ताली एक हाथ से नहीं दोनों हाथों से बजती हैः सतपाल महाराज

देहरादून/पटना। देश में विकास के नये-नये आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। मेरा सपना था पहाड़ में रेल पहुंचाई जाए। उस सपने को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साकार किया है। अब ऋषिकेश से कर्णप्रयाग के लिए रेल लाइन का कार्य बड़ी तेजी के साथ किया जा रहा है। यह बात पटना स्थित दीघा विधानसभा क्षेत्र से एनडीए के प्रत्याशी डा. संजीव चैरसिया के समर्थन में विशाल चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पर्यटन संस्कृति व सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कही।

उन्होंने बिहार का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जब हम बिहार में आते थे तो सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई देते थे पता ही नहीं चलता था कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है। आज यहां सड़कों पर सरपट गाड़ियां दौड़ रही हैं। विकास प्रत्यक्ष दिखाई दे रहा है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि हम बड़ी आसानी से कह देते हैं कि हम इतनी नौकरियां देंगे, जबकि नौकरी के लिए पहले पद सृजित करनी पड़ते हैं, बजट लाना पड़ता है, जितनी लाख नौकरियां देंगे, उतने लाख का बजट भी चाहिए। अगर बजट नहीं है तो नौकरियां कहां से मिलेगीं। इसलिए बजट के लिए हमें केंद्र सरकार की तरफ देखना होगा। क्योंकि हम जब ताली बजाते हैं तो ताली दोनों हाथों से बजती है और विकास की ताली भी दोनों हाथों से ही बजेगी।

केंद्रीय मंत्री व पटना सांसद रविशंकर प्रसाद ने सतपाल महाराज का अभिनंदन और स्वागत किया। कहा कि देश में सबसे पहले कोरोना होने वालों में सतपाल महाराज भी परेशान हुए। लेकिन जिस संयम का परिचय उन्होंने दिया, पूरे देश के लिए वह एक उदाहरण है। उन्होंने कहा हमें विश्वास है कि महाराज की प्रेरणा और सभी के सद् प्रयासों से इस बार भी बिहार में एनडीए की ही सरकार बनेगी।

बीमारी से जूझते केंद्रीय मंत्री पासवान का निधन

74 वर्षीय केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने दिल्ली के एस्काॅर्ट अस्पताल में अंतिम सांस ली। यह जानकारी उनके बेटे चिराग पासवान ने ट्वीट कर दी। उन्होंने पिता के लिए मिस यू पापा लिखा…।
केंद्रीय मंत्री के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि मैंने आज अपना दोस्त खो दिया।

निधन के बाद चिराग ने गुरुवार रात 8 बजकर 40 मिनट पर पिता के साथ बचपन की एक फोटो अपलोड ली। लिखा कि पापा अब आप इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन मुझे पता है, आप जहां भी हैं, हमेशा मेरे साथ हैं। मिस यू पापा…।

आशिक के लिए पत्नी ने दे दी पति की बलि, शव को जंगल में फेंका

पति को पत्नी के अवैध संबधों का पता चल जाने से पत्नी इतना आगबगुला हो गई कि उसने अपने प्रेमी के साथ पति को मौत की सजा दे दी। इसके बाद अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर पति की लाश जंगल में फेंक आए। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने सभी आरोपियों को घटना में प्रयुक्त हथियारों के साथ अरेस्ट कर लिया है।

कोतवाल रितेश साह के अनुसार, मृतक की बहन चंदा साहनी पत्नी जितेंद्र साहनी ने पुलिस को बताया था कि उसका भाई अमरजीत साहनी (32) पुत्र जीवन साहनी निवासी मायाकुंड 18 सितंबर की दोपहर तीन बजे अपने दो अन्य साथियों के साथ काम पर गया था, शाम होते ही दोनों साथी तो वापस घर आ गए। मगर, उसका भाई वापस न लौटा। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया और मामले की तब्दीश की, तो लापता व्यक्ति की पत्नी के अवैध संबंध की बात सामने आई।

पुलिस ने पत्नी से सख्ती के साथ पूछताछ की तो पत्नी से सब उगल दिया और अपने साथियों की भी पहचान करा दी। पत्नी की निशानदेही पर पुलिस ने शव को जंगल से बरामद भी कर लिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी सुनीता का राजन निवासी रामनगर बेतिया, बिहार, हाल निवासी शीशमझाड़ी से प्रेम प्रंसग चल रहा था। इसकी भनक अमरजीत को लग चुकी थी। पत्नी ने प्रेमी के सथ 18 सितंबर की शाम को अन्य साथी सुनील और अनिल प्रसाद के साथ घटना को अंजाम दे दिया।

दिल्ली एम्स में पूर्व केंद्रीय मंत्री का निधन, देश के तमाम नेताओं ने दिवंगत रघुवंश प्रसाद कोया किया याद

पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. रघुवंश प्रसाद सिंह ने दिल्ली एम्स में आज अंतिम सांस ली। उनके निधन पर राष्ट्रपति सहित देशभर के तमाम राजनीतिक हस्तियों, फिल्म जगत के लोगों ने शोक संभावनाएं जताई हैं।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने डा. रघुवंश के निधन होने पर सोशल साइट ट्वीटर के जरिए दुख प्रकट किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके निधन पर अंतिम नमन किया है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीटर के जरिए बिहार के राजनेता के निधन पर दुख प्रकट किया। परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए उन्होंने दिवंगत रघुवंश के जीवन को गरीब और वंचित वर्ग के लिए समर्पित बताया। वहीं, लालू प्रसाद यादव, केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, फिल्म जगत से शबाना आजमी ने अपनी भावनाएं प्रकट की हैं।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार जनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

बाढ़ पीड़ितों को त्योहारों से पूर्व दें पैसाः नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए जल्द आर्थिक मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि बकरीद से पहले ही पीड़ितों को आर्थिक मदद दी जाए। नीतीश कुमार ने बताया कि बाढ़ राहत के लिए दी जाने वाली 6 हजार नगद राशि को बकरीद के पहले दिए जाने के लिए अधिकारी काम करें। ताकि बाढ़ पीड़ितों को त्योहार के पहले राशि मिल सके। उन्होंने कहा कि अगर किसी पीड़ित का खाता नहीं खुला हो तो प्रशासन के लोग उस व्यक्ति के खाते को खुलवाने की व्यवस्था करें। ताकि आरटीजीएस के माध्यम से उनके खाते में राशि का ट्रांसफर किया जा सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री ने इसके लिए सभी जिलों के पदाधिकारियों के साथ वीडियो बैठक की। मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत कार्य, पर्व-त्योहारों की तैयारी, विधि व्यवस्था समेत अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे की समीक्षात्मक बैठक की। सीएम ने कहा कि इस बार की बाढ़ अभूतपूर्व है जिसे हवाई सर्वेक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं महसूस किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी पंचायत भवन में कम्यूनिटी रिलिफ सेंटर की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि आपदा के समय उसका उपयोग किया जा सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य में बनने वाले पंचायत भवन में भी इसका इंतजाम किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बिहार की बाढ़ की रोकथाम को लेकर नेपाल के पीएम से बात हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से सड़कों पर जल निकासी की व्यवस्था को लेकर भी बात हुई है। बता दें कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बिहार में बाढ़ से 19 जिलों की करीब पौने दो करोड़ आबादी प्रभावित हुई है। सरकारी आंकड़े के मुताबिक 28 अगस्त तक बाढ़ से 514 लोगों की मौत हो चुकी है।

बीजेपी के खिलाफ रैली आयोजित कर लालू ने दिया नारा, कहा देश बचाओ, बीजेपी भगाओ

बीजेपी के खिलाफ आरजेडी प्रमुख लालू यादव की पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में देश बचाओ, बीजेपी भगाओ महारैली में विपक्ष की एकता जरूर देखने को मिली, लेकिन लालू यादव बीजेपी और पीएम मोदी की बजाय अपने पुराने साथी नीतीश पर ही बरसते नजर आए। उनके भाषण में महागठबंधन टूटने का दर्द साफ झलक रहा था।
नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए लालू यादव ने कहा कि उन्हें तो कभी भी नीतीश कुमार पर भरोसा नहीं था, लेकिन सांप्रादायिक ताकतों को रोकने के लिए भारी मन से विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन किया था। नीतीश के इस कदम को लेकर हमें पहले से ही जानकारी थी कि ये आदमी विश्वास के लायक नहीं है। लालू यादव ने कहा कि इस वक्त एनडीए में जो भी बिहार से बड़े नेता हैं वो सभी उन्हीं के प्रोडक्ट्स हैं। लालू ने नीतीश पर आरोप लगाया कि बिहार की राजनीति में तेजस्वी यादव के बढ़ते कद से नीतीश कुमार परेशान हो रहे थे। नीतीश अंदर-ही-अंदर जल रहे थे। उनसे देखा नहीं जा रहा था कि उनके आगे का लड़का जनता में लोकप्रिय हो रहा है। इसलिये नीतीश महागठबंधन तोड़ बीजेपी की गोद में जा बैठे।
लालू यादव के भाषण में नीतीश के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा देखने को मिला। नीतीश के बीजेपी से हाथ मिलने को लेकर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि नीतीश पहले संघ मुक्त का नारा देते थे। अब खुद ही संघ की गोद में जाकर बैठ गए। उन्होंने सीबीआई छापे के लिए भी नीतीश को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही कहा कि नीतीश के ऊपर हत्या का केस चल रहा है।