साहब बच्चे बिगड़ जाएंगे, हमारे गांव में शराब का ठेका मत भेजो।

ऋषिकेश।
साहब बच्चे बिगड़ जाएंगे, हमारे गांव में शराब का ठेका मत भेजो। गांव के विकास के लिए प्राइमरी स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्र, सरकारी हॉस्पिटल और डीपीएस स्कूल खुलने वाला है। ऐसे में शराब का ठेका आ जाने पर गांव का माहौल खराब हो जाएगा। कुछ इस तरह की फरियाद रानीपोखरी ग्रांट के शांतिनगर गांव के लोग ने एसडीएम ऋषिकेश से कर रहे थे।
हाईवे से स्थानांतरित होकर गांव में शराब का ठेका जाने की सूचना पर शांतिनगर के ग्रामीण एसडीएम ऋषिकेश के दफ्तर में आ धमके। उन्होंने एसडीएम वृजेश कुमार तिवारी से गांव में ठेका न खोलने की विनती की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर विरोध के बावजूद ठेका खोला गया तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
गांव में शराब का ठेका हस्तांतरित होने की सूचना पर शांतिनगर के ग्रामीणों ने बैठकर विरोध की रणनीति भी बनाई। ज्ञापन में अमित शाह, प्रेम पुंडीर, अमर सिंह रावत, तिलक बहादुर, चन्द्र सिंह बिष्ट, सुनील यादव, अनिल सिंह, दीपक, अमर, शेर बहादुर, किरन, पुष्पा, प्रशंसा, सुष्मिता, लक्ष्मी, शांति, उषा चौहान, जय बहादुर, शीला, शारदा, हीरा, आशा देवी, चन्द्रकला, दीपा शर्मा, सारिका, केशमाला, सुनिता, ललित, तारा, ममता, लक्ष्मी देवी, सुनीता, नीलम जोशी, गंगा, राम, सुशीला, भानू देवी, उत्तम देवी, चान बहादुर आदि के हस्ताक्षर है।

मतगणना को एक दिन शेष, दिनभर बनाई एजेंटो की सूची

ऋषिकेश।
ऋषिकेश विधानसभा सीट के उम्मीदवारों के लिए गुरुवार का दिन व्यस्तम रहा। उम्मीदवारों ने मतगणना के लिए एक दिन शेष रहने पर अपने कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई। बैठक में मतगणना के दौरान बूथवार अपने एजेंटों को तैनात करने के लिए सूची फाइनल की गई। मतगणना में रहने वाले कार्यकर्ताओं से एक फोटो और आईडी मांगी। जानकारी दी गई कि किस बूथ की मतगणना में कौन अंदर रहेगा। पहले से तैयार सूची को फिर टटोलने का काम भी किया गया। सूची में कार्यकर्ता का नाम होने पर उससे जानकारी जुटाई गई कि मतगणना वाले दिन कहीं बाहर तो नहीं है। ऐसी दशा में उस कार्यकर्ता के बदले दूसरे का नाम सूची में शामिल किया गया।
कांग्रेस के उम्मीदवार राजपाल खरोला ने बताया कि हमने तैयारी पहले ही पूरी कर ली थी। गुरुवार को एक बार फिर से कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को मतगणना में किस प्रकार की भूमिका निभानी है, इस बारे में भी उन्हें तैयार किया गया। भाजपा के उम्मीदवार प्रेमचन्द अग्रवाल ने बताया कि संगठन स्तर से सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कार्यकर्ताओं में मतगणना को लेकर बड़ा उत्साह है। उन्होंने प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने व ऋषिकेश से तीसरी बार हैट्रिक लगाने की बात कही। निर्दलीय उम्मीदवार संदीप गुप्ता ने बताया कि एजेंटों की सूची तैयार कर ली गई है। कार्यकर्ताओं को मतगणना का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

ऋषिनगरी में कुमाउनी होली पर झूमीं महिलाएं

होली खेल रहे नंद लाल मथुरा की कुंज गलिन में…

ऋषिकेश।
कुर्मांचल परिषद की ओर से गुरुवार को होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। हरिद्वार रोड स्थित एकांत कुटी में एक तरफ महिला और दूसरी तरफ पुरुषों ने पंगत बनाकर होली गाई। जैसे-जैसे होली के गीतों का रस बढ़ता गया वैसे ही महिला और पुरुष नृत्य करने लगे। इन दिनों एकादशी के बाद नगर में विभिन्न स्थानों पर कुमाउनी होली शुरू हो गई है।
कैलै बांधी चीर, हो रघुनंदन राजा, अंबा के भवन में विराजे होली, होली खेलें पशुपतिनाथ, नगर नैपाले में आदि भगवान की होली से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। उसके बाद झनकारो, झनकारो, झनकारो गौरी प्यारो लगो तेरो झनकारो, छल के बुलाबी रंग डारो रे, होली आई रे, होली खेले रघुबीरा अवध में, होली खेल रहे नंदलाल मथुरा की कुंज गलिन में आदि होली गीतों को गाया गया।
पहले बैठकर, फिर खड़े होकर होल्यारों ने होली गाई। एक दूसरे को गुलाल लगाकर लोगों ने बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने फूलों की होली खेली। मौके पर गिरीश चन्द्र सौंठा, नन्दन जोशी, विवेक तिवारी, हरीश तिवाड़ी, प्रभा जोशी, कृष्णा तिवारी, प्रकाश पंत, अशोक अवस्थी, प्रकाश जोशी, चन्द्रशेखर पांडे, कमला लोहानी, महेश पाठक, बालादत्त पांडे, हरीश उप्रेती, जगदीश चन्द्र, दुर्गापाल आदि मौजूद रहे।

महिला विकास मंच की ओर से होली मिलन समारोह

ऋषिकेश।
महिला विकास मंच ऋषिकेश ग्रामीण की संयोजक पुष्पा मित्तल के नेतृत्व में क्षेत्र की महिलाओं ने होली मिलन और महिला दिवस कार्यक्रम आयोजित किया। सुनीता खंडूरी की अध्यक्षता में चले होली मिलन कार्यक्रम में महिलाएं पारम्परिक वेशभूषा में सज धज कर पहुंचीं। उन्होंने गढ़वाली, नेपाली और पंजाबी नृत्य गीत पेश कर खूब मनोरंजन किया। इस दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर ऋषिकेश जिला पंचायत सदस्य सुनीता उपाध्याय, लक्ष्मी सजवाण, मैती स्वयंसेवी संस्था की अध्यक्ष कुसुम जोशी, हेमलता बहन, सुशीला बिष्ट, राजेश्वरी कंडवाल, स्नेहलता झा, परमा नौटियाल आदि उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन प्रभा थपलियाल ने किया।

अब चीता पुलिस में महिला भी शामिल

ऋषिकेश।
गुरूवार को शहर में बाइक व स्कूटी में सवार महिला चीता पुलिस ने शहर में गश्त की। कई स्थानों पर यातायात नियमों की अवहेलना करने पर चालान काटे गये। जबकि शाम के समय गली-मोहल्लों में अवैध शराब बेचने की शिकायत पर छापेमारी की गई। महिला चीता पुलिस देख मोहल्ले वाले सकते में आ गये। ज्ञात होकि की शहर में अवैध शराब की बिक्री को लेकर लगातार शिकायत की जा रही है। शहर में दुपहिया वाहन पर ट्रिपल राईडिंग एवं तेज रफ्तार दुपहिया वाहन चलाना आम बात हो गयी है। सीओ मनोज कत्याल ने बताया कि शहर में दो वाहनों में महिला चीता पुलिस की तैनाती की गई है। सूचना मिलते ही चीता पुलिस तुरंत दाबिश देगी। चीता वाहन में गीता शर्मा, लक्ष्मी पंत, रुकमणि, मित्रा देवी की तैनाती की गई है।

दुष्कर्म पीड़ित मासूम का निशुल्क उपचार

ऋषिकेश।
बीते मंगलवार को कोटद्वार में एक छह माह की मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इसके बाद स्थानीय हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने मासूम की गंभीर हालत को देखते हुए हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट रेफर कर दिया। देर रात करीब 11 बजे मासूम के परिजन हिमालयन हॉस्पिटल पहुंचे। बाल रोग सर्जन डॉ. संतोष कुमार ने रात को ही मासूम को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बुधवार सुबह से ही हॉस्पिटल की टीम मासूम के उपचार में जुट गई। उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे पोस्ट-ऑपरेटिव वार्ड में शिफ्ट कर दिया। डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि मासूम की हालत खतरे से बाहर है। उधर, स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. विजय धस्माना ने कहा कि मासूम का उपचार हॉस्पिटल की तरफ से निशुल्क किया जाएगा। उन्होंने इसके निर्देश हॉस्पिटल प्रशासन को दे दिए है। उनका कहना है जन सेवा की मूल भावना के साथ ही हॉस्पिटल की स्थापना की गई थी। परिजनों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मासूम का उपचार निशुल्क करने का फैसला लिया गया है।

विश्व शांति, सदभाव और प्रेम का संदेश देती मणिकूट पर्वत यात्रा

ऋषिकेश।
उत्तराखंड के परंपरागत वाद्ययंत्रों के साथ पूजा-अर्चना के बाद यात्रा को परिक्रमा के लिए रवाना किया गया। यात्रा में श्रद्धालु झूमते और भजन गाते चल रहे थे। परिक्रमा के दौरान बारह द्वारों पांडव गुफा, गरुड़ चट्टी, फूलचट्टी, कालीकुंड, पीपलकोटी, दिउली, कुशाशील, विध्यवासिनी, गोहरी, बैराज, गणेश चौक और भैरव घाटी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। लक्ष्मणझूला पुल से परिक्रमा के शुभारंभ पर संत राही बाबा ने कहा कि गुरु तत्व को जागृत करने, विश्व कल्याण, देश की एकता अखंडता और मानव जाति के उत्थान के लिए परिक्रमा यात्रा शुरू की गई है। मणिकूट परिक्रमा समिति के कार्यक्रम संयोजक रमेश उनियाल ने कहा कि पैदल चारधाम यात्रा में चट्टियों का खासा महत्व था। यात्रा के दौरान श्रद्धालु रात्रि विश्राम चट्टियों में ही करते थे, लेकिन सड़कें बनने के बाद चट्टियों और पौराणिक स्थलों का महत्व कम होता जा रहा है। इस लिए ऐसे स्थलों के प्रति लोगों को जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है कि संपूर्ण मणिकूट पर्वत को तीर्थ क्षेत्र घोषित कर तीर्थाटन के रूप में विकसित किया जाए।
यात्रा में मणिकूट हिमालय परिक्रमा समिति के सचिव हितेश राही, नीरज राही, रवि शास्त्री, नवीन कुमार, मुकेश रस्तोगी, प्रेम राही, राही बाबा के विदेशी भक्त सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

नारी निन्दा ना करें, नारी नर की खान, नारी से नर उपजें, ध्रुव प्रहलाद समान।

महिला दिवस पर महिलाओं ने अपने अधिकार को जाना

ऋषिकेश।
महिला दिवस पर पुलिस ने महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी। सीओ मनोज कत्याल ने महिला सुरक्षा को पुलिस की प्राथमिकता बताया। महिलाओं को उनके कानूनी हक व अधिकारों की जानकारी भी दी। मौके पर लोगों को नशे के खिलाफ जागरुक भी किया गया।
बुधवार को श्यामपुर खदरी में महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश मनोज कत्याल ने लोगों से महिलाओं का सम्मान करने की बात कही। उन्होंने राह चलती महिलाओं पर टीका टिप्पणी करने वालों को नसीहत दी। कहा कि नारी निन्दा ना करें, नारी नर की खान। नारी से नर उपजें, ध्रुव प्रहलाद समान। जानकारी दी कि एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अब चीता पुलिस में भी महिला तैनात कर दी गयी है। महिलाओं को कानून में दिये गये अधिकार व हक की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में पुलिस के द्वारा लोगों को नशे से दूर रहने की अपील भी गयी। नशे के खिलाफ चलाये जा रहे पुलिस के अभियान में आमजन से सहयोग करने का आग्रह भी किया। मौके पर कई लोगों ने देर रात तक डीजे बजने की शिकायत की। जिस पर सीओ मनोज कत्याल ने अधीनस्थों को कार्रवाई करने के निर्देश दिये। मौके पर पैरालिगन वालेन्टियर्स एसएम सिलस्वाल, ऋषिकेश जिला पंचायत सदस्य सुनीता उपाध्याय, महिला मंगल दल की अध्यक्ष अनुराधा सेमवाल, विद्यालय प्रधानाचार्य आरएस पुण्डीर, ग्राम प्रधान सरोप सिंह पुण्डीर, उप प्रधान टेक सिंह राणा, राजेश शर्मा, पंचायत सदस्य उषा थपलियाल, सरिता रणाकोटी, श्रीकांत रतूडी, उप निरिक्षक आशीष गुंसाई, एनएन पाण्डेय आदि मौजूद थे।

मलबे से दुपहिया चालकों के चोटिल होने की संभावना बढ़ी

ऋषिकेश।
नगर की सड़कों का बुरा है। जहां भी देखों सड़कें उधड़ी पड़ी है। कहीं केबिल डालने, तो कहीं पाइपलाइन डालने के लिए शहर की सड़कों की कटिंग हो रखी है। लेकिन जिम्मेदार विभाग के कारनामे तो देखिए कि कार्य पूरा होने के बाद भी सड़कों का पेचवर्क नहीं किया जा रहा है। जिससे सड़कों पर दुपहिया वाहन चालकों का संतुलन गड़बड़ा रहा है।
नटराज चौक पर सड़क के बीचोंबीच कटिंग हो रखी है। कटिंग के बाद मजदूर मलबे से सड़क को ढककर चलते बने। जिसका खामियाजा अब राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। तेज गति से आ रहे चोपहिया और दुपहिया वाहनों का रोड कटिंग के चलते संतुलन बिगड़ रहा है। सड़क के मलबे से वाहनों के रपटने और चोटिल होने की संभावना बढ़ गयी है। सबसे व्यस्तम चौराहे में शुमार नटराज चौक में विभागीय लापरवाही से किसी दिन बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है।

जल संस्थान ने लाइन बिछाने के लिए अनुमति मांगी थी। चुनाव के बाद सड़क में लाइन बिछाने की अनुमति विभाग ने दी थी। जल संस्थान से संपर्क कर कार्य पूरा होने की जानकारी मांगी जाएगी, जिससे सड़क का पेचवर्क किया जा सकेगा।
अविनाश चन्द्र भारद्वाज, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी ऋषिकेश।

दिल्ली योग महोत्सव में शामिल हुए चिदानंद मुनि

ऋषिकेश।
योग स्वास्थ्य एवं सदभावना की कुंजी है। स्वास्थ्य ही वास्तविक धन है, हिन्दुत्व जीवन जीने की एक पद्यति है। दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय योग महोत्सव के शुभारम्भ अवसर पर केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने अपने संबोधन में यह बात कहीं।
उन्होंने कहा कि योग जन आन्दोलन का रूप ले चुका है। इसका अभ्यास हर दिन करना चाहिये। यदि योग नहीं करोगे तो रोगी बने रहोगे। योगगुरू बाबा रामदेव ने कहा कि समग्र जीवन ही योग है। विश्व मंगल की साधना के हम मौन पुजारी है। परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद महाराज ने कहा कि योग करो, रोज करो, मौज करो। आध्यात्मिक गुरू जग्गी वसुदेव ने कहा कि जिस प्रकार हमें प्रतिदिन की क्रियाओं से निवृत होना पड़ता है, उसी प्रकार हमें योग को भी प्रत्येक क्षण आत्मसात कर लेना चाहिये।