रिय है। इसलिए लोग गुलाल चढ़ाकर और भगवान को भेली का भोग बसंत पंचमी में लगाया जाता है। उधर बसंत पंचमी के अवसर पर प्राचीन श्री भरत मंदिर परिसर में आयोजित मेले में लोगों ने झूलों और विभिन्न व्यंजनों का भी जमकर लुफ्त उठाया।
बसंत पंचमी पर्व पर ब्रह्म मुहूर्त में पौराणिक श्री भरत मंदिर में भगवान श्री भरत नारायण की विधिवत पूजा अर्चना शुरू हुई। दोपहर में आरती पूजन के बाद श्री भरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज के परम सानिध्य में बैंड बाजे और पहाड़ के पारंपरिक लोक वाद्य यंत्र की थाप के बीच श्री भरत भगवान की उत्सव प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा मायाकुंड स्थित गंगा तट पर श्री भरत नारायण भगवान की प्रतिमा को विशेष पूजा अर्चना के बाद मुख्य पुजारी द्वारा शालिग्राम भगवान भरत नारायण जी को गंगा में स्नान कराया गया। तत्पश्चात भगवान को नगर भ्रमण कराया गया। धर्म यात्रा विभिन्न मुख्य मार्गो से होते हुए गुजरी। इसके बाद मंदिर में भगवान की प्रतिमा को पुनः स्थापित किया गया। यात्रा में श्री भरत मंदिर संस्कृत महाविद्यालय, भरत मंदिर पब्लिक स्कूल, श्री हेमकुंड गुरुद्वारा स्थित गुरमत संगीत विद्यालय, श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, संत समाज, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
धर्म यात्रा में हुए शामिल बसंत उत्सव के मेला अध्यक्ष मेयर अनीता ममगाई, संयोजक हर्षवर्धन शर्मा, विनय उनियाल, वरुण शर्मा, नरेंद्र जीत बिंद्रा, शर्मा, दीप शर्मा, महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज, मेजर गोविन्द सिंह रावत, धीरेन्द्र जोशी, जयेन्द्र रमोला, रामकृपाल गौतम, सुरेन्द्र भट्ट, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, जितेन्द्र बिष्ट, अशोक अग्रवाल, मधुसूदन शर्मा, बचन पोखरियाल, राकेश मियां, राजपाल खरोला, रंजन अंथवाल, प्रवीण रावत, विवेक शर्मा आदि उपस्थित रहे।

आज की युवा पीढ़ी को हमारे महापुरुषों की जानकारी होनी जरुरी है-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर रेंजर्स ग्राउण्ड देहरादून में केन्द्रीय संचार ब्यूरो क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव आयोजित ‘गणतंत्र नमन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया एवं चित्र प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हस्तकला पर आधारित विभिन्न स्टालों का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में देश की आजादी के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महापुरुषों एवं क्रांतिकारियों की स्मृति में देश में अनेक कार्यक्रमों के आयोजन किये गये। इनके माध्यम से हमारी युवा पीढ़ी को हमारे इन महापुरूषों के जीवन दर्शन एवं उनके द्वारा किये गये कार्यों से भलिभांति परिचित होने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरूषों द्वारा किये गये कार्यों एवं उनके जीवन दर्शन का अनुसरण कर हमें आगे बढ़ना होगा।

सीएम आवास में उत्तराखण्ड मिलेट्स भोज का आयोजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में कृषि विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष 2023 के अवसर पर आयोजित “उत्तराखण्ड मिलेट्स भोज” में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के मिलेट्स उत्पादों से भरपूर पारंपरिक व्यंजनों के स्टाल्स का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड में उत्पादित होने वाला पारंपरिक मोटा अनाज मिलेट्स का भरपूर स्रोत है। इसका उपयोग करने से जहां एक ओर लोगों को पौष्टिक भोजन मिलेगा वहीं इसको बढ़ावा देने से प्रदेश के किसानों की आय में भी इजाफा होगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि हाल में ही भारत सरकार द्वारा उत्तराखण्ड के मोटे अनाज (मण्डुआ) के प्रोक्योरमेंट की अनुमति दी गई है। मण्डुवा के प्रोक्योरमेंट की यह अनुमति फसल वर्ष 2022-23 के लिए दी गई है। मण्डुवा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3578 रूपये प्रति कुन्तल निर्धारित है। यह राज्य सरकार द्वारा पर्वतीय क्षेत्रों के कृषकों की आमदनी बढ़ाने हेतु अभिनव प्रयास सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मोटे अनाज (मण्डुआ) के 0.096 लाख मीट्रिक टन की प्रोक्योरमेंट की अनुमति मिलने से राज्य में मिलेट (मोटा अनाज) उत्पादन करने वाले किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। मण्डुवा, पौष्टिकता से भरपूर होता है। किसानों से खरीद कर मिड डे मील और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से बच्चों और लोगों को उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कृषि मंत्री गणेश जोशी, विधायक राजपुर खजान दास, पूर्व विधायक मुकेश कोहली, सचिव कृषि वी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, अपर सचिव कृषि रणवीर सिंह चैहान, निदेशक कृषि गौरी शंकर समेत अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

साहित्यकार हमें नई सीख प्रदान करते है-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में साहित्यकार डा. मुनि राम सकलानी की पुस्तक ’आजादी का अमृत महोत्सव और हिन्दी की प्रगति यात्रा’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुस्तक में आजादी से लेकर अब तक राजभाषा के विकास के लिए हुए विभिन्न कार्यों के बारे में जानकारी देने का सराहनीय प्रयास किया गया है।
’आजादी का अमृत महोत्सव और हिन्दी की प्रगति यात्रा’ पुस्तक के लेखक डा. मुनि राम सकलानी ने कहा कि पुस्तक में आजादी से लेकर अब तक इन 75 वर्षों में राजभाषा हिन्दी की प्रगति यात्रा का विस्तृत वर्णन एवं भारत सरकार की राजभाषा नीति के तहत किये प्रयासों का उल्लेख किया गया है। पुस्तक में देश के साथ-साथ वैश्विक परिप्रेक्ष्य में हिन्दी की स्थिति पर प्रकाश डाला गया। हिन्दी के उद्भव व विकास से लेकर राजभाषा के व्यावहारिक व प्रयोजनमूलक पक्ष को अधिक उजागर किया गया है। कार्यालयीन हिन्दी को एक वृहद परिप्रेक्ष्य में रखने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर पूर्व कुलपति उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय डा. सुधा पाण्डेय, वरिष्ठ साहित्यकार शिवमोहन सिंह, डा. रंजिता सिंह, आशा, जयकृष्ण सकलानी, डा. सत्यानंद बडोनी उपस्थित रहे।

कांग्रेस को मजबूती देने को घर-घर जायेगी नई टीम

रेलवे मार्ग स्थित कांग्रेस भवन में कांग्रेस की नई टीम का स्वागत किया गया। नई टीम 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत घर-घर जाकर करेगी। नई टीम ने कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की बात कहीं।
बुधवार को रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में कार्यकताओं ने नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट राकेश सिंह, बापूनगर (श्यामपुर) कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजयपाल रावत, ऋषिकेश ब्लॉक (रायवाला) कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोकुल चन्द रमोला का स्वागत किया। निवर्तमान अध्यक्ष महन्त विनय सारस्वत, निवर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय और निवर्तमान रायवाला अध्यक्ष बरफ सिंह पोखरियाल ने माला पहनाकर ने उन्हें दायित्व सौंपा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि सभी निर्वाचित अध्यक्ष कांग्रेस को मजबूत करने का कार्य करेंगे। विकास विरोधी सरकार के विरुद्ध जनता के बीच जाकर जनता को जागरूक करेंगे। पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत घर-घर तक कांग्रेस की विचार धारा को पहुंचाने का काम करेंगे। यह कार्यक्रम 26 जनवरी सेशुरू किया जायेगा।
स्वागत करने वालों में प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, राजपाल खरोला, दीप शर्मा, चन्दन पंवार, शैलेंद्र बिष्ट, पार्षद मनीष शर्मा, पार्षद राधा रमोला, पार्षद देवेन्द्र प्रजापति, पार्षद भगवान सिंह पंवार, पार्षद अजीत सिंह, पार्षद चेतन चैहान, पार्षद पुष्पा मिश्रा, पार्षद विजयलक्ष्मी शर्मा, दीपक जाटव, यूंका कांग्रेस जिलाध्यक्ष सन्नी प्रजापति, यूंका विधानसभा अध्यक्ष गौरव राणा, प्रदेश महासचिव युंका अभिनव मलिक, ललित मोहन मिश्रा, अंशुल त्यागी, जितेंद्र त्यागी,रवि राणा, जतिन जाटव, प्रवीन जाटव, राकेश कंडियाल, गब्बर केंतुरा, मुकेश जाटव, गौरव राणा, जितेन्द्र पाल पाठी, यश अरोड़ा, अशोक शर्मा, देव बोहरा, गौरव झा, कार्तिक, आशीष, सरोज देवराडी, शिवम रावत, विक्रम भंडारी, हरिराम वर्मा, सरोजनी थपलियाल, रेनूनेगी, उमा ऑबरॉय, मधुजोशी, सतीश शर्मा, अरविन्द जैन, प्रदीप जैन, जयपाल सिंह, करम चन्द, संजय नेगी, दिग्विजय कैन्तुरा आदि मौजूद रहे।