शौकत अली पार्षद से मुक्त कराया सरकारी आवास

पार्षद शौकत अली के अवैध कब्जे को उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) ने कराया खाली। पिछले 6 सालों से जमाया था अवैध कब्जा।

उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड के अधीन बैराज कॉलोनी में अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे पार्षद शौकत अली का आवास पुलिस की मौजूदगी में खाली करा दिया गया है। वर्ष 2016 से पार्षद शौकत अली विभाग के आवास पर अपना कब्जा जमाए बैठे थे। विभाग की ओर से कई बार आवास को खाली करने के लिए शौकत अली को नोटिस भी दिए गए, लेकिन शौकत अली ने आवास को खाली नहीं किया। आवास खाली कराने के लिए एसडीएम ऋषिकेश को भी विभाग की ओर से अवगत कराया गया।

आज निगम के अधिकारी पुलिस के साथ शौकत अली का आवास खाली कराने के लिए पहुंचे। इस दौरान शौकत अली की पत्नी ने कार्रवाई का विरोध किया। खास बात यह रही कि शौकत अली के आवास में बिजली का मीटर नहीं मिला, जो अधिकारियों के लिए चौंकाने वाला विषय रहा। निगम के अधिकारियों की माने तो कई लोग अभी भी विभाग के आवास में अवैध रूप से कब्जा कर के बैठे हैं। जिन पर जल्दी ही कार्रवाई होगी।

केदारनाथ धाम के कपाट छह मई, बदरीनाथ धाम के कपाट आठ मई को खुलेंगे

विश्वप्रसिद्ध 11वें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस यात्रा वर्ष के लिए शुक्रवार 6 मई प्रात: 6 बजकर 25 मिनट पर वृश्चिक लग्न में खुलेंगे। (Portals of Kedarnath dham to open on 6th May) बद्रीनाथ धाम के कपाट 8 मई को खोले जाएंगे।

पंचकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में शिवरात्रि के पावन अवसर पर संक्षिप्त धार्मिक समारोह आयोजित हुआ। जिसमें श्री केदारधाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित हुई। इस अवसर पर रावल भीमाशंकर की उपस्थिति में पूजा- अर्चना की गई। पंचाग गणना के पश्चात यात्रा वर्ष 2022 हेतु श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित हुई।

भगवान श्री केदारनाथ जी की पंचमुखी उत्सव डोली 2 मई को पंचकेदार गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से केदारनाथ धाम को प्रस्थान करेगी जबकि 1 मई को भैरवनाथ जी की पूजा की जायेगी।

डोली 2 मई गुप्तकाशी, 3 मई फाटा, 4 मई गौरीकुंड 5 मई को पंचमुखी डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंचेगी। 6 मई शुक्रवार प्रातर 6 बजकर 25 मिनट पर श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।

यूकेडी प्रत्याशी मोहित डिमरी ने चुनाव में किया भ्रामक, खुद पर हमले की झूठी कहानी रची

14 फरवरी को हुए मतदान से दो दिन पहले आई एक खबर ने सबको चौंका दिया। 12 फरवरी की रात ये खबर आई की रुद्रप्रयाग (Rudraprayag) से उत्तराखंड क्रांति दल के प्रत्याशी मोहित डिमरी पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया है। इसमें मोहित डिमरी को चोटें भी आई औऱ उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। लेकिन इस मामले की (Police says attack on Mohit Dimri was fake and scripted) जांच के बाद पुलिस का कहना है कि हमले की यह पूरी कहानी फर्जी है औऱ मोहित डिमरी द्वारा चुनाव में फायदा लेने के लिए यह स्वांग रचा गया।

रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि 12 फरवीर को हमले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई थी। पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाकर उनके बयान लिए गए और मामले की जांच शुरू हुई। कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तमाम जांच के बाद ये सामने आया कि हमले की कहानी फर्जी थी। मोहित डिमरी और उनके साथियों ने चुनाव में फायदा लेने के लिए ये स्वांग रचा था।

पुलिस के मुताबिक विवेचनात्मक कार्यवाही में यह बात स्पष्ट रूप से सामने आयी है कि, उस दिन पुलिस को जो भी सूचना दी गयी थी, भ्रामक दी गयी थी, वास्तव में ऐसी कोई घटना घटित ही नहीं हुई थी। विवेचनात्मक कार्यवाही के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं कॉल डिटेल्स इत्यादि का गहरायी से विश्लेषण किया गया, जो लोग उस समय वहां पर मौजूद थे या जो भी इनके साथ कार में थे, तथा जो इनको लेकर निजी चिकित्सालय ले गये थे, सभी के बयानों के आधार पर यह बात सामने आयी है कि, इनके द्वारा चुनाव में फायदा लेने व सहानुभूति प्राप्त करने के इरादे से झूठी सूचना पुलिस को दी गयी थी, और एक ऐसा अपराध का घटनास्थल एवं वातावरण तैयार किया गया था, जिसमें इनके द्वारा खुद ही अपने वाहन के शीशे पत्थर से तोड़े गये तथा अपने पर कुछ हल्की चोटें लगवाईं गयी। और उस दिन इस घटनाक्रम को काफी बढ़ा-चढ़ा कर विभिन्न सोशल मीडिया एवं मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से प्रस्तुत कराया गया था। इस सम्बन्ध में पुलिस के स्तर से रिपोर्ट न्यायालय में प्रेषित की जा रही है तथा न्यायालय के आदेश से इस सम्पूर्ण घटनाक्रम में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।

कार से पकड़ी 1 लाख 30 हजार की नकदी

मुनिकीरेती थाना निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि विधान सभा चुनाव के मद्देजनर आचार संहिता लागू है। लिहाजा विभिन्न चौकी बैरियर पर सघन चेकिंग के अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत गुरूवार सुबह पुलिस और एसएसटी टीम ने भद्रकाली चौकी बैरियर पर कार आरजे 17सीबी 5322 को चेकिंग के लिए रोका। कार के अंदर बैग से 1 लाख 30 की नकदी मिली। कार चालक मुर्तजा पुत्र आबिद भाई निवासी भवानी मंडी, जिला झााला वार्ड राजस्थान से नकदी के बारे में पूछताछ की गई। वह नकदी के लेन-देन से संबंधित दस्तावेज नहीं प्रस्तुत कर पाया। लिहाजा नकदी को टीम ने जब्त कर राजकोष में जमा करवा दिया है। टीम में एसएसटी टीम प्रभारी सुखपाल सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक विकास शुक्ला, कांस्टेबल पुष्कर सिंह शामिल रहे।

उत्तराखंड में मोदी और राहुल की रैली से राजनैतिक गर्मी बढ़ी

गुरुवार को उत्तराखंड चुनाव में प्रचार की सरगर्मियां चरम पर रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीनगर में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया, तो कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने मंगलौर औऱ जागेश्वर में उत्तराखंड स्वाभिमान सभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने जहां कांग्रेस पर सेना के अपमान के आरोप लगाए तो राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दो चार अरबपतियों का मित्र बताया। इस दौरान जहां मोदी ने गढ़वाली संबोधन से वोटरों का ध्यान खींचा तो राहुल ने जागेश्वर के तांबे के बर्तनों से संस्कृति से जुड़ाव की कोशिश की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीनगर के एनआईटी मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किय़ा। मोदी ने गढ़वाली में अपने संबोधन की शुरुआत की और धारी देवी व कमलेश्वर महादेव का जिक्र करते हुए अपनी बात आगे बढ़ाई। मोदी ने पंथ्या दादा औऱ माधो सिंह भंडारी को याद करते हु एखहा कि बीजेपी की डबल इंजन सरकार ही उत्तराखंड का सर्वांगीण विकास कर सकती है। मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उत्तराखंड के विकास में रोड़े अटकाए हैं।
मोदी ने जनरल बिपिन रावत को याद करते हुए कहा कि जनरल रावत ने देश को दिखाया कि उत्तराखंड के लोगों के पास न केवल पहाड़ जैसा साहस होता है बल्कि हिमालय जैसी ऊंची सोच भी होती है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोग कभी भूल नहीं सकते। सेना को लेकर इन लोगों का रवैया क्या रहा है। सेना पर ही सवाल उठाते रहे हैं। काँग्रेस पार्टी कभी जनरल बिपिन रावत जी को सड़क का गुंडा कहकर अपमानित कर रही थी। आज अपने प्रचार में उन्हीं के कट आउट लगाकर, उनकी फोटो लगाकर वोट मांग रही है।
उधर राहुल गांधी ने पहले मंगलौर में औऱ दोपहर को जागेश्वर में चुनावी सभा की। राहुल ने मंगलौर में कहा कि मोदी सरकार दो हिंदुस्तान बना रही है। एक अरबपतियों का और दूसरा बेरोजगारों का। राहुल ने कहा कि कि पीएम मोदी को लगता है कि सब उनसे डरते हैं, लेकिन मैं नहीं डरता। कहा कि मुझे उन्हें देखकर हंसी आती हैं। राहुल गांधी ने कहा कि गरीबों के लिए देश में जगह नहीं है। चीन ने भारत की जमीन दबाई लेकिन नरेंद्र मोदी उस पर नहीं बोलते हैं। मोदी ने नोटबंदी कर देश को बर्बाद किया है, जब नोटबंदी हुई तो क्या कोई अरबपति लाइन में लगा?
राहुल ने जागेश्वर में तांबे की गागर के जरिए संस्कृति पहलू को छूने की कोशिश की, लेकिन वे उसका नाम तक नहीं बता पाए। राहुल ने कहा कि हम अपने घोषणापत्र के वादों को पूरा करेंगे। प्रदेश के युवाओं को 4 लाख रोजगार देंगे। साथ ही सिलेंडर के दाम पांच सौ रुपये से कम रखेंगे। पांच लाख परिवारों को सालाना 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। हर गांव, हर द्वार तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाईं जाएंगी, हर व्यक्ति के घर तक दवाई पहुंचाने की व्यवस्थ करेंगे।

हृषिकेश भगवान भरत महाराज की डोली यात्रा में उमड़े श्रद्धालु

वसंत पंचमी पर शनिवार को प्राचीन श्री भरत मंदिर से हृषिकेश भगवान भरत महाराज की डोली यात्रा धूमधाम से निकाली गई। श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग पर रंगोली सजाकर और पुष्प वर्षा कर डोली का स्वागत किया।
शनिवार को झंडा चौक स्थित श्री भरत मंदिर में पूजा अर्चना के बाद पारंपरिक वाद्य यंत्रों के बीच भगवान भरत की डोली निकाली गई। महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज ने डोली की पूजा अर्चना की। मंदिर परिसर से निकली डोली की अगवानी हर्षवर्धन शर्मा, महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज व वरुण शर्मा ने की। पुराने बद्रीनाथ मार्ग मायाकुंड से होकर डोली त्रिवेणी घाट पहुंची। यहां डोली को गंगा स्नान कराया गया। इसके बाद डोली मंदिर परिसर में पहुंची।
डोली यात्रा में महामंडलेश्वर ललित आनंद महाराज, महामंडलेश्वर दयाराम दास, महेंद्र जगदीश प्रपन्नाचार्य, महंत मनोज द्विवेदी, महंत विनय सारस्वत, महंत रवि प्रपन्नाचार्य, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, डीडी तिवारी, जयेंद्र रमोला, शूरवीर सिंह सजवाण, सीएस शर्मा, संजीव चौहान, रामकृपाल गौतम, राम चौबे, सुधीर कुकरेती, बचन पोखरियाल, मधुसूदन शर्मा, राहुल शर्मा, कनक धनाई, मेजर गोविंद सिंह रावत, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, नवीन मेंदोला, धनंजय रांगड, सुरेंद्र भट्ट, शिव प्रसाद बहुगुणा, जितेंद्र बिष्ट आदि शामिल रहे।

बसंत पंचमी पर डोली निकालने की है परंपरा
पौराणिक मान्यता है कि वसंत पंचमी के दिन ही आद्य गुरु शंकराचार्य ने मायाकुंड गंगा में रखी गई भगवान भरत की मूर्ति को श्री भरत मंदिर में पुनर्स्थापित किया था। तभी से वसंत पंचमी पर उनकी डोली यात्रा निकालने की परंपरा रही है।

चार निर्धन कन्याओं की शादी करवाई
श्री भरत मंदिर परिवार ने वसंत पंचमी पर चार निर्धन कन्याओं की शादी का आयोजन किया। इसमें कन्यादान की पूरी परम्परा का निर्वहन किया गया। बेटियों की विदाई की सारी रस्में निभाई गईं।

शूटिंग करने मसूरी पहुंचे अक्षय कुमार, प्रशंसक उमड़े

बॉलीव़ुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी आने वाले फिल्म की शूटिंग के लिए पहाड़ों की रानी मसूरी पहुंचे। मंगलवार को उन्होंने मसूरी के बारलोगंज शूटिंग की। शहर में अक्षय कुमार के पहुंचने की खबर सुनते ही उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फिल्म यूनिट के सुरक्षा कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं शूटिंग स्थल से मीडिया कर्मियों को भी दूर रखा गया। बड़ी संख्या में बारलोगंज पहुंचे अक्षय कुमार के फैंस अपने चहेते अभिनेता से नहीं मिल पाए, जिससे उनके फैंस निराश हो गए। मसूरी के बारलोगंज के मुख्य बाजार और सेंट जार्ज कॉलेज के अंदर फिल्म के कई दृश्य फिल्माए गए। फिल्म में लीड रोल में अक्षय कुमार और अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह हैं। मसूरी में फिल्म की शूटिंग चार दिन तक चलेगी। सेंट जार्ज कॉलेज में शूटिंग की सूचना मिलते ही कॉलेज के गेट के बाहर बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए पहुंच गए। लेकिन भारी सुरक्षा के कारण प्रशंसक अपने अभिनेता के नजदीक नहीं पहुंच पाए।
प्राइवेट सुरक्षा गार्ड और बाउंसरों ने लोगों के मोबाइल से भी फोटो नहीं खींचने दी। कई बार फोटो खिंचने पर बाउंसरों की लोगों के साथ तीखी नोक-झोंक भी हुई।

अमित शाह ने उत्तराखंड में प्रचार अभियान का श्रीगणेश किया

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार रुद्रप्रयाग के दौरे पर रहें। इस दौरान सबसे पहले उन्होंने रुद्रप्रयाग में रुद्रनाथ महादेव मंदिर के दर्शन कर पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने यहां से भाजपा उम्मीदवार भरत चौधरी के लिए प्रचार करते हुए डोर-टू-डोर कैंपेन किया और लोगों से बीजेपी को जिताने की अपील की।
इस दौरान उनके साथ तमाम बीजेपी नेता और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी मौजूद रहे। अमिता शाह ने यहां पूर्व सैनिकों से संवाद की करते हुए कहा कि भाजपा देश के वीर सैनिकों के कल्याण के प्रति कटिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा, श्पांच साल पहले मैं उत्तराखंड में आया था तब मैंने देवभूमि की जनता को कहा था कि अगर हमें पूर्ण बहुमत की सरकार वीरभूमि की जनता देती है तो हमारा वादा है कि जो काम 70 साल में नहीं हुए हैं वो हम पांच साल में करके दिखाएंगे।
शाह ने कहा की नेता ने कहा कि वर्षों तक उत्तराखंड के लोगों ने राज्य की रचना के लिए संघर्ष किया। कांग्रेस के दमन को सहा। आज रामपुर तिराहे की घटना को कोई भुला नहीं सकता, उत्तराखंड के नौजवान अपने अधिकार के लिए लड़ते हुए शहीद हुए थे। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार आई तब उन्होंने उत्तराखंड को अलग राज्य बनाया। श् शाह ने पूर्व सैन्यकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा, श्पीएम मोदी ने एक रैंक एक पेंशन योजना लागू की। 2013-14 में 2 लाख करोड़ रुपये का रक्षा बजट था, यह हमारी प्राथमिकता बताती है।

सीएम धामी ने कराया नामांकन, प्रदेश में आज बड़ी संख्या में हुए नामांकन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज खटीमा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया है। भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस बार भी खटीमा सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि 2022 का चुनाव मुझे खटीमा की जनता लड़ाएगी और जिताएगी भी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दम पर ही बीजेपी उत्तराखंड में एक बार फिर सरकार बनाएगी।
वहीं, उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए आज बड़ी तादाद में प्रत्याशियों ने नामांकन किया। नामांकन के लिए सिर्फ कल का दिन बचा है। बता दें कि गुरुवार दोपहर एक बजे तक सीएम धामी समेत हल्द्वानी से कांग्रेस प्रत्याशी सुमित हृदयेश, नैनीताल से भाजपा प्रत्याशी सरिता आर्य, सितारगंज विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सौरभ बहुगुणा, रुद्रपुर से कांग्रेस प्रत्याशी मीना शर्मा समेत बड़ी तादाद में अन्य प्रत्याशियों ने नामांकन किया।

भाजपा के हुए किशोर, टिहरी से बनेंगे प्रत्याशी

भाजपा की रीति नीति और सिद्धांतो से प्रभवित होकर कई विपरीत विचारधारा के दलों के वरिष्ठ नेता भाजपा का रुख कर रहे है। आज इसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व में मंत्री रहे किशोर उपाध्याय का नाम भी जुड़ गया है।
बृहस्पतिवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री व उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, राज्य मंत्री अजय भट्ट व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की उपस्थिति में उपाध्याया ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी का स्वागत करते हुए किशोर उपाध्याय ने कहा कि वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यों से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी में आए हैं, यह सुखद अहसास है।
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा भारतीय जनता पार्टी के विचारों से और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों से प्रेरित होकर आज किशोर उपाध्याय भारतीय जनता पार्टी के परिवार के सदस्य बन गए हैं। पिछले 4 वर्षों से वह भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री की नीतियों से प्रेरित होकर अलग-अलग मंचों से कई बार प्रशंसा कर चुके हैं। हमारे विकास के कार्यों को नई गति देने के लिए अपना वह प्रमुख प्रयास करेंगे।
भाजपा में शामिल होने के बाद किशोर उपाध्याय ने कहा यथा नाम तथा रूप। यानि यह संगठन जिस नाम का है उसी रूप का भी है, यहां कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं होता। उन्होंने कहा उत्तराखंड आंदोलन में एक गिलहरी के रूप में अजय भट्ट, अजय टम्टा के साथ कार्य किया और हम राजनीतिक दृष्टि से अलग-अलग पार्टी में थे, परंतु हमारा देह एक ही था उत्तराखंड जिस मकसद से बना है उस कार्य को मिलकर पूर्ण करें। मुझे पूर्ण विश्वास है आने वाले दिनों में हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को भारत राष्ट्र के सबसे अग्रणी राज्यों में देखेंगे। उन्होंने कहा सार्वजनिक जीवन का एक ही देह है कि उत्तराखंड अपने शिखर को प्राप्त करें। यहां की गंगा को देखने के लिए पूरा विश्व आता है उसी प्रकार उत्तराखंड के प्रत्येक भूभाग पर इस प्रकार का सार्वजनिक विकास हो कि उसकी चर्चा पूरे विश्व में हो। उत्तराखंड में प्रगति का सोपान तय करें ऐसा ऐसा हमारा सूक्ष्म प्रयास रहेगा। जल-जंगल के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ेंगे और 45 साल तक जिस प्रकार सार्वजनिक जीवन में एक भावना के रूप में कार्य किया है उसको पूर्ण करने का प्रयास। वहीं कई जिलों में भी दूसरे दलों के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा की सदस्य्ता ली।