नो प्रॉफिट नो लॉस वाले किराना व्यापारियों का होगा सम्मानः अनिता

मेयर अनिता ममगाई ने कहा कि कोरोना वायरस जैसे संकट के इस दौर में प्रत्येक किराना व्यापारी पर नगर निगम की नजर है। ऐसे समय में जो व्यापारी नो प्रॉफिट नो लॉस पर अपने सामान का विक्रय कर रहा है, उस पर नजर रखकर नगर निगम सम्मानित करेगा। लॉकडाउन समाप्त होने पर ऐसे किराना व्यापारियों को निगम की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

असहाय की मदद को रायवाला पुलिस आई आगे, दिया तीन हफ्ते का राशन

थानाध्यक्ष रायवाला हेमंत खंडूरी ने बताया कि बीते गुरूवार की रात्रि छिद्दरवाला निवासी दीपक कुमार ने थाने पर फोन कर बताया कि उनका परिवार निर्धन है, पत्नी गर्भवती है और पिताजी भी आंखों से देख नहीं पाते है। उन्होंने बताया कि खाने के लिये भी कुछ नहीं है। इस पर थानाध्यक्ष ने वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रेम सिंह नेगी को उक्त युवक के परिवार की मदद करने को कहा गया। इस पर एसएसआई ने रात्रि में ही दिए पते पर जाकर तीन सप्ताह का राशन उपलब्ध कराया।

राहगीरों को रोककर लंच पैकेट बांट रही रायवाला पुलिस
कोरोना वायरस की स्थिति में लॉक-डाऊन के दौरान थानाध्यक्ष रायवाला हेमंत खंडूरी के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वालों को लंच पैकेट व आवश्यक सामग्री वितरित की गयी। इसके अलावा थाने पर हाथ धुलवाकर व सेनेटाइज करवाकर खाना खिलाया गया। इसके बाद सभी को अपने-अपने गंतव्यों की ओर रवाना किया गया।

गंगा में डूब रहे एक युवक को बचाने के चक्कर में दूसरा युवक भी डूबा

ऋषिकेश में होली के दिन पिकनिक मनाना दिल्ली और जम्मू कश्मीर के दो युवकों को भारी पड़ गया। जबकि एक युवती सहित अन्य युवक को एक विदेशी नागरिक ने सकुशल बचा लिया है। वहीं, सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और गंगा में लापता हुए दोनों युवकों की तलाश को रेस्क्यू अभियान चलाया।

चौकी इंचार्ज तपोवन विनोद कुमार ने बताया कि मंगलवार को होली के दिन दिल्ली से एक युवक मिलन पौडल मूल निवासी नेपाल, हाल जामिया मीलिया इस्लामिया कॉलेज दिल्ली से अपनी सहपाठी के साथ तपोवन नीम बीच पहुंचे। वहीं, दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर थाना रियासी शिवनगर निकट महादेव मंदिर निवासी कौशिक तुषार पुत्र प्रभुदयाल अपने मित्र साहिल के साथ नीम बीच पहुंचे।

सुबह करीब साढ़े 10 बजे मिलन पौडल नीम बीच के समीप गंगा में बने एक टापू से दूसरे टापू पर जाने की कोशिश करने लगा। इसी बीच उसका पैर फिसला और वह गंगा में डूबने लगा। उसे डूबता देख पास बैठे कौशिक तुषार ने उसे बचाने की कोशिश की। मगर, वह भी गंगा में डूबने लगे। दोनों को डूबता देख मिलन पौडल के साथ पहुंची युवती और कौशिक तुषार के साथ आए युवक साहिल कुमार भी उन्हें बचाने के लिए गंगा में उतर गए।

मगर, वह दोनों भी डूबने लगे। तभी दूसरे टापू पर बैठे जर्मनी निवासी क्रिश्चन रोसेनथाल ने गंगा में छलांग लगाकर युवती और साहिल को सकुशल बाहर निकाल लिया। उधर, सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और देर शाम तक गंगा में रेस्क्यू अभियान चलाया। मगर, सफलता नहीं लग पाई।

42 के बजाए बस में बैठे थे 148 यात्री, हुई सीज

देहरादून से लखीमपुर जा रही उत्तर प्रदेश नंबर की एक प्राइवेट बस को डग्गामारी करने पर सीज किया गया है। सीज की कार्रवाई परिवहन विभाग व निगम की टीम ने की। बस में 42 सीटर में पास थी, जबकि उसमें 148 यात्री सवार थे।

परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक पीके भारती ने बताया कि शासन के निर्देशा पर परिवहन निगम व विभाग की ओर से नेपाली फार्म पर संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान शाम सात बजे उत्तर प्रदेश नंबर यूपी15डीटी-9920 की एक बस आती दिखाई दी। विभागीय अधिकारियों ने बस को रुकने का इशारा किया तो बस चालक ने बस की स्पीड बढ़ा दी।

इस पर रायवाला पुलिस को सूचना देकर बैरियर लगवाए गए। साथ ही अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की मदद से बस को रोका गया। बताया कि बस की चेकिंग करने पर उसमें 148 यात्री पाए गए, जबकि बस 42 सीटर है।

बस चालक से कागजात मांगने पर वह उपलब्ध नहीं करा पाया। उन्होंने बताया कि चालक बस का परमिट, लाइसेंस और टैक्स के कागजात भी उपलब्ध नहीं करा पाया। इस बस को सीज कर दिया गया।

महाकुंभ के लिए चंद्रभागा नदी में बनेगी 200 वाहनों के लिए पार्किंग

आगामी महाकुंभ-2021 के चलते स्व. इंद्रमणी बडोनी चौक से वाहन ऋषिकेश के मध्य मार्गों में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इसके लिए चंद्रभागा तटबंध की सर्विस रोड को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही मायाकुंड-चंद्रभागा से सटे तटबंध के समीप 200 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

जिलाधिकारी देहरादून आशीष श्रीवास्तव के निर्देश पर बुधवार को स्थानीय प्रशासन, वन विभाग तथा नगर निगम की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में महाकुंभ के दौरान तीर्थनगरी की यातायात व्यवस्था को बनाए रखने तथा ज्यादा श्रद्धालुओं की आमद को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग व्यवस्था पर चर्चा हुई। नगर आयुक्त नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि चंद्रभागा तटबंध की सर्विस रोड को सुदृढ़ किया जाएगा। इसी मार्ग पर महाकुंभ के दौरान बडोनी चौक से रूट डायवर्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देहरादून मार्ग पर व्यस्ततम यातायात होने के कारण महाकुंभ के दौरान अव्यस्था फैलने की आशंका रहती है। इसी लिहाज से समय रहते जिलाधिकारी देहरादून ने रूट डायवर्जन पर फोकस करने को निर्देशित किया है।

वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मायाकुंड-चंद्रभागा तटबंध पर पार्किंग के लिए भूमि चयनित की गई है। इस पार्किंग में वाहन खड़ा करके श्रद्घालु त्रिवेणी घाट पर पैदल यात्रा कर गंगा स्नान को जा सकेंगे। साथ ही सांय कालीन आरती में भी भाग ले सकेंगे। इसके बाद इसी मार्ग से वापस भी जा सकेंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग तथा पार्किंग की भूमि का मौका मुआयना कर रिपोर्ट जिलाधिकारी देहरादून को भेज दी है।

केबीसी में लॉटरी के नाम पर ठगने वाले गिरोह का दूसरा सदस्य गिरफ्तार

रायवाला पुलिस ने कौन बनेगा करोड़पति में प्रतिभाग कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसी गिरोह के एक अन्य सदस्य को 15 जुलाई 2019 को गिरफ्तार किया था। आरोपी ने रायवाला निवासी बीएसएफ के एक हेड कांस्टेबल से 24 लाख 84 हजार की रकम ठगने के बाद गिरोह सुर्खियों में आया था।

थानाध्यक्ष रायवाला हेमंत खंडूरी ने बताया कि कौन बनेगा करोड़पति कांटेस्ट में हिस्सा दिलवाने के लिए लॉटरी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला गिरोह बिहार से संचालित हो रहा था। 12 जून 2019 को बीएसएफ हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह रावत पुत्र चंदन सिंह निवासी निकट राधास्वामी सत्संग भवन प्रतीत नगर रायवाला को एक फोन कॉल आया। उसमें गिरोह के सदस्यों ने स्वयं को कौन बनेगा करोड़पति कांटेस्ट से जुड़ा बताया।

गिरोह के सदस्य ने हेड कांस्टेबल को एक करोड़ बीस लाख रुपये की लॉटरी लगने की बात कही। इस लालच में हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह ने 24 लाख 84 हजार रुपये गंवा दिए। इसके बाद जब फोन कट गया और पीड़ित ने उक्त नंबर को पुनरू कॉल करनी चाही तो फोन स्विच ऑफ आया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया था।

इस मामले में टीम गठित कर गिरोह के शातिर विकास कुमार केसरी पुत्र अर्जुन केसरी निवासी महादेव सिमरिया थाना सिकंदरा जिला जमुई बिहार को गिरफ्तार किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि उक्त मामले में 15 जुलाई 2019 को गिरोह के एक अन्य सदस्य राहुल पुत्र अनिल प्रसाद निवासी एकसारा थाना वैन जिला नालन्दा बिहार को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य सदस्य आकाश वर्मा फरार चल रहा है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष हेमंत खंडूरी, उप निरीक्षक विक्रम सिंह नेगी, कांस्टेबल प्रवीण सिंधु, विनोद कुमार शामिल रहे।

हैकर्स फेसबुक अकाउंट को हैक कर दोस्तों से मांग रहे आर्थिक मदद

एक चाय विक्रेता की फेसबुक आईडी हैक कर साइबर ठग ने चंदे के नाम पर वसूली शुरू कर दी। साइबर ठगों पैसा ठगने के लिए चायवाले की कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देकर उसके दोस्तों, रिश्तेदारों और फेसबुक फ्रेंड लिस्ट में शामिल लोगों को मार्मिक पोस्ट व मैसेज डाल दिए। हैकर्स ने जयपुर स्थित बैंक शाखा का अकाउंट नंबर भी पोस्ट किया गया है।

जानकारी के मुताबिक गोविंद नगर निवासी शीशपाल भंडारी इसी क्षेत्र में चाय की दुकान है। उनके फेसबुक अकाउंट को दो दिन पूर्व हैक कर लिया गया था। इस ठगी का अंदाजा उन्हें तब लगा जब उनकी बुआ के लड़के ने चंडीगढ़ से फोन किया। उन्होंने बताया कि वह ऋषिकेश में अपनी दुकान पर है।

जबकि हैकर्स ने मैसेंजर में उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती होना बताया था। इसके बाद शीशपाल भंडारी ने होशियारी दिखाते हुए तत्काल नया फेसबुक अकाउंट बनाया। साथ ही पुराने अकाउंट को हैक कर लिए जाने की घटना को भी अपलोड किया। शीशपाल ने बताया कि हैकर्स की जालसाजी के चलते उन्हें करीब 15 लोगों के फोन आए। इन सभी लोगों से हैकर ने बैंक अकाउंट नंबर भेजकर 10-10 हजार रुपये की मदद मांगी थी। समय रहते पोस्ट अपलोड होते ही हैकर्स की नापाक उम्मीदों पर पानी फिर गया। फिलहाल पीड़ित शीशपाल भंडारी ने इस मामले में कोई पुलिस शिकायत नहीं दर्ज कराई है।

नगर निगम की टीम ने मांस विक्रेताओं को नोटिस जारी किये

स्वास्थ्य अधिकारियों से जांच करवाए बिना मांस बेचने वालों पर नगर निगम का डंडा चला। इस दौरान निगम की टीम ने यहां दो मांस विक्रेताओं का चालान काटकर दस हजार रुपये जुर्माना वसूला है। साथ ही छह लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस भी जारी किया गया है।
नगर निगम और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम इंद्रा नगर स्थित मीट मार्केट पहुंची। इस दौरान सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने मांस विक्रेताओं के लाइसेंस और नालियों का निरीक्षण लिया। इसमें अधिकांश के लाइसेंस की वैधता समाप्त पाई गई। इस पर सफाई निरीक्षक ने शीघ्र ही ऑनलाइन लाइसेंस नवीनीकरण कराने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने दो मांस विक्रेताओं का चालान कर दस हजार रुपये का जुर्माना वसूला। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने यहां बिक रहे मांस का परीक्षण किया। इसमें उन्होंने छह मीट विक्रेताओं को बिना मांस की जांच कराए बिक्री करने पर नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि स्लाटर हाउस में मांस कटना चाहिए। साथ ही वहीं डॉक्टरों को मांस का निरीक्षण करवाना चाहिए। उनकी लिखित सहमति के बाद ही मांस को बेचा जा सकता है। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल भी उपस्थित थे।

भूरीमाई धर्मशाला में रह रहे 65 परिवारों को सात दिन का समय

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भूरीमाई धर्मशाला को लावारिश पाते हुए नगर निगम अपने कब्जे में लेने के लिए तैयारी कर रहा है। निगम ने धर्मशाला का निरीक्षण कर यहां रह रहे 65 लोगों को कब्जे संबंधी दस्तावेज सात दिन में प्रस्तुत करने को कहा है।

बता दें कि आदर्श नगर स्थित करीब 4.39 हेक्टेअर में बनी भूरीमाई धर्मशाला का संपत्ति स्वामी न होने को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की गई थी। सीएम हेल्पलाइन से नगर निगम को मामले में जांच करने को कहा गया। इसी क्रम में मंगलवार को नगर आयुक्त नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल के निर्देशन पर सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, टैक्स इंस्पेक्टर निशात अंसारी और रमेश रावत धर्मशाला का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने यहां 65 परिवार ऐसे पाए, जो अवैध रूप से रह रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने धर्मशाला में निवास कर रहे परिवारों से भी वार्ता की। नगर आयुक्त नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल ने बताया धर्मशाला को लेकर सीएम पोर्टल में शिकायत की गई थी। इसी क्रम में सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में संपत्ति का मौका मुआयना कराया गया।

जांच में पता चला कि इस समय भूरीमाई धर्मशाला का कोई दावेदार नहीं है। इस कारण धर्मशाला को निगम के अधीन करने की शुरुआती प्रक्रिया की गई है। इसी क्रम में धर्मशाला में रह रहे परिवारों से उनके कब्जे सबंधी दस्तावेज पेश करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि सभी के दस्तावेज आने के बाद जिलाधिकारी देहरादून को संपूर्ण रिपोर्ट से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद जो भी निर्देश होंगे कार्रवाई की जाएगी।

10 करोड़ रूपए की लागत से तैयार हो रहा ट्रांजिट कैंप

विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा जाने वाले पर्यटकों के लिए पर्यटन विभाग की भूमि पर ट्रांजिट कैंप- रजिस्ट्रेशन कार्यालय का निर्माण कार्य इन दिनों तीव्र गति से जारी है। इसे पर्यटकों की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखकर 10 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। कार्यदायी संस्था के अनुसार कैंप का कार्य अगले वर्ष 2021 तक पूरा कर लिया जाएगा।

2013 की आपदा के बाद राज्य सरकार ने यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए ट्रांजिट हॉस्टल योजना पर काम करना शुरू किया। चंद्रभागा और गोपालनगर से लगती 3.70 हेक्टेअर वन भूमि को जनवरी 2019 में पर्यटन विभाग को ट्रांसर्फर किया गया। करीब साल बीतने के बाद आखिरकार पिछले कुछ दिनों पूर्व कार्यदायी संस्था बिडकुल ने यहां में काम शुरू कर दिया है। वर्तमान में 45 मीटर लंबी और चौड़ी बिल्डिंग निर्माण के लिए खुदाई का कार्य पूरा हो चुका है। बिडकुल के जेई राहुल ने बताया कि पर्यटन विभाग के निर्देश पर ट्रांजिट कैंप का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। मौसम आदि का कोई व्यवधान नहीं हुआ तो जुलाई 2021 तक ट्रांजिट कैंप का कार्य पूरा हो जाएगा।

ट्रांजिट कैंप का निर्माण भूतल, प्रथम और घ्द्वितीय तल में होगा। इसमें भूतल में दो मल्टीपल टिकट काउंटर होंगे। इसमें महिला, पुरूष के अलावा सिनियर सिटीजन और विकलांगों के लिए अलग से सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा इसी तल में बैंक व एटीएम सुविधा भी उपलब्ध होगी। पर्यटन विभाग और चारधाम यात्रा से जुड़ा संयुक्त रोटेशन का कार्यालय भी यहां होगा। प्रथम तल में दुकानें लगेंगी। इन दुकानों में यात्रियों के लिए भोजन आदि सुविधाएं उपलब्ध होंगी। द्वितीय तल मेें यात्रियों के लिए ठहरने की व्यवस्था होगी। करीब एक समय में 150 यात्री यहां ठहर सकेंगे। इसके अलावा यहां 250 बसों के लगभग पार्किंग की सुविधा भी होगी।