सड़क दुर्घटना में एक बालिका की मौत

मोतीचूर फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने लोडर वाहन को टक्कर मार दी। लोडर वाहन में सवार एक सात वर्षीय बालिका की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ संबंधित धारा में केस दर्ज किया है। जबकि लोडर में सवार चार घायलों को हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक आज सुबह पुलिस को सूचना मिली की मोतीचूर फ्लाईओवर के पास एक दुर्घटना हो गई। एक ट्रक ने लोडर वाहन को टक्कर मारी। ट्रक की टक्कर लगने से लोडर में सवार गोगो 7 पुत्री नरेश निवासी सलेमपुर, महदूद थाना रानीपुर, जिला हरिद्वार की मौत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची मृत बालिका के शव कब्जे लेकर पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

जबकि घायलों सोनिया, अनुराधा, सुंदरी और अन्य को हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में 108 एंबुलेंस की मदद से पहुंचा गया। रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि ट्रक चालक फरीद अहमद निवासी हरिद्वार को घटना के बाद पुलिस ने हिरासत ले लिया। आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

तीर्थनगरी में माधव सेवा विश्राम सदन के लिए सीएम ने की 50 लाख रूपये की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज वीरभद्र मंदिर मार्ग, ऋषिकेश में भाऊराव देवरस सेवा न्यास द्वारा बनाए जा रहे “माधव सेवा विश्राम सदन“ के भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रतिभाग एवं “माधव सेवा विश्राम सदन“ का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने माधव सेवा विश्राम सदन हेतु उत्तराखंड सरकार की ओर से 50 लाख रूपये की धनराशि दिए जाने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योग नगरी ऋषिकेश में एम्स के कारण यह स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र भी है। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य के साथ ही उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्य के लोग भी ऋषिकेश इन समय अपने इलाज हेतु आते है। उन्होंने कहा माधव सेवा विश्राम सदन बनने से बड़ी संख्या में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के ठहरने खाने रहने जैसी तमाम सुविधाएं आसानी से मिलने लगेंगी। उन्होंने कहा सेवा सदन के बनने से परिजनों को होने वाली दिक्कते दूर होंगी। उन्होंने सेवा सदन के कार्य को ईश्वरीय कार्य बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की भारत माता की कोख से ऐसे अनगिनत लाल जन्मे हैं, जिन्होंने देश हित में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। भाऊराव देवरस ने अपने जीवन का एक-एक क्षण राष्ट्र के लिए जिया एवं धरती मां को समर्पित किया। उन्होने बताया वर्ष 1937 (20 वर्ष की उम्र में) डाक्टर साहब की संघ विस्तार की योजना के अंतर्गत भाऊराव जी नागपुर से सुदुर उत्तर प्रदेश के लखनऊ आ गए। स्वतंत्रता के पांच वर्ष पश्चात 1952 में शिशुमंदिर योजना आंरम्भ करने के पीछे जो उनका सपना था उसका क्रियान्वयन उत्तर प्रदेश के गोरखपुर केंद्र से रहा। उनका मानना था कि ’किसी राष्ट्र का भविष्य उस राष्ट्र के सामान्य जन ही होते हैं, इसलिए शिक्षा का निर्माण देश के सामान्य जनों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होने कहा आदरणीय भाऊ राव जी ने वस्तुतः बीज बनकर स्वयं को त्यागकर समाजरूपी पेड़ को पुष्पित और पल्लवित करने का कार्य किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय में बना भाऊराव देवरस द्वार हमारे लिए सेवा एवं प्रेरणा का प्रतीक था। उन्होंने कहा एक छात्र के नाते मेरे सामाजिक जीवन में हीरो एवं आदर्श भाऊराव जी रहे। उनके नाम पर रखे गए विश्राम सदन का शिलान्यास करने का अवसर प्राप्त हुआ है। मुझे पूर्ण विश्वाश है की इसका उद्घाटन भी शीघ्र होगा। उन्होंने माधव सेवा विश्राम सदन हेतु हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए उसे गरीबों की सेवा का सदन एवं गैर व्यवसायिक सदन बताया। उन्होंने, सेवा परमो धमर्रू के सिद्धांत को आगे बढ़ाने के लिए माधव सेवा न्यास से जुड़े प्रत्येक स्वयंसेवक को नमन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश नगरी को चार धाम यात्रा का प्रथम स्थान बताते हुए कहा कि आज ऋषिकेश से कर्णप्रयाग रेलवे लाइन का कार्य तेजी से चल रहा है एवं चार धामों को जाने वाली सड़कों को डबल लेन बनाकर सुगम एवं सुरक्षित यात्रा का संदेश भारत के साथ पूरे विश्व में दिया गया है उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण भव्यता एवं दिव्यता से किया गया।

इस दौरान पूज्य स्वामी रामदेव, पूज्य यतिन्द्रानंद गिरि, पूज्य संत विजय कौशल, सुरेश भैया जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, वित्तमंत्री उत्तराखण्ड सरकार प्रेमचन्द्र अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

प्रसिद्ध समाजसेवी जयदत्त शर्मा के कार्यो को आगे बढ़ा रहे प्रतीक शर्मा-अग्रवाल

प्रसिद्ध समाजसेवी जयदत्त शर्मा फाउंडेशन की ओर से निशुल्क रक्त जांच, दांत जांच, महिलाओं के लिये फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की।
रविवार को सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर पर आयोजित शिविर का शुभारंभ मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि स्व. जयदत्त शर्मा आज भी हमारे दिलों में हैं, उन्होंने समाज में जब भी किसी भी वर्ग को दिक्कतें आई, हमेशा आगे बढ़चढ़कर उनका न सिर्फ नेतृत्व किया बल्कि उसका समाधान भी करवाया। उन्होंने सामाजिक कार्याे के साथ ही राजनीति में भी सराहनीय कार्य किये।
अग्रवाल ने कहा कि स्व. शर्मा जी जैसे लोग बहुत कम पैदा होते हैं। उन्होंने रामलीलाओं में भी भगवान लक्ष्मण का किरदार निभाकर समाज को प्रेरणा देने का कार्य किया। अग्रवाल ने फाउंडेशन के संस्थापक प्रतीक कालिया को इस आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी।
इस मौके पर 2800 लोगों के रक्तदान की जांच की गई। जबकि 35 लोगों ने दांत की जांच की गई। साथ ही 50 से अधिक महिलाओं की फिजियोथेरेपी की।
इस अवसर पर सोमेश्वर मंदिर महंत रामेश्वर गिरी महाराज, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, महामंत्री सुमित पंवार, इंद्र कुमार गोदवानी, गोपाल सती, सरोज डिमरी, माधवी गुप्ता, पार्षद अनिता रैना, सुजाता कुकरेजा, रेखा चौबे, भावना सिंधी, सिमरन गाबा, नविता अग्रवाल, डॉ गगन शर्मा, डॉ शशांक प्रतीक, डॉ कल्पना रस्तोगी, सुरेंद्र कैंतुरा, वीरेंद्र भारद्वाज सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

पैर फिसलने के कारण गंगा में डूब रहे चार लोगों को सकुशल बचाया


त्रिवेणी घाट में गंगा नदी में स्नान कर रहे चार युवकों का पैर फिसलने से डूबने पर समय रहते जल पुलिस के जवानों ने सकुशल बचाया है।
पहली घटना आज शाज चार बजे की हैं जब राजस्थान का 28 वर्षीय रितेश जंगीर पुत्र प्रेमराज पैर फिसलने पर डूबने लगा, जल पुलिस के जवान नायक अनिल पाल, विनोद सेमवाल, संतोष कुमार, विपिन काला ने समय रहते बचा लिया।

दूसरी घटना शाम छह बजकर 10 मिनट की है। जब वंश अग्रवाल पुत्र सतीश कुमार, मोहमद कैफ पुत्र शफीक कैफ का तेज बहाव में पैर फिसला और वह डूबने लगे। तभी उनका मित्र हितेश चौधरी पुत्र ऋषि पाल उन्हें बचाने को नदी में डूब पड़ा। वह भी डूबने लगा।

चीख पुकार सुनकर मौके पर मौजूद जल पुलिस व आपदा राहत दल की टीम ने तुरंत गंगा नदी में छलांग लगाकर उन्हें बचा लिया
बचाव दल मे नायक अनिल पाल, विनोद सेमवाल, संतोष कुमार, विपिन काला, हरीश शामिल रहे।

हुड़दंग मचा रहे पर्यटकों को पुलिस ने सिखाया सबक

लक्ष्मणझूला क्षेत्र के राधेश्याम घाट पर नशे में हुड़दंग मचा रहे छह पर्यटकों को पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ऐक्ट में चालान के बाद सबक सिखाने के लिए उनसे घाटों की सफाई भी करवाई। पुलिस के इस अनूठे कार्य को स्थानीय लोगों ने सराहा।
मिशन मर्यादा के तहत पुलिस टीम गंगा घाटों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गश्त कर रही थी। इसी बीच राधेश्याम घाट पर नशे में धुत्त कुछ युवक उत्पात मचाते नजर आए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। पुलिस ऐक्ट में चालान कर अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
पुलिस ने हत्थे चढ़े हिमांशु पुत्र दिवाकर, एलन पुत्र मैथ्यू, अभिषेक पुत्र मुकेश, आशीष पुत्र रामकुमार निवासी शामली, उत्तर प्रदेश, मोहित कुमार पुत्र नरेश कुमार, सोमबीर पुत्र धनवीर निवासी ग्राम नूरपुर, पानीपत, हरियाणा से क्षेत्र के घाटों की सफाई कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि पुलिस टीम में कांस्टेबल दीपक, बीरेंद्र कुमार, अनुराग, भवानंद आदि शामिल रहे।

ग्रीष्मकालीन अवकाश में बच्चों के लिए मस्ती की पाठशाला का आयोजन

मनसा देवी ऋषिकेश में सेतु फाउंडेशन संस्था द्वारा प्राथमिक शैक्षिक कार्यक्रम बड्स एकेडमी के अंतर्गत निर्धन परिवार के बच्चों के लिए एक ग्रीष्मकालीन शिविर का शुभारंभ किया गया। मस्ती की पाठशाला नामक इस शिविर का शुभारंभ करते हुए संस्था की सचिव सरिता भट्ट ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी बच्चों को अनौपचारिक तौर पर विद्यालयी वातावरण से जोड़े रखना, विशेषतया संरचनात्मक कलाओं को निखारने व खेल खेल में शिक्षा से जोड़े रखना शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
शिविर की संचालक अध्यापिका निरुपमा शर्मा ने बताया कि शिविर में बच्चों को विभिन्न प्रकार की पेंटिंग, घर पर तुरंत तैयार किए जाने वाले फूड आइटम्स बनाना, नृत्य गायन आदि सिखाए जाएंगे एवं खेल-खेल में मनोरंजन के साथ शैक्षिक ज्ञान वर्धन सत्रों का संचालन भी किया जाएगा।
संस्था सचिव ने बताया कि 15 दिनों तक चलाए जाने वाले इस शिविर के समापन दिवस पर बच्चों की कला प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी व बच्चों द्वारा तैयार कलाकृतियों एवं अन्य कलाओं का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्याम प्रकाश, उपाध्यक्ष माधव भट्ट, सह सचिव सुमित बडोला, सदस्य संजय कौशिक, अश्वनी गुप्ता, प्रीति, ममता आदि उपस्थित रहे।

एक किमी लंबे मार्ग का डामरीकरण कार्य कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने कराया शुरु

रायवाला में डामरीकरण का कार्य आज कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की मौजूदगी में शुरू किया गया। मौके पर उन्होंने भूमि का पूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया।
शुक्रवार को भूमिपूजन कर अग्रवाल ने मौजूदा लोगों सहित विभागीय अधिकारियों में मिष्ठान वितरण किया। कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में विकास कार्य के लिए उन्होंने सदैव कार्य किया है। यही कारण है कि जनता का आशीर्वाद से चौथी बार विजयी हुये हैं। बताया कि 11 लाख 69 हजार रुपए की धनराशि से एक किमी लंबे (बासंती माता मंदिर से अनुसूया आश्रम तक) मार्ग का तारकोल द्वारा डामरीकरण का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। कहा कि इसी तरह विधानसभा के अन्य जगहों में भी मार्ग के नवीनीकरण का कार्य किया जाएगा।
अग्रवाल ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में अनेकों विकास कार्य उनके द्वारा किये गये। हर जाति, हर वर्ग, हर धर्म के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किये गए। भेदभाव की भावना से ऊपर उठकर वह कार्य करते है। यही हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का भी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास नारा भी है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र नगर, डोईवाला, ऋषिकेश, मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम के ठोस अपशिष्ट कूड़ा निस्तारण के लिए उनके वित्त मंत्री बनने के बाद 33 करोड़ 24 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई। साथ ही बहुमंजिला पार्किंग का कार्य शुरू होने जा रहा है। यही नहीं व्यक्तिगत घरेलू शौचालय के लिए 12 लाख 60 हजार, सामुदायिक शौचालय के लिए एक करोड़ 60 लाख 72 हजार रूपये, सार्वजनिक मूत्रालय के लिए 28 लाख 80 हजार रूपये और आईईसी 16 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इस मौके पर प्रधान रायवाला सागर गिरी, मंडल अध्यक्ष श्यामपुर गणेश रावत, महामंत्री रवि शर्मा, सतपाल सैनी, गौतम राणा, बाबूराम प्रजापति, आशीष जोशी, महेश रानाकोटी, सोनू भट्ट, सुल्तान रावत, दीपक जोशी, गणेशी राम बंगवाल, उपेन्द्र जोशी, विभागीय इंजीनियर लक्ष्मीकांत गुप्ता, विनोद भारती, संजय गौतम, मनोज, जयपाल चौहान, ज्योति कंडवाल, मोनिका जुयाल, दर्शनी रावत, जयानंद डिमरी, रमन रांगड़, लक्ष्मी गुरुंग सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता करने के बाद कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने धरना समाप्त कराया

रायवाला में देशी शराब की दुकान को अन्यत्र शिफ्ट किये जाने के विरोध में बीते छह दिनों से चल रहे धरने को कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने समाप्त कराया।
शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने कहा कि शराब की दुकान किसी भी कीमत पर स्कूल मार्ग अथवा उसके समीप हरगिज नहीं खोली जाएगी। कहा कि इसी मार्ग से महिलाओं का भी आवागमन होता है, ऐसे में यहाँ अपराध बढ़ने की भी संभावना है। उन्होंने मौके पर से ही दूरभाष के जरिये जिलाधिकारी देहरादून डॉ आर राजेश कुमार से वार्ता की और ग्रामीणों की सहमती के बिना दुकान शिफ्ट करने की योजना पर नाराजगी जताई।
उन्होंने जिलाधिकारी देहरादून को तत्काल इस सम्बंध में कार्यवाही करने को कहा। कहा कि शराब की दुकान किसी भी सूरत में अन्यत्र जगह पर शिफ्ट नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कढ़ाई से इसका पालन करने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
मौके पर अग्रवाल ने ग्रामीणों का पिछले छह दिनों से चल रहा धरना समाप्त कराया। इस मौके पर धरने के नेतृत्व कर रहे ग्राम प्रधान प्रतीतनगर अनिल कुमार ने कहा कि कैबिनेट व क्षेत्रीय विधायक ने सदैव जनता की समस्या का निदान किया है और ज्वलंत विषयों पर त्वरित गति से कार्यवाही भी की है। इसी समर्पण भाव के चलते जनता हर बार चुनाव में उनके जीत का अंतर बढ़ाती है।
इस मौके पर धरना दे रहे सभी ग्रामीणों ने मंत्री अग्रवाल का आभार जताया। मौके पर मंत्री के समर्थन में नारे भी लगाये गए।
इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुरुंग, ममता देवी, कमला, प्रमिला देवी, देवेश्वरी, दीपा, सुनीता, उषा देवी, रेखा थापा, शारदा, चेता सिंह, सुनीता, दीपा, बबीता सैनी, विमला देवी, सुनीता दास, सोनिका देवी, एला देवी, कमला भंडारी, उर्मिला, पंचायत सदस्य अजय, सपना, रोशनी, सीमा, मीना बिष्ट, इंदु देवी, रमेश शाह सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने धरना समाप्त किया।

शातिर ठगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

शिकायतकर्ता रोहित राजभर पुत्र सूरज राजभर निवासी चंद्रभागा ऋषिकेश के द्वारा एक प्रार्थना पत्र दिया गया कि मैं अमरीक सिंह की दुकान में काम करता हूं। 8 जून को सुबह 10 बजे के लगभग मेरे मालिक अमरीक सिंह के द्वारा ₹73000 पंजाब नेशनल बैंक में जमा करने हेतु दिए गए। जिन्हें जमा करने में पंजाब नेशनल बैंक देहरादून रोड ऋषिकेश गया लेकिन बैंक के अंदर कुछ अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा मुझे अपनी बातों में लेकर मुझ से ₹34000 ठग लिए गए। जिसके बाद मैंने उन्हें बाहर आकर तलाश किया तो कहीं दिखाई नहीं दिए।शिकायतकर्ता की शिकायत पर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कर घटना की जानकारी उच्च अधिकारी गणों को दी गई। पुलिस अधीक्षक देहात व क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के द्वारा एक पुलिस टीम बनाकर दिशा निर्देश दिए। गठित पुलिस टीम द्वारा 8 जून की सांय मुखबिर की सूचना पर बैंक में ठगी करने वाले 6 शातिर अभियुक्तों को ठगी करने के लिए प्रयोग में लाई जाने वाली कागज की 1 गड्डी व नकद ₹69,000/- के साथ घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार के साथ देहरादून रोड फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में अभियुक्तों का नाम व पता पिंटू पुत्र रामनाथ राम निवासी ग्राम धर्म बागी नराव थाना अवतार नगर छपरा बिहार
हाल निवासी लक्ष्मी नगर अक्षरधाम दिल्ली, सत्य प्रकाश पुत्र लालाराम निवासी ग्राम सिरसौल पट्टी जसा थाना बिल्सी बदायूं उत्तर प्रदेश हाल निवासी- करावल नगर दिल्ली, सोनू पुत्र राजाराम निवासी मकान नंबर 10 गली नंबर 2 वेस्ट कमल विहार थाना करावल नगर दिल्ली, अंसार पुत्र अब्दुल अंसार उर्फ गफ्फार निवासी 369 कर्बला थाना दक्षिण जिला फिरोजाबाद उत्तर प्रदेश हाल निवासी- करावल नगर दिल्ली, पंकज कुमार पुत्र छतु साहू निवासी हर्ष विहार टू चेतना पब्लिक विद्यालय थाना साहिबाबाद गाजियाबाद उत्तर प्रदेश, ऋषि पाल सिंह पुत्र उदय सिंह निवासी वेस्ट कमल विहार डी 368 गली नंबर 4 थाना करावल नगर दिल्ली के रूप में हुआ है। सभी अभियुक्तों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। पुलिस टीम में डीपी काला, वरिष्ठ उप निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश,
उप निरीक्षक उत्तम रमोला, महिला उपनिरीक्षक सोनल, कांस्टेबल सचिन सैनी, कांस्टेबल संदीप छाबड़ी, कांस्टेबल पंकज कुमार, कांस्टेबल सोविन्द्र।
एसओजी देहात टीम में कांस्टेबल नवनीत नेगी, कांस्टेबल सोनी कुमार, कांस्टेबल मनोज शामिल थे।

दिल्ली की लापता महिला परमार्थ घाट में मिलीं

दिल्ली से लापता एक महिला लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के परमार्थ निकेतन घाट पर मिली। पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क कर महिला को सुपुर्द किया।
लक्षमणझूला थाना निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि थाना मानसरोवर पार्क जिला शाहदरा, दिल्ली निवासी आकृति दुबे पत्नी अविनाश दुबे की परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। दिल्ली पुलिस महिला की तलाश में यहां पर पहुंची। लक्ष्मणझूला पुलिस की मदद से महिला को परमार्थ निकेतन घाट से सुबह सकुशल बरामद किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस के एएसआई दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल जसवीर सिंह, महिला के परिजन सुधीर पांडे और प्रीति पांडे, उप निरीक्षक मनोज रावत, कांस्टेबल मानवेन्द्र सुमन, कांस्टेबल पीएसी सुशील सिंह रावत, महिला कांस्टेबल कविता सैनी मौजूद रहे।