दिल्ली की लापता महिला परमार्थ घाट में मिलीं

दिल्ली से लापता एक महिला लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के परमार्थ निकेतन घाट पर मिली। पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क कर महिला को सुपुर्द किया।
लक्षमणझूला थाना निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि थाना मानसरोवर पार्क जिला शाहदरा, दिल्ली निवासी आकृति दुबे पत्नी अविनाश दुबे की परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। दिल्ली पुलिस महिला की तलाश में यहां पर पहुंची। लक्ष्मणझूला पुलिस की मदद से महिला को परमार्थ निकेतन घाट से सुबह सकुशल बरामद किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस के एएसआई दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल जसवीर सिंह, महिला के परिजन सुधीर पांडे और प्रीति पांडे, उप निरीक्षक मनोज रावत, कांस्टेबल मानवेन्द्र सुमन, कांस्टेबल पीएसी सुशील सिंह रावत, महिला कांस्टेबल कविता सैनी मौजूद रहे।

अब इन्हें मिलेगी सरकार में जिम्मेदारी, सीएम ने दिए संकेत

उत्तराखंड में दायित्व की आस लगाए भाजपा कार्यकर्ताओं का सपना जल्द पूरा होने वाला है। दायित्वों के बंटवारे पर तेजी से काम शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को विभिन्न निगम, आयोग और परिषदों में जल्द दायित्व बांटें जाएंगे। हालांकि, इससे पहले संगठन से भी राय-मशविरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी जरूरी पद रिक्त हैं, उनमें पार्टी के समर्पित सिपाहियों की जगह दी जाएगी। स्वाभाविक है कि इससे सरकार के कामों में और तेजी आएगी।
कैबिनेट में रिक्त तीन पदों को भरने के सवाल पर सीएम धामी बोले कि इस पर पार्टी हाईकमान को फैसला लेना है। जब भी उचित समय आएगा, कैबिनेट का विस्तार कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस संकेत से माना जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार में अभी कुछ वक्त लग सकता है।
उधर, मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि मंत्रि परिषद विभाग ने विभिन्न निगम, आयोग और परिषदों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के साथ ही सदस्यों के रिक्त पदों का ब्योरा जुटा लिया है। कुछ संवैधानिक पदों को छोड़कर बाकी लगभग 115 पद पिछले एक साल से खाली हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय ने अभी यह सूची नहीं मांगी गई है, लेकिन विभाग ने ऐहतियात के तौर पर तैयारियां कर दी हैं।

10 हजार की घूस लेते कानूनगो रंगेहाथ गिरफ्तार

देहरादून की डोईवाला तहसील में विजिलेंस ने एक कानूनगो को 10 हजार रुपये रिश्‍वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। कानूनगो पांच-पांच हजार रुपये प्रति फाइल के नाम पर रिश्‍वत मांगी थी। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर पर बताया कि मोतीलाल न्‍यू श‍िव मार्केट शास्‍त्रीनगर ज्‍वालापुर हर‍िद्वार रिश्‍वत मांग रहा है। जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता की मां अपने दो भूखंडों को कृषि भूमि से अकृषि भूमि घोषित करने के लिए 31 अक्‍टूबर 2021 को आवेदन किया था। दोनों रकबों की अलग अलग पत्रावली पर रिपोर्ट लगाने के लिए शिकायतकर्ता ने कानूनगो मोतीलाल से कई बार संपर्क किया।
जिस पर कानूनगो ने प्रति फाइल पांच हजार रुपये समेत कुल 10 हजार रुपये की रिश्‍वत मांगी। जांच सही पाए जाने के बाद ट्रैप टीम गठिति की गई। बुधवार को कानूनगो मोतीलाल पुत्र स्‍व. शिकलचंद निवासी न्‍यू श‍िव मार्केट शास्‍त्रीनगर ज्‍वालापुर हरिद्वार, हाल तैनाती कानूनगो डोईवाला को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये तहसील कार्यालय से रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्‍टर देहरादून रेनू लोहानी ने बताया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध टोल फ्री नंबर पर शिकायत कर सकते हैं।

भाजपा अब लोकसभा की तैयारियों में जुटी

भाजपा की हल्द्वानी में हो रही प्रदेश कार्यसमिति में पार्टी नेतृत्व का पूरा फोकस 2024 में होने वाले लोक सभा चुनावों पर है। जिसके चलते पार्टी ने कार्यसमिति में केन्द्र की मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने पर प्रदेशभर में उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यक्रम चलाने का निर्यण लिया है।
भाजपा की दो साल के अंतराल के बाद हल्द्वानी में हो रही प्रदेश कार्यसमिति पर पूरी तरह से से मिशन-2024 पर ही फोकस किया जा रहा है। यही कारण है कि कार्यसमिति में तय हुए कार्यक्रमों में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के बजाए केन्द्र की मोदी सरकार की 8 साल की उपलब्धियों जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया है। जिसके लिए प्रदेश, जिला, ब्लाक व बूथ स्तर तक के लिए कार्यक्रम तय किए गए हैं। इन सारे कार्यक्रमों में केवल केन्द्र की उपलब्धियों का ही प्रचार किया जाएगा। कार्यसमिति में पहुंचे पार्टी के दिग्गज नेता व केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक।
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, कुलदीप कुमार, राजेन्द्र सिंह भंडारी का भी फोकस रहा कि कार्यसमिति के माध्यम से कैसे प्रदेशभर में जन-जन तक केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाया जाए। यहां तक की कार्यसमिति के दौरान लगी विकास प्रदर्शनी भी पूरी तरह से केन्द्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों पर केन्द्रीत रही।

सूचना विभाग सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाये

विशेष प्रमुख सचिव सूचना अभिनव कुमार ने रिंग रोड स्थित सूचना निदेशालय में सूचना विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए निर्देश दिये कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को विभिन्न माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाया जाए। सीमान्त जनपदों के लोगों तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाया जाए। समाज के अन्तिम पंक्ति पर खड़े लोगों को सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिले, सरकार की इस मंशा को पूरा करने के लिए प्रिन्ट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के अलावा अन्य माध्यमों से भी लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाए।
विशेष प्रमुख सचिव सूचना ने कहा कि सरकार की योजनाओं एवं राज्य के विकास के लिए हुए महत्वपूर्ण कार्यों की विभिन्न विभागों से सूचना मांगी जाए, ताकि इनकी आमजन को जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि समय के साथ कार्यों में आधुनिक तकनीक का प्रयोग अधिक हो रहा है। सूचनाओं के आदान-प्रदान में आधुनिक तकनीक एवं बेहतर लोक सम्पर्क के लिए जिला सूचना अधिकारियों एवं सूचना अधिकारियों के विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। सरकार की योजनाओं के व्यापक-प्रचार प्रसार के लिए सभी विभागों के समन्वय बनाये रखें।
विशेष प्रमुख सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत सरकार द्वारा की गई विभिन्न व्यवस्थाओं एवं श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं का भी व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाए। विभिन्न विभागों द्वारा चारधाम यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की दी जा रही सुविधाओं के बारे में विभिन्न प्रचार माध्यमों से जानकारी दी जाए।
महानिदेशक सूचना रणवीर सिंह चौहान ने कहा कि विभाग द्वारा सरकार की योजनाओं एवं राज्य के विकास के लिए किये जा रहे कार्यों का विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रमुख योजनाओं का आम जन को लाभ मिले, इसके लिए लघु फिल्में भी बनाई गई हैं।
बैठक में संयुक्त निदेशक सूचना आशिष त्रिपाठी, के. एस. चौहान, उप निदेशक मनोज श्रीवास्तव व रवि बिजारनियां उपस्थित रहे।

लोक गायक किशन सिंह पंवार का निधन, श्रद्धाजंलि दी

लोकप्रिय लोक गायक व समाजसेवी किशन सिंह पंवार का लंबी बीमारी के बाद मैक्स हॉस्पिटल देहरादून में निधन हो गया। पूर्णानंद घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अपने गीतों में लोक जीवन के अनछुए पहलुओं को पिरोने वाले तथा पहाड़ी समाज के यथार्थ व्यथा व चिंतन को गीतों के माध्यम से दर्शाने वाले लोक गायक के साथ-साथ समाज सेवक भी थे। उन्होंने समाज के प्रति समर्पण भाव से स्वयं को समर्पित किया व अनेकों सामाजिक दायित्वों की पूर्ति करते हुये सांस्कृतिक व सामाजिक संस्था प्रतापनगर जलकुर घाटी महापंचायत की स्थापना भी की। ऋषिकेश, श्यामपुर, छिद्दरवाला के लोगों को समाज के प्रति संगठित किया। समाजसेवी डॉ. धीरेंद्र रांगड़ ने पंवार को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि समाजसेवा व संगीत में पंवार का योगदान अतुलनीय था उनका जाना उत्तराखंड के लिये अपूरणीय क्षति है।
प्रतापनगर जलकुर घाटी महापंचायत के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह कंडियाल, देवडोली समिति के भगवान सिंह रांगड़, मनसा देवी महिला जनकल्याण समिति की अध्यक्ष उषा भंडारी, हुकम सिंह रावत, बिमला रावत, महिपाल सिंह बिष्ट, धनसिंह रांगड़, यतेंद्र कंडियाल आदि ने पंवार के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

चारधाम यात्रा मार्गो के नगर निकायों की शहरी विकास मंत्री ने की समीक्षा

शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शहरी विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में अग्रवाल ने चारधाम यात्रा रूट पर पड़ने वाले 27 शहरों, गंगा नदी के तट पर पड़ने वाले 15 नगरों सहित सभी नगर निकायों में सफाई व्यवस्था, स्थाई और अस्थाई शौचालयों की स्थिति, नाले की सफाई, दवा छिड़काव, पेयजल व्यवस्था आदि स्थितियां जानी और इस पर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
मंगलवार को सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन के पंचम तल वीरभद्र सिंह गढ़वाली सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। सर्वप्रथम अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित मन की बात कार्यक्रम में केदारनाथ में गंदगी को लेकर किए गए जिक्र के संबंध में संबंधित ईओ से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए जानकारी जुटाई। ईओं को केदारनाथ के आसपास पूरी तरह से साफ सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। कहा कि इसकी वीडियों बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजें। अग्रवाल ने इसी तरह बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के ईओ से स्थिति जानी, जो संतोषजनक पाई गई।
अग्रवाल ने चमोली नगर पालिका के ईओ द्वारा प्लास्टिक, पॉलीथिन को बंद करने, बरसात को देखते हुए नालियों को पूर्ण रूप से साफ किए जाने पर प्रशंसा जाहिर की। इसी तरह क्रमवार रूद्रप्रयाग, पौड़ी, बड़कोट, श्रीनगर, रूड़की, हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, लंढौरा, मंगलौर, इमली खेड़ा, सेलाकुई, मसूरी, विकासनगर, झबरेड़ा, हरबटपुर, डोईवाला सहित सभी निकायों में सफाई व्यवस्था, शौचालयों, दवा छिड़काव की स्थिति जानी।
बैठक के दौरान अग्रवाल ने पिरान कलियर नगर पालिका क्षेत्र में रात्रिकाल में सफाई व्यवस्था न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर सभी नगर निकायों को निर्देशित करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों के आसपास सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी जगह तीन शिफ्टों में सफाई की जाएं। कूड़ा उठान का कार्य रात्रिकाल में किया जाए, जिससे अगले दिन लोगों को नगर साफ दिखाई दें।
अग्रवाल ने सख्त लहजे में सभी नगर निगम के नगर आयुक्तों, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दवा छिड़काव के बावजूद जिस भी निकाय में डेंगू जैसी बीमारी फैलेंगी, इसके लिए निकाय के अधिकारी जिम्मेदार होंगे। कहा कि छिड़काव में दवा की मात्रा पर्याप्त हो। अग्रवाल ने सभी अधिकारियों को कहा कि मानसून से पूर्व नालियों को साफ किया जाए।
अग्रवाल ने कहा कि डेंगू जैसी बीमारियों से निजात पाने के लिए उसके लार्वा को नष्ट करने का जून माह सही समय है, क्यों कि लार्वा नष्ट न किया गया तो उसके बाद मच्छर पैदा होंगे और स्थिति नियंत्रण से बाहर चली जाएगी। इसके लिए उन्होंने घर-घर टीम भेजकर लार्वा को नष्ट करने के निर्देश दिए। अग्रवाल ने कहा कि ऐसे निजी कार्यक्रम जैसे शादी, जन्मदिन महोत्सव आदि, जहां निकाय की ओर से सफाई की जाती है, उनसे न्यूनतम चार्ज भी वसूला जाए, जिससे राजस्व में वृद्धि हो सके।
इस मौके पर अपर मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रभारी सचिव विनोद कुमार सुमन, निदेशक ललित मोहन रयाल, विभिन्न नगर निगमों के नगर आयुक्त, नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए जुड़े।

यात्रा मार्गों में मोबाइल टीम का गठन कर जांच करने के निर्देश

चारधाम यात्रा मार्ग पर चलने वाली बसों में बीमार और थके हुए ड्राइवर को वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परिवहन मंत्री चंदनराम दास ने परिवहन विभाग को मोबाइल टीम गठित कर यात्रा मार्ग पर चलने वाले वाहनों में ड्राइवरों की भी विशेष रूप से जांच करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को परिवहन आयुक्त कार्यालय में चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं, परिवहन विभाग और रोडवेज की उन्होंने बारी बारी से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यदि यात्रियों की संख्या ज्यादा होने पर ज्यादा ट्रिप लगाने पड़ रहे हैं तो बस मालिक दो ड्राइवर की व्यवस्था करे। ड्राइवर पर सफर का दबाव किसी भी सूरत में नहीं होना चाहिए। उन्होंने सड़क हादसों को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर क्रश बैरियर लगाने के निर्देश दिए। तेज रफ्तार और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने करने कहा। दो रोज पहले यमुनोत्री मार्ग पर हुए हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूण करार देते हुए मंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों हादसों को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करनी होगी।
दुर्घटना होने की स्थिति स्थानीय लोगों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। इसलिए विभाग को फर्स्ट रेस्पोन्डर प्रशिक्षण शुरू करने होंगे। इससे घायलों को तत्काल फर्स्ट एड उपलब्ध कराते हुए, उनकी जान बचायी जा सके। बैठक में परिवहन सचिव अरविन्द सिंह ह्याँकी, परिवहन आयुक्त रणवीर सिंह चौहान, एमडी-रोडवेज रोहित मीणा, संयुक्त परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, उप परिवहन आयुक्त सुधांशु गर्ग, सहायक परिवहन आयुक्त डॉ.अनिता चमोला, जीएम-रोडवेज दीपक जैन आदि शामिल रहे।

ये भी दिए निर्देश-
– परिवहन विभाग प्रवेश उपकर, ग्रीन उपकर आदि करों का सरलीकरण करे
– चेकपोस्ट को इंटरनेट कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में स्थापित किया जाए
– ऑनलाइन कार्य सरल हो, कम पढे-लिखे लोगों के लिए मुश्किल न बने तकनीक
– वाहनों के टैक्स आदि बकाया की वसूली की प्रकिया लंबी न हो, एक साल में ही हो कार्रवाई
– लम्बी अवधि से बकाया के मामलों के निस्तारण के सम्बन्ध में एक कार्ययोजना की जाए तैयार
– कोरोना काल में सहायता के लिए घोषित सहायता राशि को लाभार्थियों के खाते में जमा कराएं

रोडवेज को निर्देश-
रोडवेज वाहन चालकों एवं परिचालकों के विश्राम के लिए उचित व्यवस्था करे
संपत्तियों को अतिक्रमण से बचाने के लिए भी ठोस योजना तैयार की जाए
रोडवेज की आय बढ़ाने के लिए बस अड्डों पर कॉमर्शियल गतिविधियां शुरू हों

यमुनोत्री मार्ग पर हुए हादसे के पीछे सड़क का संकरी होना भी एक वजह था। ड्राइवर के भी लगातार कई ट्रिप करने की बात सामने आई है। सडृक निर्माण से संबंधित विभागों को जल्द कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ वाहन चालक को लेकर भी सख्त रुख अपनाया जाएगा।
-चंदनराम दास, परिवहन मंत्री

नई खेल नीति से राज्य के खिलाड़ियों को मिल रहा फायदा-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मिनी स्टेडियम पजिटीलानी, वि.ख. कालसी, देहरादून में आयोजित खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मिनी स्टेडियम पजिटीलानी का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किए जाने, पजिटीलानी क्षेत्र में पेयजल की समस्या को दूर करने हेतु पेयजल योजना का निर्माण एवं फटेऊ गांव से डांडा छानी तक मोटर मार्ग (5 कि.मी) का निर्माण कार्य किए जाने की घोषणा की।
इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 17 वर्ष बाद पजिटीलानी में आयोजित हो रही इस खेलकूद प्रतियोगिता के अवसर पर मैं आप सभी आयोजकों को बधाई देता हूं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन करते हुए स्थानीय जनता के जोश को अतुल्य बताया। उन्होंने कहा आज मैं आप सबके बीच में मुख्य सेवक के रूप में नहीं अपितु एक खिलाड़ी के रूप में आया हूं। उन्होंने जीवन में खेल के महत्व को समझाते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन की उदासी, नीरसता को दूर कर देता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने बचपन से ही विभिन्न खेलों में प्रतिभाग किया है एवं आज भी खिलाड़ियों से जुड़े हुए कार्यक्रमों में जाने से खुद को रोक नहीं पाते। उन्होंने कहा हमारी सरकार प्रत्येक गांव में मिनी स्टेडियम बनाने पर विचार कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मौजूद संसाधनों के साथ ही सभी विकास कार्य उत्तराखंड में पूर्ण किए जाएंगे। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने प्रत्येक गांव में एक मिनी जिम और ओपन जिम बने इसके लिए हमने स्वस्थ युवा, स्वस्थ उत्तराखण्ड के नाम से योजना प्रारंभ की है। जिसके अंतर्गत कई जगहों के लिए धनराशि भी जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा खेल भावना एक ऐसी भावना है जो जीवन के हर क्षेत्र में काम आती है। उन्होंने कहा हम जो नई खेल नीति लेकर आए है उसमे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संसाधन की कमी ना हो पाए एवं वह अपनी प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़े इसकी व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हमारा देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा पहले सैनिकों को गोली का जवाब देने के लिए परमिशन लेनी पड़ती थी लेकिन आज दुश्मनों को गोली का जवाब गोलों से दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कोरोना काल में कोई परिवार भूखा न सोए इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन देने का कार्य किया गया। उन्होंने कहा विभिन्न भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद संपूर्ण देश में वैक्सीनेशन का कार्य किया गया। उन्होंने कहा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर दिन नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों का सम्मान एवं उन्हें प्रोत्साहित करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा उत्तराखंड की धरती से प्रधानमंत्री का विशेष लगाव है।
इस दौरान विधायक मुन्ना सिंह चौहान, कालसी ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह, ज्येष्ठ प्रमुख भीम सिंह चौहान एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

उत्तराखंड बोर्ड के परिणाम जारी, इंटर में दिया और हाईस्कूल में मुकुल अव्वल

उत्तराखंड बोर्ड का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित हो गया है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की मौजूदगी में परिषद की ओर से परीक्षा परिणाम जारी किया गया। छात्र परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट देख सकते हैं। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की सचिव डॉ. नीता तिवारी ने बताया कि उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर मीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। हाईस्कूल की परीक्षा में 77.74 फीसदी छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। जबकि इंटरमीडिएट का परीक्षा फल 82.63 रहा। शिक्षा मंत्री ने टॉपर्स को बधाई दी है।
इंटर में हरिद्वार जनपद की दिया राजपूत ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है। दिया ने पांच सौ में से 485 अंक 97 प्रतिशत अंक ला कर पहला स्थान प्राप्त किया है। जबकि दूसरे स्थान में चमोली जनपद के अंशुल बहुगुणा ने 400/500, 96.80 प्रतिशत अंक पा कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जबकि तीसरे स्थान पर उधम सिंह नगर जनपद से सृष्टि चौहान और बागेश्वर के सुमित सिंह मेहता ने बाजी मारते हुए 483/500, 96.60प्रतिशत अंक पाए है।
जबकि हाई स्कूल में टिहरी गढ़वाल के मुकुल ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुकुल को 495/500 अंक प्राप्त हुए है। दूसरे स्थान में उत्तरकाशी की आयुष अवस्थी और टिहरी के आयुष जुयाल ने 493/500 अंक प्राप्त किए है। जबकि तीसरे स्थान पर बागेश्वर की रबीना कोरंगा द्वारा 492/500 अंक के साथ बाजी मारी है। सभी टॉपर को शिक्षा मंत्री द्वारा शुभकामनाए दी गई।