ऋषिकेश।
रानीपोखरी न्याय पंचायत के अन्तरगत शांति नगर में देर रात साढे बारह बजे के आसपास तीन हाथियों का झुंड आ धमका। हाथियों के झुंड ने फसल को चट करना शुरु कर दिया। देर रात खेतों की रखवाली कर रहे वेद किशोर की नजर हाथी पर पड़ी तो उन्होंने गांववालों को जगाया। ग्रामीण हाथियों को भगाने के लिए घर से कनस्तर लेकर आये। कनस्तर बजाकर हाथियों को भगनाने का प्रयास कर ग्रामीणों को उस समय निराशा हुई। जब हाथियों ने शोर सुनकर फसल को रौंदना शुरु कर दिया।
हाथियों के झुंड ने शांतिनगर में करीब 22 बीघा गेहूं की फसल को चट करने के साथ ही रौंद डाला। वेद किशोर, राम किशोर, प्रेम किशोर, ज्ञान किशोर व प्रेमदत्त रतूड़ी ने बताया कि हाथियों के झुंड ने उनकी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों ने दावा किया कि हाथियों के झुंड आने की सूचना वन विभाग के कर्मचारियों को दी गयी, लेकिन मौके पर कोई नही आया। लगातार धमक रहे हाथियों को लेकर ग्रामीणों में खौफ का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाथियों के द्वारा उनकी फसलों को नुकसान पहुंचाया गया, बावजूद सूचना के वन विभाग उनके नुकसान का आंकलन करने नही पहुंचा।
Author: admin
बिजली और पानी के 21 कनेक्शन काटे
ऋषिकेश।
ऊर्जा निगम ने गुरुवार को वाल्मिकी नगर और मायाकुंड क्षेत्र में कैंप लगाकर बकाया धनराशि की वसूली की। उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से लगाए जा रहे कैंपों में ऊर्जा निगम के अधिकारी और कर्मचारी बिल जमा करने के साथ ही बिलों की त्रुटि भी सही कर रहे हैं। ऊर्जा निगम ने वीरपुर खुर्द, बनखंडी, वाल्मिकी नगर, आवास विकास, तिलक रोड, रायवाला में 19 बकायेदारों के कनेक्शन काटे। वहीं, निगम ने छह लाख 33 हजार रुपये की वसूली की। बताया कि वसूली अभियान मार्च माह के अंत तक जारी रहेगा। बकाया जमा नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, जल संस्थान ने बकाएदारों की आरसी जारी करने के बाद भी वसूली अभियान जारी रखा। विभागीय जानकारी के अनुसार, टीम ने दो उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे। जल संस्थान ने गुरुवार को आठ लाख 26 हजार रुपये की वसूली भी की। जलकल अभियंता अरुण विक्रम सिंह रावत ने बताया कि आरसी कटने के बाद कई उपभोक्ताओं ने विभाग से समय मांगा है। विभाग की टीम ने बकाया धनराशि जमा करने के लिए ऐसे उपभोक्ताओं को कुछ समय दिया है। समय बीतन के बाद ऐसे उपभोकताओं के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
सचल दस्ते ने 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला
ऋषिकेश।
हरिद्वारमार्ग पर गुरुवार को सचल दस्ते ने चेकिंग के दौरान वाहन (यूके07सीसी,2108) को रोका। उसमें 15 कुंतल सागौन की लकड़ियां भरी हुईं थीं। कागजात न दिखाने पर वाहन स्वामी से मंडी शुल्क वसूला गया। दूसरे वाहन (यूपी12 एटी, 1948) को भी पकड़ा। उसके पास भी मंडी से संबंधित कोई कागजात नहीं थे। वाहन में 20 कुंतल यूके लिप्टस लकड़ी भरी थी। दोनों से करीब 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। मंडी समिति के अध्यक्ष रामविलास रावत ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर सचल दस्ते चेकिंग कर रहे हैं। गुरुवार को एक दर्जन से अधिक वाहनों की चेकिंग की गई, जिसमें दो वाहन पकड़े गए। अभियान में मंडी सहायक चन्द्रशेखर, किशनपाल सिंह, अनुपम सक्सेना, देवेन्द्र कुमार आदि शामिल थे। चेकिंग के दौरान हाईवे पर जाम लगने से दिक्कत भी आई।
उत्तराखंड बोर्डः 6472 परीक्षार्थी लेंगे भाग, बनाए गए 32 परीक्षा केंद्र
ऋषिकेश।
17 मार्च से शुरू होने जा रही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 10 अप्रैल तक चलेंगी। डोईवाला ब्लॉक के 32 केद्रों पर 6472 छात्र परीक्षा देंगे जिनमें 3053 बालक और 3419 बालिकाएं शामिल हैं। परीक्षा में संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षार्थी भाग लेंगे। गुरुवार को खंड शिक्षाधिकारी एमएल प्रसाद ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि दो परीक्षा केंद्र संवेदनशील हैं जिनमें एक आईडीपीएल और दूसरा छिद्दरवाला इंटर कॉलेज हैं। करीब 646 शिक्षक ड्यूटी में तैनात किए गए हैं। दो सचल दस्ते परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।
बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत
ऋषिकेश।
डोईवाला कोतवाल ने बताया कि देवेन्द्र मेहता पुत्र आत्माराम निवासी मीठी बेरी, थाना प्रेमनगर हरिद्वार कार से देहरादून की ओर आ रहे थे। लालतप्पड में कार से नीचे उतरते समय वह बस की चपेट में आ गये। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिये भेज दिया है। मालूम हो कि 13 मार्च की रात्रि मृतक देवेन्द्र मेहता की पत्नी अनीता देवी की मृत्यू लच्छीवाला में रेल से कटकर हो गयी थी। देवेन्द्र मेहता अपनी पत्नी की अस्थियां विर्सजित करके हरिद्वार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लालतप्पड में बस दुर्घटना के बाद उसकी मृत्यू हो गयी।
ऋषिकेश में इंडोनेशिया हिन्दू समुदाय केन्द्र खोलने पर मंथन
ऋषिकेश।
गुरुवार को परमार्थ निकेतन में आयोजित चर्चा में धर्मगुरुओं ने ऋषिकेश के गंगा तट पर इंडोनेशिया हिन्दू समुदाय केन्द्र खोलने पर गहन मंथन किया। धर्मगुरुओं ने कहा कि यह सांस्कृतिक आदान-प्रदान का ऐसा केन्द्र होगा। जहां पर इन्डोनेशिया के संगीतप्रेमी व संस्कृति के वाहक उत्तराखंड की भूमि पर आ सकेंगे। यहां योग की संस्कृति को आत्मसात कर अपने जीवन में बदलाव लायेंगे। स्वामी चिदानन्द मुनि ने कहा कि भारत की संस्कृति और सभ्यता संसार की प्राचीनतम संस्कृतियों में से एक है। इसमें योग और आयुर्वेद जैसे खजानों के राज छुपे हुये है। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक आदन-प्रदान के केन्द्र स्थापित करते है तो इससे अनेक समस्याओं का हल सहजता से निकाला जा सकता है।
गांधीपुरी आश्रम के संस्थापक इन्द्रा उद्यान ने कहा कि यह सांस्कृतिक केन्द्र दो परम्पराओं एवं संस्कृतियों के मिलन का केन्द्र होगा। इंडोनेशिया व बाली के लोग भी भारतीय आध्यात्म, योग एवं आयुर्वेद को आत्मसात कर पायेंगे। बाली से आये प्रतिनिधिमण्डल ने विश्व के सभी व्यक्तियों तक शुद्ध जल एवं शुद्ध प्राणवायु की उपलब्धता को लेकर वाटर ब्लेसिंग सेरेमनी में सहभाग किया। चिदानंद मुनि ने पर्यावरण व जल स्रोतो को संरक्षित करने का संकल्प करवाया।
अचेत अवस्था में मिला जवान, मौत
ऋषिकेश।
कोतवाल राजेश शाह ने बताया कि ऋषिकेश रोड पर एक 47 वर्षीय व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। बताया कि मृतक की पहचान रमेश चन्द्र पुत्र सुरेशानंद डंडरियाल निवासी ग्राम सिरोन्डा पट्टी मवालस्यूं पोस्ट ऑफिस मटियाला पौड़ी, हाल निवासी मयूर विहार बालावाल थाना रायपुर देहरादून के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि मृतक बीएसएफ का जवान है। कहा पोस्टमार्टम के बाद की जवान की मृत्यु का कारण पता चलेगा।
पार्कों के रखरखाव में पालिका फिसड्डी
ऋषिकेश।
नगर में दो दर्जन से अधिक पार्क है। अधिकतर पार्क नगर पालिका ऋषिकेश की देखरेख में है। लेकिन सौंदर्यकरण के अभाव में पार्क लोगों के आकर्षण का केन्द्र नही बन पा रहे है। नगर पालिका में स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय पार्क में झूले तो लगे है। लेकिन पार्क क्षेत्र में पानी जमा हुआ है। बरसाती पानी की निकासी नही होने से जगह-जगह कीचड़ है। गोबिन्द नगर स्थित पार्क अब आंगनबाड़ी केन्द्र में तब्दील हो चुका है। पार्क में झूले नही है, सिर्फ छोटा सा ग्रांउड शेष है।
देहरादून रोड स्थित पार्क की हालत तो किसी ट्रंचिंग ग्राउंड से कम नही है। पार्क में गंदगी का ढेर लगे होने से बदबू आ रही है। ऐसे में पार्क के अंदर तो दूर कोई उसके पास से भी नही गुजरना चाहता है। नगर पालिका क्षेत्र के अन्य वार्डो में भी पार्क है, लेकिन इन पार्कों की स्थिति भी संतोषजनक नही है। शहर में पार्क होने से बच्चों और बुजुर्ग को बड़ी राहत मिलती है। जहां बच्चे झूले झूलने के लिए पार्कों में आना चाहते है। वहीं, बुजुर्ग भी सुबह शाम की सैर सपाटा करने के लिए पार्कों को मुफीद मानते है।
नगर पालिका क्षेत्र में इन पार्कों की सुध लेने वाला कोई नही है। पालिका जहां बजट की कमी बताकर पार्कों के सौंदर्यकरण से अपने हाथ पीछे खींच देती है। वहीं स्वयंसेवी संस्थायें व कॉलोनियों में विकास कार्यों के लिए गठित समितियां भी पार्कों के सौंदर्यकरण को लेकर उदासीन बनी हुयी है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विजय प्रताप सिंह चौहान का कहना है कि नगर पालिका ऋषिकेश को पार्क सौंदर्यकरण के नाम पर कोई बजट नही मिलता है। सीमित संसाधनों में पार्क का सौंदर्यकरण करना मुश्किल है। हां साफ सफाई और गंदगी के ढेर लगे होने पर पार्कों की सफाई करायी जायेगी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अल्ट्रासाउंड केन्द्रों पर साफ सफाई के दिये निर्देश
ऋषिकेश।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एसडीएम ऋषिकेश वृजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में नगर के अल्ट्रासाउंड केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने न्यू शिवालिक, प्राईप हेल्थ केयर दोनों बैराज रोड, उत्तरांचल हार्ट केयर सेंटर देहरादून रोड, सरकारी अस्पताल ऋषिकेश व पुरूषोत्तम डाइग्नोजिस्ट का निरीक्षण किया। एडिशनल सीएमओ ने अल्ट्रासाउंड कक्ष और मशीनों की जांच की। टीम को सरकारी अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष में गंदगी मिली।
टीम ने गंदगी देखकर साफ सफाई रखने के निर्देश दिये। बताया कि अल्ट्रासाउंड कक्ष में साफ सफाई की समुचित व्यवस्था रहनी चाहिये। एसडीएम वृजेश कुमार तिवारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग देहरादून की ओर से नगर के अल्ट्रासाउंड केन्द्रो का औचक निरीक्षण किया गया। पांच केन्द्रों के निरीक्षण में सरकारी अस्पताल में साफ सफाई की कमी पायी गयी है। मौके पर ही टीम ने साफ सफाई रखने के निर्देश दिये है।
देवप्रयाग में कमल खिलाने पर कंडारी का स्वागत
ऋषिकेश।
कैलाशगेट स्थित क्रांतिचौक में भाजयुमो मंडल अध्यक्ष आशीष कुकरेती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विनोद कंडारी का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने विनोद के चुनाव जीतने पर खुशी जताई। मौके पर प्रदेश मंत्री नवनीत राजपूत, जिला महांमत्री हिमांशु नौटियाल, योगेश तिवारी, विनोद चौहान, मनीष कुकरेती, कान सिंह रावत, सुरेन्द्र कुलियाल, भरतलाल, शुभम, आकाश सकलानी, अनिता ममगाईं, इन्द्रा देवी आदि मौजूद थे।
देहरादून तिराहे पर भाजपा जिला मंत्री कविता शाह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विनोद कंडारी का स्वागत किया। तीन पूर्व मंत्रियों को हराकर चुनाव जीतने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्ष जताया है। वक्ताओं ने कहाकि उत्तराखंड में कम उम्र के विधायक बनने वाले नेता बन गये है। मौके पर सरोज डिमरी, स्नेहलता शर्मा, अनिता पंवार, विनिता सिंह, मंजू पेटवाल, संगीता चौधरी, कांता शर्मा, लक्ष्मी पंवार आदि मौजूद थे।
श्यामपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक विनोद कंडारी का स्वागत किया। वक्ताओं ने कहाकि विनोद की पहचान युवा व संघर्षशील नेता के रुप में रही है। मौके पर पवन पांडेय, कुसुम जोशी, ममता भंडारी, विनीता भट्ट, कुसुम डबराल, शशि भट्ट, ममता राणा, पिंकी चतुर्वेदी, बीना भट्ट, विनोद जुगलान, दिनेश पयाल, रामरतन रतूड़ी, नरेन्द्र रावत, महावीर उपाध्याय, अनिल भट्ट, धनवीर जेठुड़ी, विजय किशोर आदि मौजूद थे।
