ऋषिकेश।
हंस कल्चरल सेंटर ऋषिकेश ने गंभीर रोगियों को ईलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी है। केन्द्र की ओर से 93 लोगों को 85 लाख 25 हजार धनराशि के चेक वितरित किये गये।
शनिवार को हंस कल्चरल सेंटर ऋषिकेश के प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि गंभीर रोगों से जूझ रहे लोगों को ईलाज कराने के लिए चेक वितरित किये गये। जिसमें इरशाद शाह को दो लाख, कमल सिंह को दो लाख, धर्मलता को डेढ़ लाख, कमलेश को डेढ़ लाख, रोहित लाल को डेढ़ लाख, विनोद कुमार को एक लाख पच्चीस हजार, लक्की थापा को एक लाख, मांगेराम को डेढ़ लाख, उर्मिला देवी को एक लाख, रोहित को एक लाख, सकमा देवी को अस्सी हजार, विशाल को एक लाख, अरविन्द को एक लाख, लक्ष्मी देवी को एक लाख, महिपाल सिंह को एक लाख धनराशि के चेक वितरित किये गये। मौके पर सुशिला बिष्ट, अशोक दास, ईश्वर कुमार आदि मौजूद थे।
Author: admin
जीएमवीएन में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में पहुंचे संत मूजी
ऋषिकेश।
योग महोत्सव के चौथे दिन महान संत मूजी के आगमन से गंगा रिसॉर्ट ऊर्जावान हो गया। योग परिसर में उनके आते ही साधकों के चेहरे खिल उठे। आते ही उन्होंने मुस्कराते हुए साधकों से मुलाकात की। उसके बाद अपने व्याख्यान में जीवन में योग का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि तप करने से भी ईश्वर नहीं मिलते यदि उसमें ध्यान न शामिल हो। सबसे पहले मनुष्य को अपने आप को जानना है। इसमें योग विधियां सबसे अधिक कारगर हैं। इससे पहले योगाचार्या तारा ने साधकों को योग और प्राणायाम का अभ्यास कराया। योगाचार्य श्रीनिवासन ने साधकों को संबोधित करते हुए कहा कि धारणा, ध्यान, समाधि और संयम ही योग है। उन्होंने कहा कि योग एक दिन में सीखने का विषय नहीं। यह निरन्तर साधना और अभ्यास से सीखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि अपनी इन्द्रियों पर संयम कर साधक आत्म उन्नति के मार्ग पर अग्रसर होता रहता है। योग साधना से कोशिकाओं का पोषण होता है और उन्हें पुनर्जीवित किया जाता है। योगाचार्य स्वामी सुर्येन्दु पुरी ने कहा कि योग व्यक्ति में आत्मबल और इच्छाशक्ति को मजबूत करता है। योग साधक अपने आत्म संयम से सांसारिक मोह माया और अन्य विकृतियों से दूर रहकर आध्यात्मिक शक्ति को प्राप्त कर देता है। डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने आयुर्वेद की उपयोगिता के बारे में अपने विचार रखे। उधर, गुमानीवाला में स्वामी योगानंद आश्रम में नि:शुल्क योग शिक्षा दी जा रही है जिसमें 80 छात्र-छात्राओं को योग की विभिन्न विधियों से अवगत कराया जा रहा है।
परमार्थ गंगातट पर 101 देशों से आए लोगों ने लिया महासंकल्प
ऋषिकेश।
परमार्थ निकेतन में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव की निदेशिका साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि दुनिया के सभी जलस्रोत मां गंगा से जुड़े हुए हैं। सभी नदियां समुद्र में मिलती हैं जो हमें एक दूसरे से जोड़ती हैं। जिस प्रकार योग हमें आपस में जोड़ता है, उसी प्रकार जल भी हमें जोड़ता है।
इससे पहले प्रातः कालीन कक्षाओं का शुभारम्भ आनन्द मेहरोत्रा ने हार्ट ऑफ कम्पैशन, डॉ. इन्दु शर्मा ने पारम्परिक हठ योग एवं सूर्य नमस्कार, कोलम्बिया दक्षिण अमेरिका से पधारे स्वामी बीए परमाद्वैती ने इनबाउंड योग एवं संदीप देसाई ने टाई-ची का अभ्यास कराया।
गोल्डन ब्रिज योग के संस्थापक गुरुमुख कौर खालसा एवं न्यूयार्क के जीवमुक्ति योग के योगाचार्य जूल्फ फेबर ने विभिन्न प्रकार के आसनों का अभ्यास कराया। वृदांवन से आई कीर्तन मंडली ने पर्यावरण एवं नदी संरक्षण के संबंध में अपनी प्रस्तुतियां दीं। वृदांवन से आए दल के साथ सभी प्रतिभागियों ने मिलकर अपने-अपने देश की नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने का महासंकल्प लिया।
रात्रिकालीन कार्यक्रम में परमार्थ निकेतन के ऋषिकुमारों ने योग की विभिन्न विधाओं पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। ऋषिकुमारों ने उपासना एवं ज्योति शर्मा के निदेशन में भजन प्रस्तुत किया।
ऋषिकेश वूमैन क्लब का होली मिलन समारोह
ऋषिकेश।
शनिवार को रेलवे रोड पर ऋषिकेश वूमैन क्लब ने होली मिलन समारोह आयोजित किया। जिसमें क्लब के सदस्यों ने एक दूसरे को गले लगाकर होली की बधाई दी। कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। रंग डारो-रंग डारो, होली आई रे आई रे, रंग बरसे भीगे चुनर वाली गीत पर क्लब के सदस्यों ने सामूहिक नृत्य कर फूलों से होली खेली। इस दौरान लजीज व्यंजन का लुत्फ भी उठाया गया। इस अवसर पर विधायक प्रेमचन्द्र अग्रवाल, पूनम शर्मा, पूनम शर्मा, माधुरी अग्रवाल, रीना तायल, रीता अरोडा, निधि बडोला, पूनम अग्रवाल, नमृता अग्रवाल, रजनी शर्मा, पूर्णिमा शर्मा, सीमा, रमा शर्मा, भावना व सगीता आदि उपस्थित थे।
विरोध के चलते चाहर दीवारी का काम बंद
हिल्ट्रान से सटी भूमि पर टीन की चादर लगाकर हो रही थी घेराबंदी
ऋषिकेश।
शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स ढालवाला पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में ढालवाला में हिल्ट्रान की 10 बीघा भूमि पर टीन की चादर लगाकर घेराबंदी शुरू कर दी गई। भूमि पर कब्जा होते देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। क्षेत्रवासी इस भूमि को टेक्निकल कॉलेज खोलने के लिए प्रस्तावित बता रहे थे। आरोप था कि आचार संहिता के दौरान ही कब्जे की कार्रवाई क्यों की जा रही है? विरोध के चलते चाहर दीवारी का काम बंद कर दिया गया। पुलिस भी दोपहर बाद लौट गई। पूर्व प्रधान ढालवाला रोशन रतूड़ी का कहना है कि 2014 में यह भूमि टेक्निकल कॉलेज खोलने के लिए प्रस्तावित है लेकिन 2015 में इसे सिडकुल को आवंटित कर दिया गया। इसके पीछे राज्य के एक चर्चित बड़े पूर्व अधिकारी का हाथ है। जिसकी शह पर भूमि को खुर्दबुर्द करने का प्रयास किया जा रहा है। विरोध करने वालों में सुरेन्द्र कुलियाल, विनोद कुकरेती, निर्मल उनियाल, उमंग थलवाल, जगदीश उनियाल, ऋषिराम, दिनेश डाराल, रमेश उनियाल, हिमांशु बिज्लवाण आदि शामिल थे।
यह भूमि हिल्ट्रान से सिडकुल को स्थानांतरित की जा रही है। इसमें विरोध का औचित्य समझ नहीं आ रहा है। ढालवाला में जिस स्थान पर भूमि है। वह औद्योगिक क्षेत्र है। सिडकुल को भूमि स्थानातंरित होने के बाद यहां फैक्ट्री लगाई जाएगी।
इंदुधर बौड़ाई, डीएम टिहरी गढ़वाल
फिर से तहसील के चक्कर काट रही छात्रायें
कन्याधन योजनाः
ऋषिकेश।
गौरा देवी कन्याधन योजना के फॉर्म भरने में छात्राओं को पसीना बहाना पड़ रहा है। छात्राओं के साथ अभिभावक भी तहसील के चक्कर काटने को मजबूर हो रहे है। कारण कि स्कूलों ने छात्राओं को दोबारा से फॉर्म भरकर जमा करने को कहा है। पहले सामान्य और आरक्षित जाति के लिए एक ही फॉर्म का प्रावधान था। लेकिन अब समाज कल्याण विभाग ने फॉर्म का स्वरूप ही बदल दिया। सामान्य जाति व आरक्षित वर्ग के लिए विभाग ने अलग-अलग फॉर्म जारी कर दिये है। सवाल है कि स्कूलों ने पुराने स्वरुप के फॉर्म कहां से लेकर बांटे या विभाग ने ही स्कूलों को पहले पुराने फॉर्म उपलब्ध करा दिये।
सामान्य और आरक्षित वर्गों के लिए अलग फॉर्म होने से अब स्कूल छात्राओं को बुलाकर नए फॉर्म वितरित कर रहा है। पहले फॉर्म भरकर स्कूलों में जमा कर चुकी छात्रायें भी दोबारा से फॉर्म भर रही है। विभाग की फजीहत से तहसील में छात्रायें और अभिभावकों का जमावड़ा लग रहा है। बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटी छात्राओं पर इसका असर भी पड़ सकता है। पहले ही छात्राओं को अपने फॉर्म में आय प्रमाणित कराने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही थी। ऐसे में फॉर्म भरकर जमा करा चुकी छात्राओं के लिए समाज कल्याण विभाग ने ओर काम बढ़ा दिया है। हालांकि विभाग स्कूलों को नए फॉर्म देने का ही दावा कर रहा है।
वर्ष 2017 के गौरा देवी कन्याधन योजना के फॉर्म भरकर स्कूलों में जमा करा चुकी छात्रायें दोबारा से फॉर्म नही भरे। उनके वहीं फॉर्म स्वीकार कर लिये जायेंगे। जिन छात्राओं ने अभी तक फॉर्म नही भरा है वह अपनी श्रेणी के आधार पर फॉर्म भरकर स्कूल में जमा करा दें।
महेश प्रताप सिंह सहायक समाज कल्याण अधिकारी डोईवाला।
ऋषिनगरी को ऑपरेशन मजनू की दरकार
ऋषिकेश।
ऋषिनगरी में स्कूलों के बाहर मनचले युवाओं को सबक सिखाने की दरकार है। स्कूल आते जाते समय यह युवा छात्राओं पर फब्तियां कसते है और उनका पीछा करने का प्रयास करते है। इनसे बचने के लिए छात्रायें स्कूल आते जाते बचने का प्रयास करती है। कुछ छात्रायें तो स्कूल जाने के लिए रास्ते भी बदल रही है। लेकिन इन मनचलों की बाईक उन रास्तों पर भी छात्राओं का पीछा कर रही है। सड़क पर चल रही छात्रा से कट मारने की हिम्मत भी सरेआम देखी जा सकती है।
स्कूल की छुट्टी के दौरान रेलवे रोड में मनचले सड़कों पर ऐसे बाईक दौड़ा रहे जैसे किसी रेस में दौड़ रहे हो। अचानक ब्रेक मारना और बाईक से तरह तरह की आवाजें निकालना इनकी आदतों में शुमार हो गया है। अपनी ओर ध्यान खिचनें के लिए चलती बाईक में स्टंट करने से भी यह बाज नही आ रहे है। मनचलें यातायात नियमों का भी उल्लंघन कर रहे है। साइलेंसर से कानफोड़ू आवाज कर्कश ध्वनि पैदा करती है।
पुलिस का खौफ नही …
ऋषिनगरी में मनचले युवाओं को पुलिस का कोई खौफ दिखता नजर नही आ रहा है। नहीं तो छात्राओं का पीछा करने और सरेराह कट मारने का प्रयास करने की हिम्मत नही होती। मनचलों की आड़ में किसी दिन स्कूली छात्रा से टप्पेबाजी या लूट की घटना हो जाये, तो इंकार नही किया जा सकता है। वैसे भी ऋषिनगरी में टप्पेबाजी की घटनायें दिन प्रतिदिन बढ़ने लगी है।
कोट …
चीता पुलिस ऐसे स्कूलों के रुट पर नजर रखेगी। छात्राओं को परेशानी न हो इसका ध्यान रखा जायेगा। मनचलों को सबक सिखाया जायेगा।
मनोज कत्याल सीओ ऋषिकेश।
सूर्य नमस्कार व मौन साधना का अभ्यास
गढ़वाल मण्डल विकास निगम के गंगा रिसॉर्ट में योगाभ्यास का दूसरा दिन
ऋषिकेश।
गुरुवार सुबह गढ़वाल मंडल विकास निगम के गंगा रिसॉर्ट में साधकों ने सूर्योदय के समय सूर्य नमस्कार किया। साधकों को सूर्य नमस्कार का अर्थ समझाते हुए आचार्य प्रतिष्ठा ने कहा कि सूर्य नमस्कार का शरीर पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि सूर्य की किरणें सीधे शरीर में प्रवेश कर आंतरिक ऊर्जा को जगाने का काम करती हैं। महर्षि पंतजलि योग मंडप में साधकों को यम, नियम, प्राणायाम और मौन का अभ्यास कराया गया। बताया गया कि मौन रहने के लिए संयम रखना भी एक साधना है।
दूसरी ओर महर्षि विश्वमित्र सभागार में स्विटजरलैंड की योग साधक ऊषा देवी ने एंगर योग के बारे में जानकारी दी। व्याख्यान सत्र में पदमश्री स्वामी डॉ. भारत भूषण ने कहा कि जिन्दगी का एक तिहाई हिस्सा हमारा सोने में बीत जाता है जबकि नींद को घंटों से नहीं वरन गहराई से मापा जाता है। एक घंटे की गहरी नींद भी मनुष्य को दिन भर तरोताजा रख सकती हैं। उन्होंने कहा कि योग ही एक ऐसा माध्यम है जिससे हम नींद पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। योग गुरु सीएम भंडारी ने कहा कि योग और प्राणायाम शारीरिक अभ्यास से अधिक भावनाओं की एकाग्रता और निर्मलता का मार्ग है। तन और मन की एकाग्रता मनुष्य को ऊंचा उठाती है। स्वामी सुर्येन्दु पुरी ने कहा कि सूर्य को शास्त्रों में जगत का प्राण कहा गया है। अगर हम सूर्य की शक्ति को शरीर में धारण कर सकें तो हमारी प्राण शक्ति बढ़ती जाएगी। योगाचार्य गुलशन कुमार ने योग निंद्रा के बारे में साधकों को जानकारी दी। इस अवसर पर निगम के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार गुप्ता, एमएस वर्निया, टीएस बिष्ट, धीरेन्द्र राणा, विश्वनाथ बेंजवाल आदि उपस्थित थे।
पीएम मोदी ने वीडियों कांफ्रेसिंग से साधकों को साधा
ऋषिकेश।
परमार्थ निकेतन गंगातट पर आयोजित इंटरनेशनल योग महोत्सव में पीएम ने कहा कि महान विचारक मैक्समूलर ने कहा था कि भारत ही ऐसा देश है जहां सबसे ज्यादा मस्तिष्क का विकास हो सकता है क्योंकि मानसिक समस्याओं का समाधान भी वहीं मिलता है। सबसे सफल व्यक्तियों जिनका आत्म साक्षात्कार हुआ, भारत में ही संभव हो पाया। उन्होंने कहा योग व्यक्तियों को जोड़ने का विधान है। परिवार, समाज, अपने साथी के साथ एकता ही योग है। व्यक्ति से समष्ठि तक, मैं से हम तक, अहं से वयं तक का भाव विस्तार ही योग है। यह शक्ति आत्मा एवं मन की भावना तक की यात्रा है। योग को मात्र, शरीर को चुस्त रखने तक सीमित रखना उचित नहीं है। योग से शांति, सांत्वना, संतोष और करुणा भी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा विश्व आज दो मुख्य समस्याओं का सामना कर रहा हैं आंतकवाद एवं जलवायु परिवर्तन। इसके लिए दुनिया भारत की ओर तथा योग की ओर सास्वत समाधान पाने के लिए देख रही है। पीएम मोदी ने पूज्य स्वामी के प्रयासों से निर्मित हिन्दू धर्म विश्वकोश को अमूल्य धरोहर और विश्व की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा जब इसका अनुवाद विश्व की दूसरी भाषाओं में होगा तो देश में बड़े पैमाने पर जागरूकता आएगी। उन्होंने स्वामी चिदानन्द सरस्वती महाराज के निर्देशन एवं संरक्षण में परमार्थ निकेतन की ओर से स्वच्छता, जल, नदी संरक्षण एवं हरीतिमा संवर्धन के कार्यों की प्रशंसा की।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी महाराज ने कहा, ’हम आशा करते हैं कि आगामी अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में पीएम नरेन्द्र मोदी जी स्वयं हमारे साथ होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह उनके ही प्रयासों का प्रतिफल है कि आज योग विश्व में अधिकारिक रूप से प्रतिष्ठत है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि योग करो, रोज करो, मौज करो। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विडियो कन्फ्रेन्स के माध्यम से संबोधित करने के बाद परमार्थ गंगा घाट योगी-मोदी, आई लव मोदी को नारों से गुंजायमान होने लगा। प्रतिभागी अपने हाथों में रुद्राक्ष के पौधे लेकर उन्हें भेंट करने के लिए उत्सुक थे।
लायंस क्लब के रक्तदान शिविर में 65 यूनिट ब्लड एकत्रित
ऋषिकेश।
गुरुवार को सीमा डेंटल कॉलेज व हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर का शुभारंभ डॉ. अमित गुप्ता, डॉ. हिमांशु ऐरन, डॉ. निलोतपाल चौधरी व पंकज चंदानी ने संयुक्त रुप से किया। रक्तदान शिविर में 65 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। ऋषिकेश एम्स के ब्लड बैंक की टीम ने टलड एकत्रित किया। एम्स के ब्लड बैंक प्रमुख डॉ. निलोतपाल चौधरी ने छात्रों व स्टाफ कर्मचारियों को रक्तदान की महत्ता बताई। कहाकि रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कोई कमजोरी नही आती है। हर स्वस्थ मनुष्य को वर्ष में एकबार रक्तदान करना चाहिये।
लायंस क्लब के अध्यक्ष पंकज चंदानी ने कहाकि हर व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिये। जिससे कि किसी जरुरत मंद व्यक्ति की जिंदगी को बचाया जा सके। मौके पर डॉ. सुशांत, डॉ. विक्रम, डॉ. निकिता, डॉ. प्रेम प्रकाश गुप्ता, डॉ. अमरन्दिर तुली, डॉ. गगन शर्मा, डॉ. अमित अग्रवाल, डॉ. मुदित अग्रवाल, डॉ. ऋचा बंसल, डॉ. सुरेश, अभिनव गोयल, शुभम गुप्ता, लविश अग्रवाल, सुशील छाबरा, धीरज मखीजा, अतुल जैन, अरविन्द किंगर, अकुंर अग्रवाल, विनय आडवानी, आशीष अग्रवाल आदि मौजूद थे।
