सीएम धामी पहनते हैं मलारी और मुनस्यारी सहित पहाड़ के अन्य क्षेत्रों के ट्वीड से बनी जैकेट, मफलर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मलारी, मुनस्यारी सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में बने ट्वीड से बनी जैकेट पहनकर ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को बढ़ावा दे रहे हैं। लगातार सरकारी और राजनीतिक कार्यक्रमों में उनको राज्य के बने उत्पाद दे तैयार वस्त्रों के पहने हुए देखा जा सकता है। यह पहल राज्य के स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और उनकी ब्रांडिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है।

मुख्यमंत्री ने इसके पूर्व राज्य के सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानीय उत्पादों की खरीद को प्राथमिकता दें। यह कदम न केवल राज्य के पारंपरिक कारीगरों और उत्पादकों को आर्थिक समर्थन प्रदान करेगा, बल्कि उत्तराखंड के अनूठे हस्तशिल्प और उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी मदद करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, हमारा लक्ष्य है कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा को जीवित रखें। मुनस्यारी के ट्वीड जैसे उत्पाद हमारी समृद्ध विरासत का प्रतीक हैं। सरकार हर संभव प्रयास करेगी कि स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को बढ़ावा मिले।

सरकार के इस कदम से स्थानीय उद्योगों को नया जीवन मिलेगा और राज्य में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, इस पहल से राज्य के पर्यटन क्षेत्र को भी फायदा होने की उम्मीद है, क्योंकि स्थानीय उत्पाद पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने राज्य के अधिकारियों, कर्मचारियों से भी अपेक्षा की है सभी लोग स्थानीय उत्पाद का उपयोग करें और कपड़े व स्थानीय ऊन से तैयार वस्त्रों को पहन कर इस अभियान को बढ़ावा दें।

12 जनवरी को देहरादून में होने जा रहा है प्रथम अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन

उत्तराखंड सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे प्रथम अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में 17 देशों में रहने वाले उत्तराखंडी पहुंच रहे हें। अब तक 50 से अधिक जाने माने प्रवासी उत्तराखंडियों ने सम्मेलन के लिए अपना पंजीकरण करवा लिया है।

12 जनवरी को आयोजित होने वाले एक दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। सम्मेलन में उत्तराखंड में निवेश की संभावना, हॉस्पेटिलिटी दृ वेलनेस, कौशल विकास, विदेश में रोजगार और उच्च शिक्षा के साथ ही उद्यान जड़ी- बूटी में संभावना विषय पर चार अलग अलग सत्रों में पैनल डिस्कशन भी किया जाएगा।

शामिल हो रहे हैं कई दिग्गज
इस सम्मेलन में विदेश में रहते हुए अलग -अलग क्षेत्रों में नाम कमाने वाले कई प्रवासी उत्तराखंडी शामिल हो रहे हैं। इसमें प्रवासी भारतीय सम्मान प्राप्त दुबई निवासी गिरीश चंद्र पंत के अलावा चीन से देव रतूड़ी, अमेरिका से डॉ अनिता शर्मा, जापान से भुवन तिवारी, सिंगापुर से सुनील थपलियाल, मीनाक्षी डबराल, थाईलैंड से डॉ एके काला जैसे नाम शामिल हैं। कई प्रवासी, इससे पहले भारत सरकार की ओर से भुवनेश्वर में आयोजित किए जा रहे प्रवासी भारतीय दिवस में भी शामिल होंगे। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट https://pravasiuttarakhandi.uk.gov.in/en/program भी शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री धामी की पहल से हुई शुरुआत

विदेशों में रहने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी मिट्टी से जोड़ने की पहल खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की। दरअसल, दिसंबर 2023 में आयोजित इन्वेस्टर समिट से पहले सीएम धामी विदेश दौरे पर गए थे, जहां प्रवासियों ने उनका उत्तराखंड की रीति परंपरा से स्वागत किया। इस दौरान तमाम सफल लोगों की मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई। इसी के बाद मुख्यमंत्री ने ऐसे प्रवासियों के अनुभव का लाभ लेने के लिए, शासन में प्रवासी उत्तराखंडी सेल गठित किए जाने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन भी आयोजित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में गत सात नवंबर को देहरादून में अपने देश के भीतर ही विभिन्न राज्यों में रहने वाले उत्तराखंडियों के बीच ऐसा ही एक सम्मेलन आयोजित किया जा चुका है।

विदेशों में रहने वाले उत्तराखंड के प्रवासी, हर क्षेत्र में नाम कमा रहे हैं। उनके पास ज्ञान, विज्ञान, तकनीकी, उद्यमशीलता का विपुल अनुभव है। सरकार चाहती है कि इस अनुभव से प्रवासीजन अपने प्रदेश और गांव का भी विकास करें। सरकार इस काम में हर संभव मदद देने को तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी लगातार प्रवासियों को अपने प्रदेशों के विकास में योगदान करने की प्रेरणा देते रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड ।

द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चयनित कोच सुभाष राणा बोले, नेशनल गेम्स बहुत बड़ा अवसर

द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चयनित कोच सुभाष राणा मानते हैं कि 38 वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी हमारे लिए किसी सौगात से कम नहीं है। इस आयोजन के दौरान खेलों के लिए इतना बड़ा आधारभूत ढांचा उत्तराखंड में तैयार हो जाएगा, कि खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण के लिए बाहर नहीं जाना पडे़गा। स्थिति ऐसी बदलेगी कि अन्य प्रदेशों के खिलाड़ी प्रशिक्षण के लिए यहां आने शुरू हो जाएंगे। राणा का यह भी कहना है कि सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों के अन्य प्रदेशों से खेलने पर भी रोक लग जाएगी। इस तरह से यह आयोजन खेल पलायन को भी रोकेगा। श्री राणा ने राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी को शुभकामनाएं भी दी।

द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलने पर राणा का कहना है-जब आपके काम को मान्यता मिलती है, तो स्वाभाविक तौर पर उत्साह बढ़ता है और खुशी मिलती है। 38 वें राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तराखंड की मेजबानी को वह खेल विकास के लिए बहुत बडे़ अवसर के तौर पर देखते हैं। राणा के अनुसार-राष्ट्रीय खेल जहां भी होते हैं, वहां खेल का बड़ा आधारभूत ढांचा तैयार हो जाता है। इससे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और निखरने का अवसर मिलता है। खेल का जो आधारभूत ढांचा उत्तराखंड में दस-बीस वर्षों बाद तैयार होना था, वह राष्ट्रीय खेलों की वजह से कुछ दिनों में ही तैयार मिलेगा। नई प्रतिभाओं को आगे आने में इससे बहुत लाभ मिलेगा। उत्तराखंड खेलों में नई ऊंचाइयां प्राप्त करेगा।

उत्तराखंड से खेलने के लिए कर रहे संपर्क

विभिन्न खेलों में अन्य प्रदेशों का प्रतिनिधित्व कर रहे कई खिलाड़ी अब उत्तराखंड से खेलने के इच्छुक हैं। सुभाष राणा ने एक बातचीत में इस बात की पुष्टि की है। उत्तराखंड की शूटिंग फेडरेशन से जुडे़ सुभाष राणा के अनुसार-ऐसे कई खिलाड़ियों ने उनसे संपर्क किया है। कई खिलाड़ी खेलों की अन्य फेडरेशन से भी संपर्क कर रहे हैं।

खिलाड़ी/कोच बतौर ये हैं उपलब्धियां

जाने-माने शूटर रहे सुभाष राणा के खाते में चार अंतर्राष्ट्रीय स्वर्ण और दो रजत पदक शामिल हैं। उन्होंने वर्ष 1994 में इटली और वर्ष 1998 में स्पेन में हुई विश्व शूटिंग चौंपियनशिप में भाग लिया था। एक कोच के तौर पर उनकी उपलब्धियों की चर्चा करें, तो वर्ष 2020 में टोक्यो पैरालंपिक में शामिल हुई शूटिंग टीम को उन्होंने प्रशिक्षित किया था। इस टीम ने पैरालंपिक में पांच मेडल जीते थे। भारतीय पैरा शूटिंग टीम के वह लंबे समय तक प्रशिक्षक रहे हैं।
——————
द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चयनित होने पर सुभाष राणा को हार्दिक बधाई। उन्होंने उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। खेल क्षेत्र में उत्तराखंड दिन प्रतिदिन आगे बढ़ रहा है। अब राष्ट्रीय खेलों का आयोजन खेल विकास में एक नई इबारत लिखेगा। खेलों में उत्तराखंड और देश का नाम आगे बढ़ान वाले सभी खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों से मेरी अपील है कि वे राष्टीय खेलों में अपनी भागीदारी निभाएं।
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी ने आवास परिसर में किया ट्यूलिप बल्ब का रोपण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर में अपने पारिवारिक सदस्यों संग विभिन्न प्रजातियों के ट्यूलिप बल्ब का रोपण किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में फूलों की बहुत अधिक मांग बनी रहती है जिससे प्रदेश में भी पुष्प उत्पादन से स्वरोजगार अर्जित करने की बहुत अधिक संभावना है। अतः किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ पुष्प उत्पादन की व्यावसायिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री आवास परिसर में उन्होंने विभिन्न बागवानी कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा फूलों की विभिन्न प्रजातियों के कार्यों का अवलोकन कर ऐसे प्रयासों की सराहना की।

17वें कृषि विज्ञान सम्मेलन एवं कृषि प्रदर्शनी के ब्रोशर और पोस्टर का विमोचन हुआ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 17वें कृषि विज्ञान सम्मेलन एवं कृषि प्रदर्शनी के ब्रोशर और पोस्टर का विमोचन किया। यह कृषि महाकुंभ 20 फरवरी से 22 फरवरी 2025 को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में प्रस्तावित है जो कि राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी एवं गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय के द्वारा संयुक्त रूप आयोजित किया जा रहा है।

इस अवसर पर गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति प्रो. एमएस चौहान ने बताया कि 17वें कृषि विज्ञान सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के 04 हजार से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन में पर्वतीय क्षेत्रों की कृषि में नवाचार, कृषि क्षेत्र में युवा पेशेवरों को बढ़ावा देने, डिजिटल एग्रीकल्चर, जलवायु परिवर्तन, स्मार्ट लाइवस्टॉक फार्मिंग जैसे विषय पर पैनल चर्चा की जाएगी। साथ ही विज्ञान में नई खोज के लिए गुणवत्तापरक शिक्षा, मधुमक्खी पालन की संभावनाएं, गरीबी और कुपोषण से मुक्ति के लिए नए उपाय जैसे विषयों पर सेमिनार का भी आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर एक कृषि प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी जिसमें देश विदेश के 200 से अधिक संस्थान भाग लेंगे।

इस मौके पर महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, पंतनगर विवि के निदेशक शोध प्रो. अजित सिंह, संयुक्त निदेशक डॉ अनिल कुमार मौजूद थे।

सचिवालय में अपनी समस्या लेकर आने वाले दिव्यांगों के लिये अच्छी खबर

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी से अपनी समस्याओं की गुहार लेकर प्रतिदिन मिलने वाले फरियादियों विशेषकर दिव्यांगजनों की सुविधा के दृष्टिगत सचिवालय स्थित मुख्य सचिव कार्यालय तक पहुंचने के लिए सीएस राधा रतूड़ी के निर्देश पर भूतल से लिफ्ट की व्यवस्था कर दी गई है।

ज्ञात्व्य है कि अब तक मुख्य सचिव राधा रतूड़ी दिव्यांगजन फरियादियों की समस्याओं को जानने के लिए सचिवालय परिसर में स्वयं उनके पास पहुंचती थी।

अब मुख्य सचिव कार्यालय तक लिफ्ट की व्यवस्था होने से प्रतिदिन राज्य के दूर दराज क्षेत्रों से अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्य सचिव से मिलने वाले दिव्यांग फरीयादियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। दिव्यांगजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे मुख्य सचिव से उनके कार्यालय में मुलाकात कर पाएंगे।

राज्य ने वनाग्नि प्रबंधन के लिए पांच साल की कार्ययोजना केंद्र सरकार के पास भेजी

वन विभाग आगामी वनाग्नि सत्र से पहले प्रदेश में सात नई पिरुल ब्रिकेट्स यूनिट तैयार कर देगा। इससे पिरुल एकत्रीकरण के जरिए वनाग्नि रोकथाम में मदद मिलेगी। इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर वन विभाग ने वनाग्नि रोकथाम के लिए पांच साल की योजना तैयार करते हुए, केंद्र सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजी है।

प्रदेश में वनाग्नि का मुख्य कारण, जंगलों में चीड़ वन की अधिकता है। वन विभाग के नियंत्रणाधीन वनाच्छादित क्षेत्र में लगभग, 15.25 प्रतिशत चीड़ वन है। इसलिए वन विभाग चीड़ पिरुल को एकत्रित करते हुए, इसका प्रयोग पैलेट्स, ब्रिकेट्स बनाने में कर रहा है। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों की मदद ली जा रही है, वर्तमान में विभाग इन समूहों को प्रति कुंतल तीन रुपए की दर से चीड़ एकत्रित करने का भुगतान करता है, जिसे मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में बढ़ाए जाने की तैयारी है। गत वर्ष विभाग ने स्वयं सहायता समूहों के जरिए, 38299.48 कुंतल चीड़ पिरुल एकत्रित किया, जिसके बदले समूहों को 1.13 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया गया।

अब यूनिट बढ़ाने की तैयारी

अपर प्रमुख मुख्य वन संरक्षक निशांत वर्मा के मुताबिक पिरुल एकत्रितकरण से वनाग्नि रोकथाम में प्रभावी कमी आती है। इसलिए वर्तमान में चल रही ब्रेकेटस यूनिट की संख्या बढ़ाकर 12 किए जाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर, जल्द ही अल्मोड़ा, चम्पावत, गढ़वाल और नरेंद्र नगर वन प्रभाग में सात नई यूनिट स्थापित हो जाएंगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन भी हो सकेगा।
————————————–
वनाग्नि रोकथाम के लिए, विभागों को समय से तैयारी करने को कहा गया है। प्रदेश में सात जगह नई ब्रेकेटस यूनिट बनने से ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा, साथ ही पिरूल से लगने वाली वनाग्नि में भी प्रभावी कमी आएगी। इसके साथ ही वनाग्नि रोकथाम के लिए भारत सरकार के पास पांच साल की कार्ययोजना तैयार करके भेजी गई है।
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
—

हाईलाट्स

15 प्रतिशत वनाच्छादित क्षेत्र में हैं चीड़ वन
05 स्थानों पर वर्तमान में हैं ब्रिकेट्स यूनिट
05 साल की कार्ययोजना भेजी गई भारत सरकार के पास
1.13 करोड़ रुपए गत वर्ष स्वयं सहायता समूहों को दिए गए पिरुल जमा करने पर

सीएस बोलीं, स्क्रैप पॉलिसी का सख्ती से पालन करेंगे विभाग

इलैक्ट्रिक वाहनों के अनुकूलन में इन्फ्रास्ट्रक्चर को अपडेट करने को लेकर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने शॉपिंग मॉल में भी ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को वाहनों के सम्बन्ध में स्क्रैप पॉलिसी के सख्ती से पालन के निर्देश दिए हैं। सीएस ने शहरों के बीच ग्रीन बेल्ट विकसित करते हुए सड़कों के मध्य खाली जगहों व ट्रैफिक कॉरिडोर में अन्य पौधों के स्थान पर बांस के पौधें प्राथमिकता से लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत चिन्हित देहरादून, ऋषिकेश तथा काशीपुर में प्रदूषण की रोकथाम के लिए स्वच्छ वायु एक्शन प्लान बनाने के निर्देश दिए हैं। सीएस ने शहरी विकास विभाग को कूड़ा जलाने की गतिविधियों को गम्भीरता से ट्रैक करने हेतु नगर निगम स्तर पर गठित टास्क फोर्स द्वारा सख्ती एवं सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने महिला मंगल दलों की सक्रियता से सपजजमतपदह गतिविधियों पर पूर्णतया रोकथाम के भी निर्देश दिए। कूड़े के डोर टू डोर कलेक्शन पर सख्ती करते हुए मुख्य सचिव रतूड़ी ने डोर टू डोर कलेक्शन को 100 प्रतिशत बरकारार रखने तथा मलिन बस्तियों में भी डोर टू डोर कलेक्शन की व्यवस्था की सख्त हिदायत दी है।

सचिवालय में नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) की चौथी स्टेट लेवल स्टीयरिंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने मुख्य जंक्शनों पर इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मेनेजमेंट सिस्टम स्थापित करने तथा डस्ट कण्ट्रोल के लिए सड़कों के सुधार के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि वर्ष 2025-26 तक प्रदूषकों की मात्रा में 40 प्रतिशत तक की कमी करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संबंधित विभागों को गंभीरता से ठोस एक्शन प्लान पर काम करना होगा।

बैठक में उत्तराखण्ड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं संबंधित विभागों के अपर सचिव, नगर आयुक्त देहरादून एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शीतकालीन यात्रा प्रारंभ होने के बाद से करीब छह हजार यात्री कर चुके हैं दर्शन

ज्योर्तिमठ। नए साल के पहले दिन, बुधवार को ज्योर्तिमठ (जोशीमठ) स्थित भगवान नृसिंह मंदिर और शंकाराचार्य गद्दी स्थल दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस साल शीतकालीन यात्रा प्रारंभ होने के बाद से करीब छह हजार श्रद्धालु नृसिंह मंदिर के दर्शन कर चुके हैं।
ज्योर्तिमठ स्थित नृसिंह मंदिर, वासुदेव मंदिर, दुर्गा मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खास आस्था के केंद्र रहते हैं। साथ ही शंकराचार्य की शीतकालीन गद्दी भी यहीं पर स्थित है। इसलिए बुधवार को नए साल के पहले दिन साढ़े तीन सौ अधिक श्रद्धालुओं ने यहां पहुंच, नृसिंह भगवान मंदिर में दर्शन किए। बीकेटीसी के प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट ने बताया कि अब तक करीब छह हजार श्रद्धालु नृसिंह मंदिर के दर्शन कर चुके हैं। बीते दिनों औली में बर्फवारी के बाद, पयर्टकों की भीड़ बढ़ी है। इसलिए औली आने वाले पयर्टक भी नृसिंह मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। कुछ लोग पांडुकेश्वर में स्थित योग ध्यान बद्री के दर्शन करने भी पहुंच रहे हैं। इस तरह शीतकाल में लोग पयर्टन स्थलों के नजारे लेने के साथ ही बिना किसी भीड़ भाड़ के धार्मिक महत्व के मंदिरों के भी दर्शन कर रहे हैं। कुलदीप भट्ट ने बताया कि इस साल पहली बार शीतकालीन यात्रा संचालित हो रही है, इस कारण आने वाले वर्षों में शीतकाल के दौरान भी श्रद्धालुओं की अच्छी खासी संख्या गद़दी स्थलों पर पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए रहने खाने की पर्याप्त व्यवस्था है, कहीं भी किसी को कोई परेशानी नहीं है।
————————————–
शीतकालीन यात्रा को लेकर देशभर के लोगों में उत्साह नजर आ रहा है। इस कारण सभी जगह शीतकालीन गद्दी स्थलों पर अच्छी खासी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो।
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

सीएम ने नववर्ष पर विधायकगणों, अधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों से मुलाकात की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायकगणों, भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों, भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों, भारतीय वन सेवा के अधिकारियों, प्रान्तीय सेवा के अधिकारियों एवं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने भेंट कर नव वर्ष की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सभी केे मंगलमय जीवन की कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नव वर्ष पर हमें नए संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि सभी प्रदेशवासियों के योगदान से उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाया जायेगा। उन्होंने सभी से राज्य के विकास में सहयोगी बनने की भी अपेक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर गया है। उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए सबको सामुहिक प्रयास करने होंगे। सरकार द्वारा राज्य के समग्र विकास के साथ प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन, आर्थिक विकास पर्यटन, खेती, बाग़वानी, पशुपालन जैसे क्षेत्रों में तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। जन आकांक्षाओं के अनुरूप और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किये जा रहे हैं। नवाचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।