ऋषिकेश।
ग्रामसभा गढ़ी श्यामपुर के ग्रामीणों को अपनी स्वास्थ जांच व उपचार के लिये अब भटकना नही पडेगा। ग्रामसभा गढ़ी में ग्रामीण स्वास्थ केन्द्र ने कार्य करना प्रारम्भ कर दिया है। रीता राजकीय इण्टर कालेज के निकट पूर्व सैनिक राजपाल पंवार के भवन में विजया बैंक के सहयोग से चलने वाले ग्रामीण स्वास्थ केन्द्र का उद्घाटन विकास फाउण्डेशन के अध्यक्ष विकास नेगी ने किया। बैंक के सिनियर प्रबन्धक अवनीश जुयाल ने बताया कि ग्रामीण स्वास्थ्य केन्द्र सप्ताह में चार दिन ग्रामीणों को अपनी सेवायें प्रदान करेगा। जिसमें एक बीएएमएस डाक्टर नियुक्त किया गया है। जो ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच व उपचार करेंगें। केन्द्र से ग्रामीणों को नि:शुल्क दवा वितरित की जायेगी। जिसके लिये प्रतिमाह दस हजार का बजट रखा गया है। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख डोईवाला बीना देवी, पूर्व सैनिक संगठन के महासचिव राजपाल पंवार, बलदेव सिंह कंडियाल, सूरत सिंह रांगड़,बचन सिंह रावत,बख्शी पंवार आदि उपस्थित थे।
Author: admin
नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं का सामूहिक इस्तीफा
मंडल अध्यक्ष पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया
ऋषिकेश।
रानीपोखरी-भानियावाला मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र मनवाल पर भाजपा कार्यकर्ता व नवनिर्वाचित मंडल उपाध्यक्ष दीपक चंद ने वादा खिलाफी के आरोप लगाये है। उनका कहना है कि पूर्व में मंडल अध्यक्ष के स्वयं दावेदार होने पर वरिष्ठ नेताओं के द्वारा उन्हें मंडल अध्यक्ष के समर्थन में बैठने को कहा गया था। उस समय दीपक चंद को मंडल महामंत्री बनाये जाने पर सहमति बनी थी। लेकिन अब उन्हें मंडल उपाध्यक्ष बनाकर मंडल अध्यक्ष अपने वादे से मुकर गये।
वादा खिलाफी के चलते दीपक चंद ने उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके समर्थन में मंडल उपाध्यक्ष मनोज भट्ट, मंडल मंत्री पूजा थापा, सर्वेश रावत, मंडल सदस्य अनिल खत्री व भानू प्रताप ने भी अपने पदो से इस्तीफा दे दिया है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं के इस्तीफे देने से गुटबाजी एकबार फिर से खुलकर सामने आ गयी है।
टापू में फंसे लोगों को पुलिस ने रेस्क्यू कर निकाला
ऋषिकेश।
अचानक गंगा नदी का जलस्तर बढ़ जाने से मुख्यधारा में स्नान करने गए आधा दर्जन लोग त्रिवेणीघाट टापू पर फंस गए। लोगों ने इसकी सूचना त्रिवेणीघाट पुलिस चौकी को दी। पुलिस के गोताखोर जवानों ने रेस्क्यू कर उन्हें बाहर निकाला।
दो बजे अचानक गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा। एक घंटे के भीतर दौ सौ मीटर दूर बह रही गंगा त्रिवेणीघाट को छूकर बहने लगी। इससे मुख्यधारा में स्नान करने गए श्रद्धालु सकते में आ गए। लोगों ने इसकी सूचना त्रिवेणीघाट चौकी पुलिस को दी। त्रिवेणीघाट चौकी इंचार्ज राजबीर सिंह राणा पुलिस जवान और गोताखोर लेकर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू करवाया। गोताखोरों ने कुछ ही देर में टॉपू पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकला। एक घंटे बाद जलस्तर घटने पर स्थिति सामान्य हो पाई। केंद्रीय जलआयोग के अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर दो बजे से जलस्तर अचानक बढ़ने लगा। 336 आरएल मीटर पर बह रहे गंगा का जलस्तर एक मीटर बढ़कर 337 तक पहुंच गया। इसकी सूचना प्रशासन को दी गई। हालांकि इतना जलस्तर घटना-बढ़ना सामान्य बात है। टीएचडीसी के महाप्रबंधक तकनीकी एचएल अरोड़ा ने बताया कि सर्दियों में बिजली की मांग बढ़ने पर सुबह के समय उत्पादन अधिक हो रहा है। सुबह छह से नौ बजे के बीच करीब सात हजार क्यूसेक पानी झील से छोड़ा जा रहा है जबकि सवा पांच हजार क्यूसेक पानी चौबीसों घंटे छोड़ा जा रहा है। यह सामान्य प्रक्रिया है। संभवत: बारिश की बजह से गंगा का जलस्तर कुछ बढ़ा होगा। रेस्क्यू अभियान में हरीश कुमार, महेन्द्र कुमार सहित अन्य शामिल थे।
राप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन जरूरी: उनियाल
आगामी रेल बजट में केन्द्र सरकार को ट्रेन के संचालन की मांग की
ऋषिकेश।
शनिवार को नरेन्द्रनगर के पूर्व विधायक सुबोध उनियाल ने कहा कि पूर्वांचल-बिहार के लाखों लोगों को राप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन चलने से लाभ मिलेगा। इस संबंध में वह रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा से बात कर आगामी रेल बजट में मंजूरी दिलाने के साथ ही हरिद्वार से चलने वाली ट्रेनों का संचालन ऋषिकेश से भी करवाने के लिए भी प्रयास करेंगे। नेशनल हॉकर्स फेडरेशन से जुड़े लल्लन राजभर के नेतृत्व में पूर्वांचल-बिहार के लोगों ने ऋषिकेश से मऊ के बीच प्रतिदिन ट्रेन के संचालन की मांग की। इससे हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इस मामले में केन्द्र सरकार को ज्ञापन भी स्टेशन पर मौजूद अधिकारियों के माध्यम से भेजा गया। धरने स्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक उनियाल ने कहा कि हजारों की संख्या में बिहार-पूर्वांचल के लोग ऋषिकेश सहित आसपास के इलाकों में रहते हैं। इसलिए राप्ती गंगा ट्रेन का संचालन होने से रेलवे को राजस्व तो मिलेगा ही साथ ही ट्रेन के चलने से हजारों लोगों को राहत भी मिलेगी। इस दौरान पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री संदीप गुप्ता, शैलेन्द्र गुप्ता, गिरिश राजभर, रामजी मोर्य, सुनील गुप्ता, पारसनाथ राजभर, सवेरा पाण्डेय, अखिलेश पाण्डेय, गोरश नाथ यादव, दिनेश गुप्ता, घनश्याम सिंह, रामनाथ गुप्ता, सतेन्द्र गुप्ता, दिनेश गुप्ता, संतोष तिवारी, वीरेश कुमार, जंगबहादुर, भोला, राकेश वर्मा, रामाश्रय प्रसाद, अक्षय गुप्ता, जगदीश, पारसनाथ गुप्ता, रमेश चन्द गुप्ता, अशोक पाण्डेय, अमरनाथ जायसवाल, उमा शंकर, रामनाथ प्रसाद, राजकुमार, हरिश्चन्द्र, मनोज गुप्ता सहित अन्य मौजूद थे।
महानायक अमिताभ बच्चन पहुंचे होटल आनंदा
दोपहर एक बजे रिलायंस ग्रुप के मालिक अनिल अंबानी, टीना अंबानी और जया बच्चन के साथ जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर विशेष विमान से पहुंचे
ऋषिकेश।
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के एयरपोर्ट पहुंचने की सूचना पर सुबह से ही जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर प्रशंसकों की भीड़ रही। ठीक एक बजे विशेष चार्टर विमान रनवे पर उतरा। जिसमें बिग बी अमिताभ बच्चन सबसे पहले विमान से नीचे उतरे। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी जया बच्चन भी थीं। इसके तुरंत बाद रिलायंस ग्रुप के मालिक अनिल अंबानी अपनी पत्नी टीना अंबानी के साथ उतरे। मुख्यगेट से बाहर आते ही प्रशंसकों ने उन्हें घेर लिया। कुछ लोग उनसे प्रश्न करने लगे कि क्या अनुष्का-विराट की सगाई में शामिल होने आए हैं लेकिन बिग बी बिना कुछ कहे ही कार में सवार हो गए। करीब एक घंटे बाद दोपहर दो बजे सभी होटल पहुंचे। जहां पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। यहां भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध थे। होटल आनंदा के मुख्यगेट पर होटल के दर्जनों गार्ड और पुलिस भी तैनात थी। अटकलें हैं कि भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक जनवरी को सगाई कर सकते हैं। गुरुवार को सगाई में शामिल होने के लिए बिग बी अमिताभ बच्चन, रिलायंस ग्रुप के मालिक अनिल अंबानी भी पहुंचे हैं लेकिन होटल प्रबंधन सगाई की बात से इनकार कर रहा है। सूत्रों की मानें तो अमिताभ बच्चन बीते वर्ष गोवा गए थे लेकिन इस बार उन्होंने उत्तराखंड में ठहरने का निर्णय लिया है।
बाहर के ठेकेदारों को काम देने के विरोध में भाजपा
ऋषिकेश।
भाजपा कार्यकर्ता लोक निर्माण विभाग के रेलवे रोड स्थित कार्यालय पर गुरुवार को पहुंचे। उन्होंने राज्य योजना के मद से 5.5 करोड़ के स्वीकृत निर्माण कार्य को बाहरी ठेकेदारों को दिए जाने का विरोध किया। मंडल अध्यक्ष प्रदीप धस्माना ने आरोप लगाया कि लोनिवि के खंड से बाहर के ठेकेदारों को काम दिया जा रहा है जबकि विभाग में ऋषिकेश विधानसभाई क्षेत्र के ही सैकड़ों ठेकेदार बेरोजगारी की मार से परेशान हैं।
जिला उपाध्यक्ष किशन नेगी ने सीएम के चहेतों को ठेके देने का आरोप लगाया तो वरिष्ठ नेता जयदत्त शर्मा ने कमीशन के चलते बाहरी लोगों को ठेके देने की बात कही। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभागीय अधिकारियों को चेताया कि अगर स्थानीय ठेकेदारों को काम नहीं दिया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने मामले में लोनिवि के सहायक अभियंता के व्यवहार को भी निराशाजनक बताया।
प्रदर्शन करने वालों में संदीप गुप्ता, ज्योति सजवाण, दिनेश पयाल, रामरतन रतूड़ी, बृजमोहन कडंवाल, शोभा चौहान, पदमा नैथानी, सुरेन्द्र सिंह, महिपाल सिंह, सुभाष वाल्मिकी, कुसुम डबराल, अनीता प्रधान, अमन कुकरेती, रवि रावत, कपिल गुप्ता, देवेन्द्र सिंह नेगी, भूपेन्द्र राणा, रवि रावत, कौशल बिजल्वाण आदि शामिल थे।
श्यामपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में चोरी
दिन दहाड़े गल्ला तोड़कर 20 हजार उड़ाए
ऋषिकेश। हमारे संवाददाता
श्यामपुर में रामचन्द्र की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। गुरुवार दोपहर रामचन्द्र रमोला अपनी दुकान का शटर गिराकर भोजन करने घर चले गए। एक घंटे बाद वापस लौटे तो दुकान का गल्ला टूटा मिला और उसमें रखे 20 हजार रुपये गायब थे। दुकान का सामान भी बिखरा पड़ा था। उन्हें मामला समझते देर नहीं लगी। चोरी की सूचना पर बाईपास चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल सुरेन्द्र सिंह सामंत ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
कार्रवाई नही होने पर विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी
कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई को 72 घंटे का अल्टीमेटम
ऋषिकेश।
गुरुवार को श्यामपुर क्षेत्र के ग्रामीण देहरादून रोड स्थित वन रेंज कार्यालय इकट्ठा हुए। उक्रांद नेता राजेन्द्र गैरोला के नेतृत्व में उन्होंने वन विभाग पर शराब माफियाओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए। कहा कि ग्रामीण लगातार वन क्षेत्रों से कच्ची शराब की भट्टियां नष्ट कर रहे हैं। बावजूद इसके कच्ची भट्टियां मिलनी बंद नहीं हो रही हैं। प्रतिदिन छापेमारी अभियान में जंगलों में मिट्टी के नीचे दबे कच्ची शराब के ड्रम बरामद हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर आरोप लगाए कि वन क्षेत्र में कच्ची शराब के खिलाफ वन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। अपनी सम्पत्ति में हो रहे गैरकानूनी कार्य को रोकने में भी वन विभाग नाकाम साबित हो रहा है। उन्होंने 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कार्रवाई करने की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने और विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी भी दी।
वन रेंज अधिकारी गंगा सागर नौटियाल ने ग्रामीणों को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। मौके पर राजेश व्यास, देवेन्द्र दत्त, विनोद पोखरियाल, ऐला देवी, लक्ष्मी देवी, विनिता, माला देवी, पार्वती देवी, कविता, शांति देवी, सरोजनीदेवी, राजमती देवी, दिलादेवी, अन्नपूर्णा, शांता देवी, कुसुम, सेनी देवी, बीना, पंकज थापा, कृष्णा, राजेन्द्र सिंह, बिजेन्द्र सिंह, प्रेमा देवी, जगदंबा, पूनम रावत आदि मौजूद थे।
जरूरतमंदों को दी गई 20 लाख की मदद
ऋषिकेश। हंस कल्चरल सेंटर ऋषिकेश ने जरूरतमंद छात्रों व गंभीर बीमारियों से पीड़ित रोगियों को 20 लाख रुपए की धनराशि दी। गुरुवार को संस्था के कार्यालय में लोगों को चेक बांटे गए।
हंस कल्चरल सेंटर की ओर से देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली आदि क्षेत्रों से आए 54 लोगों को राहत राशि बांटी गई जिसमें 15 ऐसे लोग हैं जो गम्भीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। ऐसे लोगों को इलाज के लिए चेक बांटे गए। जबकि शिक्षा में उत्कृष्ट रहने वाले 39 छात्र-छात्राओं को भी उपहार स्वरूप उनकी शिक्षा के लिए चेक बांटे गए। इस अवसर पर हंस कल्चरल सेंटर प्रभारी प्रदीप राणा, नवीन चन्द्र, सुशीला बिष्ट, गोदाबरी, नर्मदा नेगी, रेनू नेगी, विक्रम सजवाण आदि उपस्थित थे।
सेवादल कांग्रेस की रीढ़: खरोला
सेवादल के स्थापना दिवस में चन्द्रेश्वर नगर में कार्यक्रम का आयोजन
ऋषिकेश।
कांग्रेस सेवा दल का स्थापना दिवस चन्द्रेश्वर नगर स्थित चौक पर धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने सेवादल को कांग्रेस की रीढ़ बताया।
गुरुवार को नगर कांग्रेस सेवादल ने संगठन का स्थापना दिवस मनाया। कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने सेवादल को कांग्रेस की रीढ़ बताया। कहा कि सेवादल में कांग्रेस की पुरानी इकाई है। सेवाभाव से कार्यकर्ता कांग्रेस को मजबूत करता है। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनावों में सेवादल की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन नगर अध्यक्ष राजेश शाह ने किया। मौके पर सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रामविलास रावत, कुंवर सिंह यादव, सावित्री थापा, राजकुमार यादव, ओमप्रकाश यादव, नंद किशोर जाटव, मनीष शर्मा, मधु मिश्रा, सावित्री देवी, जीतू मुखर्जी, लक्ष्मण, शरीफ, इरफान, सुभाष, अच्छेलाल, नानकचंद, प्राशु बनर्जी, दिनेश, किरन देवी, सरस्वती देवी, जमुना आदि मौजूद थे।
