हरिपुरकलां में बिजली कटौती से परेशान ग्रामीण पहुंचे विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय

हरिपुरकला में बिजली कटौती एवं लगातार बिजली की रोस्टिंग से परेशान ग्रामीणों ने विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय का घेराव किया। ग्राम प्रधान गीतांजलि ज़खमोला के नेतृत्व में ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों ने विद्युत विभाग का कार्यालय का घेराव किया।

ग्रामीणों ने कहा कि पिछले एक हफ्ते से हरिपुरकला की विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है लगातार रात में दिन में बिजली की कटौती की जाती है तथा विभाग के कर्मचारियों द्वारा ओवरलोड का बहाना बनाकर पल्ला झाड़ा जाता है। जिसमें ग्रामीणों का कहना है कि हरिपुरकला जो सबसे बड़ी आबादी का गांव है एवं जिसमें आश्रम धर्मशाला होटल आदि आते हैं। इसमें यात्रियों का आना-जाना भी लगा रहता है और लगातार एक दबाव भी बना रहता है, लेकिन बिजली विभाग द्वारा पूर्व में कोई भी व्यवस्था ठीक प्रकार से नहीं की गई। जिसके कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना उठाना पड़ता है। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति को जल्द से जल्द सुधारने की मांग की।

इस मौके पर ग्राम पंचायत सदस्य अनीता गुप्ता, सीमा शर्मा, दीपिका लखेड़ा, धर्मेंद्र मनोज शर्मा, मनोज भट्ट, सतीश बड़थ्वाल, सुभाष जुगलान, विनय थापा, महेंद्र कश्यप, दिनेश थपलियाल आदि ग्रामीण जन उपस्थित थे।

सीएम ने सुद्धोवाला में किया आईआरबी के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सुद्धोवाला स्थित आई.आर.बी द्वितीय के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण एवं द्वितीय चरण के भवनों का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश सभी विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को दिये गये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में चार धाम यात्रा पूरे चरम पर है ऐसे में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि से अच्छा संदेश लेकर जाएं यह सबकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन प्रदेश है और पुलिस हमारी ब्रांड एंबेसडर है। पुलिस के ध्येय वाक्य मित्रता, सेवा और सुरक्षा को चरितार्थ करने के लिए पूरे मनोयोग काम करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा को लेकर सरकार लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। बीते 2 सालों में कोविड संक्रमण के कारण यात्रा नहीं चल पाई है ऐसे में इस बार यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा हमारी चुनौती है लेकिन सरकार इसे सुव्यवस्थित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। चारधाम यात्रा शुरू होने से पूर्व यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गई। चारधाम यात्रा से जुड़े सभी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बीते कुछ समय में चार धाम यात्रा में जितने भी घटनाएं हुई हैं, वह यात्रा में अव्यवस्था एवं भगदड़ मचने से नहीं बल्कि अन्य स्वास्थ्यगत कारणों से हुई है। मुख्यमंत्री ने चार धाम यात्रा पर आने वाले नौजवानों से अनुरोध करते हुए कहा है कि नौजवान पहले बुजुर्ग एवं महिलाओं को दर्शन करने का मौका दें। मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस विभाग नियमों का कड़ाई से पालन करें और अतिरिक्त सावधानी बरते। स्मार्ट पुलिसिंग के लिए तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड नवोदित राज्य है। प्रदेश 22वें साल में पहुंच गया है ऐसे में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि एसओजी, एसटीएफ, साइबर सेल जैसे अलग-अलग शाखाओं में काम करने वाले पुलिसकर्मियों की स्पेशल ट्रेनिंग कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पुलिसकर्मियों के कोविड काल में किए गए कार्यों को प्रोत्साहित करते हुए 10 हज़ार रुपए की सम्मान राशि दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1700 कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया गतिमान है सरकार आगे भी पुलिस जवानों की भर्ती प्रक्रिया कराएगी। उन्होंने कहा कि आईआरबी 3 बटालियन के गैरसैंण में गठन के लिए जो प्रस्ताव आया है, सरकार उसका परीक्षण करवाएगी।
अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतृष्टि के भाव से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान हमेशा फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में काम करते हैं और चार धाम में भी पुलिस अपनी भूमिका बखूबी निभा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी यात्रियों के साथ विनम्रता का व्यवहार करें ताकि उत्तराखण्ड की छवि और बेहतर बनाया जा सके। अपर मुख्य सचिव ने पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों पर विशेष ज़ोर देते हुए उनके कल्याण हेतु महत्वपूर्ण कदम उठाने के सुझाव दिए। कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने आईआरबी के गठन, उसके उपयोग एवं भविष्य के कार्य योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान विधायक सहसपुर सहदेव सिंह पुंडीर, एडीजी पी.वी.के. प्रसाद समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मां के साथ मारपीट करने वाला कुपुत्र हुआ गिरफ्तार

अपनी मां के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि कुसुमलता शर्मा पत्नी कालूराम निवासी मनसा देवी गुमानीवाला, ऋषिकेश ने मार्च माह में पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके बेटे शुभम शर्मा ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। महिला ने अपने बेटे पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शुभम शर्मा को मनसा देवी पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

दो जगह बदले एटीएम, खाते से निकाले पैसे, मुकदमा

कोतवाली पुलिस के मुताबिक आलम सिंह नेगी पुत्र स्व. भजन सिंह नेगी निवासी गुड्डू प्लांट श्यामपुर ऋषिकेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 6 मई 2022 को समय 11.30 बजे पीएनबी एटीएम में चार-पांच लड़कों ने धोखे से एटीएम बदलकर उनके खाते से पैसे निकाल लिए।

वहीं, छोटे लाल गुप्ता निवासी गली नंबर एक, मीरा नगर आईडीपीएल ऋषिकेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 6 मई को उनकी पुत्री किरण पीएनबी एटीएम से पैसे निकालने की गई थी। बताया उनकी पुत्री ने अज्ञात व्यक्तियों से पैसे निकालने में मदद मांगी तो एटीएम बदलकर उनके बैंक खाते से तीन बार में ₹25000 रुपये निकाल लिए गए। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रायवाला थाना गेट और सत्यनारायण मंदिर समीप खुली पुलिस पर्यटक चौकी, सीओ ने किया शुभारंभ

चारधाम यात्रा शुरू होने पर तीर्थयात्रियों की सहायता व मार्गदर्शन के लिए रायवाला थाना क्षेत्र में दो पुलिस पर्यटक चौकी की स्थापना की गई। इन चौकी पर चारधाम यात्रा शुरू होने पर तीर्थयात्रियों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए रायवाला थाना क्षेत्र में दो पुलिस पर्यटक चौकियों की स्थापना की गई। इन चौकियों पर दिन अैर रात हर समय पुलिस तैनात रहेगी।

आज पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश दिनेश चंद्र ढौंडियाल ने रिबन काटकर पुलिस पर्यटक चौकियों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा मित्र पुलिस पर्यटकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में भी हरसंभव मदद करेगी। एक केंद्र रायवाला थाने के बाहर और दूसरा केंद्र श्री सत्यनारायण मंदिर पर खोला गया। थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर तीन-तीन जवानों को तैनात किया किया गया है। उन्हें सेनेटाइजर, मास्क और चारधाम यात्रा का रूट मैप दिया गया है।

प्रत्येक कार्मिक कार्यालय में समय पर आएंः अपर मुख्य सचिव सीएम

अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बेहतर कार्य संस्कृति विकसित किये जाने हेतु मुख्यमंत्री सचिवालय में तैनात प्रत्येक कार्मिक से यह अपेक्षा की है कि वे प्रातः 9ः30 बजे अपने कार्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित करें। इस हेतु आवश्यक है कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वयं अथवा अपने अधीनस्थों से सम्बन्धित निजी स्टाफ / अनुभागों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाय। यदि कोई कार्मिक 3 दिन कार्यालय में विलम्ब से उपस्थित पाया जाता है तो सम्बन्धित कार्मिक के विरूद्ध अनुशासनिक कार्यवाही हेतु संस्तुति सचिवालय प्रशासन विभाग को अग्रसारित की जायेगी।

अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री राधा रतूड़ी ने मुख्यमंत्री कार्यालय से संबद्ध सभी सचिवों, प्रभारी सचिव से कार्मिकों की कार्यालयों में समय पर उपस्थिति की निरीक्षण आख्या भी नियमित रूप से उपलब्ध कराए जाने की भी अपेक्षा की है।

पत्नी को डराने को पति ने दिखाया तमंचा, अरेस्ट


आज दोपहर को पुलिस को गंत्रोत्री कॉलोनी निवासी गली नंबर 4, गुमानीवाला, श्यामपुर निवासी लक्ष्मी शहा ने पुलिस को सूचना दी कि उसका अपने पति अजय शाह से पारिवारिक विवाद कोर्ट में चल रहा है। आज उसका पति एक तमंचा लेकर घर पहुंचा और गोली हवा में झोंक दी। जिसके के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत लिया।

पूछताछ में पता चला कि पति और पत्नी के बीच अनबन चल रही है। मामला फैमिली कोर्ट ऋषिकेश में चल रहा है। बुधवार को महिला का पति अपने चार वर्षीय बेटे को मिलने गुमानीवाला पहुंचा था। इस दौरान उसने डराने के इरादे से गोली हवा में फायर कर दी।

कोतवाल ने बताया कि आरोपी अजय शाह पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी सुभाष नगर , बनखंडी ऋषिकेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिस पर बिना लाइसेंस अवैध देसी तंमचा रखने पर आर्म्स ऐक्ट में केस दर्ज किया है। कोर्ट में पेश करने की प्रकिया चल रही है।

मास्क पहनना देहरादून में आवश्यक, जुर्माने का भी प्रावधान

उत्तराखंड में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए देहरादून प्रशासन ने दिशा निर्देश जारी किए हैं।

आदेश में कहा है कि कोविड-19 संक्रमण के मामलों में हो रही बढ़ोतरी के मद्देनजर संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रत्येक व्यक्ति के लिए पूर्व की भांति सार्वजनिक स्थानों एवं घर के बाहर मास्क, गमछा, रुमाल, दुपट्टा, स्कार्फ पहनना अनिवार्य कर दिया है।

साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर थूकना एव॔ उक्त आदेश का उल्लंघन करने पर उत्तराखंड राज्य महामारी कोविड-19 संशोधन नियमावली 2019 व्यवस्थाओं के अनुरूप ₹500 से ₹1000 तक जुर्माने का प्रावधान किया है उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश जिला मजिस्ट्रेट देहरादून आर राजेश कुमार ने जारी करते हुए रिज उप जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

कोतवाली ऋषिकेश ने तीन महिलाओं को ठगी के आरोप में किया अरेस्ट

कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते रोज पुलिस को सूचना मिली कि झंडा चौक स्थित एक दुकान पर लोगों ने दो महिलाएं पकड़ी हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो शॉप मालिक रविंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया उनकी मुखर्जी मार्ग पर अग्रवाल ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार को उनकी दुकान पर दो महिला आई। उन्होंने पुराना नकली चांदी के जेवर के बदले असली चांदी के एक मंगलसूत्र 2 चेन, 2 जोड़ी पायल ठग लिए। उन्होंने महिलाओं पर आभूषण मिलने का शक जताया। जिस पर पुलिस ने महिलाओं की तलाशी ली, उसके पास से ठगी का माल बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में एक ओर महिला का सामने आया। जिस पर पुलिस ने महिला की गिरफ्तारी को क्षेत्र में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। जिसे संयुक्त यात्रा बस अड्डे से पुलिस ने पकड़ लिया। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की आरोपियों की पहचान रेखा पत्नी स्व. मनोज, संगीता उर्फ पूनम पत्नी राजकुमार, मधु उर्फ संध्या पत्नी लाखन सिंह सभी निवासी झुना पुरिया पुलिस चौकी, केशवनगर, जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

ताइक्वांडो विजेताओं को कृषि मंत्री ने किया पुरस्कृत

दिल्ली पब्लिक स्कूल देहरादून में ताइक्वांडो की अंतर विद्यालयी जोनल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कृषि मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। विद्यालय के प्रधानाचार्य वीके सिंह ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। प्रतियोगिता के आयोजन का शुभारंभ योगासन ताइकांडो और नृत्य प्रस्तुतियों से किया गया।

इस अंतरविद्यालयी जोनल प्रतियोगिता में देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, नजीबाबाद, मेरठ और बिजनौर के क्षेत्र के 300 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। सभी का स्वागत करते हुए प्रधानाचार्य ने कहा कि हमारे बीच ऐसे ऊजावान व्यक्तियों की उपस्थिति हमारे खिलाड़ि़यों के उत्साहवर्धन में अवश्य ही सहायक होती है। साथ ही खेल हमें जीवन में लगातार प्रयास करने के लिए प्रेरित करने का माध्यम होते हैं।

विजेताओं को प्रमाणपत्र और ट्रॉफी प्रदान करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि ऐसी ओपन प्रतियोगिताएं विद्यालयी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने में सहायक होती हैं। क्या पता इनमें से कौन सा खिलाड़ी कल हमारे देश का प्रनिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करता हुआ नजर आ जाए। इसलिए ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन और बड़े स्तर पर करने का प्रयास करना चाहिए। इस प्रतियोगिता में ताइक्वांडो के टेक्निकल डायरेक्टर मास्टर गगन सिंह भंडारी टेक्निकल मास्टर वर्ल्ड ताइक्वांडो भी उपस्थित रहे।

लड़कों के 37 किलाग्राम वर्ग में सूजल, कृष्णा तथा अर्पित ने क्रमशः स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक जीते। 45 किलाग्राम वर्ग में अनिरुद्ध हर्षित तथा 54 किलाग्राम वर्ग में सुमेर और सबीर ने क्रमशः स्वर्ण, रजत पदक जीते। वहीं लडकियों की 35 किलाग्राम वर्ग में साक्षी, नैना और हर्षित ने तथा 26 किलोग्राम वर्ग में स्वाति नेगी, अश्वी सिंह और विदुशी ने क्रमशः स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक जीते। प्रतियोगिता में फाईट वर्ग में नजीबाबाद ने प्रथम दिल्ली पब्लिक स्कूल देहरादून ने दूसरा और ऋषिकेश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं कुम्से वर्ग में हरिद्वार ताइक्वांडो ने प्रथम और पतंजली स्कूल हरिद्वार ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के शारीरिक शिक्षा अध्यापक श्री संदीप सैनी ने सभी उपस्थित महानुभावों का धन्यवाद ज्ञापित किया।