कोर्ट फैसलाः चेक बाउंस में आरोपी दोषमुक्त

ऋषिकेश में चेक बाउंस के आठ साल पुराने मामले पर सुनवाई करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषिकेश की अदालत ने छह माह की साधारण सजा सुनाई है। आरोपी पर न्यायालय ने दो लाख 92 हजार रूपये का जुर्माना भी लगाया है। मामला वर्ष 2014 का है।

अधिवक्ता शुभम राठी ने बताया कि अशोक कुमार तिवारी निवासी पुरानी चुंगी गैरोला नगर ज्योतिषी का कार्य करते है। उनकी परिचित रामरती पूजा पाठ का कार्य करने उनके यहां आया जाया करती थी। अधिवक्ता ने बताया कि रामरती ने अपने पति बैजनाथ की गंभीर बीमारी से पीड़ित होने की बात कहकर अशोक कुमार तिवारी से तीन लाख रूपये उधार मांगे। परिचित होने के कारण अशोक कुमार तिवारी ने महिला रामरती को तीन लाख रूपये नगद दिए।

इसके स्वरूप रामरती ने आठ हजार रूपये और दो लाख 92 हजार रूपये का चेक उन्हें 25 सितंबर 2014 को दिया। यह चेक अगले ही दिन 26 सितंबर 2014 को बाउंस हो गया। इसके बाद मामला न्यायालय में विचाराधीन रहा।

अधिवक्ता शुभम राठी की मजबूत पैरवी की बदौत न्यायधीश राजेंद्र कुमार ने यह माना कि आरोपी महिला रामरती निवासी आईडीपीएल अपने समर्थन में कोई मजबूत सबूत पेश नहीं कर पाई। साथ ही असंतोषजनक जवाब देते हुए बयानों में विरोधाभास पाया गया। इसी को आधार बनाते हुए न्यायालय ने आरोपी महिला रामरती को छह माह की सजा सुनाई है।

गंगा में डूबने से गाजियाबाद के युवक की मौत

एसडीआरएफ उपनिरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि 22 वर्षीय अंकुश पुत्र सुभाषचंद निवासी लोनी, गाजियाबाद अपने मामा के लड़के के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे के आसपास वे दोनों तपोवन स्थित साईंघाट पर स्नान के लिए गंगा में उतरे। इस दौरान अंकुश गंगा के तेज बहाव में अचानक बहने लगा। देखते ही देखते वह पानी में ओझल हो गया।

एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी। करीब एक घंटे के अंतराल में एसडीआरएफ की टीम ने अंकुश का शव साईंघाट के पास से रिकवर कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया गया है। मुनिकीरेती क्षेत्र में लगातार डूबने की घटनाओं का सिलासिला जारी है। यह पुलिस प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बना हुआ है। मुनिकीरेती थाना निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि प्रतिबंधित घाटों पर जल पुलिस के साथ अतिरिक्त फोर्स बढ़ा दी गई है।

कोतवाली ऋषिकेश ने तीन महिलाओं को ठगी के आरोप में किया अरेस्ट

कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते रोज पुलिस को सूचना मिली कि झंडा चौक स्थित एक दुकान पर लोगों ने दो महिलाएं पकड़ी हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो शॉप मालिक रविंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया उनकी मुखर्जी मार्ग पर अग्रवाल ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार को उनकी दुकान पर दो महिला आई। उन्होंने पुराना नकली चांदी के जेवर के बदले असली चांदी के एक मंगलसूत्र 2 चेन, 2 जोड़ी पायल ठग लिए। उन्होंने महिलाओं पर आभूषण मिलने का शक जताया। जिस पर पुलिस ने महिलाओं की तलाशी ली, उसके पास से ठगी का माल बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में एक ओर महिला का सामने आया। जिस पर पुलिस ने महिला की गिरफ्तारी को क्षेत्र में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। जिसे संयुक्त यात्रा बस अड्डे से पुलिस ने पकड़ लिया। कोतवाल रवि सैनी ने बताया की आरोपियों की पहचान रेखा पत्नी स्व. मनोज, संगीता उर्फ पूनम पत्नी राजकुमार, मधु उर्फ संध्या पत्नी लाखन सिंह सभी निवासी झुना पुरिया पुलिस चौकी, केशवनगर, जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

चारधाम यात्रा मार्ग पर रेस्टोरेंट संचालक यात्रियों से सर्विस चार्ज न ले-प्रेमचन्द अग्रवाल

विधानसभा स्थित मीटिंग रूम में आज चारधाम यात्रा रूट पर आने वाली सभी नगर निकाय के अधिकारियों, यातायात संबंधी कठिनाइयों को दूर करने के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बैठक की। इस दौरान सभी मूलभूत समस्याओं जैसे चारधाम में आने वाले यात्रियों के लिए ठहरने की व्यवस्था, पार्किंग उपलब्ध कराने, शौचालयों की व्यवस्था आदि के निर्देश दिए।
अग्रवाल ने सर्वप्रथम सभी निकायों से सफाई कर्मियों, स्वच्छ्ता, दवा छिड़काव, पार्किंग, रेन बसेरों की स्थिति जानी। साथ ही यातायात की व्यवस्था पुलिस अधिकारियों से प्राप्त की। कहा कि इस वर्ष यात्रा के बहुत अच्छे संचालन होने की उम्मीद है। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर चैलेंज स्वीकार करें। इस मौके पर अग्रवाल ने तमाम जानकारी मिलने के बाद निम्न निर्देश अधिकारियों को दिए।
1- चारधाम यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले सभी रेस्टोरेंट में यात्रियों से सर्विस चार्ज न लिया जाए। क्योंकि सभी रेस्टोरेंट संचालक जीएसटी बिल के साथ लेते है। ऐसे में सर्विस चार्ज देना कोई आवश्यक नहीं है।
2- एक मई से सभी निकायों में प्रतिदिन तीन चरणों मे सफाई की जाएगी।
3- कोई यात्री अपने प्रदेश जाकर यह न कहे कि उत्तराखंड से बीमार होकर आए है, इसके लिए प्रतिदिन सभी निकाय अपने क्षेत्रों में कीटनाशक दवा छिड़काव करेंगे।
4- यात्रा मार्ग पर दबाव पड़ने पर यात्रियों को मैदानी जैसे हरिद्वार, ऋषिकेश में रोक लिया जाए।
5- सभी निकाय वाहन पार्किंग के लिए समीपवर्ती महा विद्यालय, स्कूल परिसर का उपयोग करें। इसके लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य आदि से वार्ता करें।
6- रैनबसेरों के लिए स्कूल, महा विद्यालय में यात्रियों को मई और जून माह में ठहराया जा सकता है। इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए।
7- प्लास्टिक को पूरी तरह से बंद करे। मंत्री जी ने अपनी मीटिंग में भी प्लास्टिक की पानी की बोतल को हटाने को कहा। कहा कि इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए।
8- यात्रियों से सद व्यवहार किया जाए। शिकायत मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।
9- थराली और रायवाला में मीट की दुकानों को बंद करने या यात्रा के दौरान ढंकने के निर्देश दिए।
10- शौचालय को साफ सुथरा रखे।

संतो ने देश को आगे बढ़ाने के लिए हमें हमेशा प्रेरणा दी-प्रेमचन्द अग्रवाल

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और कैबिनेट मंत्री प्रेम चन्द अग्रवाल ने सोमवार को टाउन हाल में महन्त रवीन्द्रपुरी क्रियेशन द्वारा आयोजित ’’महिमा गुरू रविदास’’ के, पोस्टर प्रोमो के विमोचन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि संतो ने देश को आगे बढ़ाने के लिए हमें हमेशा प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का गंगा के प्रति अगाध प्रेम था। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी पर निर्मित फिल्म बहुत लोकप्रिय होगी तथा जन-जन को प्रेरणा देगी। कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने चार धाम यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि चार धाम यात्रा प्रारंभ होने वाली है, इसमें सभी का आशीर्वाद व सहयोग प्राप्त होगा।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि जब मैं संत रविदास की फिल्म का ट्रेलर देख रहा था, तो मेरा मन पूरी फिल्म देखने को कर रहा था। उन्होंने कहा कि संत रविदास 16वीं सदी के महान संत थे। जोशी ने संत रविदास के सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनमें कुष्ठ रोग को ठीक करने की विलक्षण शक्ति थी तथा उन्होंने कई कुष्ठ रोगियों को ठीक किया। ऐसे समाज सेवी संत पर फिल्म का निर्माण प्रशंसनीय है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री से संत रविदास फिल्म को टैक्स फ्री करने का अनुरोध किया जायेगा। ताकि अधिक से अधिक लोग इस फिल्म को देखकर प्रेरणा लें सकें।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी ने कहा कि संत गुरू रविदास पर फिल्म का जो चित्रण किया गया है, यह भारतीय संस्कृति का दिगदर्शन है। मां गंगा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सन्त रविदास का मां गंगा से असीम प्रेम था।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मंच का संचालन संजय माहेश्वरी ने किया।
इस अवसर महंत रवींद्र पुरी, महंत राम रतन गिरी सचिव निरंजनी अखाड़ा, महंत जगजीत सिंह, महंत ललितानंद गिरि, संत रविदास फिल्म के निदेशक पुरुषोत्तम, डॉ. सुनील बत्रा, डॉ. विशाल गर्ग, विकास तिवारी, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, उद्यान अधिकारी नरेंद्र यादव, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करण सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश आदि उपस्थित रहे।

लक्ष्मण कुंड आश्रम के महंत बने उपमन्यु दास महाराज

शेष धारा लक्ष्मण कुंड आश्रम में महंत उपमन्यु दास महाराज का पट्टाभिषेक किया गया। संतों ने महंत उपमन्यु महाराज को अपना आशीर्वाद देकर उनके शतायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सोमवार को शेष धारा लक्ष्मण कुंड आश्रम में कार्यक्रम में कई आश्रमों के महंत और संत शामिल हुए। पीएम नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी भी कार्यक्रम में पहुंचे। संतों ने उपमन्यु दास शिष्य महामंडलेश्वर स्वामी अभिराम दास महाराज का विधि विधान से पट्टाभिषेक किया। तुलसी मानस मंदिर के महंत रवि प्रपन्नाचार्य ने बताया कि शेषधारा लक्ष्मण कुंड के महंत कृष्ण दास हाल ही में ब्रह्मलीन हुए थे। इसके पश्चात ब्रह्मलीन महंत कृष्ण दास की इच्छा अनुसार ही उपमन्यु दास महाराज को आश्रम का महंत बनाया गया है। सभी संतों ने महंत उपमन्यु को अपना आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में पहुंचे पीएम मोदी के भाई पंकज मोदी ने भी संतों से आशीर्वाद लिया। मौके पर रामानंद आश्रम के संस्थापक स्वामी अभिराम दास महाराज, महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज, महामंडलेश्वर डॉ. रामेश्वर दास, महामंडलेश्वर दयाराम दास महाराज, मेयर अनीता ममंगाई, महामंडलेश्वर वृंदावन दास, महंत निर्मल दास, महंत दुर्गादास, महंत विष्णु दास, महंत सुरेश दास, महंत चक्रपाणि, महंत गणेश दास, महंत महावीर दास, महंत प्रमोद दास, नारायण दास, महंत रघुवीर दास, हरि चरण दास, कृष्ण मुरारी दास, अभिषेक शर्मा, संजय भट्ट, गोविंद सिंह रावत आदि उपस्थित रहे।

ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल में विदाई समारोह का आयोजन

ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को कक्षा बारहवीं के प्रथम बैच 2021-22 के छात्र- छात्राओं के लिए विदाई समारोह आयोजित हुआ। समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इसमें 12वीं की दीपांशी भट्ट को मिस और महेश रावत को मिस्टर ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल चुना गया।
समारोह के शुभारंभ अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा प्राची ने आकर्षक एकल नृत्य प्रस्तुत किया। बारहवीं की छात्रा अंबिका राणा ने कविता प्रस्तुत की। ग्यारहवीं के छात्रों ने ग्रुप नृत्य भी प्रस्तुत किया। बारहवीं के छात्रों सौरव उनियाल, अजय बडोला और अक्षित पंवार ने सामूहिक गीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के तहत ग्यारहवीं के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय प्रबंधक मोहन डंग, सचिव कप्तान सुमंत डंग, पूजा डंग, महिमा डंग एवं विद्यालय प्रधानाचार्या डॉ. कोयली चक्रवर्ती सहित कक्षा बारहवीं के सभी छात्र- छात्राओं को तिलक लगाकर सम्मानित किया गया। सचिव कप्तान सुमंत डंग ने कहा कि स्कूल में यह पहला बैच है जो 12वीं की परीक्षा देगा। इससे पहले स्कूल 10वीं तक था, लेकिन इसकी मान्यता 12वीं तक है। उन्होंने 12वीं के छात्र-छात्राओं से बेहतर प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन करने की बात कही। इसके बाद 12वीं की दीपांशी भट्ट को मिस आरआईएस और महेश रावत को मिस्टर आरआईएस चुना गया। मौके पर समन्वयक बिंदु शर्मा, पूजा डंग, ज्योति कोठियाल, दीपा शर्मा, अलीशा खान, सौरव पोखरियाल आदि उपस्थित रहे।

सिंगल यूज प्लास्टिक से मुनिकीरेती पालिका ने बनवाई 18 बैंच

यदि आप सिंगल यूज प्लास्टिक कूड़े (पॉलिथीन, प्लास्टिक डिस्पोजल, बोतलें आदि) को फैलने से रोकना चाहते हैं और उसका बेहतर ढंग से उपयोग करना चाहते हैं, तो नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला से यह सीख सकते हैं। इसके तहत पालिका ने सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री से बैठने हेतु बैंचें बनवाई हैं, जिन्हें शीघ्र ही यहां आस्था पथ में लगाया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम हेतु पालिका निरंतर कार्यरत है, इसके लिए पालिका की ओर समय-समय पर अभियान चलाए जातें हैं। ईओ तनवीर मारवाह ने बताया कि पालिका को प्राप्त सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री के कूड़े से पालिका ने 18 बैंच और 3 टेबलों का निर्माण करवाया है, शीघ्र ही इन बैंच को बैठने हेतु आस्था पथ में लगवाया जाएगा।

पूर्णानंद खेल मैदान में नौ दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ

श्री गंगा सभा मुनिकीरेती की ओर से पूर्णानंद खेल मैदान में आयोजित नव दिवसीय पंच महापुराण, महारूद्र यज्ञ का पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन व वैदिक मंत्रोच्चार के संग धूमधाम से शुभारंभ हुआ।
नव दिवसीय पंच महापुराण, महारूद्र यज्ञ में सर्वप्रथम गणेश पूजन किया गया, इसके बाद सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुगण पूर्णानंद खेल मैदान से कलश यात्रा लेकर त्रिवेणी घाट पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने गंगा पूजन किया, इसके बाद महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। देवपूजन मूलपारायण के बाद शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। कथा वक्ता महामण्डलेश्वर आचार्य भास्कारानन्द महाराज वृंदावन ने बताया कि क्षेत्र की खुशहाली, राष्ट्र की समृद्धि एवं समग्र विश्व मानव कल्याण व कोरोना वैश्विक महामाीरी में दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु यह नवदिवसीय यज्ञ आयोजित किया गया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में इस यज्ञ में शिरकत कर महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की। इस दौरान विभिन्न प्रकार की झांकियों ने श्रद्धालुओं को मोहित किया।
मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, ऋषिकेश मंडी अध्यक्ष विनोद कुकरेती, श्री गंगा सभा मुनिकीरेती-ढालवाला के अध्यक्ष मनीष डिमरी, महिला मोर्चा प्रदेश सचिव बीना जोशी, भगवती प्रसाद भट्ट, रमेश पैन्यूली, दिवस्पति पैन्यूली, शंकर दत्त पैन्यूली, देवेन्द्र दत्त जोशी, सोनू भट्ट, शंकर नौटियाल, जगमोहन कुड़ियाल आदि उपस्थित रहे।

देहरादून हॉफ मैराथन 2022 में नीरजा गोयल ने किया प्रतिभाग

नीरजा देवभूमि चेरिटेबल ट्रस्ट संथापक व पैरा इंटरनेशनल प्लेयर नीरजा गोयल और ट्रस्ट सह संस्थापक नूपुर गोयल ने देहरादून में आयोजित देहरादून हॉफ मैराथन 2022 में प्रतिभाग किया।
देहरादून हॉफ मैराथन 2022 का पैसिफिक मॉल देहरादून में किया गया, इसमें 5, 10 और 21 किमी का मैराथन रखा गया था, जिसमें लगभग 500 सामान्य लोगों के कुछ दिव्यांग महिलाओं में नीरजा गोयल प्रथम स्थान (ऋषिकेश), शिवा द्वितीय स्थान एवं प्रियंका गर्ग तृतीय स्थान ने प्राप्त किया। मैराथन को डीआईजी अशोक कुमार ने हरी झंडी दिखाई। गौरतलब है कि ऋषिकेश से नीरजा गोयल ने लगातार पांचवी मैराथन में प्रतिभाग किया है।