कार्मिकों की लग्न से वर्ष 2025 में प्रदेश हर क्षेत्र में प्रथम स्थान हासिल करेगाः राधा रतूड़ी

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सचिवालय परिसर में आयोजित ‘नववर्ष शुभकामनाएं’ कार्यक्रम में समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नववर्ष 2025 की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने समस्त प्रदेश वासियों की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की, उन्होंने कहा कि सचिवालय एक सर्वाेच्च प्रशासनिक संस्था है, जिसके सहयोग से प्रदेश ने एसडीजी इंडेक्स में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अपील की कि नये वर्ष में और अधिक लगन एवं जोश से कार्य करें जिससे राज्य का प्रथम स्थान बरकरार रहे। उन्होंने विश्वास जताया, कि आगामी वर्ष 2025 में उनके सहयोग से प्रदेश हर क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करेगा।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि सचिवालय एक सर्वाेच्च प्रशासनिक इकाई है, जहां आम जनता के प्रवेश होते ही उन्हें अनुभव होना चाहिए, कि वे शीर्ष संस्थान में आए हैं। उन्होंने इस बात को ध्यान में रखते हुए समस्त कार्मिकों से ऐसी कार्यशैली से कार्य करने को कहा, जिससे आम आदमी को ससमय राहत मिले तथा अंतिम व्यक्ति को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित सचिवालय के सभी कार्मिक मौजूद रहे।

स्वयं के कर से भी वित्तीय वर्ष का कुल राजस्व 22500 करोड़ तक जाने की उम्मीद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार, कुशल वित्तीय प्रबंधन का उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। इस वित्तीय वर्ष के शुरुआती नौ महीनों में ही खनन से 686 करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्ति हो चुकी है, जो गत वित्तीय वर्ष के कुल राजस्व 646 करोड़ रुपए से अधिक है।

प्रदेश में वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव (वित्त), सचिव वित्त की अध्यक्षता में राजस्व अर्जित करने वाले विभागों के साथ पूरे वर्ष लगातार बैठकें की जा रही हैं। जिसके अब सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। इसी क्रम में खनन से होने वाली राजस्व प्राप्ति में वर्ष दर वर्ष वृद्धि हो रही है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में खनन से कुल 397 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था। जो वित्तीय वर्ष 2023-24 में बढ़कर 646 करोड़ जा पहुंचा। वित्तीय वर्ष 2023-24 में गत वित्तीय वर्ष के सापेक्ष लगभग 36.86 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

अब वित्तीय वर्ष 2024-25 में 29 दिसम्बर तक ही खनन से कुल 686 करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्ति हो चुकी है। जबकि इस वित्तीय वर्ष में अभी तीन माह शेष हैं, अब तक के आंकड़ों से इस वित्तीय वर्ष के अन्त तक खनन से 1000 करोड़ रुपए से अधिक की राजस्व प्राप्ति होने की उम्मीद है। जो कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के सापेक्ष करीब 50 प्रतिशत अधिक होगी।

रणनीति में किया बदलाव

मुख्यमंत्री के निर्देश पर वित्त और खनन विभाग ने राजस्व बढ़ोत्तरी के लिए, रणनीति में बदलाव करते हुए, निगरानी का काम वाह्य सहायतित एजेन्सियों को दिया, जबकि पूर्व में खनन कार्यों की मॉनिटरिंग खनन विभाग द्वारा ही की जाती थी। जिसके सकारात्मक परिणाम आए हैं।

स्वयं के कर से भी बढ़ रहा राजस्व

राज्य के स्वंय के कर राजस्व में भी वर्ष दर वर्ष बढ़ोत्तरी हो रही है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में राज्य को स्वंय के कर से 11513 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था, जो कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में बढ़कर 19245 करोड़ हो गया। इस वित्तीय वर्ष में स्वयं के कर से कुल राजस्व करीब 22500 करोड़ रुपए होने की उम्मीद है।

शीतकालीन यात्राः 15 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने किए दर्शन

शीतकालीन चारधाम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। 30 दिसंबर तक 15314 तीर्थयात्री चार धाम दर्शन कर चुके हैं। इनमें बाबा केदारनाथ के शीतकालीन प्रवास स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में सर्वाधिक 6482 श्रद्धालु पहुंचे हैं। जबकि पांडुकेश्वर में 5104 तीर्थयात्रियों ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए हैं। गंगोत्री धाम के प्रवास स्थल मुखबा में 3114 श्रद्धालु मां गंगा और यमुनोत्री धाम के प्रवास स्थल खरसाली में 614 तीर्थयात्री मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विगत आठ दिसंबर को पंच केदार शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में पंच केदार शीतकालीन यात्रा का श्रीगणेश किया था। कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह है। बाबा केदार एवं मद्महेश्वर भगवान की डोली शीतकाल के लिए ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है। छह माह तक यहीं भगवान केदारनाथ और मद्महेश्वर के दर्शन होते हैं। बाबा केदार के दर्शन के लिए हर रोज सैकड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बीते दिवस सोमवार को 518 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। पांडुकेश्वर में 364 तीर्थयात्रियों ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए। जबकि मुखबा में 18 और आठ यात्री खरसाली पहुंचे।

शासन प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। ठंड से बचाव के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं।

सीएम ने किया उत्तरांचल प्रेस क्लब की नव निर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्यों का स्वागत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में उत्तरांचल प्रेस क्लब की नव निर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्यों ने भेंट की।

मुख्यमंत्री ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की नव निर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्यों का स्वागत किया और सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मीडिया सरकार की योजनाओं और नीतियों को जनता तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाती है। पत्रकारिता समाज का आईना होती है,। मीडिया सरकार की योजनाओं और नीतियों के प्रति जनता की जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सरकार को जनता की समस्याओं और सुझावों से भी अवगत कराती है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब सरकार की योजनाओं और नीतियों को नियमित रूप से आम जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब कार्यकारिणी के नव निर्वाचित अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, महामंत्री सुरेंद्र डसीला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुलोचना पयाल, कोषाध्यक्ष अनिल चंदोला, संयुक्त सचिव अभय क़ैतूरा,सम्प्रेक्षक शिवेश शर्मा, सदस्य योगेश रतूड़ी, रमन जायसवाल,संदीप बड़ोला, असद ख़ान और किशोर रावत उपस्थित थे।

राज्य अतिथि गृहों में जलापूर्ति योजनाओं में वॉटर रिसाइकलिंग अनिवार्यः सीएस

प्रदेश में राज्य अतिथि गृहों के पूरी तरह से सदुपयोग तथा व्यवसायिक उपयोगिता को लेकर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी नेे राज्य में निर्मित होने वाले सभी नए राज्य अतिथि गृहों को अति विशिष्ट अतिथियों के अतिरिक्त रिक्त होने की दशा में भुगतान के आधार पर पर्यटकों को भी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सीएस ने सरकारी कार्यदायी निर्माण एजेंसियों को वर्तमान एवं भविष्य में निर्मित होने वाले सभी सरकारी भवनों को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में निर्मित करने के निर्देश दिए हैं जिसमें अनिवार्यतः सोलर पैनल, रैन वाटर हार्वेस्टिंग, वाटर रिसाइकिलिंग की व्यवस्था होगी।

राधा रतूड़ी ने जलापूर्ति योजनाओं में वॉटर रिसाइकलिंग को अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने सचिव स्वास्थ्य को नर्सिंग कॉलेज में प्रशिक्षण ले रहे छात्र-छात्राओं को विदेशी भाषाओं का विकल्प देने तथा उन्हें विदेशी भाषाएं सिखाने हेतु व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नियोजन विभाग को सभी नए निर्मित होने वाले सरकारी भवनों में बेसमेंट पार्किंग के अनिवार्यतः निर्माण हेतु निर्देश जारी करने की हिदायत दी है।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सचिवालय में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में एमपीएससी रायपुर देहरादून में एथलेटिक पवेलियन शेड तथा सीट के कार्यों, देहरादून में क्लेमन्टाऊन जलापूर्ति योजना कार्य, राज्य में अनुसूचित जाति के छात्रों हेतु माध्यमिक स्तर पर अंग्रेजी माध्यम से आदर्श आवासीय विद्यालय मक्खनपुर हरिद्वार का निर्माण कार्य, पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह निर्माण कार्य, चम्पावत के टनकपुर में नवीन राज्य अतिथि गृह का निर्माण कार्य, टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण कार्य (पुनरीक्षित), मोहकमपुर देहरादून में न्यायिक कार्मिकों के लिए 32 आवासों के भवन निर्माण कार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के परिसर में नवीन नर्सिंग कॉलेज के निर्माण कार्य पर अनुमोदन दिया।

बैठक में सचिव विनोद कुमार सुमन, डा0 आर राजेश कुमार सहित पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम से मेजर जनरल मनोज तिवारी ने की भेंट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मेजर जनरल मनोज तिवारी ने भेंट की। उन्होंने कहा कि अग्निवीर भर्ती में उत्तराखंड से 4500 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। 2000 रिक्त पदों पर भी जल्द भर्ती की जाएगी। मेजर जनरल मनोज तिवारी ने कहा कि आने वाली भर्तियों में भी राज्य से अधिक से अधिक युवा प्रतिभाग कर सकें, इसके लिए राज्य और जनपद स्तरों पर कैंप लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सैनिक बहुल प्रदेश है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में होने वाली भर्तियों में सेना को पूरा प्रशासनिक सहयोग दिया जाएगा। सेना द्वारा राज्य में जो कैंप लगाए जाएंगे, उसमें राज्य सरकार द्वारा हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

सीएम से मिलने पहुंचे जर्मनी सांसद राहुल कंबोज

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास पर फ्रैंकफर्ट (जर्मनी) के संसद सदस्य श्री राहुल कुमार कंबोज ने भेंट की। इस अवसर पर हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री और फ्रैंकफर्ट के संसद सदस्य के बीच प्रदेश के युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार द्वारा कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अंतर्गत प्रदेश के युवा जापान में रोजगार के अवसर प्राप्त कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जर्मनी में स्किल्ड लेबर फोर्स की मांग के दृष्टिगत प्रदेश सरकार युवाओं को आधुनिक और वैश्विक मानकों के अनुरूप कौशल प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के युवाओं को विदेश में रोजगार से जोड़ने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर फ्रैंकफर्ट सांसद सलाहकार सौरभ भगत, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, सचिव विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव सी रविशंकर, हेल्थ केयर के डायरेक्टर कपिल कुमार उपस्थित थे।

निकाय चुनाव के ठीक पहले भाजपा ने दिया कांग्रेस को झटका

क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने कांग्रेस पार्टी से पार्षद रहे जगत सिंह नेगी तथा पार्षद प्रत्याशी रहे पुष्कर बंगवाल को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलाई।

मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि भाजपा संगठन विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान होता है, जो अन्य संगठन में नहीं है।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि भाजपा में संयम और धैर्य रखने वाले कार्यकर्ता को मान मिलता है। आज हर वर्ग का व्यक्ति भाजपा संगठन से जुड़ना चाहता है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा ने भाजपा संगठन में स्वागत करते हुए कहा कि जगत सिंह और पुष्कर बंगवाल के आने से पार्टी को फायदा होगा।

इस अवसर पर कांग्रेस के निवर्तमान पार्षद जगत सिंह नेगी और पुष्कर बंगवाल ने कहा कि कांग्रेस में कभी उन्हें सम्मान नहीं मिला। उनके विचारों और सुझावों की कांग्रेस पार्टी ने कभी कदर नहीं की। कहा कि भाजपा के रीति और अनुशासन से प्रभावित होकर आए हैं।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भाजपा रविंद्र राणा व जिला उपाध्यक्ष मनोज ध्यानी भी उपस्थित रहे।

वीर बाल दिवस पर जोरावर सिंह और फतेह सिंह को किया गया याद

क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेम चंद अग्रवाल ने सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोराबर सिंह, बाबा फतेह सिंह की याद में वीर बाल दिवस मनाया।

रेलवे रोड स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बाबा जोराबर सिंह, बाबा फतेह सिंह और माता गुजरी जी की मानवता की रक्षा के लिए दी गई कुर्बानी को नमन करते हुए वीर बाल दिवस मनाने की घोषणा की थी।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि साहिबजादा अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह ने अपनी शहादत दे दी, लेकिन धर्म पर आंच नहीं आने दी। उन्होंने कहा कि मुगल शासक वजीर खां ने साहिबजादा जोरावर सिंह और फतेहसिंह को उनकी माता गुजरी देवी के साथ गिरफ्तार कर जब इस्लाम कबूल करने को कहा। मगर सात वर्ष के जोरावर और पांच वर्ष के फतेहसिंह ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने धर्म के नाम पर सिर कलम करवाना सही समझा, लेकिन झुकना नहीं’। वजीर खां ने दोनों को जिंदा दीवार पर चिनवा दिया। यह देख माता गुजरी देवी ने भी अपने प्राण त्याग दिए।

इस मौके पर अध्यक्ष महिला आयोग कुसुम कंडवाल, मण्डल अध्यक्ष सुमित पंवार, अनिता ममगाई, जिला महामंत्री दीपक धमीजा, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा कविता शाह, जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा सतीश सिंह, नितिन सकसेना, पवन शर्मा, सरदार मंगा सिंह, प्रदीप कोहली, नंद किशोर जाटव, सन्दीप गुप्ता, इंद्र कुमार गोदवानी, बृजेश शर्मा, शम्भू पासवान, दिनेश सती, रूपेश गुप्ता, राधे जाटव, गगन बेदी, जितेंद्र अग्रवाल, दीपक बिष्ट, सोनू पांडेय, राजपाल ठाकुर सहित सेकड़ो की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

गणतंत्र दिवस परेड-2025 के लिये उत्तराखण्ड की साहसिक खेल पर आधारित झांकी का किया गया चयन

गणतंत्र दिवस परेड-2025 के लिये नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर प्रदर्शित की जाने वाली झांकी में उत्तराखण्ड राज्य ‘‘साहसिक खेल‘‘ (एडवेन्चर स्पोर्ट्स) का भारत सरकार द्वारा अन्तिम चयन कर लिया गया है। यह जानकारी देते हुए महानिदेशक सूचना, बंशीधर तिवारी ने बताया कि माह अक्टूबर, 2024 में रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन गठित विशेषज्ञ समिति को कुल 34 राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों ने अपने-अपने प्रस्ताव भेजे थे, विभिन्न बैठकों में नोडल अधिकारी तथा संयुक्त निदेशक, सूचना, के.एस. चौहान ने विशेषज्ञ समिति के सम्मुख उत्तराखण्ड राज्य की झांकी के डिजायन, मॉडल तथा संगीत का प्रस्तुतीकरण किया था। भारत सरकार द्वारा अपने पत्र दिनांक 21 दिसम्बर, 2024 के माध्यम से उत्तराखण्ड राज्य की झांकी के डिजायन, मॉडल तथा संगीत को उत्कृष्ट पाये जाने के उपरान्त अन्तिम चयन कर लिया गया है।

इस बार उत्तराखण्ड राज्य सहित कुल 15 प्रदेशों की झांकी का गणतंत्र दिवस परेड के लिये अन्तिम चयन हुआ है, जिसमें आन्ध्र प्रदेश, बिहार, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखण्ड, कर्नाटका, मध्य प्रदेश, पंजाब, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित चण्डीगढ़ सहित दादर नागर हवेली एवं दमन व दीव केन्द्र शासित प्रदेश का चयन किया गया है।

उत्तराखण्ड राज्य की झांकी में इस बार झांकी के अग्र भाग में प्रसिद्ध ऐपण आर्ट को बनाते हुए उत्तराखंडी परिधान में महिला को दिखाया गया है तथा झांकी के मध्य व पिछले भाग में साहसिक खेलों जैसे रॉक क्लाइम्बिंग, पैराग्लाइडिंग, बन्जी जम्पिंग, हिल साइकलिंग, ट्रैकिंग, रिवर राफ्टिंग, औली में स्कीइंग और ऋषिकेश में जिप-लाइनिंग और रॉक क्लाइम्बिंग को दिखाया गया है। इस बार गणतंत्र दिवस परेड में उत्तराखण्ड राज्य की झांकी आकर्षण का केन्द्र रहेगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2003 से 2023 तक उत्तराखण्ड राज्य द्वारा निम्नलिखित झांकियों का प्रदर्शन कर्तव्य पथ पर किया गया हैरू-
1. वर्ष 2003 – फूलदेई
2. वर्ष 2005 – नंदा राजजात
3. वर्ष 2006 – फूलों की घाटी
4. वर्ष 2007 – कार्बेट नेशनल पार्क
5. वर्ष 2009 – साहसिक पर्यटन
6. वर्ष 2010 – कुम्भ मेला हरिद्वार
7. वर्ष 2014 – जड़ी बूटी
8. वर्ष 2015 – केदारनाथ
9. वर्ष 2016 – रम्माण
10. वर्ष 2018 – ग्रामीण पर्यटन
11. वर्ष 2019 – अनाशक्ति आश्रम (कौसानी प्रवास एवं अनाशक्ति)
12. वर्ष 2021 – केदारखण्ड (तृतीय स्थान प्राप्त)
13. वर्ष 2022 – प्रगति की ओर बढ़ता उत्तराखण्ड
14. वर्ष 2023 – मानसखण्ड (प्रथम स्थान प्राप्त)

इसके अतिरिक्त 2024 में भारत पर्व के लिये विकसित उत्तराखण्ड झांकी का प्रदर्शन लाल किले पर किया गया था।

’’यह हमारे राज्य के लिए गर्व का विषय है कि गणतंत्र दिवस परेड के लिए उत्तराखंड की झांकी का चयन हुआ है। इस बार झांकी में उत्तराखंड की पहचान, प्राकृतिक सौंदर्य और एडवेंचर स्पोर्ट्स की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। हमारा राज्य न केवल अपने आध्यात्मिक और प्राकृतिक महत्व के लिए जाना जाता है, बल्कि यह साहसिक खेलों के क्षेत्र में भी अग्रणी है।

मैं झांकी के निर्माण में जुड़े सभी कलाकारों और अधिकारियों को बधाई देता हूं। हम इस झांकी के माध्यम से उत्तराखंड को पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में और मजबूती से कदम बढ़ाएंगे।’’
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड