स्पीकर ने 25 लाख 51 हजार की धनराशि का चेक सीएम को सौंपा

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुख्यमंत्री आवास में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रदेश में कोविड-19 तथा लॉक डाउन से उत्पन्न स्थिति के दृष्टिगत संचालित किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों द्वारा एकत्रित 25 लाख 51 हजार रुपए की धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष में दी है। जिसमें बिशन खन्ना, ऋषिकेश पब्लिक स्कूल द्वारा 10 लाख रुपए, हर्षवर्धन शर्मा, श्री भरत मंदिर स्कूल सोसायटी द्वारा 10 लाख रुपए, महंत अशोक प्रपन्न शर्मा, मंदिर भरत महाराज ऋषिकेश द्वारा 5 लाख रुपए एवं गुरविंदर सलूजा, मां कात्यायनी मंदिर ज्ञान करतार आश्रम शीशमझाड़ी, ऋषिकेश द्वारा 51 हजार रुपए की धनराशि शामिल है।

ऋषिकेश मेयर अनिता ने सीएम से मुलाकात कर राहत राशि का डेढ़ लाख का चेक सौंपा

कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए राज्य आपदा राहत कोष में नगर निगम मेयर अनिता ममगाई ने डेढ़ लाख रूपए देकर मिसाल कायम की है।

मेयर अनिता ने मुख्यमंत्री आवास में जाकर राहत राशि का चेक मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को सौंपा। कोविड-19 के दृष्टिगत मेयर ने मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु डेढ़ लाख रुपए का चेक दिया। जिसमें एक लाख पति डा. हेतराम ममगाई व पुत्र 50 हजार डा. हिमांशु ममगाई की ओर से दिए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश मेयर द्वारा कोरोना के खिलाफ जंग में कुशलता के साथ सरकारी नियमों का अनुपालन कराने एवं चलाये जा रहे राहत कार्यों की सराहना की। मेयर अनिता ममगाई ने मुख्यमंत्री की होसला अफजाई का आभार व्यक्त किया।

एम्स ने एक दिन के वेतन से दिए 80 लाख रूपए
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश की ओर से कोरोना वायरस (कोविड 19) के विश्वव्यापी बढ़ते दुष्प्रभाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री केयर फंड में 80 लाख से अधिक की धनराशि दान की है। इसमें संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों का एक दिन का वेतन शामिल है।

निदेशक प्रो. रवि कांत ने बताया कि संस्थान हमेशा जनहित व स्वास्थ्य सेवा को लेकर तत्पर रहता है, लिहाजा एम्स ऋषिकेश संकट की इस घड़ी में अपने संपूर्ण संसाधनों से मरीजों की सेवा में जुटा है। एम्स निदेशक पद्मश्री प्रो. रवि कांत जी ने बताया कि संस्थान की ओर से कोरोना मरीजों के लिए एम्स में 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड संचालित किया जा रहा है और इस संख्या को जल्द बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मरीजों के सैंपल की जांच के लिए माइक्रो बायोलॉजी विभाग में प्रयोगशाला शुरू कर दी गई है,जिसमें संस्थान में आने वाले कोविड 19 आशंकित मरीजों के अलावा राज्य के विभिन्न अस्पतालों से आने वाले नमूनो की जांच भी नियमिततौर पर की जा रही है। निदेशक एम्स प्रो.रवि कांत जी ने बताया कि संस्थान द्वारा कोविड 19 ग्रसित मरीजों की सुविधा के लिए संस्थान में वेंटीलेटर्स की संख्या 65 से बढ़ाकर 200 की जा रही है, इस दिशा में कार्य चल रहा है।

जनता कर्फ्यू से लगातार निर्धनों को सूखा राशन और भोजन उपलब्ध करा रहा रियल एस्टेट

कहते है सही वक्त पर और जरूरतमंद व्यक्ति के चेहरे पर जो मुस्कान ला दे, वहंी वास्तव में समाज को दिशा दे सकता है। देशव्यापी लॉकडाउन में रियल एस्टेट एसोसिएशन यही काम ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में जरूरतमंदों के लिए कर रहा है। जनता कर्फ्यू से ऋषिकेश में सक्रिय रियल एस्टेट एसोसिएशन रोजाना उत्तम क्वालिटी का आटा का कट्टा मात्रा 10 किलो, चावल मात्रा 10 किलो, दो किलो दाल, हर तरह के मसाले के पैकेट, एक लीटर सरसों के तेल की शीशी लोगों के जरूरतमंद लोगों के घर-घर जाकर पहुंचा रहा है।

वहीं दूसरी ओर ऐसे लोग जो खुले आसमान के नीचे रहने पर मजबूर है और न ही उनके पास खाना पकाने के लिए चूल्हा जैसी कोई व्यवस्था है। इन लोगों का ख्याल भी रियल एस्टेट ने बखूबी से रखा है। इन लोगों के लिए संगठन के अध्यक्ष दिनेश कोठारी ने दो वक्त का बना हुआ भोजन उपलब्ध कराया है। दिनेश कोठारी का मानना है कि जिंदगी बार-बार नहीं मिलती है, अगर हमारे जरिए किसी के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सकती है, तो इसे हमें अपनाना चाहिए। उन्होंने तमाम सामर्थ्यवान लोगों से संकट की इस घड़ी में निर्धन वर्ग के लोगों की मदद को आगे आने का भी आह्वान किया।

संगठन अध्यक्ष दिनेश कोठारी को अपनी युवा टीम का भी बहुत सपोर्ट मिल रहा है या यूं कहे कि दिनेश कोठारी की रीढ़ की हड्डी यही युवा है, इसमें विशाल कक्कड़, विवेक तिवारी, सार्थक कोठारी, अंकित अरोड़ा, सोनू किंगर, शिवम किंगर, आशीष छाम, आशीष नरूला, शैलेष जैन आदि युवा शामिल रहते है।

मेयर अनिता ने 10 नई फॉगिंग मशीन का किया शुभारंभ

कोरोना वायरस के साथ साथ डेंगू के डंक से भी नगर निगम शहरवासियों को बचाने की जद्दोजहद में जुट गया है। इसके लिए निगम ने दस और फागिंग मशीन मोर्चे पर लगा दी हैं। वृहस्पतिवार की शांम नगर निगम प्रांगण में फॉगिंग अभियान का मेयर अनिता ममगाईं ने शुभारंभ किया। इससे पहले थर्मल स्कैनिंग की शुरुआत भी निगम में की गई।

अनिता ममगाई ने कहा कि सेनिटाइजेशन, स्वच्छता एवं तमाम आवश्यक सेवाओं के लिए दिनरात जुटे रहने वाले कर्मचारियों के लिए केरोना जांच के लिए थर्मल स्कैनिंग मशीन अवश्य होनी चाहिए। उन्होंने मशीन का शुभारंभ करने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की थर्मल स्कैनिग की गई। इस जांच मेें किसी को संक्रमण नही मिला। मेयर ने बताया कि कोरोना की प्रराम्भिक जांच में थर्मल स्कैनिंग मशीन सबसे अधिक कारगर है। निगम में मशीन के लगने के बाद अब निगम में प्रवेश करने वाले तमाम कर्मचारियों सहित हर किसी के लिए थर्मल स्कैनिंग जांच से गुजरना आवश्यक होगा।

उन्होंने बताया कि उन्होंने बताया कि शहर में सेनिटाइजेशन के लिए दो पालियों में लगातार छिड़काव करने के साथ डेंगू जैसी खतरनाक बीमारी की रोकथाम के लिए भी फॉगिंग शुरू कराई है। उन्होंने बताया कि निगम के पास कुल तीन फागिंग मशीनें थी। इस कमी को देखते हुए 10 और नई मशीनें मंगवाई गई है। इस दौरान नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, ऐलम दास, टीएस रमेश रावत, सफाई निरीक्षक सचिन रावत, धीरेंद्र, संतोष, अभिषेक, गौरव केन्थुला, प्रशांत, डा. एमपी सिंह आदि मौजूद रहे।

एप्प के जरिए लोगों के घर राशन पहुंचाएगा नगर निगम

नगर निगम अपने 40 वार्डों में एप्प के जरिए लोगों के घर राशन पहुंचाएगा। मेयर अनिता ममगाईं ने हाईटेक तरीके से इस काम पर शुरू कर दिया है।
जरूरतमंदो को राशन और भोजन वितरित कर राहत पहुचाने की कोशिशों में जुटा नगर निगम प्रशासन अब निगम के तमाम चालीस. वार्डों में होम डिलीवरी की व्यवस्था करने जा रहा है। चुनौतीपूर्ण समय पर मेयर अनिता ममगाईं की दूरगामी सोच कोरोना वायरस की जंग में शहरवासियों के लिए वरदान साबित होगी। मेयर अनिता ममगाई ने बताया कि निगम हर मुश्किल हालात से लड़ने की रणनीति तैयार करने में जुटा हुआ है। यदि आने वाले दिनों में प्रदेश में पूर्ण लाँक डाउन भी घोषित हुआ तो ऐसी स्थिति में भी नगर निगम प्रशासन तीर्थ नगरी के लोगों की हर संभव सहायता प्रदान करेगा।
मेयर अनिता ममगाईं ने बताया कि इसके लिए एप्प लांच किया जाएगा। इसके जरिए लोगों को राहत सामग्री पहुंचाई जायेगी। उन्होंने बताया यह एप्लीकेशन निगम के कम्प्यूटर में रहेगी। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के किसी भी वार्ड में भोजन अथवा राशन के संकट की स्थिति में सूचना मिलने पर तुरंत इस एप्प के माध्यम से संम्बन्धित क्षेत्र के पार्षद तक संदेश पहुंच जायेगा। इसके बाद 12 से 14 घंटे के बीच सामान की होम डिलीवरी की जाएगी।

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने असहाय लोगों की मदद को की एंबुलेंस बुक, भेजा घर

देहरादून पुलिस ने समाजसेवियों की सहायता से एंबुलेंस बुक कराकर एम्स अस्पताल में पेनक्रियाज के फेल होने व पैरालाइसिस से पीड़ित को पीलीभीत उत्तर प्रदेश स्थित घर भेजा। वहीं, दूसरी एंबुलेंस से कैंसर से पीड़ित व्यक्ति को पौड़ी जनपद स्थित घर भेजा है।
कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि एम्स अस्पताल ऋषिकेश में पेनक्रियाज के फेल होने व पैरालाइसिस पीड़ित 65 वर्षीय बशीर अहमद पुत्र अब्दुल्ला निवासी माधवपुर थाना अमरिया तहसील उमरिया जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेश को 28 मार्च 2020 को भर्ती कराया गया था। लॉकडाउन के चलते वह वापस नहीं जा पा रहे थे। इस पर स्थानीय लोगों की मदद से पीलीभीत के लिए एंबुलेंस बुक करवाकर भेजा गया है।
वहीं, कैंसर रोग से पीड़ित 36 वर्षीय योगम्बर सिंह पुत्र चतर सिंह निवासी ग्राम देवरी जिला पौड़ी गढ़वाल का इलाज चल रहा था। उन्हे ं18 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोतवाल ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है और इलाज के दौरान इसका एक पैर काटा गया है। उनके साथ पत्नी और तीन साल की बेटी भी है। लॉकडाउन के चलते उन्हें गांव जाने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में पुलिस ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इस पर स्थानीय समाजसेवियों की मदद से उक्त व्यक्ति को रविवार का ेआवश्यकतानुसार राशन और एंबुलेंस से घर भेजा गया।

लॉकडाउन में शहरवासियों के स्वास्थ्य को लेकर निगम सचेत

लॉकडाउन के दौरान नगर निगम प्रशासन शहरवासियों के स्वास्थ्य को लेकर सचेत है। नगर निगम क्षेत्र को सेनेटाइजर करने के साथ शनिवार से सोशल डिस्टेसिंग के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बीटीसी परिसर और निगम प्रांगण में प्रशासन की ओर से सब्जी मंडी को शिफ्ट कराकर फल एवं सब्जी की ठेलियां लगवाई गई। इसके बेहतर नतीजे भी देखने को मिले और बिना भीड़भाड़ के आराम से लोगों ने खरीदारी की।

प्रतिदिन की तरह ऋषिकेश की पहली मेयर अनिता ममगाई और नगर आयुक्त नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल के दिशा निर्देशन में निगम की विभिन्न टीमों ने देहरादून रोड़, काली कमली, सपेरा बस्ती सहित कई क्षेत्रों में लोगों को भोजन वितरित किया। कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए नगर निगम मेयर अनिता ममगाई ने शहरवासियों से अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जितनी ज्यादा से ज्यादा कोशिश हो, घर से बाहर न ही निकले। यदि जरूरी सामान के लिए बाहर निकलते भी हैं तो मास्क और ग्लब्स का इस्तेमाल करें। साथ ही सेनिटाइजर या साबुन से हाथ को 20 सेकंड तक रगड़कर साफ करें।

उन्होंने बताया सोशल डिस्टेसिंग के परिपालन में नगर निगम परिसर एवं बस टर्मिनल कंपाउंड में सब्जी मंडी की व्यवस्था शनिवार से शुरू कर दी गई है। हरिद्वार रोड स्थित फुटकर सब्जी मंडी में भीड़ होने के कारण लोग सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं कर पा रहे थे। जिससे कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा बढ़ गया था। नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने अलग-अलग क्षेत्रों में सब्जी मंडी को शिफ्ट करने का निर्णय लिया था ।यह व्यवस्था शनिवार से लागू कर दी गई। इन सभी को नगर निगम की ओर से पास जारी किए गए हैं। नगर निगम में 50 और बस अड्डे में 50 सब्जी एवं फल विक्रेताओं को बैठाया गया है। इसके अलावा मोहल्ले में फेरी लगाकर बिक्री की व्यवस्था भी की गई है।

मेयर ने जरूरतमंदों को राशन बांट पेश की मानवता की मिशाल

लॉकडाउन जहां कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए एक बेहतर तरीका है वहीं इससे बेसहारा लोगों को परेशानी भी हो रही है। ऐसे में सड़क किनारे जिंदगी बिताने वाले बेसहारा लोगों के लिए नगर निगम ऋषिकेश मेयर अनिता ममगाईं देवदूत बनकर सामने आयी हैं। निगम अधिकारियों के साथ मेयर अनिता ममगाई ने शुक्रवार को निगम कार्यालय में जहां जरूरत मंद लोगों को राहत सामग्री के रूप में ’पांच किलो आटा और पांच किलो चावल’ बांटा। वहीं शहर में विभिन्न स्थानों पर दो वक्त की रोटी के लिए मोहताज हो रहे विभिन्न बस्तियों में करीब साढे पांच सौ लोगों को भोजन वितरित किया।

मेयर अनिता का यह अभियान वृहद स्तर पर शुक्रवार से शुरू किया गया है, यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने निर्धनों की मदद के लिए सहयोग का करने को स्थानीय पुलिस प्रशासन, सामाजिक एवं व्यापारिक संस्थाओं की भी मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने नगर के तमाम पूजीपतियो से भी आह्वान किया कि गरीबों की मदद के लिए प्रशासन की ओर से चलाये जा रहे अभियान में हर संभव सहयोग करें।

नो प्रॉफिट नो लॉस वाले किराना व्यापारियों का होगा सम्मानः अनिता

मेयर अनिता ममगाई ने कहा कि कोरोना वायरस जैसे संकट के इस दौर में प्रत्येक किराना व्यापारी पर नगर निगम की नजर है। ऐसे समय में जो व्यापारी नो प्रॉफिट नो लॉस पर अपने सामान का विक्रय कर रहा है, उस पर नजर रखकर नगर निगम सम्मानित करेगा। लॉकडाउन समाप्त होने पर ऐसे किराना व्यापारियों को निगम की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

असहाय की मदद को रायवाला पुलिस आई आगे, दिया तीन हफ्ते का राशन

थानाध्यक्ष रायवाला हेमंत खंडूरी ने बताया कि बीते गुरूवार की रात्रि छिद्दरवाला निवासी दीपक कुमार ने थाने पर फोन कर बताया कि उनका परिवार निर्धन है, पत्नी गर्भवती है और पिताजी भी आंखों से देख नहीं पाते है। उन्होंने बताया कि खाने के लिये भी कुछ नहीं है। इस पर थानाध्यक्ष ने वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रेम सिंह नेगी को उक्त युवक के परिवार की मदद करने को कहा गया। इस पर एसएसआई ने रात्रि में ही दिए पते पर जाकर तीन सप्ताह का राशन उपलब्ध कराया।

राहगीरों को रोककर लंच पैकेट बांट रही रायवाला पुलिस
कोरोना वायरस की स्थिति में लॉक-डाऊन के दौरान थानाध्यक्ष रायवाला हेमंत खंडूरी के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वालों को लंच पैकेट व आवश्यक सामग्री वितरित की गयी। इसके अलावा थाने पर हाथ धुलवाकर व सेनेटाइज करवाकर खाना खिलाया गया। इसके बाद सभी को अपने-अपने गंतव्यों की ओर रवाना किया गया।