पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में 52 गाड़ियां सीज

ऋषिकेश।
सौंग नदी से खनन पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों के अनुसार देहरादून के नए डीएम वी मुरुगेशन के आदेश पर तहसील प्रशासन ने रविवार रात 10 बजे छिद्दरवाला से अभियान की शुरुआत की। अवैध खनन और राजस्व को चूना लगा रहे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाते हुए प्रशासन की टीम ने रविवार रात तीन बजे तक कार्रवाई की। इस दौरान सौंग से खनन सामग्री ला रहे अधिकतर वाहन ओवर लोड मिले। 10 टन के डंपर में प्रशासन को 20 टन माल लदा हुआ मिला। सूत्र बताते हैं कि डंपर को इस तरह से तैयार किया गया है कि ओवर लोड सामग्री को आसानी से ले जाया जा सके।
रातभर के अभियान में प्रशासन को बड़ी कामयाबी मिली। ऐसे कई वाहन मिले जो अपनी क्षमता से दोगुना माल ढो रहे थे। 52 वाहन ओवर लोड मिलने पर मौके पर ही पुलिस ने वाहनों को सीज कर दिया। बताया जा रहा कि लंबे समय से ओवरलोड वाहनों से सरकार को राजस्व का चूना लगाया जा रहा था। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन के खौफ के चलते रविवार रात को कई वाहन लोड होने के बाद भी सौंग नदी से बाहर नहीं निकले। अभियान में एसडीएम वृजेश कुमार तिवारी, तहसीलदार रेखा आर्य, नायब तहसीलदार केडी जोशी, प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका भट्ट सहित तीन थानों से बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।

शीर्ष अधिकारियों के निर्देश पर रविवार रात 10 बजे से तीन बजे तक पुलिस के साथ मिलकर अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया गया। मौके पर 52 वाहन अपनी क्षमता से दोगुनी खनन सामग्री लोड कर चल रहे थे जिन्हें सीज कर दिया गया है। अग्रिम आदेश की प्रतीक्षा की जा रही है।
वृजेश कुमार तिवारी, एसडीएम ऋषिकेश।

हंस कल्चरल सेंटर ने पढ़ाई और इलाज को दी आर्थिक मदद

ऋषिकेश।
हंस कल्चरल सेंटर की ओर से सोमवार को 52 लोगों को 75 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक बांटे गए। सेंटर के सचिव चन्दन सिंह भंडारी और स्थानीय प्रभारी प्रदीप राणा ने जरूरतमंद लोगों को धनराशि के चेक दिए।
सोमवार को गंभीर रूप से बीमार लोगों को हंस कल्चरल सेंटर की ओर से उनके हाथों पर इलाज कराने का पैसा दिया गया। हालांकि हंस के माध्यम से दी जाने वाली सहायता इलाज कराने वाली संस्था के एकाउंट में जाती है। मरीज अपने इलाज के लिए इस्टीमेट बनाकर हंस के कार्यालय में जमा कराते हैं। जरूरत के अनुसार निर्धारित योग्यताएं पूरी करने के बाद उन्हें आर्थिक मदद दी जाती है।
सचिव चन्दन सिंह भंडारी व स्थानीय प्रभारी प्रदीप राणा ने सोमवार को 52 लोगों को 75 लाख रुपये के चेक बांटे। बताया कि हंस के माध्यम से गंभीर रोगियों को इलाज व छात्रों को पढ़ाई में मदद करने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके पीछे हंस कल्चरल सेंटर के संस्थापक भोले महाराज और माता मंगला की दूरगामी सोच है। उनका कहना है कि स्वस्थ जीवन व एजुकेशन पर सबका समान अधिकार है।
मौके पर रमा बिष्ट, सोहन सिंह रौतेला, ईश्वर शुक्ला, ओम रतूड़ी आदि उपस्थित रहे।

डूबने के लिए गंगा में सात बार लगाई छलांग

ऋषिकेश।
सोमवार दोपहर त्रिवेणीघाट के पास कुटिया में रहने वाले बाबा नेपाल सिंह (60) पुत्र वीर सिंह गंगा की मुख्यधारा में पहुंचे और छलांग लगा दी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। गश्त कर रहे जल पुलिस के जवानों ने गंगा में कूदकर बाबा को बाहर निकाल लिया। कुछ देर तट पर बैठने के बाद बाबा फिर गंगा में कूद गए। इस बार पुलिस के जवान उन्हें उठाकर चौकी के पास ले आए। वह पुलिस से उनके चोरी किए गए त्रिशूल, बैग का पता लगाने के लिए दबाव बनाने लगे। पुलिस से आंख-मिचौली कर वह चौकी से फिर गंगातट पर आ गए और तेज बहाव में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि जल पुलिस के जवानों ने उन्हें फिर देख लिया और सुरक्षित बाहर निकाल दिया। बाबा ने करीब सात बार गंगा में कूदने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें चौकी में बिठाकर त्रिशूल-बैग बरामद करने का भरोसा दिया। चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह राणा ने बताया कि बाबा मानसिक रूप से परेशान हैं। जिस कारण वह गंगा में कूदे।

पदक विजेता खिलाडी सम्मानित हुए

ऋषिकेश।
सोमवार को व्यापार सभा में आयोजित कार्यक्रम में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले विकास चौहान, साक्षी, कंचन, पायल प्रजापति, मानसी जोशी, श्रीयांश जोशी, रुषा सती व जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चेतन्य कपूर, अविरल थपलियाल को पदक जीतने पर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले मानस, सिमरन, कृष्णा, शौर्या कंडारी, अनिकेत अवस्थी, सचिन मालवा, प्रणय रावत, जयराज, प्राची, पीयूष आदि भी सम्मानित हुए। मुख्य अतिथि अनुकृति गुसाईं ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि कराटे का प्रशिक्षण हर वर्ग के लोगों को लेना चाहिए। आत्म रक्षा के लिए कराटे से बेहतर विकल्प कोई नहीं है। कोच राजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले तीन खिलाड़ी 10 मई को नेशनल कराटे प्रतियोगिता में भाग लेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी ने की। मौके पर डॉ. राजे नेगी, उत्तम सिंह असवाल, डीपी रतूड़ी, अजय कुमार, मोहन सिंह राणा, चिराग धमीजा, वरदान वर्मा, सिद्धार्थ, सुमित कुमार, सौरभ पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

पत्नी का ईलाज करा रहे तीमारदार पति की एम्स में मौत

ऋषिकेश।
एम्स ऋषिकेश में पत्नी का ईलाज करा रहे कोटद्वार निवासी भरोसे लाल की पांव फिसलने से मौत हो गई है। बताया जा रहा कि टहलने के दौरान उनका पांव फिसल गया। जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आयी थी।
सोमवार को एम्स परिसर में तीन मंजिल से गिरकर एक अधेड़ की मौत हो गई। कोटद्वार नीबंचौड़ निवासी रामभरोसे ने कुछ दिन पूर्व ही एम्स में अपनी पत्नी का ट्यूमर का ऑपरेशन कराया था। पत्नी तीन मंजिल स्थित वार्ड में भर्ती है। पुलिस के अनुसार, टहलने के दौरान रामभरोसे का पैर फिसल गया। जिससे वह तीन मंजिल से नीचे गिर गये। उनके सिर पर गंभीर चोटें आयी। जिससे उनकी मौत हो गयी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को एम्स की मोर्चरी में रखवा दिया है। पंचनामे की कार्रवाई मंगलवार सुबह की जायेगी। उनके घरवालों को हादसे की सूचना भेज दी है। संभवत: रात तक उनके परिवार के अन्य सदस्य पहुंच जायेंगे।

गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प

ऋषिकेश।
मंगलवार को गंगा सप्तमी पर गंगा विचार मंच, भाजपा कार्यकर्ता और स्कूली छात्रों ने त्रिवेणी घाट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। मंच की प्रदेश सह संयोजक नगीना रानी के नेतृत्व में डोईवाला और ऋषिकेश के सैकड़ों कार्यकर्ता व रेडिएंट पब्लिक स्कूल के छात्रों ने गंगा घाटों की सफाई की। नगीना रानी ने बताया कि गंगा विचार मंच द्वारा आज पूरे देश में गंगा अवतरण के दिन को संकल्प दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। प्रदेश मंत्री व परवादून के प्रभारी सुनील उनियाल गामा ने बताया कि मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के निर्देश पर डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। रेडिएंट पब्लिक स्कूल के छात्रों व कार्यकर्ताओं ने आस्था पथ पर भी सफाई अभियान चलाया।
सफाई अभियान में नेशनल मिशन स्वच्छ गंगा नई दिल्ली के राष्ट्रीय सलाहकार डॉ. संदीप मेहरा, वरिष्ठ नेता रामेश्वर लोधी, महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशा कोठारी, पूर्व दायित्वधारी संदीप गुप्ता, नगर पालिका डोईवाला के अध्यक्ष कोमल कन्नौजिया, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी सजवान, कुसुम अग्रवाल, नगर पालिका ऋषिकेश के सफाई निरीक्षक सचिन रावत व अरविन्द डिमरी, ग्राम प्रधान परमिन्दर सिंह, कपिल गुप्ता, विनित लोधी, रेडिएंट पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य हंसी अधिकारी, मंजू शर्मा, अनीता सिंह, सुरेन्द्र कौल, चरणजीत सिंह, सुष्मिता थापा, रूपचंद, संजीव लोधी, प्रवीण आदि मौजूद रहे।

जंगल में मिला क्षत-विक्षिप्त शव

ऋषिकेश।
बुधवार को रायवाला थाने को सूचना मिली मोतीचूर के जंगल में शव पड़ा है। सूचना पर रायवाला थाने के उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार पंत तथा कांस्टेबल नंदकिशोर और शीशपाल सिंह मौके पहुंचे। मोतीचूर फाटक से लगभग 2 किमी पहले रायवाला की तरफ सड़क की बाई तरफ एक अज्ञात व्यक्ति का शव जंगल में क्षत-विक्षिप्त हालत में मिला। संभावना व्यक्त की जा रही है कि व्यक्ति पर गुलदार ने हमला किया होगा। चेहरा पहचान में आ रहा है। शव के पास से एक गेरुवे रंग का झोला मिला है, जिसके अंदर एक किताब आरती संग्रह की और एक किताब दुर्गा स्तुति की तथा 16 सौ रुपये और दो पेंट और एक कमीज मिले। इससे प्रतीत हो ता है कि मृतक कोई श्रद्धालु है। मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष कद लगभग 5 फुट 4 इंच, शरीर दुबला पतला, दाढ़ी बढ़ी हुई और उसने सफेद कमीज और नीली पेंट तथा पैरों में काली सैंडल है। मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। मृतक को संभवत: रात में गुलदार ने मारा है। उप निरीक्षक ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

पीएम से पाकिस्तान को करारा जवाब देने की मांग की

ऋषिकेश।
सभासद हरीश तिवाड़ी के नेतृत्व में कारगिल शहीद मनीष थापा चौक पर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान का झंडा जलाया। शहीदों के सम्मान में नारेबाजी करते हुए लोगों ने मोदी से पाकिस्तान का नामोनिशान दुनिया के नक्शे से हटाने की मांग की। पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने शहीदों के सम्मान में शहीद मनीष थापा की मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया। मौके पर संदीप गुप्ता, ज्योति सजवाण, श्रवण जैन, सतीश पाल, किशन नेगी, अनुराग जोशी, राकेश पारछा, हरीश उप्रेती, विवेक तिवाड़ी, प्रशांत पाल, रमेश कोटियाल, ललित शर्मा, अमन शर्मा, संजय व्यास, पवन गोयल, दीपक बिष्ट, अशोक पाल, नित्यानंद जोशी आदि मौजूद थे।
कांग्रेस परवादून के जिलाध्यक्ष जयेन्द्र रमोला और प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला के नेतृत्व में श्यामपुर तिराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष जयेन्द्र रमोला ने आरोप लगाया कि सरहदों पर लगातार हमले हो रहे है लेकिन मोदी सरकार कोई ठोस कदम नही उठा रही है। प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने पाकिस्तान को उसी की भाषा में मुहंतोड़ जवाब देने की मांग मोदी सरकार से की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव में मोदी ने बड़ी-बड़ी बातें कर लोगों को गुमराह किया था। लेकिन आज सरकार आने पर मोदी अपनी बातों से ही पलट रहे है।
मौके पर ब्लॉक श्यामपुर अध्यक्ष विनोद चौहान, ब्लॉक बापूग्राम अध्यक्ष राजेश व्यास, मनोज गुसाईं, हर्षपति सेमवाल, कोमल नेगी, गोपाल शर्मा, हेम सिंह पुण्डीर, गजेन्द्र खरोला, गोविन्दराम, अर्जुन रांगड़, राकेश कुमार, कैलाश बिन्जोला, शंभू शंकर, अनूप रावत, विनोद पोखरियाल, अमरपाल, शिवदयाल रतूड़ी, लीलाधर, टौनी, पिन्टू रांगड, धर्म सिंह आदि मौजूद रहे।

पतंजलि अनुसंधान संस्थान का पीएम ने किया उद्घाटन

हरिद्वार।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पतंजलि अनुसन्धान केन्द्र का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पतंजलि अनुसंधान संस्थान से जड़ी-बूटियों एवं आयुर्वेदिक रिसर्च से सम्पूर्ण देश को फायदा होगा एवं विश्व पटल पर आयुर्वेद के विकास में नई पहचान मिलेगी। पतंजलि योगपीठ के माध्यम से योग के लिए जो आन्दोलन चलाया गया है उसी प्रकार आयुर्वेद के क्षेत्र में भी भारत को विश्व पटल पर लायेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सम्पूर्ण विश्व में योग का उत्सव मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि स्वामी रामदेव का संकल्प एवं समर्पण ही उनकी सफलता की जड़ी-बूटी है। कहा कि देश को सुखी एवं स्वस्थ रखने के लिए स्वच्छता अभियान पर विशेष बल देना होगा। सभी देशवासियों को संकल्प लेना होगा कि कोई भी व्यक्ति गंदगी नहीं करेगा। यदि स्वच्छ वातावरण रखेंगे और गंदगी नही होने देंगे तो अनेक बीमारियां स्वतः ही समाप्त हो जायेंगीं।
मोदी ने कहा कि देश की नई पीढ़ी स्वच्छता के प्रति सजग हो रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आचार्य बालकृष्ण के अनुसंधान ग्रन्थ वल्र्ड हर्बल इनसाइक्लोपीडिया का भी विमोचन किया। इस पुस्तक में 70 हजार से अधिक जड़ी बूटियों पर अनुसंधान के बारे में जानकारी दी गई है। जिसमें पिछले 10 वर्षों से कार्य चल रहा है तथा 200 वैज्ञानिकों की टीम कार्य कर रही है। पंतजलि योगपीठ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्र ऋषि के रूप में सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री देश सेवा को परमात्मा की सेवा के रूप में देखते हुए देश के समग्र विकास के लिए गतिशील हैं। कहा कि स्वामी रामदेव योग के माध्यम से देश को अलग पहचान दिलाई है एवं स्वदेशी अभियान को आगे बढ़ाया है। स्वामी रामदेव ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पांच लाख लोगों को योगाभ्यास कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि 11 लाख लोगों को निःशुल्क योग शिक्षा दी जायेगी। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने भी प्रधानमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट किया।
मौके पर उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. केके पॉल, हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, आचार्य बालकृष्ण, आचार्य प्रद्युम्न, विधायक स्वामी यतीश्वरानन्द, विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन, विधायक आदेश चैहान, विधायक संजय गुप्ता, विधायक देशराज कर्णवाल आदि मौजूद थे।

इकोनॉमिक ग्रोथ के दावे हवा-हवाई, प्रदेश को हुआ वित्तीय घाटा

देहरादून।
इकोनॉमिक ग्रोथ के तमाम दावों के बावजूद उत्तराखंड का राजकोषीय घाटा लगातार बढ़ता जा रहा है। जब हम पिछले पांच सालों में इस आंकडे पर
नजर डालते हैं तो पता चलता है पिछले पांच सालों में यह घाटा करीब 6 गुना बढ़ गया है। भारत के कंट्रोलर एवं ऑडिटर जनरल ऑफ इंडिया यानी कैग की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है।
प्रदेश में राजनीतिक पार्टियां सत्ता में रहते हुए प्रदेश को तेजी से आगे बढ़ाने की बात लाख दफा कर लें लेकिन हकिकत तो यही है की प्रदेश इस धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। और इस बात का प्रमाण कैग की नई रिपोर्ट दे रही है जिसमें साफ कहा गया है की पिछले पांच सालों में प्रदेश में राजकोषीय घाटा 6 गुना बढ़ा है। यह रिपोर्ट तब सामने आई है जब प्रदेश में नई सरकार ने अपना कामकाज संभाल लिया है।

ग्राफिक्स के जरिये जानिये वित्तीय घाटा-

वर्ष राजकोषीय घाटा राजस्व घाटा प्राथमिक घाटा

2011-12 1,757 716 12

2012-13 1,600 1,787 489

2013-14 2,650 1,105 594

2014-15 5,826 917 3,420

2015-16 4,126 1852 3,154

जहां प्रदेश को राजकोषीय घाटा हो रहा है वही नियमों का भी उल्लंघन किया गया। कैग की रिपोर्ट कहती है कि राज्य सरकार ने लेखा नियमें के विरुद्ध
मे कई बार खर्च किया है। उदाहरण के तौर पर वर्ष 2015-16 के दौरान राज्य सरकार ने पुंजीगत संपतियों के निर्माण के लिए दिये गए 54.81 करोड़ रुपये को सहायता अनुदान में खर्च किया। इसके अलावा 1.188 करोड़ रुपये वृहत निर्माण कार्यों के घन को राजस्व में 2.21 करोड़ रुपये के मरम्मत कार्य
के पूंजीगत खंड में और 4.33 करोड़ रुपये के लघु निर्माण कार्यों को पूंजीगत खंड में खर्च किया गया। जो की लेखा नियमों का साफ तौर पर उल्लंघन है।
जहां राजकोषीय घाटा बढ़ा है वही पूर्व के पांच सालों में प्रदेश की सत्ता संभालने वाली कांग्रेस सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का कहना है की यह घाटा तो होता ही है। वही बीजेपी इसे पूर्व की सरकार पर डालती नजर आ रही है।