नजरियाः निर्माण कार्य में लापरवाही देख मेयर गुस्साई, फोन पर अधिकारी को लताड़ा

ऋषिकेश की प्रथम मेयर अनिता ममगाईं ने देहरादून रोड स्थित स्व. इंद्रमणि बडोनी चैक से दुर्गा मंदिर तक लगाई जा रही डबल आम्र्स लाइट एवं डिवाइडर का निरीक्षण किया। यहां निर्माण कार्य में लापरवाही को देख मेयर अनिता का पारा चढ़ आया। उन्होंने तुरंत मौके से ही फोन कर अधिकारियों को तलब कर लिया।

फोन पर हरकत में आये अधिकारी कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे। मेयर अनिता ने कहा कि निगम की कमान संभालने के बाद से उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि वह किसी भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता में कमी व लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगी। इसके बावजूद विभागीय अधिकारी निर्माण कार्यों में लापरवाही बरत रहे हैं। डिवाइडर के दोनों छोरों पर दरार एवं विद्युत पोलों में हल्का मैटेरियल प्रयुक्त करने पर गुस्साई मेयर ने सहायक अभियंता को फटकार लगाते हुए कहा कि इससे कभी भी कोई दुर्घटना घटित हो सकती है। कहा कि उक्त निर्माण कार्य का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराया जाएगा। उसके बाद ही ठेकेदार की पेमेंट होगी।

दर्जाधारी राज्यमंत्री ने पारम्परिक लोक गीत ’झुमका’ का किया लोकार्पण

उत्तराखंड की संस्कृति को दर्शाता प्रसिद्ध लोक नृत्य गीत झुमैला का अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा की ओर से लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वीडियो गीत को दर्जाधारी राज्यमंत्री भगतराम कोठारी व महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजे नेगी ने संयुक्त रूप से किया।

गीत में अपनी आवाज लोकगायक अजय नौटियाल और गायिका पूनम सती ने दी है। महासभा के अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी ने बताया कि युवा गीतकार कमल जोशी व अजय नोटियाल द्वारा इस लोकगीत को पुनर्रचित कर और परिष्कृत व रुचिकर बनाने का प्रयास किया है। निर्माता दौलत राणा व एसडीई प्रोडक्शन के बैनर तले बने इस गीत का निर्देशन अंकुश सकलानी फिल्मांकन एवं सम्पादन रज्जी गोसाईं ने किया है। अभिनय फौजी जवान तारा सिंह व अभिनेत्री शालिनी सुंदरियाल ने किया है। लोक गायक अजय ने बताया कि यह गीत उत्तराखण्डी संस्कृति को गौरवपूर्ण रूप से दर्शाता है इसमें नायक नायिका के बीच बेहद दिलचस्प संवाद हैं कि नायिका झुमैला खेलना (पारंपरिक सामूहिक नृत्य करना) तो चाहती है लेकिन क्योंकि उनके जेठ भी झुमैला देख रहे हैं तो वो नृत्य में प्रतिभाग नही कर सकती। आज भी उत्तराखंड के गांवों में पति के बड़े भाई यानी जेठ से बहुओं का पर्दा करने की परंपरा है जिसे गढ़वाली में छौं भचना कहते हैं, यह संयुक्त परिवारों के ताने बाने को बनाये रखने के लिए परिवार के बड़ों को छोटों द्वारा सम्मान देने का एक बेहतरीन तरीका था। मौके पर लोक गायक कमल जोशी, समाजसेवी नरेंद्र मैठाणी, जगदीश कोठारी, प्रियांशु कोठारी, मयंक भट्ट आदि मौजूद रहे।

बेटियों के बाद नीरजा ने अब दिव्यांग बच्चों का उठाया पढ़ाई का खर्च

नीरजा देवभूमि चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से बेटियों के शिक्षा का खर्च उठाने के बाद अब दिव्यांग बच्चों की मदद की है। ट्रस्ट की संस्थापक नीरजा ने दो बच्चों की स्कूल की चार माह की फीस स्कूल जाकर भरी है।

लॉकडाउन में कामकाज न हो पाने के चलते आईडीपीएल निवासी दो दिव्यांग बच्चों की स्कूल की सात माह की फीस देनी बाकी थी। इसकी जानकारी पैरा ओलंपिक खिलाड़ी व ट्रस्ट की संस्थापक नीरजा गोयल को मालूम हुई। उन्होंने बच्चों के स्कूल सेंट मदर टेरेसा जाकर प्रधानचार्य अमित जसवाल से बात की। नीरजा के आग्रह पर प्रधानाचार्य ने दोनों बच्चों के 3 माह की फीस माफ की। वहीं ट्रस्ट की ओर से दोनों बच्चो के चार माह की करीब 4 हजार रुपए जमा कराए। साथ की स्कूल का फीस माफ करने पर आभार भी जताया।

बता दें कि ट्रस्ट की ओर से बीते दिनों बिटिया दिवस पर बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ अभियान के तहत शांति नगर निवासी 2 बेटियों की शिक्षा की जिम्मेदारी ली गयी है। इस अवसर पर ट्रस्ट की सह संस्थापक नूपुर गोयल भी मौजूद रहीं।

यूपी के गैंगरेप की घटना दिलदहला देने वाली, सरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए दोषियों को दे दंडः राकेश पारछा

14 सितंबर को उत्तर प्रदेश में वाल्मीकि समाज की युवती मनीषा वाल्मीकि के साथ बारी-बारी से गैंगरेप करने वाले आरोपियों पर कार्रवाई की मांग उठने लगी है। देशभर से वाल्मीकि समाज आरोपियों पर ठोस कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा आदि मांग उठा रहे है।

शुक्रवार को तीर्थनगरी के अंबेडकर चैक में राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश पारछा के नेतृत्व में समाज के लोगों ने सांकेतिक धरना दिया। एडवोकेट राकेश पारछा ने कहा कि 14 सितंबर को यूपी में वाल्मीकि समाज की युवती के साथ हुई घटना कभी भुलाई नहीं जा सकती है। जब तक समाज में किसी भी युवती के खिलाफ अन्याय, छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसी वारदातें नहीं रूकेंगी। देश तरक्की नहीं कर सकता। वाल्मीकि समाज यूपी में हुई घटना की घोर निंदा करता है। समाज के लोगों ने यूपी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी सांकेतिक तरीके से की।

सांकेतिक धरना देने वालों में विनोद सौदाई, विनोद भारती, नरेश खैरवाल, संजय वाल्मीकि, सुभाष वाल्मीकि, रणवीर भारती, दिनेश चारण, राकेश खैरवाल, अजय बागडी, तीरथ बिडलान, सुरेंद्र, मयंक, मुकेश भारती, जितेंद्र भारती, सन्नी चैहान, महेंद्र कालरा, हरिओम भोला, आकाशदीप भारती, महेश, राकेश, अमित हवलदार, रविंद्र बिरला, महेंद्र सिंह, सुलेखा वाल्मीकि, विक्की खैरवाल, चुनमुन, शुभम भगत, विक्की चैहान, अक्षय खैरवाल, ईलम सिंह, मुकेश खैरवाल आदि मौजूद रहे।

आशिक के लिए पत्नी ने दे दी पति की बलि, शव को जंगल में फेंका

पति को पत्नी के अवैध संबधों का पता चल जाने से पत्नी इतना आगबगुला हो गई कि उसने अपने प्रेमी के साथ पति को मौत की सजा दे दी। इसके बाद अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर पति की लाश जंगल में फेंक आए। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने सभी आरोपियों को घटना में प्रयुक्त हथियारों के साथ अरेस्ट कर लिया है।

कोतवाल रितेश साह के अनुसार, मृतक की बहन चंदा साहनी पत्नी जितेंद्र साहनी ने पुलिस को बताया था कि उसका भाई अमरजीत साहनी (32) पुत्र जीवन साहनी निवासी मायाकुंड 18 सितंबर की दोपहर तीन बजे अपने दो अन्य साथियों के साथ काम पर गया था, शाम होते ही दोनों साथी तो वापस घर आ गए। मगर, उसका भाई वापस न लौटा। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया और मामले की तब्दीश की, तो लापता व्यक्ति की पत्नी के अवैध संबंध की बात सामने आई।

पुलिस ने पत्नी से सख्ती के साथ पूछताछ की तो पत्नी से सब उगल दिया और अपने साथियों की भी पहचान करा दी। पत्नी की निशानदेही पर पुलिस ने शव को जंगल से बरामद भी कर लिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी सुनीता का राजन निवासी रामनगर बेतिया, बिहार, हाल निवासी शीशमझाड़ी से प्रेम प्रंसग चल रहा था। इसकी भनक अमरजीत को लग चुकी थी। पत्नी ने प्रेमी के सथ 18 सितंबर की शाम को अन्य साथी सुनील और अनिल प्रसाद के साथ घटना को अंजाम दे दिया।

अपने पांच दोस्तों के साथ गंगा स्नान कर रहा युवक डूबा, पांच को पुलिस ने बचाया

लक्ष्मणझूला घाट में गंगा नदी में रविवार को छह लोग नहा रहे थे। तभी अचानक गंगा की जलधारा का स्तर बढ़ने लगा और सभी उसकी चपेट में आ गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। पुलिस कांस्टेबल जल पुलिस उदित राठी, होमगार्ड बलवंत और स्थानीय बोट चालकों की सहायता से गंगा में रेस्क्यू अभियान चला।

रेस्क्यू अभियान की बदौलत 20 वर्षीय नवनीत पुत्र राकेश कुमार, 20 वर्षीय रितेश पुत्र राकेश कुमार दोनों निवासी खरखडी थाना बिलासपुर जिला गुडगांव हरियाणा, 25 वर्षीय आकाश पुत्र सोमवीर निवासी बासलाम्बी थाना बिलासपुर गुडगांव हरियाणा, 17 वर्षीय तुसाल पुत्र मुकेश निवासी बासलाम्बी थाना बिलासपुर गुडगांव हरियाणा, 22 वर्षीय रौनक पुत्र धर्मेन्द्र निवासी ग्राम लुलाअहिर जिला रेवाडी हरियाणा को सकुशल बचाया गया।

मगर, 21 वर्षीय कपिल पुत्र बुद्धराम निवासी खरखडी थाना बिलासपुर जिला गुडगांव हरियाणा गंगा के तेज बहाव में डूब गया, काफी खोजबीन की गई। मगर, उसका कुछ पता नहीं चल सका है।

ऋषिकेश प्रथम मेयर अनिता ने बेटी दिवस पर निर्धन कन्याओं के साथ बिताया दिन

डाटर्स-डे के अवसर पर ऋषिकेश की प्रथम मेयर अनिता ममगाईं चंद्रेश्वर नगर पहुंची। उन्होंने निर्धन बच्चों से साथ समय बिताया और केक भी काटा। उन्होंने गरीब बच्चों को विभिन्न उपहार भी दिए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। मेयर अनिता ने माहौल को पूरी तरह अपनेपन के अहसास में बांधे रखा। मेयर अनिता ने बताया कि आज का दौर बेटियों और बेटों में फर्क करने का दौर नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन सरकार द्वारा सर्व शिक्षा अभियान को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने में जुटा हुआ है। तीर्थ नगरी में बच्चों के सपनों को पूरा करने में गरीबी आड़े नहीं आएगी ।उन्होंने समाज से भी इन्हें दुत्कारने की बजाए अपनेपन का अहसास कराने का आह्वान किया।

मेयर अनिता के प्रयासों से तीर्थनगरी में बनेंगे हाईटेक शौचालय

मेयर अनिता ममगाईं के प्रयासों की बदौलत जल्द ही ऋषिकेश में हाईटेक शौचालय बनने जा रहे है। यह हाईटेक शौचालय के प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान को भी बल मिलेगा। मेयर अनिता ममगाईं के इस प्रयास को नगर के लोगों ने सराहना की है। इसके लिए नगर निगम ऋषिकेश के स्तर से जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू होने जा रही हैं। मेयर अनिता ममगाई ने कहा कि अच्छे शौचालय देने का वाला वायदा उन्होंने चुनावी घोषणा पत्र में किया था। योजना को जमीनी धरातल पर लाने के लिए कार्य प्रारंभ हो गया है।

निगम की इस योजना को शहरी विकास निदेशालय ने स्वीकृति दी है। निगम ने निदेशालय को 229 सीट का प्रस्ताव दिया था जिसमें उन्होंने प्रथम चरण में 29 लाख रुपए रिलीज कर दिए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के मद के द्वारा यह धनराशि दी जा रही है। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा सभी टॉयलेट का एक सर्वे करवाया गया। उस सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर निदेशालय से धनराशि की मांग की गई थी जिसपर निदेशालय की स्वीकृति की मुहर लग चुकी है।

कहा कि भीड़-भाड़ वाले इलाके में शौचालय नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब इस परेशानियों से लोगों को निजात मिलेगा। शौचालय पूरा हाइटेक बनेगा। इन्होंने बताया कि शौचालय के अंदर साफ-सफाई की पूरी व्यवस्था रहेगी एवं इनका निर्माण फाइव स्टार होटलों के टॉयलेट की तरह किया जाएगा।

मेयर अनिता की अगुवाई में चला महा सैनिटाइजेशन अभियान

ऋषिकेश नगर निगम की प्रथम मेयर अनिता ममगाईं की अगुवाई में महासैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया। नगर के बाजारों, नगरीय क्षेत्रों में चले इस अभियान की हर किसी ने प्रशंसा की। इस मौके पर मेयर अनिता ममगाईं ने नगर की जनता से इस महामारी से सतर्क रहने की अपील की।

मेयर अनिता ने अभियान में उतरी टीम को हरी झंडी दिखाई। नगर निगम ने कोरोना पॉजिटिव रोगियों के क्षेत्रों को संक्रमण से मुक्त करने में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। फायर ब्रिगेड वाहन सहित ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रे मशीनों, जेटिंग मशीन और हैण्ड स्प्रे मशीनों की मदद से दिनभर नगर में सेनेटाइजेशन अभियान चला। शहर के तमाम बाजारों एवं महत्व क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन कराया गया।

मेयर अनिता ममगाई ने बताया कि कि तीर्थ नगरी ऋषिकेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए निगम प्रशासन की ओर से सैनिटाइजेशन अभियान मैं पूरी ताकत झोंक दी गई है। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में कोरोना के पॉजिटिव रोगी सामने आ रहे हैं, उन क्षेत्रों में नियमित रूप से सोडियम हाइपोक्लोराइड का छिड़काव किया जा रहा है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि वैश्विक महामारी कोरोनावायरस की चपेट में आकर कई लोगों को अकाल मौत का ग्रास बनना पड़ा है। पिछले एक पखवाड़े में ही कई अपनों को हमने खोया है। इस समय सर्तकता बेहद आवश्यक है। कोरोना के बड़ते कहर को देखते हुए सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखें एवं बिना मास्क लगाये घरों से बाहर बिल्कुल न निकले। अभियान के दौरान पार्षद अजीत गोल्डी,घाट रोड़ व्यापार सभा के अध्यक्ष पवन शर्मा, क्षेत्र रोड अध्यक्ष राजेश भट्ट, सफाई निरीक्षक, धीरेंद्र सेमवाल, अभिषेक मल्होत्रा, सचिन रावत, प्रशांत कुकरेती, नरेश खैरवाल,महेंद्र, सुरेंद्र आदि शामिल थे।