10 वर्षीय बच्चे को नीरजा देवभूमि ट्रस्ट ने व्हीलचेयर दी

नीरजा देवभूमि चेरिटेबल ट्रस्ट ने एक 10 वर्षीय बच्चे को कृष्णा नगर कॉलोनी आईडीपीएल ऋषिकेश में व्हीलचेयर उपलब्ध कराई है।
नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट को जब यह मालूम हुआ की बच्चे के दोनों पैर खराब है और वह चल नहीं सकता और घर से बाहर आना जाना हो या बच्चों के बीच खेलना तो उसे अपने घर के अंदर ही रहने को मजबूर रहना पड़ता है। तो ट्रस्ट ने बच्चे को एक व्हीलचेयर देने का निश्चय किया, जिससे बच्चे की माँ को बच्चे को कहीं लाने ले जाने में दिकत न हो।
बच्चे के पिता और माता मजदूरी करते है, कहीं ले जाना होता है तो गोदी में ले जाती है। ट्रस्ट ने परिवार की आर्धिक स्थिति को देखते हुए सहयोग का हाथ बढाया। वहीं, व्हीलचेयर पाकर बच्चे के परिजन ने ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट की तरफ से बच्चे का हैंडीकैप सर्टिफिकेट बनवाने में भी उसकी मदद की गई जिससे बच्चे को हर महीने पेंशन का लाभ मिल सके। इस मौके पर ट्रस्ट की संस्थापक नीरजा गोयल, सह संस्थापक नूपुर गोयल उपस्थित रहे।

शनिश्चरी अमावस्या पर विशेष पूजा अर्चना कर प्रार्थना की

ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट, पूर्णानंद घाट में महिलाओं द्वारा की जा रही गंगा आरती में महिलाओं द्वारा शनिश्चरी अमावस्या उत्साह के मनाई। पूर्णानंद घाट में सुबह ब्रह्ममुर्हुत में यज्ञ के बाद भक्तों द्वारा पूजा-अर्चना की। सुबह नवग्रह पूजन के साथ हवन और भंडारा हुआ कुंभ मेला पार्किंग मुनि की रेती में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। काफी संख्या में आये श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर शनि देव से प्रार्थना कर सुख समृद्धि की कामना की। इस मौके पर जप, अनुष्ठान और अन्य धार्मिक कार्यक्रम हुए।
अमेरिका से 94 वर्ष की दादी ध्रुव अमर के सौजन्य से भंडारा का आयोजन हुआ। दादी ध्रुव अमर ने कहा कि सत्यम शिवम् सुंदरम् भगवान शिव भारतीय जीवन की ऊर्जा और रचनात्मक शक्ति के प्रतीक हैं। शिव भारत की धरती की संस्कृति में समाहित हैं। सत्यम, शिव, सुंदर भारतीय संस्कृति का आदर्श है। सत्य ही शिव, शिव ही सुंदर हैं। शिव स्वास्थ्यप्रद औषधियों के परम ज्ञाता, ज्ञान, योग, विद्या, व्याख्यान तथा सभी शास्त्रों में पारंगत होने के साथ ही कुशल नर्तक तथा प्रवर्तक भी हैं। काम, लोभ, गुस्से आदि गलत आदतों का त्याग करना चाहिए। भगवान शिव की पूजा के साथ गरीबों की मदद करनी चाहिए।
ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट ने पूर्णानंद घाट में महिलाओं ने किया हवन पूजन साथ ही शनिश्चरी अमावस्या पर विशेष गंगा आरती की गई।
महिला गंगा आरती में मुख्य रूप से ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट की सदस्य डॉ. ज्योति शर्मा, शान्ति सिहं, संध्या, आचार्य अभिनव पोखरियाल डायरेक्टर नमामि गंगे स्पिरिचुअल, सावित्री चौधरी पूर्व वाइस चेयरमैन मुनीकीरेती, प्रवीण गोस्वामी आदि ने हवन एवं भंडारे में सहभागिता की।

हादसों को न्यौता दे रहे आवारा पशु

शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशु लोगों के लिए जी का जंजाल बने हुए हैं। निगम द्वारा कांजी हाऊस की व्यवस्था किए जाने के बावजूद सड़कों पर आवारा पशुओ का अतिक्रमण जारी है। इस ओर अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा ने सड़क हादसों को न्योता दे रहे आवारा पशुओं पर कारवाई की मांग की है।
अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष राजे सिंह नेगी का कहना है कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं की वजह से सड़क हादसों का शिकार होकर लोगों को अस्पताल का रास्ता नापना पड़ रहा है। कई बार दोपहिया वाहन इसकी चपेट में आकर चोटिल भी हो चुके हैं। आवारा पशुओं को हटाने की जिम्मेदारी प्रशासन की है लेकिन निगम अधिकारी इस गंभीर समस्या पर आखें मूंदे हुए हैं। आवारा पशुओं को सड़क से हटाने की मुहिम चलती नहीं दिखाई दे रही है। ऐसे में बड़ी सड़क दुर्घटनाओं के होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने निगम प्रशासन से इसपर तत्काल कार्यवाही की मांग की है।

एमडीडीए की बैठक में कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों को दिये निर्देश

आज विधानसभा स्थित सभागार में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के शीर्ष अधिकारियों के साथ शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बैठक की। उन्होंने ऋषिकेश में नगर निगम की भूमि पर बहुमंजिला पार्किंग बनाने को माह दिसम्बर 2023 तक हर हालत में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही रिक्त पदों को भरने, अगले 20 दिन के भीतर अवैध प्लाट, भवन को चिन्हित करने के भी निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने प्राधिकरण द्वारा नक्शा पास के लिए चार हजार आवेदन को तय समय के भीतर किये जाने पर प्रंशसा व्यक्त की।

बैठक में कैबिनेट मंत्री अग्रवाल द्वारा ये निर्देश दिए गये।
1- नगर निगम ऋषिकेश में जी प्लस छह मंजिला पार्किंग बनाने के लिए चार माह के भीतर कागजी कार्यवाही कर माह दिसंबर 2023 तक पूर्ण करने के कड़ाई से निर्देश दिए। इस कार्य को प्राथमिकता के साथ करने को कहा।
2- मसूरी मॉल रोड के सौंदर्यकरण के कार्य में सड़क बनाने के कार्य को फिलहाल रोकने के निर्देश दिए। कहा कि इससे टूरिस्टों को परेशानी होगी।
3- किसी भी पार्क या सौंदर्यकरण के कार्य को आकर्षित बनाया जाए। इस बात का ध्यान रहे सरकारी धन दुरुपयोग न हो। कामचलाऊ काम न करें।
4- डोईवाला में बस अड्डा के लिए जल्द से जल्द जमीन तलाश की जाए। इस मामले में जिलाधिकारी देहरादून की मदद ली जाए।
5- प्राधिकरण द्वारा बनाये गए फ्लैट्स विक्रय कराने के लिए प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाकर इसपर कार्य योजना तय की जाए।
6- यदि कोई आपत्ति न हो तो आवासीय नक्शा 15 दिन के भीतर पास किये जायें। इसी तरह व्यवसायिक नक्शा 30 दिन के भीतर पास करें। उसकी सूची प्राधिकरण की वेबसाईट पर भी डालें।
7- उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि प्राधिकरण अपनी कार्यशैली सुधारे। अवैध बिल्डिंग बनने से पूर्व कार्यवाही करें। उन्होंने 20 दिन का समय निर्धारित करते हुए कहा कि जिले की सभी अवैध बिल्डिंग की जानकारी दे। इस संदर्भ में 15 मई को पुनः बैठक करने को कहा।
8- मंत्री ने प्राधिकरण में रिक्त पदों को जल्द भरने के भी निर्देश दिये।
इस मौके पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बृजेश कुमार संत, अधिशासी अभियंता श्याम मोहन शर्मा, अजय माथुर, अधीक्षण अभियंता हरि चंद सिंह राणा, अनुसचिव अनुजा सिंह, वित्त नियंत्रक स्मृति खंडूरी आदि मौजूद रहे।

कोतवाली में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता, तहरीर दी

कांग्रेस नेताओं पर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी से कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अभद्र टिप्पणी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता ऋषिकेश कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाल रवि सैनी को तहरीर सौंपी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं पर अभद्र टिप्पणी की जा रही है। कहा कि हाल ही में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल खरोला के लिए भी सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां की गईं। कार्यकर्ताओं ने इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाल रवि सैनी ने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर व्यापार सभा के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, पार्षद मनीष शर्मा, वीरेंद्र सजवाण, दीपक धमांदा, सोनू पांडे, लोकपाल कैंतुरा, मधु जोशी, रवि कुमार जैन, अभिषेक शर्मा उपस्थित रहे।

पीसीसी अध्यक्ष 1 मई को ऋषिकेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद प्रथम आगमन कार्यक्रम की रूप रेखा को लेकर रेलवे रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में विधानसभा ऋषिकेश के कार्यक्रम प्रभारी राजीव चौधरी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
कार्यक्रम प्रभारी राजीव चौधरी ने कहा कि 1 मई को सांय चार बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ऋषिकेश पहुंचेंगे। पहले वह प्रेस वार्ता करेंगे उसके बाद सभी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे, साथ ही आगामी रणनीति पर चर्चा कर सुझाव लेंगे।
कार्यक्रम संयोजक जयेन्द्र रमोला ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष 28 अप्रैल से प्रदेश के दौरे में हैं और हर मुख्य पड़ाव पर कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं और रात्रि विश्राम भी कार्यकर्ताओं के आवास पर कर रहे है।
रमोला ने बताया कि करन माहरा का एक मई को ऋषिकेश महानगर में आगमन है और ऋषिकेश में वह कार्यकर्ताओं में वह उर्जा भरने का काम करेंगे। महानगर अध्यक्ष महन्त विनय सारस्वत व कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के ऋषिकेश आगमन पर नटराज चौक पर भव्य स्वागत किया जायेगा। उसके पश्चात जयश्री फार्म देहरादून मार्ग में प्रेस वार्ता और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम होगा जिसमें समस्त कांग्रेस जन शिरकत करेंगे।
बैठक में प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, विजयपाल रावत, शैलेन्द्र बिष्ट, अरविन्द जैन, ललित मोहन मिश्रा, लल्लन राजभर, चन्दन सिंह पंवार, विमला रावत, पार्षद राधा रमोला, पार्षद शकुन्तला शर्मा, पार्षद देवेन्द्र प्रजापति, पार्षद भगवान सिंह पंवार, गुरविन्दर सिंह, पार्षद जगत सिंह नेगी, उमा ओबराय, परमेश्वर राजभर, नन्दकिशोर जाटव, वीरेंद्र सजवाण, रामकुमार भतालिये, योगेश शर्मा, अशोक शर्मा, राहुल रावत, विकास केवट, सचिन, विजय कुमार, मनोज त्यागी, हिमांशु कश्यप, यश अरोड़ा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस जन मौजूद रहे।

प्राधिकरण की बैठक में अग्रवाल ने कार्यप्रणाली में बदलाव के दिये निर्देश

वित्त, शहरी विकास व संसदीय कार्य मंत्री प्रेम चन्द अग्रवाल द्वारा विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण के कार्याे की समीक्षा करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाय। उन्होने कहा कि जनता की परेशानी को दूर करने के लिए सुनियोजित विकास किया जाय। पारर्दिर्शता पर बल दिया जाय और राजस्व आय में वृद्धि की जाय।
बैठक में अग्रवाल ने विकास प्राधिकरण की गतिविधिओं की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा समय पर नक्शा पास किया जाय। आवासीय और व्यवसायिक श्रेणी में निर्धारित अवधि के भीतर नक्शा पास किया जाय। उन्होंने कहा कि विकास प्राधिकरण को जनता की सुविधा के लिए बनाया गया है, इसके लिए कार्य प्रणाली में बदलाव की सोच को विकसित किया जाये।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के सम्बन्ध में उन्होंने कहा कि योजना की निगरानी निरन्तर की जाय और गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न होने दिया जाय। उन्होंने सिडकुल हरिद्वार के समीप बनने वाले प्रधानमंत्री आवास योजना को मार्च 2023 तक पूर्ण करने के निर्देश दिये। इस योजना के तहत कुल 528 आवास निर्मित्त किये जाने है।
बैठक में विभिन्न आवास योजना शिवलोक कालोनी, हरिलोक कालोनी, श्यामलोक, इन्द्रलोक कालोनी के अन्तर्गत बनाये गये ऐसे आवास जो अभी तक विक्रय नही हो सके है, शीघ्र ही विक्रय सम्बन्धित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये गये। बैठक में अवगत कराया गया कुछ भवन 1999 से बने है परन्तु इनकी बिक्री नही हो सकी है। इस पर मंत्री ने कहा कि यह विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। बैठक में कहा गया कि कार्मिको के सापेक्ष जो रिक्तिया शेष है उसके लिए अधियाचन भेजा जाय।
बैठक में हरिद्वार रूड़की विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष विनय शंकर पाण्डेय, सचिव उत्तम सिंह चौहान सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सीएम ने यूएस नगर में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उधम सिंह नगर में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी एक कार्य के पूर्ण होने पर आराम से नहीं बैठना है, अपितु अगले कार्य की तैयारी शुरू कर देनी है यही हमारी कार्य संस्कृति है। उन्होंने कहा कि आप सभी के द्वारा प्रदेश में की गई मेहनत का ही परिणाम है की हमने प्रदेश में इतिहास रचते हुए विभिन्न मिथकों को तोड़कर प्रचंड बहुमत से लगातार दूसरी बार सरकार बनाई है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों की लम्बे समय से की जाने वाली कई मांगों को पूरा किया है, अयोध्या में रामलला सालों से टेंट में थे लेकिन अब केंद्र सरकार के नेतृत्व में राम मंदिर बनाने का कार्य शुरू हो चुका है, जल्दी ही हम भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे, इसी तरह लम्बे समय से देशवासियों द्वारा कश्मीर से धारा 370 हटाने की मांग की जा रही थी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज कश्मीर से धारा 370 भी हटाई जा चुकी है।

हमने चुनाव से पहले उत्तराखंड की जनता के समक्ष कहा था कि हमारी सरकार आते ही कॉमन सिविल कोड लागू करेंगे, हमारी सरकार का गठन होते ही कैबिनेट की पहली बैठक में हमने कॉमन सिविल कोड का ड्राफ्ट बनाने हेतु कमेटी गठन करने का निर्णय लिया है, जल्दी ही प्रदेश में कॉमन सिविल कोड लागू कर दिया जाएगा, मैं देश के अन्य राज्यों से भी यह कानून लागू करने की मांग करता हूँ

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने उत्तराखंड कि देवतुल्य जनता के समक्ष जो भी वादे किए थे उन सब को पूरा करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सरकार ने उन वादों को निभाने के लिए विभिन्न योजनाओं क्रियान्वयन भी आरंभ कर दिया है। उन्होंने कहा कि सभी पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर प्रतिदिन ₹500 करने के साथ ही परिवार के दोनों पति पत्नी को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ सरकार द्वारा दिया जा रहा है। चुनाव से पहले गरीब परिवारों के लिए 1 साल में तीन मुफ्त सिलेंडर देने का वादा किया था इसके लिए हमने बजट का प्रावधान कर दिया है और इस योजना को जल्दी ही प्रदेश में लागू कर दिया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, मेयर रुद्रपुर रामपाल सिंह, पूर्व सांसद बलराज पासी, भाजपा प्रदेश मंत्री राजेंद्र बिष्ट, विधायक अरविन्द पांडेय, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जनता उपस्थित थी।

पत्नी को डराने को पति ने दिखाया तमंचा, अरेस्ट


आज दोपहर को पुलिस को गंत्रोत्री कॉलोनी निवासी गली नंबर 4, गुमानीवाला, श्यामपुर निवासी लक्ष्मी शहा ने पुलिस को सूचना दी कि उसका अपने पति अजय शाह से पारिवारिक विवाद कोर्ट में चल रहा है। आज उसका पति एक तमंचा लेकर घर पहुंचा और गोली हवा में झोंक दी। जिसके के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत लिया।

पूछताछ में पता चला कि पति और पत्नी के बीच अनबन चल रही है। मामला फैमिली कोर्ट ऋषिकेश में चल रहा है। बुधवार को महिला का पति अपने चार वर्षीय बेटे को मिलने गुमानीवाला पहुंचा था। इस दौरान उसने डराने के इरादे से गोली हवा में फायर कर दी।

कोतवाल ने बताया कि आरोपी अजय शाह पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी सुभाष नगर , बनखंडी ऋषिकेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिस पर बिना लाइसेंस अवैध देसी तंमचा रखने पर आर्म्स ऐक्ट में केस दर्ज किया है। कोर्ट में पेश करने की प्रकिया चल रही है।

वित्त मंत्री ने बीटीसी के निर्माण कार्य रोकने के दिए निर्देश

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने आईएसबीटी के समीप निर्माणाधीन रजिस्ट्रेशन ऑफिस कम ट्रांजिट कैंप में गुणवत्ता की शिकायत मिलने पर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने दूरभाष पर पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर को यह निर्देश दिए।

बुधवार को बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय में पर्यटन विभाग और ब्रिडकुल के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने आईएसबीटी के समीप बन रहे रजिस्ट्रेशन ऑफिस कम ट्रांजिट कैंप के संदर्भ में जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन भवन में गुणवत्ता की कमी होने की लगातार शिकायत मिल रही है। इस मामले में पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और बैठक के बीच में ही पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर से दूरभाष के जरिए बात की।

उन्होंने दिलीप जावलकर को निर्माणाधीन रजिस्ट्रेशन ऑफिस कम ट्रांजिट कैंप कार्य को रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय पर्यटन अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। पर्यटन सचिव को कहा कि सरकार की रूपयों की हीलाहवाली बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बता दें कि आईएसबीटी के समीप पर्यटन विभाग की ओर से 3.70 हेक्टेअर भूमि पर रजिस्ट्रेशन ऑफिस कम ट्रांजिट कैंप का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसकी लागत 14.80 करोड़ रूपए है, जिसकी कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल है। यह कार्य 27 दिसंबर 2019 को शुरू किया गया था, जिसे 23 मार्च 2022 तक पूर्ण किया जाना था। उक्त कार्य में लगातार गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेकर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए है।

इस अवसर पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, अपर निदेशक पर्यटन पूनम चंद, ब्रिडकुल के अधिशासी अभियंता अमित नेगी, अवर अभियंता जसवीर सजवाण मौजूद रहे।