बलात्कार के आरोपी के घर की मुनिकीरेती पुलिस ने की कुर्की

न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट नरेंद्र नगर की अदालत के आदेश के बाद मुनिकीरेती पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी के घर की कुर्की की है।

थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि तपोवन निवासी अभिनव राय पुत्र अनिल राय पर विदेशी महिला के साथ दुष्कर्म, मारपीट आदि धाराओं में मुकदमा कायम है। उक्त आरोपी कोर्ट में उपस्थित नहीं हो रहा है। न्यायालय ने उसे फरार घोषित करते हुए उसके घर की कुर्की करने का आदेश दिया था। इसी संबंध में न्यायालय से कुर्की वारंट जारी किया गया था। वारंट की तामीली कराते हुए सब इंस्पेक्टर शाहिदा परवीन ने आरोपी के तपोवन स्थित घर की कुर्की की है।

ट्रांसफार्मर से हुई भाजपा नेता के भाई की मौत मामले में मुकदमा दर्ज

भाजपा नेता सुभाष पाल के भाई प्रदीप पाल की मौत मामले में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने अज्ञात रेलवे अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस में आईपीसी की धारा 304 ए में मुकदमा दर्ज किया हैं। वहीं, कोतवाल रितेश शाह ने मामले की विवेचना सब इंस्पेक्टर अरूण त्यागी को सौंपी है।

बता दें कि बीते 25 अक्टूबर की रात भाजपा नेता सुभाष पाल के 38 वर्षीय छोटे भाई प्रदीप पाल पुत्र चंद्रभान की पुराना रेलवे स्टेशन के पास सड़क के बीचों बीच बने ट्रांसफार्मर से टकराकर मौत हो गई। प्रदीप पाल ढालवाला से काम कर अपने बनखंडी स्थित घर लौट रहे थे। घटना उक्त तिथि को रात्रि करीब नौ बजे के आसपास घटी थी। घटना स्थल पर पथ प्रकाश की व्यवस्था तक नहीं थी। मौत को रेलवे की लापरवाही बता कर पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में रेलवे के अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

क्या है आईपीसी की धारा 304 ए

उच्चतम न्यायालय ने आईपीसी की धारा 304 ए के तहत लापरवाही से मौत के मामले में अधिकतम सजा को एकदम अपर्याप्त करार दिया है। इस धारा के तहत अपराध के लिए अधिकतम दो साल के कारावास और जुर्माने की सजा का प्रावधान है। इस मामले में यदि आरोपी पर आरोप सिद्ध हो जाता है तो उसे दो साल की जेल या जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है।

श्यामपुर में डंपर की चपेट में आकर अधेड़ की मौत

बीती देर रात्रि ऋषिकेश के श्यामपुर चैकी क्षेत्र में हरिद्वार की तरफ जा रहे एक बेकाबू डंपर ने राह चलते 50 वर्षीय व्यक्ति को रौंद डाला। इससे मौके पर ही उक्त व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, और आसपास शिनाख्त के काफी प्रयास किए। मगर, मृतक की पहचान नहीं हो सकी। श्यामपुर चैकी पुलिस के मुताबिक मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था और डंपर चालक दीपक को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही वाहन कब्जे में लिया गया है। शव की पहचान के लिए एम्स की मोर्चरी में रखा गया है।

घर के बाहर खेल रही किशोरी का अपहरण, पुलिस ने किडनेपर को किया गिरफ्तार

रायवाला में 12 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण में हाथरस उत्तर प्रदेश के युवक का हाथ निकला। रायवाला पुलिस ने युवक को नेपाली फार्म से अरेस्ट कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है।

दरअसल 23 अक्टूबर को रोली देवी पत्नी हरिशंकर पंवार निवासी छिद्दरवाला रायवाला ने तहरीर देकर बताया कि उनकी 12 वर्षीय पुत्री 20 अक्टूबर को शाम साढ़े पांच बजे घर से खेलने के लिए बाहर गई थी। जो अभी तक घर नहीं लौटी। पुलिस ने मामले को गंभीर पाया और तलाश तेज की। मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि जिस युवक ने किशोरी का अपहरण किया है वह नेपाली फार्म में है तथा भागने की फिराक में है।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नेपाली फार्म से आरोपी किडनेपर संदीप कुमार पुत्र लालाराम निवासी स्वीपर कॉलोनी चामड़ गेट हाथरस उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अमरजीत रावत, उप निरीक्षक विनोद कुमार, कांस्टेबल सचिन सैनी, कांस्टेबल दिनेश महर, महिला कांस्टेबल सरिता मौजूद रहे।

अमेरिकन महिला से बनाए जबरन संबंध, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

टिहरी जिले के थाना मुनिकीरेती में एक अमेरिकन महिला ने सेवानिवृत कर्नल के बेटे पर धोखे से ड्रग्स का सेवन करवाकर जबरन संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, पीड़िता के बयान न्यायालय के समक्ष कराए गए।

दरअसल 37 वर्षीय अमेरिकन महिला ने बताया कि तपोवन निवासी 27 वर्षीय अभिनव राय पुत्र अनिल कुमार राय, हाल निवासी बालक नाथ मंदिर रोड, मूल निवासी देवनगर, इलाहाबाद’ द्वारा उसके साथ बलात्कार मारपीट व जान से मारने की धमकी दी गई है। अमेरिका निवासी महिला द्वारा आरोप लगाया कि अभिनव ने उसे कई बार अपने फ्लैट पर बुलाकर धोखे से ड्रग्स का सेवन कराकर कई बार जबरन संबंध बनाए। इससे परेशान होकर जब महिला अपने फ्लैट में रहने लगी तो अभिनव ने उसका लगातार पीछा करना शुरू किया और रात वह छत के रास्ते उसकी बालकोनी में आया और शीशा तोड़कर अंदर घुस कर उसके साथ मारपीट की इस दौरान पीड़ित के पैर में चोट लगी। पीड़ित द्वारा आरोप लगाया गया है कि अनुभव के पिता लगातर उस पर समझौते का दबाव बना रहे है। पुलिस ने मामले पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि आरोपी अनुभव के पिता सेना से सेवानिवृत्त कर्नल है। अभिनव तपोवन में तथाकथित रूप से टूर ट्रेवेल का काम करता है।

योगी सरकार का ऐलान, रेप और छेड़खानी करने वालों के पोस्टर सड़क किनारे लगाए जाएंगे

उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पर योगी सरकार सख्त है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की जांच को आॅपरेशन दुराचारी शुरू करने को कहा है। इसके तहत महिलाओं के खिलाफ अपराध के दोषियों के राज्य की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर लगाए जाएंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने यह भी निर्देश दिया है कि महिला पुलिसकर्मियों को ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा जाना चाहिए और उनकी तस्वीरों, नाम को क्राॅसिंग पर लगाया जाए, जिससे उनहें शर्मिदगी महसूस हो। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के लोगों को यह पता होना चाहिए कि यह कौन लोग है।

बीट प्रभारी, चैकी व थाना प्रभारी होंगे जिम्मेदारी
सीएम ने यह भी कहा है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध से संबंधित कोई भी घटना होती है, तो संबंधित क्षेत्र का बीट प्रभारी, चैकी प्रभारी, थाना प्रभारी और सर्कल अधिकारी जिम्मेदार होगा।

महिला प्रोफेसर की हत्या में पड़ोसी अरेस्ट, पूछताछ में निकली अवैध संबंधों की बात

डोईवाला में रिटायर प्रोफेसर महिला की हत्या की गुत्थी अब सुलझ गई है। रिटायर महिला की हत्या उसके ही पड़ोसी व फुटवियर की दुकान चलाने वाले तनुज असवाल पुत्र मेहरबार सिंह ने की। आरोपी ने अरेस्ट होने के बाद बताया कि मृतका उन्हें बार-बार अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रही थी। लोकलाज के कारण आरोपी ने महिला के हाथ, पांव और मुंह दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को जौलीग्रांट चैक से अरेस्ट किया है।

हत्या का खुलासा करते हुए एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मृतका पुतल घोष और पड़ोसी तनुज के बीच करीब आठ माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। यहीं नही सुनार गांव में फुटवियर की दुकान चलाने वालो यह व्यक्ति महिला द्वारा बार-बार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने से तंग आ गया था।
इसके चलते आरोपी ने मंगलवार की रात घर में घुसकर महिला के हाथ, पांव और मुंह दबाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 12 किलो सोना भी बरामद किया गया। जबकि मृतका के घर से मिला 11 से 12 किलो सोना सील कर दिया गया है।

घर में बंधक बनाकर रिटायर महिला को बदमाशों ने उतारा मौत के घाट

देहरादून जनपद के डोईवाला कोतवाली क्षेत्र में एक वृद्धा महिला को बदमाशों ने घर में घुसकर मौत के घाट उतार दिया। बदमाशों ने इस रिटायर महिला प्रोफेसर को पहले तो घर के अंदर ही बंधक बनाया और उसके बाद हत्या कर दी। महिला की उम्र 66 वर्ष है और वह घटना के वक्त घर पर अकेली थी। छह वर्ष पूर्व रिटायरमेंट के बाद से मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली महिला सुनार गांव में रह रही थी। घटना के बाद अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं।

टिहरी विस्थापित क्षेत्र के सुनार गांव में एक वृद्धा की हत्या हो गई है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लिया। डीआईजी अरुण मोहन जोशी, एसपी ग्रामीण प्रमेंद्र डोभाल, सीओ ऋषिकेश भूपेंद्र सिंह धौनी ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई।

कोतवाल सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि प्रथमदृष्टतया मामला हत्या का है। मृतका का गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस हत्या के प्रत्येक एंगल से जांच कर रही है। मृतका अविविहित थी। लिहाजा यहां उनके साथ कोई नहीं हैं।

द्वारहाट विधायक की पत्नी ने थाने में दी एक ओर तहरीर, अल्मोड़ा की महिला पर लगाया धमकाने का आरोप

भाजपा विधायक महेश नेगी पत्नी रीता नेगी ने नेहरू काॅलोनी थाने में सोमवार को एक ओर तहरीर दी। बताया कि अल्मोड़ा की महिला उनके गवाह को धमका रही है। उन्होंने कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी है।

नेहरू कालोनी थाने में 13 अगस्त को भाजपा विधायक महेश नेगी की पत्नी रीता नेगी ने अल्मोड़ा की एक महिला और उसके परिजनों पर ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कराया था। महिला ने भी विधायक पर आरोप लगाए थे।

विधायक की पत्नी रीता नेगी नेहरू कालोनी थाने में थाना प्रभारी राकेश गुसाईं से मिली। तहरीर देकर उन्होंने बताया कि उक्त महिला उनके गवाह को फोन कर धमकियां दे रही है और परेशान किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस को मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया है। पुलिस अब मामले की जांच में भी जुट गई है।

आरडी और एफडी मैच्योरिटी के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

जनपद देहरादून के थाना रायवाला में एक फर्जी कंपनी के जरिए लोगों से आरडी और एफडी मैच्योरिटी के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले दो लोगों को पुलिस ने अरेस्ट किया है। दोनों आरोपियों को प्रतीतनगर रायवाला निवासी नरेश चंद्र कुकरेती पुत्र ललित मोहन कुकरेती की तहरीर के बाद गिरफ्तार किया गया है।

तहरीरकर्ता ने बताया कि कैलाशी विजन प्रोडयूसर कंपनी लिमिटेड नामक एक कंपनी के प्रबंधकों ने फर्जी तरीके से लोगों को गुमराह करते हुए आरडी, एफडी व डेली डिपाजिट स्कीम और लोन देने के नाम पर धोखाधड़ी की है। तहरीर के आधार पर रायवाला पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 420 में मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष रायवाला हेमंत खंडूरी ने बताया कि विवेचना में कमल भारती पुऋ हीराला निवासी ग्राम इस्सेपुर थाना नजीबाबाद जिला बिजनौर और नसीबुद्दीन पुत्र हसरत अली निवासी जमनपुर थाना सेलाकुई देहरादून को धोखाधड़ी में सही पाया गया। विवेचना के बाद पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है।