छह पेटी अंग्रेजी शराब के साथ एक अरेस्ट

अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाकर पुलिस ने कार के अंदर से 6 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है वही तस्करी के आरोप में एक तस्कर को गिरफ्तार भी किया है।

कोतवाल महेश जोशी ने बताया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है इस क्रम में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। श्यामपुर फाटक में चेकिंग के दौरान कार के अंदर से अंग्रेजी शराब भिन्न-भिन्न ब्रांड की बरामद हुई है। आरोपी की पहचान रवि शाही पुत्र भीम बहादुर शाही निवासी भल्ला फॉर्म गली नंबर 20 श्यामपुर ऋषिकेश देहरादून के रूप में हुई है।

अगर आप ने रजिस्ट्रेशन कराया है तो समय से पहले भी कर सकेंगे दर्शन

केदारनाथ-बदरीनाथ सहित चारधाम यात्रा के लिए पंजीकृत यात्री अब यात्रा के लिए तय किए गए दिन से पूर्व भी दर्शन कर सकेंगे। एक दिन में तय संख्या से कम यात्रियों के चारधाम पहुंचने के बाद यह निर्णय लिया गया है। हाईकोर्ट ने बदरीनाथ में 1000, केदारनाथ में 800, गंगोत्री में 600 और यमुनोत्री में 400 तीर्थयात्रियों को दर्शन की इजाजत दी है। लेकिन देवस्थानम बोर्ड से ई-पास लेने वाले सभी यात्री दर्शन को नहीं पहुंच रहे हैं।
इसलिए अब सरकार ने नियमों में बदलाव किया है। सचिव धर्मस्व एवं तीर्थाटन हरिचंद्र सेमवाल की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यदि किसी धाम में एक दिन के लिए तय सीमा में श्रद्धालु नहीं पहुंचते तो ऐसे तीर्थ यात्रियों को दर्शन का मौका दिया जाएगा जिन्होंने आगे के लिए पंजीकरण कराया है। हालांकि एक दिन में धाम में दर्शन करने वालों की सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस संदर्भ में गढ़वाल आयुक्त व सीईओ देवस्थानम बोर्ड रविनाथ रमन ने चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के डीएम और एसपी को कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं।

यहां पंजीकरण जरूरी है
चारधाम यात्रा को उत्तराखंड से बाहर के श्रृद्धालुओं को देहरादून स्मार्ट सिटी पोर्टल http://smartcitydehradun.uk.gov.in में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। ई पास को देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट www.devasthanam.uk.gov.in या http:// badrinah- Kedarnath.uk.gov.in पर भी रजिस्ट्रेशन किया सकता है। प्रत्येक श्रद्धालु को कोविड नेगेटिव रिपोर्ट अथवा वैक्सीन की डबल डोज लगी होने का सर्टिफिकेट जमा करना है। उत्तराखंड प्रदेश के लोगों को स्मार्ट सिटी पोर्टल में पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है।

कर्णप्रयाग और गैरसैंण विकासखंड में सुधरेगी मोबाइल की कनेक्टिविटी

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय मीडिया टीम के सदस्य सतीश लखेड़ा ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा कि चमोली जनपद के कर्णप्रयाग और गैरसैण विकासखंडों की मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या को लेकर आज राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी के नेतृत्व में केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट की। सांसद बलूनी ने मंत्री जी को बताया कि कनेक्टिविटी ना होने से इन दुर्गम क्षेत्रों में जनता को परेशानी तो होती ही है साथ ही बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई बाधित होती है।
भाजपा नेता सतीश लखेड़ा ने कहा कि बलूनी ने दूर संचार मंत्री को कर्णप्रयाग विकासखंड के बगोली, चमोला, मैखुरा, मजखोला, कमेड़ा और सेरागढ़ क्षेत्रों तथा गैरसैंण विकासखंड के देवपुरी, राईकोट, कुनीगाड़ तल्ली, कुणखेत, बुखाली, चोरड़ा, पिंडवाली और कांसुवा क्षेत्रों की मोबाइल समस्या का ध्यान दिलाया।

केंद्रीय मंत्री अनिल वैष्णव ने कहां कि उनका मंत्रालय निरंतर मोबाइल कनेक्टिविटी के सुधार हेतु प्रयासरत है। उन्होंने उपरोक्त सभी 14 स्थानों की कनेक्टिविटी हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा की बीएसएनएल सहित सभी निजी ऑपरेटर कंपनियां इन स्थानों का निरीक्षण कर संचार सुविधा बहाल करें।
सतीश लखेड़ा ने केंद्रीय मंत्री सहित सांसद अनिल बलूनी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इन दुर्गम क्षेत्रों में संचार सुविधा बहाल होने से आम नागरिकों को व विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि गत दिनों अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान आम जनता द्वारा मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या की ओर ध्यान दिलाया गया और स्वयं भी कनेक्टिविटी ना होने की परेशानियों का सामना करना पड़ा।

चारधाम यात्रा, 42 हजार तीर्थ यात्रियों ने किया रजिस्ट्रेशन

उत्तराखंड में चार धाम शुरु हो गई है। यात्रा प्रारम्भ होने से प्रदेश में चार धाम से जुड़े व्यवसायों की उम्मीद बढ़ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष प्रयासों से चार धाम यात्रा शुरू होने से कोविड-19 की दूसरी लहर के बाद बंद पड़े कारोबार को संजीवनी मिलेगी। चार धामों में अब तक लगभग साढ़े पांच हजार लोग दर्शन कर चुके हैं जबकि अब तक 42 हजार से अधिक लोगों को ई-पास जारी किये जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशीलता का ही परिणाम है कि कोविड संक्रमण के चलते आर्थिक मंदी से जूझ रहे चारधाम यात्रा और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के लिए राज्य सरकार ने 200 करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज जारी कर संजीवनी देने का काम किया। जिसकी बदौलत चारों धाम के होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी संचालक आदि के साथ ही पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एकमुश्त सहायता राशि सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गई है। पर्यटन विभाग की ओर से अब तक लगभग 15 हजार लोगों को 7 करोड़ की धनराशि वितरित की जा चुकी है। यह धनराशि लाभार्थियों के खाते में सीधे जमा कराये जा रही है। मुख्यमंत्री इस बात का साफ संकेत दे चुके हैं कि यात्रा से जुड़े व्यवसाइयों, तीर्थ पुरोहितों की परेशानियों को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जिसका असर धरातल पर दिखने लगा है।

तीर्थ पुरोहितों का आंदोलन हुआ स्थगित
मुख्यमंत्री ने देवस्थानम बोर्ड को लेकर तीर्थ पुरोहितों के मन में उठ रहे संशय को दूर करते हुए यह स्पष्ट किया कि चारधाम से जुड़े लोगों के हक-हकूक को किसी भी प्रकार से प्रभावित नहीं होने दिया जायेगा। देवस्थानम बोर्ड के तहत बनाई गई उच्च स्तरीय समिति द्वारा चारधाम से जुड़े तीर्थ पुरोहित की बात सुनकर सरकार के समक्ष अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। कमेटी में चारों धामों से दो-दो तीर्थ पुरोहितों को भी शामिल किया जायेगा। मुख्यमंत्री की कार्यपद्धति से प्रभावित होकर तीर्थ पुरोहितों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।

चारधाम यात्रा को सुलभ बनाने के लिए वाहनों की लॉटरी निकली शुरु

गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन ऋषिकेश के तत्वावधान में एसोसिएशन के हरिद्वार रोड स्थित मुख्यालय में चार धाम यात्रा के मध्य नजर टैक्सी वाहनों की लॉटरी निकाली गई। पंडित आसाराम सकलानी के वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत ने चार धाम यात्रा हेतु टैक्सी वाहनों की लॉटरी निकाली। टैक्सी वाहन संख्या नं. यूके-14टीए 1569 मेघा चौहान की टैक्सी का प्रथम नंबर निकला।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों को अतिथि देवो भव की भावना के अनुसार सुगम, सुलभ, वाजिब दाम पर दुर्घटना रहित यात्रा कराना एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य है। इस दौरान सचिव विजेंद्र कंडारी, प्रधान नरेंद्र वर्मा, सह सचिव रमेश सिंह रावत, कोषाध्यक्ष उमेश चौहान, उप कोषाध्यक्ष जोग जीवन बनर्जी, सोहन सिंह रौतेला, ग्रीश नेगी, दिगंबर सिंह बिष्ट, अनुपम भाटिया, शिवकुमार बजाज, भगवत पांडे, छोटेलाल दीक्षित, वीरेंद्र कुमार मिश्रा, अमर सिंह, देशराज, जगबीर खरोला, आदि टैक्सी चालक एवं मालिक उपस्थित थे।

विस अध्यक्ष ने सरकारी अस्पताल का दौरा कर व्यवस्थाएं जांची

एसपीएस राजकीय चिकित्सालय, ऋषिकेश में प्रस्तावित ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट एवं ऑक्सीजन स्टोरेज प्लांट को स्थापित करने की कवायद शुरू कर दी गई है, जिसको लेकर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने राजकीय चिकित्सालय पहुंचकर ऑक्सीजन प्लांट एवं स्टोरेज प्लांट लगाने के लिए चिन्हित स्थान का निरीक्षण किया।
अवगत करा दें कि एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट एवं ऑक्सीजन स्टोरेज प्लांट स्थापित किए जाने के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है एवं वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन द्वारा विभाग द्वारा प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है। शीघ्र ही वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होने पर एसपीएस राजकीय चिकित्सालय के परिसर में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट एवं ऑक्सीजन स्टोरेज प्लांट स्थापित किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा चिन्हित स्थान का निरीक्षण करने के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक विजयेश भारद्वाज ने अवगत कराया कि प्रस्तावित ऑक्सीजन प्लांट के निर्मित होने के बाद प्लांट से 24 घंटे 800 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन का उत्पादन होगा वहीं स्थापित होने वाले ऑक्सीजन स्टोरेज प्लांट की क्षमता 10 मिट्रिक टन ऑक्सीजन स्टोर करने की है। सीएमएस ने बताया कि प्लांट से अस्पताल को निर्बाध रूप से ऑक्सीजन की सप्लाई मिलती रहेगी, जिससे अस्पताल में भर्ती मरीजों को उनके बेड पर ही 24 घंटे हाईफ्लो ऑक्सीजन मिल सकेगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही ऑक्सीजन प्लांट को वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होगी, जिसके बाद ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापित होने से अस्पताल में भर्ती मरीजों को इसका लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की संभावित तिथि लहर से रोकथाम के प्रयास के लिए निश्चित ही इसका लाभ प्राप्त होगा। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने ऑक्सीजन प्लांट से संबंधित अन्य जानकारी भी उपस्थित अधिकारियों से प्राप्त की।
वहीं, इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने डेंगू मरीजों के लिए बनाए गए वार्ड का भी निरीक्षण किया, इस दौरान डेंगू वार्ड में भर्ती मरीज से बातचीत कर स्वास्थ्य का हाल-चाल भी जाना। श्री अग्रवाल ने इस मौक़े पर कोरोना टीकाकरण से संबंधित जानकारी भी डॉक्टरों से प्राप्त की।
इस अवसर पर राजकीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक विजयेश भारद्वाज, बीपी भट्ट, डॉ पीपी गर्ग, नगर निगम पार्षद शिव कुमार गौतम, संजीव पाल, राजू नरसिम्हा, जयंत किशोर शर्मा, हरिशंकर प्रजापति, दुर्गेश जाटव, कविता शाह, रवि दुबे, राजू दिवाकर, सुमित सेठी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

राफ्ट संचालकों में खुशी, साहसिक रोमांच का सफर हुआ शुरु

पर्यटन व्यवसाय से जुड़े 15 हजार लोगों को पर्यटन विभाग की ओर से अब तक 7 करोड़ की धनराशि वितरित की जा चुकी है। उक्त बात गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति द्वारा साहसिक पर्यटन राफ्टिंग सीजन समारोह के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में कहीं।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को मुनिकीरेती स्थित खारास्रोत में गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति द्वारा साहसिक पर्यटन राफ्टिंग सीजन समारोह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राफ्टिंग, एयरो स्पोर्ट्स सेवा प्रदाताओं सहित समस्त पर्यटन कारोबारियों को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि साहसिक पर्यटन राफ्टिंग सीजन समारोह का शुभारंभ करते हुए उन्हें अपार प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने आयोजन कर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोरोना काल के पश्चात साहसिक पर्यटन राफ्टिंग का प्रारंभ होना पर्यटन व्यवसायियों के लिए बेहद ही सुखद है।
पर्यटन मंत्री महाराज ने कहा कि कोविड संक्रमण के चलते आर्थिक मंदी से जूझ रहे चारधाम यात्रा और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के लिए राज्य सरकार ने 200 करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज की घोषणा की है। पर्यटन विभाग की ओर से अब तक पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लगभग 15 हजार लोगों को 7 करोड़ की धनराशि वितरित की जा चुकी है।
महाराज ने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा विशेष क्षेत्र एवं गतिविधियों हेतु बनाई गई समितियों के पास अपने संसाधन से पर्यटन विभाग द्वारा स्वीकृत 631 राफ्टिंग प्रति गाइड के हिसाब से 10 हजार रूपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी गई है। जिस पर 63 लाख 10 हजार की धनराशि व्यय की गयी।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी पंजीकृत 301 राफ्टिंग, एयरो स्पोर्टस सेवा प्रदाताओं को राहत देते हुए उत्तराखंड पर्यटन विभाग द्वारा लिए जाने वाले लाइसेंस नवीनीकरण शुल्क में भी छूट प्रदान की है। इस पर 65 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई।
महाराज ने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा एडवेंचर टूर ऑपरेटरों को भी बड़ी राहत देते हुए 30 लाख 30 हजार रूपये का आर्थिक पैकेज दिया गया है। इसके तहत 303 एडवेंचर टूर ऑपरेटरों को 10 हजार रूपये प्रति फर्म के हिसाब से एकमुश्त आर्थिक सहायता दी गई है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, मुनिकीरेती नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, एसीईओ पर्यटन कर्नल अश्वनी पुंडीर, संयुक्त निदेशक पर्यटन विवेक चौहान, जिला साहसिक खेल अधिकारी सोवत राणा, दिनेश भट्ट, विकास भंडारी, हुकम सिंह रावत, रामपाल भंडारी, मदन बडोनी, धनवीर भंडारी, हेमंत चौहान, अनुराग रावत, राजेश पुंडीर, राजेंद्र भंडारी, अजय धमान्दा, लेखराज भंडारी, वीरेंद्र गुसाईं और पंकज भट्ट आदि उपस्थित थे।

चारधाम यात्रा शुरु, तीर्थयात्रियों के साथ ही कारेाबारियों के खिले चेहरे

केदारनाथ, बदरीनाथ सहित चार धाम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रदेश में यात्रा का श्रीगणेश हो गया। पहले दिन बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमनोत्री धाम में 700 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। यात्रा शुरू होने से श्रद्धालुओं में उत्साह है तो दूसरी ओर, चारधाम रूट के पर्यटन और परिवहन कारोबारी भी बेहद खुश नजर आ रहे हैं। केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए दोपहर 12 बजे तक 352 तीर्थयात्री प्रस्थान कर चुके थे। केदारधाम में प्रतिदिन 800 लोगों को ही जाने की अनुमति दी गई है।
देवस्थानम बोर्ड के अनुसार, केदारनाथ में गर्भ गृह में भी व्यवस्थाएं बहाल कर दी गई हैं। गर्भ गृह में किसी को प्रवेश की अनुमति नही हैं। सभी यात्रियों को सभा मंडप से ही दर्शन की अनुमति दी गई है। बदरीनाथ में ब्रह़्म मुर्हुत में भगवान बदरी विशाल का पूजन अभिषेक शुरू हुआ। मुख्य रावल ईश्वरी प्रसाद नम्बूदरी ने नियमानुसार भगवान का स्नान, श्रृंगार, अभिषेक किया। धर्माधिकारी भुवन उनियाल अपर धर्माधिकारियों ने वेद ऋचाओं का वाचन किया। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने जय बदरीविशाल के जयघोष के साथ मंदिर परिसर में प्रवेश किया। दोपहर तक 250 श्रद्धालु भगवान बदरीनाथ के दर्शन कर चुके थे। अभी सिलसिला जारी है। उधर, उत्तरकाशी में दोपहर तक गंगोत्री धाम में 73 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। यमुनोत्री में भी श्रद्धालुओं ने मां यमुना की पूजा अर्चना की। दोनों धामों में शाम तक 302 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा अर्चना की।

कोविड जांच के लिए सख्त इंतजाम
भगवान बदरीनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य जांच के लिये जिले के प्रवेश द्वार गौचर, मोहन खाल, मेहलचौरी से ही बैरियर पर कोविड जांच की व्यवस्था की गई है। पांडुकेश्वर में भी कोविड जांच यात्रियों की जांच हो रही है । हेमकुंड जाने वाले यात्रियों की भी कोविड जांच की जा रही है। बदरीनाथ आने वाले यात्रियों कोविड प्रपत्रों की जांच देवदर्शनी में भी हो रही है। उधर,केदारनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले महाराष्ट्र, केरल और आंध्रप्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए सोनप्रयाग में आरटीपीसीआर कोविड टेस्ट की अलग से व्यवस्था की है।

सीएम ने ऋषिकेश को दी कई सौगातें, की 12 महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में जन आशीर्वाद रैली में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने 12 घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्यामपुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। ऋषिकेश स्थित संजय झील का सौन्दर्यीकरण कर पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। बैराज स्थित झील पर साहसिक पर्यटन एवं वाटर स्पोर्ट्स प्रारंभ कराएं जाएंगे। ऋषिकेश में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। ऋषिकेश में मां गंगा की धारा को निरंतर व व्यवस्थित स्वरूप में त्रिवेणी घाट पर लाया जाएगा।
कैम्पा योजना के अन्तर्गत वनों से सटे गांवों जैसे सत्यनारायण मंदिर से गौहरीमाफी, साहबनगर, भट्टोवाला, रूषाफार्म (गुमानीवाला) में सड़क तथा विद्युत एवं अन्य जरूरी सुविधायें उपलब्ध कराई जाएगी। गुलदार प्रभावित क्षेत्र रायवाला, साहबनगर, खदरी के निवासियों की जानमाल की सुरक्षा का प्रबन्ध किया जाएगा। खदरी, लक्कडघाट, गुमानीवाला, रूषाफार्म, भट्टोंवाला, छिद्दरवाला आदि क्षेत्रों में हाथी व अन्य वन्यजीवों से सुरक्षा के प्रबन्ध किए जाएंगे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र गौहरीमाफी, साहबनगर, ठाकुरपुर (खैरीखुर्द), गढ़ीमयचक में बाढ़ सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्यवाही यथाशीघ्र आरम्भ की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में हाईटेक मिनी स्टेडियम की स्थापना की जाएगी। ऋषिकेश में सड़कों के निर्माण के लिए राज्य योजना से 20 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। निराश्रित गौवंश को आश्रय हेतु गौशाला की स्थापना कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा योग नगरी में आकर जहां एक ओर मैं स्वयं को गौरवान्वित अनुभव कर रहा हूँ वहीं दूसरी ओर आप सभी का प्रेम देखकर भावविभोर भी हूँ। इस योग ओर आध्यात्मिक भूमि को माँ गंगा का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम छोर तक विकास की धारा को पहुंचाया जा रहा है। डबल इंजन की सरकार में सराहनीय कार्य हो रहे हैं। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल लाइन का कार्य तेजी से चल रहा है। इस रेल लाइन का निर्माण डबल इंजन की सरकार में ही संभव था। ऋषिकेश हमारी ऐतिहासिक धरोहर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं को प्रदेश में रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिले इसके लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। राज्य में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। ये भर्ती प्रक्रिया जल्द पूर्ण की जाएगी। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास सरकार का मूलमंत्र है। जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10 से 12 बजे तक जन समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यों के सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जिलों में शिविरों के माध्यम से आम जनमानस तक पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश को अगले 10 सालों में विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। कोविड के दौरान अनेक क्षेत्रों से जुड़े लोगों का कार्य प्रभावित हुआ। सरकार द्वारा उनको राहत देने का कार्य किया जा रहा है। चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ का पैकेज दिया गया है। पर्यटन एवं परिवहन से जुड़े लोगों को भी 200 करोड़ का राहत पैकेज दिया गया है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक एवं जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।

पीएम के जन्मदिन पर यूथ कांग्रेस ने मनाया बेरोजगार दिवस

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को युवा कांग्रेस ने राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के रूप में मनाया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारत में बढ़ती नौकरियों की समस्या, काम की कमी, कारोबार का ठप्प होना और सरकारी संस्थानों का निजी हाथों में चले जाने के कारण आज युवा निराश हो गया है। घटते रोजगार ने कोरोना काल में भारत की 14 करोड़ से ज्यादा आबादी को बेरोजगार बना दिया, जिसका परिणाम है ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस’ आज के दिन मनाया जा रहा है।

कहा कि देश की युवा जनता आज पीएम मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई के साथ-साथ देश में बढ़ती बेरोजगारी के लिए भी चेता रही है।