सीएम ने 528 ईडब्ल्यूएस आवासों के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को सिडकुल, हरिद्वार में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हरिद्वार रूड़की विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 42 करोड़ लागत की इन्द्रलोक आवास योजना (भाग-2) में 528 ई.डब्ल्यू.एस. आवासों के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सीतापुर पेयजल योजना कुल लागत 75 करोड़, बहादराबाद पेयजल योजना कुल लागत 40 करोड़, रावली महदूद पेयजल योजना कुल लागत 13 करोड़, सलेमपुर महदूद रोशनाबाद की पेयजल योजना लागत 12 करोड़ तथा औरंगाबाद की 4 करोड़ लागत की पेयजल योजना जल्द शुरू होगी। धीरवाली ज्वालापुर में 1 करोड़ 65 लाख की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। तपोवन ज्वालापुर में पेयजल हेतु नलकूप का निर्माण किया जाएगा। जगजीतपुर में 350 करोड़ की लागत से बनने वाले मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। जगजीतपुर सीतापुर, टिहरी विस्थापित, सुभाषनगर आदि में सीवर लाइन डालने का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। सिडकुल में ईएसआईसी अस्पताल के लिए केन्द्र सरकार से 293 करोड़ रूपये स्वीकृत कराये गये हैं, जिसका निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू कराया जाएगा। सिडकुल सहित सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। नगर पालिका शिवालिक नगर में वार्ड नं 13 के अंतर्गत नवोदय नगर में इण्टर कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। द्वारिका विहार जगजीतपुर में पेयजल हेतु मिनी ट्यूबवेल का निर्माण कराया जाएगा। द्वारिका विहार सीतापुर में पेयजल हेतु मिनी ट्यूबवेल का निर्माण कराया जाएगा। सिडकुल हाइवे के दोनों ओर पानी की निकासी हेतु नाले का निर्माण कराया जाएगा। बहादराबाद में घाट का सौन्दर्यीकरण किया जायेगा। रानीपुर विधायक व शिवालिक नगरपालिका चेयरमैन की मांग पर एक छठ घाट व पार्क विकसित किया जायेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का शिलान्यास किया उनमें राज्य योजना वर्ष 2021-22 के अन्तर्गत जनपद हरिद्वार के विधानसभा क्षेत्र बीएचईएल रानीपुर में सिडकुल फोरलेन के पास महादेवपुरम 2 की आन्तरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा निर्माण व नाली निर्माण कार्य (लम्बाई 1.42 किमी, लागत 94.75 लाख), बीएचईएल रानीपुर में सिडकुल चार लेन से हनुमन्त एन्कलेव व राजपूत विहार की ओर पीसी द्वारा सड़क का नाली सहित निर्माण कार्य (लम्बाई 1.50 किमी, लागत 63.66 लाख), बीएचईएल रानीपुर के सीतापुर में शुभम विहार व द्वारिका विहार की मुख्य सड़क का जमालपुर की ओर तक इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा निर्माण कार्य (लम्बाई 0.86 किमी, लागत 59.17 लाख), जगजीतपुर में सन्ता एन्कलेव से एचईसी कॉलेज तक सड़क का इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा मार्ग निर्माण कार्य (लम्बाई 0.90 किमी, लागत 54.43 लाख), बीएचईएल रानीपुर में नवोदय नगर की आन्तरिक सड़कों का पीसी द्वारा निर्माण कार्य (लम्बाई 3.00 किमी, लागत 98.21 लाख), नेहरू कॉलोनी में आन्तरिक सड़कों का सीसी ट्रमिक्स द्वारा निर्माण व नाली निर्माण कार्य (लम्बाई 1.32 किमी, लागत 184.21 लाख), बिहारीगढ़ मोटरमार्ग के किमी 4 स्थित ग्राम आन्नेकी में मेन रोड़ से एलन क्लास इण्ड्रस्ट्री तक इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा निर्माण तथा नाली का निर्माण कार्य (लम्बाई 1.25 किमी, लागत 84.43 लाख), रोशनाबाद में आईएमसी चौक से नवोदय नगर की शिव रतन सिटी तक एसडीबीसी द्वारा निर्माण कार्य (लम्बाई 3.20 किमी, लागत 58.72 लाख), रोशनाबाद से नवोदय चौक की ओर जाने वाले मार्ग का इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा नाली सहित निर्माण कार्य (लम्बाई 0.60 किमी, लागत 72.98 लाख), रामनगर कॉलोनी में आन्तरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा नाली सहित निर्माण कार्य (लम्बाई 0.70 किमी, लागत 51.76 लाख), ग्राम आन्नेकी की आन्तरिक सड़कों का इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा निर्माण तथा नाली निर्माण कार्य (लम्बाई 0.68 किमी, लागत 54.32 लाख), सिद्धार्थ एन्कलेव से खालसा कालोनी की ओर जाने वाले मार्ग का इंटरलॉकिंग टाईल्स द्वारा नाली सहित निर्माण कार्य (1.00 किमी, लागत 73.00 लाख), शिवालिक नगर के एच-कलस्टर व क्यू-कलस्टर की आन्तरिक सड़कों का एसडीबीसी द्वारा नवीनीकरण का कार्य (लम्बाई 4.52 किमी, लागत 70.14 लाख) का शिलान्यास किया शामिल है। मुख्यमंत्री ने नवोदय नगर वार्ड नं 13 गली नं 7 में छठ मईया पार्क के सौन्दर्यीकरण का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि चार महीने के कार्यकाल में उन्होंने अपना प्रत्येक क्षण प्रदेश की जनता को समर्पित किया है। इस अवधि में राज्य सरकार ने प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिये लगभग 400 निर्णय लिये हैं।
सिड़कुल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी की उत्तराखण्ड राज्य को उद्योग के क्षेत्र में विशेष पैकेज के अंतर्गत दी गयी सौगात है। उन्होंने कहा कि तब राज्य के मुख्यमंत्री स्व नारायण दत्त तिवारी थे, जिन्होंने उत्तराखण्ड राज्य के विकास के लिए काफी कार्य किया।
राज्य स्थापना दिवस का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इसे महोत्सव के रूप में मना रहे हैं। हमने उत्तराखण्ड राज्य की पांच महान विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार के लिए चयनित किया है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री स्व नारायण दत्त तिवारी, सुश्री बछेन्द्री पाल, लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी, लेखक रस्किन बान्ड, पर्यावरणविद् अनिल जोशी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार नई खेल नीति लेकर आ रही है, जिसमें प्रतिभावान खिलाड़ियों को हर सम्भव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि वे अपने हर क्षण का उपयोग प्रदेश के विकास में करेंगे। उन्होंने कहा कि सबके सम्मिलित प्रयासों से वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड देश का नम्बर वन राज्य बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जगजीतपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द ही शुरू होगा तथा सिड़कुल क्षेत्र की सड़कों को भी गड्डा मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और सन्तुष्टीकरण के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समस्या कोई भी हो, हम उसका सरलीकरण करके, उसका समाधान व निस्तारण करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। आने वाले समय में उत्तराखण्ड को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक राज्य के रूप विकसित किया जायेगा। इस अवसर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण के संरक्षण के लिये रुद्राक्ष का पौधा भी रोपित किया।
इस अवसर पर विधायक रानीपुर आदेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जब से राज्य की बागडोर संभाली है, तब से पूरे प्रदेश में एक नये उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आते ही इस क्षेत्र की जितनी भी योजनाएं पाइपलाइन में थी, उनको अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।
राजीव शर्मा, अध्यक्ष नगर पालिका शिवालिक नगर ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने चार माह के कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों में ऐतिहासिक निर्णय लिये हैं।
कार्यक्रम में लक्सर विधायक संजय गुप्ता, जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, जिलाध्यक्ष भाजपा डॉ जयपाल सिंह चौहान, महामंत्री विकास तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ योगेन्द्र सिंह रावत, सहित संबंधित अधिकारीगण एवं पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

सीएम ने किया उतराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के बहादराबाद स्थित उतराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा संस्कृत शिक्षा को बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों से उनका विशेष लगाव रहा है, उनका काफी समय लखनऊ विश्वविद्यालय में बीता है, जब भी किसी विश्वविद्यालय का कोई कार्यक्रम होता है, तो वे अपने आप को जाने से रोक नहीं पाते हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृत विश्व में सभी भाषाओं की जननी है। पूरी दुनिया में जब शिक्षा अथवा ज्ञान का उजाला नहीं हुआ था तब हमारे भारत में तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालय विद्यमान थे। उस वक्त पूरी दुनिया को ज्ञान देने का कार्य अगर किसी ने किया तो वह भारत भूमि ने किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री का मजबूत नेतृत्व मिला है। पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान स्वाभिमान बढ़ाने का कार्य प्रधानमंत्री कर रहे हैं। योग दिवस को आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रही है। प्रधानमंत्री ने 5 नवंबर को केदारनाथ में 400 करोड़ रुपए के कार्य का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। जल्द ही हम केदारनाथ मंदिर केबल कार द्वारा जा सकेंगे। सिखों के पवित्र धाम हेमकुंड साहेब को भी रोपवे से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह आदि गुरु शंकराचार्य ने पूरे भारत को उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया उसी तरह आज प्रधानमंत्री विकास रूपी सूत्र में पूरे देश को एक साथ जोड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2025 के लिए राज्य का विजन रखा है, इस विजन को पूरा करने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। वर्ष 2025 में 25 साल का राज्य युवा राज्य होने के साथ ही देश का श्रेष्ठ, उत्कृष्ट एंव आदर्श राज्य होगा, इस दिशा में वचनबद्ध एंव दृढ़ संकल्पित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत विश्वविद्यालय के स्टॉफ को सातवे वेतन आयोग के वेतनमान व एरियर भुगतान संबंधी दिक्कत को जल्द समाधान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षा में रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक संजय गुप्ता, आदेश चौहान, कुलपति प्रो देवी प्रसाद त्रिपाठी, कुलपति गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय डॉ रूप किशोर शास्त्री, कुलसचिव संस्कृत विश्वविद्यालय गिरीश कुमार अवस्थी आदि मौजूद रहे।

हरिद्वार ग्रामीण में विकास कार्यों के लिए धामी ने दी कई सौगातें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्राम्य विकास विभाग द्वारा रूपराज पैलेस, शाहपुर शीतलाखेड़ा, हरिद्वार में महिला स्वयं सहायता समूहों की एक दिवसीय कार्यशाला में प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगायी गयी विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की भी सराहना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की, कि लालढांग क्षेत्र में झूला पुल का निर्माण किया जायेगा। बहादरपुर जट में एक डिग्री कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। लालढांग के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा तथा जनपद हरिद्वार में प्रदेश स्तरीय किसान भवन का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाये गये बहुत सारे उत्पाद बाजारों में बिक नहीं पाये, हमारी सरकार स्वयं सहायता समूह, जो स्वरोजगार योजनाओं को चला रही हैं, उनकी सहायता के लिये आगे आई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों को दिये जाने वाले ऋण पर ब्याज की प्रतिपूर्ति हेतु कुल 1451 स्वयं सहायता समूहों को रू0 111.2749 लाख बटन डिजिटल माध्यम जारी किये।
कार्यक्रम में कोरोना महामारी से प्रभावित शंकुल स्तरीय संगठनों (सीएलएफ) के आर्थिक सुदृढ़ीकरण हेतु मुख्यमंत्री द्वारा कुल 14 सीएलएफ को पांच-पांच लाख रूपये की आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किये गये। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों को प्रमाण पत्र तथा स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने वाले बैंकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कोरोना महामारी में अपने रोजगार से प्रभावित कुल 3128 स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक मजबूती दिये जाने के उद्देश्य से पूर्व घोषित 06 माह तक प्रतिमाह रूपये 2000/ की किस्त के हिसाब से 3 माह हेतु रूपये 6000/ की धनराशि के चेक भी वितरित किये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उज्जवला योजना लेकर आये, जिसके तहत महिलाओं को गैस का चूल्हा दिया गया। प्रधानमंत्री ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं अभियान शुरू किया, जिससे बालक-बालिकाओं में असमानता दूर हुई है। मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसका लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रतिवर्ष 5 लाख रूपये का इलाज मुफ्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक साढ़े तीन लाख लोग इस योजना के तहत लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना में अब कई गम्भीर बीमारियों का इलाज भी शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर को नल से जल योजना के तहत वर्ष 2023 तक हर घर को स्वच्छ जल मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना के तहत केवल एक रुपये में कनेक्शन दिया जाएगा। जबकि शहरी क्षेत्रों में 100 रू. में कनेक्शन की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जितनी घोषणाएं करेंगे, उनको पूरा भी करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के तीन मंत्र है, सरलीकरण, समाधान तथा निस्तारण। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि प्रत्येक कार्यालय दिवस में प्रातः 10 से 12 बजे तक उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याओं का निराकरण करें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा तथा उत्तराखण्ड की हर व्यवस्था विश्व स्तरीय होगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर उनको सादर नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में ग्राम्य विकास मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को हर क्षेत्र में कैसे मजबूत किया जाए, कैसे उनके बनाये उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराया जाए, इसके लिए हमारी सरकार लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर विधायक लक्सर संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री को स्थानीय समस्याओं से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम में विधायक खानपुर कुंवर प्रणय सिंह चौम्पियन, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, विधायक ज्वालापुर सुरेश राठौर, विधायक रूड़की प्रदीप बत्रा, विधायक-झबरेड़ा देशराज कर्णवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा डॉ. जयपाल सिंह चौहान, चेयरमेन नगर पालिका लक्सर अम्बरीष गर्ग जिला महामंत्री विकास तिवारी, अपर सचिव/आयुक्त ग्रामीण विभाग आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी हरिद्वार विनय शंकर पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत सहित पदाधिकारीगण एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

दक्ष मंदिर में पूजा अर्चना के बाद स्वामी अवधेशानंद गिरी का आशीर्वाद लेने पहुंचे सीएम

अपने हरिद्वार भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा मायापुर हरिद्वार पहुंचकर महन्त रविन्द्र पुरी एवं दक्षिण काली पीठ के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द ब्रह्मचारी से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात् हरिद्वार स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट की।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने कनखल स्थित दक्ष मंदिर में पूजा अर्चना की तथा कनखल में हरिहर आश्रम पहुंचकर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज तथा जगतगुरु आश्रम में जगतगुरू शंकराचार्य राजराजेश्वरानंद से भी आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके उपरांत शान्तिकुंज पहुंचकर डॉ. प्रणव पण्डया से भेंटवार्ता कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी उपस्थित थे।

सीएम ने मां गंगा की पूजा अर्चना कर की प्रदेश की खुशहाली की कामना


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरकी पैड़ी हरिद्वार में मां गंगा की पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने इस अवसर पर संत महात्माओं को सम्मानित कर उनका भी आर्शीवाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गंगा हमारी जीवन दायिनी है, हमारी आस्था, श्रद्धा एवं विश्वास का भी प्रतीक है। गंगा हमारे जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हम सबके सामुहिक प्रयासों से उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास में सफल होंगे। समाज के अन्तिम पक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिये हम सतत प्रयत्नशील रहेंगे।

मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के पश्चात् मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहली बार हरिद्वार पधारे। हरकी पैड़ी पर गंगा पूजा से पूर्व मुख्यमंत्री का भानियावाला, छिद्दरवाला, रायवाला, हरिपुरकला, भोपतवाला में बड़ी संख्या में आम जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओ द्वारा भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सभी का आभार जताते हुए जन अपेक्षाओं के अनुरूप समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे जन अपेक्षाओं को पूर्ण करने के लिये निरन्तर प्रयासरत रहेंगे। छिद्दरवाला में मुख्यमंत्री का स्वागत क्षेत्रीय जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा भी किया गया।

हर की पैड़ी में गंगा पूजन के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्य, स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक प्रणव सिंह चैम्पियन, सुरेश राठौर, प्रदीप बत्रा, आदेश चैहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, स्वामी चिदानंद मुनि, गंगा सभा अध्यक्ष प्रदीप झा के साथ सभी अखाड़ों के संत महात्मा उपस्थित थे।

राजकीय मेला चिकित्सालय तथा दूधाधारी बाबा बर्फानी (कोविड चिकित्सालयों) का सीएम ने किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने राजकीय मेला चिकित्सालय तथा दूधाधारी बाबा बर्फानी कोविड हॉस्पिटलों का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने करीब 970.74 लाख रूपये लागत की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण भी किया।

कोविड अस्पतालों के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पीपीई किट पहनकर कोविड मरीजों से मिले तथा उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा सन्तोष व्यक्त किया। उन्होंने पूरे मेडिकल स्टाफ के कार्य करने की शैली की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार कोविड की रोकथाम के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और महामारी के खिलाफ लड़ाई में जनमानस के बचाव के लिए संकल्पित है। उन्होंने अन्य लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कोविड के खिलाफ लड़ाई को मिलकर जीतना होगा। सभी को गाइडलाइन का पूरा पालन करना होगा और टीकाकरण पर भी फोकस करना होगा।

कोविड अस्पतालों का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 970.74 लाख रूपये लागत की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इसमें ग्रामीण निर्माण विभाग प्रखण्ड हरिद्वार द्वारा ई0वी0एम0 और वी0वी0पैट गोदाम का निर्माण (लागत रूपये 394.56 लाख), जिला योजना के अंतर्गत विकासखण्ड रूड़की में कार्यालय भवन का निर्माण कार्य (लागत रूपये 90.14 लाख), ग्रामीण सड़के एवं ड्रेनेज विभाग के अन्तर्गत ग्राम नागल से अबुलहसनपुर तक सड़क निर्माण कार्य (रूपये 328.63 लाख), रमसा योजना के अन्तर्गत राजकीय इण्टर कॉलेज सिकन्दरपुर भैंसवाल में 03 कक्षा कक्ष, 01 बालक एवं 02 बालिका शौचालय का निर्माण (लागत रूपये 69.39 लाख), रमसा योजना के अंतर्गत राजकीय इण्टर कॉलेज शहीद एम0एस0 गैण्डीखाता में 02 कक्षा कक्ष, बालक शौचालय एवं 02 बालिका शौचालय का निर्माण (लागत रूपये 50.76 लाख) तथा रमसा योजना के अन्तर्गत राजकीय इण्टर कॉलेज सलेमपुर में 02 कक्षा कक्ष का निर्माण (लागत रूपये 37.26 लाख) योजनाओं का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आई0टी0सी0 की ग्रीन टैम्पिल योजना का भी शुभारम्भ किया।

लोकार्पण समारोह के पश्चात तीरथ सिंह रावत ने मेला नियंत्रण भवन के सभागार में एक समीक्षा बैठक ली, जिसमें जिलाधिकारी सी. रविशंकर ने मुख्यमंत्री को हरिद्वार जनपद में कोविड-19 तथा आपदा के क्षेत्र में क्या-क्या कार्य किये जा रहे हैं। के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर क्षेत्रीय जन-प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं के बारे में भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 तथा आपदा के क्षेत्र में हरिद्वार जनपद द्वारा किये जा रहे कार्यों पर सन्तोष व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिक से अधिक टेस्टिंग करने, वैक्सीनेशन के सम्बन्ध में अगर कहीं कोई भ्रम की स्थिति है तो, जागरूकता अभियान चलाकर, उसे दूर करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि तीसरी लहर की बात कही जा रही है, जिसके लिये हमारी पूरी तैयारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि डेंगू के बचाव के लिये सभी उपाय अभी से करने प्रारम्भ कर दें ताकि डेंगू को जड़ से खत्म किया जा सके। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कहीं कोई कमी नहीं है।

तीरथ सिंह रावत ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि बाढ़ आदि आपदाओं के लिये अभी से तैयारी करना प्रारम्भ कर दें। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्यमंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन कौशिक, विधायक खटीमा पुष्कर धामी, विधायक ज्वालापुर सुरेश राठौर, रानीपुर विधायक आदेश चैहान, विधायक रूड़की प्रदीप बत्रा, विधायक खानपुर कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन, विधायक झबरेड़ा देशराज कर्णवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा जयपाल सिंह चैहान, अमीलाल वाल्मीकि, अम्बरीश गर्ग, जिलाधिकारी हरिद्वार सी. रविशंकर, एसएसपी हरिद्वार सैंथिल अबुदई कृष्णराज एस, सीडीओ हरिद्वार सौरभ गहरवाल, सीएमओ हरिद्वार एसके झा आदि उपस्थित रहे।

हरिद्वार कोविड पोर्टल और प्री-पेड एंबुलेंस सर्विस को सीएम ने दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने हरिद्वार पहुंचकर उत्तराखंड सरकार एवं पतंजलि योगपीठ के संयुक्त प्रयासों से संचालित हो रहे हैं 140 क्षमता के कोविड अस्पताल का विधिवत शुभारंभ किया। इस अस्पताल में 140 ऑक्सीजन बेड, 10 इमरजेंसी बेड, 4 वेंटीलेटर की व्यवस्था है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कोविड पोर्टल और प्री-पेड एंबुलेंस सर्विस को भी हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। पतंजलि योगपीठ के सहयोग से संचालित होने वाले अस्पताल में स्टाफ, सफाई, ठहरने भोजन, दवाओं इत्यादि की व्यवस्था भी पतंजलि योगपीठ द्वारा की जाएगी।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि हरिद्वार में संचालित होने वाले इस कोविड अस्पताल का लाभ आस पास के जिलों के लोग भी ले सकेंगे, मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में हम सबको कोविड-19 गाइडलाइन का अक्षररूश पालन करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कोरोना से लडने के लिए कारगर कदम उठा रही है। प्रदेश में 18 साल से ऊपर के लोगों के लिए निशुल्क कोरोना वैक्सीन की व्यवस्था की गई है, उन्होंने कहा कि इस पूरे अभियान में 400 करोड़ से ज्यादा का खर्च आएगा।’

’मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगातार वेंटिलेटर की संख्या बढ़ाई जा रही है। आईडीपीएल ऋषिकेश में एवं सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में 500- 500 बैड के 2 अस्थाई अस्पताल अगले कुछ दिनों में तैयार हो जाएंगे जिसके लिए हमने डीआरडीओ के लिए 40 करोड़ जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही हल्द्वानी सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज में अगले कुछ दिनों में ऑक्सीजन टैंक स्थापित किया जा रहा है।हिमालयन इंस्टीट्यूट जॉली ग्रांट में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने हेतु भारत सरकार से आग्रह किया गया है, जिसका सकारात्मक जवाब मिला है उम्मीद है कि जल्द ये स्थापित हो जाएँगे।’

इस दौरान पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव ने कोरोना महामारी को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चैहान, हरिद्वार मेयर अनीता शर्मा एवं पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण मौजूद रहे।

महाकुंभ का मुख्य शाही स्नान सफलता पूर्वक सम्पन्न


कुम्भ मेला का मुख्य शाही स्नान सकुशल और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो गया। मेष संक्रांति के स्नान पर विगत के कुम्भ मेलों में घटित कुछ अप्रिय घटनाओं के इतिहास एवं कोविड की अभूतपूर्व चुनौतियों को देखते हुए शाही स्नान को सुव्यवस्थित व निर्विघ्न संपन्न कराना एक बड़ी चुनौती माना जा रहा था। इन चुनौतियों के बीच मुख्य शाही स्नान बिना किसी अप्रिय घटना के सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। सायं तक 13 लाख 51 हजार श्रद्धालु कुम्भ क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर स्नान कर चुके थे।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कुम्भ मेले के मुख्य शाही स्नान के सकुशल सम्पन्न होने पर मेले से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों, स्वयं सेवी संस्थाओं सहित सभी जनमानस को बधाई देते हुए हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 की चुनौतियों का सामना करते हुए मेले से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मिकों ने जिस मनोयोग से कुम्भ की व्यवस्थाओं को संभाला तथा देश-विदेश के श्रद्वालुओं को सुविधाएं उपलब्ध करायी, वह सराहानीय है। शाही स्नान सकुशल सम्पन्न होने से राज्य सरकार की दिव्य-भव्य एवं सुरक्षित कुम्भ की परिकल्पना भी साकार हुई है। मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेले से सफल आयोजन का सामूहिक प्रयासों का भी नतीजा बताते हुए साधु-संतों, अखाडों, मेला क्षेत्र की जनता, व्यापारियों, गंगा सभा, तीर्थ पुरोहितों, मीडियाकर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों आदि का भी अत्यधिक उल्लेखनीय सहयोग रहा है। जिसके लिए सभी लोग बधाई के पात्र है।

मेला अधिकारी दीपक रावत ने शाही स्नान सम्पन्न होने के बाद मीडिया सेंटर कुम्भ मेला में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले कुम्भ मेलों के बैसाखी के शाही स्नानों में कुछ छोटी मोटी घटनाएं हुई थी, इसलिए मेला प्रशासन व पुलिस के आपसी सहयोग से इसे सफल बनाने की पूरी कोशिश की थी और इसमें हम सब सफल रहे। उन्होंने इस सफलता के लिए पुलिस, स्वयंसेवी संस्थाओं व सफाई कर्मियों के अलावा व्यापारी व आम जनता का भी आभार प्रकट करते हुए कहा कि थोड़ी बहुत परेशानी के बावजूद उन्होंने पूरे दिल से प्रशासन का साथ दिया। उन्होंने बताया कि कोरोना के मध्यनजर जिला स्वास्थ्य विभाग व मेले में जुड़ी अन्य एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 50 हजार टेस्ट हो रहे हैं।

पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल ने बताया कि मेला क्षेत्र की सीमाओं पर श्रद्धालुओं के कोबिड सर्टिफिकेट की सघन जांच हो रही है, जिस कारण सर्टिफिकेट न होने पर अब तक 56 हजार श्रद्धालुओं को सीमा से ही वापस लौटाया जा चुका है। उन्होंने शाही स्नान को सफलता से आयोजित करने में राज्य की पुलिस सहित केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बलों, अन्य राज्यों की पुलिस एवं पी.एस.सी., होमगार्ड्स आदि की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि इस बार पुलिस, केन्द्रीय सुरक्षाबलों के अतिरिक्त पहली बार एन.एस.जी को भी तैनात किया गया था। कोरोना काल के बावजूद शाम तक करीब 13 लाख 51 हजार लोग गंगा में पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुम्भ मेला जनमेजय खण्डूड़ी नेग मेला में सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
नोडल अधिकारी सूचना मनोज श्रीवास्तव ने देशभर के मीडिया के साथ साथ स्थानीय मीडिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि खासकर स्थानीय मीडिया ने मेला प्रशासन के मिलकर एक मेजबान की भूमिका भी निभाई और कुम्भ की महत्ता को पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री तीरथ ने वर्चुअली प्रेसवार्ता कर दी शाही स्नान को लेकर अपडेट

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि हरिद्वार महाकुंभ 2021 के दूसरे शाही स्नान का आयोजन भी कोविड 19 की गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए दिव्यता व भव्यता के साथ संपंन हो गया है। सुरक्षित और सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी सहयोगियों का आभार।

सचिवालय में पत्रकारों से वर्चुअली बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हुए शाही स्नान में अखाड़ों के संत समाज से लेकर लाखों की तादाद में श्रद्धालुओं ने हरिद्वार कुंभ 2021 में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। उन्होंने प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार बताया सोमवती अमावस्या पर हुए दूसरे शाही स्थान को लेकर श्रद्धालुओं में बहुत उत्साह रहा। सुबह आठ बजे तक ही 15 लाख श्रद्धालू स्नान कर चुके थे। वहीं सायं 6 बजे जो आंकड़ा आया है उसमें स्नान करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 28 लाख पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी उम्मीद है कि शाही स्नान के समापन तक करीब 35 लाख श्रद्धालु स्नान कर लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड की विपरीत परिस्थितियों में हो रहे कुंभ के आयोजन में चुनौतियां बहुत हैं। लेकिन हमारी सरकार ने उस चुनौती का स्वीकार किया है और कुंभ को दिव्यता और भव्यता के साथ सुरक्षित ढंग से संपंन कराया जा रहा है। कहा कि मेले में संत समाज की हर सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उनके स्वागत में कोई कमी नहीं है। किसी श्रद्धालू को भी कहीं परेशानी का सामना ना करना पड़े इसका अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ में व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के लिए हर अखाड़े के स्नान का समय निर्धारित है। और श्रद्धालुओं के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में टीका उत्सव के लिए व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं। और टीकाकरण को जनपद से लेकर ब्लाक व न्याय पंचायत स्तर पर कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। कहा कि टीकाकरण को लेकर अन्य प्रांतों की अपेक्षा हम बहुत बेहतर स्थिति में हैं। इसके लिए भारत सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री ने उन्होंने हृदय से आभार जताया।

हरिद्वारः नेपाल के राजा ने की हरिद्वार महाकुंभ में शिरकत

हरिद्वार महाकुंभ में नेपाल के राजा ज्ञानेन्द्र बीर बिक्रम शाह के आगमन पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने राजा साहब को संदेश में कहा कि “देवभूमि उत्तराखंड और हरिद्वार कुंभ में आपका स्वागत है। आप साधु-संतों के सान्निध्य में गंगा स्नान कर कुंभ का पुण्य लाभ अर्जित करें।“

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के प्रतिनिधि के रूप में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक रणवीर सिंह चैहान ने हरिद्वार जाकर राजा ज्ञानेन्द्र बीर बिक्रम शाह को मुख्यमंत्री की ओर से पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। राजा साहब ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उत्तराखंड में निवास कर रहे नेपाली समुदाय के लोगों को संदेश भी दिया।