दिल्ली।
अब्दुल्ला ने यहां सोनावार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, यदि वह (पथराव करने वाला युवक) अपनी जान दे रहा है, वह पर्यटन के लिए नहीं कर रहा है। वह अपनी जान इसलिए दे रहा है ताकि इस देश के भाग्य का निर्णय हो सके जो इस स्थान के लोगों को स्वीकार्य हो। इसे समझने की जरूरत है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही जो उन्होंने गत दो अप्रैल को चेनानी-नाशरी सुरंग के उद्घाटन के दौरान दिया था। मोदी ने तब कहा था कि कश्मीर के युवा को पर्यटन और आतंकवाद के बीच चयन करना होगा। उन्होंने कहा, हाल में सुरंग शुरू की गई। उन्होंने (प्रधानमंत्री) कहा कि यहां के युवाओं को सोचना होगा कि उन्हें पर्यटन चाहिए या आतंकवाद। मैं मोदी साहब से कहना चाहता हूं कि पर्यटन हमारी जीवन रेखा है, इसमें कोई संदेह नहीं है। अब्दुल्ला ने कहा, यद्यपि वह एक पथराव करने वाला है। उसका पर्यटन से कोई लेना देना नहीं। वह भूखे मर जाएगा लेकिन वह देश के लिए पथराव कर रहा है और इसे समझने की जरूरत है।
अब्दुल्ला श्रीनगर लोकसभा उपचुनाव में विपक्षी नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। लोकसभा सीट के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा। गौरतलब है कश्मीर के गुमराह युवकों को संदेश देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (2 अप्रैल) को कहा था कि 40 साल के रक्तपात से किसी का फायदा नहीं हुआ और युवाओं को राज्य के विकास एवं भलाई के लिए आतंकवाद के मुकाबले पर्यटन को तवज्जो देना चाहिए। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की स्थायी प्रतिनिधि निकी हेली ने कहा था कि उनका देश भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर चिंतित है और इसलिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दोनों देशों के बीच शांति प्रक्रिया में शामिल होकर इसे सुलझाना चाहते हैं।
Author: admin
चट्टानें खिसकने से केदारनाथ पैदल मार्ग को नुकसान
रुद्रप्रयाग।
फरवरी और मार्च तक हुई बर्फबारी और बारिश के दौरान चट्टानें खिसकने से केदारनाथ पैदल मार्ग को खासा नुकसान पहुंचा है। गौरीकुंड से केदारनाथ तक 16 किलोमीटर लंबे मार्ग पर दस स्थानों पर भूस्खलन क्षेत्र सक्रिय हैं। इसके अलावा जगह-जगह हिमखंड और बोल्डर (विशाल पत्थर) गिरने से मार्ग टूट गया है। रुद्रप्रयाग की जिलाधिकारी रंजना ने बताया कि केदारनाथ पुनर्निर्माण में जुटे नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने प्रारंभिक सर्वे की रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि मार्च में जबरदस्त बर्फबारी के कारण रास्ते को ज्यादा नुकसान पहुंचा है।
सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र गौरीकुंड से रामबाड़ा के बीच का भाग है। यहां आठ स्थानों पर पहाड़ से गिरे बोल्डर रास्ते के बीचों-बीच है। कई स्थानों पर रह-रहकर पत्थर भी गिर रहे हैं। डीएम ने बताया कि प्रशासन की एक संयुक्त टीम मार्ग के निरीक्षण के लिए रवाना कर दी गई है। टीम की रिपोर्ट आने पर मार्ग की मरम्मत का खाका तैयार किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 15 अप्रैल तक मार्ग को पूरी तरह से यातायात के लिए दुरुस्त कर दिया जाएगा।
शराब की शिकायत पर युवकों की पिटाई
रुद्रपुर।
शराब की तस्करी कर रहे युवकों की पुलिस से शिकायत करना चार युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस तो नहीं पहुंची, लेकिन उनके घर बदमाश पहुंच गए। उन्होंने शिकायत करने वालों को पीटकर घायल कर दिया। इस घटना के बाद गुस्साए लोगं ने एसएसपी कार्यालय के समक्ष धरना दिया। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि गोलगेट निवासी सुरेंद्र सिंह ने शराब की सप्लाई कर रहे दो युवकों को साथियों के सहयोग से पकड़ लिया।
इसकी सूचना पंतनगर चौकी पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस तो मौके पर नहीं आई और शराब माफिया के साथी वहां पहुंच गए। आरोप है कि इन बदमाशों ने शंकर राम के घर में घुस कर हमला कर दिया। इसमें शंकर राम, सुरेंद्र राम पुत्र शंकर राम, सुनील राम व अनिल राम पुत्र सुरेंद्र राम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलो का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। गुस्साए लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने पंतनगर पुलिस पर शराब माफियाओ को संरक्षण देने का आरोप लगाया। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने कहा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अवैध पुलिया निर्माण का विरोध
ऋषिकेश।
मंसादेवी गुमानीवाला में ग्रामीणों ने वन विभाग की भूमि पर भूमाफिया द्वारा किए जा रहे अवैध पुलिया निर्माण का विरोध करते हुए वन क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंप आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में बुधवार को स्थानीय नागरिकों ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि मंसादेवी में वन विभाग की भूमि पर कुछ लोग बिना अनुमति के निजी हित के लिये पुलिया का निर्माण कर रहे हैं। उक्त लोग वन भूमि को कब्जाने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों ने यहां हो रहे पुलिया निर्माण का विरोध करते हुए मौके पर काम भी रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में वन विभाग की निष्क्रियता के चलते अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद है और आए दिन वन भूमि पर अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की। ज्ञापन देने वालों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रसंघ उपाध्यक्ष शुभम गौड़, अमनदीप नेगी, कार्तिक कौशल, प्राशु बैनर्जी, ऋषभ यादव, विजय जुगरान आदि शामिल थे।
एनएच, पीडब्ल्यूडी व पालिका ने अतिक्रमण चिन्हित कर निशान लगाये
ऋषिकेश।
प्रशासन के निर्देश पर पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत अतिक्रमण चिन्हित करने की कार्रवाई बुधवार से शुरु हो गयी है। राष्ट्रीय राजमार्ग के अभियंता छत्रपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने कोयलघाटी से श्यामपुर तक अतिक्रमण चिन्हित किया। कुल चौड़ाई 24 मीटर सड़क के दोनों ओर 12-12 मीटर की लंबाई नापकर टीम ने अतिक्रमण पर निशान लगाये। पीडब्ल्यूडी ने बाईपास रोड, पशुलोक व देहरादून रोड में अतिक्रमण चिन्हित कर निशान लगाये। विभाग की ओर से बताया गया कि बाईपास रोड में 86, पशुलोक बैराज रोड में 112 व देहरादून रोड में 70 अतिक्रमण को चिन्हित किया गया है।
वहीं, नगर पालिका प्रशासन ने भी पालिका के मुख्य मार्गों से 118 अतिक्रमण चिन्हित करने की बात कही। सहायक अभियंता आंनद मिश्रवाण ने बताया कि चिन्हित अतिक्रमण के अतिरिक्त जब फोर्स उपलब्ध होगी तो पालिका के द्वारा नालियों से बाहर अतिक्रमण करने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। प्रशासन के निर्देश पर गुरुवार को भी विभाग अतिक्रमण चिन्हित करेंगे। एसडीएम वृजेश कुमार तिवारी ने बताया कि संबधित विभागों के अतिक्रमण चिन्हित करने की कार्रवाई पूरी होने पर फोर्स की डिमांड की जायेगी। फोर्स उपलब्ध होने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।
बरसात से कीचड़ में तब्दील हुई सड़क
ऋषिकेश।
गंगा नगर और हनुमंतपुरम को जाने वाले मुख्य मार्ग की सड़क बारिश से कीचड़ में तब्दील हो गई। जिससे दुपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हुई। एक माह से भी अधिक का समय बीत गया है, लेकिन सड़क निर्माण को लेकर पालिका गंभीर नहीं है। बुधवार तड़के से रुक-रुककर हो रही बारिश ने गंगानगर व हनुमंतपुरम के लोगों की समस्या बढ़ा दी है। हरिद्वार मार्ग से सटे और ऋषिकेश पब्लिक स्कूल को जाने वाले मुख्य मार्ग के खस्ता हाल में होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरी सड़क बारिश के पानी के कारण कीचड़ में तब्दील हो चुकी है। कीचड़ के चलते कई के वाहन रपटे तो कई राहगीर भी फिसले। कुछ माह पूर्व पालिका ने नाले के पाइप डालने के लिए सड़क को खोद डाला था, लेकिन निर्माण कार्य सुस्त होने के चलते महिनों से सड़क उधड़ी पड़ी है। नगर का मुख्य स्कूल ऋषिकेश पब्लिक स्कूल भी इसी मार्ग पर है। स्कूल आते जाते अभिभावकों व छात्रों को परेशानी हो रही है। व्यस्तम मार्ग होने के बावजूद भी नगर पालिका की इस ओर सुस्ती आम लोगों पर भारी पड़ रही है।
ऋषिकेश एसडीएम को तीन घंटे तक ग्रामीणों ने घेरा
ऋषिकेश।
एक दिन पहले भारी विरोध के बीच शांतिनगर में देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानें खुलने से ग्रामीणों का पारा चढ़ गया था। वहीं बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे जब एसडीएम ऋषिकेश बृजेश कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। ग्रामीणों ने एसडीएम के सामने अपनी शिकायतें रखीं, जिसके बाद एसडीएम ने नई दुकानों पर ताला लगवाया। ग्रामीणों ने ठेका हटाने का लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही एसडीएम को मौके से जाने दिया। इसके बाद नागाघेर के पास ठेके के लिए नई जगह तलाशने गए एसडीएम को स्थानीय लोगों का विरोध झेलना पड़ा। एसडीएम ने बताया कि आबकारी निरीक्षक को शांतिनगर में खुली दुकान सील करने को निर्देशित कर दिया गया है। मौके पर तनाव की स्थिति देखते हुए पुलिस फोर्स भी तैनात रही।
प्रदर्शन में महिला मंगल दल अध्यक्ष मिथलेश लखेड़ा, इंद्रपाल, राजकुमारी चौहान, मुख्तार मसीह, सुनीता रावत, पवित्रा देवी, कृष्णा देवी, शांति रावत, दीपा शर्मा, शीतला देवी, उर्मिला रावत, कुसुम खत्री, माया रावत, विजय रावत, शांति थापा, रीता रावत, वैशाखी देवी, राधा, मीना, सुनील शर्मा, विमला रावत आदि शामिल थे।
खोखले पोल नहीं बदलने से हो सकता है बड़ा हादसा
ऋषिकेश।
बुधवार सुबह छह बजे पटाखे जैसी तेज आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले तो बिजली के पोल को सड़क पर गिरा देखकर डर गए। बनखंडी में भाजपा कार्यालय से सटी गली में नीचे से खोखले हुआ बिजली पोल तेज आंधी तूफान की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि उस समय कोई सड़क पर नही था। पोल में बिजली की कोटेड तार होने से करंट की संभावना कम रही, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय निवासी नरेश चौहान, संजीव शर्मा और संजय मलिक ने बताया कि बिजली का पोल नीचे से खोखला हो रखा था। दुर्घटना के अंदेशे के चलते पोल बदलने की कई बार विभाग से मांग की गई, लेकिन विभाग ने आजकल करते हुए पोल नहीं बदला। बुधवार सुबह तेज आंधी के कारण पोल गिर गया।
पूर्व में कई बार बनखंडी क्षेत्र में जर्जर और खोखले बिजली के पोल बदलने को लेकर विभाग को पत्र लिख चुका हूं। लेकिन विभाग की ओर से इस ओर आनकानी की जाती रही है। ऐसे में किसी दिन कोई दुर्घटना हो जाए तो कौन जिम्मेदार होगा।
– हरीश तिवाड़ी, सभासद, नगर पालिका ऋषिकेश।
डीएम ने पॉलीथिन के प्रयोग पर सख्ती से कार्रवाई करने के दिये निर्देश
ऋषिकेश।
बुधवार को चारधाम यात्रा व्यवस्था का जायजा लेते हुए डीएम इन्दुधर बौडाई ने मुनीकीरेती नगर पालिका को कूड़ा निस्तारण एवं गंगा घाटों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने निर्देश दिए। डीएम ने मुनिकीरेती नगर पालिका क्षेत्र के अन्तर्गत खारास्रोत कूड़ ट्रंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम नरेन्द्रनगर को टंचिंग ग्राउंड के लिए अतिरिक्त भूमि की व्यवस्था करने के निर्देश दिये है। पालिका के अधिकारयों को निर्देशित किया कि पॉलीथिन का प्रयोग हर हाल में रोका जाए। कोर्ट के आदेश के बाद पॉलीथिन के प्रयोग करने पर सख्त कार्रवाई अमल में लायी जाए। शीशमझाड़ी स्थित स्वामी दयानन्द आश्रम के पदाधिकारियों ने डीएम टिहरी से गो सदन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। जिस पर डीएम ने एसडीएम नरेन्द्रनगर को भूमि चयनित करने का निर्देश दिया। डीएम ने मुनिकीरेती गंगा किनारे स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यवस्था सुनिश्चित करवाने के निर्देश भी दिये। उन्होंने मुनिकीरेती-र्स्वगाश्रम को जोड़ने वाले जानकी पुल के निर्माण कार्यों की प्रगति भी जानी। कहा कि पुल का निर्माण निश्चित समय अवधि में होना चाहिए।
इस मौके पर एसडीएम नरेन्द्रनगर लक्ष्मीराज चौहान, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती शिवमूर्ति कंडवाल, सहायक अभियंता पुनर्वास बीपी पैन्यूली, अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट आदि मौजूद रहे।
श्रीराम जन्मोत्सव पर नगर में निकाली शोभायात्रा
ऋषिकेश।
बुधवार को राम नवमी के उपलक्ष्य में गोपाल मंदिर ने शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा लक्ष्मणझूला, क्षेत्र बाजार, पुराना टिहरी बस अड्डा मार्ग, मेन बाजार, घाट रोड, हरिद्वार रोड, तिलक रोड, रेलवे रोड होते हुए मंदिर परिसर मुखर्जी मार्ग में संपन्न हुई। शोभायात्रा में दुर्गा माता की झांकी, रामदरबार, विराटराम, पंचवटी, शिव पूजा, कैलाश पर्वत, केवट लीला, वीर बंजरंग बली, राधा कृष्ण और शंकर पार्वती के नृत्यों की झांकियों को दर्शाया गया। बैंड की धुन और शोभायात्रा के दृश्यों को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस मौके पर ब्रदीनारायण मिश्र, सतवीर पाल, संजय नागपाल, गौरव यादव, मोहन लाल, बंटी वर्मा, रुपेश कपूर, अभिषेक यादव, जगमोहन मिश्रा, शिवमोहन मिश्रा, प्रभाकर शर्मा, रवि कुन्दनानी, अखिलेश, सचिन आहूजा, संजय शर्मा, हरिमोहन, मिलन, अमित, श्याम, दीपक, ध्रुव, शैलेन्द्र साहनी, जुगल, बब्बल, नरेन्द्र वर्मा, हेमन्त गुप्ता, अनिरुद्ध अग्रवाल आदि मौजूद थे।
