38 हजार लोगों के राशनकार्ड निरस्त

नैनीताल।
आधार कार्ड जमा नहीं कराने वाले राशनकार्ड धारकों का सरकारी सस्ते गल्ले का अप्रैल से राशन कोटा समाप्त कर दिया गया है। जिले के 38 हजार लोगों को अप्रैल से सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से राशन नहीं मिलेगा। साथ ही आधार जमा नहीं कराने पर राशनकार्ड भी निरस्त किए जाएंगे।
आधार लिंक नहीं कराने का अधिक मार उन लोगों पर पड़ेगी, जिनके आधार बने ही नहीं या फिर जानकारी के अभाव में बना ही नहीं पाए।अगर राशन कार्ड निरस्त होने के बाद फिर से बनाना और मुश्किल हो जाएगा। जिला पूर्ति अधिकार रवि सनवाल ने बताया की नैनीताल जिले में अभी 85 फीसद राशन कार्ड ही आधार से लिंक हुए हैं।
गौरतलब है की नैनीताल जिले में 230035 राशनकार्ड धारक हैं। इनमें से लगभग 2 लाख कार्ड ही आधार से लिंक हुए है। वही केंद्र सरकार ने चीनी कोटा बंद करने के बाद एक सस्ता चीनी पर भी झटका लग सकता है अगर केंद्र से सब्सिडी नहीं मिलती है तो अप्रैल से लोगो का चीनी बंद हो सकता है ।

दीपिका पादुकोण आनंदा होटल में मनाएंगी छुट्टियां

ऋषिकेश।
शनिवार को करीब दो बजे जेट एरवेज के विमान से सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण अपनी महिला मित्रों व परिचित परिजनों के साथ देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंची। दीपिका ने एयरपोर्ट पर हाथ हिलाकर अपने प्रशंसकों का अभिवादन भी किया। गुलाबी रंग की टी-शर्ट, काले रंग की लेगिस व आंखों पर काला चश्मा लगाए दीपिका पादुकोण ने खुद अपना समान एयरपोर्ट से बाहर निकला। एयरपोर्ट से कारों के काफिले में वह नरेन्द्रनगर स्थित आनंदा होटल के लिए रवाना हो गई।
देवभूमि उत्तराखंड फिल्मी सितारों की पसंदीदा जगह बन गई है। यहां आध्यात्मिक शांति व सुकून देने वाला वातावरण इन फिल्मी सितारों खूब भाने लगा है। आज बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध व अपने अभिनय के बल पर दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली अभिनेत्री दीपिका पादुकोण मुम्बई से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंची। अपनी महिला मित्र साथियों व परिचितों के साथ वह उत्तराखंड में घूमने आईं हैं। एयरपोर्ट से उनका काफिला नरेन्द्र नगर स्थित आनंदा होटल की ओर रवाना हो गया।

चैंकिंग के दौरान ईवीएम का बटन दबाने पर कमल का फूल प्रिंट

दिल्ली।
ई वी एम मशीन में गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस चुनाव के बाद से ही बीजेपी पर सवाल उठा रही थी की बीजेपी ने ई वी एममशीन में गड़बड़ी की है इसलिए बीजेपी की जीत हुई है। मध्य प्रदेश में एवीएम मशीन की गड़बड़ी सामने आने के बाद अब कांग्रेस को एक बार फिर बीजेपी पर सवाल उठाने का मौका हाथ लग गया है। मध्य प्रदेश के भिंड में VVPAT (वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल) की चैंकिंग के दौरान ईवीएम का बटन दबाने पर कमल का फूल प्रिंट हुआ। अब मामले में इलेक्शन कमीशन ने रिपोर्ट बुलाई है। बता दें कि भिंड के अटेर में अगले हफ्ते बाईइलेक्शन होना है। ये सीट विधानसभा में लीडर अपोजिशन रहे सत्यदेव कटारे के निधन से खाली हुई है।

आस्था पथ पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, सुनाई देगी संगीत की धुन

ऋषिकेश।
नगर पालिका के स्वर्ण जयंती सभागार में गुरुवार को हुई बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष के अनुमानित बजट को सदन ने मंजूरी दी। शासन से वित्तीय त्रैमासिक किश्त के लिए दो करोड़ 28 लाख रुपये और 14वें वित्त आयोग से एक करोड़ 13 लाख रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली। वार्डों के विकास कार्यों पर चर्चा के बाद बोर्ड ने स्वीकृति दी।
बोर्ड के सदस्यों ने नाराजगी जताई कि उनके कई प्रस्ताव पूर्व की बैठकों में पारित हो चुके हैं लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। इस पर अध्यक्ष दीप शर्मा ने पालिका के सहायक अभियंता को ऐसे प्रस्तावों पर कार्य प्रगति पर लाने के निर्देश दिए। सभासद हरीश तिवाड़ी ने रेलवे रोड पर हाईटेक शौचालय निर्माण का प्रस्ताव पास होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं कराने पर नाराजगी जताई।
बोर्ड ने भरत मंदिर को आस्थापथ सौंपने के बारे में विचार किया। बताया कि भरत मंदिर 15 वर्षों के लिए आस्था पथ का रखरखाव करना चाहती है। आस्थापथ पर टॉयलेट, सीसीटीवी कैमरे, सफाई कर्मचारी, सुरक्षा गार्ड की तैनाती, संगीत की धुन सुनाई देने जैसी सुविधाओं का विस्तार देने के लिए बोर्ड ने सहमति जताई है। निर्णय लिया गया कि नगर में असहाय लोगों की मदद के लिए जरूरत की दीवार (संगठन) को भी पालिका स्थान मुहैया कराएगी। पालिका क्षेत्र में बन रहे नालों के लेवल कहीं ऊंचा-कहीं नीचा होने से पानी के बहाव में आ रही दिक्कत पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। कहा कि इसकी वजह से पानी की निकासी में दिक्कत आती है। जिस पर नालों का लेवल सुधारने के लिए सर्वे कराने पर सहमति बनी।

टैक्स निर्धारण का मामला उठाया
सभासद हरीश तिवाड़ी ने बैठक में 2013 में बनखंडी क्षेत्र की भवन कर आपत्तियों का निर्धारण होने के बाद 25 प्रतिशत की वृद्धि के साथ नए बिल भेजने पर आपत्ति जताई। कहा कि जब आपत्ति का निस्तारण हुआ तो भवन स्वामियों ने अपना कर जमा करा दिया। उसके बाद भी नए बिल में बीते वर्ष का बकाया जोड़कर बिल आ रहे हैं। उन्होंने आदर्श नगर में जड़ों से खोखले हो रहे पेड़ों के कटान की मांग की। बताया कि ऐसे पेड़ आबादी वाले इलाके के लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।

दिन में बंदर और रात में कुत्ते कर रहे परेशान
गुरुवार को बोर्ड कार्यवाही के दौरान खूब ठहाके भी लगे। पहली बार अध्यक्ष और सभासदों के बीच हंसी मजाक के साथ ही खूब बातें हुईं। सभासद हरीश तिवाड़ी ने सदन में बंदर और आवारा कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की जिसका सदन ने समर्थन किया। सभासद ने देहरादून नगर निगम की तर्ज पर आवारा पशुओं का बंध्याकरण करने की मांग की।

फॉगिंग कराने की मांग
नगर क्षेत्र में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से निजात दिलाने के लिए सदस्यों ने फॉगिंग कराने की मांग उठाई। बताया कि पालिका के पास आठ मशीनें उपलब्ध हैं लेकिन पांच खराब पड़ी हैं। जिस पर नगर पालिकाध्यक्ष ने तीन मशीनों से ही गुरुवार से वार्डों में फॉगिंग कराने के निर्देश दिए।

पालिका के सभासद जांचेंगे हाजिरी

ऋषिकेश।
सफाई व्यवस्था के लिए हुई बैठक में बोर्ड के सदस्यों ने सफाई न होने पर गुरुवार को नाराजगी जताई। नाराजगी को और बल तब मिला जब पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा ने सदस्यों की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब मैं छोटा था और पालिका के संसाधन भी सीमित थे। तब देखते थे कि सड़क की सफाई और नालियां चकाचक रहती थीं। आज दो सफाई नायक, सफाई कर्मचारी, नाला गैंग होने के बाद भी सफाई व्यवस्था अच्छी नहीं है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार सफाई पर विशेष ध्यान रख रही है। ऐसे में सफाई को हर हाल में ठीक रखना पालिका की जिम्मेदारी है। बैठक में सफाई नायकों पर कर्मचारियों की हाजिरी में हेराफेरी करने व छुट्टी के नाम पैसे वसूलने की बात सामने आई। इस पर अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि सभासदों को हाजिरी जांचने का अधिकार सौंप देने चाहिए जिससे व्यवस्था में सुधार आएगा। कुछ सभासदों ने कर्मचारियों पर सड़क का कूड़ा नाली में गिराने की शिकायत की। बताया कि पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि कर्मचारी उल्टी झाड़ू लगा रहे है। सड़क का कूड़ा नालियों में गिरा रहे हैं। ऐसे में अगर कर्मचारी नालियां साफ नहीं करें तो कूड़ा नालियों में ही जमा रहता है। इसपर सफाई नायकों के साथ बोर्ड सदस्यों की बैठक कराने का भी निर्णय लिया गया। नाला गैंग के सदस्यों की संख्या भी बढ़ाने चर्चा हुई।

21 अप्रैल से लहरायेगा शिक्षण संस्थानों में तिरंगा

ऋषिकेश।
ढालवाला-मुनिकीरेती में सहकारी संघ के बैंक पहुंचे उच्च शिक्षा, सहकारिता दुग्ध विकास एवं प्रोटोकॉल राज्यमंत्री धन सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह टोल फ्री नंबर जारी कर रहे हैं। जिस पर शिकायत मिलते ही कार्रवाई होगी। शिक्षण संस्थानों में भी 180 दिन पढ़ाई कराने के आदेश दिए गए हैं। शिक्षा का स्तर गुणवत्तापरक बनाने के लिए 19 अप्रैल को नैनीताल में बैठक आयोजित की गई है। सरकार का लक्ष्य शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वश्रेष्ठ बनाना है। प्राइवेट स्कूलों में फीस सहित अन्य मामलों के लिए कमेटी गठित की गई है।
इससे पहले क्षेत्र के भाजपाइयों ने उनका स्वागत किया। स्वागत करने वालों में मुनिकीरेती के मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह सेंगर, पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, जय प्रकाश कोठारी, दिनेश कोटियाल, सुरेन्द्र कुलियाल, राकेश भट्ट, शांति ठाकुर, मीनाक्षी जोशी, इन्द्रा आर्य, आशीष कुकरेती, सुनील कंडवाल, संजय उनियाल, नटवर खान, सुनीता खण्डूडी, मंजू गोस्वामी, कौशल सिंह, इन्द्रजीत, महेन्द्र शर्मा, शंभू साहनी, शांति गौड़, मोहल यादव, हिमांशु नौटियाल, शुभम बैलवाल, आकाश सकलानी, विवेक रावत, रोहित गोदियाल, सौरभ गौड़ आदि शामिल थे।

शार्ट सर्किट: विदेशी की बाइक जलकर खाक

ऋषिकेश।।
मुनिकीरेती थाने के प्रभारी रवि कुमार सैनी ने बताया कि गुरुवार शाम चार बजे श्रीनगर मार्ग पर बुलेट बाइक में आग लग गई। इसे फ्रेंच नागरिक लूडो चला रहा था। धुआं निकलते देख विदेशी ने बाइक गिरा दी जिससे पेट्रोल फैलते ही बाइक ने आग पकड़ ली। तिराहे पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। दमकल को भी बुला लिया गया। करीब आधा घंटे बाद आग बुझाई जा सकी। आग लगने से बाइक राख हो गई। इस दौरान श्रीनगर मार्ग पर जाम लगा रहा। पुलिस ने रूट डायवर्ट कर गाडियां श्रीनगर भेजी।

जीरो जोन में वाहन नही होंगे खड़े: एसपी

ऋषिकेश।
कोतवाली में एसपी देहात श्वैता चौबे ने व्यापारियों से दो टूक कहा कि शहर में जाम एक बड़ी समस्या है। इसलिए इससे निपटने को पुलिस ने प्लान बनाया है। पहले चरण में जीरो जोन में वाहन खड़े नहीं होने दिए जाएंगे। साथ ही ठेली-फड़ लगाने वालों को हटाने के साथ ही चालान काटे जाएंगे। इसके बाद हरिद्वार मार्ग पर दुकान बढ़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हरिद्वार मार्ग पर दुकान आगे बढ़ाने से ही जाम लग रहा है। रेलवे रोड पर ऑटो फिर से संचालित हो सकेंगे जबकि तिलक मार्ग पर ऑटो-विक्रम प्रतिबंधित रहेंगे। इस अवसर पर उद्योग व्यापारमंडल अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल महामंत्री जयदत्त शर्मा, विनोद शर्मा, नवल कपूर, श्यामलाल, संजय व्यास, गिरीश गुप्ता, विजेन्द्र सजवाण, मनोज ध्यानी, कुंवर सिंह रावत, श्रवण जैन, सोमनाथ अरोड़ा, लोकेश तायल, हरि मोहन, अमित पाल, संतोष दुबे, सुनील कुमार, ललित मोहन कुड़ियाल, बृजभान, राधेश्याम व्यास, दिनेश कोठियाल, भीमपाल सिंह, पवन शर्मा, पंकज गुप्ता, प्रदीप गुप्ता आदि मौजूद थे।

आदर्श विधानसभा का जायजा लेने पहुंचे गढ़वाल कमिश्नर

ऋषिकेश।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गढवाल कमिश्नर विनोद शर्मा गुरूवार की शाम डोईवाला पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र के अधिकारियों व जनता से संवाद किया। ट्रेचिंग ग्रांउड पर अपनी सहमति देते हुए उन्होंने इसका विस्तार करने और बेहतर करने के लिये सुझाव दिये। कहा कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ट्रेनिंग के लिये श्रीलंका भेजा जायेगा। डोईवाला चौक पर पहुंचने के बाद उन्होंने लोगों से उनकी समस्यायें सुनी। भाजपा के वरिष्ठ नेता करन बोरा ने सुझाव दिया कि डोईवाला चौक का सौन्दर्यीकरण किया जाये।हाईमास्क लाइटें लगायी जायें। साडा के अधिकारी जीसी गुणवंत को निर्देशित किया।
भाजपा नेता प्रवीण कन्नौजिया और विजय बख्ज्ञी ने सुलभ शौचालय को नगर पालिका के अधीन लाने और सौंग नदी के पुल के पास साडा द्वारा निर्मित पार्क का जीर्णोद्वार करने की बात रखी। ब्लाक सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते हुए नेशनल हाइवे, सार्वजनिक निर्माण विभाग, बिजली, पेयजल, साडा, नगरपालिका, जिला पंचायत के अधिकारियों के अलावा एसडीएम डोईवाला को क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण करने व विधानसभा क्षेत्र के विकास का ब्लू प्रिंट जल्द तैयार शासन को सौंपने की बात कही। इस दौरान उनके साथ भाजपा नेता करन बोरा, भाजपा जिला महामंत्री संजीव सैनी , रामेश्वर लोधी, भानियावाला मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र मनवाल, गोर्वधन ममगांई, पंकज शर्मा, सतेन्द्र चौधरी, रोहित क्षेत्री, मनोज काम्बोज, मंजू चमोली, अनिल पाल, राजकुमार, दरपान सिंह बोरा, एसडीएम शालीनी नेगी, एएसपी लोकेश्वर सिंह, साडा के सचिव गुणवंत,कोतवाल राजेश साह, खंड विकास अधिकारी समेत अनेक अधिकारी मौजूद थे।

ठेका दूर न ले जाने पर दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

ऋषिकेश।
गुरुवार को क्षेत्र के ग्रामीण नाघाघेर, रानीपोखरी में एकत्रित हुए और प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि कोर्ट ने शराब का ठेका पांच सौ मीटर दूर खोलने के निर्देश दिए हैं लेकिन ठेका मेन रोड से मात्र चार सौ मीटर दूर खोलने की योजना है। जहां ठेका खोला जा रहा है। वहां पर गैस गोदाम, हाट बाजार और बच्चों के खेलने का स्टेडियम भी है। गैस गोदाम होने के कारण यहां महिलाएं और बच्चे आते हैं। ठेका खुलने से उन्हें परेशानी होगी। उन्होंने ठेका अन्यत्र खोलने की मांग की। दूसरे दिन धरने पर बैठने वालों में बीना देवी, तारा देवी, राधा देवी, शांति देवी, ममता देवी, प्रमिला देवी, बसंती देवी, रुक्मणि देवी, अतर सिंह, अनिता देवी, रुकमा देवी आदि शामिल थे।