राज्य के मेडिकल कॉलेजों की दशा सुधारने को एम्स तैयार

-श्रीनगर, हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज गोद लेने को तैयार एम्स प्रशासन

ऋषिकेश।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के नए निदेशक प्रोफेसर डॉ. रविकांत वर्मा ने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखण्ड राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने की जरूरत है। डॉक्टरों की कमी के चलते इसमें दिक्कत आती है। इसलिए वह श्रीनगर और हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज को गोद लेने को तैयार हैं। उनके मेडिकल स्टूडेंट दोनों कॉलेजों में मरीजों का उपचार कर सकते हैं। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, राज्य सरकार और सेना के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि एम्स में तेजी से संसाधन जुटाए जा रहे हैं। डॉक्टर और स्टॉफ की कमी जल्द दूर हो जाएगी। आने वाले दिनों में बदलाव देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की भर्ती में स्थानीय को प्राथमिकता दी जाएगी। एम्स के विस्तार के लिए राज्य सरकार से भूमि मांगी गई है। इस मामले में वह मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस में 960 बेड होंगे जिसमें 500 बेड सामान्य, 300 बेड सुपर स्पेसिशियलिटीज, 50आईसीयू, 50 ट्रामा सेंटर, 30 पीएमआर और 30 बेड आयुष विंग के बनाए जाने हैं।

बापूग्राम में होने लगा आंतरिक सड़कों का सुधार

ऋषिकेश।
बापूग्राम में आंतरिक सड़कों के चौड़ीकरण और सुधारीकरण का काम शुरू हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की सभी सड़कों का चौड़ीकरण और सुधारीकरण होगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने आंतरिक सड़कों का निरीक्षण करने के साथ बापूग्राम में बनने वाली सड़क का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछेगा। हर गांव की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की जाएगी। खासकर धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली सड़क चौड़ी की जाएगी। इसके लिए लोनिवि को सर्वेकर रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा गया है। कार्यक्रम में डीएन बडोनी, रविन्द्र राणा, ताजेन्द्र नेगी, ममता नेगी, ब्रह्मी देवी, प्रमिला देवी, दुर्गा देवी, संगीता देवी, प्रति शर्मा, प्रिया ढकाल, मनवर सिंह, जयेश राणा, राजेश राजपूत, देवेन्द्र कंडवाल, जानकी प्रसाद, महावीर चमोली, विवेक चतुर्वेदी, मनमोहन त्यागी, लोनिवि के ईई बलराम मिश्रा, सहायक अभियंता अविनाश भारद्वाज, सतीश कुमार आदि मौजूद थे।

त्रिवेन्द्र सरकार पर अफसरशाही हावी

ऋषिकेश।
चारधाम यात्रा शुरू होने से पूर्व गढ़वाल कमिश्नर ने ऋषिकेश में व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों की बैठक ली थी जिसमें कई महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी नदारद रहे। जो अधिकारी आए भी वे मोबाइल का मोह नहीं छोड़ सके। बैठक के दौरान मोबाइल में लगे रहे। आलम यह है कि अभी तक न तो गढ़वाल कमिश्नर ने चारधाम यात्रा बस कम्पांउड का निरीक्षण किया न ही डीएम देहरादून ने। जब कि दोनों शीर्ष अधिकारी चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले ऋषिकेश आ चुके हैं।
सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत के चारधाम यात्रा शुरू करने वाले दिन भी दोनों अधिकारी कार्यक्रम से नदारद रहे। पिछले वर्ष पूर्व कमिश्नर सीएस नपच्याल ने बस कम्पाउंड में कमिश्नर के लिए कैंप कार्यालय बनाया था। उन्होंने यात्रा शुरू होने व यात्रा काल के दौरान कई बार यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा ही नहीं लिया बल्कि वह अपने कैंप कार्यालय में बैठे भी लेकिन इस वर्ष एक बार भी गढ़वाल कमिश्नर यहां नहीं पहुंचे हैं।

चारधाम यात्रा कम्पाउंड में अव्यवस्थाएं हावी

-तपती धूप में खड़े होकर श्रद्धालु करा रहे अपना पंजीकरण
-बजट के अभाव में मात्र 50 सफाई कर्मचारियों की हो पाई भर्ती
-जनरेटर से नहीं जोड़े गए पंखे और लाइट के कनेक्शन

ऋषिकेश।
चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार ऋषिकेश में श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं चाक-चौबंद नहीं हैं। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से यात्रा अपने चरम पर लौटने लगी है लेकिन पंजीकरण कराने पहुंच रहे श्रद्धालु तपती धूप में खड़े होने को मजबूर हैं। जनरेटर से पंखे और लाइट के कनेक्शन नहीं जोड़े गए हैं। बजट का रोना रोकर पालिका प्रशासन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने से पल्ला झाड़ रहा है। चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर गढ़वाल कमिश्नर ने चारधाम यात्रा कम्पाउंड का एक बार भी निरीक्षण नहीं किया है।
चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में दिन प्रतिदिन इजाफा हो रहा है लेकिन चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार ऋषिकेश में ही यात्रा की व्यवस्थाएं दुरस्त नहीं हैं। चारधाम यात्रा कम्पाउंड में तीर्थयात्रियों के लिए अभी तक टेंट नहीं लग पाया है। इसकी जगह पालिका प्रशासन ने एक छोटा टेंट जरूर लगा रखा है लेकिन बढ़ती भीड़ के आगे वह नाकाफी नजर आ रहा है। इसके चलते पंजीकरण करा रहे श्रद्धालुओं को तपती धूप में लाइन लगाकर पंजीकरण कराना पड़ रहा है।
कमोबेश यही हाल बिजली चले जाने पर हो रहा है। यात्री विश्राम गृह और पंजीकरण काउंटरों के बाहर लगाए गए पंखों का कनेक्शन जनरेटर से नहीं जोड़ा गया है। इसके चलते श्रद्धालु गर्मी से बेहाल रहते हैं। यात्रा काल में नगर की साफ-सफाई चाक चौबंद रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जानी थी लेकिन इसके लिए 70 कर्मचारियों के सापेक्ष मात्र 50 कर्मचारियों की ही भर्ती हो पाई है। गौरतलब है कि चारधाम बस कम्पाउंड में व्यवस्थाए दुरुस्त करने की जिम्मेदारी पालिका प्रशासन के पास है। लेकिन बजट का रोना रोकर पालिका अपना पल्ला झाड़ रही है।
पालिका के अधिशासी अधिकारी वीपीएस चौहान का कहना है कि शासन को चारधाम यात्रा की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए 67.55 लाख का बजट मांगा गया था लेकिन मात्र 15 लाख रुपये ही जारी किए गए हैं। अब जितना बजट होगा व्यवस्थाएं भी उतनी ही दुरुस्त हो पाएंगी।

वैशाली राणा मिस फेयरवेल और पवन कुमार मिस्टर फेयरवेल

एसआरएचयू मैनेजमेंट कॉलेज में फेयरवेल पार्टी का आयोजन

ऋषिकेश।
स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी के हिमालयन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में एमबीए और बीकॉम ऑनर्स के छात्र-छात्राओं की ओर से फेयरवल पार्टी का आयोजन हुआ। इसमें एमबीए, बीकॉम ऑनर्स और बीबीए के छात्रों ने अपने सीनियर्स के लिए विदाई समारोह का आयोजन कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बीकॉम ऑनर्स फाइनल की छात्रा वैशाली राणा को मिस फेयरवेल और एमबीए फाइनल की छात्रा स्वाति थपलियाल को मिस स्पार्क चुना गया। वहीं एमबीए फाइनल के छात्र पवन कुमार को मिस्टर फेयरवेल का टाइटल मिला।
एसआरएचयू के हिमालयन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के जूनियर छात्र-छात्राओं ने प्रोजेक्टर के माध्यम से कॉलेज में बिताए पलों को आपस में साझा किया। इसमें पुराने दिनों की यादों को याद करते हुए छात्र-छात्राएं भावुक हो उठे। जूनियर छात्र-छात्राओं ने सोलो, गढ़वाली, पंजाबी व गुजराती डांस की मनमोहक प्रस्तुति देकर विदाई समारोह को यादगार बना दिया। कॉलेज के डीन प्रोफेसर एसपी थपलियाल ने छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मौके पर छात्रों ने गानों की प्रस्तुति दी जिसमें हम रहे ना रहे कल पल याद आएंगे ये पल, यादे याद आती हैं बाते भूल जाते हैं इन गाने गाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। कॉलेज के विभागाध्यक्ष डॉ एसआर शर्मा ने छात्रों को जीवन का मूल्य बताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

पर्यावरण संरक्षण सबकी जिम्मेदारी

ऋषिकेश।
वीरपुर खुर्द, पशुलोक स्थित आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गंगा और पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को आगे आना होगा। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। संत समाज इसमें भागीदारी निभा सकता है। उन्होंने किसी भी आयोजन पर पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। यज्ञ हरित पर्यावरण पद यात्रा 15 अगस्त को वैष्णो देवी मंदिर से शुरू हुई जिसका समापन 28 फरवरी को हुआ। यात्रा के उपलक्ष्य में मंगलवार को पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष की पुत्री का मंगलवार को जन्मदिन होने पर भी पौधे रौपे गए। इस अवसर पर अवधूत बाबा अरुणगिरी महाराज, महामण्डलेश्वर शिवांगी नंदगिरी, समाजसेवी मदन मोहन शर्मा, विनोद शर्मा, चेतन शर्मा, रविन्द्र राणा, ताजेन्द्र नेगी,भाष्कर बिज्लवाण, पंकज शर्मा, राजपाल ठाकुर,मंडल अध्यक्ष प्रदीप धस्माना आदि उपस्थित थे।

उम्र की हेराफेरी से आधार से लिंक नहीं करा रहे पेंशन

एक्सलूसिव ….

-आधार लिंक नहीं होने से रोक दी गई समाज कल्याण की पेंशन
-वृद्धा, विकलांग और विधवा पेंशन के आधे से ज्यादा लाभार्थियों की नहीं आ रही पेंशन

ऋषिकेश।
आधार लिंक नहीं होने से समाज कल्याण विभाग के आधे पेंशनधारकों की पेंशन नहीं आ रही है। वहीं वृद्धावस्था पेंशन के मामले में भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। नेताओं से मिलीभगत कर पेंशन का लाभ ले रहे कम उम्र के पेंशनधारक आधार जमा नहीं करवा रहे हैं। आधार में उम्र 60 से कम होने के कारण पेंशनधारकों को अब पोल खुलने का डर सता रहा है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धा, विकलांग और विधवा पेंशन का लाभ ले रहे लोगों को विभाग ने बड़ा झटका दिया है। आधार की अनिवार्यता के कारण जिन पेंशनधारकों ने आधार कार्ड को लिंक नहीं कराया है। उन सभी की पेंशन विभाग ने रोक दी है। शहर में वृद्धावस्था पेंशन का लाभ रहे लोगों की संख्या 15 सौ से अधिक है लेकिन मात्र 50 प्रतिशत लोगों ने ही अपने आधार को पेंशन से लिंक कराया है। समाज कल्याण विभाग ने अब ऐसे पेंशनधारकों की पेंशन पर पूर्णतया रोक लगा दी है जो आधार की जानकारी नहीं दे रहे हैं।
वृद्धावस्था पेंशन में भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, शहर में वृद्धावस्था के 15 सौ से अधिक पेंशनधारक हैं लेकिन आधे से ज्यादा पेंशनधारक कई बार रिमाइंडर के बाद भी आधार लिंक नहीं करा रहे हैं। इसके पीछे आधार में उनकी उम्र का कम होना बताया जा रहा है। नेताओं से मिलीभगत कर वर्षों से पेंशन का गलत लाभ ले रहे पेंशनधारकों को अब पोल खुलने का डर सता रहा है। कार्रवाई के डर से ऐसे पेंशनधारक अपना आधार लिंक कराने से बचते दिखाई दे रहे हैं।
विभागीय मिलीभगत से लगी है पेंशन
ऐसे लोगों की पेंशन लगवाने में सिर्फ नेता ही दोषी नहीं है। अधिकारी भी मूल दस्तावेजों की जांच करें बिना ही फॉर्म को आगे बढ़ा देते हैं। सेंटिग से पेंशन स्वीकृत करा चुके लोग वर्षों से विभाग को राजस्व का चूना ला रहे हैं।

विभागीय पेंशन के मामले में आधार लिंक नहीं कराने वाले पेंशनधारकों की पेंशन पर रोक लगा दी गई है। आधे से ज्यादा पेंशनधारकों ने आधार लिंक नहीं कराया है। वृद्धावस्था में 750 से अधिक पेंशन लाभाथियों के आधार जमा नहीं होने से विभाग को शंका हो रही है। कम उम्र में पेंशन का लाभ लेने वालों का खुलासा होने पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
महेश प्रताप सिंह, सहायक समाज कल्याण अधिकारी डोईवाला ब्लॉक।

चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन एजेंसी खुली

ऋषिकेश।
उत्तर प्रदेश के मैदानी क्षेत्र विशेषकर पूर्वांचल के लोगों की चारधाम यात्रा को सरल-सुगम बनाने के लिए ऑनलाइन ट्रैवेल एजेंसी पूर्वांचल एक्सप्रेस के कार्यालय का ऋषिकेश नगर पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा ने उद्घाटन किया। ऋषिकेश के अमितग्राम में अध्यक्ष दीप शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश विशेषकर पूर्वांचल में रहने वाले लोगों के लिए चारधाम यात्रा आरामदेह बनाने के लिए ऑनलाइन ट्रैवेल एजेंसी कार्यालय बनाया गया है। पूर्वांचल एक्सप्रेस के चैयरमेन श्रीकांत सिंह ने कहा कि आज विभिन्न ट्रैवेल एजेंसी यात्रा के नाम पर तीर्थ यात्रियों से ज्यादा मुनाफा वसूल रही हैं। इस अवसर पर राहुल उपाध्याय, सिद्धार्थ रतूड़ी, भवानंद बंगवाल, सचिदानंद तिवारी, उपेंद्र प्रसाद भट्ट, लक्ष्मी प्रसाद अर्जुन सिंह नेगी, सुनीता नेगी, शारदा देवी, सीमा आदि उपस्थित थे।

महिला मोर्चा ने चलाया जागरुकता अभियान

ऋषिकेश।
मंगलवार को महिला मोर्चा परवादून की अध्यक्ष अनीता ममगाईं के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में केन्द्र व राज्य सरकार की ओर से गर्भावस्था के समय दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारियां दीं। बताया कि समय पर टीकाकरण, आयरन और कैल्शियम की गोलियों का डॉक्टरों के परामर्श के अनुसार सेवन करते रहना चाहिए। नियमित जांच, आशाओं के माध्यम से स्वास्थ्य का निरीक्षण करने की सलाह भी दी। बताया कि राज्य सरकार ने खुशियों की सवारी के माध्यम से जच्चा-बच्चा को घर तक पहुंचाने की सुविधा भी दी है।
केन्द्र सरकार के मातृत्व अवकाश को बढ़ाकर छह माह तक किए जाने के बारे में बताया। कहा कि सरकार के निर्णय से मां बच्चे की अच्छी तरह से देखभाल कर सकेंगी। मौके पर ऊषा रावत, मंजू बलोदी, अनिता तिवारी, रमा रावत, सरला अग्रवाल, कमलेश जैन, सुजाता टुटेजा, दर्शनी नौटियाल, सुशीला बिष्ट, गुड्डी कलूड़ा, विरोजनी भट्ट, पन्ना देवी, रजनीबाला, आंनदी बिजल्वान, कोमल राजपूत, उषा जोशी, कमला गुनसोला आदि उपस्थित रहे।

शिवानी मिस और आशीष मिस्टर फेयरवेल

ऋषिकेश।
मंगलवार को ऑटोनॉमस कॉलेज के एमएलटी विभाग के तृतीय वर्ष के छात्रों का विदाई समारोह आयोजित हुआ जिसमें शिवानी नेगी को मिस फेयरवेल और आशीष रावत को मिस्टर फेयरवेल के खिताब से नवाजा गया। मंगलवार को एमएलटी विभाग में तृतीय वर्ष के छात्रों को विदाई दी गई। कार्यक्रम का शुभारम्भ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल ने किया। रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ विदाई समारोह धूमधाम के साथ मनाया गया। प्राचार्य ने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की। कुछ छात्र विदाई का पल होने से भावुक भी नजर आए। विभाग के समन्वयक डॉ. गुलशन कुमार ढींगरा ने कहा की विदाई का मतलब एक प्लेटफार्म से आगे बढ़कर नई चुनौतियों का स्वागत करना है। इसलिए विदाई के बाद भी जीवन में जहां भी आवश्यकता होगी कॉलेज परिवार उनकी सहायता के लिए हमेशा साथ रहेगा।