ऋषिकेश।
शुक्रवार रात्रि 10 बजे से रेलवे ट्रैक पर काम शुरू हो जाएगा जो शनिवार सुबह छह बजे तक समाप्त हो जाएगा। इस दौरान हरिद्वार से ऋषिकेश और देहरादून के लिए यातायात पूरी तरह बंद रहेगा जबकि रेलगाडियां सुचारू रूप से चलती रहेंगी। सड़क यातायात को चीला मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। इससे मुसाफिरों को मुसीबतों का सामना करना पड़ सकता है। रायवाला स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक एसके चौधरी का कहना है मरम्मत कार्य के कारण यातायात प्रभावित होगा। रेलवे यातायात पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
Author: admin
एनजीटी ने गंगाघाटी के 25 कैंपों को दी सशर्त अनुमति
ऋषिकेश। दयाशंकर पाण्डेय
गंगाघाटी में बीच कैंप लगाने के लिए हरी झंडी मिल गई है। गुरुवार को राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने 25 बीच कैपों को सशर्त अनुमति दे दी है। एक-दो दिन में राज्य सरकार के पास फैसला आने की उम्मीद है। बीच कैंप की अनुमति मिलने की खबर से पर्यटन व्यवसायियों में खुशी है।
गुरुवार का दिन ऋषिनगरी के पर्यटन व्यवसायियों के लिए खुशखबरी लेकर आया। एनजीटी ने गंगाघाटी के बीच कैंपों के बारे में फैसला सुनाया। एनजीटी ने गंगाघाटी में 25 बीच कैंपों को सशर्त अनुमति दी लेकिन क्या-क्या शर्तें लगाई हैं, उसके बारे में फैसला लिखित में मिलने तक कुछ नहीं कहा जा सकता।
दो वर्ष से अधिक समय से गंगाघाटी के बीच कैंप एनजीटी के आदेश के बाद बंद हो गए थे जिससे ऋषिनगरी के पर्यटन व्यवसायियों का काफी नुकसान हो रहा था। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक भी गंगा के बीच कैंपों का आनंद नहीं ले पा रहे थे। पर्यटकों को बीच कैंप ही सबसे अधिक भाते हैं।
गुरुवार को एनजीटी के आदेश के बाद व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे। नरेन्द्रनगर के डीएफओ राहुल ने बताया कि एनजीटी ने गुरुवार को अपने फैसले में गंगाघाटी के 25 बीच कैंपों को सशर्त अनुमति दी है जिसमें वेस्ट मैनेजमेंट प्लान सहित कई प्रमुख नियम हैं। उन्होंने बताया कि वन भूमि में संचालित हो रहे बीच कैंपों को ही अनुमति मिल पाई है। बीच कैंप संचालित करने के लिए एनजीटी ने वन भूमि को वन निगम को हस्तांरित करने के आदेश भी दिए हैं।
डीएफओ राहुल ने बताया कि 25 बीच कैंपों के आवंटन को लेकर शासन स्तर से निर्णय लिया जाना है। एक या दो दिन में आदेश की प्रति शासन को मिल जाएगी। बरहाल, अभी एनजीटी के आदेश की प्रति शासन को नहीं मिल पायी है। गौरतलब है कि दो वर्ष पूर्व गंगाघाटी के 55 बीच कैंपों को एनजीटी के आदेश के बाद बंद करना पड़ा था।
ऑटोनॉमस कॉलेज में बौद्धिक कार्यशाला
ऋषिकेश।
गुरुवार को ऋषिकेश ऑटोनॉमस महाविद्यालय में गणित विभाग की ओर से न्यूरो लिंग्विस्टिक प्रोग्रामिंग पर कार्यशाला हुई जिसमें गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के प्रोफेसर डीएस नेगी ने छात्र-छात्राओं को लक्ष्य प्राप्ति के मनोवैज्ञानिक तथ्यों से अवगत कराया। अपनी प्रस्तुति में उन्होंने कहा कि जीत और हार मनुष्य की सोच में बसते हैं। यदि आप हर वक्त अपनी असफलताओं के बारे में सोचते रहे तो सामने मिले अवसर को भी खो देंगे। उन्होंने कहा कि कुछ छात्र मनोवैज्ञानिक तौर पर पहले ही हार मान लेते हैं। इसलिए यह जरूरी है कि हम अपनी सोच को सकारात्मक बनाएं। इसके लिए जरूरी है कि आप अपने बुरे अनुभव से सीख लें और बाकी पूरा दिन अपनी उपलब्धियों को याद रखें। कार्यशाला में वनस्पति शास्त्र, जंतु विज्ञान और गणित विभाग के 80 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस अवसर पर ऑटोनॉमस महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल, हरिद्वार गुरुकुल विश्वविद्यालय से डॉ. युवराज, डॉ. प्रीतपाल सिंह, डॉ. सुजाता, डॉ. सुषमा गुप्ता, डॉ. दयाधर दीक्षित, डॉ. मीरू गुप्ता, डॉ. अनिल आदि उपस्थित थे।
मोदी पर मुकदमा क्यो नही: किशोर उपाध्याय
हरिद्वार।
किशोर उपाध्याय ने कहा कि हरिद्वार में बिना अनुमति के जनसभा कर प्रधानमंत्री ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उन्होंने राज्य मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ दिल्ली में निर्वाचन आयोग में शिकायत की है। इस मामले में सिर्फ दो लोगों पर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है। उस दिन मंच पर उपस्थित प्रधानमंत्री सहित सभी नेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि निर्वाचन आयोग कार्रवाई नहीं करता तो कांग्रेस इस मुद्दे को संसद में उठाने के साथ कानूनी कदम उठाने पर भी विचार करेगी। यह माना जाएगा कि अधिकारी केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान उनकी और मुख्यमंत्री की गाड़ियों के साथ हेलीकॉप्टर की भी तलाशी की गई। जबकि भाजपा के 14 हेलीकॉप्टर और कई केंद्रीय मंत्री चुनाव प्रचार में जुटे रहे, लेकिन किसी की तलाशी नहीं हुई।
90 प्रतिशत घटा बजट, तैयारियों पर दिखा असर
ऋषिकेश।
उत्तराखंड में पर्यटन को आय का मुख्य साधन माना जाता है और ऋषिनगरी को योग की अंतरराष्ट्रीय राजधानी। अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव की तैयारियों में जुटा गढ़वाल मंडल विकास निगम बजट के अभाव में अपनी तैयारियों में पिछड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। 35 लाख रुपये के अनुमानित बजट के सापेक्ष निगम को मात्र दस लाख रुपये में ही काम चलाना पड़ रहा है।
अपना इंफ्रास्ट्रक्चर और कर्मचारियों की अच्छी संख्या होने के बाद भी निगम को योग महोत्सव में बड़ी कामयाबी नहीं मिली। इसके पीछे शासन द्वारा निगम को योग महोत्सव के बजट में भारी कटौती करना माना जा रहा है।
2015 में शासन से निगम को योग महोत्सव संपन्न कराने के लिए एक करोड़ रुपये का भारी भरकम बजट मिला था। निगम ने भी योग महोत्सव को भव्य रूप देकर देश-विदेश से प्रतिष्ठित योग साधकों को बुलाया था लेकिन अगले वर्ष 2016 और 2017 में शासन ने बजट में 90 प्रतिशत की कटौती कर मात्र 10 लाख रुपये ही जारी किए जबकि निगम ने 35 लाख रुपये का अनुमानित बजट शासन से मांगा था।
रुद्रप्रयाग के युवक की मौत
रायवाला।
मंगलवार शाम युवक अपनी बाइक से लालतप्पड़ से नेपाली फॉर्म की ओर आ रहा था। छिद्दरवाला में तेज रफ्तार ट्रक से बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर लगी और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एसआई देवेंद्र पंत ने बताया कि युवक की शिनाख्त 26 वर्षीय संदीप सिंह पु़त्र दयाल सिंह के रूप में हुई। वह हरिद्वार के सिडकुल में काम करता था। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया। शव का पंचनामा भरकर पीएम कराया जाएगा।
ऑटोनामस के छात्रों को बताया अंग्रेजी का महत्व
ऋषिकेश।
मंगलवार को ऑटोनॉमस महाविद्यालय में अंग्रेजी विभाग की ओर से कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी भाषा के करियर पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई। कार्यशाला में 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। हावर्ड इंस्टीट्यूट ऋषिकेश के अंग्रेजी विशेषज्ञ गुरु भट्टाचार्य ने बताया कि अंग्रेजी एक भाषा जरूर है लेकिन यह आत्मविश्वास जगाती है और आपके व्यक्तित्व निखारती है। करियर के हर मोड़ पर अंग्रेजी भाषा की आपको जरूरत महसूस होगी। औद्योगिक जगत हो या शिक्षण संस्थान हर जगह अंग्रेजी भाषा की मांग है। उन्होंने बताया कि कॉलेजों में प्लेसमेंट के लिए होने वाले साक्षात्कार भी अब अंग्रेजी भाषा में ही होते हैं। वहीं छात्रों ने अंग्रेजी भाषा सीखने व बोलने में आने वाली दिक्कतों का कारण जाना। गुरु भट्टाचार्य ने छात्रों को सामान्य जीवन में अंग्रेजी का बोलचाल करने की सलाह दी। इस अवसर पर अंग्रेजी के विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक, डॉ. अंजू भट्ट, डॉ. सतेन्द्र कुमार, मयंक रैवानी, अवन्तिका पोरवाल, हर्ष कुमार, शुभम गौर आदि उपस्थित थे।
केंद्र सरकार के खिलाफ बैंक कर्मियों का प्रदर्शन
ऋषिकेश।
मंगलवार को उत्तराचंल बैंक इम्पलाईज यूनियन के जिला सचिव मयंक शर्मा के नेतृत्व में बैंक कर्मियों ने शहर में दुपहिया वाहनों में रैली निकालकर एसबीआई की मुख्य शाखा एवं आईडीबीआई बैंक के समक्ष प्रदर्शन किया। शर्मा ने कहा कि ट्रेड यूनियन के अधिकार समाप्त करने व बाहरी स्रोतों से कार्य कराये जाने, नियमित कार्य बाहरी एजेंसी से कराना, नोटबंदी के दौरान बैंक कर्मियों को उचित मुआवजा देने को लेकर यूनियन आंदोलन कर रही है। कहा कि नये कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना के तहत न लाने की मांग भी यूनियन कर रही है। उधर,बैंकों की हड़ताल की वजह से करोड़ों की चेक क्लियरेंस सहित सभी कार्य नहीं हो पाये। ऋषिनगरी में चार दर्जन विभिन्न बैंकों की शाखाएं है। जिनमें 60 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ। जिससे बैंक पहुंचने वाले ग्राहक परेशान रहे। प्रदर्शनकारियों में राजकुमार,डीएस रावत,पूरण सिंह नेगी,सुरेश कुमार,सुरेश कुमार,संजय शर्मा,सूरज ममगाई,लोकेश शर्मा,सोहन सिंह आदि शामिल हुये।
ढालवाला प्राइमरी स्कूल में लगी विज्ञान प्रदर्शनी
ऋषिकेश।
मंगलवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर ढालवाला स्थित प्राइमरी स्कूल में एक दिवसीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी आयोजित की गई। जिसमें कक्षा एक से लेकर आठवीं तक के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने विज्ञान के मॉडल प्रस्तुत किए। मॉडल के जरिए छात्रों ने बताया कि हमारे शरीर की पाचन प्रक्रिया किस तरह काम करती है। वहीं हाल ही में हुई भारत के उपग्रह प्रक्षेपण की सफल प्रक्रिया को भी छात्रों ने मॉडल के जरिए बखूबी दिखाया। जबकि सौर मण्डल की पूरी प्रक्रिया नौनिहालों ने अंग्रेजी में गाकर प्रस्तुत की। खराब पड़े सामान से सजावटी सामान तैयार कर बच्चों ने दिखाया कि किस तरह बेकर वस्तुयें भी काम भी लाई जा सकती हैं। पानी में डूबता अण्डा क्यों पानी में अचानक तैरने लगा इसका वैज्ञानिक तथ्य भी नौनिहालों की प्रस्तुत किया। संस्कृत व हिंदी वर्णमाला के भी मॉडल प्रस्तुत किए गए। प्रदर्शनी में पहुंचे उपशिक्षाधिकारी प्राथमिक शिक्षा पंकज उप्रेती ने कहा कि छात्रों के भीतर की इस विलक्षणता को निखारने में विद्यालय के शिक्षकों का अहम भूमिका है। छात्रों के भीतर छिपी वैज्ञानिक सोच को निखारने के लिए विद्यालय इस तरह के कार्यक्रम करता रहता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या पुनीता झिल्डियाल का कहना है कि अभिभावकों व जनप्रतिनिधियों को भी छात्रों को प्रोत्साहन के लिए आगे आने की दरकार है। इस अवसर पर अनुपमा बडोला, दिनेश प्रसाद, मंजू रानी शर्मा, सरिता भण्डारी, सुभाष कुमार व प्रवीण कुमार आदि उपस्थित थे।
मन को वश में करती है भागवत कथा: ममगाईं
ऋषिकेश।
मंगलवार को आचार्य शिव प्रसाद ममगाईं ने श्रद्धालुओं को बताया कि इंद्रियों को वश में रखने से ईश्वर भक्ति में मन लगता है। जिस प्रकार से संसार का अंधकार का कोई अस्तित्व नही होता है। उसी प्रकार मन की चंचलता से नुकसान उठाना पड़ता है, क्योकि चंचलता मनुष्य की बुद्धि पर अधिकार जमा लेती है। पुरुषार्थ के लिये जब तक मन में राग द्वेष है तब तक भगवान की कृपा नही हो सकती है। उन्होंने भागवत कथा के श्रवण से मन और इंद्रीय वश में होने की बात कही।
कथा व्यास ने स्त्रियों के सम्मान को जरुरी बताया। कहाकि जिस समाज और घर में स्त्री का सम्मान नही होता है। वहां लक्ष्मी की कृपा नही हो सकती है। उन्होंने गुरुओं का आदर करने व अपने जीवन में गुरु अवश्य बनाने की सीख दी। मौके पर टीकाराम पुर्वाल, लाखीराम पुर्वाल, जवाहर पुर्वाल, रामकृष्ण पुर्वाल, रामचन्द्र पुर्वाल, राजेश पुर्वाल, धनीराम जोशी, खुशीराम जोशी, नारायण दत्त, विजय, चेतराम, बसंत, पूर्णानंद, जीवानंद, महावीर, दौलतराम, रामचन्द्र भटट, शियाराम नौटियाल, चेतराम आदि उपस्थित रहे।
