नगर पालिका ऋषिकेश ने जब्त की बारह किलो पॉलीथिन

ऋषिकेश।
बुधवार को नगर पालिका ऋषिकेश की टीम ने काले की ढाल हरिद्वार रोड पर पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने अलग-अलग दुकानदारों से करीब बारह किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन के कैरीबेग जब्त किए। इसके साथ ही टीम ने दो हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला। इस दौरान कई दुकानदारों की टीम के साथ झड़प भी हुई, लेकिन कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई की जानकारी मिलने पर लोगों का विरोध टीम के आगे टिक नहीं सका।
ऋषिकेश में कोर्ट के आदेश के बाद भी पॉलीथिन के कैरीबेग का प्रयोग नहीं रुक रहा है। प्रतिबंध के बावजूद भी पॉलीथिन का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है। प्रशासन और पालिका की टीम पॉलीथिन के प्रयोग पर अब जुर्माने की कार्रवाई कर रही है, लेकिन दुकानदार और लोगों में अब भी इस ओर जागरूकता का अभाव देखा जा रहा है। अभियान के दौरान पालिका की टीम में सहायक अभियंता आनंद मिश्रवाण, सफाई निरीक्षक सचिन रावत, अरविन्द डिमरी, तरुण लखेड़ा, भरत जोशी आदि शामिल थे।

पूर्व मिस इंडिया एशिया पैसेफिक ने उड़ान स्कूल में मनाया फूलदेई त्योहार

ऋषिकेश।
बुधवार को मायाकुंड स्थित उड़ान स्कूल में पहुंची अनुकृति गुसाईं ने स्कूली बच्चों के साथ उत्तराखंड का लोकपर्व फूलदेई का त्योहार मनाया। इस मौके पर उन्होंने बच्चों को पाठ्य सामग्री भी वितरित की। अनुकृति ने कहा कि उड़ान स्कूल निशुल्क शिक्षा देने वाली संस्था है। मेरा सपना है कि इस संस्था की पूरे प्रदेश में शाखाएं खोली जाएं। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की ओर से गढ़वाली और कुमाऊंनी भाषा बच्चों को सिखाए जाने की भी प्रशंसा की।
स्कूल निदेशक डॉ. राजे नेगी ने स्कूली बच्चों को फूलदेई का महत्व समझाया। कहा कि फूलदेई चैत्र मास में मनाए जाने वाला पर्व है। इस त्योहार में वसंत ऋतु में खिलने वाले फूलों से घरों की देहली को पूजा जाता है। इसके पीछे धारणा है कि घर परिवार में सुख, समृद्धि और खुशहाली आती है।
कार्यक्रम में लोक गायक धूम सिंह रावत ने फूलदेई पर लोक गीत घुघुती घुरान लगी मेरे मैते की..गाकर सुनाया। मौके रमेश लिंगवाल, उत्तम असवाल, राजा ढींगरा, रवि कुकरेती, पूजा नेगी, दिव्या सक्सेना, निधि शर्मा, प्रिया क्षेत्री, हिमित कक्कड़ आदि उपस्थित रहे।

मैं आयों तेरे द्वार राधिका रंगू चुनरिया तेरी …

ऋषिकेश।
रविवार को श्री गंगा महासभा के होली मिलन कार्यक्रम में देहरादून के कलाकारों ने समा बांध दिया। स्थानीय गायक विजेन्द्र वर्मा ने भजनों से कार्यक्रम की शुरुआत की। होली मिलन के मधुर संगीत से गंगातट गुंजयमान रहा। सिया संग झूले बगिया में राम ललना, बंसी वाले ने घेर लई भजन पर श्रद्धालु श्रद्धाभाव से खड़े होकर नृत्य करने लगे। भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं का भी कार्यक्रम में मंचन किया गया। होली पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा से परिवार और देश की खुशहाली की कामना की।
सांयकालीन गंगा आरती में श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। उसके बाद श्रीराधा कृष्ण की होली का कार्यक्रम आयोजित हुआ। होहो होहो होरी सुंदर श्याम राधिका गौरी, मल्ल काच सिंगार धरयौ है, रसिया को नारि बनावो री, होली खेल रहे नंद लाल मथुरा की कुंज गलिन में, मैं आयों तेरे द्वार राधिका रंगू चुनरिया तेरी होली के गीतों पर श्रद्धालुओं ने राधाकृष्ण के साथ जमकर फूलों की होली खेली।
कार्यक्रम संपन्न होने के बाद श्री गंगा महासभा की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण भी किया गया। मौके पर महासभा के अध्यक्ष चन्द्रशेखर शर्मा, महामंत्री राहुल शर्मा, धीरेन्द्र जोशी, विनोद अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण, भानु पंडित, रिटा. कमिश्नर नरेश भारद्वाज, शिखर शर्मा, वसीकरण शर्मा, प्रखर शर्मा, काव्या शर्मा आदि उपस्थित रहे।

ठेका खोला तो करेंगे जन आंदोलन

ऋषिकेश।
रविवार को दोनाली क्षेत्र के करीब ढ़ाई तीन सौ ग्रामीणों ने शराब का ठेका खोले जाने की सूचना पर रानीपोखरी चौक में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ठेके का विरोध करते हुए सड़क में जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की तीखी नोंकझोंक भी हुई। पुलिस के मनाने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। जिसके बाद कुछ ग्रामीण अपने निजी वाहनों पर सवार होकर ऋषिकेश एसडीएम आवास पहुंचे।
एसडीएम ऋषिकेश को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने दोनाली क्षेत्र में शराब का ठेका खोलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि जिस क्षेत्र में शराब का ठेका खोलने की बात सामने आ रही है। यहां पर स्कूल और इंटर कॉलेज है। गांवों की बहु बेटियां घास व चारा लेने के लिए इस क्षेत्र में जाती है। शराब का ठेका खुलने से क्षेत्र का माहौल बिगड़ जायेगा। जिसका असर उनके बच्चों और बहु बेटियों पर भी पड़ेगा।
ज्ञापन में सुबोध जायसवाल, संगीता शर्मा, किरन देवी, आश, ज्योति, यशोदा देवी, शीला, इरफान, मुकेश शर्मा, राजेश्वरी, डॉ. रमा गुसाईं, रेणु चौधरी, कुसुम, बाबूलाल, जगतराम, पार्वती, प्रेम किशोर, शिवकुमार, अनीश अली, राजेन्द्र राणा, रोशनी, प्रवीन, सायरा बानो, सफीका, रफीना, समीना, शहनाज, नसीमा, शाहीन, शमा, पूनम, सुनीता, अब्दुल वहीद, संजू देवी, केसरी देवी, रोशनी आदि के हस्ताक्षर है।

होलिका पूजन कर खुशहाली का मांगा आशीर्वाद

ऋषिकेश।
रविवार को सुबह से लोगों में होली पूजन को लेकर उत्साह देख गया। नगर में सैकड़ों स्थानों पर होलिका दहन की तैयारी की गयी थी। कई मौहल्लें व स्थान तो ऐसे है जहां पीढ़ी दर पीढ़ी होलिका दहन की जाती है। ऐसे ही स्थानों में त्रिवेणीघाट, वह स्थान है जहां स्थानीय लोग बड़ी संख्या में होलिका पूजन के लिए एकत्रित होते है। त्रिवेणीघाट पर होलिका पूजन करने आये श्रद्धालुओं ने गोबर के उपले, कंडी, गुलगुल और मीठे पकवान भी चढ़ाये। उसके बाद होलिका की परिक्रमा कर बुराई पर अच्छाई की जीत और परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।
मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु के भक्त प्रहलाद को जिंदा जलाने के लिए बुआ होलिका की गोद में बिठाकर चिता तैयार की गई थी। होलिका को आशीर्वाद मिला था कि उसे आग नही जला सकती है। लेकिन बुरा कार्य करने के चलते भगवान ने उसका आशीर्वाद छीन लिया। जिसके फलस्वरूप प्रहलाद तो भगवान की कृपा से बच गया लेकिन बुआ जलकर राख हो गयी। तभी से हिन्दू परंपरा के अनुसार लोग श्रद्धाभाव से होलिका का पूजन कर अपनी बुराईयों का अंत करने और परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांगते है।
उत्तराखंड संस्कृत रत्न की उपाधि से विभूषित डॉ. चंडीप्रसाद घिल्डियाल के अनुसार, प्रदोष काल 6.20 से 8.35 तक होलिका दहन का शुभ मुहुर्त रहा। होलिका पूजन कर लोग काम, क्रोध, मोह, मद, लोभ, मदसर जैसी बुराईयों पर विजय प्राप्त करने की मनोकामना करते है। बदलते मौसम व वातावरण में अनेक प्रकार की बुराईयों व बीमारियों का दहन को ही होलिका दहन कहा जाता है। बताया कि होलिका पूजन से लाभ मिलता है। सभी को होलिका पूजन कर अपनी बुराईयों पर विजय प्राप्त करने की ईश्वर से प्रार्थना करनी चाहिये।

होली का आध्यात्मिक महत्व समझाया

ऋषिकेश।
रविवार को आध्यात्मिक होली महोत्सव में बीके आरती ने मनायेंगे और मनाया शब्द की व्याख्या की। बताया कि जब कोई व्यकित रुठ जाता है तो उसे मनाया जाता है। उन्होंने होली का आध्यात्मिक महत्व समझाया। बताया कि होली का शब्दिक अर्थ हिज होलीवेस है। हम भगवान के लिए हो और तन, मन, धन, समय, संकल्प, सब भगवान के लिए समर्पित हो। जो बात हो ली या बीत गया उसे चिताओ नही। ये तीनों अर्थ हमारे लिए कल्याणकारी है।
शिवबाबा धरती पर अवतरित होकर होली का सत्य अर्थ बताते है। हम शरीर नही है बल्कि आत्मा, जो अमर, अविनाशी है। उन्होंने रंग के सातों गुण बतायें। दूरदर्शन के प्रोड्यूसर बेजू नैय्यर ने कहाकि मृत्यु के बाद भी जीवन है। आत्मा मा्रती नही है। राजयोग के अभ्यास से ही सरल व सही जीवन जिया जा सकता है। कमलकांत मलिक ने राजयोग की महत्ता को जानकर अपना जीवन जीने की सलाह दी। मौके पर मयूर नृत्य और फूलों की होली भी खेली गयी।

क्षेत्र का विकास मेरी पहली प्राथमिकता: सुबोध

ऋषिकेश।
रविवार को ढालवाला में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक सुबोध उनियाल का भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। इस दौरान हर-हर मोदी घर-घर मोदी के नारों लगा रहे कार्यकर्ता ढोल की थाम पर थिरके दिखे। भाजपा विधायक सुबोध उनियाल ने अपनी जीत को जनता की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में मोदी की लहर चल रही है। मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड का विकास होगा।
भाजपा विधायक सुबोध उनियाल ने कहा कि मोदी ने उत्तराखंड के लोगों से डबल इंजन की सरकार बनाने की अपील की थी। प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार पर चोट करते हुए लोगों ने मोदी पर विश्वास जताया है। मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, ज्ञान सिंह नेगी, चन्द्रबीर पोखरियाल, विनोद कुकरेती, रोशन रतूड़ी, नलिन भट्ट, दीपक भट्ट, गजेन्द्र सजवाण, योगेश राणा, अनुराग पयाल, राकेश सेंगर, सुरेन्द्र कुड़ियाल, मदन सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

सुबोध को मंत्री बनाकर राजनाथ निभाएंगे अपना वादा

ऋषिकेश। दयाशंकर पाण्डेय
नरेन्द्रनगर विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक सुबोध उनियाल के राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के आसार हैं। गजा रैली में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सुबोध को योग्य उम्मीदवार बताकर मंत्री बनाए जाने के संकेत दिए थे। इसके चलते उन्हें दिनभर बधाई मिलती रही। समर्थक उन्हें विधायक नहीं, कैबिनेट मंत्री बनने के लिए बधाई देते रहे।
नरेन्द्रनगर से भाजपा का वनवास खत्म हो गया। 17 सालों बाद इस सीट से कोई भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज कर पाया है। सुबोध उनियाल ने भाजपा के टिकट पर पहली बार जीत दर्ज की है। सुबोध उनियाल की छवि तेजतर्रार, युवा और ब्राह्मण नेता के रूप में है। एनडी तिवारी के समय सुबोध उनियाल ने बतौर सीएम सलाहकार के रूप में ख्याति पाई थी। सुबोध की छवि ईमानदार नेता के रूप में है। कार्यकर्ताओं और जनता में भी काफी पसंद किए जाते हैं।
चुनाव के दौरान गजा रैली में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सुबोध उनियाल को जिताने के लिए जनता से अपील की थी। उन्होंने सुबोध को योग्य उम्मीदवार बताकर जीतने पर मंत्रीपद से नवाजे जाने के संकेत दिए थे। अब सुबोध के जीतने के बाद लोग उन्हें विधायक बनने की नही, कैबिनेट मंत्री की बधाई दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, संघ के एक बड़े पदाधिकारी भी सुबोध उनियाल की पैरवी कर रहे हैं। भाजपा नेताओं की मानें तो सुबोध की लोकप्रियता के चलते हाईकमान उन्हें कैबिनेट मंत्री के पद से नवाज रहा है।

परमार्थ में विदेशियों ने खेली होली

ऋषिकेश।
परमार्थ निकेतन में विदेश से आए योग साधकों ने रविवार को परमार्थ के स्वामी चिदानंद मुनि के साथ होली खेली। उन्होंने होलिका पूजन भी किया। चिदानंद मुनि ने होली त्योहार को एकता, पवित्रता, स्वच्छता और सद्भावना का प्रतीक बताया।
रविवार को परमार्थ योग गार्डन में अमेरिका के योगाचार्य टोमी रोजेन तथा उनके साथ आए 40 योग साधकों ने चिदानन्द मुनि के साथ मिलकर होलिका का पूजन किया। चिदानंद मुनि ने विदेशी साधकों को अपने अंदर की बुराइयों के खात्मे के लिए सकंल्प कराया। उन्होंने कहा कि होली का अर्थ है समर्पित हो जाना। जीवन की हर श्वास को अपने प्रभु को अर्पित करना ही होली है। होली अर्थात पवित्रता। जीवन में दिव्यता का समावेश होना। हमें एकता के रंग में रंग जाना चाहिए और मानवता की सेवा में डूब जाना चाहिए। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस पर्व पर हम अपने अंदर निहित आनन्द के स्रोत से जुड़ जाएं ताकि जीवन का हर क्षण उत्सव बन सके। होली अर्थात हो ली। जो हो ली वो हो ली। नए ढंग से जीवन को जिएं। एक नए ढंग से जीने का संकल्प लें। साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि हमें केवल होलिका दहन से मिलने वाले आनन्द को ही याद नहीं रखना चाहिए बल्कि अपने अंदर निहित जो अशुद्ध विचार हैं, उनका भी त्याग करना चाहिए।

युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

ऋषिकेश।
काले की ढाल पर बुधवार देर रात श्यामपुर निवासी बाइक सवार सोनू (21) पुत्र चमनलाल को वाहन ने टक्कर मार दी थी। सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया था। जिस स्थान पर सोनू घायल पड़ा था, वहां से एक नम्बर प्लेट भी मिली। ग्रामीणों का कहना है कि इसी नम्बर के वाहन ने बाइक को टक्कर मारी है जिसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई थी। सूचना देने के बाद भी पुलिस ने आरोपी वाहन चालक को नहीं पकड़ा। पुलिस के कार्रवाई न करने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह साढ़े 11 बजे आईडीपीएल सिटी गेट पर जाम लगा दिया। जाम लगने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंचे सीओ मनोज कत्याल ने ग्रामीणों को 12 घंटे के भीतर चालक को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। जाम के चलते पुलिस ने नटराज श्यामपुर होकर वाहन भेजे। प्रदर्शनकारियों में मृतक के पिता चमन सिंह, माता मुन्नी देवी, भाई मोनू, विक्की, अनिल कुमार, विमलेश कुमार, ओम प्रकाश, सुभाष, राव रईस, वरुण गर्ग, गंगादेवी, जितेन्द्र आदि शामिल थे। सीओ मनोज कत्याल का कहना है कि वाहन स्वामी व चालक का पता लगा लिया गया है। चालक फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। जल्द चालक को पकड़ लिया जाएगा।