उत्तराखंड में तो स्कूटर भी 35 लीटर पेट्रोल खाता हैः मोदी

राज्य को गड्ढे से बाहर निकालने की अपील
चारधाम को जोड़ने वाले आॅल वैदर रोड की आधारशिला भी रखीं

देहरादून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंचे जहां उन्होंने चार धाम की यात्रा को जोड़ने वाले 12 हजार करोड़ रुपए के ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने देहरादून में रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये देवभूमि है, वीरों की भूमि है, वीर माताओं की भी भूमि है। उत्तराखंड की जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रोजेक्ट का उन्होंने शिलान्यास किया उससे यहां के लोगों को फायदा मिलेगा। ये शिलान्यास उन हजारों लोगों को श्रद्धांजलि है, जो केदारनाथ के हादसे में मारे गए। बद्रीनाथ, केदरानाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की चार धाम यात्रा को जोड़ने वाले रोड प्रोजेक्ट से आने वाले वक्त में श्रद्धालुओं को फायदा मिलेगा। साथ ही उत्तराखंड के लोगों को भी इस प्रोजेक्ट से रोजगार मिलेगा।
‘उत्तराखंड को गड्ढे से बाहर निकालने के लिए दो इंजन की जरूरत है’प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी जी ने हमें उत्तराखंड दिया, लेकिन उत्तम उत्तराखंड बनाना हमारी जिम्मेदारी है। उत्तराखंड को गड्ढे से बाहर निकालने के लिए दो इंजन की जरूरत है। एक दिल्ली का और दूसरा इंजन देहरादून का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का सामान्य व्यक्ति बेईमानों से नफरत करता है लेकिन कुछ बेईमानों ने ईमानदारों को दबाया है। मैं ईमानदारों की लड़ाई लड़ रहा हूं। 8 नवंबर को एक फैसले से एक बार में ही नकली नोट का काम जीरो हो गया। आतंकवाद की दुनिया पलभर में तबाह कर दी। पीएम मोदी ने कहा कि लोग इसी फिराक में हैं कि मौका मिल जाए तो मोदी पर टूट पड़ें, लेकिन जब तक जनता का साथ है देश को लूटने वाले उंगली नहीं उठा पाएंगे। लोग बिस्तर में नोट भरकर सोते थे इसलिए हमने 1000-500 के नोट बंद करके अच्छे-अच्छों के कपबोर्ड खोल दिए। उन्होंने स्कूटर जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड में स्कूटर भी पैसे खा जाता है। जिस स्कूटर में 5 लीटर की टंकी होती है, वह 35 लीटर पेट्रोल खाता है। पीएम मोदी ने कहा कि हमने फैसला किया कि वर्ग तीन और चार की नौकरियों में इंटरव्यू नहीं किया जाएगा हालांकि कई राज्य ऐसा नहीं कर रहे हैं। जल्द ही उत्तराखंड में बीजेपी की सरकार बनेगी तो यह काम हो जाएगा।
देहरादून में रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नोटबंदी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि देश को काले धन ने बर्बाद किया और काले मन ने भी बर्बाद किया। आपने मुझे चौकीदार का काम दिया है। मैं चौकीदारी कर रहा हूं तो कुछ लोग परेशान हैं। हम विकास की नई ऊंचाइयों पर जाना चाहते हैं। आजादी के 70 साल बाद भी 18000 गांव ऐसे थे जिनमें बिजली नहीं थी। हमने संकल्प किया है कि 1000 दिन में 18,000 गांवों में पहुंचाएंगे। बिजली पहुंचाने का काम गरीबों के हक के लिए हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले गैस का सिलिंडर लेने के लिए नेताओं के घर के चक्कर काटने पड़ते थे। हमने तीन साल के अंदर 5 करोड़ गरीब परिवारों को गैस चूल्हा देने का जिम्मा उठाया है। उन्होंने लकड़ी के चूल्हे से एक दिन में 400 सिगरेट के बराबर धुआं मां के शरीर में जाता है। इससे निजात के लिए हमने गैस सिलेंडर देने की योजना बनाई है। वन रैंक वन पेंशन का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कई साल से हमारी सेना के जवान वन रैंक वन पेंशन की मांग कर रहे थे। चुनाव आया तो सरकार ने बजट में 500 करोड़ रुपया डाल दिया। यह सेना के जवानों की आंखों में धूल झोंकने का काम हुआ। हमने वन रैंक वन पेंशन को मंजूरी दी।

ऑटो-विक्रम न चलने से सवारियां परेशान

ऋषिकेश।
ऋषिनगरी के विभिन्न रूटों पर 1200 ऑटो-विक्रम चलते हैं। इसके माध्यम से ही लगभग 12 हजार सवारियां हररोज सफर करती हैं। ऋषिकेश विक्रम-ऑटो रिक्शा महासंघ के आह्वान पर मंगलवार में 12 सौ ऑटो-विक्रम नहीं चले। गाड़ियों के न चलने से यात्री परेशान रहे। सबसे अधिक परेशानी ऐसे बीमार लोग जिन्हें एम्स और सरकारी अस्पताल जाना था उन्हें। वहीं स्कूल कॉलेज में पढ़ाई करने वाले भी परेशान रहे। वे स्टैंड पर ऑटो-विक्रम का इंतजार करते नजर आए। ऑटो-विक्रम न मिलने पर लोग रोडवेज, लोकल यूनियन और जीप कमांडर यूनियन की गाड़ियों से गंतव्य तक गए। विक्रम मालिक चालक एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील कुमार का कहना है कि शहर में पहले ही जाम की समस्या है। ऐसे में और गाड़ियों को परमिट दिए जाने से शहर की स्थिति खराब हो जाएगी। इससे शहर में प्रदूषण भी बढ़ जाएगा। परिवहन विभाग नए परमिट का आदेश जारी करती है तो आंदोलन किया जाएगा।

दुकान का शटर तोड़ हाथी ने चट किया राशन

लच्छीवाला में हाथी ने जमकर मचाया उत्पात

डोईवाला।
लच्छीवाला में हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। दुकान और घर का शटर तोड़कर राशन चट कर दिया। वन कर्मियों ने उसे खदेड़कर जंगल में पहुंचा दिया।
डोईवाला के लच्छीवाला रेंज के जंगल से सटे इलाकों में इन दिनों हाथियों का खौफ है। शाम होते ही हाथी आबादी की ओर आ धमकते हैं जिससे ग्रामीण खौफजदा रहते हैं। सोमवार देर रात भी हाथी ने लच्छीवाला निवासी गोविन्द राम की राशन की दुकान का शटर तोड़कर तीन बोरी दाल, दो बोरी गेहूं और लगभग दो बोरे चावल बिखेर डाला। राशन की दुकान के कुछ आगे बनी एक पुलिया को भी तोड़ डाला जबकि प्रेम चन्द चौहान के घर का दरवाजा तोड़कर खाने की कढ़ाई निकालकर पैरों के नीचे रौंद डाला। रेंज अफसर घनानंद उनियाल ने बताया कि जंगल से सटे इलाकों में वनकर्मियों की गश्त रहती है। फिर भी जिन इलाकों में हाथी ज्यादा आ रहा है उन इलाकों में गश्त और बढ़ाई जाएगी।

टिहरी बांध के विस्थापितों का आंदोलन खत्म

ऋषिकेश।
विगत पांच माह से टिहरी विस्थापित क्षेत्र के ग्रामीण भूमिधरी की मांग को लेकर पशुलोक क्षेत्र में अनशन कर रहे थे। टिहरी से पुनर्वास किए गए परिवारों की मांग थी कि उन्हें जमीनों का मालिकाना हक दिया जाए। वे अपनी मांग को लेकर पांच माह से पशुलोक क्षेत्र में धरना दे रहे थे। मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला शासनादेश की प्रति लेकर धरना स्थल पर पहुंचे।
कांग्रेस नेता खरोला ने ग्रामीणों को शासनादेश की प्रति दिखाई। उन्हें बताया कि राज्य सरकार ने पशुलोक क्षेत्र के विस्थापितों को भूमिधरी का अधिकार दे दिया है। राज्य सरकार ने भूमिधरी को लेकर शासनादेश कर दिया है। शासनादेश की प्रति देखकर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। कांग्रेस नेता खरोला ने ग्रामीणों को जूस पिलाकर अनशन से उठाया। ग्रामीणों ने शासनादेश कराने पर राजपाल खरोला का आभार जताया है।
मौकै पर हरि सिंह भंडारी, जगदंबा प्रसाद रतूड़ी, प्रवीन थपलियाल, बिजेन्द्र गुलियाल, वीरेन्द्र जोशी, प्रताप सिंह पंवार, सूरत सिंह राणा, विजयपाल, प्रताप सिंह राणा, धर्मेंद्र गुलियाल, सुंदर लाल बिजल्वाण, सुरेन्द्र सिंह राणा, शूरवीर सिंह नेगी, गंभीर सिंह, सुशीला तड़ियाल, पार्वती बुटोला आदि मौजूद थे।

स्कूटर में 35 लीटर तेल पिलाने वाले के खिलाफ हो सीबीआई जांच: उपाध्याय

ऋषिकेश।
झंडा चौक स्थित श्री भरत मंदिर में मीडिया से मुखातिब होते हुए किशोर उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड की सभी सड़कें ऑल वैदर हैं तो फिर प्रधानमंत्री 12 सौ करोड़ की सड़क का शुभारंभ करते हुए उन सड़कों को ऑल वैदर का नाम क्यों दे रहे हैं। यह मात्र चुनावी जुमला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह उत्तराखंड के सुख-दुख से वाकिफ हैं तो उन्हें ढाई साल तक उत्तराखंड की याद क्यों नहीं आई। अब जब चुनाव नजदीक है तो उन्हें उत्तराखंड की याद आई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से गुजरात में पैसे लेने की बात पर प्रधानमंत्री क्यों नहीं बोले? प्रधानमंत्री पर राज्य के रोके गए पांच सौ करोड़, नमामि गंगे के तहत केन्द्र सरकार को भेजे गए प्रस्ताव, डैम का स्वामित्व राज्य सरकार के अधीन करने पर कुछ नहीं बोलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रैली में भीड़ मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, पौंटा साहिब से मंगाई गई थी। इस दौरान राज्यमंत्री जयपाल जाटव, पालिका चेयरमैन दीप शर्मा, प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला, महंत विनय सारस्वत, नगर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष शिवमोहन मिश्रा, मधु जोशी, विमला रावत, जयेन्द्र चन्द्र रमोला, मदन मोहन शर्मा, सभासद अरविन्द जैन, मुमताज हाशिम, विनोद चौहान, विवेक तिवारी, हर्षवर्धन शर्मा, गौरव राणा, विकास अग्रवाल, सुमित त्यागी, सौरभ नैथानी सहित अन्य मौजूद थे।

जनवरी के पहले हफ्ते में जारी होगी कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली लिस्ट

बोले-मुख्यमंत्री-प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव लड़ने का निर्णय हाईकमान लेगा

ऋषिकेश।
मंगलवार को झंडा चौक स्थित श्री भरत मंदिर में मीडिया से बातचीत में किशोर उपाध्याय ने कहा कि विधानसभा चुनाव में टिकट देने वाले दावेदारो की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक से दिल्ली में इसकी शुरुआत हो रही है। गुरुवार 29 दिसंबर को प्रदेश कार्यालय में चुनाव संचालन समिति की बैठक होगी। लिस्ट जारी करने से पहले पूरा होमवर्क किया जा रहा है। जिताऊ दावेदार को ही प्रार्टी टिकट देगी। मीडिया के सवाल पूछने पर कि क्या वह ऋषिकेश से विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे तो उन्होंने जबाव दिया कि मुख्यमंत्री हरीश रावत और प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव लड़ने का निर्णय पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी लेंगे। फिलहाल उन पर विधानसभा में कांग्रेस को जीत दिलाने की जिम्मेदारी है।

2017 की वापसी पर बेटियों को सरकारी नौकरी में देंगे आरक्षण

ऋषिकेश।
मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे सीएम हरीश रावत नरेन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्र के ढालवाला, ऋषिकेश पहुंचे। वहां पर माधो सिंह भंडारी पर नृत्य नाटिका देखी। उन्होंने कहा कि माधो सिंह भंडारी की वीरगाथा समाज को त्याग और मां के सम्मान की प्रेरणा देती है। 2020 तक उत्तराखंड में गरीबी को बाय-बाय कर देंगे।
अपने संबोधन में सीएम ने महिला और बेटी को केंद्र में रखा। उन्होंने कहा बेटियों को सरकारी नौकरियों में विशेष आरक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने सरकार की ओर से महिलाओं के लिए चलाई जा रहीं योजनाओं को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार मां और बेटी के सम्मान को ध्यान में रखकर तरक्की की राह पर चल रही है। राज्य की प्रगति में महिलाओं को भागीदार बनाया जाएगा। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीजी की अरहर की दाल से उत्तराखंड की कुलथ की दाल मुकाबला कर रही है। देश के हर फाइव स्टार होटल में झंगोरे की खीर, मंडवे की रोटी और कुलथ की दाल परोसी जा रही है।
इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवप्रयाग हिमांशु बिजल्वाण, पूर्व प्रमुख नरेन्द्रनगर वीरेन्द्र कंडारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगमोहन भंडारी, ओपी चौहान, महावीर खरोला आदि उपस्थित थे।

गढ़वाली कवि सम्मेलन में दिखी पहाड़ से पलायन की पीड़ा

ऋषिकेश।
गुमानीवाला स्थित नीमकरोली नगर स्थित नवचेतना विद्यालय में आयोजित लोकभाषा गढ़वाली का कवि सम्मेलन हुआ। मुख्य अतिथि अशासकीय विद्यालय संघ के अध्यक्ष कमला प्रसाद भट्ट और ऋषिकेश नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष जयसिंह रावत ने द्वीप प्रज्जवलित करते हुए कहा कि कवि समाज व देश का आइना होते हैं। जो देश और समाज को राह दिखाते हैं। इस अवसर पर कवियों ने अपनी कविता के माध्यम से सामाजिक बुराइयों और विषमता पर तीखे प्रहार किए। शिक्षक कवि सतेन्द्र चौहान की कविता गौं धै ल्गाणू छ: तथा बैढ़ी मनाणी करवा चौथ पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। पत्रकार कवि हेमू भट्ट की कविता ऐंसु का साल बग्वाल, राकेश मोहन देवरानी की कविता चुनाव छ:बल, के माध्यम से देश और सामाजिक व्यवस्थाओं पर व्यंग किया। हास्य कवि नरेन्द्र रयाल ने नेताओं पर विकास योजनाओं में घपले को हास्य कविता के माध्यम से भरपूर मनोरंजन किया। नोटबन्दी पर बीना भण्डारी की रचना से दर्शक मंत्रमुग्ध हुए। कवि देवेन्द्र नौटियाल, विक्रम अलंकार, मदनमोहन डुकलाण ने भी अपनी कविताओं से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस अवसर पर कुसुम जोशी, व्यवस्था परिवर्तन मंच के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी, पूर्व सैनिक अर्द्ध सैनिक संगठन के अध्यक्ष राजपाल पंवार, अनिल नवानी, विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम नवानी, ग्रामप्रधान श्यामपुर शाकुमरी बिष्ट, विरेन्द्र नौटियाल, सदानन्द भट्ट, राहुल बिष्ट आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता प्रख्यात कवि लोकेश नवानी ने व संचालन शांती प्रसाद जिग्यांशु ने की।

माधो सिंह भंडारी का त्याग देख भावुक हुए दर्शक

ऋषिकेश।
मंगलवार को ढालवाला आरएमआई मैदान में पर्वतीय नाट्य मंच की ओर से वीर भड़ माधोसिंह भंडारी की गीत नाटिका का आयोजन हुआ। शुभारम्भ मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। माधो सिंह भंडारी की वीर गाथा के गीत पर सामूहिक नृत्य करते कालाकारों ने नाटिका का शुभारम्भ किया। पहले दृश्य में माधोसिंह भंडारी के गांव को दिखाया गया। जहां वह अपनी मां से युद्ध में जाने के लिए आज्ञा मांगते हैं। करुणा से भरे दृश्य की वजह से पंडाल में बैठे लोगों की आंखों में पानी थे। युद्ध के दृश्य में वीर माधोसिंह भंडारी के शौर्य के दृश्य ने दर्शकों में रोमांच भर दिया। माधोसिंह भंडारी और उनकी पत्नी रुकमा के साथ उनका प्रेम-प्रसंग रंगारंग गीत नृत्यिका के साथ दिखाया गया। अंतिम दृश्य में जल संकट से जूझ रहे मलेथा गांव में पानी के लिए माधोसिह भंडारी अपने पुत्र की बली देते नजर आते हैं। उनका यह त्याग देख दर्शकों की आंखें फिर से नम हो गईं। कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, पूर्व दर्जाधारी रमेश उनियाल, महंत मनोज द्विवेदी, दीपक थलवाल, वीरेन्द्र उनियाल, अरविंद किशोर शर्मा, यशवीर पंवार, दिनेश व्यास, दुर्गा राणा व प्रदीप राणा आदि उपस्थित थे।

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज की दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज

ऋषिकेश।
मंगलवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के खेले मैदान में दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ जयराम आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी व नगर पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा ने सयुंक्त रूप से किया। वक्ताओं ने कहा कि खेल आपस में प्रेम सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हैं। खेल प्रतिभाएं हमेशा मैदान से ही तैयार होती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने को कहा। इससे पूर्व एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक और स्कूल के विभिन्न सदनों के छात्रों ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी।
पहले दिन सौ मीटर दौड़ सीनियर बालक वर्ग में आशीष झा, सीनियर बालिका वर्ग में मंजू गुप्ता, जूनियर बालिका वर्ग में अंजलि गुप्ता, छह सौ मीटर सब जूनियर बालक वर्ग में शुभम गुप्ता, गोला फेंक सीनियर बालक वर्ग में अमित कुमार, सीनियर बालिका वर्ग में रूबी, लंबी कूद सब जूनियर बालक वर्ग में अंशुल पाल, जूनियर बालक वर्ग में प्रवीन पंवार पहले स्थान पर रहे। रिटायर कैप्टन डीडी तिवाडी, आईडी जोशी, डीके वार्ष्णेय, सुधीर कुकरेती ने भी अपने विचार रखे। छात्रों ने रंगारंग व लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का संचालन सुनील थपलियाल ने किया। मौके पर हर्षवर्धन शर्मा, प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत, रामकृपाल गौतम, जयेन्द्र रमोला, शिव मोहन मिश्रा, मदन मोहन शर्मा, विमला रावत, डीपी रतूड़ी, कै. गोविन्द सिंह रावत, मनीष शर्मा, विकास तेवतिया, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, अरविन्द शाह, लखविन्दर सिंह, जितेन्द्र बिष्ट, सरोजनी भट्ट, शालिनी कपूर, ज्योतिर्मयी शर्मा, विकास नेगी, राजीव शर्मा, सुमित्रा मेहर, एसपी जुगराण, महेन्द्र सिंह, श्रीचंद शर्मा, मुरलीधर ग्वाड़ी, सुरेशवंद शर्मा, रघुवंश कुमार आदि मौजूद थे।