ऋषिकेश।
जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ देहरादून की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मनोवैज्ञानिक डॉ. अनुराधा ने तंबाकू से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। वीडियो फिल्म दिखाकर भी छात्रों को जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से तंबाकू से शारीर को होने वाले नुकसान के बारे में समझाया गया। नाटक में रिम्पी प्रसाद, कमल सोनू, शिवम चौधरी, हिमांशु लूकर, रोहित शर्मा ने भाग लिया। इस दौरान पोस्टर प्रतियोगिता में मनविंदर कौर ने पहला, सेफाली विश्वास ने दूसरा एवं हर्ष कुमार ने तीसरा स्थान पाया। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत चंद्रा, सामाजिक कार्यकत्री रेखा उनियाल, डीईओ अनुराग उनियाल, एनएसएस की वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंजू भट्ट, एनसीसी इंचार्ज डॉ. सतेन्द्र कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. अंजना श्रीवास्तव, डॉ. दयाधर दीक्षित आदि उपस्थित थे।
Author: admin
तिब्बत के पीएम ने भारत की प्रशंसा की, क्या कहा। जानिये पूरी खबर …
डॉ. लोबसांग ने कहा भारत हमारा पड़ोसी ही नहीं, हमारी संस्कृति का धरोहर भी
ऋषिकेश।
तिब्बत की निर्वासित सरकार के 16 वें प्रधानमंत्री डॉ. लोबसांग सांगे ने कहा कि भारत हमारा पड़ोसी देश ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति का धरोहर है। विश्व को ज्ञान देने वाला भारत असल मायने में विश्व गुरु है। भारत की सभ्यता और संस्कृति की जितनी सराहना की जाए, उतना कम है। यह बात तिब्बत की निर्वासित सरकार के 16 वें प्रधानमंत्री डॉ. लोबसांग सांगे ने कही। वह अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत अपराह्न तीन बजे गौहरीमाफी स्थित तिब्बत होम पहुंचे। गौहरीमाफी के स्कूल में तिब्बती समुदाय के ढाई सौ बच्चे कक्षा छह से आठ तक की शिक्षा ग्रहण करते हैं। उन्होंने बच्चों के कार्यक्रम की सराहना की और छात्रों से संवाद भी किया।
गौहरीमाफी स्थित तिब्बत होम में उनका स्वागत पुष्पवर्षा से किया गया। उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में सबसे पहले तिब्बत का राष्ट्रगान गाया गया। उसके बाद भारत के राष्ट्रगान की शुरुआत हुई। स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत छात्रों ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए। पारम्परिक वेशभूषा पहने छात्रों ने समारोह में खूब सुर्खियां पाईं।
तिब्बत के प्रधानमंत्री डॉ. लोबसांग सांगे ने छात्रों की प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने तिब्बत से दूर रहकर भी अपनी संस्कृति को जिंदा रखने के लिए छात्रों और अभिभावकों का धन्यवाद किया। कहा कि हम कितनी भी तरक्की क्यों न कर लें, यदि हमारी संस्कृति जीवित नहीं है तो हमारे जीवन का भी कोई उद्देश्य नहीं रह जाता है। उन्होंने डेढ़ घंटे से अधिक समय तक छात्रों के साथ संवाद किया। छात्रों को मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी।
एमसीडी चुनाव में प्रचार करेंगे योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्रीय राजधानी में 23 अप्रैल को होने वाले एमसीडी चुनावों के लिए भाजपा के स्टार प्रचारकों में एक होंगे। पार्टी ने एमसीडी चुनाव अभियान के लिए स्टार प्रचारकों की सूची तैयार की है। इस सूची में केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा-शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष व्यक्तिगत रूप से इन नेताओं से प्रचार करने का आग्रह करेंगे।
भाजपा की दिल्ली इकाई के उपाध्यक्ष रवीन्द्र गुप्ता ने कहा कि यह वरिष्ठ पार्टी नेताओं की संभावित सूची है जो नगर निगम चुनावों में प्रचार करेंगे और आम आदमी पार्टी तथा उसके नेता अरविन्द केजरीवाल का पर्दाफाश करेंगे।
भारतीर जनता पार्टी ने मंगलवार देर रात एमसीडी चुनाव समिति गठित की। इस समिति में 19 सद्स्यों को शामिल किया गया है। समिति की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी करेंगे। समिति में प्रभारी श्याम जाजू व सह प्रभारी समेत केंद्रीय मंत्री, सांसद, पूर्व अध्यक्ष समेत संगठन महमंत्री सिद्धार्थन समेत अन्य पार्टी पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। यह समिति टिकट मंजूरी के लिए भाजपा की वैधानिक समिति है।
नवरात्रों में वास्तु के हिसाब से रखें अंखंड ज्योति
चैत्र नवरात्रि का महापर्व शुरू हो चुका है और भक्तों के लिए इसके नौ दिन बेहद बेहद खास होते हैं। खास तौर से घर में घट (कलश) स्थापना करने वालों के लिए, जिसका वास्तु शास्त्र में भी विशेष महत्व होता है और अगर वास्तु के अनुसार अगर इसे किया जाए तो यह और भी ज्यादा शुभ व फलदायी साबित हो सकता है। इसके लिए बस कुछ खास बातों का ध्यान रखने की जरूरत है, जैसे कि कई लोगों को इस बात का पता नहीं होगा कि नवरात्रि में अखंड ज्योति को किस दिशा में जलाकर रखना चाहिए। तो चलिए आपको इसी तरह के नवरात्रि पूजा व घट स्थापना से जुड़े वास्तु नियमों से अवगत कराते हैं।
ईशान कोण यानि उत्तर-पूर्व दिशा को देवी-देवताओं का स्थान माना गया हैं। इसी दिशा में माता की प्रतिमा और घट की स्थापना करना उचित व शुभ होता है। कलश को गलती से भी नीचे जमीन पर ना रखें, बल्कि चंदन के पटिए पर इसकी स्थापना करें। यह बहुत ही शुभ माना जाता है। साथ ही इस बात का ध्यान रखें कि पूजा वाली जगह के ऊपर कोई गंदे कपड़े आदि पड़े हुए ना हो।
जिस जगह पर माता की प्रतिमा को स्थापित किया गया है, वहां के आस-पास की जगह को थोड़ा खुला रखें। अगर आपने नवरात्र में अखंड ज्योति जलाने का संकल्प लिया हैं तो इसे गलत दिशा में ना रखें। अखंड ज्योति पूर्व-दक्षिण कोण यानि आग्नेय कोण में ही रखने पर शुभ होता हैं। ध्यान रहें पूजा के समय इसका मुंह पूर्व या फिर उत्तर दिशा में होना चाहिए। नवरात्रि में कुछ लोग अपने घर पर लगे ध्वज को भी बदलते हैं, मगर इस बार उसे बदलते हुए उसकी दिशा को ध्यान में जरूर रखें। घर की छत पर उत्तर-पश्चिम कोने पर ही उसे लगाएं।
ग्रामीण क्षेत्रों की चोरी में पुलिस ने दो धरे
ऋषिकेश।
रायवाला पुलिस ने हरिपुरकलां में चोरी की चार बड़ी वारदातों में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया गया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। मंगलवार को थाने में पत्रकारों से वार्ता करते हुए थानाध्यक्ष चंद्र चंद्राकार नैथानी ने बताया कि 11 फरवरी, 15 फरवरी, 28 फरवरी और एक मार्च को हरिपुरकलां में बंद मकानों में हुई चोरी के मामले में पुलिस टीम ने सुराग जुटाए गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली की दो संदिग्ध सत्यनारायण वन रोड के पास घूम रहे है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को दबोचा लिया। आरोपियों के पास से स्वर्ण और चांदी के जेवर, चार मोबाइल फोन, एलईडी टीवी व एक होम थियेटर बरामद किया गया। आरोपियों ने हरिपुरकलां में हुई चारों घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपियों की पहचान प्रदीप मल्होत्रा पुत्र राधेश्याम मल्होत्रा, निवासी ग्राम पलार, थाना आंद्रा जिला मधुबनी बिहार हाल निवासी खड़खड़ी हरिद्वार और राहुल उर्फ नरदेव पुत्र हरबन निवासी सुभाष नगर मंडी धनौरा, जिला अमरोहा हाल निवासी हरिपुरकलां की रूप में हुई है। आरोपी शातिर किस्म में अपराधी हैं और किराए पर कमरा लेकर आस-पास रेकी कर चोरियां करते हैं। इनके विरूद्ध हरिद्वार व सहारनपुर में कई मामले पंजीकृत हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इनसे ज्वैलरी खरीदने वाले सुनार की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
पलायन रोकने के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को लाभकरी बनाना लक्ष्यः टीएसआर
देहरादून।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन को रोकने के लिए रोजगार, शिक्षा व स्वास्थ्य की सुविधाएं उपलब्ध करवानी होंगी। खेती को लाभकारी बनाने के लिए चकबंदी व ऐरोमेटिक प्लांटेशन को बढ़ावा देना होगा। मंगलवार को एक स्थानीय होटल में ग्रामीण पर्यटन, कृषि व आजीविका विषय पर आयोजित सेमिनार को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के सामरिक महत्व को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों से पलायन को रोकना आवश्यक है। सेमिनार में लंदन बिजनेस स्कूल के प्रतिनिधिमंडल ने प्रतिभाग किया। इसमें 24 देशों के छात्रछात्राएं शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता देवभूमि को अलग पहचान दिलाती है। स्वीट्जरलैंड की तर्ज पर यहां पर्यावरण को संरक्षित रखते हुए पर्यटन को विकसित किया जा सकता है। बायो डाइवर्सिटी टूरिज्म, विंटर स्पोर्ट्स टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, रूरल होम स्टे व हेरीटेज टूरिज्म की अपार सम्भावनाएं हैं। कहा कि देहरादून में एक टूरिज्म विलेज विकसित किया जा सकता है, जहां समूचे उत्तराखण्ड की झलक मिल सके। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में आय की विषमताओं को दूर करने पर विशेष ध्यान देना होगा। उत्तराखण्ड में प्राकृतिक रूप से आर्गेनिक खेती होती है। अगर हम चकबंदी कर सके, तो खेती को लाभदायक बनाया जा सकता है। खेती को नए आयाम देने होंगे। एरोमेटिक प्लांटेशन पर काम किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव एस.रामास्वामी, प्रमुख सचिव डाॅ.उमाकांत पंवार, मनीषा पंवार, सचिव शैलेश बगोली उपस्थित थे।
घर से बाहर कूड़ा सोच समझकर फेंके, जेब होगी ढीली
नीरु जोशी।
पालिका प्रशासन अब नगर में कूड़ा फैलाने वालों पर कार्रवाई कर सकेगा। शासन ने उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एव थूकना प्रतिषेध अधिनियम 2016 के तहत निकायों को कार्रवाई का अधिकार दे दिया है। इस अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थानों में कूड़ा फेंकना, एकत्र करना, व्यवसायिक प्रदूषण फैलाना, ऐसे खाद्य पदार्थ जो हानिकारक श्रेणी में आते है को सड़क किनारे सूखाता है, खाद, कचरा, राख, उद्यान अप्रदूषण चलते हुए या खड़े वाहन से सड़क में गिराता है तो पालिका को पूर्ण अधिकार होगा कि इस अधिनियम के तहत कार्रवाई कर सके।
अस्तबल, तबेले, पालतू मवेशियों का अपशिष्ट या गोबर को नालियों में नही बहाया जा सकेगा। सार्वजनिक स्थानों में बीड़ी, सिगरेट, गुटखा आदि का सेवन करते हुए थूकने को भी अधिनियम में शामिल किया है। अधिनियम में उल्लेखित है कि निजी स्वामी अपने परिसर के आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का उत्तरदायी होगा। निजी सड़क से लगे परिसर का स्वामी अपने परिसर के आधे या मध्य भाग तक सड़क की सफाई करवायेगा। अधिनियम के उल्लंघन करने पर पालिका को अधिकार होगा कि कार्रवाई करते हुए न्युन्तम दो सौ रुपये व अधिकतम पांच सौ रुपये का जुर्माना वसूले।
लेकिन यदि कोई व्यक्ति बार बार अधिनियम का उल्लघंन करता है तो प्रतिदिन पांच सौ रुपये के हिसाब से पालिका अर्थदंड वसूलने की अधिकारी होगी। पालिका प्रशासन के द्वारा की गयी कार्रवाई में दोष सिद्ध होने पर अधिकतम पांच हजार का अर्थदंड या छ:माह की अवधि का कारावास या दोनों साथ देय होंगी। अधिनियम के अनुसार राज्य की नगर निकायों में भी इसके नियम लागू होंगे। इसकी अधिसूचना 30 नवबंर 2016 से राज्य में लागू हो गयी है। शासन ने 6 मार्च को नगर पालिका ऋषिकेश को पत्र भेजकर अधिनियम का पालन सुनिश्चित करवाने को निर्देशित किया है।
नगर पालिका ऋषिकेश को शासन ने उत्तराखंड कूड़ा फेंकने एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम-2016 के गजट की प्रति सलंग्न करते हुए पालन सुनिश्चित करवाने के लिए निर्देशित किया है। पत्र और अधिनियम का अवलोकन किया जा रहा है। शीघ्र ही अपनी टीम के साथ कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।
सचिन रावत व अरविन्द डिमरी
सफाई निरीक्षक नगर पालिका ऋषिकेश।
पुलिस की गिरफ्त में ईनामी अपहरणकर्ता
ऋषिकेश।
डेढ़ साल पहले एक महिला ने कोतवाली पुलिस में अपनी नाबालिक बेटी की गुमशुदगी लिखवाई थी। जांच में 42 वर्षीय संजीव शर्मा उर्फ संजय शर्मा निवासी नाई सोता, हरकी पैडी हरिद्वार पर बहला फुसलाकर अपहरण करने का मामला सामने आया। काफी प्रयास के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तारी नहीं कर पाई थी।
एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लिया और एसपी ग्रामीण श्वेता चौबै, एएसपी लोकेश्वर सिंह की देखरेख में कोतवाली प्रभारी राजेश साह के नेतृत्व में टीम बना दी। टीम ने शुक्रवार सुबह भानियावाला तिराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिक पीड़िता का भी पता लगा लिया। पुलिस के अनुसार पीड़िता को 10 माह की बेटी भी है।
पुलिस ने आरोपी संजीव शर्मा के खिलाफ अपहरण के साथ ही दुराचार, पाक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता और उसकी बेटी का मेडिकल कराया गया है। कोतवाल राजेश साह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। आरोपी पर एक हजार रुपये का ईनाम घोषित था। टीम में कोतवाल राजेश साह, सब इंस्पेक्टर राजेन्द्र सिंह रावत, महिला दरोगा सिमरन, कास्टेबल विपिन सैनी और सुरेश रमोला शामिल थे।
सीवरेज पंपिंग स्टेशन के लिए जल निगम ने किया सर्वे
ऋषिकेश में 158 करोड़ रुपये में सुधरेगी सीवेज व्यवस्था
भारतेन्दु शंकर पाण्डेय।
केंद्र सरकार ने नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा के तहत ऋषिकेश में 158 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। पहले चरण में इस धनराशि से 26 एमएलडी का सीवर ट्रीटमेंट प्लांट लक्कड़घाट पर स्थापित होगा। जल निगम ने इस ओर केंद्र सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा था।
वहीं नगर में 2673 मीटर सीवर लाइन बदलने का कार्य भी पहले चरण के कार्य में शामिल है। एनएमसीजी के तहत नगर नगर क्षेत्र में तीन सीवरेज पंपिंग स्टेशन भी बनाए जाने हैं। जल निगम की ओर से साईं घाट, सर्वहारानगर, बापूग्राम में भूमि के चयन के लिए विभागीय अधिकारियों ने सर्वे भी किया है। पहले चरण में नगर के दो नाले भी टेप होंगे जिसमें पीडब्ल्यूडी और शांतिनगर का नाला भी शामिल है।
सीवरेज पंपिंग स्टेशन बनाने के लिए जल निगम बापूग्राम में ग्रामसभा से भूमि की मांग करेगा। वहीं साईंघाट और सर्वहारा नगर में सरकारी भूमि नहीं मिलने पर प्राइवेट भूमि का भी अधिग्रहण कर सकता है। लक्कड़घाट में प्रस्तावित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए विभाग के पास पर्याप्त भूमि है। परियोजना अभियंता वीके गोयल ने बताया कि केंद्र सरकार ने एनएमसीजी के तहत पहले चरण में 158 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसकी आधिकारिक पुष्टि होने के बाद विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। संभवत: अप्रैल के पहले हफ्ते में टेंडर आदि की प्रकियाएं शुरू कर दी जाएं।
राज्य के लोग भी घोषित कर रहे अपनी अघोषित आय
देहरादून।
मुख्य आयकर आयुक्त अभय तायल के मुताबिक 31 मार्च तक प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना (पीएमजीकेवाई) में 49.9 फीसद राशि जमा कराकर किसी भी अन्य तरह की कार्रवाई से बचा जा सकता है। नोटबंदी के दौरान खातों में अघोषित आय के रूप में बड़ी रकम भेजने वाले लोगों को इसी आशय के नोटिस भेजे गए हैं। पीएमजीकेवाई में चार लोगों ने करीब तीन करोड़ रुपये की आय स्वैच्छिक रूप से घोषित की है, जबकि 21 लोगों ने अपनी नौ करोड़ रुपये की अघोषित आय सरेंडर करने में हामी भरी है।
आयकर अधिकारियों के मुताबिक यह संख्या अभी काफी कम है। इसके पीछे बड़ी वजह उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव भी रहा। इसके चलते काफी विलंब से नौ मार्च से ही सर्वे, नोटिस आदि की कार्रवाई शुरू की जा सकी। पीएमजीकेवाई में आय घोषित करने के लिए अभी भी कुछ दिन शेष हैं। विभाग का कहना है कि जिसके भी पास कालाधन है, वह इसे घोषित कर दें, क्योंकि इसके बाद अधिक कर व जुर्माने के साथ मुकदमा दर्ज करने की भी कार्रवाई की जाएगी।
