विस अध्यक्ष ने बनखण्डी में आतंरिक मार्गों के लिए दी विधायक निधि

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बनखंडी में जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्र में आंतरिक मोटर मार्ग के निर्माण के लिए विधायक निधि से 6 लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 50 करोड से अधिक लागत से सड़क मार्गाे का निर्माण हो चुका है। उन्होंने कहा कि विगत साढ़े 4 वर्षों में विकास प्राधिकरण के माध्यम से त्रिवेणी घाट का सौंदर्यीकरण एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पथ प्रकाश व्यवस्था एवं अनेक आंतरिक मोटर मार्गाे का निर्माण किया गया है।
विस अध्यक्ष ने कहा कि ऋषिकेश में रहने वाले टिहरी विस्थापितों की वर्षाे पुरानी मांग को पूरा करते हुए सात राजस्व ग्रामों को घोषित किया गया है, जिससे वहां के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर विस अध्यक्ष ने कहा कि ऋषिकेश राजकीय महाविद्यालय में छात्रों को प्रवेश में दिक्कतें होती थी, जिसको देखते हुए श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय का परिसर पंडित ललित मोहन शर्मा राजकीय महाविद्यालय के कैंपस स्थापित किया गया, जिससे अब छात्रों को निर्विवाद रूप से पठन-पाठन करने में सुविधा हो रही है। उन्होंने कहा है कि बैराज स्थित झील में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी कार्य योजना तैयार की गई है, इसकी विगत दिनों मुख्यमंत्री ने विधिवत घोषणा भी की है।
उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल के माध्यम से सीवरेज के लिए लगभग 500 करोड रुपए की योजनाएं संचालित की जाएगी जिसकी कार्रवाई गतिमान है। इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा है कि विकास अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है जो निरंतर ऋषिकेश विधानसभा में चल रही है इसके लिए उन्होंने जनता के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद राजेश दिवाकर, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, सुमित पवार, वरिष्ठ पार्षद शिव कुमार गौतम, रामदेव शर्मा, संजीव पाल, हरीश तिवारी, राकेश पारछा, विनोद पाल, सतीश पाल, राजेश पाल, राजू नरसिम्हा, संदीप, विनोद आदि सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

स्पीकर ने पशुलोक में आंतरिक निर्माण के लिए दी 12 लाख की विधायक निधि

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पशु लोक विस्थापित क्षेत्र में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष  प्रेम चंद अग्रवाल  ने पशुलोक क्षेत्र के आंतरिक मोटर मार्गों के निर्माण के लिए 12 लाख रुपए विधायक निधि से देने की घोषणा की जबकि क्षेत्र में 20 स्ट्रीट लाइट भी विभिन्न चौराहों पर लगाई जाएगी ।

      कहा कि पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में आंतरिक मोटर मार्ग, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था आदि के तमाम कार्य संचालित किए गए हैं, जिससे स्थानीय लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

      उन्होंने कहा है कि ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर विकास के कार्य गतिमान है जिसका श्रेय उन्होंने स्थानीय जनता को दिया। कहा कि विगत साढ़े 4 वर्षों से जिस गति में विकास के कार्य हुए हैं वह अपने आप में अभूतपूर्व है। कहा कि उन्होंने हमेशा जनता के हित को सर्वोपरि रखा है और उन्हीं हित के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

      जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि विकास अनवरत चलने वाली सतत प्रक्रिया है और उसी प्रक्रिया के तहत ऋषिकेश में विकास हो रहा है कुछ राजनीतिक दलों के नेताओं को विधानसभा में हो रहा विकास दिखाई नहीं दे रहा है।चुनाव का समय नजदीक है ऐसे में अनेक लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए तरह-तरह के आरोप प्रत्यारोप भी लगा रहे हैं ।

         उन्होंने कहा है कि जो लोग क्षेत्रवाद, जातिवाद के आधार पर वोट की राजनीति करते हैं उन्हें क्षेत्र में हुए विकास के बारे में भी जो कार्य हुए हैं उसे देखना चाहिए। जबकि ऋषिकेश विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र भी शहर की तर्ज पर विकसित हो रहे हैं इसके लिए श्री अग्रवाल ने विकास के कार्यों में सहयोग देने के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया ।

        इस अवसर पर अनेक लोगों ने अपनी समस्याओं से भी श्री अग्रवाल को अवगत कराया जिसका उन्होंने मौके पर ही निस्तारण किया l 

        इस अवसर पर विस्थापित कल्याण समिति के अध्यक्ष हरि सिंह भंडारी, सचिव जगदंबा सेमवाल ने संयुक्त रूप से कहा है कि विधानसभा अध्यक्ष  प्रेमचंद अग्रवाल जी के प्रयासों से ही पशुलोक विस्थापित गाँवों को राजस्व ग्राम  घोषित किया गया। सरकार द्वारा प्रदत सुविधाएं को गांवों को दिलाये जाने का श्रेय भी विधानसभा अध्यक्ष  को ही जाता है।

        कार्यक्रम में विस्थापित कल्याण समिति के अध्यक्ष हीरा सिंह भंडारी, सचिव जगदंबा सेमवाल, शूरवीर सिंह नेगी, सच्चिदानंद भटट्, कुशाल सिंह राणा, बलबीर सिंह रावत, प्रताप सिंह राणा, भगवती नौटियाल, जगदंबा रतूड़ी, सुंदरलाल बिजलवान, नरेंद्र राणा, सुरेंद्र पवार, अनीता रावत, सुनीता नौटियाल, अनीता देवी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विजय पाल ने किया ।

गांव-गांव कांग्रेस अभियान के तहत कांग्रेस नेताओं का प्रवास कार्यक्रम

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव व कार्यक्रम संयोजक राजपाल खरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत श्यामपुर न्याय पंचायत की खदरी ग्राम सभा में अति पिछड़े दलित, बोक्सा समुदाय के बीच जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमन्त्री स्व. लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गांव-गांव कांग्रेस अभियान के तहत गांधी के विचारों पर गोष्ठी, गांधी के प्रिय भजनों का गायन और कांग्रेस पार्टी की उपलब्धियों पर गोष्ठी और ग्रामवासियों से संवाद के आयोजन के पश्चात सहभोज कर रात्रि निवास किया गया।
राजपाल खरोला ने कहा कि रात्री निवास के बाद प्रातः श्यामपुर न्याय पंचायत के गौहरी माफी ग्राम सभा मे कांग्रेस कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों के साथ भारत माता की जयकारे लगाते हुए प्रभात फेरी निकाली और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा पुष्पांजली अर्पित कर उन्हें नमन किया।
राजपाल खरोला ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में 3 दिवसीय गांव गांव कांग्रेस अभियान का समापन हरिपुर कला में किया गया। जहां ग्रामवासियों के साथ संवाद किया गया और उनकी परेशानिया जानी। मौके पर गांधी के विचारों पर गोष्ठी का आयोजन किया गया और पूर्व में कांग्रेस सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए चलाई गयी योजनाओं की जानकारी दी।
राजपाल खरोला ने कहा कि गांव-गांव कांग्रेस अभियान के तहत ग्रामवासियों की दैनिक जिंदगी और उनकी परेशानियों के साथ जुड़ने का मौका मिला और भविष्य में ग्राम सभा के प्रति क्या विकास के कदम उठाए जा सकते है, उस पर विचार विमर्श किया।
राजपाल खरोला ने कहा कि ग्रामवासियों ने आगामी विधानसभा चुनाव में परिवर्तन का मन बना चुके है और भाजपा की जन विरोधी नीतियों से तंग आ चुके है। आगामी विधानसभा चुनाव में गांवों से मिल रहा प्यार वोट में तब्दील होगा और कांग्रेस की सरकार बनने के बाद ग्राम सभाओं का चौमुखी विकास होगा।

आप ने पर्यटन दिवस पर गोष्ठी का आयोजन कर वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा की

अंतरराष्ट्रीय पर्यटन दिवस के मौके पर पर्यटन नगरी ऋषिकेश में आम आदमी पार्टी ने एक गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी में विभिन्न वक्ताओं ने वैश्विक महामारी कोरोना के चलते पिछले दो साल से आर्थिक मंदी से जूझ रहे पर्यटन कारोबारियों की पीड़ा और वर्तमान परिस्थितियों पर अपने विचार रखे।
सोमवार की दोपहर नेपाली फार्म स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए पार्टी के बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। मगर इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उत्तराखंड में सिमटते पर्यटन व्यवसाय और इन से जुड़ी हुई चुनौतियों के बारे में अपनी राय रखते हुए विधानसभा के संगठन मंत्री दिनेश असवाल ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, बस जरूरत है तो ईमानदार कोशिश की। गोष्ठी को आप नेता संजय पोखरियाल, सेक्टर प्रभारी विक्रांत भारद्वाज, मीडिया प्रभारी नरेंद्र सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य तेजपाल असवाल, महंत विनायक गिरी, अजय रावत, मनमोहन नेगी आदि ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ऋषिकेश विधानसभा में 180 किलोमीटर सीवर लाइन बिछेगी

जर्मन सरकार के क्लाइमेट प्रूफिग प्रोजेक्ट (केएफडब्ल्यू) के अंतर्गत ऋषिकेश विधान सभा में पहले चरण में 462.93 करोड़ रुपए की लागत से 180 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही इसमें पंपिग स्टेशन एवं एसटीपी प्लांट निर्माण का कार्य भी होगा। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि इस योजना के रूप में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात है।
बैराज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने पेयजल निगम के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में इस सीवर योजना के निर्माण कार्यों की कार्यवाही के संबंध में अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को विस्तार से जानकारी दी। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि जर्मन सरकार के क्लाइमेट प्रूफिग प्रोजेक्ट (केएफडब्ल्यू) के द्वारा योजना को सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। जिसमें जर्मन सरकार की केएफडब्ल्यू संस्था एवं भारत सरकार के बीच लोन एग्रीमेंट भी हस्ताक्षरित हो चुके हैं।
अग्रवाल ने बताया कि इस योजना की कंसलटेंट कंपनी नियुक्त हो चुकी है, जिसके द्वारा जल्द ही डीपीआर तैयार कर जर्मन सरकार के केएफडब्ल्यू के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी, तदुपरांत शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी एवं कार्यदायी संस्था द्वारा इस योजना को धरातल पर उतारा जाएगा।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस योजना के सम्बंध में उनके द्वारा कई बार अधिकारियों के साथ बैठक कर योजना के क्रियान्वयन संबंधी कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की जाती रही है। अग्रवाल ने कहा कि 462.93 करोड़ रुपए की लागत से सीवर योजना के निर्माण कार्यों के धरातल पर उतरने की कार्रवाई अंतिम चरण में है जल्द ही इस योजना का लाभ ऋषिकेश की शहरी एवं ग्रामीण जनता को प्राप्त होगा। योजना के बनने के बाद सीवर की समस्या का पूर्ण निदान हो जाएगा।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को योजना से संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाहियों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक आर.के. सिंह ने बताया कि केएफडब्ल्यू योजना के अंतर्गत पहले चरण में ऋषिकेश नगर के समस्त वार्डों एवं खदरी खड़कमाफ, गुमानीवाला, श्यामपुर ग्रामीण क्षेत्र में 180 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही आस्था पथ व आवास विकास में एक-एक सीवरेज पंपिग स्टेशन तथा खदरी खड़कमाफ ग्रामीण क्षेत्र में 2 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना है। इसके तहत लगभग सवा लाख से अधिक जनसंख्या को सीवर योजना से लाभान्वित किया जायेगा एवं यह परियोजना आने वाले 30 सालों को ध्यान में रख कर बनायी गयी है।
इस अवसर पर परियोजना प्रबंधक आरके सिंह, परियोजना अभियंता रविंद्र सिंह, परियोजना अभियंता धर्मेंद्र प्रसाद, अपर परियोजना अभियंता राजेंद्र सिंह, अपर परियोजना अभियंता आशीष चमोली, अपर परियोजना अभियंता ललित सिंह उपस्थित थे।

ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों के द्वारा फसल खराब करने पर खरोला ने की ये मांग

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुरकलां, खांडगांव, गौहरीमाफ़ी, खैरीखुर्द आदि क्षेत्र में आये दिन जगली हाथियों से ग्रामीणों की धान आदि की फसले नष्ट हो रही है। एक तो कोरोना काल से काम धंधो मे लगे विराम से वैसे ही ग्रामीण अपनी आजीविका चलाने को कैसे तैसे गुजारा कर रहे है और अब सरकार ग्रामीणों की फसलो को जंगली हाथियों बचाने के विपरीत आँख मूंद कर बैठ जाए तो लोगो का सरकार के प्रति भरोसा ही समाप्त हो जाएगा जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
खरोला ने कहा की 14 साल से हर विधासनभा चुनाव मे विधायक द्वारा ऋषिकेश विधासनभा की जनता को यह भरोसा दिलाया जाता है, की जंगली हाथियों को रोकने के लिए कई उपाय करके ग्रामीणों की फसलो को नष्ट होने से रोका जाएगा। लेकिन जनता को गुमराह कर वोट पाकर विधायक को ग्रामीणों की परेशानियों से कुछ लेना देना नहीं है। विधायक आशीर्वाद यात्रा निकालने में मस्त है और ग्रामीण अपनी फसलो को जगली हाथियों से बचाने में व्यस्त है।
खरोला ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा की सरकार अपने कर्तव्यों से पीछे हट रही है उत्तराखंड सरकार आज अपने बहुमत के अहंकार मे जनता की परेशानियों को नजर अंदाज कर बस सरकारी खजाने का दुरूपयोग करने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार को ये नहीं भूलना चाहिए की जनता ने ही बनाया है जनता ही आगामी विधानसभा चुनाव में हिसाब लेगी।
खरोला ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द ग्रामीणों की फसलो को जगली हाथियों से बचाने के लिए उचित कदम नहीं उठाये गए तो क्षेत्र की जनता के साथ कांग्रेस उग्र आन्दोलन के लिए बाध्य होगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की रीति और नीति की जानकारी दी

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के नवाबवाला में आगामी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर जनसम्पर्क, बूथ कमेटी का गठन व सदस्यता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं से संवाद स्थापित कर कांग्रेस से जुड़ने के लिये व कांग्रेस की मज़बूती को लेकर बैठक की। जिसके तहत महिलाओं के साथ संवाद किया गया और उनसे कई महत्वपूर्ण सुझाव भी लिये गये व साथ ही आगामी चुनाव में कांग्रेस के साथ चलकर कांग्रेस की सफलता के लिये सब ने मिलकर आवाहन किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि कांग्रेस 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूर्ण रूप से तैयार है। आज जनसम्पर्क के साथ साथ हमने सदस्यता अभियान के तहत आम जन को कांग्रेस से जुड़कर कार्य करने को कहा। जिससे आने वाले विधानसभा चुनाव में इस जनविरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे का काम करेंगे। आज इस भाजपा सरकार में गरीब और गरीब हो रहा है, परन्तु सरकार केवल महंगाई करने के अलावा कोई काम नहीं कर रही है। इसलिये पूरे प्रदेश में कांग्रेस इस जनविरोधी नीतियों के ख़िलाफ़ परिवर्तन यात्रा के माध्यम से प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने का करेंगी।
रमोला ने बताया कि कांग्रेस से नये लोगों के जुड़ने के बाद उनको बूथों की जानकारी दी जायेगी व उन्हें उनके बूथों पर उनकी कार्यशैली को देखते हुए जिम्मेदारी देनी तय की जायेगी। ताकि हम मज़बूत बूथों की बदौलत चुनाव में जीत हासिल करें।
ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंशुल त्यागी ने कहा कि बढ़ते रसोई गैस के दाम, खाद्य तेलों के दाम को लेकर आमजन में बहुत आक्रोश है, विशेषकर महिलाओं में। इसलिए कांग्रेस को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़कर संगठन को मजबूत कर महिलाओं को भी मज़बूती प्रदान करना है। इसीलिए हमने संकल्प लिया है कि हम ज्यादा से ज्यादा लोगों को कांग्रेस से जोड़ रहे हैं, साथ ही हम वरिष्ठ जनों के साथ युवाओं और महिलाओं को राजनीति में मुख्य धारा जोड़ना है ताकि वे आगे आकर कार्य करें और चुनाव के समय हर बूथ पर अधिक संख्या में महिलाओं की भागीदारी रहे।
कार्यक्रम में ज़िला सदस्यता अभियान सदस्य जितेन्द्र त्यागी, भूरी देवी, पूजा देवी, सरस्वती देवी, संध्या देवी, हेमलता, मकान बड़ौनी, अंजली कश्यप, पूनम थापा, कोमल, हरि बहादुर, जोगेन्द्र, लक्ष्मी चन्द, ज्योति देवी, राजरानी देवी, मनोरमा देवी, पीताम्बर देनी, मुस्सी देवी, सोनू, रूबी देवी, रीता देवी आदि मौजूद थे ।

विस अध्यक्ष ने 5 लाख रुपये के आर्थिक सहायता के चेक बांटे

आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए सभी वर्गाे के लोगों को प्रयास करने चाहिए उक्त बात ऋषिकेश स्थित केम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने 64 निर्धन, असहाय एवं दिव्यांगजनों को अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से 5 लाख रुपये के आर्थिक सहायता के चेक वितरित करते हुए कही।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से केवल असहाय, आर्थिक संसाधन विहीन व्यक्ति को ही आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होने कहा कि वे स्वयं गरीबों की समस्याओं को समझते है तथा उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का प्रयास कर रहे है
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता विधायकों के माध्यम से उत्तराखंड के प्रत्येक क्षेत्र में गरीबों असहाय लोगों को पहुंच रही है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता राशि जीवन यापन के लिए पर्याप्त नहीं होती है। इसलिए लोगों को आर्थिक दिक्कतों से निपटने के लिए स्वरोजगार को अपनाने का प्रयास करना चाहिए। अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में सभी जगहों पर विकास कार्य हो रहे हैं एवं जनता की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। अग्रवाल ने कहा कि वे जनता की जो भी मांगे होंगी उन्हें पूरा करने का हर संभव प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर लायंस क्लब देवभूमि ऋषिकेश के अध्यक्ष विशाल, लायंस क्लब डिवाइन के अध्यक्ष जगमीत सिंह, व्यापार सभा के अध्यक्ष मनोज कालरा, कविता शाह, राजनी बिष्ट, सुंदरी कंडवाल, गौतम राणा, भूपेन्द्र राणा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

प्रीतम सिंह का दावा-2022 में ऋषिकेश से जीतेगा कांग्रेस का प्रत्याशी

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश में कांग्रेस सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान की शुरुआत में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह द्वारा भरत मंदिर ट्रस्ट के व्यवस्थापक हर्षवर्धन शर्मा को कांग्रेस की सदस्यता दिलवाकर की गई। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान से जोड़ा गया।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष प्रितम सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा ऋषिकेश विधानसभा के लिए 20000 सदस्यता का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि ये मुश्किल लक्ष्य नहीं है। यदि ऋषिकेश में कांग्रेस का कार्यकर्ता ईमानदारी के साथ बूथ बूथ जाकर लोगों को जोड़ने का कार्य करेगा तो निश्चित तौर से लक्ष्य को आसानी से पूरा कर किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि घर घर जाकर कांग्रेस की रीति नीति को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाये। उन्होंने दावा किया कि 2022 में ऋषिकेश विधानसभा से कांग्रेस का प्रत्याशी जीतकर आएगा।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष द्वारा कार्यक्रम मोहम्मद हदीस, रमाकांत तिवारी, युवराज दत्त नौटियाल, अमित कश्यप, किशन लाल शर्मा, धृपाल सिंह राँगड़, पुरंजय भारद्वाज, प्रदीप चंद्रा, रतन सिंह भंडारी, नरेश गुप्ता, तेज प्रकाश गुलाटी, विनोद कुमार अग्रवाल, सत्य प्रकाश शर्मा, हरीश कुमार, रजनीकांत, मदनलाल, पूनम कश्यप, धर्मेश मनचंदा सहित कई लोगों को सदस्यता दिलाई गई। कार्यक्रम में पूर्व पीसीसी सदस्य संजय गुप्ता को कांग्रेस सदस्यता अभियान महानगर ऋषिकेश का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया। सचिव विजय पाल सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री लल्लन राजभर, दीप शर्मा, राजपाल खरोला, एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, पूर्व काबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, विजय सारस्वत द्वारा भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष परवादून गौरव चौधरी ने की और कार्यक्रम का संचालन महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधीर राय द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महंत विनय सारस्वत, मदन मोहन शर्मा, राहुल शर्मा, शैलेंद्र बिष्ट, विवेक तिवारी, दीपक जाटव, त्रिलोकी नाथ तिवारी, मनोज गुसाईं, गजेंद्र विक्रम शाही, बर्फ सिंह पोखरियाल, आशा सिंह चौहान, अंशुल त्यागी, प्रमोद शर्मा, पार्षद मनीष शर्मा, राकेश सिंह मियां, जगत सिंह नेगी, भगवान सिंह पवार, शकुंतला शर्मा, विजयलक्ष्मी शर्मा, सरोज देवरानी, विमला रावत, मधु जोशी, चंदन सिंह पवार, संजय भारद्वाज, नंदकिशोर जाटव आदि उपस्थित रहे।

सोमेश्वर नगर में जनता मिलन समारोह, विकास कार्यों के लिए स्पीकर ने की सात लाख की घोषणा

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के सोमेश्वर नगर वार्ड 21 में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान कमलेश्वर महादेव मंदिर के टीन शेड के लिए विधायक निधि से 6 लाख जबकि चामुंडा मंदिर के टीन सेड निर्माण के लिए के 1 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा है कि शहर के अंदर 40 वर्ष पुरानी पाइप लाइन को जनसंख्या के घनत्व के हिसाब से परिवर्तित करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य योजना तैयार की जा रही है ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति प्राप्त हो सके । कहा कि 40 वर्ष पूर्व जनसंख्या का घनत्व भी कम था। समय अधिक होने के कारण पुरानी लाइनें जर्जर हो चुकी है उन्हें आने वाले समय में नई लाइनों के रूप में परिवर्तित किया जाएगा ।उन्होंने कहा है कि ऋषिकेश में पर्यटकों का बड़ी संख्या में आवागमन होता है इसलिए पानी की आपूर्ति भी अधिक होती है।
कहा कि विकास के लिए धन की कमी को आढे नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने कहा है कि जिन योजनाओं का कार्य चल रहा है वह समय सीमा के अंतर्गत पूरी होगी, गुणवत्ता के लिए अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।
इस अवसर पर सोमेश्वर नगर वार्ड नंबर 22 की पार्षद राधा रमोला ने नंदू फार्म में पानी भरने की समस्या के निजात के लिए 3 करोड़ की योजना से समाधान करने पर विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा है कि नगर निगम से विकास की योजना धरातल पर नहीं उतर रही है उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह करते हुए कहा है कि विकास के कार्यों के लिए नगर निगम क्षेत्र में भी धनराशि उपलब्ध करवाएं।
इस अवसर पर सोमेश्वर नगर समिति के अध्यक्ष मुरारी सिंह राणा, सचिव दिलीप सिंह बिष्ट, पार्षद राधा रमोला, पूरन सिंह पवार, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ की प्रदेश संयोजिका श्रीमती सरोज डिमरी, प्यारेलाल जुगलान, महिला मोर्चा के मंडल अध्यक्ष उषा जोशी, मीना रावत, बीना देवी, सुनील साहू, अरुण शर्मा, चैत सिंह नेगी, मान सिंह वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रदीप धसमाना, बृजेश, टिंकू, मीना रावत, राजबाला, केशव राम जोशी ,रवि शर्मा , मनोज थापा, नरेश शर्मा, आदि लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री सुमित पवार द्वारा किया गया।