मौसम के पूर्व चेतावनी के आधार पर लोगों को नियमित अलर्ट मोड पर रखें-धामी

15 जून से पहले मानसून के दृष्टिगत सभी तैयारियां पूर्ण की जाय। सभी विभाग 15 जून तक आपदा प्रबंधन के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती करना सुनिश्चत करें। एसटीपी प्लांट और पुराने पुलों का सेफ्टी ऑडिट किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि बिजली की तारों से कोई घटना घटित न हो। मानसून सीजन के दृष्टिगत मरीजों और गर्भवती महिलाओं के लिए आपातकालीन स्थिति में हेली एम्बुलेंस की व्यवस्था रखी जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी गर्भवती महिलाओं को चिन्हित किया जाए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आगामी मानसून की तैयारियों की बैठक के दौरान ये निर्देश अधिकारियों को दिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि से पिछले सालों में क्या चुनौतियां सामने आई और किन-किन क्षेत्रों में अधिक आपदाएं आई एवं इस तरह की चुनौतियों का सामना करने के लिए शासन और जनपद स्तर पर क्या तैयारियां की गई हैं, इसका पूरा एक्शन प्लान प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जाए कि मौसम के पूर्वानुमान की सटीक जानकारी लोगों तक समय पर पहुंचे। मौसम के पूर्व चेतावनी के आधार पर लोगों को नियमित रूप से अलर्ट मोड पर रखें। उन्होंने कहा कि मौसम के पुर्वानुमान और जन जागरूकता से अतिवृष्टि और आपदा के प्रभाव को कम करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपदों में ऐसे क्षेत्र जहां भू-स्खलन की समस्याएं रहती हैं, उन्हें चिन्हित कर जो भी आवश्यक व्यवस्थाएं करवाने की आवश्यकता है, समय पर की जाए। जिन क्षेत्रों में बरसाती नदी और नाले उफान पर आते हैं, उनके लिए भी वैकल्पिक व्यवस्थाओं के लिए अभी से प्लान बना कर रखे जाएं। मानसून के दृष्टिगत विभिन्न कार्यों के लिए शासन स्तर से जो धनराशि की आवश्यकता है, उसका यथाशीघ्र प्रस्ताव भेजा जाए। अतिवृष्टि के कारण फसलों को होने वाले नुकसान का तुरंत आकलन कर मानकों के अनुसार यथाशीघ्र क्षतिपूर्ति की व्यवस्था रखी जाए। मानसून के दृष्टिगत पर्वतीय जनपदों में आवश्यक दवाओं, खाद्य सामग्री एवं अन्य मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में रखी जाए। आपदा कि स्थिति में रिस्पांस टाइम कम से कम रखा जाए। मानसून अवधि में सभी जिलाधिकारी मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार अपने जनपदों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार छुट्टी की घोषणा करें, स्कूल जाने के पैदल मार्गों में नदी और नाले वाले स्थानों पर वैकल्पिक मार्ग तलाशे जाएं। हर जनपद में बड़े रपटे चिन्हित किये जाएं एवं वहां पर सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि आपदा के दृष्टिगत त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था रखी जाए। आपदा प्रबंधन की दृष्टि से अल्मोड़ा जनपद के सरियापनी में एसडीआरएफ बटालियन खोलने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन की दृष्टि से विभिन्न विभागों द्वारा शासन से जो धनराशि की मांग की जा रही है, वह धनराशि यथाशीघ्र संबंधित विभागों को दी जाए। जिलाधिकारियों द्वारा भी विभिन्न पदों में जो धनराशि की मांग की जा रही है, उन्हें भी शीघ्र धनराशि अवमुक्त की जाए। जिन विभागों को पहले की धनराशि अभी तक अवमुक्त नहीं हुई है, वह शीघ्र दी जाए, इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि मानसून अवधि में सड़कें, विद्युत और पेयजल लाईन बाधित होने की स्थिति में उनकी सुचारू व्यवस्थाओं के लिए रिस्पांस टाईम कम से कम रखा जाए और वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिये कि अतिवृष्टि से पिछले वर्ष के जो कार्य अभी तक पूर्ण नहीं किये गये हैं, उन्हें 15 जून तक पूर्ण किया जाए।
बैठक में उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद् विश्वास डाबर, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, एल. फैनई, डीजीपी अभिनव कुमार, प्रमुख वन संरक्षक डॉ. धनंजय मोहन, सचिव आर. मीनाक्षी सुदंरम, शैलेश बगोली, अरविन्द सिंह ह्यांकी, दिलीप जावलकर, सचिन कुर्वे, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, सचिव आर. राजेश कुमार, एस.एन.पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, वर्चुअल माध्यम से कुमांऊ कमिश्नर दीपक रावत एवं सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने की कुमाऊँ मण्डल में पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एफटीआई सभागार हल्द्वानी में मानसखंड मन्दिर माला के अंतर्गत कैंची धाम में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कुमाऊँ मण्डल में पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंची धाम में आने वाले पर्यटकों की संख्या में हर रोज इजाफा हो रहा है। इसके लिए जिलाधिकारी नैनीताल को पर्यटन विभाग के माध्यम से कैंची धाम में यात्रियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था चालू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य सभी यात्रा मार्गों में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए यात्रा प्राधिकरण बनाया जाएगा जिसका उद्देश्य पर्यटकों और यात्रियों को अधिकतम सुविधाएं प्रदान करना होगा। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को यात्रा मार्ग में बनाई जाने वाली संरचना, सुविधाओं आदि के प्रपोजल भी भेजने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बैठक में निर्देश दिये कि जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता और पेयजल योजना में लगने वाले पाइपों की मोटाई मानकों के अनुरूप ने होने की शिकायतों पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाय। इस संबंध में कुमाऊं मण्डल के सभी डीएम को उन्होंने 05 करोड़ से अधिक लागत की कतिपय योजनाओं के भौतिक सत्यापन हेतु स्थलीय निरीक्षण के निर्देश भी दिए। साथ ही कुमाऊं आयुक्त को योजनाओं की मॉनिटरिंग करने और लापरवाही पाए जाने पर सम्बंधित के विरुद्ध कारवाई की संस्तुति के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं में हीलाहवाली और लीपापोती किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा से करें, यही उनका दायित्व है। आम जन को योजनाओं का लाभ मिले, इसलिए योजनाओं का निर्माण किया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर रोज समाचार पत्रों, सोशल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में विभागों के द्वारा किए जा रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति दिखाई जाती है। जिस भी विभाग से संबंधित खबरें मीडिया में छपती है या दिखाई जाती है सम्बंधित अधिकारी जिम्मेदारी लेते हुए खबर का संज्ञान ले और कार्यों को जांच करते हुए गुणवत्ता में सुधार करे। इसके साथ ही खबर के संबंध में की गई कार्यवाही से संबंधित मीडिया संस्थान को भी अवगत कराए।

मुख्यमंत्री ने कुमाऊं मंडल में बिजली और पेयजल किल्लत पर लोगों को कम से कम परेशानी हो इसके लिए ऊर्जा और पेयजल अधिकारियो को मांग के अनुरूप कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। लोगों को किस प्रकार तत्कालिक राहत की जा सकती है इस पर अधिकारी ध्यान दें। भविष्य में किस प्रकार ऊर्जा और पेयजल संकट से निपटा जा सके इसके लिए दीर्घकालिक योजना भी तैयार करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये तथा स्वीकृत किये गये नये बिजली घरों पर कार्य शीघ्र आरंभ करने को कहा।

बैठक में जिलाधिकारी वंदना सिंह ने जानकारी दी कि कैंची धाम के मेले के लिए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। स्थाई और अस्थाई तौर पर 11 पार्किंग तैयार की गई है जिसकी क्षमता लगभग 1500 से 2 हजार वाहनों की होगी।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम के पास नहर कवरिंग कार्यों का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री श्री धामी ने नगर निगम के पास नहर कवरिंग सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डामरीकरण पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नहर कवरिंग हो जाने से हल्द्वानी शहर को काफी हद तक जाम से निजात मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने शीशमहल फिल्टर प्लांट का भी किया निरीक्षण

पेयजल से जुड़े अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि जलनिगम व जल संस्थान द्वारा 2055 की जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी शहर की पेयजल समस्या को देखते हुए जलनिगम ने शहर के लिए पानी की मात्रा को बढ़ाते हुए ग्रेविटी स्कीम पर आधारित एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए डीपीआर तैयार की है। इसके साथ ही पूर्व में स्थापित दोनों वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यू टी पी) शीशमहल व शीतलाहाट को रेनोवेट करने की योजना है। विभाग द्वारा लगभग 155 करोड़ की लागत से एक डब्ल्यूटीपी प्लान व वर्तमान में संचालित डब्ल्यूटीपी व अन्य कार्यों के सुदृढ़ीकरण हेतु प्लान तैयार किया गया है।

निरीक्षण के दौरान एसई जल संस्थान विशाल सक्सेना ने कहा कि गौला नदी से ग्रैविटी पर आधारित स्कीम तैयार की जा रही है जिससे भूमिगत जल पर निर्भरता कम भर रहे। इसके साथ ही ट्यूबवेल से संचालित पेयजल योजनाओं को आकस्मिकता के तौर पर प्रयोग में लाया जाएगा। इससे वर्तमान व भविष्य में होने वाली पेयजल समस्या से निजात मिल पाएगी।

ज्ञातव्य है कि हल्द्वानी में शीश महल व शीतलाहाट में दो वाटर फिल्टर प्लांट है जो कि काफी पुराने व अपनी समयावधि पूर्ण कर चुके है। बरसात के समय गौला नदी में सिल्ट आने से पेयजल आपूर्ति बाधित हो जाती है व वर्तमान में हल्द्वानी के दोनों वाटर प्लांट की पानी के प्यूरीफाई की क्षमता भी काफी कम है। इसके अलावा गर्मियों के दिनों में ट्यूबवेल फूंकने से भी पेयजल आपूर्ति बाधित रहती है।

बैठक में विधायक दीवान सिंह बिष्ट, सरिता आर्या,मण्डी परिषद अध्यक्ष डा0 अनिल कूपर डब्बू, दर्जा राज्यमंत्री दीपक मेहरा, प्रताप बिष्ट, निवर्तमान मेयर डॉ जोगेन्दर पाल सिंह रौतेला, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, डीआईजी योगेन्द्र रावत, जिलाधिकारी वंदना, एसएसपी पीएन मीणा, मुख्य वन संरक्षक पीके पात्रो, मुख्य नगर आयुक्त विशाल मिश्रा के साथ ही जल संस्थान, विद्युत, लोनिवि के मण्डल स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने काशीपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में अधिकारियों के साथ की पेयजल एवं बाढ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनपद में कहीं भी पेयजल संकट न हो इस हेतु अधिकारी सक्रियता से कार्य करें। पेयजल से जुड़े अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर पेयजल से सम्बंधित समस्याओं का समाधान करें। पेयजल लाइनों की लीकेज अविलम्ब ठीक कराने के साथ निर्माणाधीन पेयजल योजनाएं पर त्वरित गति से कार्य करते हुए पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि गर्मी का सीजन है अतः शहरों में जन साधारण के लिए शीतल पेयजल हेतु प्याऊ व वॉटर कूलर लगाए जाएं। यह निर्देश मुख्यमंत्री ने काशीपुर भ्रमण के दौरान काशीपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित अधिकारियों की बैठक में दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये कि मानसून से पहले नालियों की सफाई, ड्रेजिंग और चौनलाईजेशन की कार्यवाही भी पूर्ण की जाय तथा नदी किनारे सुरक्षा दीवारों के निर्माण और मरम्मत के कार्य समय पर पूर्ण कर दिये जाएं।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी उदय राज सिंह ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जनपद में 12,123 हेण्ड पम्प हैं जिसमें से 11,578 हेण्ड पम्प सुचारू है, तथा 545 हेण्ड पम्प खराब है जिन्हें शीघ्र ही ठीक कर दिया जाएगा। अर्बन क्षेत्रों में हेण्ड पम्प प्राथमिकता से बनाये जा रहे हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 604 राजस्व ग्रामों हेतु 333 पेयजल योजनाएं बनाई जा रही हैं। सभी योजनाओं के कार्य आगामी माह अगस्त तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अमृत योजना के अंतर्गत नगर निगम काशीपुर में 6 जोनों के लिए सात नलकूप का निर्माण व 6 उच्च जलाशय के निर्माण किया जा रहा है जिसमें से 5 जोन के कार्य पूर्ण कर जल संस्थान को हस्तांरित कर दिए गए हैं जबकि जोन 8 का योजना निर्माण पूर्ण हो चुका है, ट्रायल टेस्टिंग कार्य प्रगति पर हैं। इसी तरह अमृत योजना के अंतर्गत नगर निगम रुद्रपुर में 5 जोन में पेयजल योजना कार्य पूर्ण हो चुका है तथा जलापूर्ति सुचारू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि विश्व बैंक परियोजना के अंतर्गत नगर पालिका खटीमा के वार्ड नं 3, 4, 5 हेतु बन्डिया पेयजल योजना कार्य पूर्ण कर पेयजल सुचारू कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 3 करोड़ के 17 आपदा न्यूनीकरण कार्यों के टेंडर कर दिए गए हैं तथा 51 बाढ़ आपदा न्यूनीकरण कार्य चिन्हित किये गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में वनाग्नि के 65 मामले हुए जिन पर शीघ्र ही काबू पा लिया गया था।

नगर आयुक्त काशीपुर, विवेक राय ने बताया कि नगर निगम काशीपुर में पानी की कोई समस्या नहीं है, 347 हेण्ड पम्प सुचारू है। उन्होंने बताया कि जनता को शुद्ध व शीतल पेयजल उपलब्ध कराने हेतु नगर निगम, क्षत्री चौराहा, गैस गोदाम, चौती मोड़, टांडा तिराहा में वॉटर कूलर स्थापित किये गए हैं जबकि रोडवेज में शीघ्र वॉटर कूलर स्थापित किया जाएगा। उपजिलाधिकारी बाजपुर ने बताया कि बाजपुर क्षेत्र में पेयजल की समस्या नहीं है।

बैठक में एसएसपी मंजुनाथ टीसी, परियोजना निदेशक अजय सिंह, अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम मृदुला सिंह, अधिशासी अभियंता जल संस्थान तरुण शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

कैलाश दा की अंतिम विदाई में छलके सीएम धामी के आंसू

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी के निधन पर गहरा शोक जताया है। मुख्यमंत्री धामी ने दिल्ली में पार्टी प्रत्याशी के नामांकन-रोड शो और सरकार की चारधाम यात्रा समेत अन्य कार्यक्रमों में कर्तव्यों को निभाने के साथ ही अपने दोस्त गहतोड़ी को अलविदा करने काशीपुर पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री धामी ने गहतोड़ी के कुशल राजनीतिज्ञ और विकास के विजन की तारीफ करते हुए भावुक होकर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

चंपावत के पूर्व विधायक और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए उप चुनाव में सीट छोड़ने वाले वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। वे मुख्यमंत्री धामी के राजनीति में बेहद करीबी दोस्त रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी इन दिनों पार्टी के लोकसभा चुनाव में स्टार प्रचारक के रूप में उत्तरप्रदेश, दिल्ली, बंगाल, दक्षिण भारत समेत बड़े राज्यों में प्रचार कर रहे हैं। आज सुबह मुख्यमंत्री धामी दिल्ली सीट पर पार्टी प्रत्याशी रामवीर सिंह बिधूड़ी के पक्ष में नामांकन रैली में भाग लेने पहुंचे थे। यहां मुख्यमंत्री धामी को पूर्व विधायक के निधन की दुःखद खबर मिली। मुख्यमंत्री धामी ने पार्टी संगठन की जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया। साथ ही राज्य में अगले हफ्ते से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा, वनाग्नि की घटनाओं समेत अन्य शासकीय कर्तव्यों का भी पालन किया है।

इसके बाद मुख्यमंत्री अपने बेहद करीबी और राजनीति में अच्छे दोस्त रहे कैलाश गहतोड़ी को अंतिम विदाई देने को उनके काशीपुर स्थित आवास पर पहुंचे। जहां गहतोड़ी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कैलाश गहतोड़ी कुशल राजनीतिज्ञ थे। उनके विकास के विजन के कारण ही वह चंपावत से उप चुनाव लड़े। उन्होंने भावुकता से कहा कि न केवल चंपावत बल्कि राज्य के विकास को लेकर जो सोच गहतोड़ी रखते थे, उनको पूरा करनी की जिम्मेदारी हमारी है। यही पूर्व विधायक को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। बहरहाल, मुख्यमंत्री धामी ने संगठन और सरकार की जिम्मेदारी का निर्वहन कर दुःख की घड़ी में अपने दोस्त की अंतिम विदाई में शामिल होकर कर्त्तव्य पालन किया है।

सीएम ने चंपावत में उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरी मेले की तैयारियों के संबंध में ली समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एनएचपीसी, बनबसा में उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरी मेले की तैयारियों के संबद्ध में समीक्षा बैठक ली।

मुख्यमंत्री ने मां पूर्णागिरी मेले के संबंध में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि पूर्णागिरी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम, सुरक्षित हो। श्रद्धालुओं को यात्रा एवं पैदल मार्गाे पर किसी तरह की कोई दिक्कत न हो, इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। उन्होने कहा सभी के सहभागिता से पूर्णागिरी मेले को नया स्वरूप देना है। हमारा संकल्प है कि पूर्णागिरी मेले से श्रद्धालु अच्छा अनुभव लेकर जाए।

मुख्यमंत्री ने जिला पंचायत द्वारा मेले के अंतर्गत मुंडन हेतु लिए जाने वाली धनराशि पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुंडन हेतु कम से कम शुल्क लिए जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा शासन प्रशासन का ध्येय लोगों को सहूलियत पहुंचाना है। उन्होंने कहा मुंडन हेतु ली जाने वाली धनराशि के कम होने से श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बनबसा कैनाल क्षेत्र में 1 हज़ार लोगों के लिए रैन बसेरे की व्यवस्था किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा स्थानीय लोगों, मंदिर समिति एवं प्रशासन के सहयोग से शारदा एवं बूम घाट में नियमित रुप से भव्य शारदा आरती का आयोजन हो। उन्होंने कहा श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक इस आरती से जोड़ा जाए एवं आरती हेतु जागरूक किया जाए।

मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरीडोर (शारदा रिवर फ्रंट डेवलपमेंट) के विकास कार्य बारे में भी जानकारी लेते हुए कहा कि शारदा कॉरिडोर का भव्य निर्माण हो, इसके लिए यू.आई.डी.बी को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा क्षेत्र का विकास दीर्घ कालीन विजन के साथ किया जाए। हमे वर्तमान के साथ भविष्य के विकास को भी ध्यान के रखना है। उन्होंने कहा सभी विभाग, पूर्णागिरी मेला क्षेत्र में अस्थाई व्यवस्थाओं की जगह स्थाई व्यवस्थाओं पर अधिक प्रथमिकता दे। साथ ही सभी ऑनरशिप लेकर कार्य करें। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को मेले हेतु पुनः मैनपावर का आंकलन करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा अनुसार पैदल मार्गाे पर स्वास्थ शिविरों, डॉक्टरों की तैनाती, आवश्यक दवाईयों की व्यवस्था की जाएं। उन्होंने कहा यात्रा मार्ग पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था हो। इसके साथ ही पूर्णगिरी क्षेत्र हेतु अतिरिक्त पेयजल योजना बनाई जाए। उन्होने कहा पूर्णागिरी एवं टनकपुर क्षेत्र में जन सहभागिता से विशेष स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जाए। मार्गाे पर बने शौचालयों में भी स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा पूर्णागिरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्थाओं को सुगम संचालन हो। आने वाले श्रद्धालुओं हेतु पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था हो। साथ ही मार्गाे पर पुलिस की अस्थाई चौकी एवं खोया पाया केंद्र की व्यवस्था हो। उन्होंने संपूर्ण यात्रा मार्ग पर हाई मास्क लाइट, सौर ऊर्जा लाइट, स्ट्रीट लाइट लगाए जाने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्णागिरी मेले में आने वाले श्रद्धालु अधिक से अधिक दिनों तक क्षेत्र में रुके एवं आस पास के पर्यटक स्थलों का दीदार करें, इसके लिए योजना बनाई जाए। उन्होंने कहा मेले में स्थानीय उत्पादों की उपलब्धता हो इसके लिए स्थानीय उत्पादों के स्टॉल खोले जाए। साथ ही प्लास्टिक फ्री पूर्णागिरी यात्रा पर भी कार्य हो। मुख्यमंत्री ने पूर्णगिरि मेले में स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़े जाने, मेले में आने वाले श्रद्धालुओं हेतु पर्यटन स्पॉट का विकास, बच्चों हेतु पार्क एवं मेले के साथ ही साहसिक खेलों को भी आगे बढ़ाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने पूर्णागिरि मंदिर हेतु पूर्व में की गई घोषणाओ के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि संचार व्यवस्था हेतु स्वीकृति दो मोबाइल टावरों को शीघ्र लगाया जाए। संपूर्ण पूर्णागिरी मंदिर, पैदल मार्ग , गाड़ी मार्ग में संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होने बाटनागाढ पुल निर्माण कार्य, पूर्णागिरी मुख्य मंदिर से काली मंदिर तक व्यकल्पिक पैदल मार्ग, एवं रोपवे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थाई मेला कार्यालय, सामुदायिक भवन का व्यवस्था किए जाने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान अध्यक्ष जिला पंचायत ज्योति राय, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल डब्बू, जिला अध्यक्ष भाजपा निर्मल माहरा, पूर्णागिरी मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, डीएफओ आरसी कांडपाल, अपर जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा, सीडीओ संजय सिंह, जीएम एनएचपीसी राजिल व्यास एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

सीएम ने वनाग्नि के लिए अधिकारियों को दिये हर समय सतर्क रहने के निर्देश, वनाधिकारियों के अवकाश पर लगाई रोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन प्रशिक्षण अकादमी सभागार में वनाग्नि को रोकने के लिये किये जा रहे प्रयासों की गहनता से समीक्षा की। उन्होंने वनाग्नि को रोकने के लिये अधिकारियों को हर समय सतर्क रहने के निर्देश दिये है। मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिये कि जब तक वनों में लगी आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो जाती है तब तक वनाधिकारियों के अवकाश पर जाने पर रोक लगायी जाय। केवल गम्भीर बीमारी के मामलों में ही छूट दी जाय।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिये है कि वनाधिकारी हर समय वनाग्नि से प्रभावित क्षेत्रों में रहकर इसे नियंत्रित करने का प्रयास करें। इस कार्य में लगे अधिकारियों को अनावश्यक रूप से बैठक में प्रतिभाग हेतु देहरादून न बलाये जाने के भी निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये है। उन्होंने कहा कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए वन विभाग के अलावा अन्य विभाग भी अलर्ट मोड पर रहें। वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए सूचना तंत्र और मजबूत किया जाए। क्विक रिस्पांस टाईम कम से कम किया जाए। वनाग्नि पर प्रभावी रोकथाम के लिए स्थानीय स्तर पर लोगों का सहयोग लिया जाए।

उन्होंने कहा कि इस में सेना का भी सहयोग लिया जा रहा है। जो भी लोग वनों में आग लगाये जाने के दोषी पाये जायेंगे उनके विरूद्ध कार्यवाही किये जाने के भी निर्देश उन्होंने दिये है। मुख्यमंत्री ने लीसा डिपो के आस पास बनाग्नि के नियंत्रण पर ध्यान देने को कहा तथा फायर ब्रिगेड को भी एक्टिव करने को कहा। ताकि लीसा डिपो या अन्य संस्थानों को कोई नुकसान न हो। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने वनाग्नि से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी के प्रयासों से वनाग्नि की घटनाएं नियंत्रित हो रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बढ़ते तापमान के दृष्टिगत पेयजल की कमी को दूर करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिये।

इस अवसर पर विधायक सरिता आर्य, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना के साथ ही वन एवं पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी एवं अन्य जन प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री धामी के हल्द्वानी रोड शो में उमड़ा जनता का हूजूम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन नैनीताल लोकसभा के अंतर्गत हल्द्वानी में आयोजित रोड शो में प्रतिभाग किया। इस दौरान हजारों की संख्या में जनता का हुजूम उमड़ा और पूरा हल्द्वानी शहर भगवामय हो गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा प्रत्याशी को अधिक से अधिक वोटों से जीताने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज की रामनवमी हम सबके लिए बहुत विशेष है। यह दिन हम सबके जीवन में पहली बार आया है जब रामलला जो 500 वर्षों से अपने घर से बाहर रह रहे थे, इस बार का अपना जन्मदिन अपने महल में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री जी का विशेष अभिनंदन करता हूँ कि उनकी वजह से आज हम सबको यह अवसर प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार का चुनाव ऐतिहासिक चुनाव है और मोदी जी तीसरी बार प्रचंड बहुमत से देश के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। उत्तराखंड की पांचों सीटें भी हम जीतकर प्रधानमंत्री जी के 400 पार के नारे को साकार करने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से अपील करते हुए कहा कि हर किसी को मतदान में जरूर भाग लेना है और हिमालयी राज्यों के बीच सबसे अधिक मतदान का रिकॉर्ड बनाना है। साथ ही ऐतिहासिक विजय हमें यहां से भाजपा को दिलानी है। उन्होंने कहा कि 4 जून को जब नतीजे आएंगे, उस दिन निश्चित हम एक बार फिर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनते देखेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जी के हृदय में उत्तराखंड बसता है और अब हमारी बारी है कि हमें यहां से प्रचंड बहुमत से सभी प्रत्याशियों को जीत दिलानी है।

कांग्रेस फिर से देश को घोटालों की खाई में धकेलने के सपने देख रही हैः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अनुष्का गार्डन कुण्डेश्वरी (बाजपुर, ऊ०सि०नगर) में नैनिताल लोक सभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में लोगों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी चुनाव ऐतिहासिक चुनाव है। उन्होंने जनता से अजय भट्ट को पूर्ण समर्थन देने की बात कही। उन्होंने कहा कमल के फूल वाले बटन को दबाने पर वो मत सीधा प्रधानमंत्री जी को जायेगा। आदरणीय मोदी जी ने हर पल हर क्षण देशवासियों को समर्पित किया है। 10 साल मोदी जी ने देश के लिए तपस्या, त्याग और तप किया है। उन्होंने कहा रक्षा राज्य मंत्री के रूप में अजय भट्ट जी ने क्षेत्र की मांगों को आगे बढ़ाया है जिसके फल स्वरुप काशीपुर धामपुर रेलवे लाइन डीपीआर की स्वीकृति प्रदान हो गई है। इसके साथ ही किच्छा में एम्स, हल्द्वानी में जमरानी बांध, अमृतसर तक के लिए सीधी ट्रेन की स्वीकृति मिल गई है। बाजपुर से मुरादाबाद सड़क का चौड़ीकरण कार्य होने वाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि का गौरव प्राप्त है। वन रैंक वन पेंशन लागू हो गई है। आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सैनिकों को सशक्त बनाया जा रहा है। सैनिकों को अच्छे शस्त्र और वस्त्र दोनों दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधामनमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में भारत ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और विज्ञान के क्षेत्र में अभूतपूर्व तरक्की की है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने 2047 तक भारत को पूर्ण रूप से विकसित देश बनाने का लक्ष्य लिया है। भारत विश्व शक्ति के रूप में भी ऊभर रहा है। भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजपुर एवं आसपास क्षेत्र सिख धर्म को मानने वाले लोगों का क्षेत्र है। जिन्होंने हमेशा धर्म के लिए शक्ति को प्राथमिकता दी है। करतारपुर कॉरिडोर बनाने का काम भी मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में पूरा देश एक साथ चल रहा है। उन्हीं के नेतृत्व में सारा भेदभाव खत्म हो रहा है। कांग्रेस ने अपने कालखंड में बस लोगों का तुष्टिकरण किया है। कांग्रेस की लड़ाई परिवार, पार्टी को बचाने की है। कांग्रेस का घोषणा पत्र मुस्लिम लीग का घोषणा पत्र लगता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजपुर क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए अनेकों कार्य जारी हैं। 3.5 करोड़ की लागत से विभिन्न कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। 16 करोड़ रूपए से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा हमारी सरकार ने हमेशा किसानों के जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा पहली बार मुख्य सेवक का पदभार संभालाने के एक महीने के अंदर ही बाजपुर के किसानों के प्रतिनिधिमंडल से भेंट कर उनकी समस्याओं का समाधान करवाया था। उन्होंने कहा सरकार ने गन्ने के रेट में भी 20 रूपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी की है। सरकार ने निर्णय लिया है कि किसानों को अब नहर से सिंचाई के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा।खाद्यान्न खेती के साथ ही हम सगंध खेती को बढ़ावा देने के लिए 6 एरोमा वैली विकसित करने पर काम कर रहे हैं। इसके तहत ऊधमसिंह नगर में मिंट की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। इस बार के बजट में 200 करोड़ रूपए का प्रावधान विशेष रूप से पॉलीहाउस निर्माण के लिए किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ मोदी जी की देश को विकास और तरक्की के रास्ते पर आगे ले जाने की गारंटी है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस जो फिर से देश को घोटालों की खाई में धकेलने के सपने देख रही है। प्रदेश / देश की जनता कांग्रेस का सपना पूरा नहीं होने देगी। क्योंकि कांग्रेस की असलियत जनता पहचान चुकी है। उन्होंने कहा इस बार कांग्रेस को वोट देने का मतलब वोट को गड्ढे में डालना। उन्होंने कहा देश की जनता के आशीर्वाद से जब पुनः भाजपा की सरकार बनेगी तो कांग्रेस के लोग म्टड को दोष देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता जानती है कि विपक्षियों का गठबंधन नहीं ठगबंधन है।

मुख्यमंत्री ने सभी से अनुरोध करते हुए कहा कि आगामी 19 अप्रैल को नैनीताल उधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट जी को भारी मतों से विजय बनाकार नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने में अपना योगदान देना है।

इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, राजेश कुमार, प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

धामी की सख्ती और अपराध मुक्त उत्तराखण्ड का संकल्प, हरिद्वार में मुठभेड़ में मारा गया बाबा तरसेम सिंह का हत्यारा

पुलिस ने बाबा तरसेम की हत्या करने वाले एक बदमाश के इनकाउंटर में मारने के बाद यही संदेश दिया है। सीएम धामी बाबा तरसेम की हत्या के बाद से ही सख्त लहजे में थे।

बाबा तरसेम सिंह तराई में सिक्ख समुदाय के धार्मिक गुरु थे जिन्होने नानकमत्ता क्षेत्र में शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में कई काम किये थे जिसके चलते उन्होंने सिक्ख समुदाय के साथ साथ अन्य समुदाय के लोगो मे पैठ बना ली थी बाबा तरसेम सिंह के कई राजनीतिक लोगो से गहरे संबध थे उनके डेरे में बीजेपी के साथ साथ कांग्रेस और अन्य दलों के नेता आते रहते थे और सीएम धामी से भी उनकी निकटता थी। विधायक से लेकर सीएम बनने तक धामी डेरे में आया जाया करते थे। बाबा तरसेम सिंह की हत्या के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी नानकमत्ता डेरे में पहुचे और बाबा तरसेम सिंह का शव देखकर भावुक हो गए और उनकी आंखे नम हो गयी और काफी देर तक गुमशुम बैठे रहे। मीडिया से बात करते करते हुए उन्होंने कहा कानून अपना काम करेगा जिसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने शूटरों की धरपकड़ को दिन रात एक कर दिया और एक बदमाश अमरजीत सिंह मुठभेड़ में मारा गया।

गौरतलब है कि 28 मार्च को श्री नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारा डेरा कार सेवा के प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के बाद उत्तराखंड में हड़कंप मच गया था। मुख्यमत्री पुष्कर सिंह धामी खुद श्री नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारा गए थे।
हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस के डीजीपी अभिनव कुमार को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे जिसके बाद से पुलिस लगातार आरोपियों को तलाशने में जुटी थी। कुछ दिन पूर्व ही इस घटना में शामिल साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, मंगलवार देर रात हरिद्वार पुलिस व एसटीएफ ने पुख्ता सूचना के आधार पर इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को हरिद्वार क्षेत्र में हुए एक एनकाउंटर में मार गिराया।

एसटीएफ का कहना है कि अमरजीत सिंह नाम का ये बदमाश श्री नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारा डेरा कार सेवा के प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या करने की घटना में शामिल था। एक बदमाश भागने में सफल रहा।

जेपी नड्डा की जनसभा में कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह, लोगों ने मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने का बनाया मन

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देव सिंह मैदान, पिथौरागढ़ में अल्मोड़ा लोकसभा के अंतर्गत आयोजित जनसभा में प्रतिभाग किया।

इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड में आने का सौभाग्य मिला। इस भूमि में हम देवताओं को पूजते हैं, यहां का हर व्यक्ति देवतुल्य है। ये भूमि देश की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रही है। वीरों, जवानों के साथ वन रैंक वन पेंशन लागू कर प्रधानमंत्री द्वारा ही न्याय किया गया है। प्रधानमंत्री ने शताब्दी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बताया है। उनके कहे अनुसार आज वो धरातल में दिख रहा है और उत्तराखंड से विकास की नई गंगा बह रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने कहा कि एक ओर हमारी सरकार है जिसने उत्तराखंड के दर्द को समझा, राज्य के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी, युवाओं की आकांक्षाओ को पूर्ण एवं महिलाओं का सशक्तिकरण किया, राज्य को मुख्यधारा में लाने का काम किया। और दूसरी ओर वह विपक्षी दल है जिसने दशकों तक उत्तराखंड के साथ धोखा किया। घोटाले किए, विकास की जगह राज्य का विनाश किया। उन्होंने कहा कांग्रेस ने कोयला घोटाला, बोफोर्स घोटाला, पनडुब्बी घोटला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला, 2ळ, 3ळ घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाला किया है। उन्होंने कहा कांग्रेस ने जल, नभ, थल, के साथ ही पाताल में भी घोटाले किए हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 2014 और 2019 में उत्तराखंड राज्य ने पांचो लोकसभा सीट भाजपा को देने का काम किया जिसके फलस्वरुप कोरोना जैसी महामारी, यूक्रेन रूस युद्ध के बाद भी ब्रिटेन को पछाड़ भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा तीसरी बार श्री अजय टम्टा जी एवं सभी पांच सीटों से भाजपा प्रत्याशीयो को विजय बनाकर भेजेंगे तो भारत 2028 में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा। उन्होंने कहा इलेक्ट्रॉनिक गुड्स के एक्सपर्ट में भारत 6 गुना आगे बढ़ गया है। आज सबके हाथ में जो मोबाइल है उसमें मेड इन इंडिया लिखा हुआ होगा ये आत्मनिर्भर भारत का उदाहरण है। 97 प्रतिशत मोबाइलों का निर्माण भारत में हो रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने कहा कि आज भारत इस्पात उत्पादन में विश्व में दूसरे स्थान पर है। गाड़ियां के निर्माण एवं मार्केटिंग में भारत ने जापान को पीछे छोड़ दिया है। ऑटोमोबाइल में भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है। सबसे सस्ती एवं कारगर दवाई आज भारत के उद्योगपति बना रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ पक्के घर गरीबों को दिए गए हैं। जिसमे से क़रीब एक लाख घर उत्तराखंड में दिए हैं और 11 हज़ार घर पिथौरागढ़ जिले में बने हैं। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत देश में 11 करोड़ गैस कनेक्शन तो उत्तराखंड में 1 लाख कनेक्शन दिए गए हैं। देश में 11 करोड़ 30 लाख लोगो को हर घर नल, नल से जल पहुंचाया गया है। उत्तराखंड में 12 लाख घरों और पिथौरागढ़ में 2 लाख 40 हजार घरों में हर घर नल, जल पहुंचाया है। देश में 11 करोड़ इज्जत घर बनाए गए हैं। जिसमें से 5 लाख 30 हज़ार इज्जत घर उत्तराखंड में बने हैं। आज आयुष्मान योजना के अंतर्गत देश की 55 करोड़ गरीब जनता को प्रति वर्ष 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जा रहा है। हर गरीब का इलाज हो रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र का बजट 250 करोड़ से बढ़कर 500 करोड़ हो गया है। पिथौरागढ़, अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे है। ड्रिंकिंग वाटर के लिए 1200 करोड़ खर्च हो रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष प्यार है। प्रधानमंत्री ने धामी जी को विशेष प्यार से राज्य के विकास हेतु 41 हज़ार करोड रुपए का सेंट्रल फंड दिया, जिससे राज्य का स्वर्णिम विकास जारी है। इसके साथ ही देहरादून दिल्ली, देहरादून लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरूवात की गई है। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन के लिए 16 हज़ार करोड़ रूपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा उत्तराखंड के विकास के लिए हजारों करोड़ों की विकास योजनायो को आगे बढ़ाया जा रहा है। जो कांग्रेस के राज में कभी संभव नहीं थी। उन्होंने कहा गांव गांव पक्की सड़कें आ रही हैं। ये नया और विकास का उत्तराखंड है। उत्तराखंड राज्य यूनिफॉर्म सिविल कोड में भी सबसे आगे चल रहा है। प्रधानमंत्री ने राजनीति की संस्कृति को बदलते हुए देश के अंतिम गांव को देश का पहला गांव बनाया है। पिथौरागढ़ के 27 गांव को वाइब्रेंट विलेज में चयनित कर उनका विकास कार्य जारी है

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जे.पी नड्डा का देवभूमि उत्तराखंड की समस्त जनता की ओर से पिथौरागढ़ पधारने पर स्वागत करते हुए कहा कि आदरणीय श्री नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा अटक से कटक और कश्मीर से कन्याकुमारी तक अपना प्रसार, एवं संगठन का विस्तार कर चुकी है। भाजपा के बिना भारतीय राजनीति की कल्पना नहीं की जा सकती है। श्री नड्डा जी का व्यवहार, विनम्र व्यक्तित्व से हम सभी कार्यकर्ताओ को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा लोकसभा चुनावों का शंखनाद हो चुका है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी और अध्यक्ष नड्डा जी ने विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए 4 जून को 400 पार पहुंचने का नारा दिया है। उन्होंने कहा ये 400 पार का नारा मोदी जी की गारंटी और विकास की चाबी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 400 पार का लक्ष्य विकसित भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति, बनाने का लक्ष्य है। जनता के आशीर्वाद से अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट के साथ ही उत्तराखंड की पांचों सीटों पर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजय दिलाकर आदरणीय प्रधानमंत्री जी के संकल्प को सिद्ध करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा दूसरी पार्टियों दूर-दूर तक मैदान में दिखाई नहीं दे रही हैं। जनता के आशीर्वाद से आने वाले परिणामो से विपक्ष भली भांति परिचित है। इसलिए विपक्षी पार्टियों को इस बार कोई टिकट लेने वाला भी नहीं मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड से विशेष नाता है इसलिए अब हम सभी उत्तराखंड वासियों की जिम्मेदारी है कि अल्मोड़ा लोक सभा से अजय टम्टा एवं राज्य की सभी लोकसभा सीटों से भारी मतों से भाजपा प्रत्याशियों को विजय बनाना है।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, लोकसभा प्रत्याशी अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, विधायक फ़कीर राम टम्टा, सुरेश गढ़िया एवं अन्य लोग मौजूद रहे।