हत्या और साक्ष्य छुपाने के आरोप में आजीवन कैद

ऋषिकेश।
सहायक शासकीय अधिवक्ता राजेश पैन्यूली के मुताबिक 11 मई 2013 को नशा मुक्ति केंद्र चौदहबीघा में इलाज के लिए भर्ती राजा (24) निवासी टीएचडीसी कॉलोनी ऋषिकेश की नशा केंद्र के संचालक शैलेन्द्र रयाल और राजीव भाटिया ने शराब के नशे में जमकर पिटाई की थी जिससे राजा की मौत हो गई। दोनों शव को ठिकाने लगाने जा रहे थे। इस दौरान नटराज चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस से बचने के लिए दोनों ने कार की रफ्तार तेज कर भागने का प्रयास किया जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। उनकी कार से युवक की लाश मिली। जिन्हें पुलिस पकड़कर थाने ले आई। पुलिस के मुताबिक एक महीने पहले ही परिजनों ने राजा को केंद्र में भर्ती कराया था। युवक की मौत से कुछ दिन पहले वह उसे देखने केंद्र भी गए थे जिसकी हालत उस समय ठीक थी। परिजनों ने 13 अप्रैल को कोतवाली में हत्या के आरोप में मुकदमा भी दर्ज करवाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के शरीर में काफी चोटें आईं थीं। मामला कोर्ट में चल रहा था। मंगलवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एसएम दानिश की अदालत ने शैलेश व राजीव को हत्या व हत्या के साक्ष्य छुपाने के मामले में आजीवन कारावास एवं 10-10 हजार से अर्थदंड से भी दंडित किया है।

बीच कैंप संचालक को छह माह का कारावास

कैंप संचालक को वन अधिनियम 1927 की धारा 26 का दोषी माना

ऋषिकेश।
प्रभागीय वनाधिकारी नरेन्द्रनगर राहुल ने बताया कि बीच कैंप संचालक योगेश बहुगुणा पुत्र हर्षवर्धन बहुगुणा प्रोपराइटर गढ़वाल एडवेंचर को आरक्षित वन क्षेत्र में कूड़ा निस्तारित करने पर वन अपराध जारी किया गया था। बीट अधिकारी अखिलेश कुमार के 23 अप्रैल 2015 को आरोपी के खिलाफ वन अपराध जारी करने के बाद उप वन क्षेत्राधिकारी प्रबोध पांडेय ने नरेन्द्रनगर न्यायालय में वन अधिनियम के तहत वाद दायर कराया।
न्यायालय ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट नरेन्द्रनगर ऋचा रावत ने साक्ष्यों के मद्देनजर और दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद अभियुक्त योगेश बहुगुणा को भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 का दोषी माना है। न्यायालय ने अभियुक्त को छह माह कारावास व दो हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।

जापानी से लूट मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

ऋषिकेश।
कोतवाल सुरेन्द्र सिंह सामंत ने बताया कि सैजी मतसुसिता (22) निवासी जापान ऋषिकेश घूमने आए हैं। रविवार को तिलकमार्ग पर एक व्यक्ति ने उनसे जान-पहचान बनाई। दोनों ने जूस भी पिया। इसके बाद वह हरिद्वार मार्ग पर गए जहां जापानी पर्यटक बेहोश मिले। उन्हें एक रिसार्ट स्वामी ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार सुबह होश आने पर जापानी पर्यटक ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि एक युवक ने उनसे मेलजोल बढ़ाकर उन्हें नशीला पदार्थ पिला दिया। होश आने पर पाया कि उनके पास नगदी और सामान गायब था जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये है। कोतवाल ने बताया कि युवक ने जापानी पर्यटक के साथ सेल्फी भी खिंचवाई है जिसके आधार पर युवक की तलाश की जा रही है। धारा 328 व 374 में मामला दर्ज किया गया है।

परमार्थ में 150 योग क्रियाओं का होगा प्रदर्शन

योग महोत्सव की मेजबानी परमार्थ निकेतन कर रहा

ऋषिकेश।
अन्तरराष्ट्रीय योग महोत्सव में परमार्थ निकेतन में 150 योग क्रियाओं के प्रमुख प्रारूपों का प्रदर्शन होगा। परमार्थ में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्वामी चिदानंद मुनि और साध्वी भगवती ने बताया कि योग महोत्सव में 100 से अधिक देशों के लगभग 1200 योग साधक भाग लेने के लिए आश्रम पहुंचने शुरू हो गए हैं। योग महोत्सव का शुभारंभ और समापन परमार्थ निकेतन में ही किया जाएगा।
योग महोत्सव में दो मार्च को पीएम नरेन्द्र मोदी वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से योग साधकों को संबोधित करेंगे। छह मार्च को सूफी गायक कैलाश खेर और सात मार्च को शिवमणि की प्रस्तुति योग महोत्सव का आकर्षण होंगे। चिदानंद मुनि और साध्वी भगवती ने बताया कि देश-विदेश से आए आध्यात्मिक महापुरुष और धर्मगुरुओं द्वारा धार्मिक संवाद व प्रश्नोत्तरी का भी विशेष आयोजन किया गया है। इसके अतिरिक्त ध्यान, मुद्रा, संस्कृतवाचन, आयुर्वेद, रेकी और भारतीय दर्शन की कक्षाएं भी संचालित होंगी।

योग साधक निकालेंगे गंगा स्वच्छता को पदयात्रा

सात दिवसीय अन्तर राष्ट्रीय योग महोत्सव को लेकर जीएमवीएन की पत्रकार वार्ता

ऋषिकेश।
सोमवार को कैलाशगेट स्थित गंगा रिसॉर्ट में गढ़वाल मंडल विकास निगम के एमडी अतुल कुमार गुप्ता ने पत्रकार वार्ता में बताया कि निगम के पास सोमवार दोपहर तक 410 बुकिंग आ चुकी है। योग महोत्सव में 200 गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, 20 गढ़वाल विश्वविद्यालय, 100 देव संस्कृति विश्वविद्यालय के छात्र भी भाग ले रहे हैं। छात्रों के लिए शासन ने पांच सौ रुपये मात्र में योग महोत्सव में प्रतिभाग करने की विशेष व्यवस्था की है। वहीं, विभिन्न प्रकार के पैकेजों के माध्यम से पर्यटकों को भी लुभाने का प्रयास किया है।
एमडी ने बताया कि योग महोत्सव में दो सेशन होंगे। पहले सेशन में योगाभ्यास और प्राणायाम शामिल है जबकि दूसरे सेशन में डिवाइन लेक्चर को शामिल किया गया है। डिवाइन लेक्चर खुला कार्यक्रम होगा जिसमें स्थानीय लोग भी प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रतिदिन कार्यक्रम की शुरुआत सूर्य क्रिया से शुरू होगी और सायंकालीन गंगा आरती और भजन संध्या से समापन होगा। उन्होंने बताया कि योग महोत्सव में पहली बार नमामि गंगे परियोजना को शामिल किया गया है। पांच मार्च को योग साधक गंगा रिसॉर्ट से त्रिवेणीघाट और आस्था पथ पर गंगा स्वच्छता के लिए लेकर पदयात्रा निकालेंगे। इस दौरान गंगा घाटों की सफाई भी की जाएगी। पत्रकार वार्ता में पद्मश्री डॉ. स्वामी भारत भूषण, पोलैंड में भारतीय राजदूत रहे सीएम भंडारी, महाप्रबंधक बंशीलाल राणा आदि मौजूद रहे।

योग के ऋषिमुनियों के नाम से सभागार तैयार
नगर पालिका मुनिकीरेती सभागार में महर्षि पंतजलि मंडप, गंगा रिसॉर्ट में आदियोगी शिव सभागार, महर्षि योग ऋषि सभागार, महर्षि विश्वामित्र सभागार, महर्षि अत्रि सभागार। योग महोत्सव में 37 योगाचार्य शामिल हो रहे हैं जिनमें सात विदेश से आने वाले योगाचार्य हैं। निगम योगाचार्यों को आने-जाने का खर्च देने के साथ रहने और खाने-पीने की सुविधा दे रहा है। एमडी ने बताया कि कुछ मानदेय के तौर पर निगम वरीयताक्रम के अनुसार भी योगाचार्यों को देने पर विचार कर रहा है।

नि:शुल्क परामर्श और उपचार
योग महोत्सव में पहली बार जीएमवीएन 20 स्टॉल लगाने जा रहा है। एमडी ने बताया कि मर्म चिकित्सा, आयुर्वेद, आयुष, नाड़ी योग सहित 20 स्टॉलों को योग महोत्सव में शामिल किया गया है जिसमें विशेषज्ञों द्वारा नि:शुल्क परामर्श और उपचार दिया जाएगा। स्थानीय लोग भी इन स्टॉलों का लाभ ले सकेंगे।

एमआईटी के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

ऋषिकेश।
क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को आईटी और बॉयोटेक की टीम आमने-सामने हुईं। बायोटेक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 141 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईटी टीम 126 रन पर ही सिमट गई। बैडमिंटन प्रतियोगिता के बालक वर्ग में पॉलिटेक्निक के आशीष पहले और आईटी के हिमांशु डिमरी दूसरे स्थान पर रहे। फुटबॉल में पॉलिटेक्निक विभाग ने आईटी टीम को 4-0 से हराया। वॉलीबॉल में आईटी-ए ने आईटी-बी को 3-2 से मात देकर मैच अपने नाम किया। इस अवसर पर अखिलेश बिजल्वाण, प्रदीप पोखरियाल, डॉ. सुनील कुमार सिंह, कामेश यादव, सुदीप सारस्वत, अजय तोमर, डॉ. रजनीश पाण्डेय, संदेश भण्डारी, साहिल बहुगुणा, अर्पित राजपूत, जनक थापा, आदित्य चौहान, रोहित पंवार, जयदीप व लोकेश आदि उपस्थित थे।

गैंड़खाल दुर्घटना के मृतकों के परिवारों को सहायता

ऋषिकेश।
सोमवार को कैलाशगेट स्थित हंस कल्चरल सेंटर के ऋषिकेश ब्रांच कार्यालय में सेंटर प्रभारी प्रदीप राणा ने इन चेकों का वितरण किया। यमकेश्वर गैंडखाल में जीप दुर्घटना में मारे गए 12 मृतकों के परिवार के सदस्यों को 25-25 हजार के चेक दिए गए जबकि 68 मेधावी छात्रों को 25 लाख रुपये के चेक बांटे गए।
सेंटर प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि शिक्षा के लिए प्रियंका चमोली को 33 हजार, प्रदीप सेमवाल को 55 हजार, पूनम नेगी को 28 हजार, संदीप गैरोला को 34 हजार, अजय रावत को 36 हजार, अरुण बुटोला को 40 हजार, मिता बडोला को 35 हजार, रोहन रावत को 36 हजार, तनुज को 42 हजार, रितिका ध्यानी को 72 हजार, सीमा रावत को 66 हजार रुपये की धनराशि के चेक वितरित किए गए। मौके पर राजेन्द्र राणा, महावीर खरोला, सरिता भट्ट, सुशीला बिष्ट, ईश्वर गुप्ता आदि मौजूद थे।

निर्माण कार्यों के चलते नालियों में जमा हो रही सामग्री

ऋषिकेश।
ऋषिनगरी में कई स्थानों पर नालियां बंद पड़ी है। शहर में जगह-जगह खुदाई होने से मलबे के ढेर नालियों में पड़े हैं जिससे शहर का ड्रेनेज सिस्टम गड़बड़ा रहा है। रही कसर सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री से पूरी हो रही है। भवन निर्माण के लिए रखी रेत, बजरी पानी के साथ बहकर नालियों को चोक कर रहे है। जगह-जगह नालियां बंद होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है।
गौरतलब है कि नालियों के रखरखाव का जिम्मा नगर पालिका के पास है लेकिन शहर में कहीं पाइप लाइन बिछ रही है तो कहीं केबिल। सड़क खोदने के बाद मलबे को दाएं-बाएं कर मजदूर चले जाते हैं जिससे मलबा नालियों में जमा हो जाता है। सड़क के किनारे भवन सामग्री भी नालियों में बहकर जा रही है। छुट्टा पशु सड़कों में पड़ी सामग्री को फैला देते हैं। सोमवार देर रात हुई बारिश से नालियों में पानी के साथ यह सामाग्री भी जमा हो गई। नालियां बंद होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है।

भागदौड़ भरी जिंदगी में शांति पाने के तरीके बताए

ऋषिकेश।
मंगलवार को गीतानगर स्थित राजयोग केन्द्र की संचालिका बहन बीके आरती के नेतृत्व में विश्वशांति व त्रिमूर्ति शिव की 80वीं जयंती के उपलक्ष्य में शहर में रैली निकाली गई। इस दौरान बीके आरती ने भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों को शांति की प्राप्ति के रास्ते बताए। उन्होंने लोगों को विचार संयम, इन्द्रिय संयम, अर्थ संयम व समय संयम के माध्यम से शांति पाने का तरीका समझाया।
उन्होंने लोगों को महाशिवरात्रि का महत्व बताया। साथ ही शिव पूजा की विधि बताईं। काम, क्रोध, मद, मोह व अंहकार को अपने जीवन से दूर करने पर सफलता अर्जित कर जीवन में शांति पाने का साधन बताया। विश्व शांति की कामना से निकाली गई रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए राजयोग केन्द्र में संपन्न हुई।

करंट लगने से मजदूर की मौत

ऋषिकेश।
श्यामपुर भल्लाफार्म में भवन निर्माण में जुटा मजदूर मंगलवार सुबह 11 बजे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। उसे साथियों ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। मजदूर (प्रद्युम्मन पुत्र संतोष) पीलीभीत यूपी के मीरपुर ग्रांट गांव का निवासी था जो कि बीसलपुर तहसील से संबंधित है। वह इस समय अमितग्राम गुमानीवाला ऋषिकेश में रह रहा था। यहां पर मजदूरी के सिलसिले में रह रहा था। सीओ मनोज कत्याल ने बताया कि जिस स्थान पर भवन निर्माण कार्य हो रहा है। उसके ऊपर से 11 हजार केवीए की लाइन गुजरती है। निर्माण के दौरान मजदूर की फंटी हाईवोल्टेज लाइन से छू गई। जिससे मजदूर झुलस गया। मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।