दो से ज्यादा बच्चें होने पर जज को कहा टाटा

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने दो से ज्यादा बच्चों के पिता पाए जाने पर ग्वालियर जिला सत्र न्यायालय में पदस्थ चतुर्थ अतिरिक्त न्यायाधीश मनोज कुमार को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।
आपको बता दें कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए वर्ष 2001 में मध्य प्रदेश सरकार ने कानून बनाया था। इसके तहत वर्ष 2001 के बाद वही व्यक्ति सरकारी नौकरी के लिए आवेदन कर सकता था, जिसके अधिकतम दो बच्चे थे। दो से ज्यादा बच्चे होने पर संबंधित व्यक्ति सरकारी नौकरी का हकदार नहीं था। हाई कोर्ट ने अपर सत्र न्यायाधीश के पद पर वकीलों से सीधी भर्ती के लिए मई 2017 में विज्ञापन निकाला था। ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन किया गया।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के मनोज कुमार की चतुर्थ अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के पद पर नियुक्ति मिली थी। उन्हें ग्वालियर के जिला सत्र न्यायालय में पदस्थ किया गया था। जब फॉर्म भरा था तब उन्होंने बच्चों की जानकारी नहीं दी थी। नियुक्ति के बाद मनोज कुमार द्वारा हाई कोर्ट को दी जानकारी में बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। मामले को फुलकोर्ट मीटिंग में रखा गया और दो से अधिक बच्चे होने पर उन्हें बर्खास्त कर दिया गया। इस संबंध में जब मनोज कुमार से संपर्क किया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।
फॉर्म में बच्चों की जानकारी देना अनिवार्य
मप्र हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल मो. फहीम अनवर ने बताया, सरकारी नौकरी के फॉर्म में वैवाहिक स्थिति, बच्चों की संख्या पूछी जाती है। अगर विवाहित हैं तो बच्चों की जानकारी देनी होती है। चतुर्थ अतिरिक्त न्यायाधीश मनोज कुमार दो से ज्यादा बच्चों के पिता हैं। उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का नोटिस दे दिया है।

अगले साल के अंत तक पूरी हो जाएगी चार धाम सड़क परियोजना

केंद्रीय सड़क, परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तराखंड में ‘चार धाम’ सड़क संपर्क परियोजना को सरकार 2018 के अंत तक पूरा कर लेगी। 12 हजार करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से जुड़े 10 प्रस्तावों को पर्यावरण मंजूरी भी मिल गई है।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण मंजूरी मिलने के बाद सड़क एवं राजमार्ग मंत्रालय ने परियोजना पर काम तेज कर दिया है। जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के एजेंडे में शीर्ष पर है। इस परियोजनाओं से जुड़े अन्य अटके प्रस्तावों को भी जल्द ही मंजूरी प्राप्त हो जाएगी। क्योंकि पर्यावरण एवं वन मंत्रालय समेत विभिन्न मंत्रालयों के साथ बैठकें जारी हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह लोगों को सबसे बड़ा उपहार होगा। क्योंकि आस्था से जुड़ी चार धाम यात्रा लोगों के एजेंडे में शीर्ष पर रहती है। विदेश से भी बड़ी संख्या में लोग चार धाम यात्रा के लिए आते हैं। उन्होंने बताया कि 900 किमी के नए अलाइनमेंट पर राजमार्गो का निर्माण किया जा रहा है और सुरंगों का निर्माण भी तेज गति से हो रहा है। यह मार्ग सभी मौसम में खुले रहेंगे।
मालूम हो कि इसी महीने की शुरुआत में गडकरी ने आधारभूत ढांचे पर एक बैठक की अध्यक्षता की थी। इसमें उन्होंने विभिन्न मंत्रालयों से मंजूरियों के अभाव में लटके चार धाम यात्रा के 18 प्रस्तावों में तेजी लाने का अनुरोध किया था। चार धाम परियोजना की आधारशिला पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी।

गोभी में छिपा सांप को सब्जी बनाकर खा गई मां-बेटी

इंदौर के खजराना क्षेत्र में गोभी में छुपे सांप को सब्जी के साथ खा लेने से मां-बेटी की तबियत बिगड़ गई। खाना खाते ही स्वास्थ्य गड़बड़ हुआ तो परिजन ने सब्जी का बर्तन देखा। उसमें सांप का मुंह और पूंछ के हिस्से देख होश उड़ गए। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
यह चौंकाने वाला मामला जमजम कॉलोनी में रहने वाली अफजान पति इमाम (35) और उनकी बेटी अमना (15) के साथ हुआ है। खजराना पुलिस के मुताबिक अफजान के परिवार में पति और पांच बच्चे है। अमना पांच भाई बहनों में सबसे बड़ी बेटी है। शुक्रवार को अफजान ने पत्ता गोभी की सब्ज बनाई। अफजान और अमना दोनों ने खाना खाया। कुछ देर बाद उन्हें चक्कर आने लगे। अफजान के भाई रफीक ने बताया कि मां-बेटी के अलावा परिवार में किसी ने खाना नहीं खाया था। दोनों को खाना खाने के 10 से 15 मिनट बाद चक्कर आने लगे।
इस पर हमें सब्जी और रोटी पर शक गया। हमें लगा कि खाने में कुछ है जिसके कारण इन्हें चक्कर आ रहे है। सब्जी वाले बर्तन में देखा तो उसमें सांप की पूछ और उसका मुंह भी दिखाई दिया। सांप का बच्चा था जिसे सब्जी के साथ काटकर यह लोग खा गए थे। सांप को सब्जी में कटा हुआ देख सभी घबरा गए। तत्काल दोनों मां-बेटी को एमवाय अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टर का कहना है कि सांप के खा जाने से शरीर में इंफेक्शन हो गया। उन्हें ठीक होने में तीन से चार दिन लगेंगे। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर है।

कन्या दान में स्मार्ट फोन के लिए पैसा देगी सरकार

मध्य प्रदेश।
महिलाओं को सशक्त बनाने एवं नकदी रहित लेन-देन को बढ़ावा देने के मकसद से मध्यप्रदेश सरकार मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत शादी करने वाली प्रत्येक दुल्हन को स्मार्ट फोन खरीदने के लिए 3,000 रुपये का चेक देगी। मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना में मंत्रीपरिषद के निर्णय अनुसार प्रत्येक कन्या को स्मार्ट फोन खरीदने के लिए 3,000 रुपये का चेक दिया जाएगा। उन्होंने कहा, प्रदेश में अब तक 3,86,103 कन्याओं के विवाह एवं 9,403 कन्याओं के निकाह योजना में सम्पन्न हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना में प्रदेश के गरीब, जरूरतमंद, निराश्रित, निर्धन परिवारों की विवाह योग्य कन्या परित्यक्तता के सामूहिक विवाह के लिये 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसमें से दाम्पत्य जीवन की खुशहाली के लिए दी जाने वाली सहायता राशि 17,000 रुपये है, जो कन्या के नाम से एकाउंट-पेई चेक के द्वारा सामूहिक विवाह कार्यक्रम में ही कन्या को दे दी जाती है। इसके अलावा, विवाह संस्कार के लिए कन्या को दी जाने वाली आवश्यक सामग्री के लिए 5,000 रुपये तथा सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित करने के लिए ग्रामीण-शहरी निकाय को 3,000 रुपये की राशि व्यय करने का प्रावधान है।

चैंकिंग के दौरान ईवीएम का बटन दबाने पर कमल का फूल प्रिंट

दिल्ली।
ई वी एम मशीन में गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस चुनाव के बाद से ही बीजेपी पर सवाल उठा रही थी की बीजेपी ने ई वी एममशीन में गड़बड़ी की है इसलिए बीजेपी की जीत हुई है। मध्य प्रदेश में एवीएम मशीन की गड़बड़ी सामने आने के बाद अब कांग्रेस को एक बार फिर बीजेपी पर सवाल उठाने का मौका हाथ लग गया है। मध्य प्रदेश के भिंड में VVPAT (वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल) की चैंकिंग के दौरान ईवीएम का बटन दबाने पर कमल का फूल प्रिंट हुआ। अब मामले में इलेक्शन कमीशन ने रिपोर्ट बुलाई है। बता दें कि भिंड के अटेर में अगले हफ्ते बाईइलेक्शन होना है। ये सीट विधानसभा में लीडर अपोजिशन रहे सत्यदेव कटारे के निधन से खाली हुई है।