थंडर बोल्ड स्कीम के तहत पुलिस ने चलाया अभियान

ऋषिकेश।
डीएसपी मनोज कुमार कत्याल को देर रात साढ़े 11 बजे उच्चाधिकारियों का आदेश मिला कि वे थंडर बोल्ड स्कीम के तहत विभिन्न नाकों पर चेकिंग अभियान चलाएंगे और गाड़ियों की ढंग से तलाशी लेने के बाद ही छोड़ेंगे। इसके बाद उन्होंने कोतवाल सुरेन्द्र सिंह सामंत के साथ टीम लेकर चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने शहर में प्रवेश करने वाली सभी गाड़ियों की तलाशी ली। तलाशी पूरा होने के बाद ही गाड़ी को छोड़ा जा रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस को हालांकि कुछ मिला नहीं है। डीएसपी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर चेकिंग की गई।

जान हथेली पर रखकर कर रहे सफर

ऋषिकेश।
यमकेश्वर में हर रोज एक हजार से अधिक ग्रामीण छोटी-बड़ी गाड़ियों से सफर करते है। गाड़ी वाले अधिक कमाई के चक्कर में सवारियों की जान हथेली पर रखकर छतो के ऊपर बैठाने के साथ ही गाड़ियों के पीछे लटका लेते है। इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। अभी हाल ही में गैंडखाल के बाद एक ओवरलोड जीप बैक करते हुए खाई में गिर गई थी। हादसे में नौ लोगों की जानें चली गई थी। इसके बाद गाड़ी वाले ओवरलोड सवारियां ढो रहे है। जिन पर कार्रवाई करने की जहमत संभागीय परिवहन विभाग नहीं उठा रहा है। इससे धड़ल्ले से गाड़ियां ओवरलोड होकर चल रही है। डीएम चन्द्रशेखर भट्ट ने कहा कि उन्हें भी ओवरलोड गाड़ियों के संचालन की सूचना मिल रही है। इस ओर आरटीओ को आदेश देकर कार्रवाई करने को अभियान चलाया जाएगा

दस हजार देने वाले एटीएम में कैश ही नही

ऋषिकेश।
बुधवार को ऋषिनगरी के एटीएम से लोगों को निराशा ही हाथ लगी। रेलवे रोड, देहरादून रोड व हरिद्वार रोड स्थित मुख्य बैंकों के एटीएम दोपहर तक कैश के अभाव में बंद रहे। लोगों को बंद एटीएम के बाहर लंबी लाइन लगाकर घंटों इंतजार करना पड़ा। गौरतलब है कि मंगलवार से रिजर्व बैंक ने लोगों को एटीएम से दस हजार रुपये निकालने की सुविधा का विस्तार कर दिया है। लेकिन ऋषिनगरी के एटीएम में कैश ही नही है। दस हजार रुपये तो दूर लोगों को जरुरत के हिसाब से जेब खर्च भी निकालना भारी पड़ रहा है।
कैश के अभाव में एटीएम में पहले आओ पहले पाओ जैसी योजना देखने को मिल रही है। बनखंडी निवासी प्रशांत पाल का कहना है कि एटीएम में कैश नही है। दस हजार रुपये की सुविधा मिलने के बाद एटीएम में कैश डालने से पहले आने वाले लोगों को तो पूरे दस हजार रुपये की धनराशि तो मिल रही है। लेकिन कैश कम होने के कारण कुछ समय बाद ही एटीएम में कैश खत्म हो जा रहा है। जिससे लोगों को खाली हाथ लज्ञैटना पड़ रहा है। ऐसा लग रहा कि जैसे पहले आओ पहले पाओ की स्कीम एटीएम में भी चल रही है।

पुलिस ने गाड़ियों के चस्पा चालान किये

ऋषिकेश।
बुधवार को शहर कोतवाल सुरेन्द्र सिंह सामंत के निर्देश पर पुलिस की चार टीमों ने शहर में जाम लगा रहे गाड़ियों के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने इन गाड़ियों पर चस्पा चालान किया। टीम ने लक्ष्मणझूला रोड, तिलक रोड, रेलवे रोड, त्रिवेणी घाट, रोड सहित अन्य जगहों पर जाम लगा रही गाड़ियों के चस्पा चालान किए। जब गाड़ी वाले अपनी गाड़ी के पास पहुंचे तो चस्पा चालान देखकर वे चौक गए। वे तुरंत कोतवाली पहुंचे और चस्पा चालान का भुगतान किया। दिनभर कोतवाली में चस्पा चालान लेकर लोग चक्कर लगाते दिखे। एसओ सामंत का कहना है कि लोग घरों से बाजार में निकलते है और गाड़ियां सड़कों पर खड़ी कर खरीददारी करने लगे हैं। इससे उक्त रास्ते पर जाम लग जाता है। ऐसे गाड़ी वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

शॉर्टसर्किट से घर में लगी आग

ऋषिकेश।
एम्स रोड स्थित आवास विकास क्षेत्र के एक घर में शॉर्टसर्किट से आग लग गई। आग लगने की सूचना पड़ोसियों ने फायर बिग्रेड को दी। मौके पर पहुंची टीम ने आग बुझाया। इस दौरान बिजली से चलने वाले उपकरण जलकर खाक हो चुके थे। एसएचओ सुरेन्द्र सिंह सामंत ने बताया कि प्रथम दृष्टया घर में शॉर्टसर्किट से आग लगी है। आग लगने के दौरान घर में कोई नहीं था।

प्रधान ने सनगांव में चल रहे खनन को बताया अवैध

ऋषिकेश।
सिंधवाल ग्राम पंचायत के सन गांव में चल रहे खनन को ग्राम प्रधान ने अवैध बताकर बंद करा दिया। आरोप है कि कंपनी को दूसरी जगह अनुमति मिली है, लेकिन कंपनी जबरन गांव में खनन करा रही है। उन्होंने प्रशासन को घटना की जानकारी भी दी।
हरिद्वार मार्ग चौड़ीकरण कार्य के चलते निर्माणधीन कंपनी सिंधवाल ग्राम पंचायत के सन गांव में खनन कार्य कर रही है। ग्राम प्रधान सोमती देवी ने कंपनी के द्वारा किये जा रहे खनन को अवैध बताकर रुकवा दिया। उन्होंने प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी। ग्राम प्रधान का कहना है कि कंपनी के पास दूसरी जगह खनन करने की अनुमति है। लेकिन कंपनी हमारे गांव में खनन कर रही है। उनका आरोप है कि खनन के चलते गांव दरक सकते है। वहीं, मौके पर मौजूद कर्मचारी ने सड़क चौड़ीकरण कार्य को भरान के लिए कंपनी के पास अनुमति होना बताया। घटनास्थल पर लेखपाल लक्ष्मी प्रसाद त्रिपाठी भी मौजूद थे।

सोशल मीडिया पर कमेंट्स को लेकर विधायक समर्थक की पिटाई

सोशल मीडिया पर कमेंट्स को लेकर विवाद मारपीट में बदला

ऋषिकेश।
विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के समर्थक चंद्रेश्वर निवासी दिलीप कुमार गुप्ता और बापूग्राम निवासी विक्रम के बीच फेसबुक पर कमेंट्स को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विक्रम ने दिलीप से विधायक आवास पर ही रुक जाने को कह दिया। कुछ देर बाद आरोपी विक्रम वहां पहुंचा और दिलीप को बाहर बुलाकर जमकर पीट डाला। इस दौरान विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल घर में नहीं थे। बाद में यह मामला कोतवाली जा पहुंचा। एसएचओ सुरेन्द्र सिंह सामंत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है।

विवेकानंद जयंती पर एबीवीपी ने निकाला पैदल मार्च

ऋषिकेश।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ऋषिकेश इकाई ने गुरुवार को आशामाई धर्मशाला से पैदल मार्च निकाला। कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद के उद्घोष वाक्यों के नारे लगाते हुए चल रहे थे। पैदल मार्च देहरादून रोड, रेलवे रोड होते हुए अग्रवाल धर्मशाला में संपन्न हुआ। मुख्य वक्ता कुंज बिहारी भट्ट ने विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डाला। उनके जन्म दिवस को राष्ट्रीय युवा दिवस मनाए जाने की जानकारी भी दी। एसबीआई के वरिष्ठ प्रबंधक विश्वमोहन मिश्रा ने विवेकानंद से युवाओं को प्रेरणा लेने की सीख दी। मौके पर कौशल बिजल्वाण, कुलदीप भंडारी, अंकित पंवार, धीरेन्द्र कुमार, मंदीप डबराल, अभिषेक रावत, अंकित चौहान, शिखर मिश्रा, शुभम शर्मा, अमित गांधी, शिवम शर्मा, ऋषि जायसवाल, विनोद चौहान, मोहित तिवारी, नेहा नेगी, संध्या उनियाल, राजेन्द्र राणा, मनीष रावत, रोहति भाष्कर, प्रशांत शर्मा, अमन खुराना, नरेन्द्र गौतम, नितिन आदि मौजूद रहे।

बिजली के पोल से मैक्सजीप टकराई

ऋषिकेश।
ब्रह्मपुरी के पास मोड काटते समय मैक्स जीप संख्या यूके07-9609 अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। गनीमत रही कि पोल से टकराने पर सवारियों की जान बच गई। यदि जरा सी चूक हो जाती तो जीप सीधे 200 मीटर नीचे गंगा में गिर सकती थी। जीप में दस यात्री सवार थे। जिन्हें ब्रह्मपुरी में ही प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। एसओ मुनिकीरेती रवि कुमार सैनी ने बताया कि जीप अनियंत्रित होते देख चालक ने पोल से टकरा दी। जिससे सवारियों की जान बच गई। जरा सी चूक हो जाती तो जीप गंगा में गिर जाती। यात्रियों को मामूली चोटें आई है।

62वीं ऑल इंडिया स्कूल गेम्स में लाभांशु ने जीता स्वर्ण

ऋषिकेश।
दिल्ली में दो से आठ जनवरी तक चलने वाले 62वें ऑल इंडिया स्कूल गेम्स में ऋषिनगरी के छात्र लाभांशु शर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। लाभांशु शर्मा ने कुश्ती सीनियर वर्ग के 120 किग्रा में अपने प्रतिद्वंदी को हराकर राज्य का नाम रोशन किया।
लाभांशु शर्मा को पहलवानी अपने पिता से विरासत में मिली है। लाभांशु शर्मा को पूर्व में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति पुरस्कार भी मिला है। उनकी इस उपलब्धि पर तीर्थनगरी के लोगों में उत्साह है। उड़ान फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने बताया कि लाभांशु ने उनको यह जानकारी फोन पर दी। रविवार को हरिपुरकलां में आयोजित एक कार्यक्रम में लाभांशु को सम्मनित किये जाने की जानकारी भी दी।