इंडोनेशिया के संगीत कलाकारों ने समां बांधा

ऋषिकेश।
महर्षि पतंजलि योग मंडप में सुबह साधकों को योगाचार्य सुयेन्द्र पुरी ने सूर्य क्रिया का अभ्यास कराया। योगी जयदेवन ने कहा कि शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास के लिए योग और प्राणायाम जरूरी है। योग साधना से मनुष्य का तन और मन दोनों स्वस्थ होता है। साथ ही यौगिक क्रियाओं से साधक स्वयं का आत्म साक्षात्कार कर लेता है।
महर्षि वशिष्ठ सभागार में अस्ट्रेलिया से आई योगगुरु तारा ने हठ योग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके निरंतर अभ्यास से मांस पेशियां मजबूत होती हैं। वहीं जोड़ों के दर्द से मुक्ति मिलती है। योगी अमित शर्मा ने एंगर योग की जानकारी देते हुए बताया कि इससे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और तनमन निरोग रहता है। स्विटजरलैंड से आई ऊषा देवी ने योग साधकों को प्राणायाम और योगासन का अभ्यास कराया। डॉ. स्वामी भारत भूषण ने कुंडलिनी जागरण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी खास तरह की धुन, संगीत और नृत्य से कुंडलिनी जागरण का कोई लेना-देना नहीं है। यह एक गहन साधना है। योग दिवस के छठें दिन ऋषिकेश आर्ट एंड फेस्टिवल कार्यक्रम के तहत इंडोनेशिया के संगीतज्ञों ने सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

रंग-बिरंगी राफ्टों से अटी गंगा

ऋषिकेश।
रविवार को योग महोत्सव में आये साधकों ने भी राफ्टिंग का आनंद लिया। तीन सौ से अधिक राफ्टें गंगा में उतारनी पड़ी। दिनभर गंगा रंगबिरंगी राफ्टों से अटी रही। शिवपुरी से ऋषिकेश के बीच सबसे अधिक राफ्टें गंगा में चली। दोपहर के समय अधिक दबाव रहा। भीड़ के चलते व्यवसायियों ने भी चांदी काटी। करीब दो सौ से अधिक राफ्टिंग कंपनियां गंगाघाटी में व्यवसाय से जुड़ी है। जिनकी करीब चार सौ से अधिक राफ्टें है। राफ्टिंग व्यवसायी भगवती प्रसाद कहते है कि वीकेंड पर अधिक पर्यटक गंगाघाटी आते है। लेकिन इन दिनों योग महोत्सव में आये देशी-विदेशी सैनानी भी राफ्टिंग का लुत्फ उठा रहे है। जिससे घाटी में चहलकदमी बनी है।

ऋषिकेश में कलर्स ग्रुप के होली मिलन समारोह की धूम

ऋषिकेश।
व्यापारसभा भवन में ऋषिकेश कलर्स ग्रुप की ओर से होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। जिसमें रंगों की जगह फूलों से होली खेली गई। होली आई रे कन्हाई, होली आई रे, रंग बरसे, भीगी चुनरवाली, रंग डारो, रंग डारो गीत पर सामूहिक नृत्य कर महिलाओं व युवतियों ने जमकर ठुमके लगाए। इस दौरान होली त्यौहार के पीछे की कथा को भी रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। होली अंताक्षरी खेल में युवतियों ने सुंदर-सुंदर गीत गाकर सुनाए। कार्यक्रम में जलेबी व गुलाबजामुन सहित अन्य लजीज व्यंजनों के स्टॉल पर खूब भीड़ जुटी रही। कार्यक्रम में कविता शाह, संगीता चौधरी, रोजी आनंद, अंशु अहूजा, सीमा रानी, अंजु गैरोला, सिमरन कौर, अनिता, अनिता पंवार, स्नेहलता शर्मा, विनीता सिंह, रीना शर्मा, अनिता तिवाड़ी, सरोज डिमरी, शशिप्रभा अग्रवाल आदि शामिल रहे।

मुनीम लूटकांड का पांचवां आरोपी अलीगढ़ में हत्थे चढ़ा

ऋषिकेश।
कोतवाली पुलिस को ऋषिकेश के मुनीम लूटकांड में बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाल सुरेन्द्र सामंत ने बताया कि मुनीम लूटकांड को मौके पर तीन लोगों ने अंजाम दिया था लेकिन तफ्तीश में पांच लोगों के तार घटना से जुड़े मिले। इन पांच लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया। पुलिस चार लोगों को पहले ही पकड़ चुकी थी लेकिन पांचवा आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था।
कोतवाल ने बताया कि अनस की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देशन में एक टीम गठित की गई थी। शनिवार रात टीम ने अनस को उसके रिश्तेदार नगला बरौला जाफराबाद थाना बन्ना देवी जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश के घर से दबिश दबोच लिया। अनस पुत्र ताजउदीन खान निवासी हरिहरपुर थाना बोधगया पोस्ट सामुआ जिला गया, बिहार का मूल निवासी है। वह किरायेदार मो. अख्तर पुत्र मो. सफी निवासी ई 1458 जहांगीरपुरी थाना जहांगीरपुरी दिल्ली के यहां रहता है।
उल्लेखनी है कि 12 अक्तूबर 2016 को दून मार्ग पर बाइक सवार तीन लोग सहारनपुर के ज्वैलर्स के मुनीम से सोने-चांदी का बैग छीनकर भाग गए थे। बैग छीनते समय एक आरोपी ने मुनीम पर रिवाल्वर से फायर भी किया था जिसके छर्रे मुनीम के सिर में लगे थे। पुलिस ने कुछ दिन बाद घटना को अंजाम देने वाले बिट्टू रस्तोगी, सुमित रस्तोगी, सौरभ रस्तोगी, रूप किशोर रस्तोगी और नवीन रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया था। उनके कब्जे से सोने, चांदी, रुपये और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली थी।
पांचवां आरोपी अनस घटना के बाद पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस ने लूटकांड का शेष सोना, चांदी और रुपये अनस के पास होने की बात कही थी। अब अनस की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसको रिमांड पर लेकर शेष लूटे के माल को बरामद करने की बात कह रही है। एसएसपी देहरादून ने अनस के ऊपर ढाई हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया है। पुलिस टीम में कोतवाल सुरेन्द्र सामंत, उप निरीक्षक रियाज अहमद, कां. मनोज कुमार, संदीप राठी, प्रवीण संधु शामिल रहे।

नमामि गंगे अभियान के तहत निकाली पदयात्रा

ऋषिकेश।
गंगा रिसॉर्ट में योग महोत्सव के पांचवें दिन सभी योगाचार्यों व साधकों ने मिलकर गंगा संरक्षण के लिए पदयात्रा निकाली। सुबह विधिवत सूर्य क्रिया योगासन अभ्यास के बाद योग साधक, छात्र-छात्राएं रैली का हिस्सा बने। गंगा रिसॉर्ट परिसर में अपर सचिव राघव लंगर और गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार गुप्ता तथा महाप्रबंधक बीएल राणा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में गंगा स्वच्छता के लिए प्रेरक स्लोगन लिखी तख्तियां हाथों में लिए छात्र-छात्राएं गंगा हमारी मां है, गंगा को स्वच्छ बनाना है, गंगा को स्वच्छ बनाओ आओ यह संकल्प लो नारे लगाते हुए क्षेत्रवासियों को जागरूक किया। रैली में पतंजलि विश्वविद्यालय, देव संस्कृति विश्वविद्यालय, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं भी शामिल रहे। रैली लक्ष्मणझूला रोड, दून तिराहा, त्रिवेणीघाट चौराहा होते हुए रैली त्रिवेणीघाट पहुंची। जहां साधकों और योगाचार्यों ने गंगातट पर सफाई कर श्रमदान किया। दोपहर सत्र में योगाचार्य भीम ने प्राण पावर योगा का प्रदर्शन कर योग की उपयोगिता और विशेषता के बारे में जानकारी दी।

फिटनेस को ट्रेनर ने बताए योग के विशेष गुर

ऋषिकेश।
योग क्रियाओं से पूर्व साधकों को मंत्रोच्चारण के साथ सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया। अमेरिका से आए योगाचार्य गुरुशब्द खालसा ने साधकों को कुंडलिनी योग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुंडलिनी योग से मनुष्य के भीतर सुस्त अवस्था में रह रही शक्ति जागृति हो जाती है। इस क्रिया से शरीर के भीतर के सभी चक्र खुल जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक बार यह चक्र खुल जाने के बाद मनुष्य को स्वयं का ज्ञान हो जाता है। उन्होंने इस क्रिया को गुरु के सानिध्य में ही करने की हिदायत दी। बॉलीवुड के फिल्मी सितारों की फिटनेस ट्रेनर दीपिका मेहता ने स्वस्थ शरीर के लिए सही खान-पान व योग क्रियाओं की जानकारी दी जिसके इस्तेमाल से व्यक्ति लंबे समय तक फिट और जवान रह सकता है। अमेरिका से आई आनन्द्रा जॉर्ज ने साधकों को नादयोग का प्रशिक्षण दिया। ऑस्ट्रेलिया के मार्क रॉबर्ट ने अष्टांग प्राथमिक श्रृंखला और योगाचार्य एचएस अरुण ने एंगर योग का अभ्यास कराया। न्यूयार्क के विश्वविख्यात योगाचार्य जूल्फ फेबर ने जीवमुक्ति योग कराया जबकि योगाचार्य लौरा प्लम्ब ने रॉक भक्ति का अभ्यास कराया। साध्वी भगवती एवं ब्रूस लिप्टन ने सभी योग साधकों से प्रकृति व पृथ्वी संरक्षण के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।

चार महिला ग्राम प्रधान को सम्मानित करेंगे पीएम

स्वच्छ भारत अभियान और शौचालय युक्त ग्राम सभा में श्यामपुर, खांडगांव, गौहरीमाफी व प्रतीत नगर ग्राम सभाओं का चयन

ऋषिकेश। दयाशंकर पाण्डेय
स्वच्छता अभियान को अपनी लगन और मेहनत से सफल बनाने वालों के सम्मान का सिलसिला शुरु हो गया है। अभियान में बेहतर कार्य करने वाली ऋषिनगरी की चार महिला ग्राम प्रधानों को अन्तर राष्ट्रीय महिला दिवस पर देश के प्रधानमंत्री गुजरात में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित करेंगे। चारों ग्राम प्रधान गांधीनगर गुजरात के लिए रविवार को रवाना हो गयी है।
रविवार को श्यामपुर ग्राम प्रधान शाकुंबरी बिष्ट, खांडगांव ग्राम प्रधान उदिना नेगी, गौहरीमाफी ग्राम प्रधान सरिता रतूड़ी व प्रतीतनगर ग्राम प्रधान शोभा रावत गांधीनगर गुजरात के लिए रवाना हो गये। आठ मार्च को अन्तर राष्ट्रीय महिला दिवस पर पीएम मोदी चारों ग्राम प्रधानों को स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय युक्त ग्राम के लिए उत्कृष्ठ कार्य करने के लिए सम्मानित करेंगे। ये महिला ग्राम प्रधान गुजरात में कृषि, डेयरी, व जल संरक्षण आदि क्षेत्रों में हुए उल्लेखनीय विकास से भी रुबरु होंगी।
बता दें कि अन्तर राष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को गुजरात के गांधी नगर स्थित महात्मा मंदिर में महिला सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। सम्मेलन में स्वच्छता अभियान मं सराहनीय कार्य करने वाली महिला ग्राम प्रधानों को प्रतिभाग करने के लिए बुलाया गया है। जबकि खुले में शौच मुक्त गांवों की प्रधान भी इसमें प्रतिभाग करेंगी। आयोजन से पहले इन महिला प्रधानों को स्टडी टूर के लिए गांधी नगर में डेरी को ऑपरेटिव, जल संरक्षण, इरीगेशन, स्वयं सहायता समूह, खाद्य प्रसंस्करण, ई ग्राम खादी उद्योग के अलावा विकास से महकते गांवों का भ्रमण भी कराया जायेगा।

योग शिविर में बाहर हरियाणा के युवक और स्थानीय भिड़े

ऋषिकेश।
पुलिस के अनुसार, योग महोत्सव में आए हरियाणा के युवक और स्थानीय युवक आपस में उलझ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों गुटों में लात-घूंसे चले। स्थानीय युवकों का आरोप है कि हरियाणा के युवक विदेशी युवतियों से छेड़खानी कर रहे थे जिसका उन्होंने विरोध किया तो वे उलझने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई। घटना के बाद हरियाणा के युवक फरार हो गए।
वहीं स्थानीय युवकों के मारपीट में घायल होने की खबर से स्वर्गाश्रम क्षेत्र के लोग इकट्ठा होकर आरोपी युवकों को ढूढ़ने लगे। उन्हें पता चला कि हरियाणा के युवक श्री हेमकुंट साहिब गुरुद्वारे में ठहरे हैं तो स्थानीय लोग बड़ी संख्या में गुरुद्वारे पहुंच गए। दोनों गुटों के आमने-सामने होने की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों गुटों को तितर-बितर करने के लिए लाठियां फटकारीं जिसके चलते स्थानीय लोगों का पुलिस से विवाद भी हो गया। हालांकि दोनों ओर से पुलिस को लिखित में कोई तहरीर नहीं मिली है।

हाथी ने तोड़ी शिव मंदिर की दीवार

ऋषिकेश।
भट्टोवाला क्षेत्र में शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हाथी आ धमका। खेतों में लहलहाती गेहूं की फसल चट कर दी और कुछ फसलें रौंद डाली। उसके बाद गन्ने के खेत में पहुंच गया। हाथी की आवाज सुनकर लोगों की नींद टूटी और हाथी देखकर वे घरों की छत पर चढ़ गए। कनस्तर और थालियां पीटते हुए लोग हल्ला करने लगे लेकिन हाथी टस से मस नहीं हुआ। पंडित राम प्रसाद रतूड़ी और उमा शंकर व्यास ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे वन दरोगा गोविंद सिंह बिष्ट, वनकर्मी राजेश, नंदलाल और सुरेन्द्र ने तीन राउंड फायर किए तो हाथी गुस्से में शिव मंदिर की ओर दौड़ा और वहां की चाहरदीवारी और गेट तोड़ डाला। कुछ देर शांत रहने के बाद हाथी जंगल में चला गया। हाथी के वापस लौटने की आशंका से डरे ग्रामीण देर रात तक जगे रहे। वनक्षेत्राधिकारी गंगा सागर नौटियाल ने बताया कि हाथी ने मंदिर की दीवार तोड़ने के साथ ही फसल को नुकसान पहुंचाया है। इलाके में गश्त बढ़ा दी जाएगी।

पोस्टल बैलेट पर टिकी प्रत्याशियों की निगाहें

ऋषिकेश।
विधानसभा चुनाव के परिणाम आने में सप्ताहभर से भी कम का समय रह गया है। लेकिन पोस्टल बैलेट ने सब प्रत्याशियों की नींद उड़ा रखी है। प्रत्याशी और उनके चुनाव अभिकर्ता ऋषिकेश तहसील में पोस्टल बैलेट की जानकारी जुटाते हुए देखे जा रहे है।
ऋषिकेश विधानसभा के पोस्टल बैलेट पर सभी उम्मीदवारों की नजरें टिकी हुई है। विधानसभा ऋषिकेश के मतदाता सैनिकों को उनकी ड्यूटी स्थल में 946 पोस्टल बैलेट भेजे गये थे। जिनमें से 91 बैलेट ही जिला निर्वाचन अधिकारी देहरादून को प्राप्त हुये है। वहीं, सर्विस मतदाता 445 में से 346 के पोस्टल बैलेट जिला निर्वाचन अधिकारी को मिल चुके है।
पोस्टल बैलेट पर निगाहें टिकाये राजनैतिक पार्टियां पल-पल की खबरें जुटा रही है। शनिवार को भी विभिन्न दलों के प्रत्याशी व उनके चुनाव अभिकर्ता तहसील परिसर में पोस्टल बैलेट की जानकारी जुटाते दिखे। भाजपा की ओर से चुनाव अभिकर्ता संजय पाली ने ऑरो ऋषिकेश वृजेश कुमार तिवारी से पोस्टल बैलेट की सूची मुहैया कराने की मांग भी की है। हांलाकि अभी मतगणना को पांच दिन शेष है। पोस्टल बैलेट की संख्या इन दिनों में बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है।