सार्वजनिक अवकाश पर भी खुले रहे प्राइवेट स्कूल

ऋषिकेश।
मंगलवार को रामनवमी त्योहार पर केन्द्र और राज्य सरकार की ओर से सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। बावजूद इसके देहरादून रोड स्थित एक प्राइवेट स्कूल खुला रहा। इसके चलते छोटे बच्चों अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने में व्यस्त रहे। प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के आगे अभिभावक कुछ बोलने से भी हिचकाते हैं जिससे इन स्कूलों की मनमर्जी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
अधिवक्ता अमित वत्स ने बताया कि रामनवमी का त्योहार हिन्दुओं का पावन पर्व है। ऋषिनगरी के ज्यादातर स्कूलों ने सार्वजनिक अवकाश का पालन किया लेकिन कुछ स्कूलों ने पालन नहीं किया है। अष्टमी और रामनवमी पर कन्याओं का पूजन किया जाता है। अवकाश होने के बाद भी छोटे बच्चे स्कूल आए और अभिभावक त्योहार होने पर भी बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने में व्यस्त रहे। उन्होंने प्राइवेट स्कूलों की कार्य प्रणाली पर रोष जताया। कहा कि प्राइवेट स्कूलों की मनमर्जी के खिलाफ सरकार से शिकायत की जाएगी।

देहरादून मार्ग स्थित एक प्राइवेट स्कूल के रामनवमी के अवकाश पर भी स्कूल खोलने की शिकायत आई है। हो सकता है कि स्कूल ने बुधवार को रामनवमी का अवकाश घोषित किया हो। लिखित शिकायत सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
वृजेश कुमार तिवारी, एसडीएम ऋषिकेश।

प्रशासन ने गंगा पार से हटाए बीच कैंप

ऋषिकेश।
शनिवार को कौड़ियाला से मालाखुंटी की ओर नर्कुची में गंगा किनारे बीच कैंप लगे होने की जानकारी मिली। एसडीएम सोहन सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टिहरी और पौड़ी की सीमा के कारण असमंजस होने पर टीम ने जानकारी जुटाई कि यह किसके क्षेत्र में है। पौड़ी क्षेत्र होने पर एसडीएम ने गंगा पार करने के लिए बोट मंगवाई। एसडीएम ने बताया कि कैंप संचालक भी पर्यटकों को नाव के सहारे ही बीच कैंप में लाते थे। नाव के सहारे प्रशासन की टीम बीच कैंप में पहुंची।
प्रशासन की टीम को गंगा किनारे पर 35-40 टेंट लगे हुए मिले। टीम ने पूछताछ की तो दो कैंप संचालन की बात सामने आई। टीम ने मौके से टेंट हटवाए। उन्हें चेतावनी दी गई कि गंगा किनारे बीच कैंप का संचालन बंद है। एसडीएम सोहन सिंह ने बताया कि दोनों बीच कैंप अवैध रूप से लगाए गए थे, जिसे टीम ने हटा दिया है। टीम में तहसीलदार आरपी जखमोला, पटवारी सत्यपाल चौहान, ताजेन्द्र लाल व दिनेश बिष्ट, एसआई विवेक राठी पुलिस बल के साथ शामिल थे।

पुलिस ने दर्जनभर व्यापारियों के काटे चालान

ऋषिकेश।
एसपी देहात श्वैता चौबे के नेृतत्व में पुलिस ने घाट मार्ग, मुखर्जी मार्ग और क्षेत्र मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। घाट मार्ग पर व्यापारियों की दुकानें सड़क पर लगने पर पुलिस ने उनके चालान काटे। इस दौरान कुछ व्यापारी पुलिस से उलझे भी लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उनकी नहीं चली। एसपी ने बताया कि चारधाम यात्रा शुरू हो रही है लेकिन यात्रा से पहले ही शहर पर जाम एक बड़ी समस्या है। विभिन्न मार्गों पर सड़क पर खड़े ठेली वालों के कारण सड़क से वाहन निकालना मुश्किल हो जाता है जबकि कुछ मार्गों पर व्यापारियों ने अपनी दुकानें काफी आगे तक बढ़ा दी हैं। इसलिए अभियान चलाया जा रहा है। एसपी के मुताबिक करीब दर्जनभर व्यापारियों के चालान काटे गए हैं। सड़क पर आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार चलेगा। अभियान में एएसपी निहारिका भट्ट सहित पुलिस फोर्स मौजूद रही।

नालियों में कूड़ा फेंका तो कर्मचारी पर भी होगी कार्रवाई

ऋषिकेश।
नगर पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा ने शनिवार को सफाई नायकों की बैठक ली। उन्होंने नगर की स्वच्छता के बारे में कई बिन्दुओं पर चर्चा की। तय हुआ कि रविवार से नगर के वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वार्डवार स्वच्छता अभियान में सभासद और स्थानीय लोगों की जन सहभागिता भी सुनिश्चित होगी। बताया कि एक बार नगर को पूर्णतया साफ करने का लक्ष्य रखा गया है जिसके बाद सफाई की रूपरेखा तय की जाएगी।
बैठक में पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा ने कर्मचारियों द्वारा नालियों में कूड़ा गिराने पर कार्रवाई के भी संकेत दिए। बताया कि पालिका सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने पर सोमवार से जुर्माना भी लगाने जा रही है। बैठक में मोहल्ला स्वच्छता समितियों को ही कूड़ा देने और कूड़े को डंपर तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया। डंपर को समय से खाली करने और गंदगी न फैलाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिशासी अधिकारी वीपीएस चौहान, सफाई निरीक्षक सचिन रावत व अरविन्द डिमरी, सभासद रीना शर्मा, कुलदीप शर्मा, राधा रमोला, मधु मिश्रा, विजयलक्ष्मी भट्ट, अनिता बहल, देवेन्द्र प्रजापति, सफाई नायक नरेश, महेन्द्र, विनोद, विनेश, मुकेश, अमित, विक्रम, जितेन्द्र, राजेश आदि मौजूद थे।

वाहनों में रेट लिस्ट न लगी होने पर होगी कार्रवाई

ऋषिकेश।
शनिवार को कोतवाली में पुलिस ने परिवहन से जुड़े यूनियन पदाधिकारियों की बैठक बुलाई। इसमें शहर में जाम लगने पर वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई करने के बारे में बताया गया। एसपी देहात श्वैता चौबे ने साफ कहा कि चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। इसलिए अब सुबह छह से रात 10 बजे तक बसों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा। छह अप्रैल से ऑटो-विक्रम चालकों का सत्यापन भी होगा। अवैध ऑटो-विक्रम के खिलाफ कार्रवाई के लिए सभी 6 यूनियनों से उनकी सूची मांगी जाएगी। कहा कि प्रत्येक वाहन पर रेट लिस्ट लगी होनी जरूरी है। चन्द्रभागा पुल के पास बनी पार्किग से स्टैंड हटाया जाएगा। एसपी ने कहा कि शहर में जाम एक बड़ी समस्या है। इसलिए अतिक्रमण भी हटाया जा रहा है। इस अवसर पर रोटेशन अध्यक्ष सुधीर राय,ऑटो-विक्रम महासंघ अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, विनोद शर्मा,कुंवर सिंह रावत, बंटी तायल, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष कुंवर सिंह तडियाल, सुनील शर्मा, त्रिलोक भण्डारी,सूमो यूनियन के अध्यक्ष केएल कुडियाल,एएसपी निहारिका भट्ट, सीओ मनोज कत्याल सहित अन्य मौजूद थे।

ऑटोनॉमस कॉलेज के भौतिक के तीन छात्रों ने गेट परीक्षा उत्तीर्ण की

ऋषिकेश।
ऑटोनॉमस कॉलेज में भौतिकी विज्ञान की एसोसिएट्स प्रोफेसर डॉ. सुमिता ने बताया कि 2016 में भौतिकी से एमएससी करने वाली पूजा भट्ट, ध्रिति मौर्या और शोभित ने गेट परीक्षा उत्तीर्ण की है। पूजा भट्ट ने ऑल इडिया में 33वां स्थान पाया है। पूजा और शोभित को भारत सरकार की ओर से इंस्पायर छात्रवृति भी मिलती रही है। शोभित ने जीईएसटी परीक्षा में देश में 120वां स्थान प्राप्त किया है।
बताया कि गेट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद छात्र राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों में सीधे एमटेक में एडमिशन ले सकते हैं। गेट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद छात्रों को वैज्ञानिक पद व पीएचडी के लिए सीधे साक्षात्कार में सम्मिलित होने का का मौका भी मिलेगा। डॉ. सुमिता ने बताया कि भौतिक विभाग छात्रों के लिए विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन करता आ रहा है जिसका उद्देश्य छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं का लाभ दिलाना है। विभाग के प्राध्यापकों के द्वारा राष्ट्रीय व अन्तर राष्ट्रीय स्तर पर शोध प्रकाशित किए जाते हैं। छात्रों को भी शोध के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
छात्रों की उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल, विभागाध्यक्ष डॉ. डीपी भट्ट, डॉ. बीपी बहुगुणा, डॉ. मृत्युजंय शर्मा, डॉ. विजेन्द्र लिंगवाल, डॉ. हेमन्त परमार ने हर्ष जताया है। वहीं, छात्रों में भी अपने सीनियर्स के गेट परीक्षा उत्तीर्ण करने पर उत्साह का माहौल है।

ये कैसा मजाक: सरकार की नजर में 150 रुपये में आती हैं किताब

ऋषिकेश। दयाशंकर पाण्डेय
शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत प्राइवेट स्कूलों में पढ़ रहे छात्रों को सरकार 150 रुपये सालाना किताबें खरीदनें को देती है जबकि इसके विपरीत छात्रों की किताबों के दाम आसमान छू रहे है। आर्थिक रूप से कमजोर अभिभावकों के कॉपी किताब और ड्रेस बनवाने में पसीने छूट रहे हैं।
शिक्षा का अधिकार कानून (आरटीई) के तहत प्राइवेट स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को पढ़ने का मौका मिलता है। आरटीई के तहत बच्चों की फीस सरकार स्कूलों को देती है। सरकार बच्चों को स्कूली ड्रेस, किताब खरीदने और हाजिरी के हिसाब से भी खाते में पैसा उपलब्ध कराती है लेकिन किताब खरीदने के नाम पर सालाना मात्र 150 रुपये छात्रों को देती है।
स्कूल ड्रेस के नाम पर भी 400 रुपये सालाना छात्रों के एकाउंट में आते हैं। आरटीई के तहत प्राइवेट स्कूलों में अपने बच्चों को पढ़ाने का ख्वाब देख रहे अभिभावकों को तब गहरा झटका लगता है जब बाजार में कक्षा एक के छात्र की किताब खरीदने में अभिभावकों को हजारों रुपये का बिल चुकाना पड़ता है। दबी आवाज में अभिभावक स्वीकार कर रहे हैं कि महंगे स्कूलों में फ्री एडमिशन और फीस नहीं देने के बाद भी उनका बजट गड़बड़ा रहा है।

सरकार 150 रुपये किताबों के प्रकाशन में आने वाली लागत के अनुसार छात्र के एकांउट में डालती है। चूंकि प्राइवेट स्कूलों का सिलेबस एक जैसा नहीं होता है तो किताबों की लागत अधिक आना स्वाभाविक है।
नरेन्द्र शर्मा, ब्लाक समन्वयक डोईवाला।

रातभर एसडीएम कार्यालय में दिया धरना

-शराब की दुकान खोलने के विरोध में महिलायें
-उखीमठ मोटरमार्ग पर दिया जा रहा है धरना
रुद्रप्रयाग।
भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ में शराब की दुकान खोले जाने का विरोध तेज हो गया है। स्थानीय महिलाएं शराब की दुकान के विरोध में रात को सड़कों पर उतर रही और आज सुबह से ही उखीमठ मोटरमार्ग पर धरना दे रही हैं। शुक्रवार रातभर उखीमठ की महिलाएं शराब की दुकान के विरोध में उपजिलाधिकारी कार्यालय में धरने पर बैठी रही। महिलाओं का कहना है कि किसी भी हाल में शराब की दुकान नहीं खोलने दी जायेगी।
उत्तराखण्ड हाईकोर्ट ने चारधाम यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिले में शराब की दुकान खोलने पर रोक लगा दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के निर्णय पर स्टे ले लिया है। जिसके बाद अब रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ सहित अन्य स्थानों पर शराब की दुकान खोलने को विरोध हो रहा है। शुक्रवार रात को उखीमठ की महिलाओं ने सड़कों पर प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं ने उप जिलाधिकारी का घेराव करते हुये रात भर उपजिलाधिकारी कार्यालय में धरना दिया। महिलाओं ने कहा कि बाबा केदारनाथ के शीतकालीन गददीस्थल उखीमठ में शराब का प्रचलन अत्यधिक बढ़ गया है। शीतकालीन गददीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से मात्र दो सौ मीटर दूर शराब की दुकान स्थित है। आये दिन बाबा केदार के दर्षनों के लिये हजारों यात्री आते हैं, लेकिन रास्ते में ही शराब की दुकान होने से यात्रियों की आस्था को ठेस पहुंचती है।

ईलाज के अभाव में नहर में छोड़ दिया, मौत

रुड़की।
रुड़की की पुरानी गंगनहर के पास एक नवजात बच्ची का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से हड़कंप मच गया सुचना मिलते ही आनन् फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। हैरत की बात ये है की बच्ची बीमार थी जिसके हाथ पर ड्रिप लगी हुई है पुलिस मान कर चल रही है की बच्ची बीमार थी जिसका उपचार कराने की बजाये उसे उसके परिजन गंगनहर में फेंककर चले गये कलियर पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और शव को अपने कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतज़ार कर रही है घटना से मेहवड गाँव के लोग भी सहमे हुए है ।

चार दिनों में लीकेज की समस्या दूर करें विभाग: कौशिक

हरिद्वार।
गर्मी के मौसम को देखते हुए नगर की पेयजल व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए अगस्त क्रांति भवन (सीसीआर) में उत्तराखण्ड सरकार के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने बैठक ली। बैठक में उन्होंने 4 दिनों के अंदर नगर के समस्त पेयजल लीकेज को ठीक करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पेयजल लीकेज पर जीरो टालरेंस की नीति अपनायी जाएगी। यदि लीकेज मिलता है तो इसे तत्काल रूप से ठीक किया जाए। जल निगम, जल संस्थान के अधिकारी टास्क फोर्स बनाकर सर्वे कर लीकेज ठीक करें। उन्होंने एनएच द्वारा पेयजल पाइप क्षतिग्रस्त करने पर नुकसान को ठीक न करने पर एफआईआर की कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
कौशिक ने नगर में हैण्ड पम्प ठीक करने व आवश्यकता पड़ने पर ट्यूबवैल हेतु जमीन उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नगर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक कार्ययोजना बनायी जाए। 26 बड़े नालों की सफाई के लिए टेंडर कर लिए जाएं। पेयजल, जलभराव की समस्या के लिए संवेदनशील क्षेत्र चिन्हित कर लिये जाएं। लाटोवाली, कुम्हार घडी, रेलवे स्टेशन के पास, औद्योगिक क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए। श्री कौशिक ने लोक निर्माण विभाग को गड्डे मुक्त सड़कों का निर्माण व मरम्मत करने के निर्देश दिये। एचआरडीए को पार्कों सौंदर्यींकरण का निर्देश दिया। उन्होंने कुम्भ 2021 को ध्यान में रखते हुए योजनावार प्लान तैयार कर कार्य करने के निर्देश भी दिये।
मेयर मनोज गर्ग ने डेंगू नियंत्रण के लिए अभी से प्लान तैयार करने के निर्देश दिये तथा पेयजल लीकेज पर आपसी समन्वय पर बल दिया। बैठक में जिलाधिकारी एस.ए. मुरूगेशन, सीडीओ डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, सीएमओ डॉ. बी.एस. जंगपांगी, डीडीओ पुष्पेन्द्र चैहान, सचिव एचआरडीए, एमएनए अशोक पांडे, मुकेश कौशिक, अनिरूद्ध भाटी, नरेश शर्मा, विनीत जौहारी, विकास तिवारी इत्यादि उपस्थित थे।