पुस्तक प्रदर्शनी के माध्यम से छात्रों को प्रेरित किया

ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल में नेशनल बुक ट्रस्ट के प्रमोटर प्रकाशन विद्या पुस्तक प्रकाशन द्वारा विद्यालय के सभी बच्चों के लिए मनोरंजित एवम साहित्यक पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यालय सचिव कप्तान सुमंत डंग, प्रधानाचार्या डॉ कोयली चक्रवर्ती द्वारा पुस्तक प्रदर्शनी का उदघाटन किया गया।
पुस्तक प्रदर्शनी में बच्चों की विषय वस्तु के आधार पर ही सभी विषयों जैसे (पिक्चर बुक्स, एक्टिविटी बुक्स, साहित्यिक, आत्मकथा, विज्ञान, कथा साहित्य एवम् सामान्य ज्ञान जैसी कई प्रकार की भारतीय एवम् विदेशी पुस्तकों को भी सम्मिलित किया गया। सभी बच्चों ने अपनी विषय रूचि के आधार पर पुस्तकों को ख़रीदा भी और अत्यधिक प्रभावित भी हुए। विद्यालय प्रधानाचार्या डॉ कोयली चक्रवर्ती द्वारा सभी बच्चों का एक्टिविटी बुक्स, आत्मकथा जैसी मनोरंजित एवम आकर्षक पुस्तकों हेतु ध्यान केंद्रित करते हुए उन्हें मानसिक रूप से ज्ञान अर्जित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
विद्यालय सचिव कप्तान सुमंत डंग ने भी प्रस्तुत प्रदर्शनी में उपस्थित सभी बच्चों को मनोरंजन हेतु न् केवल डिजिटली, मोबाइल पर सामाजिक मीडिया बल्कि ऐसी कई अन्य आकर्षक, साहित्यक, कथा-साहित्य, नोवेल्स पुस्तकों के माध्यम से भी मनोरंजन कर सकते है और साथ मे ज्ञान भी अर्जित कर सकते है। कप्तान सुमंत डंग ने कहा कि आज का समय पूर्ण रूप से सोशल मीडिया पर आधारित है। उन्होंने बच्चों को मनोरंजन और शिक्षा हेतु प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें कई महत्व्पूर्ण पुस्तके, सन्दर्भ पुस्तक, उपन्यास एवं विदेशी पुस्तकों के लिए प्रेरित किया।

जेसीबी देख खुद अतिक्रमण हटाने लगे लोग

चारधाम यात्रा के मद्देनजर मंगलवार को राजस्व विभाग, नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला और पुलिस की संयुक्त टीम ने लक्ष्मणझूला रोड और खारास्रोत आस्थापथ में रेहड़ियों और फड़ वालों के अतिक्रमण को हटाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से रेहड़ी व फड़ विक्रेताओं में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मंगलवार को एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र नेगी के नेतृत्व में राजस्व विभाग, नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम निकाय कार्यालय में एकत्र हुई। यहां से लक्ष्मणझूला मार्ग, रामझूला, खारास्रोत, आस्थापथ आदि पर पसरे रेहड़ियों और फड़ों के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई को देख रेहड़ी और फड़ विक्रेताओं में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में अतिक्रमणकारी अपना समेटते नजर आए। कई जगहों पर जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान सामान को भी टीम ने जब्त कर लिया।
एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र नेगी ने बताया चारधाम यात्रा तेज हो रही है। प्रतिदिन हजारों की तादाद में पर्यटक मुनिकीरेती क्षेत्र पहुंच रहे हैं। यहां से पर्यटक चारधाम के लिए पहाड़ी रूटों पर रवाना होते हैं। अतिक्रमण के कारण आए दिन हाईवे पर जाम आदि की समस्या से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जूझना पड़ता है। शासन के निर्देश पर समस्याओं से निजात दिलाने के लिए लक्ष्मणझूला रोड पर पसरे रेहड़ियों व फड़ों के अतिक्रमण को हटाया गया है। मौके पर ईओ तनवीर मारवाह, मुनिकीरेती थाना निरीक्षक रितेश शाह, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह पंवार, कर संग्रहकर्ता केतन शर्मा, पुलिस उपनिरीक्षक सचिन पुंडीर, उपनिरीक्षक रीना नेगी, उपनिरीक्षक यशवन्त सिंह खत्री, पटवारी निधि थपलियाल, वर्क एजेंट जितेंद्र सजवाण आदि उपस्थित रहे।

हरिपुरकलां के ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, की समस्या के स्थाई निदान की मांग

ग्रामसभा हरिपुरकलां के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान गीतांजलि ज़खमोला के नेतृत्व में डीएम देहरादून आर राजेश कुमार से मुलाकात की।

ग्रामीणों ने डीएम को हरिपुरकलां मोतीचूर में बने फ्लाईओवर से ग्रामीण जनों की कनेक्टिविटी न देने पर एवं अन्य फ्लाईओवर को जोड़े जाने के विरोध में ज्ञापन दिया। कहा कि जो फ्लाईओवर बनाया गया है इससे ग्रामीण जनों की कोई कनेक्टिविटी नहीं दी गई है और जो पुराना सर्विस रोड था वह भी रेलवे और वन विभाग द्वारा बंद कर दिया गया है ऐसी स्थिति में ग्रामीणजनों को अतिरिक्त दो-तीन किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है जिसमें ग्राम हरिपुर कला राजस्व गांव की तहसील से ही कट गया है।

ग्राम प्रधान गीतांजलि ज़खमोला ने बताया कि ग्रामीण जनों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक और फ्लाईओवर जो हरिद्वार से बनाया जा रहा है वह भी सप्त ऋषि के पास जोड़ा जा रहा है जिससे और अतिरिक्त 8 से 10 किलोमीटर का सफर अतिरिक्त तय करना पड़ेगा।
कहा कि इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। चेताते हुए कहा कि समाधान न होने पर ग्रामीणजन एक उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया और संबंधित एनएचआई के पीडी प्रोजेक्ट डायरेक्टर से फोन पर वार्ता की। समस्या का स्थाई समाधान के लिए भी आश्वस्त किया
इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल मैं जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, पूर्व प्रधान संजय पोखरियाल, प्रेम लाल शर्मा, उपप्रधान मनोज शर्मा, ग्राम पंचायत सदस्य शिवानी गोस्वामी, दीपमाला, गणेश कुलियाल, अशोक रियाल, चंद्रकांता बेलवाल, राजेश लखेरा आदि ग्रामीण जन उपस्थित थे।

सहमति से चुने जायेंगे पदाधिकारी, संगठन चुनाव को लेकर चर्चा

कांग्रेस ने पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए संगठन चुनाव की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत पार्टी के जिला निर्वाचन अधिकारी अजय दांतरे ने स्थानीय कार्यकर्ताओं को चुनाव संबंधी जानकारी दी। बताया कि प्रत्येक बूथ पर एक अध्यक्ष और एक प्रतिनिधि और ब्लॉक में छह प्रतिनिधि चुने जाएंगे। चयन आम सहमति या चुनाव के माध्यम से होगा।
रविवार को रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी के सांगठनिक चुनाव को लेकर बैठक में जिला चुनाव अधिकारी अजय दांतरे ने कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। बताया कि पहले बूथ कमेटी के चुनाव होंगे। इसमें एक अध्यक्ष और एक प्रतिनिधि चुना जाएगा। उसके बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के चुनाव में छह प्रतिनिधि चुने जाएंगे, इसमें से एक पीसीसी प्रतिनिधि बनेगा। यही प्रतिनिधि प्रदेशस्तरीय चुनाव में हिस्सा लेंगे।
दांतरे ने बताया कि सांगठनिक चुनाव में कांग्रेसी परंपरा के अनुसार आम सहमति बनाने का प्रयास होगा और सबको साथ लेकर चला जाएगा। फिर भी जरूरत पड़ी तो चुनाव भी कराया जाएगा। बैठक में मौजूद कांग्रेसियों ने आम सहमति से चुनाव कराने का भरोसा दिलाया।
मौके पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल खरोला, प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, त्रिलोकी नाथ तिवारी, लल्लन राजभर, देवेंद्र रावत, पार्षद मनीष शर्मा, जगत सिंह नेगी, विजयलक्ष्मी शर्मा, देवेंद्र प्रजापति, व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, अरविंद जैन, चंदन पवार, महिला कांग्रेसाध्यक्ष सरोज देवराणी, मधु जोशी, अभिषेक शर्मा, उमा ओबरॉय, नंदकिशोर जाटव, रकम पोखरियाल, राजपाल सिंह, परमेश्वर राजभर, प्रवीण जाटव, अशोक शर्मा, शुभम सारस्वत, राजकुमार तलवार, जगमीत सिंह, विजेंद्र गौड़ आदि मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने गंगा जन्मोत्सव मनाया

आज गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर त्रिवेणी घाट में विशेष गंगा आरती की गई। आरती में कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल शामिल हुई। माँ गंगा से सभी देशवासियों के ऊपर कृपा बनाये रखने की कामना की।
रविवार को माँ गंगा का जन्मदिन श्री गंगा सभा द्वारा धूमधाम से त्रिवेणी घाट स्थल पर मनाया गया। इसमें सर्वप्रथम हवन कुंड में पूर्णाहुति दी गयी। इसके बाद कैबिनेट मंत्री अग्रवाल सहित गंगा भक्तों ने माँ गंगा का दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद विशेष गंगा आरती की गई। इस मौके पर भजनों की शानदार प्रस्तुति दी गयी।
इस मौके पर अग्रवाल ने कहा कि गंगा सब जगत की पालनहार है, ऐसे में उनका जन्मदिन पूरा देश कई रूपों में मना रहा है। कहा कि ऋषिकेश का यह सौभाग्य है कि गंगा मैया यही से बहती है। उन्होंने कहा कि आज के दिन पवित्र धाम बद्रीनाथ के कपाट भी भक्तों के लिए खोल दिये गये है। इस मौके पर उन्होंने माँ गंगा से सुख, सृमद्धि, वैभव, खुशहाली की कामना की। साथ कि चारधाम यात्रा के सफल संचालन का आशीर्वाद भी मांगा।
अग्रवाल ने भजनों की शानदार प्रस्तुति दे रहे संगीतकारों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही श्री गंगा सभा को माँ गंगा के आयोजन पर शुभकामनाएं भी दी।
इस मौके मेयर अनिता ममगाई, गंगा सभा के अध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष राहुल शर्मा, महामंत्री रामकृपाल गौतम, संरक्षक वत्सल प्रपन्नाचार्य, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, विनोद पाल, पंडित जगमोहन मिश्रा, पवन शर्मा, बृजेश शर्मा सहित श्रद्धालु मौजूद रहे।

भेदभाव की भावना से ऊपर उठकर कार्य कर रही सरकार-अग्रवाल

आईडीपीएल स्थित केंद्रीय विद्यालय से शिव मंदिर तक मार्ग का नवीनीकरण का कार्य आज कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की मौजूदगी में शुरू किया गया। मौके पर अग्रवाल ने भूमि का पूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया।
रविवार को भूमिपूजन कर अग्रवाल ने मौजूदा लोगों सहित विभागीय अधिकारियों में मिष्ठान वितरण किया। कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में एक बार पुनः विकास कार्य प्रारंभ हो गए हैं। बताया कि साढ़े 10 लाख रुपए की धनराशि से 900 मीटर लंबे मार्ग का तारकोल द्वारा नवीनीकरण का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इसी तरह विधानसभा के अन्य जगहों में भी मार्ग के नवीनीकरण का कार्य किया जाएगा।
अग्रवाल ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में अनेकों विकास कार्य उनके द्वारा किये गये। हर जाति, हर वर्ग, हर धर्म के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किये गए। भेदभाव की भावना से ऊपर उठकर वह कार्य करते है। यही हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास नारा भी है।
उन्होंने कहा कि नगर के लोगों की सबसे बड़ी मांग पार्किंग शुरू से मेरी प्राथमिकता में रही है। इस दिशा में जल्द निजात मिलने जा रही है। बताया कि एमडीडीए को मेरे द्वारा दिसम्बर 2023 तक हर हालत में पार्किंग बनाने के निर्देश दिये गये है, इससे व्यापारियों सहित आने वाले पर्यटक, श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा और निश्चित रूप से पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा।
अग्रवाल ने कहा कि नगर की एक ओर सबसे बड़ी समस्या को उनके द्वारा हल किया जा रहा है। नगर के बीच में बने कूड़ा के ढेर से निजात दिलाने को 33 करोड़ रूपए ट्रेचिंग ग्राउंड के लिए मेरे द्वारा वित्त मंत्री बनने के बाद स्वीकृत किये गए हैं। कहा कि त्रिवेणी घाट पर गंगा की जलधारा तट तक लायी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश की जनता ने जो प्यार, आशीर्वाद मुझे दिया है, उसके लिए आभार व्यक्त करता हूं। कहा कि विपक्ष को राजनीतिक भावना से ऊपर उठकर कार्य करना चाहिए और विकास कार्यों में सकारात्मक रुख अपनाना चाहिए। कहा कि आपके वोट की ही ताकत है जो मंत्री पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने एक बार पुनः अपना आशीर्वाद देने की अपील की। कहा कि आशीर्वाद दें जिससे वह अगले पांच वर्ष तक विकास कार्याे को और तेजी से कर सके।
इस मौके पर पार्षद सुंदरी कंडवाल, लक्ष्मी रावत, माया घले, देवेश्वरी पुंडीर, प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता सतीश कुमार, अपर सहायक अभियंता उपेंद्र गोयल, विनोद भारती, रमेश चंद शर्मा, सुमन, रामकैलाश, सदानंद यादव, रंजीत, होमराज गुप्ता, निर्मला उनियाल, अविनाश सेमल्टी, वायुराज, सुशील शर्मा आदि स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

12 मई को थी शादी, आज परिवार सहित कार दुर्घटना में हुई मौत

शादी की खरीददारी कर घर लौट रहे लोगों के लिए रविवार काल बनकर टूट पड़ा। ऋषिकेश से थराली जा रही कार बद्रीनाथ हाईवे पर तोताघाटी के पास अनियंत्रित होकर 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 4 लोग एक ही परिवार के हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर देवप्रयाग तहसील प्रशासन और थाना पुलिस को करीब सात बजे सूचना मिली कि तोताघाटी के पास एक कार गिर गई है। जिसके बाद टीमें वंहा पंहुची। कार संख्या यूपी15-डीएल1061 गहरी खाई में गिरी दिखी। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ के टीमों में खाई में जाकर रेस्क्यू अभियान चलाया। तहसीलदार एमएस बर्थवाल ने बताया कि तोताघाटी से आगे सफेद पहाड़ के पास हुई दुर्घटना में मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। जिसमें पिंकी (25) पुत्री त्रिलोक सिंह, प्रताप सिंह (40) पुत्र देव सिंह, भागीरथी देवी (36) पत्नी प्रताप सिंह, विजय (15) पुत्र प्रताप सिंह, मंजू (12) पुत्री प्रताप सिंह सभी निवासी ग्राम बाण, तहसील थराली जिला चमोली शामिल हैं। तहसीलदार ने बताया कि यह सभी लोग ऋषिकेश से शादी की खरीदारी कर वापस थराली लौट रहे थे। रेस्क्यू में थाना देवप्रयाग के एसएसआई अनिरूद्ध मैठाणी समेत एसडीआरएफ के जवान शामिल रहे।
बताया जा रहा है कि मृतका पिंकी की 12 मई को शादी होनी थी। इसी सिलसिले में परिवार शादी की शॉपिंग के लिए ऋषिकेश आया था।

दो जगह बदले एटीएम, खाते से निकाले पैसे, मुकदमा

कोतवाली पुलिस के मुताबिक आलम सिंह नेगी पुत्र स्व. भजन सिंह नेगी निवासी गुड्डू प्लांट श्यामपुर ऋषिकेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 6 मई 2022 को समय 11.30 बजे पीएनबी एटीएम में चार-पांच लड़कों ने धोखे से एटीएम बदलकर उनके खाते से पैसे निकाल लिए।

वहीं, छोटे लाल गुप्ता निवासी गली नंबर एक, मीरा नगर आईडीपीएल ऋषिकेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 6 मई को उनकी पुत्री किरण पीएनबी एटीएम से पैसे निकालने की गई थी। बताया उनकी पुत्री ने अज्ञात व्यक्तियों से पैसे निकालने में मदद मांगी तो एटीएम बदलकर उनके बैंक खाते से तीन बार में ₹25000 रुपये निकाल लिए गए। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रायवाला थाना गेट और सत्यनारायण मंदिर समीप खुली पुलिस पर्यटक चौकी, सीओ ने किया शुभारंभ

चारधाम यात्रा शुरू होने पर तीर्थयात्रियों की सहायता व मार्गदर्शन के लिए रायवाला थाना क्षेत्र में दो पुलिस पर्यटक चौकी की स्थापना की गई। इन चौकी पर चारधाम यात्रा शुरू होने पर तीर्थयात्रियों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए रायवाला थाना क्षेत्र में दो पुलिस पर्यटक चौकियों की स्थापना की गई। इन चौकियों पर दिन अैर रात हर समय पुलिस तैनात रहेगी।

आज पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश दिनेश चंद्र ढौंडियाल ने रिबन काटकर पुलिस पर्यटक चौकियों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा मित्र पुलिस पर्यटकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में भी हरसंभव मदद करेगी। एक केंद्र रायवाला थाने के बाहर और दूसरा केंद्र श्री सत्यनारायण मंदिर पर खोला गया। थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर तीन-तीन जवानों को तैनात किया किया गया है। उन्हें सेनेटाइजर, मास्क और चारधाम यात्रा का रूट मैप दिया गया है।

पुलिस और निगम की टीम ने एम्स मार्ग से हटाया अतिक्रमण

ऋषिकेश पुलिस और नगर निगम ऋषिकेश की टीम ने संयुक्तरूप से अभियान चलाते हुए एम्स मार्ग पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही की है।

कोतवाल रवि सैनी और नगर निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से एम्स को अतिक्रमण मुक्त किया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि एसएसपी देहरादून के निर्देशन पर नगर निगम के साथ आपसी सामंजस्य स्थापित कर एक संयुक्त टीम गठित की गई।

जिसके चलते एम्स रोड के दोनों ओर किनारे अवैध रूप से झुग्गी झोपड़ी, रेहड़ी-ठेली-फड़ तथा दुकानों के बाहर परमानेंट बोर्ड, गार्ड आदि लगाकर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण हटाया गया।