एसबीएम इंटर कॉलेज में निशुल्क पुस्तकों का वितरण

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर विद्यालय शिक्षा उत्तराखंड द्वारा निशुल्क दी जाने वाली पुस्तकों को आज छात्र छात्राओं मे वितरित किया गया।
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सरकार के विद्यालय शिक्षा के अंतर्गत निशुल्क दी जाने वाली पुस्तकों को विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं नगर निगम के पार्षदों के द्वारा छात्र-छात्राओं को वितरित की गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा में पुस्तकों का बहुत बड़ा योगदान होता है। पुस्तकों से मिलने वाला ज्ञान हमारे व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। सरकार के इस कार्य की प्रशंसा करते हुए प्राचार्य ने कहा कि लोक कल्याणकारी सरकार छात्र छात्राओं को निशुल्क रूप से पुस्तक देकर उन्हें ज्ञान के क्षेत्र में तो आगे बढ़ा ही रही है। साथ ही निर्धन परिवारों के लिए इस समय एक बहुत बड़ा लाभ का काम कर रही है। जो अपने जीविकोपार्जन की क्रिया को पूरा करने के लिए निरंतर संघर्षशील है और ऐसे समय में जब पुस्तकों पर भारी-भरकम खर्च होता है। उस समय यह पुस्तकें देना उन परिवारों के लिए काफी लाभदायक सिद्ध हो रही हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम के पार्षद शिव कुमार गौतम, विशिष्ट अतिथि सुमित पंवार ने भी छात्र छात्राओं को पुस्तकें वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी छात्र छात्राएं इनका सही रूप से सदुपयोग करेंगे और अपनी ज्ञानात्मक दृष्टिकोण को शिखर तक बढ़ने के लिए प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता यमुना प्रसाद त्रिपाठी, रंजन अंथवाल, सुनीता कोहली, निधि पांडे आदि उपस्थित रहे।

उत्तराखंड में चल रहे विकास कार्यों से अवगत हुए प्रधानमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य में संचालित विकास कार्यों के बारे में अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से उत्तराखण्ड राज्य के सीमित वित्तीय संसाधनों को देखते हुए जीएसटी प्रतिकर अवधि को बढ़ाए जाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने उत्तराखण्ड में नवीनतम तकनीक व वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देने के लिये भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आई.आई.एस.ई.आर.) की स्थापना और फार्मास्यूटिकल उद्योग के विकास के लिये नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल एजुकेशन एण्ड रिसर्च (एन.आई.पी.ई.आर.) की स्थापना का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में बागवानी की अपार सम्भावनाओं को देखते हुए प्रधानमंत्री से कश्मीर तर्ज पर रूपये 2000 करोड़ का बागवानी पैकेज दिये जाने का अनुरोध किया। टीएचडीसी इण्डिया लिमिटेड की अंशधारिता में उत्तर प्रदेश के अंश का उत्तराखण्ड को हस्तांतरित करने के लिये माननीय न्यायालय से बाहर सौहार्दपूर्ण समाधान के लिये केंद्र सरकार की विशेष पहल का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने चारधाम की तर्ज पर कुमाऊं मण्डल के पौराणिक स्थलों व मंदिरों को तीर्थाटन से जोड़ने के लिये ‘मानसखण्ड मंदिर माला मिशन’ की स्वीकृति दिये जाने और पिथौरागढ़ एयरस्ट्रिप से हवाई सेवाओं के संचालन की अनुमति का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रेल मंत्रालय द्वारा ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाईन के निर्माण के लिये फाईनल लोकेशन सर्वे के उपरांत डी.पी.आर तैयार कर ली गई है। उन्होंने ऋषिकेश-डोईवाला रेलवे ट्रेक के निर्माण और देहरादून रेलवे स्टेशन को हर्रावाला स्थानांतरित किये जाने की अनुमति दिये जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, योग व आयुर्वेदिक चिकित्सा में प्रसिद्ध है। यहां अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना से आयुष पद्धति को बढ़ावा मिलेगा और यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलिंगकांग के मध्य 05 किमी टनल और वेदांग से गो व सिपु तक 20 किमी सड़क मार्ग का निर्माण किये जाने तवाघाट से बेदांग तक का मार्ग कनेक्ट हो जाएगा। यह जौलींगकांग एवं बेदांग की दूरी 161 किमी कम कर देगा। इसी प्रकार सिपु से तोला के मध्य लगभग 22 किमी लम्बाई की टनल के निर्माण से दारमा वैली और जोहर वैली एक दूसरे से जुड़ जाएंगी। मिलम से लप्थल तक 30 किमी टनल के निर्माण से जनपद पिथौरागढ़ की जोहार घाटभ् व जनपद चमोली का लप्थल सड़क मार्ग से जोड़ा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने उक्त तीनों टनलों के निर्माण को स्वीकृति दिये जाने का भी अनुरोध किया।

टनकपुर में नदी में हो रहे भू कटाव का सीएम ने जायजा लेकर दिए निर्देश

दो दिवसीय दौर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी चंपावत गए हुए है। दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन सीएम ने अधिकारियों के साथ कई जगहों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई अहम निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर के बूम स्थित शारदा घाट का औचक निरीक्षण किया एवं नदी से हो रहे भूमि कटाव का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों को नदी से हो रहे कटाव रोकने हेतु तत्काल कार्रवाई करने की दिशा निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्या सुन मौके पर मुख्य सचिव से फोन में वार्ता कर शारदा नदी के बहाव को दूसरी दिशा में मोड़ने पर होने वाले चैनेलाइजेशन एवं तटबंद दीवारों के निर्माण जैसे कार्यों को शासन स्तर से जल्द मंजूरी दिलाए जाने एवं संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने हेतु निर्देशित किया।
इस दौरान विधायक चंपावत कैलाश गहतोड़ी, जिलाधिकारी विनीत तोमर, एसपी देवेन्द्र पींचा, बीजेपी जिलाध्यक्ष दीप पाठक मौजूद रहे।

यूटर्न के दौरान सड़क के दोनों ओर लगा जाम, चालक फरार

हरिद्वार राजमार्ग पर जेजे ग्लास फैक्ट्री के पास एक ट्रक अचानक यूटर्न लेते समय एक दीवार से टकरा गया। इस दौरान हाईवे पर दोनों छोर पर वाहनों का जाम लग गया। इस दौरान चालक वाहन को छोड़कर भाग गया। जाम लगने की सूचना मिलने पर आईडीपीएल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। करीब 20 मिनट के अंतराल के बाद ट्रक को हटाया गया। तब जाकर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही चालू हो पाई। वहीं जिला पंचायत सदस्य श्यामपुर संजीव चौहान ने बताया की घटना की जानकारी उन्होंने कोतवाली पुलिस को दी। बताया कि फैक्ट्री के पास वाहनों को पार्क करने की जगह भी नहीं है। यहीं नहीं इस स्थान पर यूटर्न की भी जगह नहीं है। ऐसे में कभी बड़ा हादसा हो सकता है।

भाजपा ने दिखाई एकजुटता, प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार अभियान की रणनीति बनाई

विधानसभा अध्यक्ष और ऋषिकेश से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने शहरी क्षेत्रों में विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। जनसंपर्क के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भाजपा के पक्ष में मत डालने की अपील की।
इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास के कार्य हुए हैं और विकास के बल पर भारतीय जनता पार्टी बहुत बड़े अंतर से ऋषिकेश में चौथी बार विजय का परचम लहराएगी। अग्रवाल ने कहा कि उनके द्वारा इन 5 सालों में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत किए गए कार्यों पर आधारित पुस्तिका में कार्यों का लेखा-जोखा है, जो उन्होंने जनसंपर्क के दौरान लोगों को वितरित की।
इस दौरान संदीप गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए सीमित संख्या में टोली बनाकर कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार की जन उपयोगी योजनाओं को पहुंचाने का कार्य कर रहे है।
नगर निगम ऋषिकेश की महापौर अनीता ममगाईं ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा सहित संपूर्ण प्रदेश में माहौल भाजपा के पक्ष में है कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह है और इसी का परिणाम है कि प्रदेश में एक बार पुनः भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
कृष्ण कुमार सिंघल ने कहा कि ऋषिकेश की विजय के साथ प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को एकजुट होकर चुनाव मे जुट जाने की आवश्यकता है।
जितेंद्र अग्रवाल ने कहा कि संपूर्ण प्रदेश सहित ऋषिकेश विधानसभा में भी प्रत्येक क्षेत्र में विकास के अभूतपूर्व कार्य हुए हैं जिसका लाभ स्थानीय जनमानस को मिल रहा है।
सरोज डिमरी ने कहा कि प्रदेश में पुष्कर धामी और देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं और उनके बल पर ही ऋषिकेश में और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी जीत का परचम लहरा रही है। भारतीय जनता पार्टी बहुत बड़े अंतर से जीत दर्ज कराएगी।
संजय शास्त्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में हर वर्ग हर जाति एवं हर समुदाय को लाभान्वित करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं जिसका लाभ चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है।
इस अवसर मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, चरणजीत लाल ढींगरा, जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल, रविंद्र राणा, मनोज ध्यानी, पार्षद शिव कुमार गौतम, प्रदीप कोहली उपस्थित रहे।

धामी का व्यंग-हरीश रावत को कांग्रेस नहीं लेती सीरियस तो दूसरे क्यों लेंगे

उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सक्रियता के सवाल को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आप उत्तराखंड के लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए खतरा है। वह ऐसी पार्टी है जो सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगती है और सेना पर सवाल उठाती है, ऐसी पार्टी पर ज्यादा कुछ नहीं बोला जा सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर धामी ने कहा कि उनकी पार्टी खुद उन्हें हल्के में लेती है तो और व्यक्ति उनके बयानों को क्यों महत्व देगा? कांग्रेस पार्टी पहले खुद सीएम का चेहरा तय करे। तभी दूसरों के बारे में बात करें।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा बड़ी पार्टी है। इसमें दावेदारों की संख्या भी ज्यादा है लेकिन मारामारी जैसी कोई स्थिति नहीं है। रायशुमारी पूरी हो चुकी है। अब पार्लियामेंट्री बोर्ड प्रत्याशियों की घोषणा करेगा।

खदरी खड़कमाफ में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, लोगों ने उठाया लाभ

न्याय पंचायत श्यामपुर की ग्राम सभा खदरी खड़कमाफ में समाज कल्याण विभाग के द्वारा एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान संगीता थपलियाल ने की। शिविर में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशनों की जानकारी दी गई और पात्र व्यक्तियों के द्वारा आवेदन पत्र भी जमा किए गए।
शिविर में खाद्य एवं पूर्ति विभाग के द्वारा राशन कार्ड से जुड़ी समस्या का निराकरण भी किया गया। उद्यान विभाग के द्वारा ग्रामीणों को सब्जियों के बीज वितरण किए गए। तहसील ऋषिकेश में उपस्थित क्षेत्रीय लेखपाल के द्वारा आय प्रमाण पत्र/निवास प्रमाण पत्र जाति प्रमाण पत्र आदि को बनवाने हेतु आवश्यक दस्तावेजों प्रमाण पत्रों की जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉक्टरों द्वारा दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने हेतु आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त पंचायती राज विभाग के द्वारा ग्रामीणों को मौके पर ही परिवार रजिस्टर की नकल पेंशन हेतु प्रस्ताव प्रदान किए गए।।
कार्यक्रम में उपस्थित ब्लाक प्रमुख डोईवाला भगवान सिंह पोखरियाल, खंड विकास अधिकारी भगवान सिंह नेगी, सहायक खंड विकास अधिकारी जेएम रावत, एसएल जोशी सहायक समाज कल्याण अधिकारी महेश प्रताप, डीएन उपाध्याय, रजत, मुकेश कुकरेती, धर्मेंद्र कंडारी, अजय पांडे, विकास दुमका श्रीकांत रतूड़ी, बीना चौहान ,प्रमिला चंदोला, समाजसेवी शांति प्रसाद थपलियाल, जीतराम थपलियाल आदि मौजूद रहे।

भल्ला फॉर्म में मोटर मार्ग और स्ट्रीट लाइटों के लिए विस अध्यक्ष ने फिर दी स्वीकृति

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत श्यामपुर ग्राम पंचायत के भल्ला फार्म में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने भल्ला फार्म के आंतरिक मोटर मार्ग निर्माण का लोकार्पण किया जबकि विधायक निधि से भल्ला फार्म के अंतर्गत अन्य मोटर मार्गाे के निर्माण के लिए 5 लाख रूपए देने और 30 स्ट्रीट लाइट लगवाई जाने की घोषणा की।
इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि श्यामपुर ग्राम पंचायत में विगत 5 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में अनेक कार्य हुए हैं उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता की मांग पर आंतरिक मोटर मार्गाे के लिए विधायक निधि से पाच लाख रुपये धनराशि दी जाएगी। जिससे कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा, साथ ही पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए 30 स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि श्यामपुर ग्राम पंचायत में 1 करोड़ 77 लाख रुपए की लागत से भल्ला फॉर्म में मोटर मार्ग पुलिया एवं नालियों का निर्माण किया गया है। जबकि 44 लाख 71हजार की लागत से लक्कड़ घाट मुख्य मार्ग से ध्यान योग मंदिर तक मोटर मार्ग के निर्माण का कार्य पूर्ण किया गया है। उन्होंने कहा है कि 9 करोड रुपए की लागत से श्यामपुर, बैटरी फार्म में पेयजल योजना का कार्य चल रहा है जिसे स्थानीय लोगों को 30 वर्षों तक जनसंख्या के घनत्व के अनुसार शुद्ध पेयजल आपूर्ति प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा है कि पाच लाख की लागत से श्यामपुर में रामेश्वरम पुरम गली नंबर 2 सड़क का डामरीकरण का कार्य भी पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ 54 लाख रुपए की लागत से विभिन्न आंतरिक मोटर मार्गाे के कार्य गतिमान है, जो शीघ्र पूरे होंगे।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा शुद्ध पेयजल आपूर्ति, विद्युत विभाग एवं अनेक कार्य ग्राम पंचायत के अंतर्गत किए गए हैं इन सभी कार्यों से जनता लाभान्वित हो रही है। अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने हमेशा विकास के कार्यों को तवज्जो दी है और धरातल पर उनके द्वारा किए गए कार्य दिखाई भी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे हमेशा से ही विकास के कार्यों को गुणवत्ता सहित तय समय सीमा पर पूरे करने के निर्देश अधिकारियों को देते हैं और उसका शत-प्रतिशत पालन भी होता है।
इस अवसर पर समाजसेवी मानवेंद्र कंडारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभाकर पैन्यूली, प्रधान रायवाला सागर गिरी, राकेश व्यास, गुरु चरण नेगी, मुकेश भट्ट, राजवीर रावत, विनोद राणा, रामेश्वर दास, बनवारी सेमवाल, हरीश गौनियाल, दिवाकर पैन्यूली, रेखा धस्माना, मधु देवी, बसंती देवी, प्यारी चौहान, ममता व्यास, कविता नेगी, आशीष पवार आदि उपस्थित रे। जबकि कार्यक्रम का संचालन ललित मोहन खेतवाल ने किया।

नड़डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर किए राजनीतिक हमले

शीतलहर के बावजूद भाजपा की विजय संकल्प यात्रा में उमड़ी भीड़ सियासी तपिश महसूस कराने में कामयाब नजर आई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के गृह विधानसभा क्षेत्र में आयोजित यात्रा भी पिछले कार्यक्रमों की तरह खासी सफल रही। यात्रा को सफल बनाने के लिए मदन कौशिक की रणनीति सफल दिखी। चार दिन तक यात्रा जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। संबंधित क्षेत्रों के विधायकों को भी इसी तरह यात्रा में भीड़ जुटाने के लिए अपनी परफॉरमेंस को दिखाना होगा।
वहीं, भीड़ को देख गदगद हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक कथित युवा नेता कहते हैं कि देश ऐसे मजबूत नहीं होता। मैंने कहा कि देश तो बहुत मजबूत हुआ है, लेकिन आप बहुत कमजोर हो गए हो। अपनी कमजोरी को देश पर मत थोपो। तीन दिन पहले देहरादून में कांग्रेस की रैली में राहुल गांधी ने कहा था कि तोप जहाज से नहीं देश लोगों से मजबूत होता है। नड्डा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में उत्तराखंड में विकास की नई इबारत गढ़ी जा रही है। हालांकि विपक्षी नेताओं को राज्य का विकास नहीं दिखता क्योंकि उनके पास विजन ही नहीं है।
नड्डा ने कहा कि कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर जो राजनीतिक दल जनता को गुमराह कर डराने का काम रहे थे उन्हें अब देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण ही विश्व स्तर पर भारत में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन का काम किया गया। देश में 135 करोड़ लोगों को टीका लगाया जा चुका है। हरिद्वार में शनिवार को विजय संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित रोड शो के बाद नड्डा ने कहा कि कोरोनाकाल में नौ माह के अंदर प्रधानमंत्री ने वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करके एक के बजाय दो टीके तैयार कराए। जिनसे आज देशवासी सुरक्षित हैं।

देहरादून की त्रिशला ने यूपीएससी में देश में पाया दूसरा स्थान

यूपीएससी के नतीजे घोषित हो गए हैं। यूपीएससी की परीक्षा में देहरादून की त्रिशला सिंह ने देश में दूसरी रैंक हासिल की है। कोरोना काल में घर में पढ़ाई कर त्रिशला ने यूपीएससी में दूसरा स्थान हासिल किया है। यूपीएससी परीक्षा देने के लिए त्रिशला ने एमएनसी की नौकरी को छोड़ दी थी। त्रिशला ने देहरादून से ही स्कूली शिक्षा हासिल की और मास्टर करने के बाद एमएनसी में नौकरी करने लगीं।
त्रिशला के पिता डॉ. कौशल कुमार और माता ने कहा कि बेटी ने परिवार के साथ उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। त्रिशला का छोटा भाई पार्थ पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। त्रिशला ने बताया कि उन्होंने लॉकडाउन के दौरान लिखित परीक्षा और दो महीने साक्षात्कार के लिए पढ़ाई की और उन्हें सफलता हाथ लगी।