भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वसुधैव कुटुंबकम कार्यक्रम में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा के साथ गायत्री कुंज, हरिद्वार में देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित व्याख्यान माला ‘वसुधैव कुटुंबकम’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कई पुस्तकों का विमोचन किया, जिसमें पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखी ‘समस्याएं आज की, समाधान कल के’ एवं ‘मैं क्या हूं’ का वियतनामी भाषा प्रकाशन, आयुर्वेद पर आधारित शोध पत्र एवं सेंट्रल फॉर यज्ञ रिसर्च पर आधारित पुस्तक का विमोचन शामिल रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने देव संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर स्थित महाकाल मंदिर में पूजा अर्चना की, तत्पश्चात उन्होंने शौर्य दीवार पर पुष्पांजलि अर्पित कर परिसर में पौधारोपण किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां गायत्री के सिद्ध साधक, विचार क्रान्ति अभियान के सूत्रधार, वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी को नमन करते हुए कहा कि उनके द्वारा रोपित बीज आज वटवृक्ष का आकार ले चुका है और विश्व के असंख्य लोगों को ज्ञान और संस्कार की छाया दे रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा का उत्तराखंड पधारने पर समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत किया। उन्होंने कहा आदरणीय श्री जेपी नड्डा जी का मार्गदर्शन निश्चित रूप से हमें ऊर्जा प्रदान करेगा। इतिहास में विरले ही ऐसे लोग हुए हैं जिन्होंने अपने विचारों से करोड़ों लोगों के जीवन को बदलने का कार्य किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि परम पूजनीय पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी का समूचा जीवन भारत के सांस्कृतिक पुनरोत्थान को समर्पित रहा। ‘‘हम बदलेंगे-युग बदलेगा’’ का मंत्र देकर उन्होंने समाज में जो जन जागृति लाने का पुनीत कार्य किया इसके लिए आने वाली पीढ़ियां सदैव उनकी ऋणी रहेंगी। माता गायत्री व यज्ञ को घर-घर में स्थापित करने और सनातन संस्कृति को पुनः परिभाषित करने से लेकर साधना, शिक्षा, स्वावलंबन, महिला सशक्तिकरण, जनशक्ति का संरक्षण और युवाओं को संगठित करने का कार्य आज आचार्य जी के सिद्धांतों पर चल कर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देव संस्कृति विश्वविद्यालय के रूप में यह विश्व विख्यात शिक्षा केंद्र नैतिक मूल्यों पर आधारित रोजगारपरक शिक्षा देने का अनुपम कार्य कर रहा है। भविष्य में भी ये संस्थान युवाओं का इसी प्रकार उचित मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जी-20 की अध्यक्षता भारत के लिए एक जिम्मेदारी है, जो विश्व के भारत पर भरोसे का एक पैमाना है। जब हम अपनी प्रगति के लिए प्रयास करते हैं, तो हम वैश्विक प्रगति की भी परिकल्पना करते हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान जी-20 की अध्यक्षता करना हर भारतवासी के लिए गर्व की बात है। जी-20 की थीम भी ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर’ है, जो मूल रूप से भारतीय संस्कृति द्वारा विश्व को दिए गए सिद्धांत ‘वसुधैव कुटुंबकम’ पर आधारित है, जिसका अर्थ है ‘समस्त विश्व एक परिवार है’।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के मंत्र के जरिए विश्व बंधुत्व की भावना को हम सदियों से जीते आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पौराणिक धरोहर, आस्था एवं बौद्धिकता को चित्रित किया जा रहा है। जी-20 की थीम भारत की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतिनिधित्व करती है। जी-20 का उद्देश्य विविधता का सम्मान करते हुए दुनिया को एक साथ लाना है। आज विश्व के विभिन्न देश और विद्वान पुनः भारत का और हमारी सांस्कृतिक धरोहरों का अध्ययन कर रहे हैं।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी की सोच में चलने वाला यह संस्थान आध्यात्मिक विकास, संस्कृति के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है ।श्रीराम शर्मा आचार्य जी एवं मां गायत्री जी के द्वारा स्थापित किए गए आध्यात्मिक एवं सनातन संस्कृति को गायत्री परिवार के माध्यम से आगे बढा़ने का कार्य किया जा रहा है। योग, आयुर्वेद, तकनीकी, शोध, विज्ञान के समन्वय से देव संस्कृति विश्वविद्यालय शोध के क्षेत्र में निरन्तर तरक्की कर रहा है। यह शोध मानवता के लिए अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की शुरुआत संस्कार सीखने से होती है। शिक्षा से सभ्य जीवन में सार्थक रास्ता ढूंढने का लक्ष्य प्राप्त होता है।

जे.पी नड्डा ने कहा कि आज भारत में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है। आयुर्वेद चिकित्सा पर भी कार्य किया जा रहा है। आत्मनिर्भर गांव से ही आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना पूर्ण हो सकती है। इसके लिए पूरे विश्व को एक साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा नारी सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, पर्यावरण, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण जैसे विभिन्न विषयों पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के विचार से ही समाज, देश में परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश का विकास और विरासत को संवारने का कार्य किया जा रहा है। भारत ने जी-20 के माध्यम से दुनिया के सामने वसुधैव कुटुंबकम का नारा सिद्ध किया।

इस दौरान कार्यक्रम में कुलाधिपति डॉ प्रणव पंड्या, प्रतिकुलपति चिन्मय पंड्या, भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सांसद रेखा वर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, सांसद डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

16 अगस्त को भारी जन समर्थन के साथ भाजपा प्रत्याशी बागेश्वर मे करेगा नामांकनः भट्ट

भाजपा बागेश्वर उपचुनाव मे मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में 16 अगस्त को व्यापक जन समूह के साथ पार्टी प्रत्याशी का नामांकन करेगी।फिलहाल पार्टी ने 3 नामों का पैनल केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड के समक्ष भेज दिया है जिस पर विचार के उपरांत शीघ्र ही पार्टी उम्मीदवार के नाम पर मुहर लग जायेगी ।

पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता मे उन्होंने कहा कि वीरवार को राज्य चुनाव समिति ने विचार विमर्श के बाद 3 शीर्ष नामों को केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेज दिया है। संभवत शीघ्र ही पार्टी पार्लियामेंट्री बोर्ड नामों पर विचार कर उम्मीदवार की घोषणा कर देगा।
उन्होंने बताया, संगठन ने प्रत्याशी के नामांकन की तैयारी शुरू कर दी है जिसके अनुसार 16 अगस्त को अपार जनसमूह के साथ पार्टी प्रत्याशी का नामांकन किया जायेगा । इस दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
भट्ट ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सहमति और जनभावनाओं के अनुरूप उम्मीदवार उम्मीदवार तय किया जायेगा। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चंदन राम दास जीवनपर्यंत बागेश्वर क्षेत्र की भलाई के लिए काम करते रहे हैं लिहाजा स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं में उनके परिवार के प्रति सद्भावना होना तय है । पार्टी वहां कार्यकर्ताओं की सहमति से ऐसे उम्मीदवार को खड़ा करेगी जो स्वर्गीय दास के अधूरे कार्यों को पूरा कर जनभावनाओं पर खरा उतरे।

उन्होंने कांग्रेस की चुनौती को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा सकारात्मक राजनीति करते हुए जीतने के लिए और कांग्रेस हारने के लिए चुनाव लड़ती है। हम पूर्व निधारित नीति के अनुसार पार्टी प्रत्याशी का चयन करते हैं और कांग्रेस अपनी पार्टी के अंदर और बाहर उम्मीदवार ढूंढती है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस को आज अपनी पार्टी में ही कोई उम्मीदवार नहीं मिल रहा है और मीडिया के माध्यम से जानकारी आ रही है कि वे उम्मीदवार दूसरी पार्टी से आयात करने वाले हैं । दोनों पार्टियों में सोच का यही फर्क हमे रिकॉर्ड मतों से जिताने वाला है और कांग्रेस की एक बार फिर से जमानत जब्त होने वाली है।
भट्ट ने सड़कों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जारी वीडियो को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री धामी के बेहतर प्रबंधन में मानसूनी आपदा के बावजूद आज प्रदेश की सड़के मात्र घंटे दो घंटे में खोल दी जाती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को अपना जमाना याद करना चाहिए जब एक एक महीने तक सड़के बंद रहती थी। उन्होंने सलाह देते हुए कहा, सड़क बंद के साथ सड़क खुलने की वीडियो भी उन्हे डालनी चाहिए ताकि बाहर से आने वाले लोग भ्रमित न हो और राज्य की छवि प्रभावित नही हो।

भाजपा ने शुरु की लोकसभा चुनाव की तैयारी

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने जनसमस्याओं के समाधान के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जनता और सरकार के बीच सेतु का कार्य करने के अलावा सक्रियता और जवाबदेही पर भी खरा उतरना होगा।
रविवार को प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक के बाद राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों व जिला प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार और जनता के बीच सेतु बन कर काम करना है।
जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं के समाधान के प्रयास करने होंगे। साथ ही जनता की राय और समस्या को सरकार के मंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचाना है। हमारा कार्य जनता को सरकार के पास और सरकार को जनता के पास लेकर जाने का है।
बैठक में उन्होंने सभी पदाधिकारियों से महा जनसंपर्क अभियान से मिले फीडबैक की जानकारी ली। कहा, एक सफल कार्यकर्ता के लिए सक्रियता अहम है। सक्रियता से ही जिम्मेदारी मिलती है और जिम्मेदारी का कुशलता से निर्वहन कर आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे। इसलिए सभी को दायित्वों के निर्वहन के लिए अधिक सचेत रहने की जरूरत है। प्रत्येक महीने सांसद व विधायकों की गांवों में टिफिन बैठक करने को कहा।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर चलाए गए महा जनसंपर्क अभियान की विस्तार से जानकारी दी । बैठक में प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

रुड़की में अब अपना कार्यालय होगा भाजपा का, सीएम ने संगठन पदाधिकारियों के साथ किया भूमि पूजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को रूड़की में भाजपा कार्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने रूड़की क्षेत्र के लिए तीन घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि रूड़की के पठानपुरा से आदर्श नगर पैट्रोल पम्प तक आर.सी.सी. नाला का निर्माण कार्य किया जाएगा। रुड़की के मेन हाईवे से कान्हापुर तक बी.एम. एस.डी.बी.सी. द्वारा सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। रुड़की के सोलानीपुरम की आन्तरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा सड़क व नाली निर्माण का कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बाबा केदार एवं भगवान बद्रीविशाल के आशीर्वाद और सभी कार्यकर्ताओं की सेवा, समर्पण और पार्टी के प्रति सच्ची निष्ठा के बल पर रुड़की में पार्टी कार्यालय का भूमि पूजन संपन्न हुआ है। मुख्यमंत्री ने स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का स्मरण करते हुए कहा कि जनसंघ के रूप में उन्होंने ऐसे राष्ट्रवादी संगठन की नींव रखी जो आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में सम्पूर्ण विश्व का सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने स्व. दीनदयाल उपाध्याय का स्मरण कर कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने अपनी आदर्श छवि एवं विशिष्ट बौद्धिकता से सम्पूर्ण विश्व में भारत के गौरव को बढ़ाने का कार्य किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण भी करते हुए कि अटल के प्रधानमंत्रित्व काल में ही उत्तराखण्ड अलग राज्य बना।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज नव भारत के निर्माण के यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है उसमें सभी कार्यकर्ताओं ने अपने श्रम की आहुति देनी है तथा एक भारत’ और श्रेष्ठ भारत के महा संकल्प को साकार करना है। देश आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रवेश कर चुका है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल एवं ऊर्जावान नेतृत्व में देश में अमृत युग प्रारंभ हो चुका है। एक ओर जहां भारत राष्ट्रीय स्तर पर विकास की नई-नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर देश के रूप में नई पहचान प्राप्त कर रहा है। प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में एक नए भारत की नींव रखी जा रही है। नया भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। हर वर्ग का विकास सुनिश्चित हो रहा है। भारत पुनः विश्व गुरु बनने का प्रयत्न कर रहा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। केदारनाथ के पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। बद्रीनाथ में मास्टर प्लान के तहत कार्य किये जा रहे हैं। केदारनाथ एवं हेमकुंट में रोपवे का निर्माण किया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का कार्य तेजी से चल रहा है। देहरादून से दिल्ली तक एलिवेटेड रोड पर तेजी से कार्य चल रहा है। हमारी सेना सशक्त और शक्तिशाली बन रही है। स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी विस्तार हो रहा है। अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा रहा है। प्राचीन शिक्षा पद्धति और आधुनिक शिक्षा पद्धति के समिश्रण से बनी नई शिक्षा नीति का अनुसरण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गौरव को पुनः प्रशस्त करने के लिए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’’ का मंत्र दिया है उसने देश की राजनीति की दिशा और दशा को बदलने का कार्य किया है। गरीब कल्याण योजनाओं ने अंतिम पायदान पर खड़े हुए प्रत्येक व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। आज देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को विश्व स्तरीय बनाने के लिए जहां बड़ी-बड़ी योजनाओं का प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास किया जाता है, वहीं उनका उद्घाटन भी किया जाता है। आज केन्द्र और राज्य सरकार के सहयोग से हमारा प्रदेश भी सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने की दौड़ में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। राज्य में भ्रष्टाचार और भर्ती घोटालों पर किए गए प्रहार से लेकर समान नागरिक आचार संहिता, धर्मांतरण कानून, महिला आरक्षण, भू-कानून, देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाना और गरीबों को तीन निःशुल्क सिलेंडर देने जैसे कठिन मुद्दों पर सरकार द्वारा उठाए गए कदम इस बात का प्रमाण हैं कि आज राज्य सरकार प्रदेश हित में ऐसे मुद्दों पर भी निर्णय लेने का कार्य कर रही है, जिन मुद्दों को वर्षों तक ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रदीप बत्रा, महामंत्री संगठन अजेय कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा शोभाराम प्रजापति एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री की निष्पक्ष जांच के आदेश के बाद भी कांग्रेस कर रही नौटंकी-महेन्द्र भट्ट

ऋषिकेश मे मंत्री के स्टाफ और एक युवक के बीच हुए विवाद के बाद कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन को भाजपा ने अवसरवादी राजनीति करार दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि मामले मे तस्वीर शीशे की तरह साफ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना के तत्काल बाद मामले का संज्ञान लेकर पुलिस को निष्पक्ष जांच करने के आदेश दिये। हालांकि मामले मे पुलिस ने दोनों ही पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है लेकिन कांग्रेस को विरोध की राजनीति कर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी है।
भट्ट ने कहा कि किसी के साथ अन्याय न हो यह भाजपा की जीरो टॉलरेंस की नीति का हिस्सा है। इससे पहले भर्ती से संबंधित घपलों मे भाजपा ने नैतिक साहस का परिचय दिया और आज युवाओं का रोजगार सुरक्षित हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल मे तमाम घपले और घोटालों से लेकर वीआईपी या वीवीआईपी क्राइम की पड़ताल तो दूर रिपोर्ट की हिम्मत तक कोई नही कर सकता था। ऐसे उदाहरण भरे पड़े है, लेकिन भाजपा के काल मे वीआईपी कल्चर समाप्त होकर आम जन का राज स्थापित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस तरह के भ्रम से बाहर आने की जरूरत है, क्योकि जनता सीएम द्वारा अब तक की गयी निष्पक्ष कार्यवाही के निर्णय को देख चुकी है और वह इस तरह की राजनैतिक नौटंकी को बर्दाश्त करने के मूड मे नही है। कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन फ्लॉप शो ही साबित हुआ है।

मुख्यमंत्री ने की भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शिरकत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति अपनी क्षमता एवं दक्षता से राज्य का सम्मान तथा गौरव बढ़ा रही है। प्रदेश की समृद्ध एवं गौरवशाली परम्परा को आगे बढाने का दायित्व भी हमारी नारी शक्ति बखूबी निभा रही है। हमारी संस्कृति अर्द्धनारिश्वर की उपासना के साथ देवियों की पूजा की परम्परा रही है।
परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा उत्तराखण्ड की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री ने महिला शक्ति को महाशक्ति बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में तो स्त्री ही सृष्टि की समग्र अधिष्ठात्री है, क्योंकि नारी सृजनात्मक शक्ति का प्रतीक होने के साथ ही संस्कृति एवं परंपराओं की संवाहक होती हैं एवं आदिकाल से भारतीय संस्कृति में महिलाओं को काफी ऊंचा स्थान हासिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई, जीजाबाई, अहिल्याबाई होल्कर एवं सती सावित्री जैसी अनेक नारियों ने अपनी क्षमता के बूते समय-समय पर इसको प्रमाणित करने का कार्य किया। हमारी सांस्कृतिक विरासत में मां का स्थान सर्वश्रेष्ठ माना गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत पुनः अपनी पुरातन विचार संस्कृति की ओर लौट रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश महिला विकास से आगे बढ़कर महिलाओं के नेतृत्व की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि आप सभी महिला कार्यकर्ताओं पर प्रदेश की आधी आबादी के प्रतिनिधित्व की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, हमारे देश और प्रदेश की समृद्ध एवं गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण दायित्व भी आप पर है। हमारी सरकार ने महिलाओं के कल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पास अपार उपलब्धियां और योजनाएं है और इन उपलब्धियों और योजनाओं को लेकर हर बहन तक पहुंचने की जिम्मेदारी महिला मोर्चा की है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा लगातार पार्टी के कार्यक्रमों के साथ ही रचनात्मक और सामाजिक कार्याे में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि आगामी समय में महिला मोर्चा और भी महत्वपूर्ण कार्य करेगा। महिला शक्ति ही महाशक्ति है इसलिए महिला मोर्चा की आप सभी उत्साही कार्यकर्ता जब घर-घर संपर्क करेंगी तो जनता का हमारे प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारी नारीशक्ति ने अपने कार्यों से, आत्मबल से और आत्मविश्वास से स्वयं को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने खुद को तो आगे बढ़ाया ही है, साथ ही देश और समाज को भी आगे बढ़ाने और एक नए मुकाम पर ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब देश में महिलाओं का हर क्षेत्र में सहयोग एवं योगदान बढ़ता है, तब देश का विकास सुनिश्चित हो जाता है। आखिर हमारा न्यू इंडिया का सपना यही तो है, जहां नारी सशक्त हो, सबल हो और देश के समग्र विकास में बराबर की भागीदार हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार राजनीति के एजेंडे की धुरी बदलने का काम किसी ने किया है तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो काम देश में हो रहे हैं वे नए भारत की तस्वीर को प्रस्तुत करते हैं। नए भारत की तस्वीर में महिला पीछे नहीं बल्कि समाज का नेतृत्व करने के लिए आगे खड़ी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों में महिला सशक्तिकरण हमेशा से प्राथमिकता पर रहा है। ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ही सरकार है जिसने तीन तलाक की कुप्रथा को खत्म करके वर्षों से इस कुप्रथा का दंश झेल रही मुस्लिम महिलाओं को सम्मान के साथ जीवन यापन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वित्तीय समावेश से लेकर सामाजिक सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा से लेकर आवास, शिक्षा से लेकर उद्यमिता तक, हमारी नारी शक्ति को भारत की विकास यात्रा में सबसे आगे रखने के लिए कई प्रयास किए गए हैं। ये प्रयास आने वाले समय में और भी अधिक उत्साह के साथ जारी रहेंगे। उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, शौचालयों का निर्माण ये सभी कार्य इसके उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का दर्द किसी ने समझा तो वो आदरणीय मोदी जी ने ही समझा। ये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही थे जिन्होंने देश में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसा अभियान प्रारंभ किया। हमारी सरकार ने भी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण का संपूर्ण लाभ देने के लिए जिस तेज गति से काम किया, उससे आप हमारी प्रतिबद्धता को समझ सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की समस्त माताओं और बहनों ने अपने अथक परिश्रम से जहां एक ओर आर्थिक रूप से अपने आपको आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है वहीं देवभूमि की सभ्यता और संस्कृति को भी जीवंत रखा है। हमारा लक्ष्य उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का है और इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हमें आपका आशीर्वाद चाहिए, आपका समर्थन चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक हमारी सरकार के “सशक्त मातृशक्ति सशक्त राज्य“ के संकल्प को पूर्ण करने में सहायक सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी मातृशक्ति ने समय-समय पर अपनी क्षमताओं से प्रदेश का गौरव और सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है, हमारी सरकार के सर्वश्रेष्ठ उत्तराखण्ड निर्माण के “विकल्प रहित संकल्प“ की सिद्धि के लिए भी आप अपना योगदान सुनिश्चित करेंगी इसका भी भरोशा मुख्यमंत्री ने जताया।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल, विधायक रेनू बिष्ट, महिला मोर्चा के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के परमार्थ निकेतन पहुंचने पर परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि ने भी उनका स्वागत किया।

राष्ट्र विरोधी कृत्य पर पाश्चताप के बजाए प्रदर्शन दुर्भाग्यपूर्णः भट्ट

भाजपा ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर नसीहत देते हुए कहा कि वह फरेब और आडंबर से बाहर निकलकर सच को स्वीकार करे और सच यह है कि कांग्रेस के युवराज ने देश की प्रतिष्ठा को धूमिल करने मे मर्यादा की सारी सीमा लाँघ दी। इस कृत्य के बावजूद पश्चाताप के बजाय धरना प्रदर्शन करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा के विरोध को अपने चेहरे को ढकने का असफल प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि देश दुनिया ने देखा कि राहुल गांधी मोदी विरोध करते करते राष्ट्र विरोध की सभी सीमाओं को लांघ गए हैं। ऐसे में उन्हें बजाय विरोध करने के, उन्हें अपने नेता के बयानों पर शर्मिंदा होना चाहिए।

भट्ट ने कांग्रेस से उनके आज हुए प्रदर्शन पर सवाल करते हुए कहा, उस व्यक्ति को राष्ट्र विरोधी नहीं तो क्या कहेंगे जो लंबे समय से सांसद हो और कई राज्यों में उनकी पार्टी की सरकारें हों और वही व्यक्ति विदेश में जाकर कहता हो कि भारत में लोकतंत्र, न्यायपालिका संसद सभी संवैधानिक संस्थाएं समाप्त हो गयी है। इतना ही अमेरिका व यूरोप के देशों को लोकतंत्र बचाने के लिए आगे आने की प्रार्थना करता हो। जो देश के सबसे ज्यादा बोलने वाला विपक्षी नेता हो और यह बात और है कि अधिकांशतया अनर्गल व अनर्थक बात कहे। यह अफसोसजनक है कि वही विदेश जाकर साबित करने की कोशिश करें कि हमें संसद में और बाहर बोलने नहीं दिया जाता है। हमारे माइक बंद किये जाते हैं जबकि कैमरे पर सबने उन्हें हमेशा सदन में भाषण देते देखा होगा । देश को बदनाम करने की मंशा से इस तरह का सफेद झूठ बोलते व्यक्ति को राष्ट्रभक्त कैसे कहा जा सकता है । वह राष्ट्र विरोधी नही तो उन्हे क्या संज्ञा दी जाए। वह कहते है कि हम लंदन एवं कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में तो अपनी बात रख सकते हैं लेकिन भारत की यूनिवर्सिटी में नहीं ।
जबकि सच्चाई यह है कि वह युवाओं और देशवासियों की नज़रों में गैरजिम्मेदार राजनेता और विचारविहीन वक्ता है और इसीलिए कोई बेवजह उन्हे सुनना नही चाहता है। जबकि अपनी राजनीति के शुरुआती दिनों में तो वह यूनिवर्सिटी कैंपस में ही संवाद करते नजर आते थे।

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा, विदेशी यूनिवर्सिटी में भी उनको विद्धता के चलते नहीं बुलाया जाता है बल्कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के राजनेता के तौर पर बुलाया जाता है और आप वहां पर उसी लोकतंत्र का अपमान करते है । जो लोग भारत को नफरत का बाजार बताकर प्यार की दुकान खोलने का झूठा दावा करते हों, आज वही लोग विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता श्री नरेंद्र मोदी से घृणा के चलते विदेशों में जाकर 130 करोड़ देशवासियों के खिलाफअपनी नफरत की दुकान खोल रहे हैं । इस सबसे अधिक खेदजनक और दुर्भाग्यपूर्ण इस देश को बदनाम करने वाली टूलकिट 2 साजिश की टाइमिंग है । यह सब ठीक उस समय किया जा रहा है जब देश ळ 20 के गौरवशाली एवं ऐतिहासिक चरणों को जी रहा है, जब पूरी दुनिया की निगाहें इस बैठक के माध्यम से विश्व समस्याओं के हल को लेकर लगे है । उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके नेता राष्ट्र विरोध और राष्ट्र अपमान में बयानबाजी करते रहो और उसपर हम उन्हें जब राष्ट्रविरोधी कहे तो बजाय गलती मानने के विरोध प्रदर्शन करें इससे शर्मनाक कुछ और नही हो सकता है।

भाजपा प्रदेश सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर करेंगी कार्यक्रम आयोजित

भाजपा, प्रदेश सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आगामी पखवाड़ा में व्यापक रूप से विभिन्न जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इन कार्यक्रमों में बहुउद्देश्यीय शिविरों में सहभागिता और प्रदेश व केंद्र सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं की जानकारी पत्रकों के माध्यम से घर घर पहुंचाई जाएगी ।

पार्टी प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों से विभिन्न विषयों पर अनौपचारिक बातचीत की ।

उन्होंने कहा कि बूथ सशक्तिकरण अभियान की कार्यशालाएँ प्रदेश व ज़िले संपन्न होने के पश्चात सभी 70 विधानसभा में बूथ सशक्तिकरण की कार्यशालाएँ लगभग हो चुकी हैं और अब शक्तिकेंद्रों के कार्यक्रम संगठन द्वारा संचालित किए जा रहे हैं और इसी क्रम में सभी शक्ति केंद्रों की इकाइयों का गठन किया जा रहा है इसके बाद आगामी 31 मार्च तक बूथ टोली का गठन एवं पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके उपरांत शक्ति केंद्र स्तर पर बूथ इकाइयों के समन्वय से बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिसमें स्थानीय विधायक एवं सांसद समेत प्रदेश पदाधिकारी शिरकत करेंगे ।

कहा की आगामी 23 मार्च को भाजपा सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर संगठन व्यापक रूप से कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है जिससे केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुँचाने के लिए अभियान चलाएगी।
जानकारी दी, 23 मार्च को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 1 वर्ष पूर्ण होने को संगठन जन सहभागिता वाले विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाने जा रहा है। इसी क्रम में सरकार के कार्यक्रमों के साथ समन्वय बनाते हुए पार्टी प्रदेशभर में आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों से अधिक से अधिक योजना लाभार्थियों को जोड़ने का प्रयास करेगी। इसके उपरांत प्रदेश एवं केंद्र सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं की जानकारी देने वाले 15 लाख से अधिक पत्रकों को घर-घर तक पहुंचाने का काम किया जाएगा, जिसे पार्टी के बूथ एवं शक्ति केंद्र टीमों के सहयोग से एक पखवाड़े की अवधि में पूर्ण किया जाएगा ।

कॉन्ग्रेस विधायक सदन में कुछ बोलते हैं और बाहर कुछ और ……………………….
उन्होंने बजट सत्र को शीघ्र समाप्त करने के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, सभी जानते हैं विधानसभा का कामकाज कार्य मंत्रणा समिति द्वारा तय बिजनेस के आधार पर होता है और उस बैठक में कांग्रेस के विधायक भी मौजूद रहते हैं । लेकिन अफसोस उनके प्रतिनिधि वहां तो हां में हां मिलाते हैं और बाहर आकर झूठे आरोप लगाने के लिए पलट जाते हैं । इस बार भी कार्य मंत्रणा समिति के अनुसार तय कामकाज सत्रावसान से पूर्व पूर्ण किया गया । अब बाहर आकर कॉन्ग्रेस सत्र जल्दी खत्म होने के झूठे आरोप लगाकर सिर्फ और सिर्फ राजनीति कर रही है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे कठोर कार्यवाही करने वाले सीएम हैं धामी

भाजपा ने बेरोजगारों के आंदोलन के दौरान युवाओं पर दर्ज मुकदमो को वापस लेने की सीएम की घोषणा को शानदार और स्वागत योग्य कदम बताया।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि युवाओं के हित मे यह शानदार निर्णय है। यह घटना दुखद है, लेकिन जिस तरह से मुकदमे वापस लिए जायेंगे वह सुखद है। कहा कि युवाओं को मोहरा बनाकर कांग्रेस स्वार्थ सिद्धि की राजनीति करती आयी है। जबकि युवा सीएम धामी ने युवा और बेरोजगारों के हित देखते हुए कई कठोर निर्णय लिए है। पारदर्शी परीक्षाओं से युवाओं का भविष्य सुरक्षित होगा और कोई उनके हक पर डाका नही डाल पायेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य मे कड़ा नकल विरोधी कानून देश के दूसरे राज्यों के लिए भी नजीर है। हालांकि कांग्रेस जैसे दलों को यह उपलब्धि नही पच रही है और अपनी कारगुजारियों पर पर्दा डालने के लिए वह विरोध पर उतर आयी है। राज्य के 22 वर्ष के इतिहास मे ऐसे निर्णय लेने वाले सीएम पुष्कर सिंह धामी ही है, जिन्होंने बिना काल खंड देखे घपले घोटालों की जाँच की और आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा। यह उनका नैतिक साहस और भ्रष्टाचार के खिलाफ अडिग होकर जीरो टॉलरेंस की नीति का अनुपालन करना था। कहा कि विगत दिवस गैरसैण मे पारित वजट मे उन्होंने युवाओं को फोकस कर पर्याप्त प्रावधान किये है।

आज पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता से परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। तीन परीक्षाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा चुका है। अन्य परीक्षाओं का आयोजन जारी केलेण्डर के अनुसार किया जा रहा है। समस्त प्रतियोगी परीक्षाओं को नकल विहीन बनाने का संकल्प अब फलीभूत होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार सभी वायदों पर खरी उतर रही है। इसमे समान नागरिक संहिता के लिये गठित समिति जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों, संस्थाओं, आमजन आदि से सुझाव लेकर ड्राफ्ट तैयार कर रही है। दूसरे राज्य भी उत्तराखंड के ड्राफ्ट को बेहतर बता रहे है। सरकार ने सख्त धर्मांतरण कानून बनाया है तो प्रदेश की महिलाओं को सरकारी नौकरी में उचित प्रतिनिधित्व देने के लिए हमने 30 प्रतिशत महिलाओं के क्षैतिज आरक्षण देने का जो फैसला लिया था, उसे कानून बनाकर धरातल पर उतारने का कार्य किया है। राज्य आंदोलनकारियों को भी दस प्रतिशत आरक्षण, अपणि सरकार पोर्टल, ई-ऑफिस, सीएम हेल्पलाईन आदि सुधारों के द्वारा कार्यसंस्कृति में गुणात्मक सुधार हुआ है। सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिये भ्रष्टाचार मुक्त एप 1064 लांच किया है। इस एप प्राप्त शिकायतों पर गम्भीरतापूर्वक कार्यवाही हो रही हैं। 46 लाख 70 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इससे आम जन को लाभ मिल रहा है।

भगतदा ने प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में रखी अपनी बात, आप भी जानिए…

उत्तरांचल प्रेस क्लब ने आज महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम आयोजित किया। भगत सिंह कोश्यारी के राज्यपाल पद और भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने आज मीडिया कर्मियों के सामने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मेरी यही इच्छा है कि उत्तराखंड हिमालय जैसा स्वच्छ और गंगा जैसा पावन राज्य के साथ ही आत्मनिर्भर बने। इसके लिए उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के उद्योगपतियों से उत्तराखंड में निवेश को लेकर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य की कई सरकारी योजनाओं में पैसा उपलब्ध है जिसका उपयोग करने के लिए ऐसी मशीनरी डेवलप करने की जरूरत है, जिससे उत्तराखंड की आर्थिकी में नई क्रांति आएगी। 

प्रेस से मिलिए कार्यक्रम के दौरान मीडिया कर्मियों से बात करते हुए पूर्व राज्यपाल ने उनकी वापसी के बाद प्रदेश में चल रही सभी चर्चाओं पर विराम लगाते हुए कहा कि वह सक्रिय राजनीति से दो महीने पहले ही बहुत दूर हो चुके हैं और उन्हें किसी भी तरह के पद की लालसा नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरा काम सृजन और समन्वय का है। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें बहुत सम्मान दिया है।

‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा व संचालन प्रेस क्लब महामंत्री विकास गुसाईं ने किया। इस अवसर पर क्लब कार्यकारिणी के कनिष्ठ उपाध्यक्ष दरबान सिंह, संयुक्त मंत्री मीना नेगी, कार्यकारिणी सदस्य दया शंकर पांडे, मंगेश कुमार, मो. फहीम तन्हा, राम अनुज, प्रवीन बहुगुणा, लक्ष्मी बिष्ट, विनोद पुंडीर के साथ ही क्लब के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, पूर्व अध्यक्ष दर्शन सिंह रावत, विकास धूलिया, भूपेंद्र कंडारी, जितेंद्र अंथवाल, पूर्व महामंत्री संजीव कंडवाल, गिरिधर शर्मा व वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन सेठी, सुभाष गुप्ता, सतीश शर्मा, आशीष उनियाल, देवेंद्र नेगी, रामगोपाल शर्मा, केएस बिष्ट, नारायण परगाईं, प्रदीप फरस्वाण, सुशील रावत, प्रभा वर्मा समेत कई सदस्य मौजूद थे।